गाजीपुर। आरपीएफ ने मालगोदाम रोड से अग्निपथ योजना के विरोध में बवाल करने वाले चार और आरोपियों को दबोच लिया है। इससे पहले आरपीएफ ने मास्टर माइंड अजय सिंह यादव ,गुरुजी, सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।अग्निपथ योजना लागू होने के विरोध में 19 जून को बंजारीपुर गांव के पास युवकों ने रेलवे लाइन पर बवाल किया था। इस दौरान उपद्रवियों ने ट्रेन पर पथराव भी किया था। आरपीएफ प्रभारी अमित राय ने बताया मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ युवक मालगोदाम रोड पर मौजूद है। इस सूचना आरपीएफ के जवान वहां पहुंचे। पुलिस को देखते ही युवक भागने लगे। जवानों ने दौड़ाकर उन्हें धर दबोचा। पूछताछ करने पर चारों ने अपना नाम नोनहरा थाना के भाला निवासी गोपाल यादव, गोलू यादव, सचिन यादव और अजय यादव बताया। आरपीएफ ने सभी आरोपियों को विभिन्न धाराओं में चालान कर दिया।
Category Archives: Crime
चोरी की मोटरसाइकिल के साथ दो गिरफ्तार
गाजीपुर।शुक्रवार की देर शाम खानपुर पुलिस ने साई की तकिया के पास वाहन चेकिंग के दौरान दो युवको को दबोचा।उनके पास से चोरी की दो बाइक बरामद किया।
पुलिस अधीक्षक द्वारा अपराध व अपराधियों के विरूद्ध चलाये जा रहे अभियान के तहत सिधौना चौकी प्रभारी सुनील कुमार तिवारी पुलिस कर्मियों के साथ क्षेत्र भ्रमण कर रहे थे। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक चोरी की बाइक लेकर पतरही से औडिहार की तरफ आ रहा है। इस सूचना पर पुलिस साई की तकिया के पास वाहन चेकिंग करने लगी। इसी बीच एक युवक बाइक से आया। पुलिस ने उसे रोका। जब पुलिस ने उससे बाइक का कागजात मांगा तो उसके पास कोई कागज नहीं था। पुलिस उसे पकड़कर थाना ले आई। बाइक की जांच करने पर पता चला कि बाइक प्रतापगढ़ सरकारी अस्पताल से चोरी की है। पुलिस के पूछताछ में युवक ने अपना नाम सुल्तापुर जिले के धम्मौर थाना के पूरे गंगा सुगौटी निवासी शिवांश मिश्रा बताया। पुलिस ने जब कड़ाई से पूछताछ शुरु किया तो अभियुक्त ने बताया कि इस काम में उसकी मदद नरगापुर प्रतापगढ के मोटर साइकिल मैकैनिक रज्जन वर्मा करते है। उनके पास भी चोरी की एक और बाइक बेचने के लिए रखी हुई है। पुलिस टीम प्रतापगढ़ पहुची और रज्जन वर्मा के मोटर गैरेज में रखी चोरी की बाइक बरामद कर मैकेनिक को भी पकड़कर थाना ले आई। गिरफ्तार करने वाली टीम में
कां आकाश सिंह ,का धर्मेन्द्र कुमार पटेल ,का.अनूप पाठक ,का रिंकू कुमार शामिल रहे ।
करंट की चपेट में आने से एक की मौत
गाजीपुर। गहमर कोतवाली के करहिया गांव में गुरुवार की रात सोते समय फरार्टा पंखा से करंट की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी अनुसार करहिया गांव निवासी पपुलेंद्र घनघन (38) रोज की तरह खाना खाकर अपने घर के बगल के एक अहाते में सोने चला गया। गर्मी होने के कारण वह फर्राटा पंखा भी लगाया था। सो जाने के बाद बोर्ड में लगा पंखे का एक तार किसी तरह बाहर निकल कर पपुलेंद्र के शरीर में सट गया। जिससे करेंट वह करंट की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। परिवार के लोग वहा पहुचे तो देखा कि उसके शरीर पर बिजली का तार गिरा है। परिजनों ने तार को हटाया। घटना की जानकारी मिलते ही वहां लोगों की भीड़ लग गई। पपुलेंद्र की शादी पचौरी गांव में हुई थी।
सड़क हादसे में दो की मौत,कई घायल
खानपुर । राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार की सुबह ट्रक से भिड़ंत में आटो सवार महिला समेत दो की मौके पर ही मौत हो गई और दो मासूम बच्चों संग नौ घायल हो गये। यह हादसा खानपुर थाना के सिधौना के पास पेट्रोल पंप के सामने हुआ। मृतकों में पन्ना देवी(46) पत्नी नंदू बांसफोर निवासी बिरनो के तियरा तथा रामजी बांसफोर(40) बरेसर गांव के बताये गये हैं। घायल भी उन्हीं के रिश्तेदार हैं। उन्हें सैदपुर सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
