All posts by UP Fast News

रामनवमी पर निकाली गई भव्य शोभायात्रा

रामनवमी पर नगर में निकाली गई भव्य शोभायात्रा


ग़ाज़ीपुर।जंगीपुर नगर पंचायत में सोमवार को रामनवमी का पर्व पूरे हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नगर में एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। जिसमें श्रीराम माता जानकी हनुमान जी और मां भारती की भव्य झांकियां शामिल रहीं।भगवा झंडा से पूरा नगर राममय वातावरण में हो गया।
शोभायात्रा प्राथमिक विद्यालय जंगीपुर से प्रारंभ होकर नगर के लावा मोड़ यादव मोड़ गांधी आश्रम मोड़ इस्लामिया स्कूल नगर पंचायत कार्यालय कृषि उत्पादन मंडी समिति होते हुए राम जानकी पोखरा तक निकाली गई।
हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति और युवाओं के जोश ने आयोजन को शानदार बना दिया डीजे की धुन पर युवाओं ने जमकर नृत्य किया।
राम जानकी पोखरा पर प्रसाद वितरण किया गया और धार्मिक झांकियों के साथ साहसिक करतब भी दिखाए गए। आयोजन को सुरक्षित और शांतिपूर्ण रूप से संपन्न कराने के लिए जंगीपुर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रहीं।
इस मौके पर बिरनो ब्लॉक प्रमुख राजन सिंह, लालजी गुप्ता ,सभासद मुकेश गुप्ता, सभासद राहुल गुप्ता, विवेकानंद पांडेय, हेमन्त कुमार पांडेय, विनोद वर्मा, संजय गुप्ता, गुरुदयाल वर्मा, जितेंद्र शर्मा, राजू चौरसिया, अभिनव जायसवाल, मन्नू राजभर, सुनील कुशवाहा, समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में मां काली मंदिर पर भंडारे का आयोजन किया गया। जिसमें नगर की महिलाओ सहित पुरुषों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया व प्रसाद ग्रहण किया।

सीडीओ की अध्यक्षता में हुई बैठक,दिए निर्देश


गाजीपुर। मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य  की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में 01 अप्रैल से 06 अप्रैल तक विशेष में संचारी रोग नियंत्रण अभियान के दौरान किए गए कार्यो एवं 10 अप्रैल से 30 अप्रैल तक चलनें वाले दस्तक अभियान की तैयारियों के लिए जनपद स्तरीय अंतर्विभागीय समन्वय समिति की बैठक सम्पन्न हुई। इस दौरान सीडीओ ने अभियान की तैयारियों और अब तक की गई गतिविधियों की गहन समीक्षा की।  
बैठक में सीडीओ ने स्वास्थ्य विभाग समेत विभिन्न विभागों को माइक्रोप्लान के अनुसार अभियान की शत-प्रतिशत मॉनिटरिंग करने और अभियान को सफल बनाने के लिए निर्देशित किया। मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देशित किया कि पिछले अभियानों के दौरान नगर के जिन क्षेत्रों में मॉनिटरिंग नहीं हुई है उन क्षेत्रों में विशेष रूप से ज़ोर दिया जाए। इसके लिए एक-एक जांच अधिकारी को नामित कर अभियान से जुड़ी गतिविधियों की शत-प्रतिशत मॉनिटरिंग की जाए। स्वास्थ्य विभाग के जिला सामुदायिक प्रक्रिया प्रबन्धक (डीसीपीएम) को निर्देशित किया कि प्रत्येक ब्लॉक के सामुदायिक प्रक्रिया प्रबन्धक (बीसीपीएम) से समन्वय बनाकर सामुदायिक गतिविधियों की मॉनिटरिंग करें। साथ ही प्रतिदिन की रिपोर्ट भी प्रेषित करना सुनिश्चित करें। आईसीडीएस विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी (डीपीओ) को निर्देशित किया कि वह स्वास्थ्य विभाग के साथ बेहतर समन्वय बनाकर अभियान की गतिविधियों और कार्यक्रमों में सहयोग करें।
सीडीओ ने समस्त विभागों को निर्देशित किया कि अभियान में किसी तरह की लापरवाही क्षम्य नही होनी होगी। ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों खासकर उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों में साफ-सफाई, एंटी लार्वा छिड़काव, फॉगिंग, नालियों की साफ-सफाई, जल जमाव की स्थिति व गंदगी पैदा न होने दें आदि जनमानस से जुड़ी समस्याओं के निस्तारण पर विशेष रूप से ज़ोर दिया जाना चाहिए। अंत में उन्होंने कहा कि इस अभियान की सफलता के लिए स्वास्थ्य विभाग समेत विभिन्न विभागों के बीच आपसी तालमेल होना बहुत जरूरी है।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा0 सूनील कुमार पाण्डेय, परियोजना निदेशक राजेश यादव, जिला मलेरिया अधिकारी मनोज कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी अंशुल मौर्य, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका गाजीपुर अमिता वरूण, स्वास्थ्य विभाग, आईसीडीएस विभाग, कृषि विभाग, बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग, जिला सूचना अधिकारी राकेश कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

