निःशुल्क लेंस प्रत्यारोपण से मिली नई रोशनी,ऑपरेशन कराकर लौटे मरीजों ने रामलीला कमेटी और आर जे शंकरा की सेवा भावना को सराहा
कमेटी के मंत्री ओमप्रकाश तिवारी ने कहा-18 अगस्त को पुनः लगेगा निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर, जनसेवा का अभियान रहेगा जारी
गाजीपुर। अति प्राचीन रामलीला कमेटी “हरिशंकरी” के तत्वावधान में आयोजित निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर के बाद मोतियाबिंद ऑपरेशन एवं लेंस प्रत्यारोपण के लिए वाराणसी स्थित आर. जे. शंकरा आई हॉस्पिटल भेजे गए मरीजों का सफल उपचार होने के बाद वे बुधवार को सकुशल गाजीपुर लौट आए। कमेटी के अध्यक्ष विनय कुमार सिंह एवं मंत्री ओमप्रकाश तिवारी ने लंका मैदान परिसर में अस्पताल की बस से लौटे सभी मरीजों और उनके तीमारदारों का स्वागत कर उनका हालचाल जाना। मरीजों ने सफल ऑपरेशन, बेहतर चिकित्सा व्यवस्था एवं आत्मीय सहयोग के लिए कमेटी और आर. जे. शंकरा आई हॉस्पिटल की टीम का आभार व्यक्त किया। उल्लेखनीय है कि दो दिन पूर्व आयोजित निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने 17 मरीजों को ऑपरेशन के लिए चयनित किया था। इनमें से 16 मरीजों को उसी दिन अस्पताल की बस से वाराणसी भेजा गया, जहां सभी का सफल मोतियाबिंद ऑपरेशन एवं लेंस प्रत्यारोपण किया गया। एक मरीज का ब्लड प्रेशर अधिक होने के कारण चिकित्सकों ने ऑपरेशन स्थगित कर उपचार के बाद अगली तिथि पर पुनः जांच कराने की सलाह दी। ऑपरेशन कराकर लौटे मरीजों ने बताया कि अस्पताल में उन्हें उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाएं और बेहतर देखभाल मिली। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे आगामी 18 अगस्त को आयोजित होने वाले निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर का लाभ उठाकर समय रहते अपनी आंखों की जांच एवं आवश्यक उपचार कराएं। इस अवसर पर मंत्री ओमप्रकाश तिवारी ने कहा, अति प्राचीन रामलीला कमेटी केवल रामलीला मंचन तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज सेवा को भी अपना दायित्व मानती है। आगामी 18 अगस्त को पुनः निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। हमारी कोशिश रहेगी कि भविष्य में भी इसी प्रकार के जनहितकारी और सेवा कार्य निरंतर चलते रहें, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों को इसका लाभ मिल सके।
गाजीपुर में लगा निःशुल्क नेत्र शिविर,सैकड़ों मरीजों ने कराई जांच, 17 मरीज मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए वाराणसी रवाना
गाजीपुर। अतिप्राचीन रामलीला कमेटी, “हरिशंकरी” गाजीपुर के तत्वावधान में तथा आर. जे. शंकरा आई हॉस्पिटल, वाराणसी के सहयोग से सोमवार को लंका स्थित सभागार में निःशुल्क नेत्र परीक्षण एवं मोतियाबिंद ऑपरेशन चयन शिविर का आयोजन किया गया। सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक हुई झमाझम बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में लोगों ने शिविर में पहुंचकर अपनी आंखों की निःशुल्क जांच कराई। शिविर में विशेषज्ञ नेत्र चिकित्सकों की टीम ने आंखों की जांच के साथ शुगर, ब्लड प्रेशर तथा अन्य आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण भी किए। जांच के बाद कुल 17 मरीजों को निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चयनित किया गया। सभी चयनित मरीजों को आर. जे. शंकरा आई हॉस्पिटल की बस से वाराणसी भेजा गया, जहां उनका निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन, लेंस प्रत्यारोपण (चीरा विधि) एवं आवश्यक उपचार किया जाएगा। इस दौरान अति प्राचीन रामलीला कमेटी के पदाधिकारी गण और वालेंटियर्स मौजूद रहे। आर जे शंकरा अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार ऑपरेशन के बाद मरीजों को लगभग 18 घंटे चिकित्सकीय निगरानी में रखा जाएगा। इसके बाद उन्हें काला चश्मा, दवाइयां एवं अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराकर अस्पताल की बस से