यह सभी लोग नंदू की लड़की काजल के लिए लड़का देखने वाराणसी गये थे। वापसी में आटो चालक सिधौना में पेट्रोल के लिए पंप की ओर जैसे ही घूमा कि वाराणसी की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आटो के परखच्चे उड़ गये। घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष खानपुर संजय मिश्रा पुलिस कर्मियों के साथ वहां पहुंच गये। घटना के बाद मय ट्रक मौके से फरार चालक को कैथी टोल प्लाजा पर पकड़ लिया गया।
घायलों में बिल्लर (5), चंदा देवी (35), धर्मेंद्र बांसफोर (37), तारा देवी (40), दीपा (3),विशाल (7),उर्मिला देवी (35), नंदू बांसफोर (50) और आटो चालक हरिश्चंद्र (40) निवासी नसरतपुर थाना बिरनो शामिल है।
फर्जी नंबर प्लेट लगाकर कर रहे थे तस्करी,गिरफ्तार
गाजीपुर।शहर कोतवाली पुलिस ने मंगलवार पुलिस ने सुखदेवपुर चौराहा पर चेकिंग के दौरान पांच अन्तर्राज्यीय शराब तस्करों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है। उनके पास से दो लग्जरी वाहन से 44 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद किया।नवागत एसपी रोहन पी बोत्रे के पदभार ग्रहण करते ही कोतवाली पुलिस ने तस्करों को पकड़ कर कप्तान को तोहफा दे दिया। प्रभारी निरीक्षक विमलेश मौर्या व उपनिरीक्षक अमित पांडेय पुलिस टीम के साथ सुबह सुखदेवपुर चौराहा पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान बिहार की तरफ जा रही क्रेटा और स्कार्पियों को पुलिस कर्मियों ने रोका। पुलिस को देखते ही चालक वाहन की गति बढ़ा कर भागने लगे। पुलिस कर्मियों ने पीछा कर दोनों वाहनों को दबोच लिया। वाहन में सवार अन्तर्राज्यीय तस्करों को पकड़ा। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें रखा 8 पीएम के 44 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद किया। बरामद शराब की कीमत लगभग दो लाख बत्तीस हजार रुपया बताया। पुलिस के पूछताछ में पकड़े गये तस्करों ने अपना नाम पटना के खगौल थाना के न्यू कालोनी निवासी गौरव कुमार, पटना के बेउर जिला के चिलबिली निवासी गोलू कुमार, दानापुर भुसौला निवासी दीपक कुमार ,पटना के बेउर थाना के बेतौरै निवासी सोनू कुमार तथा भोजपुर डिहीया निवासी नित्तम सिंह बताया। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक विमलेश मौर्य ने बताया कि पकड़े गये तस्कर अपने गाड़ियों पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर तस्करी कर रहे थे। पकड़े गये तस्कर शराब लेकर बिहार में बेचने जा रहे थे। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम लोटन इमली चौकी प्रभारी अभिषेक सिंह, विशेश्वरगंज चौकी प्रभारी अरुण कुमार मिश्रा ,कां विकास कुमार तिवारी , का राजेश कुमार ,का हरेन्द्र यादव ,का विजय यादव ,का शैलेन्द्र यादव तथा का दुर्गा प्रसाद शामिल रहे।
नहाते समय नहर में डूबा अधेड़
गाजीपुर।जमानियां कोतवाली क्षेत्र के गहमर रजवाहा में सिचाई विभाग कालोनी के पास सोमवार की देर शाम नहर में नहाते समय एक अधेड़ डूब गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा करके परिजन को सौप दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार स्टेशन बाजार स्थित पटखौलिया मुहल्ला वार्ड नं० 5 निवासी सीताराम बिन्द (52) सोमवार की देर शाम गहमर रजवाहा में सिचाई विभाग कालोनी के पास नहर में स्नान करने लगे। नहर में पानी अधिक होने के कारण वह डूब गये। काफी देर तक वह घर नही आये तो परिजन को चिंता हुई। परिवार के लोग उनकी तलाश करने लगे। खोजते हुए परिजन जब सिचाई विभाग कालोनी के पास नहर के पास पहुंचे तो देखा कि सीढ़ी पर उनका कपड़ा पड़ा है। परिजन नहर में डूबने की आशंका से परेशान हो गये। इसकी जानकारी होते ही वहां लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने शव की तलाश करने के लिए नहर को बंद कराया। इसके बाद ग्रामीण शव की तलाश करने लगे।काफी खोजबीन के बाद देर रात सिचाई विभाग कालोनी के सामने नहर में शव बरामद हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। शव मिलते ही परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया था।इनके दो बेटा व दो बेटी है।