भाजपा ने मनाया 46 वां स्थापना दिवस

गाजीपुर। भारतीय जनता पार्टी का 46 वां स्थापना दिवस रविवार को जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय के नेतृत्व में जिला कार्यालय पर हवन- पूजन कर पार्टी ध्वज फहरा कर मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित संगोष्ठी को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने कहा कि राजनैतिक क्षेत्र में भाषण देने का काम बड़ी आसानी से कोई भी कर सकता है। लेकिन आज आप सभी रामनवमी पर्व के दिन बुराई पर अच्छाई की जीत चाहते है। गाजीपुर में समाजवादी पार्टी का झंडा उतर जाए और भारतीय जनता पार्टी का झंडा फहराना चाहते है तो वह दिन अब दूर नहीं है बस थोड़ा धैर्य और जनता के बीच भाजपा के सिद्धांतों और नितियो के व्यापक प्रसार से ये संभव हो जाएगा। भगवान राम ने रावण के साथ सोने के लंका का भी नाश कर दिया। उसका केवल एक कारण था भगवान श्री राम ने मर्यादा में रहकर सारे काम किए। पार्टी में काम करते समय चिंतन, चरित्र और चेहरा इन तीन चीजों का ध्यान रखना चाहिए। चिंतन भारत माता को यशस्वी बनाने के लिए, चरित्र जिस राजनैतिक दल में काम करते है। जिसके आप कार्यकर्ता है। ध्यान रहे मेरे चरित्र के कारण ऐसा कोई काम ना हो जिससे पार्टी की छवि खराब हो और चेहरा जिसे सामने वाला देखे तो हमारे आचरण व्यवहार से समझ जाए कि ये भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता है। आज जिस पार्टी के झंडे का हवन पूजन कर के मैंने अग्नि के सामने शपथ लिया है। उसके सम्मान के लिए आप सबके साथ जुड़कर काम करूंगा।
पूर्व जिलाध्यक्ष कृष्णबिहारी राय ने कहा कि 6 अप्रैल 1980 को भारतीय जनता पार्टी के मुंबई में स्थापना दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के महापुरुष, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई ने यह कहने का साहस किया था की अंधेरा हटेगा, सूरज निकलेगा और कमल खिलेगा। उनका यह वाक्य निश्चित रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में और भारतीय जनता पार्टी के करोड़ों करोड़ कार्यकर्ताओं के परिश्रम से साकार हुआ है। कभी संसद में हमारे दो सीट के कारण उपहास उड़ाने वाली कांग्रेस पार्टी आज अपने अस्तित्व के लिए संघर्ष कर रही है। पूर्व जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह ने कहा कि जिस संकल्प के साथ भारतीय जनता पार्टी की स्थापना हुई थी। आज उसी संकल्प “तेरा वैभव अमर रहें मां, हम दिन चार रहें ना रहें” के साथ भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता काम कर रहा है। आने वालें समय में हम सब पुनः गाजीपुर में सातों सीटों पर कमल खिलाकर पार्टी को मजबूत करने का काम करेंगे।
पूर्व लोकसभा प्रत्याशी पारसनाथ राय ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की स्मृतियों को नमन करते कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के परिश्रम से हम सबने बीते लोकसभा चुनाव में अगल-बगल के कई जिलों की अपेक्षा अधिक मत पाएं। हार जीत तो यह चलता रहता है। मगर मुझे पूरा विश्वास है की पार्टी के कार्यकर्ताओं के परिश्रम से हम पुनः गाजीपुर में कमल खिलाकर रहेंगे। भाजपा नेता अभिनव सिन्हा ने सभी का अभिनंदन करते कहा कि आज स्थापना दिवस और रामनवमी के पावन अवसर पर हम संकल्प ले की पार्टी की जो रीति नीति है। उसको जन-जन तक पहुंचाएंगे और गाजीपुर में पुनः पार्टी का परचम लहराकर पार्टी को मजबूत करेंगे। कार्यक्रम को विनोद अग्रवाल, रामनरेश कुशवाहा, बृजेंद्र राय ने भी संबोधित किया। इससे पूर्व पार्टी कार्यालय पर ध्वजारोहण हुआ। हवन पूजन के बाद प्रसाद वितरण किया गया। इस अवसर पर प्रमुख रूप से राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत, जिला महामंत्री प्रवीण सिंह, दयाशंकर पांडेय, सुरेश बिंद, विष्णु सिंह, साधना राय, लालसा राजभर, किरन सिंह, जिला सोशल मीडिया संयोजक कार्तिक गुप्ता, रासबिहारी राय, पप्पू चौबे, राजेश चौहान, अविनाश सिंह, शिवम त्रिपाठी आदि अन्य लोग उपस्थित रहें। संचालन जिला महामंत्री अवधेश राजभर ने किया।

