Category Archives: Ghazipur

महिला पीजी कॉलेज के छात्राओं की मेरिट सूची जारी

ग्रीष्म अवकाश के पश्चात 6 जुलाई को राजकीय महिला महाविद्यालय पुनः खुल गया।

गाजीपुर। महाविद्यालय की शैक्षिक सत्र 2026-27 की स्नातक बीए /बीएससी प्रथम वर्ष में प्रवेश हेतु 5 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन करने वाली छात्राओं की प्रवेश मेरिट सूची 6 जुलाई को जारी हो गई। सोमवार को प्राचार्य डॉ अनीता कुमारी की अध्यक्षता में महाविद्यालय के कला एवं विज्ञान संकाय की प्रवेश समिति एवं समर्थ पंजीकरण समिति की आवश्यक बैठक संपन्न हुई। जिसमें वर्तमान शैक्षिक सत्र में प्रवेश हेतु आवश्यक निर्णय लिया गया। प्रवेश समिति में लिए गए निर्णय के अनुसार महाविद्यालय में जो प्रवेश 8 जुलाई 2026 से प्रारंभ होगा तथा वर्तमान सत्र में एडमिशन फीस में कोई बदलाव नहीं होगा। प्रवेश काउंसलिंग एवं विषय आवंटन से पूर्व सभी विद्यार्थियों का समर्थ पोर्टल पर अनिवार्य रूप से पंजीकरण किया जाएगा।
बीएससी प्रथम सेमेस्टर के प्रवेश के लिए छात्राएं 8 जुलाई को मेरिट क्रमांक 1 से लेकर 65 तक तथा 9 जुलाई को मेरिट क्रमांक 66 से अंत तक की छात्राएं प्रवेश काउंसलिंग के लिए महाविद्यालय के जंतु विज्ञान विभाग में प्रवेश संयोजक डॉ दिवाकर मिश्रा एवं टीम से संपर्क करेंगी।


बीए प्रथम सेमेस्टर प्रवेश के लिए मेरिट क्रमांक 01 से लेकर 120 तक 8 जुलाई को; मेरिट क्रमांक 121 से लेकर 240 तक 9 जुलाई को; 10 जुलाई को मेरिट क्रमांक 241 से लेकर 357 तक एवं 11 जुलाई को प्रवेश काउंसलिंग से वंचित सभी एवं सभी नवीन पंजीकृत विद्यार्थी स निर्धारित समय 10 से 3 बजे के मध्य महाविद्यालय के सावित्रीबाई फुले सभागार में प्रवेश काउंसलिंग के लिए उपस्थित हो सकते हैं।

विषय आवंटन राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुसार किया जाएंगा। विषय आवंटन के दौरान छात्रों को दो मुख्य विषय एवं एक माइनर विषय दो संकायो से दिए गए विकल्पों में से चुनना होगा। महाविद्यालय के प्रवेश प्रभारी डॉ शिव कुमार के अनुसार छात्राएं प्रवेश काउंसलिंग के समय अपने हाई स्कूल, इंटरमीडिएट के अंकपत्र एवं प्रमाण पत्र; जाति प्रमाण पत्र, भारांक प्रमाण पत्र, चरित्र एवं स्थानांतरण प्रमाण पत्र, प्रवेश आवेदन पत्र, समर्थ आवेदन पत्र समेत सभी पत्रों की मूल एवं छायाप्रति के साथ काउंसलिंग हेतु उपस्थित हो। 6 जुलाई 2026 से ही नव प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन हेतु महाविद्यालय की वेबसाइट पुनः खुल गई हैं। महाविद्यालय में अधिक सीटों के सापेक्ष सभी सीटें भरने तक नव प्रवेश हेतु ऑनलाइन पंजीकरण जारी रहेगा।शिक्षार्थी एवं उनके अभिभावक प्रवेश संबंधी किसी भी जिज्ञासा के लिए महाविद्यालय की वेबसाइट या महाविद्यालय नोटिस बोर्ड का अवलोकन कर सकते हैं।