गाज़ीपुर में वृद्ध की हत्या
गाज़ीपुर।भांवरकोल थाना क्षेत्र के लोचाइन गांव में रविवार की देर रात भूमि विवाद को लेकर कलयुगी पुत्र और पोते ने डेरा पर सो रहे अपने वृद्ध की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी।घटना को अंजाम देकर आरोपी पुत्र सहित दोनों फरार हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।प्राप्त जानकारी के अनुसार लोचाइन गांव निवासी रामकरन यादव (85) गांव के बाहर डेरा पर रहते थे। रात में उनका छोटा पुत्र जीतन यादव अपने पिता को खाना लेने घर आया था। बताते है कि खाना लेकर जीतन का पुत्र मनजीत यादव जब डेरा पर पहुंचा तो देखा कि दादा चारपाई पर लहूलूहान हालत में पड़े है। चारपाई पर खून गिरा हुआ है। यह देख वह चिल्लाने लगा। उसकी आवाज सुनकर ग्रामीणों के साथ परिवार के लोग भी वहां पहुंच गए।घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष बागीश विक्रम सिंह पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। घटना की जानकारी होने पर एसपी ग्रामीण राजधारी चौरसिया और सीओ श्याम बहादुर सिंह भी घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने मामले की छानबीन करने के साथ ही परिवार के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।मृतक रामकरन यादव के दो पुत्र है। दोनों भाईयों में बंटवारा हो गया था। रामकरन अपने छोटे पुत्र जीतन के साथ ही रहता था। ग्रामीणों ने बताया कि बंटवारे के समय रामकरन ने अपने छोटे पुत्र जीतन को चार मंडा अधिक खेत दे दिया था । इसी बात को लेकर परिवार में आय-दिन कहासुनी होती रहती थी। इस मामले में छोटा पुत्र जीतन यादव ने अपने बडे भाई तथा भतीजा के खिलाफ हत्या का नामजद रिपोर्ट दर्ज कराया है। इस संबंध में थानाध्यक्ष बागीश विक्रम सिंह ने बताया कि मामला भाईयों में जमीनी विवाद का है। इसी को लेकर घटना हुई। हत्या में प्रयुक्त दाव को भी कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर तलाश की जा रही है।
यूट्यूबर को मिली धमकी, छात्रों ने सौंपा ज्ञापन
गाजीपुर। बीते दिनों यूट्यूबर व वरिष्ठ समाजसेवी बृजभूषण दुबे का सर कलम करने की धमकी दी गई। जिसको लेकर शनिवार को पूर्व छात्र नेता निमेष पाण्डेय के नेतृत्व में छात्र नेताओं ने पुलिस अधीक्षक की अनुपस्थिति में उपजिलाधिकारी के प्रतिनिधि सदर तहसीलदार अभिषेक को ज्ञापन सौंपा व सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की। छात्र नेता विवेकानंद पाण्डेय ने कहा कि ब्रजभूषण जी के चैनल पे उनका “सर तन से कलम करने की धमकी” और सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में पत्रक दिया गया है। उन्होंने धमकी देने वाले अपराधी पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की। वही पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष दीपक उपाध्याय ने कहा कि प्रशासन तत्काल मामले का संज्ञान ले और आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार करें। जिससे समाज मे शान्ति व्यवस्था बानी रहे और भविष्य में दुबारा कोई इस तरह का कृत्य ना कर पाए। छात्रनेता शिवम उपाध्याय कहा कि पुलिस अधीक्षक ने दूरभाष पे बताया कि तत्काल उनके घर सुरक्षा व्यवस्था के नाम पे दो सिपाही तैनात कर दिया गया है। बता दें कि बृजभूषण दूबे ग्राम युसुफपुर थाना शादियाबाद के निवासी हैं। उनके यूट्यूब चैनल brajbhushan markandey चैनल पर उनके द्वारा डाले गए वीडियो पर किसी sakib ahmad के आई डी द्वारा “सर तन से जुदा” करने की धमकी मिली है। जिससे जिले में आक्रोश का माहौल व्याप्त है। जिसको लेकर छात्र नेताओं ने जल्द से जल्द उचित कार्यवाही करने की मांग की और जब तक आरोपी गिरफ्तार नही होता तब तक उन्हें पुलिस द्वारा सुरक्षा दिए जाने को कहा। पत्रक देने वालों में छात्र नेता अभिषेक द्विवेदी, अभय चौबे, ओम जी, अजय गोस्वामी, दिव्यांशु पाण्डेय, परवेज अहमद, शशांक उपाध्याय, राहुल दूबे, सुधांशु तिवारी, रूद्रमणी त्रिपाठी, व शैलेश यादव इत्यादि छात्र शामिल रहे।