मांगी नाव न केवटू आना! कहइ तुम्हार मरम मै जाना

मांगी नाव न केवटू आना! कहइ तुम्हार मरम मै जाना


गाजीपुर। गंगा को निमर्ल व अविरल करने व निषादराज जयन्ती मनाने के लिए समग्र गंगा के तत्वाधान में गंगातट कलेक्टरघाट पर 5 अप्रैल को सांय आयोजित की गई। इस कार्यक्रम में सर्वप्रथम कार्यक्रम के अध्यक्ष रामा चौधरी, मुख्य वक्ता दीपक, समग्र गंगा के संरक्षक सर्वजीत सिंह, जिला संचालक जयप्रकाश ने संयुक्त रूप से निषादराज के चित्र पर माल्यापर्ण कर दीप प्रज्जवलित किया गया। कार्यक्रम में अतिथियो का स्वागत अंगवस्त्रम प्रदान कर माल्यापर्ण किया गया। कार्यक्रम में आए भजन गायक किशोर ने ढोल बाजे के साथ श्रद्धालुओ के साथ निषादराज व गंगा मैया का प्रेरक भजन व संगीत प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। तत्पश्चात उदबोधन में सह विभाग प्रचारक दीपक ने बताया कि महाराज निषादराज श्रंगवेगपुर के महाराज रहे और गुरूकुल के समय से ही श्रीराम के परम मित्र थे जो उनका साथ बनगमन से लेकर लंका के रावण युद्ध तक लगातार मित्रता का धर्म निभाते हुए विपत्तियों में श्रीराम का साथ दिया। जब श्रीराम, मां सीता व लक्ष्मण के साथ वनगमन किए तब प्रयागराज में गंगा पार करने के लिए केवट को बुलाये तभी भगवार श्रीराम व केवट संवाद हुआ कि मांगी नाव न केवटू आना! कहइ तुम्हार मरम मै जाना।। चरन कमल रह कहूं सबु कहई। मानुष करति मूरि कछु अहई।। केवट ने श्रीराम से अपनी इच्छा व्यक्त करते हुए कहा कि आपके पैर से छू जाने से पत्थर भी जीवित हो जाता है तो हमारी नाव को कुछ हो गया तो मै कैसे अपना जीवन निवर्हन करूंगा। इसलिए नाव में बैठने से पहले हम आपके पांव पखारेगें तब आपको नाव मे बैठाकर नदी पार कराऊंगा, तब श्रीराम ने केवट के भाव को जान लिया और केवट ने पांव पखारे। वही निषादराज को गले लगाया और मित्र धर्म को निभाया। कार्यक्रम में संरक्षक सर्वजीत सिंह ने समग्र गंगा के उद्देश्य व कर्तव्यों को आत्मसात करने पर बल दिया। कार्यक्रम के अध्यक्ष रामा चौधरी ने निषादराज जयन्ती मानाने पर अपार हर्ष व्यक्त किया। जिला संचालक ने मां गंगा को निर्मल व प्रदुषण मुक्त करने पर बल दिया। कार्यक्रम के संयोजक कृपाशंकर राय ने बताया कि भगवान शंकर को प्रसन्न करने के