सुरक्षित गाजीपुर वापस लाया जाएगा और ये अगले महीने 18 अगस्त को भी ऐसा ही निःशुल्क शिविर कमेटी के साथ निःशुल्क लगाया जाएगा। अतिप्राचीन रामलीला कमेटी के मंत्री ओमप्रकाश तिवारी ने कहा कि कमेटी द्वारा रामलीला मंचन के कार्य के साथ समाज के जरूरतमंद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना समिति का उद्देश्य है। भविष्य में भी जनहित से जुड़े ऐसे सेवा कार्य निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे। कमेटी के कोषाध्यक्ष रोहित अग्रवाल ने कहा कि सुबह से लगातार बारिश के बावजूद लोगों का उत्साह बताता है कि ऐसे निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों की समाज में कितनी आवश्यकता है। समिति आगे भी सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन करती रहेगी। आर. जे. शंकरा आई हॉस्पिटल के अधिकृत प्रतिनिधि संदीप सिंह ने बताया कि अस्पताल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को आधुनिक नेत्र चिकित्सा सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराना है। चयनित सभी मरीजों का ऑपरेशन, लेंस प्रत्यारोपण, दवाइयां, भोजन, आवास तथा आने-जाने की पूरी व्यवस्था अस्पताल द्वारा निःशुल्क की जा रही है।
नियमों का पालन न करने वाले डिफॉल्टर विद्यालयों के विरुद्ध मान्यता के संबंध में कार्यवाई की जाए:डीएम
गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला विद्यालय यान परिवहन सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के लगभग 50 विद्यालयों के प्रबंधकों ने प्रतिभाग किया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी दशा में बिना मानक पूर्ण किए विद्यालयी वाहनों का संचालन नहीं होगा। बच्चों की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। बैठक में जिलाधिकारी ने सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी तथा यातायात पुलिस को संयुक्त रूप से अभियान चलाकर अनफिट, बिना परमिट एवं मानकों के विपरीत संचालित विद्यालयी वाहनों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालयी वाहनों के अतिरिक्त निजी वाहन, ऑटो एवं ई-रिक्शा आदि से विद्यार्थियों के अवैध परिवहन पर भी कड़ी कार्यवाई सुनिश्चित करने को कहा। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि परिवहन संबंधी नियमों का पालन न करने वाले डिफॉल्टर विद्यालयों के विरुद्ध उनकी मान्यता के संबंध में नियमानुसार कार्यवाई की जाए। उन्होंने तहसीलवार विद्यालयों की सूची तैयार कर नियमित समीक्षा एवं कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में तहसीलवार विद्यालयों की अद्यतन सूची प्रस्तुत कर विद्यालयी वाहनों की स्थिति की समीक्षा की जाएगी। सभी विद्यालयों को अपने वाहनों से संबंधित फिटनेस, परमिट सहित सभी आवश्यक प्रपत्र समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने होंगे। बैठक में बताया गया कि अप्रैल माह से 15 जुलाई तक जनपद के 286 विद्यालयों ने अपने विद्यालयी वाहनों का फिटनेस प्रमाणपत्र प्राप्त कराया है, जबकि 86 विद्यालयों ने वाहनों का परमिट बनवाया है। जिलाधिकारी ने शेष विद्यालयों को भी शीघ्र आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण कराने के निर्देश देते हुए कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
ग्राम चकिया से 51 श्रद्धालुओं का दल अयोध्या धाम के लिए रवाना
गाजीपुर। जनपद के ग्राम चकिया से मौनी बाबा सेवा दल के अध्यक्ष संतोष पांडेय के नेतृत्व में 51 श्रद्धालुओं का एक दल प्रभु श्री राम की पावन नगरी अयोध्या धाम के लिए रवाना हुआ। इस दल में 36 महिलाएं एवं 15 पुरुष शामिल हैं।
यात्रा के प्रस्थान के समय गांव का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। “जय श्री राम” के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। ग्रामीणों ने श्रद्धालुओं को फूल-मालाओं से विदा करते हुए उनकी सुखद एवं सुरक्षित यात्रा की कामना की।