समस्याओं का किया निस्तारण

गाजीपुर। जन समस्याओ के त्वरित निस्तारण हेतु सम्पूर्ण समाधान दिवस तहसील सैदपुर में प्रभारी जिलाधिकारी/मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद की अध्यक्षता में तहसील सभागार मे सम्पन्न हुआ। जिसमे 139 शिकायत/प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। मौके पर 06 का निस्तारण किया गया। जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु सातांे तहसीलो की सूचना के अनुसार सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 613 शिकायत/प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए जिसमें मौके पर 55 शिकायत/प्रार्थना पत्रो  का निस्तारण किया गया।


मुख्य विकास अधिकारी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर आम जनमानस की शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए कुछ शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कराया तथा शेष शिकायतों को सम्बंधित अधिकारियों को अग्रसारित करते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु निर्देशित किया गया। इस अवसर पर पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों/कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि जमीनी विवाद और आपसी विवाद एक ही विषय से सम्बन्धित होते है इसलिए राजस्व विभाग एवं पुलिस विभाग के अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित करते हुए विवादों का निस्तारण सुनिश्चित करें। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक शहर, उपजिलाधिकारी सैदपुर, जिला विकास अधिकारी, तहसीलदार सैदपुर, एवं समस्त जनपदस्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

सांसद ने रोटरी और इनरव्हील क्लब के नवनियुक्त पदाधिकारियों को दिलाई शपथ

रोटरी क्लब गाजीपुर का 72वां और इनरव्हील क्लब का 35वां संयुक्त पदग्रहण सम्पन्न, पहली बार महिला अध्यक्ष बनीं रोटेरियन विनीता सिंह और सचिव सुमन सर्राफ।

राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने नवपदाधिकारियों को शपथ दिलाई, रोटरी पिन पहनकर मानद सदस्य बनीं और महिला नेतृत्व की सराहना की।

रोटरी क्लब के 72 वर्ष के इतिहास में पहली बार महिला अध्यक्ष के रूप में विनीता सिंह ने कार्यभार संभाला, जबकि इनरव्हील क्लब की नई अध्यक्ष डॉ. नामिषा जायसवाल बनीं।

निवर्तमान पदाधिकारियों ने वर्षभर के सामाजिक कार्यों का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया तथा उत्कृष्ट योगदान देने वाले सदस्यों और सहयोगियों को सम्मानित किया।

गाजीपुर। नगर स्थित एक होटल में रोटरी क्लब गाजीपुर का 72वां तथा इनरव्हील क्लब गाजीपुर का 35वां संयुक्त पदग्रहण समारोह वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने रोटरी क्लब की नई अध्यक्ष रो. विनीता सिंह एवं सचिव रो. सुमन सर्राफ तथा इनरव्हील क्लब की नई अध्यक्ष डॉ. नामिषा जायसवाल को पद एवं दायित्व की शपथ दिलाई।
समारोह में रोटरी क्लब के निवर्तमान अध्यक्ष रो. बरुन कुमार अग्रवाल और सचिव रो. अरबिंद कुमार शर्मा ने अपने कार्यकाल के दौरान किए गए सामाजिक एवं सेवा कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया। उत्कृष्ट सहयोग देने वाले क्लब सदस्यों, चिकित्सकों, समाजसेवियों एवं सहयोगी संस्थाओं को स्मृति चिन्ह और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।


नव निर्वाचित अध्यक्ष रो. विनीता सिंह ने कहा कि रोटरी क्लब गाजीपुर के 72 वर्ष के इतिहास में पहली महिला अध्यक्ष चुना जाना उनके लिए गर्व का विषय है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों के हित में नए सेवा प्रकल्पों को आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया। इस अवसर पर उन्होंने मुख्य अतिथि डॉ. संगीता बलवंत एवं उनके पति डॉ. अवधेश कुमार सहित कई लोगों को रोटरी पिन पहनाकर क्लब की सदस्यता भी प्रदान की।