पश्चात मां गंगा को राजाभगरीथ के प्रयास से जनकल्यार्णाथ धरती पर लाया गया और इस पावन गंगा की अविरल धारा ऐसी ही बहती रही इसे स्वच्छ रखने के लिए यहा पर साबुन लगाकर नहाने व कपड़ा धोने पर रोक लगाई जाए,गंगा में बहने वाले कुड़ा कचरा पर रोक लगाकर मां गंगा को निर्मल बनाए रखने का आहवाहन किया। कार्यक्रम के अन्त में गंगा घाट पर बने रंगोली पर घी के दीपक व गंगा घाट पर दिया जलाया गया। इस अवसर पर विहिप के दिनेशचन्द्र पाण्डेय, ओमप्रकाश पाण्डेय, विहिप मंत्री विपिन श्रीवास्तव डब्बू, महिला अधिवक्ता रीना चौधरी, अखिलेश सिंह, अजय कुमार तिवारी, दीपक जायसवाल, रविकान्त पाण्डेय, प्रभूनारायण सिंह, विश्वनाथ पाण्डेय, पारसनाथ सिंह, अशोक राय, नितिन अग्रहरी, किशन चौधरी, रोहित, रितेश पटेल, रोशन चौधरी, शिवम अग्रवाल, जयप्रकाश राय, अमित चौधरी, श्माम आर्य, संजय राय, विजय नरायण राय, रासबिहारी राय, राजेन्द्र चौधरी आदि उपस्थित रहे।

झोपड़ी में सो रहा था परिवार,तीन बच्चों की मौत

गाजीपुर। गहमर थाना क्षेत्र में दर्दनाक हादसे में तीन मासूम बच्चों की मौत हो गई। गहमर के करहिया गांव के पास एक बेकाबू ट्रक ने सड़क किनारे झोपड़ी में सो रहे एक ही परिवार के लोगों को कुचल दिया है। इस भीषण हादसे में एक ही परिवार के तीन मासूम बच्चों की मौत हो गई। जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं। बता दें कि ये हादसा गहमर कोतवाली इलाके के मां कामाख्या धाम के पास देर रात हुआ है, जहां डोम समुदाय का परिवार झुग्गी में रहकर किसी तरह अपना जीवन यापन कर रहा था। रोज की तरह लालजी डोम का परिवार खाना खाकर झोपड़ी में सो रहा था, तभी तेज रफ्तार में आ रहा ट्रेलर बेकाबू होकर झोपड़ी पर चढ़ गया। हादसे में लालजी डोम की 5 वर्षीय बेटी कबूतरी, 2 वर्षीय बेटा ज्वाला और 7 वर्षीय बेटी सपना की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं उसकी पत्नी संतरा देवी और एक अन्य और बच्चा गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज सीएचसी भदौरा में चल रहा है। वही हादसे के बाद ट्रक को पुलिस ने बिहार बॉर्डर से जब्त कर लिया है, हालांकि चालक मौके से फरार बताया जा रहा है। फिलहाल शवों को मोर्चरी में रखा गया है जबकि बाकी का इलाज चल रहा है।