श्रद्धालु अयोध्या पहुंचकर भगवान श्री राम के दर्शन-पूजन एवं आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। यह यात्रा धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता और सांस्कृतिक जागरूकता का भी संदेश दे रही है।
मौनी बाबा सेवा दल के अध्यक्ष संतोष पांडेय लंबे समय से धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों में सक्रिय हैं। उनके नेतृत्व में मंदिर निर्माण, गरीब कन्याओं के विवाह में सहयोग एवं जरूरतमंद परिवारों की सहायता जैसे कई सराहनीय कार्य किए जा रहे हैं।
ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया है। सभी ने प्रभु श्री राम से श्रद्धालुओं की यात्रा की सफलता एवं सुरक्षित वापसी की प्रार्थना की।
गाजीपुर।शुक्रवार को गाजीपुर जिले में सुरक्षा सैनिक, सुपरवाइजर एवं ऑफिसर ग्रेड भर्ती की हुई। जिसमें सदर एवं बिरनो ब्लॉक में 275 अभ्यर्थियों ने भाग लिया। जिसमें 120 अभ्यर्थियों का हुआ चयन चयनित अभ्यर्थियों को 30 जुलाई को प्रशिक्षण (ट्रेनिंग) के लिए जौनपुर भेजा जाएगा। अन्य ब्लॉक जिसमें करण्डा एवं मरदह ब्लॉक में 18 एवं 20 जुलाई 2026, बाराचवर एवं मुहम्मदाबाद ब्लॉक में 21 एवं 22 जुलाई 2026, भांवरकोल एवं जमानियां ब्लॉक में 23 एवं 24 जुलाई 2026, देवकली एवं रेवतीपुर ब्लॉक में 25 एवं 26 जुलाई 2026, कासिमाबाद एवं सैदपुर ब्लॉक में 27 एवं 28 जुलाई 2026, मनिहारी एवं जखनिया ब्लॉक में 03 एवं 04 अगस्त 2026 को इस भर्ती शिविर का आयोजन किया जाएगा।
गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में जिला स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में पंचायत सहायकों की उपस्थिति, व्यक्तिगत शौचालय आवंटन एवं प्रत्येक बुधवार को विशेष सफाई अभियान चलाने के कड़े निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने सभी पंचायत सचिवालयों में पंचायत सहायकों की नियमित उपस्थिति अनिवार्य करने और जनता की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए, आवास योजना के समस्त पात्र लाभार्थियों को अनिवार्य रूप से लाभ दिलाने तथा व्यक्तिगत शौचालय की सुविधा से आच्छादित करने और उनके खातों में धनराशि प्रेषित करने के निर्देश। ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के तहत निर्मित रिसोर्स रिकवरी सेंटर्स को स्थानीय कबाड़ी व्यवसायियों से लिंक करने का निर्णय, ताकि सूखे कचरे का सही निस्तारण हो सके। प्रत्येक बुधवार को सफाई कर्मियों की विशेष टोलियां बनाकर स्कूल, सार्वजनिक स्थान, अस्पताल और हाट-बाजारों में सघन सफाई करने के निर्देश दिए गए। वर्षा ऋतु के मद्देनजर जल-जमाव की समस्या का तत्काल निस्तारण करने, नालियों को साफ करने और सड़कों के किनारे उगी झाड़ियों की कटाई करने के सख्त निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी द्वारा समस्त सहायक विकास अधिकारी, पंचायत को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने विकास खंडों में वी एल ई सर्विसेज का दायरा बढ़ाएं। पंचायत सचिवालयों के माध्यम से ग्रामीणों को आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र, पेंशन व अन्य डिजिटल नागरिक सेवाएं ससमय व सुलभता से उपलब्ध कराने की सीधी जिम्मेदारी सहायक विकास अधिकारी, पंचायत की तय की गई है।
प्रदेश सरकार द्वारा निर्धारित वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी के लक्ष्य की प्राप्ति में प्रत्येक विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका:डीएम
