गाजीपुर। दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के धर्मागतपुर गांव के पास स्थित श्मशान घाट के पास स्थित टीनशेड में रखे भूसा में एक युवक का सड़ा हुआ शव मिला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार की सुबह करीब साढ़े 11 बजे दुल्लहपुर क्षेत्र के धर्मागतपुर गांव के पास स्थित श्मशान घाट के पास कुछ लड़कें जामुन तोड़ रहे थे। इसी दौरान एक जामुन वहां पर स्थित रमेश राजभर के भूसा रखे टीनशेड में जा गिरा। जामुन लेने के लिए जब लड़के टीनशेड के पास पहुंचे तो भूसा के अंदर से एक व्यक्ति का हाथ निकला हुआ नजर आया और बदबू भी उठ रहा था। लोगों ने भूसा हटाया तो देखा कि एक युवक का सड़ा हुआ शव पड़ा था।लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। दुल्लहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। दुल्लहपुर और बिरनो सीमा विवाद की वजह से आधा घंटा तक शव पड़ा रहा। बाद में दुल्लहपुर सीमा की घटना होने पर पुलिस शव को कब्जे में लेकर थाना लाई। थाना पहुंचे धर्मागतपुर गांव निवासी बासुदेव राजभर ने मृतक का पहचान अपने पुत्र नंदकिशोर राजभर (28) के रूप में की। पुलिस की पूछताछ में उन्होंने बताया कि मृतक नंद किशोर विक्षिप्त था और 3 जून से लापता था। आसपास उसकी काफी खोजबीन की गई, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका था। इस संबंध में थानाध्यक्ष शैलेश मिश्रा ने बताया कि परिजनों की मौजूदगी में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों के मुताबिक मृतक नंदकिशोर विक्षिप्त था।
Category Archives: Crime
संदिग्ध अवस्था में युवती की मौत
गाजीपुर।गुरुवार की सुबह सादात थाना क्षेत्र बरहपार भोजूराय गांव में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।प्राप्त जानकारी के अनुसार सादात क्षेत्र के बसहीं मखदुमपुर निवासिनी पूजा विश्वकर्मा (21) की शादी बरहपार भोजूराय निवासी विकास विश्वकर्मा के साथ 28 जून 2020 को हुई थी। गुरुवार की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में पूजा की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस के साथ ही मायके वाले वहां पहुंच गए। मायके वालों का आरोप है कि शादी के बाद से ही दहेज की मांग को लेकर पूजा को उत्पीड़न किया जाता था। दहेज को लेकर ही ससुरालियों ने उसकी गला दबाकर हत्या कर दिया और अब इसे फांसी लगाकर खुदखुशी करने का रूप दे रहे हैं। इस संबंध में थानाध्यक्ष प्रवीण यादव ने बताया कि मृतका के शव को कब्जे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस मामले में मृतका के पिता अरविंद विश्वकर्मा ने पति विकास तथा सास आरती विश्वकर्मा के खिलाफ दहेज हत्या की तहरीर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।
मुख्तार की पत्नी की करोड़ों रुपए की संपत्ति कुर्क
गाजीपुर। मोख्तार अंसारी की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही है। आएदिन उनके लोगों के साथ ही नाते-रिश्तेदारों पर कार्रवाई प्रशासन उनकी चल-अचल सम्पतियों को कुर्क करके कर रहा है। इसी क्रम में बुधवार को मऊ पुलिस ने स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ गाजीपुर सदर कोतवाली क्षेत्र के तलवल के पास स्थित मोख्तार अंसारी की पत्नी आफसा की अंसारी की करोड़ों की भूमि को मुनादी के बीच कुर्क कर दिया। इस संबंध में मऊ के सदर सीओ धनंजय मिश्रा ने बताया कि मोख्तार अंसारी की पत्नी आफसा अंसारी मुकदमा अपराध संख्या 8/22 थाना दक्षिण टोला मऊ में वांछित अभियुक्त है। इनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत विवेचक सराय लखंसी प्रभारी निरीक्षक द्वारा रिपोर्ट की गई थी। जिसमें जिलाधिकारी मऊ के आदेश पर धारा 14 (1) के अंतर्गत आफसा अंसारी की भूमि को कुर्क करने की कार्रवाई की गई।
उन्होंने बताया कि कुर्क भूमि की बाजारू कीमत लगभग साढ़े तीन करोड़ है। कार्रवाई के दौरान सदर तहसील अभिषेक कुमार, नायब तहसीलदार, राजस्व विभाग के साथ ही मऊ और स्थानीय कोतवाली पुलिस मौजूद रही।
अधिकारियों ने डॉग स्क्वायड टीम के साथ की जांच-पड़ताल
गाजीपुर। बुधवार को वाराणसी से आई डॉग स्क्वायड टीम के साथ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भारी संख्या में पुलिस फोर्स के साथ स्टेशन पर पहुंचे। टीम ने स्टेशन पर मौजूद संदिग्धों के साथ यात्रियों के सामानों की जांच-पड़ताल किया। मालूम हो कि कुछ दिन पहले लश्कर-ए-तैयबा द्वारा गाजीपुर सिटी स्टेशन सहित अन्य स्टेशनों को 22 जून को बम से उड़ाने का जीआरपी को पत्र मिला था। इससे आरपीएफ और जीआरपी में हड़कंप मच गया था। उसने उच्चाधिकारियों सहित पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को इस मामले से अवगत कराया था। इसी क्रम में बुधवार की सुबह एडीएम वित्त एवं राजस्व अशोक कुमार सिंह, सदर एसडीएम प्रतिभा मिश्रा, पुलिस अधीक्षक रामबदन सिंह, एसपी सिटी गोपीनाथ सोनी, सदर सीओ समर बहादुर सिंह, सदर कोतवाल विमलेश मौर्या, वाराणसी से आई डॉग स्क्वायड टीम और भारी संख्या में पुलिस फोर्स के साथ सिटी रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। आरपीएफ प्रभारी अमित राय और जीआरपी प्रभारी अखिलेश मिश्रा के साथ प्लेटफार्मों पर मौजूद यात्रियों से पूछताछ करने के साथ ही उनके पास मौजूद सामानों की तलाशी की गई। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक रामबदन सिंह कहा कि कुछ दिन पहले लश्कर-ए-तैयबा द्वारा एक धमकी भरा पत्र मिला था। उस पत्र में रेलवे स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। इसी के मद्देनजर आज डॉग स्क्वायड टीम के साथ स्टेशन पर यात्रियों के सामानों की जांच-पड़ताल की गई।