5 अप्रैल को मनाया जाएगा निषादराज जयंती

निषादराज जयंती 5 अप्रैल को

गाजीपुर। समग्र गंगा के तत्वाधान मे निषादराज जयंती 5 अप्रैल को धूमधाम से मनाया जाएगा। इसकी जानकारी देते हुए समग्र गंगा के जिला संयोजक कृपाशंकर राय ने बताया कि गंगा समग्र की आवश्यक बैठक 3 अप्रैल को राजेन्द्रनगर स्थित गंगा समग्र के संरक्षक सर्वजीत सिंह के आवास पर की गई। बैठक में सर्वसम्मत निषादराज जयंती मनाने का निर्णय लिया गया। जिसमें निषादराज जयंती 5 अप्रैल को सांय 5ः30 बजे नगर के मध्य गंगातट कलक्टरघाट पर घी के दीपक जलाकर संगीतमय व भजन कीर्तन के साथ मनाया जाएगा। भगवान श्रीराम के बनगमन व केवट संवाद के साथ निषादराज और समाज में उनके योगदान पर चर्चा होगी। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सह विभाग प्रचारक दीपक होगे।

भव्य श्रीराम शोभा यात्रा 6 अप्रैल को

भव्य श्रीराम शोभा यात्रा 6 अप्रैल को

गाजीपुर। श्रीरामनवमी पर्व पर श्रीराम शोभा यात्रा की तैयारी को लेकर आरएसएस के कार्यालय पर शुक्रवार को बैठक आयोजित की गई। जिसमे समवैचारिक संगठन व आनुषांगिक संगठनो के पदाधिकारियो के नेतृत्व में बैठक में भाग लिया।अपनी अपनी परम्पराओ के अनुसार झांकी श्रीराम शोभायात्रा में शामिल होगा। इसकी जानकारी देते हुए सह विभाग प्रचारक दीपक ने बताया कि यह यात्रा श्रीरामनवमी शोभा यात्रा उत्सव समिति के तत्वाधान में रविवार 6 अप्रैल को अपरान्ह 3 बजे हिन्दी बाजार नबाबगंज फाटक से परम्परागत तोैर तरिको के साथ ध्वज, पताका, घंटा गाजे बाजे के साथ भव्य तरीके से भजन किर्तन के साथ निकलकर मुख्यमार्ग से स्टीमरघाट, टाउनहाल, बैजनाथ चौक, लालदरवाजा, मिश्रबाजार, विशेषवरगंज, सकलेनाबाद, श्रीराम लीला लंका मैदान में पहुंचकर समापन होगा। इस बैठक मे विश्व हिन्दू परिषद के दिनेश चन्द्र पाण्डेय, बजरंगदल से रविराज, हिन्दू युवा से अमित सिंह, रामनिवास मौर्या, भाजपा से रास बिहारी राय, राष्ट्रीय सेविका समिति से नीलम चतुर्वेदी आदि ने अपने अपने विचार व्यक्त किए। इस बैठक में अशोक राय, चन्द्र कुमार, अंजनी, दाऊ जी, दुर्गेश दत्त चतुर्वेदी, दीनदयाल जायसवाल, कृपाशंकर राय, अखिलेश सिंह, साधना राय, लालसा भारद्वाज, किरन सिंह, सदर ब्लाक प्रमुख राजदेव यादव, दीपक मिश्रा, नितिन अग्रहरी, विशाल चौरसिया, सुधीर जायसवाल, विनोद अग्रवाल, अनिल उपाध्याय, विपिन श्रीवास्तव, गायत्री परिवार से अभिषेक श्रीवास्तव, प्रवीण सिंह, टेढ़ीबाजार कश्यप, महेन्द्र आदि ने अपने अपने श्रीराम शोभा यात्रा में अपनी अपनी परम्पराओ के अनुसार श्रीराम दरबार व भगवान शिव की झांकी के साथ संत समाज, बजरंगियो व माताओ बहनो के साथ हजारो की संख्या में भव्य शोभा यात्रा निकाली जाएगी।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने झाड़ू लगाकर चलाया स्वच्छता अभियान