गाजीपुर।जनपद को उत्तर प्रदेश की ‘‘वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी‘‘ के लक्ष्य में प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करने तथा जिले की अर्थव्यवस्था को अधिक सुदृढ़, गतिशील एवं विकासोन्मुख बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा निर्धारित वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी के लक्ष्य की प्राप्ति में प्रत्येक विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि उद्योग, व्यापार, कृषि, उद्यान, सेवा एवं अन्य आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देकर जनपद की आर्थिक प्रगति को नई गति दी जा सकती है। इसके लिए विभागीय स्तर पर नवाचार अपनाते हुए अधिक से अधिक निवेश, उत्पादन और रोजगार सृजन पर विशेष ध्यान दिया जाए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित सभी लाभार्थीपरक योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से पहुंचाया जाए। किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब अथवा लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से न केवल लोगों की आय में वृद्धि होगी, बल्कि जनपद की समग्र आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी। बैठक में जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी चन्द्रशेखर प्रसाद ने वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी से संबंधित विस्तृत प्रस्तुतीकरण देते हुए जनपद की अर्थव्यवस्था की खण्डीय संरचना पर प्रकाश डाला। उन्होंने प्राथमिक, द्वितीयक एवं तृतीयक क्षेत्रों की वर्तमान स्थिति, उपलब्धियों तथा संभावनाओं की जानकारी समिति के समक्ष प्रस्तुत की। साथ ही विभिन्न आर्थिक संकेतकों एवं विभागवार प्रगति की समीक्षा भी कराई गई। समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने कृषि, उद्यान, राज्यकर सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों को उत्पादन में निरंतर वृद्धि करने, विभागीय आंकड़ों का शत-प्रतिशत सत्यापन करने तथा सभी सूचनाओं की शुद्धता के साथ समयबद्ध डाटा फीडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सही एवं प्रमाणिक आंकड़े ही प्रभावी योजना निर्माण और विकास की दिशा तय करने का आधार होते हैं। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की प्रगति एवं आगामी कार्ययोजना से समिति को अवगत कराया। अंत में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों से समन्वित प्रयासों के माध्यम से जनपद को आर्थिक विकास के नए आयाम स्थापित करने हेतु पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आह्वान किया। बैठक में उप कृषि निदेशक सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
डीएम की अध्यक्षता में हुई बैठक,बोलें-सेंटरों पर लगाया जाए यूजर चार्ज
गाजीपुर।जिले में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को प्रभावी ढंग से लागू करने और स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को आडिटोरियम हाल में बैठक का आयोजन जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में किया गया। इस उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में जिले के 167 प्रशासकों एवं सचिवों ने भाग लिया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों में घर-घर से कूड़ा कलेक्शन की व्यवस्था को सुनिश्चित किया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होने कहा कि गीले और सूखे कूड़े को (घर/दुकान) पर ही अलग-अलग किया जाए। सचिवों को निर्देशित किया गया कि वे आम जनता को इसके प्रति जागरूक करें। जिले में बने आर आर सी सेन्टर को पूरी क्षमता के साथ संचालित करने के निर्देश दिए गए, ताकि कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण हो सके, किसी भी आर0आर0सी सेंन्टर पर ताला ना लगा रहें नहीं तो इसकी जिम्मेदारी प्रधान और सचिव की होगी। कहा कि सेंन्टरों पर यूजर चार्ज लगाया जाए जो भी लोग उसे करेंगें और उसका यूजर चार्ज देंगे, सेंन्टरों पर कबाड़ी वालों का चयन करें तथा उनसे एग्रीमेंट करा लिया जाए। गौशाला संचालक यह सुनिश्चित कर ले कि कही गौशालाओ पर हरा चारा की कमी ना हो गौशाला संरक्षण सरकार की प्राथमिकता है। उन्होने निर्देश दिया कि एक नोडल अधिकारी नामित किया जाए, जो प्रत्येक बुधवार को गॉवो, स्कूल, कालेजो, आवागमन वाले बाजारो का स्थलीय निरीक्षण कर वहा साफ-सफाई का जायजा लेते हुए गौशालाओ एंव आर आर सी सेन्टरो का निरीक्षण करेगे। जिलाधिकारी ने सभी प्रशासकों और सचिवों को चेतावनी दी कि यदि उनके कार्यक्षेत्र में गंदगी या कचरा प्रबंधन में ढिलाई पाई गई, तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।