करंट की चपेट में आने से अधेड़ की मौत
गाज़ीपुर।बुधवार की सुबह मुहम्मदाबाद कोतवाली के चंदनी गांव में फर्राटा पंखा में प्लग लगाते समय करंट की चपेट में आने से अधेड़ की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चंदनी गांव निवासी नरेंद्र कुमार श्रीवास्तव (48) सुबह अपने कमरे में लगा फर्राटा पंखा बंद हो गया था। उन्होनें स्विच को खोलकर ठीक कर रहे थे।अचानक विद्युत आ जाने के कारण वह उसकी चपेट में आ गए और स्विच के तार में ही चिपक गये। इसी बीच छोटा लड़का जब उस कमरे में आया तो स्थिति देखकर वह जोर-जोर से चिल्लाने लगा। उसकी आवाज सुनकर परिवार के लोग दौड़कर वहा पहुंचे और विद्युत तार का कनेक्शन काट दिया। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। परिजनों ने इसकी सूचना मोहम्मदाबाद कोतवाली पुलिस को दी। सूचना पर उप निरीक्षक सुनील कुमार यादव पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
20 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार
गाजीपुर। खानपुर थाना पुलिस को रविवार की देर शाम उसने क्षेत्र के शादी भादी गांव के पास संदिग्धों और वाहन चेकिंग के दौरान दो बाइक सवार तस्करों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल किया। सोमवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में पुलिस अधीक्षक रामबदन सिंह ने अभियक्तों को मीडिया के समक्ष पेश किया। उन्होंने बताया कि फंदे में आए अभियुक्त शातिर किस्म के तस्कर है। उनके पास से भारी मात्रा में गांजा के साथ ही असलहा और कारतूस बरामद हुआ है।उन्होंने कहा की क्षेत्र में शांति व्यवस्था के मद्देनजर खानपुर थानाध्यक्ष संजय कुमार मिश्र सिधौना चौकी इंचार्ज सुनील कुमार और हमराहियों के साथ रविवार की देर शाम भ्रमण पर थे। इसी दौरान सूचना मिली कि कुछ तस्कर भारी मात्रा में गांजा लेकर आ रहे हैं। इस पर पुलिस टीम शादी भादी गांव के पास संदिग्ध वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग शुरु कर दिया। इसी बीच बाइक सवार तीन व्यक्ति आते दिखाई दिए। पास आने पर जैसे ही पुलिस ने रुकने का इशारा किया, बाइक घुमाकर भागना चाहे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर दो को पकड़ लिया। जबकि एक फरार हो गया। इनके कब्जे से 20 किलो गांजा के साथ ही 315 बोर का दो तमंचा और कारतूस तथा एक बाइक बरामद हुआ है। एसपी ने बताया कि फंदे में आए तस्करों में सैदपुर कोतवाली क्षेत्र के तरांव निवासी बृजकिशोर यादव और यही का राजदीप यादव शामिल है। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वह अपने सहयोगी मुख्य अभियुक्त सैदपुर कोतवाली क्षेत्र के बौरवां निवासी रूपक सिंह के साथ मिलकर नाजायज गांजा का व्यापार करते थे। रूपक सिंह उड़िसा से गांजा लाता था तथा अन्य जनपदों में अपने सहयोगियों के साथ मिलकर बेचता था। लोगों को डराने एवं पुलिस से बचने के लिए हम लोग अवैध असलहा अपने पास रखते थे। एसपी ने बताया कि फरार मुख्य अभियुक्त रूपक सिंह की तलाश की जा रही है। उसे भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गिरफ्तार करने वाली टीम में एसओ के साथ कां शुभम सिंह परिहार, कां. शुभम कुमार, कां. आकाश सिंह, कां. रिंकू कुमार, कां. अनूप पाठक, कां. कुशल त्रिपाठी और कां धर्मेन्द्र पटेल शामिल थे।