लोगों की भावनाओं तथा कार्य व्यवहार मे दिखने लगा है प्रधानमंत्री का संदेश :ओमप्रकाश राय

भाजपा ने जिले भर मे चलाया सघन स्वच्छता अभियान

सार्वजनिक स्थानों पर नेताओं ने किया साफ-सफाई

गाजीपुर। सेवा ,सुरक्षा, गरीब कल्याण के प्रति समर्पित उत्तर प्रदेश सरकार के लगातार आठ वर्ष पूर्ण होने तथा केन्द्र सरकार के लगभग 11 वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा द्वारा चलाए जा रहे कार्यक्रम में शुक्रवार को पूर्वाह्न 7 बजे से 8 बजे तक एक घंटा भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय के नेतृत्व में स्वच्छता अभियान चलाया गया। जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने गाजीपुर नगर के मिश्र बाजार मे क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सरोज कुशवाहा के साथ पं दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा तथा आस पास के क्षेत्रों में झाडू लगाकर,कुड़ा बटोर कर स्वच्छता कार्य किया।इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लाल किले की प्राचीर से अपने प्रथम संबोधन मे देश की जनता से स्वच्छता का जो आग्रह किया गया आज वह अनुरोध लोगों की भावनाओं तथा कार्य व्यवहार मे दिखने लगा है । उन्होंने कहा कि स्वच्छता का कार्य हमे सिर्फ प्रसन्न और स्वस्थ रखने मे ही नहीं बल्कि हमारे मेहनत कि कमाई को अनावश्यक दवाई मे खर्च होने तथा बीमारी से बचाकर हमें परेशान होने से भी बचाता है।

इस अवसर पर क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सरोज कुशवाहा ने कहा कि स्वच्छता हमारे जीवन को समृद्धि प्रदान करता है, कई अन्य बिमारियों से बचाव भी करता है।जिससे हमे नित्य अपने घरो के साफ सफाई के आलावा सप्ताह में एक बार घरों से बाहर सार्वजनिक स्थानों पर भी एक घंटा स्वच्छता कार्य करना चाहिए।इस अवसर पर विनोद अग्रवाल, प्रीति गुप्ता,साधना राय,किरन सिंह, लालसा भारद्वाज, सुनील गुप्ता, नंदू कुशवाहा,रेनू गुप्ता, मुकेश राय,हेमंत त्रिपाठी, अजय कुशवाहा, अभिनव सिंह ,विशाल चौरसिया,शशांक राय, शिवम त्रिपाठी, अजय गुप्ता, सूर्य प्रकाश यादव , नरेंद्र गुप्ता एवं अन्य पार्टी के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
निवर्तमान जिलाध्यक्ष सुनील सिंह ने विवेकी राय वार्ड क्षेत्र मे शिव मंदिर पर झाड़ू लगाकर नाली की साफ सफाई कर स्वच्छता कार्य किया। इस अवसर पर अजय राय दारा, निखिल राय , अविनाश सिंह, अनिल सिंह आदि थे।
प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं पूर्व जिलाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय ने नगर के आमघाट मे गांधी पार्क में स्वच्छता का कार्य झाड़ू लगाकर एंव कुड़ा बटोर कर किया गया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता जहां मन को प्रसन्नता तन को स्वस्थ समृद्ध बनाने में सहायक है वही आर्थिक क्षय को रोकने मे भी विशेष प्रभावशाली है।इस अवसर पर अभिनव सिंह छोटू, रासबिहारी राय, सोमेश मोहन राय ,धर्मेश राय, शनि चौरसिया, छोटे चौबे,बब्बू राय, कृष्णकांत राय, दीपक जायसवाल ,सतीश राय आदि उपस्थित थे।