जिलाधिकारी ने कहा कि स्वच्छता केवल एक प्रशासनिक कार्य नहीं, बल्कि आम जनमानस के स्वास्थ्य से जुड़ा संवेदनशील विषय है। ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के नियमों का जमीनी स्तर पर कड़ाई से पालन होना चाहिए। सभी प्रशासक और सचिव अपनी जिम्मेदारी को गंभीरता से लें और अपने-अपने क्षेत्रों को आदर्श व स्वच्छ बनाएं। बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने आगामी दिनों में औचक निरीक्षण करने की बात कही, ताकि कार्यों की वास्तविक प्रगति को परखा जा सके।
डीएम ने अधिकारियों को दिए निर्देश,बोले-किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए
गाजीपुर। दीनदयाल अंत्योदय योजना राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत गठित स्वयं सहायता समूह के सदस्यों को विभिन्न लाभकारी योजनाओं से लाभान्वित कराने विषयक कार्यशाला/संवाद कार्यक्रम का आयोजन जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में विकास खण्ड भदौरा एवं रेवतीपुर सभागार में संपन्न हुआ। संवाद कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने बारी-बारी से उपस्थित समूह की महिलाओ से संवाद स्थापित कर उनके कार्यों की जानकारी ली। बेहतर ढंग से कार्य करने करने को कहां। इस दौरान समूह की महिलाओं द्वारा हैंड वॉश, फिनायल, हार्पिक, अगरबत्ती, रेडीमेट कपड़े, झाड़ू, मसाले, जैसे प्रोडक्त तैयार करने तथा किसी ने कॉस्मेटिक के सामानो की बिक्री करने तथा किसी महिला द्वारा कृषि कार्य करने की जानकारी दी गई. जिस पर जिलाधिकारी ने उनके द्वारा बनाए गए प्रोडक्ट के क्वालिटी में किसी प्रकार की कंप्रोमाइज न करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने कहां की सब बेस्ट एवं उच्च गुणवत्ता वाला प्रोडक्ट तैयार किया जाए. जिलाधिकारी ने ऐसे प्रोडक्ट बनाने को कहां जिसकी मार्केट में अत्यधिक मांग हो. जरूरत पड़ने पर इसके लिए आपको पूरी ट्रेनिंग एवं सर्टिफिकेशन भी उपलब्ध कराया जाएगा. जिलाधिकारी ने इस पर बी एम एम और डी एम एम लग कर कार्य करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं एवं जरूरतमंद परिवारों को आत्मनिर्भर बनाना तथा उन्हें स्वरोजगार एवं आर्थिक सशक्तिकरण से जोड़ना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं मिशन से जुड़े कर्मचारियों को निर्देशित किया कि शासन द्वारा संचालित सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। समूहों को बैंक ऋण, प्रशिक्षण, स्वरोजगार गतिविधियों एवं विभिन्न योजनाओं से जोड़कर उनकी आय में वृद्धि की दिशा में प्रभावी प्रयास किए जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र परिवार का सर्वे कर उन्हें राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की योजनाओं से जोड़ने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। स्वयं सहायता समूहों द्वारा किए जा रहे कार्यों को प्रोत्साहित करते हुए उन्हें बाजार उपलब्ध कराने, उत्पादों की बेहतर ब्रांडिंग एवं बिक्री की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए, जिससे ग्रामीण क्षेत्र की महिलाएं सशक्त होंगी तो उनका पूरा परिवार सशक्त होगा। कार्यशाला में जिलाधिकारी द्वारा उपस्थित लखपति दीदी की भी समस्याओं को सुना गया। उनके सामाधान हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए। कार्यशाला में सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गयी। मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि एनआरएलएम के माध्यम से संचालित योजनाएं ग्रामीण विकास एवं गरीबी उन्मूलन की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि समूहों की नियमित समीक्षा करते हुए उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। कार्यशाला में स्वयं सहायता समूहों के गठन, बैंक लिंकेज, आजीविका