इनरव्हील क्लब की निवर्तमान अध्यक्ष राजश्री सिंह ने वर्षभर की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए क्लब की सक्रिय सदस्य को सम्मानित किया। वहीं नव निर्वाचित अध्यक्षा डॉ. नामिषा जायसवाल ने सेवा, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना के साथ क्लब की गतिविधियों को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।
मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने कहा कि “रोटरी क्लब और इनरव्हील क्लब वर्षों से शिक्षा, स्वास्थ्य और जनसेवा के क्षेत्र में अनुकरणीय कार्य कर रहे हैं। रोटरी क्लब गाजीपुर के 72 वर्षों के इतिहास में महिला नेतृत्व का चयन नारी सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। आज महिलाएं हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं और रोटरी परिवार ने उन्हें नेतृत्व देकर एक प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है। समाजहित के इन कार्यों में मेरा सहयोग सदैव मिलता रहेगा।”


इस अवसर पर रोटरी क्लब गाजीपुर और इनरव्हील क्लब गाजीपुर में नए सदस्यों ने भी रोटरी पिन पहन कर सदस्यता ग्रहण की।
इस अवसर पर रो. संजीव सिंह, रो. असित सेठ, रो. विनय, डॉ अवधेश बिंद, रो. अजय सर्राफ, रो. रवि केडिया, रो. जिशान, रो.संजुम नसीर, रो. मंजू सेठ, रो. श्रवण सिंह, रो. संतोष वर्मा, रो. ओमनारायण सैनी, डॉ. जेएस राय, डॉ. संजय राय, डॉ. शिवम राय, रवि केडिया इत्यादि रोटरी सदस्यों के बड़ी संख्या में इनरव्हील क्लब की सदस्याएं, सामाज के विभिन्न वर्गों के लोग और नगरवासी उपस्थित रहे, मंच संचालन डॉ यूसी राय ने किया।

डा.मनोज सिंह वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर के अध्‍ययन परिषद के बने संयोजक

गाजीपुर।वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय,जौनपुर की कुलपति एवं वैज्ञानिक प्रो. वंदना सिंह के आदेश से मनोविज्ञान विषय के अध्ययन परिषद ( Board of Studies of Psychology) का नवीन गठन किया गया है। अनुदानित स्नातक एवं अनुदानित परास्नातक मनोविज्ञान विभाग, पी.जी. कॉलेज, गाज़ीपुर के विभागाध्यक्ष/विभाग प्रभारी डॉ. मनोज कुमार सिंह को अध्ययन परिषद का संयोजक नियुक्त किया गया है।विशेष उल्लेखनीय है कि बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के मनोविज्ञान विभाग के प्रोफेसर एवं चेयरमैन- कार्मिक प्रबंधन और औद्योगिक संबंध (Professor & Chairperson, Placement Cell, PMIR) प्रो. संदीप कुमार और दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के मनोविज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. धनंजय कुमार को विश्वविद्यालय के अध्ययन परिषद का बाह्य सदस्य नामित/नियुक्त किया गया है।

अध्ययन परिषद में आंतरिक सदस्य के रूप में मनोविज्ञान विषय के विद्वान सहायक आचार्यगण डॉ. रविशंकर वर्मा, डॉ. अनीता सिंह, डॉ. दया सिंधु और डॉ. आनंद कुमार श्रीवास्तव हैं।

अध्ययन परिषद के संयोजक डॉ. मनोज कुमार सिंह ने कहा कि नवीन अध्ययन परिषद विश्वविद्यालय, अध्यादेश और परिनियमावली द्वारा निर्धारित और प्रदत्त कार्य करने के अलावा विशेष रूप से पाठ्यक्रम को अद्यतन एवं व्यावहारिक करने तथा युवा पीढ़ी को मनोविज्ञान विषय से जोड़ने पर कार्य करेगी।युवाओं के लिए मनोविज्ञान विषय में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के पश्चात् शिक्षा, स्वास्थ्य, रक्षा और अन्य क्षेत्रों में रोज़गार और सेवा के बहुत अवसर हैं।मानव संज्ञान, संवेग और व्यवहार की अच्छी उच्च शिक्षा और समझ व्यक्ति के व्यक्तित्व और जीवन कौशल को विकसित करते हुए एक सफल, स्वस्थ और खुशहाल जीवन निर्मित करती है तथा व्यक्ति को राष्ट्र निर्माण में उत्कृष्ट सेवा के योग्य बनाती है।