स्वच्छता अभियान मे पू्र्व जिलाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने जखनियां विधानसभा,मंडल मनिहारी प्रथम के ग्राम सभा बरहट मे दुर्गा माता मंदिर परिसर का झाडू लगाकर साफ-सफाई कर स्वच्छता का कार्य किया।उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार जीवन समृद्धि मे सहायक शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार सहित समस्त विषयों पर जनता का ध्यान आकृष्ट करते हुए लोगों के सहज और सरल जीवन के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
जिला महामंत्री प्रवीण सिंह नगर के विवेकानंद पार्क में, जिला उपाध्यक्ष ओमप्रकाश राम ने विधानसभा जखनियां मण्डल सादात उत्तरी शक्ति केन्द्र रायपुर के बुथ संख्या ६१ शिव मंदिर पर स्वच्छता अभियान के तहत सफाई किया जहां बुथ अध्यक्ष योगेश सिंह सहित आदि कार्यकर्ता उपस्थित थे।संकठा प्रसाद मिश्र ने जंगीपुर विधानसभा के मानपुर राममंदिर पर , जिला मीडिया प्रभारी शशिकांत शर्मा ने सकरताली गांव के सती माता मंदिर परिसर पर, शक्ति केन्द्र संयोजक अनुराग प्रजापति,बुथ उपाध्यक्ष जयमुनी शर्मा के साथ स्वच्छता कार्य किया गया।

देश की एकता अखंडता और लोकतंत्र की रक्षा के लिए भाजपा ने दिया है त्याग और बलिदान:राकेश त्रिवेदी

गाजीपुर। देश की एकता अखंडता और लोकतंत्र की रक्षा के लिए भारतीय जनता पार्टी ने जो त्याग और बलिदान दिया है। ऐसा त्याग बलिदान अन्य किसी भी राजनैतिक दल ने नही दिया है।यह बात आज भाजपा जिला कार्यालय पर जिला प्रभारी डा.राकेश त्रिवेदी ने संगठन के आगामी कार्यक्रमों के सहज सम्पादन हेतु जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय की अध्यक्षता में आयोजित जिम्मेदार व वरिष्ठ नेताओं कार्यकर्ताओं की बैठक मे कही। उन्होंने कहा कि बहुत संघर्षों के बाद राष्ट्रवादी वैचारिक संगठन को राष्ट्रीय एकता, अखंडता व भारतीय सभ्यता संस्कृति के प्रति काम करने के लिए देश की जनता ने मजबूत जनादेश दिया है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ महानिषियो पं दीनदयाल उपाध्याय,डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी,बाबा साहब डा.भीमराव अम्बेडकर के सपनों के भारत के निर्माण के लिए काम कर रहे हैं। हमारी निति भारत को परम वैभव पर स्थापित करने तथा देश के समृद्धि के लिए लगातार काम कर रही है। डा. राकेश त्रिवेदी आगामी 4 अप्रैल से 14 अप्रैल तक के कार्यक्रमों जिसमे 6 अप्रैल को पार्टी के स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रमों पर अपना विचार व्यक्त किया।
जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने बैठक के प्रस्तावना पर विचार व्यक्त करते हुए कहा कि 4 अप्रैल को प्रातः 7 से 8 बजे तक एक घंटा स्वच्छता अभियान चलाने,4-5 अप्रैल को विचार गोष्ठी,6 अप्रैल को स्थापना दिवस अवसर पर बूथ स्तर पर कार्यक्रम,7अप्रैल को साधारण सदस्य सम्मलेन,8-9 अप्रैल को विधानसभा स्तर पर सक्रिय सदस्य सम्मलेन,10-11-12 अप्रैल मे गांव व मुहल्ला चलो अभियान,13 अप्रैल को बाबा साहब डॉ भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा की साफ सफाई तथा 14 अप्रैल को माल्यार्पण का कार्यक्रम किया जाएगा।
बैठक को निवर्तमान जिलाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह,भानुप्रताप सिंह, कृष्ण बिहारी राय, बृजेन्द्र राय और रामतेज पांडेय ने भी संबोधित किया। वृत्त निवेदन जिला महामंत्री दयाशंकर पांडेय ने तथा संचालन महामंत्री अवधेश राजभर ने किया।
इस अवसर पर नव निर्वाचित जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने जिला प्रभारी डा. राकेश त्रिवेदी को अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, सरिता अग्रवाल,प्रो शोभनाथ यादव, पूर्व मंत्री डा. विजय मिश्रा,कालीचरन राजभर, पारसनाथ राय,वृजनन्दन सिंह, राजेश राजभर, विनोद खरवार, प्रवीण सिंह,डा. प्रदीप पाठक,अखिलेश सिंह, जयप्रकाश गुप्ता,शशिकांत शर्मा,राजन प्रजापति, कार्तिक गुप्ता, सुरेश बिंद, श्यामराज तिवारी, लालसा भारद्वाज, साधना राय, अनिल राजभर, विश्व प्रकाश अकेला, शैलेश राम सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