गतिविधियों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों, स्वरोजगार योजनाओं एवं अन्य लाभार्थीपरक योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। उपस्थित अधिकारियों ने योजनाओं के प्रभावी संचालन एवं पात्र लाभार्थियों तक लाभ पहुंचाने के संबंध में आवश्यक सुझाव एवं जानकारी साझा की। कार्यशाला का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित योजनाओं की पहुंच को और अधिक प्रभावी बनाना तथा अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित कर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना रहा। संवाद कार्यक्रम से पहले जिलाधिकारी एवं ब्लाक प्रमुख ने ने परिसर मे ही वृक्षारोपण कर उपस्थित जन सामान्य से अधिक से अधिक पौध लगाने की अपील की. इस दौरान ब्लॉक परिषद मे स्वयं सहायता समूहों के द्वारा बनाए गए उत्पादों से संबंधित स्टॉल लगाया था जिसका जिलाधिकारी द्वारा अवलोकन कर जानकारी ली गयी। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत अन्नप्राशन एवं गोद भराई जिलाधिकारी द्वारा किया गया। इस अवसर पर ब्लाक प्रमुख भदौरा, ब्लॉक प्रमुख रेवतीपुर, उपायुक्त स्वतः रोजगार, श्रम प्रवर्तन अधिकारी, खंड विकास अधिकारी भदौरा एवं रेवतीपुर अन्य संबंधित अधिकारी, जन सामान्य, उपस्थित थे।
वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 का हुआ शुभारंभ,मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने किया पौधरोपण
गाजीपुर। जनपद में ‘एक पेड़ मॉ के नाम‘ वृक्षारोपण महायज्ञ -2026 के अंतर्गत बृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन स्थान हनुमान मंदिर शेखपुर विकास खण्ड बिरनो में धूमधाम से आयोजित हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री,पंचायती राज तथा अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज विभाग उत्तर प्रदेश सरकार ओम प्रकाश राजभर, एंव शासन से नामित नोडल अधिकारी/आयुक्त वाराणसी मण्डल एस. राजलिंगम , तथा उपस्थित विशिष्ट अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया । कार्यक्रम स्थल पर लगभग 200 पौधरोपण किया गया। कार्यक्रम के दौरान गायक राकेश कुमार द्वारा ‘‘ आओ धरती सजाए आसमान के लिए‘ एक पेड़ तुम लगाओ अपनी मॉ के लिए‘‘ सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी गई जो सराहनीय रहा। मुख्य अतिथि ओम प्रकाश राजभर ,अध्यक्ष जिला पंचायत सपना सिंह, विधायक जखनियां बेदी राम, अध्यक्ष नगर पालिका सरिता अग्रवाल, जिलाध्यक्ष भाजपा ओम प्रकाश राय, जिलाध्यक्ष सुभासपा सुरेंद्र राजभर, प्रदेश उपाध्यक्ष भाजपा कृष्ण विहारी राय, जनपद के नोडल अधिकारी/मण्डलायुक्त एस राजलिंगम, जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला, मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, ने क्रमशः लाभकारी पौधो का रोपण पूरे विधि विधान एवं मंत्रोचारण के साथ परिसर में किया। स्वागत के क्रम मे मंच पर आसीन मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों को स्मृति चिन्ह एवं पौध भेट स्वरूप देकर स्वागत किया गया। मंत्री ने प्रधानमंत्री/ मुख्यमंत्री के आवाह्न पर ‘एक पेड़ मॉ के नाम‘ वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के अंतर्गत बृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के द्वारा पूरे उत्तर प्रदेश में 35 करोड़ वृहद वृक्षारोपण का लक्ष्य रखा गया है, जिसे पूरा करना हमारा कर्तव्य है। इसी क्रम में जनपद गाजीपुर में कुल 47 लाख 68 हजार 730 पौधरोपण किया जा रहा है। उन्होने वृक्षारोपण महायज्ञ की मॉनिटरिंग के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आयुक्त वाराणसी मण्डल एस राजलिंगम को धन्यवाद दिया। उन्होने कहा कि 05 जून को पूरे प्रदेश मे अभियान चलाकर एक पेड़ मॉ के नाम‘‘ 05 करोड़ पौधे रोपित किए गए थें आज 12 जुलाई को प्रदेश के 75 जनपदो मे कुल 35 करोड़ पौधो का रोपण ग्राम स्तर से लेकर ब्लाक, तहसील एंव जनपदस्तर पर किया जा रहा है। उन्होन कहा कि देश/प्रदेश मे बड़े पैमाने पर