वन महोत्सव के अंतर्गत पौधरोपण जन अभियान में राज्यसभा सांसद डा.संगीता बलवंत ने किया वृक्षारोपण

वन महोत्सव के अंतर्गत पौधरोपण जन अभियान में राज्यसभा सांसद डा.संगीता बलवंत ने किया वृक्षारोपण

गाजीपुर।सामाजिक वानिकी वन प्रभाग, गाजीपुर द्वारा वन महोत्सव (01 जुलाई से 07 जुलाई) के अंतर्गत संचालित पौधरोपण जन अभियान के तहत नेता जी सुभाष चन्द्र बोस शहीद स्मारक इण्टर कॉलेज के प्रांगण में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने अपने पति डॉ. अवधेश बिन्द के साथ आम का पौधा रोपित कर जनसामान्य से अधिकाधिक पौधरोपण एवं उनके संरक्षण का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों का स्वागत सामाजिक वानिकी वन प्रभाग के प्रभागीय निदेशक अजीत प्रताप सिंह ने स्मृति चिन्ह भेंट कर वन महोत्सव के महत्व एवं पर्यावरण संरक्षण में जनसहभागिता की आवश्यकता पर प्रकाश डाला | सभी अतिथियों का स्वागत संबोधन जिला परियोजना अधिकारी नमामि गंगे बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने किया |
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि डॉ. संगीता बलवंत ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल का संकल्प लेना चाहिए।
डॉ. अवधेश बिन्द ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। जनसहभागिता से ही हरित एवं स्वच्छ वातावरण का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रबंधक सुनील कुमार सिंह ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा कार्यक्रम का सफल संचालन श्री सुधीर कुमार सिंह ने किया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय वन अधिकारी नंदगंज अनिल कुमार सिंह, हरेन्द्र यादव, कुलदीप सिंह, आदित्य यादव सहित वन विभाग के कर्मचारी व अन्य गणमान्य नागरिक, शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

जखनियां के विकास के लिए अंतिम सांस तक लड़ते रहेगें:प्रमोद वर्मा

गाजीपुर (जखनिया)। आज जखनिया में स्वास्थ्य सुविधा व क्षेत्र में कानून व्यवस्था सुदृढ़ रहें, जखनिया का सर्वांगीण विकास हो इसके लिये भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष प्रमोद वर्मा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय, राज्यसभा सांसद डॉक्टर संगीता बलवंत प्रतिनिधि डॉक्टर अवधेश बिंद, गाजीपुर अपर पुलिस अधीक्षक राकेश मिश्रा व पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों से मिलकर अपनी बात रखी और पत्रक सौंपा। सर्वप्रथम भाजपा उत्तर प्रदेश के नवनियुक्त प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय से उनके आवास पर स्नेहिल मुलाकात कर उनको नवीन दायित्व के लिए ढेर सारी बधाइयां एवं शुभकामनाएं प्रेषित कर उनका मार्गदर्शन आशीर्वाद प्राप्त किया और जखनियां के समस्याओं से अवगत कराया। उसके उपरांत गाजीपुर की आवाज राज्यसभा सांसद संगीता बलवंत से टेलिफोनिक वार्ता कर उनके निजी प्रतिनिधि डॉक्टर अवधेश बिंद को जखनिया में ट्रामा सेंटर और रोडवेज बसों के संचालन एवं डिपो के लिए पत्रक सौपा और बताया कि 124डी राष्ट्रीय मार्ग बनने से एक्सीडेंटल संभावनाओं को देखते हुए व यातायात की सुविधाओं के मद्दे नजर जखनिया में ट्रामा सेंटर और रोडवेज परिवहन की सुविधा अति आवश्यक है। उसके बाद प्रतिनिधिमंडल अपर पुलिस अधीक्षक गाजीपुर राकेश मिश्रा से मिलकर जखनिया क्षेत्र में व्यापारियों सहित आम जनमानस की सुरक्षा व कानून व्यवस्था चुस्त दुरुस्त बनी रहे इस पर वार्ता किया। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों से मिलकर जखनिया बाजार में जो रोड बनी है पर नालियों का सही से निर्माण नहीं हुआ है और न हीं बाजार में पथ वे बनाया गया है, इसकी शिकायत दर्ज की और कहा कि बाजार में नाली की व्यवस्था और पथ वे यथाशीघ्र बनाया जाए। वही जखनियां शादियाबाद रोड चौड़ीकरण की भी बात रखी। प्रमोद वर्मा ने कहा डबल इंजन की सरकार में अनेकों विकास के कार्य हुए हैं कानून व्यवस्था दुरुस्त हुई है। और जो भी आगे के कार्य हैं वह जल्द ही व्यवस्थित होंगे।वर्मा ने कहा वो जखनियां के विकास के लिये अंतिम सांस तक लड़ते रहेगें। इस अवसर पर व्यापारी नेता अशोक गुप्ता, धर्मेंद्र चौरसिया, राजेश जायसवाल, आलोक पंकज तिवारी सहित प्रमुख लोग मौजूद रहे।