गर्मी से बचने के लिए करें यह उपाय

गाजीपुर।मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया है कि गर्मी के अधिक तापमान को देखते हुए गाजीपुर के जनपदवासियों को क्या करे क्या न करे की जानकारी देते हुए कहा कि आमजनमानस को गर्मी के चपेट में आने की सम्भावना बढ़ गई है। जनमानस के स्वास्थ्य को देखते हुए उन्हें गर्मी से बचने हेतु जागरुक किया जाना अति आवश्यक है। जिस हेतु क्या करे के बारे में बताया घर से बाहर जाते समय शरीर को ढककर रखें और हल्के रंग के आरामदायक कपड़े पहने, धूप में बाहर जाते समय छाता और आंखों पर धूप का चश्मा लगाए, थोड़े-थोड़े समयान्तराल पर तरल पदार्थ (शीतल जल, नीबू पानी, शिकंजी, नारियल पानी आदि) पीते रहें, घर कार्यस्थल आदि स्थानों पर सूर्य की सीधी रोशनी को रोकने के लिए पर्दा आदि का प्रबन्ध करें।जानवरों को छायादार स्थानों पर रखें, बच्चे, बीमार व वुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें, हीट स्ट्रोक/लू के लक्षण दिखने पर नजदीकी राजकीय चिकित्सा इकाई पर सम्पर्क करें। उन्होने क्या न करे की जानकारी देते हुए कहा कि अत्यधिक गर्मी (दोपहर 12 से सायं 4) के मध्य वाहर धूप में जाना, नंगे पैर/बदन धूप में जाना, अत्यधिक प्रोटीन युक्तः भोजन का सेवन भोजन व बासी, धूप में खड़ी गाड़ियों में बच्चों और पालतू जानवरों को अकेला छोड़ना, गहरे व चटक रंग के कपड़ों को पहनना, तंग एवं छोटे कपड़ो का प्रयोग विशेषकर जब बाहर धूप में जाना हो, बंद एवं अत्यधिक गर्मी वाले स्थान पर भोजन पकाना, शराब, चाय, कॉफ़ी, कार्बाेहाइड्रेट, साफ्ट ड्रिंक आदि का अधिक सेवन एवं अधिक गर्मी/धूप में श्रम कार्य करना।