एक्सपेस-वे, सड़के, रेल लाईने, बनाए गए जिसके कारण बड़ी संख्या पेड़ो की कटाई भी हुई। यह एक चिंता का विषय है जिसके लिए प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री ने पहले ही कहा है कि जितने भी एक्सपेस-वे, सड़के, रेल लाईने, बनाने मे पेड़ो की कटाई हुई है उसी स्थान पर पुनः पेड़ लगाते हुए और तथा देश/प्रदेश को 20-25 वर्ष पहले जो बरसात होती थी उसी स्थिति मे लाने का प्रयास किया जा रहा है। जिससे आने वाले पीढियो का इसका लाभ मिले, पीने के लिए स्वच्छ जल हो एवं अधिक से अधिक अन्न की पैदावार हो। उन्होने उदाहरण स्वरूप भारत मे सबसे अधिक वर्षा वाले स्थान का जिक्र करते हुए कहा कि चेरापूॅजी वह स्थान है जहां सबसे अधिक वर्षा होती है, कारण है वहां अधिक वन होना। इस लिए अधिक से अधिक पेड़ लगाए एवं उसे सुरक्षित भी रखे। उन्होने कहा कि इस बार पेड़ लगाने के बाद उसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी संबंधित विभागो को दी गयी है। कहा कि पहले बाप का लगाए हुए पेड़ के फल को बेटा खाता था परन्तु आज समय परिवर्तित हो गया है। जिस प्रकार प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री जिस कार्य का शिलान्यास करते है उसी कार्य का उद्घाटन भी करते है उसी प्रकार आज आप पेड़ लगाईये और 02 से 03 वर्षाे के बाद स्वयं फल खाईये वन विभाग द्वारा ऐसे अच्छे किस्म के तरह-तरह के पौधे तैयार किए गए हैं । जो बधाई के पात्र है। सरकार की मंशा है कि ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाए और देश/प्रदेश को हरा भरा बनाए। विधायक जखनियां बेदी राम ने कहा कि पर्यावरण का संतुलन बनाये रखने के लिए पूरे देश/प्रदेश मे प्रधानमंत्री एंव मुख्यमंत्री के आह्वाहन पर वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 अभियान चलाया जा रहा हैं तथा पूरे प्रदेश मे 35 करोड़ पौध रोपित करने का लक्ष्य आज पूरा होगा। उन्होने संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान एंव भविष्य को अच्छा रखने तथा पर्यावरण को संतुलित रखने के लिए वृक्षारोपण बहुत ही आवश्यक है। कहा कि ‘‘एक पेड़ मॉ के नाम ही नही बल्कि पूरे परिवार के एक-एक सदस्य के नाम अवश्य लगाए,पेड़ को उसी तरह पाले जैसे कि अपने बेटे व बेटी को पालते है। उन्होने प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री को इस सोच के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।कहा कि इस तरह की सोच हम सभी को रखनी चाहिए। उन्होने कहा जनपद गाजीपुर नदियो से घिरा हुआ है नदियो के किनारे-किनारे भी वृहद वृक्षारोपण किया जाए। उन्होने कहा कि अगर एक शक्ति ईश्वर है तो दुसरी शक्ति का नाम पर्यावरण एक वृक्षारोपण है। उन्होने कहा कि बिमारी व आपदाओ से बचने के लिए तथा जीवन को सुरक्षित रखने के लिए पर्यावरण बहुत जरूरी है। पर्यावरण का संतुलन तभी बना रहेगा जब आप वृक्षारोपण करेगे। उन्होने उपस्थित लोगो से आह्वाहन किया कि आप कही भी रहे वहां वृक्षारोपण करते हुए उसकी सुरक्षा भी स्वयं करे। जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह ने कहा कि आज 12 जुलाई 2026 को जनपद में कुल 47 लाख 68 हजार 730 पौधरोपण वन विभाग के अतिरिक्त विभिन्न विभागो के द्वारा किया जा रहा है। उन्होने अनुरोध किया कि प्रत्येक परिवार के लोग अपने आस-पास, पास पड़ोस में ‘एक पेड़ मॉ के नाम‘ अनिवार्य रूप से लगाए । एक वृक्ष लगाने से आपका सम्मान, आपका अभिमान, तथा आपका विश्वास सबसे ज्यादा बढ़ेगा क्योंकि इस से उपजे फलों का लाभ आपकी आने वाली पीढ़ियो को प्राप्त होगा। उन्होंने लोगो से ज्यादातर औषधीय वृक्ष लगाने को कहा, जिसके उपयोग से हमारा शरीर स्वस्थ रहता है एवं कई प्रकार की बीमारियों से निरोग रहता है। उन्होने कहा कि पेड़ जहां होते हैं वहां की जलवायु भी ठीक रहती है तथा समय से वर्षा भी होती है। उन्होने लोगो से अधिक ऑक्सीजन देने वाले वृक्षों को लगाने की अपील करते हुए जब तक पौधे वृक्ष का रूप धारण नहीं कर लेते तब तक उनकी सेवा करते हुए उनकी रक्षा करने हेतु आमजन से