डीएम ने की बैठक,अधिकारियों और ग्राम प्रधानों को दिए निर्देश

डीएम ने की बैठक,अधिकारियों और ग्राम प्रधानों को दिए निर्देश

गाजीपुर।प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं चयनित ग्रामों के समग्र एवं संतुलित विकास को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में चयनित 43 ग्रामों से संबंधित विकास खण्डों के ग्राम प्रधान, पंचायत सचिव तथा सहायक ग्राम विकास अधिकारी(स0क0) एवं सहायक विकास अधिकारी(स0क0) ने प्रतिभाग किया।
बैठक को संबांधित करते हुए जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने कहा कि प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना का उद्देश्य चयनित ग्रामों में आधारभूत सुविधाओं का विकास, सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण तथा सभी पात्र लाभार्थियों को शासन की योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों एवं ग्राम प्रधानों को निर्देशित किया कि योजना के अन्तर्गत चयनित ग्रामों की आवश्यकताओं का सूक्ष्म सर्वेक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर सर्वे कर ग्राम विकास योजना (वी0डी0पी0) का प्रस्ताव तैयार किया जाए तथा निर्धारित समय सीमा 03 दिवस के अन्दर सभी कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि ग्रामों में पेयजल, स्वच्छता, सड़क, विद्युत, शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, आवास, सामाजिक सुरक्षा एवं आजीविका से संबंधित योजनाओं का समन्वित क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने प्रत्येक ग्राम में विकास कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जवाबदेही तय किए जाने के निर्देश दिए। बैठक में ग्राम प्र्रधानां से ग्राम स्तर पर संचालित विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त की गई तथा उन्हें ग्राम पंचायतों में जनसहभागिता बढाने, स्वच्छ एवं पारदर्शी कार्यप्रणाली अपनाने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया। पंचायत सचिवों एवं सहायक ग्राम विकास अधिकारियों को निर्देशित किया गया। सभी विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों में तेजी लाएं। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के माध्यम से ग्रामों को आत्मनिर्भर, स्वच्छ, समृद्ध एवं विकसित बनाने की दिशा में सभी संबंधित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, ताकि ग्रामीणों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध हों और उनके जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन आए तथा उन ग्रामों को आदर्श ग्राम घोषित किया जा सके। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी, ग्राम प्रधान, पंचायत सचिव एंव सहायक विकास अधिकारी एवं ग्राम विकास अधिकारी उपस्थित रहे।

टाटा AIG कंपनी की ने किया डालिम्स सनबीम स्कूल जखनिया में पौधरोपण

टाटा AIG कंपनी की ओर से डालिम्स सनबीम स्कूल जखनिया में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित

गाज़ीपुर(जखनियां)। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से टाटा AIG कंपनी की ओर से डालिम्स सनबीम स्कूल, जखनिया में पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर टाटा AIG के ब्रांच मैनेजर विकास सिंह, असिस्टेंट मैनेजर राहुल श्रीवास्तव तथा क्लेम डिपार्टमेंट के दीपक खरवार उपस्थित रहे। कार्यक्रम में स्कूल के डायरेक्टर आमिर अली, शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सभी ने मिलकर विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रकार के पौधे लगाए।

कार्यक्रम के दौरान डालिम्स सनबीम स्कूल जखनिया के डायरेक्टर ने कहा कि पौधरोपण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित करने की सामूहिक जिम्मेदारी है। विद्यार्थियों से लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का भी संकल्प दिलाया गया।

विद्यालय प्रशासन ने टाटा AIG कंपनी का इस सराहनीय पहल के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि ऐसे सामाजिक एवं पर्यावरणीय कार्यक्रम बच्चों में प्रकृति के प्रति प्रेम और जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं।

डीएम-एसपी ने किया विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण,प्रथम पाली में 7,392 अभ्यर्थियों में से 841 अभ्यर्थी रहें अनुपस्थित

डीएम-एसपी ने किया विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण,प्रथम पाली में 7,392 अभ्यर्थियों में से 841 अभ्यर्थी रहें अनुपस्थित

गाजीपुर।जनपद में 02, 03 एवं 04 जुलाई, 2026 को आयोजित हो रही उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता यू0पी0टेट-2026 की लिखित परीक्षा को नकल विहीन, शांतिपूर्ण, निर्विघ्न एवं सकुशल
संपन्न कराए जाने के उद्देश्य से प्रथम दिन को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक डा. ईरज राजा द्वारा संयुक्त रूप से जनपद मे बनाए गए  विभिन्न परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था,अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, सीसीटीवी निगरानी, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा तथा परीक्षा संचालन से संबंधित समस्त व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने द्वितीय पाली की परीक्षा के दौरान स्वामी सहजानन्द स्नातकोत्तर महाविद्यालय, पीरनगर, गाजीपुर तथा लुदर्स कॉन्वेंट बालिका इंटर कॉलेज, गाजीपुर का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि परीक्षा की शुचिता एवं गोपनीयता बनाए रखने में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अभ्यर्थियों की सघन जांच के उपरांत ही परीक्षा कक्ष में प्रवेश सुनिश्चित कराया जाए तथा शासन द्वारा निर्धारित सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन किया जाए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा को पूर्णतः नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराना प्रत्येक केंद्र व्यवस्थापक एवं संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी है। यदि किसी भी परीक्षा केंद्र से नकल अथवा अन्य अनियमितता की सूचना प्राप्त होती है तो संबंधित केंद्र व्यवस्थापक के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को परीक्षा के दौरान सतत निगरानी बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की शिकायत पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने परीक्षा केंद्रों पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रखी जाए। परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने दी जाए तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाए, जिससे परीक्षा शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष वातावरण में संपन्न हो सके।
जनपद में यू0पी0टेट-2026 के लिए कुल 18 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा के प्रथम दिवस दोनों पालियों की लिखित परीक्षा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुई। प्रथम पाली में 7,392 अभ्यर्थियों में से 841 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे, जबकि द्वितीय पाली में  7,392 अभ्यर्थियों में से 770 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा को शान्तिपूर्ण कराने के लिए  06 जोनल मजिस्ट्रेट, 18 सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा 18 स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई थी। इसके अतिरिक्त पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं उड़न दस्तों को भी सक्रिय रखा गया, जिन्होंने लगातार परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

डा.मुखर्जी का जीवन राष्ट्र की एकता,अखंडता और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के प्रति समर्पण का अनुपम उदाहरण है:कृष्ण बिहारी राय