आह्वाहन किया। जिलाअध्यक्ष भाजपा ओम प्रकाश राय ने कहा कि वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 से जोड़ने का अभियान केन्द्र/राज्य सरकार द्वारा चलाया जा रहा है। कहा कि सदियो – सदियो से पेड़ पौधो के आवरण मे हम अपना जीवन यापन करते चले आ रहे है। आज उसको बचाने की मुहीम चलाई जा रही है। यह वही धरती है जहां ऋषि मुनि पेड़ पौधो के नीचे ही वेदपुराण की रचना की है, तपस्या की है। वृक्षो से हम इस तरह से जुड़े हुए है कि हमारा धार्मिक, सामाजिक, आर्थिक सबकुछ इस पर्यावरण पर आधारित है। वृक्ष रहेग तो जल रहेगा, जल रहेगा तभी अन्न की पैदावार होगी जिसे हम ग्रहण कर जीवन रह सकेगे। उन्होने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन का महत्वपूर्ण अंग है क्योंकि जीवन दायिनी ऑक्सीजन हमे वृक्षों से ही प्राप्त होती हैं, अन्य प्रदेशों की तुलना में उत्तर प्रदेश में वृक्षों का अनुपात कम है। हमारे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का सपना है कि उत्तर प्रदेश को एक हरा-भरा प्रदेश बनाने का है जिसे हम लोगो को मिल जुल कर पूरा करना है। उन्होने उपस्थित लोगो को आवाह्न करते हुए कहा कि सब लोग अपनी मॉ के नाम पर एक-एक पौधरोपण अवश्यक करें तभी जाकर हम अपने भारत माता/धरती माता को बचा पायेगें। नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने कहा की पर्यावरण मे बदलाव के कारण कही बाढ का प्रकोप है, तो कही सूखाग्रस्त पडा है। वृक्ष पर्यावरण की दृष्टि से कितने महत्वपूर्ण है यह आप सभी जानते हैं । पर्यावरण को स्वच्छ और सुंदर रखने के लिए हमें वृक्ष लगाना अति आवश्यक है। उन्होने उपस्थित सभी लोगो से आह्वाहन किया कि वृक्षारोपण अवश्य करे, क्योंकि वृक्ष ही जलवायु परिवर्तन का कारण है । प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी ने बताया गया कि वर्ष 2026-27 हेतु मुख्यमंत्री के आह्वाहन पर प्रदेश मे 35 करोड़ पौध रोपण का लक्ष्य निर्धारित है जिसकी पूर्ती के लिए आज 12 जुलाई 2026 को वृहद वृक्षारोपण की तिथि निर्धारित किया गया है। जनपद मे वन विभाग द्वारा 19 लाख 29 हजार व अन्य विभाग द्वारा 28 लाख 39 हजार 730 कुल 47 लाख 68 हजार 730 पौधो का रोपण जनपद के 27 विभागो एवं जनसहभागिता से किया जा रहा है। प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी अजीत प्रताप सिंह ने आभार व्यक्त करते हुए कहा आज उत्तर प्रदेश में सघन वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज गाजीपुर में भी उत्तर प्रदेश शासन द्वारा दिए गए लक्ष्य से सापेक्ष पौधरोपण किया गया। पौधरोपण कार्यक्रम जनपद स्तर के अलावा समस्त तहसीलों, विकास खण्ड मुख्यालयो तथा ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण हमारे पर्यावरण के लिए कितना महत्वपूर्ण है इसका संज्ञान हमे होना चाहिए। उन्होंने पौधरोपण प्रतिशत को बढ़ाने का अनुरोध करते हुए कहा कि आज के दिन इस संकल्प के साथ जाएं और अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का प्रयास करें। आप जहां भी जिस रूप में रहे वृक्षारोपण अवश्य करें तथा उन वृक्षों को बचाने का भी प्रयास करें। उन्होने उपस्थित मुख्य अतिथि, मुण्डलायुक्त वाराणसी मण्डल, विशिष्ट अतिथियो, आगन्तुको, आमजनमास ,स्कूल छात्र-छात्राओ का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन बृजेश श्रीवास्तव जिला परियोजना अधिकारी नमामी गंगे द्वारा किया गया । कार्यक्रम के अन्त मे पर्यावरण संरक्षण मे अपना अहम योगदान देने के लिए रणधीर यादव को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में , जिला विकास अधिकारी राजन राय, उपजिलाधिकारी सदर डा0 पुष्पेन्द्र पटेल, एस पी सिटी राकेश मिश्रा, डीसी मनरेगा विजय यादव, जिला विद्यालय निरीक्षक प्रकाश सिंह, बेसिक शिक्षाधिकारी उपासना रानी वर्मा, एवं अन्य अधिकारी/कर्मचारी के अतिरिक्त विभिन्न विद्यालयो के छात्र-छात्राए, एन सी सी, भारत स्काउट गाइड, एन एस एस एवं आम जनमानस उपस्थित रहे एवं सभी ने परिसर मे पौधरोपण किया।