डा.मुखर्जी का जीवन राष्ट्र की एकता,अखंडता और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के प्रति समर्पण का अनुपम उदाहरण है:कृष्ण बिहारी राय

डा.श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती संस्मरण पखवाड़ा

गाजीपुर। जनसंघ संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती संस्मरण पखवाड़ा के अंतर्गत भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय की अध्यक्षता में नगर स्थित रायल पैलेस में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता एवं भाजपा के नव नियुक्त प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय ने कहा कि हजारों-लाखों स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान से प्राप्त आज़ादी के बाद गठित देश की पहली सरकार में उद्योग मंत्री के रूप में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का स्पष्ट संकल्प था कि भारत शीघ्र ही अपने प्राचीन वैभव, आत्मनिर्भरता और औद्योगिक समृद्धि को पुनः प्राप्त करे। उन्होंने अपने अल्प मंत्रित्वकाल में देश के औद्योगिक विकास, सार्वजनिक उपक्रमों की स्थापना तथा जनकल्याणकारी परियोजनाओं की मजबूत नींव रखी। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर के विषय में तत्कालीन प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की नीतियों से असहमति के कारण डॉ. मुखर्जी ने मंत्रिमंडल से त्यागपत्र दिया और राष्ट्रवादी विचारधारा को राजनीतिक स्वर देने के उद्देश्य से राष्ट्रीय स्वयंसेवकों के सहयोग से 21 अक्टूबर 1951 को भारतीय जनसंघ की स्थापना की। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी का जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के प्रति समर्पण का अनुपम उदाहरण है।
राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने कहा कि वर्ष 1947 से 1950 तक केंद्रीय उद्योग एवं आपूर्ति मंत्री के रूप में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने आधुनिक भारत के औद्योगिक ढांचे को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। चित्तरंजन लोकोमोटिव वर्क्स, सिंदरी उर्वरक संयंत्र तथा हिंदुस्तान एयरक्राफ्ट जैसे अनेक महत्वपूर्ण औद्योगिक उपक्रमों को गति देने में उनका योगदान ऐतिहासिक रहा। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत का जो संकल्प आज साकार हो रहा है, उसकी वैचारिक आधारशिला डॉ. मुखर्जी जैसे दूरदर्शी राष्ट्रनायक ने ही रखी थी।
जिला प्रभारी डॉ. राकेश त्रिवेदी ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि राष्ट्र की एकात्मता और राष्ट्रीय स्वाभिमान के प्रखर प्रहरी थे। “एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे” का उनका उद्घोष भारत की अखंडता का अमर मंत्र बन गया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित सर्वोपरि की भावना, सांस्कृतिक चेतना तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण के लिए उनका जीवन आज भी प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए प्रेरणास्रोत है।
विषय प्रबोधन जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय, आभार धन्यवाद वरिष्ठ नेता पारसनाथ राय ने तथा संचालन जिला महामंत्री सुमित तिवारी ने किया।
कार्यकर्ता सम्मेलन में पूर्व जिलाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह,भानुप्रताप सिंह, बृजेन्द्र राय, पूर्व विधायक सुनीता सिंह, रामराज बनवासी, रमेश सिंह पप्पू, रामनरेश कुशवाहा,जितेन्द्र नाथ पांडेय, अवधेश राजभर, विष्णु सिंह प्रवीण सिंह, दयाशंकर पांडेय, जिला मीडिया प्रभारी शशिकान्त शर्मा, राजेश राजभर, कार्तिक गुप्ता,शिवशंकर गुप्ता, किरन सिंह, सरोज मिश्रा, संकठा प्रसाद मिश्र,साधना राय, विश्व प्रकाश अकेला, अभिनव सिंह, अविनाश सिंह,शनि चौरसिया और कार्यक्रम संयोजक जिला उपाध्यक्ष राजेश सोनकर के आलावा सभी मंडल अध्यक्ष, प्रभारी, मोर्चा पदाधिकारी सहित वरिष्ठ नेता कार्यकर्ता उपस्थित थे।