Category Archives: Ghazipur

सरकार की योजनाएं देश के विकास व जनता के कल्याण मे सर्वोपरि:विनोद अग्रवाल

सरकार की योजनाएं देश के विकास व जनता के कल्याण मे सर्वोपरि:विनोद अग्रवाल

गाजीपुर।पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान 2026 के अंतर्गत भाजपा गाजीपुर सदर पश्चिमी मंडल का रविवार से आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग के आज दूसरे एवं अंतिम दिन की कार्यशाला 4 सत्रों में संपन्न हुई। प्रशिक्षण वर्ग की सातवीं व अंतिम कार्यशाला को पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष विनोद अग्रवाल ने संबोधित किया और केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा करते हुए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को देश के समृद्धि व जनता के कल्याण मे सर्वोपरि बताया।उन्होंने कहा कि देश को 2047 तक विकसित करने का लक्ष्य लेकर सरकार काम कर रही है।
सत्र की अध्यक्षता जिला मीडिया प्रभारी शशिकान्त शर्मा व संचालन मंडल अध्यक्ष काशी चौहान ने किया।
बुथ प्रबंधन के पांचवें सत्र को संबोधित करते हुए जिला महामंत्री प्रवीण सिंह ने कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रमों का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को संगठन की कार्यप्रणाली और जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि बूथ प्रबंधन में मतदाता सूची का अध्ययन, नए मतदाताओं से संपर्क, तथा प्रत्येक परिवार तक संगठन की पहुंच सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। इसके साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे नियमित रूप से अपने क्षेत्र में जनसंपर्क बनाए रखें और समाज के हर वर्ग के लोगों से संवाद स्थापित करें।उन्होंने “मन की बात” कार्यक्रम का भी उल्लेख करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम देश के नागरिकों को सकारात्मक सोच और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करता है।
सत्र की अध्यक्षता काशी चौहान व संचालन मंडल महामंत्री उदय प्रताप सिंह ने किया।
चतुर्थ सत्र में “संगठन का विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण विषय पर मुख्य वक्ता के रूप में भारतीय जनता युवा मोर्चा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष मयंक जायसवाल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
अपने उद्बोधन में कहा कि संगठन की वास्तविक ताकत उसके समर्पित और सक्रिय कार्यकर्ताओं में निहित होती है। उन्होंने कहा कि यदि संगठन को मजबूत बनाना है तो प्रत्येक कार्यकर्ता को बूथ स्तर तक पहुंचकर संगठन का विस्तार करना होगा। कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे समाज के हर वर्ग तक संपर्क स्थापित कर संगठन की विचारधारा और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करें।
इस सत्र की अध्यक्षता गोपाल राय तथा संचालन सुरेश बिंद ने किया।
इसके अलावा प्रशिक्षण के छठवें सत्र में पूर्व मंडल अध्यक्ष विनीत शर्मा ने सोशल मीडिया और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के विषय में विस्तार से अपने विचार रखे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को आधुनिक तकनीक का उपयोग कर संगठन के विचारों और सरकार की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचाने पर बल दिया। इस सत्र की अध्यक्षता मनोज बिंद तथा संचालन मंडल महामंत्री संजय बिंद ने किया।
प्रशिक्षण वर्ग का समापन राष्ट्र गान से हुआ।
वर्ग प्रमुख मुरली कुशवाहा ने प्रशिक्षण वर्ग के सफल संचालन हेतु वक्ताओं व कार्यकर्ताओं के प्रति आभार धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर भाजपा कोषाध्यक्ष अच्छेलाल गुप्ता, राम जी बलवंत,हजारी लाल वर्मा, सुनीता सिंह,सूर्यशेखर सिंह, सुमन बिंद,विनय प्रकाश, कमलेश गुप्ता, अशोक कुशवाहा उपस्थित रहे।

श्री चित्रगुप्त वंशीय सभा द्वारा होली मिलन समारोह के अवसर पर भव्य कवि सम्मेलन का हुआ आयोजन

ग़ाज़ीपुर।जनपद की अग्रणी सामाजिक संस्था श्री चित्रगुप्त वंशीय सभा, ददरी घाट गाजीपुर द्वारा होली मिलन समारोह के अवसर पर भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। अपने चिर-परिचित अंदाज में नवीनता की मिसाल प्रस्तुत करते हुए आयोजित इस कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय मंचों पर काव्य-पाठ से विशिष्ट पहचान बनाने वाले कवियों ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कवि सम्मेलन में उन्नाव के प्रसिद्ध कवि स्वयं श्रीवास्तव, जबलपुर की कवयित्री मणिका दुबे, लखनऊ के हास्य कवि विकास बौखल, बाराबंकी के प्रमोद पंकज तथा ललितपुर (बुंदेलखंड) के कवि पंकज पंडित ने अपनी शानदार कविताओं से खूब वाहवाही बटोरी। कार्यक्रम का संचालन भी कवि स्वयं श्रीवास्तव ने किया।
कवि सम्मेलन की शुरुआत प्रमोद पंकज ने अपनी पैरोडी और व्यंग्यात्मक कविताओं से की। उन्होंने महंगाई और रसोई गैस सिलेंडर जैसे जनसरोकारों के मुद्दों पर कटाक्ष करते हुए श्रोताओं को खूब हँसाया। इसके बाद कवयित्री मणिका दुबे ने श्रृंगार और संवेदना से परिपूर्ण कविताएँ सुनाईं और कहा कि “श्रृंगार की कविताएँ ऐसी भी हो सकती हैं, जिन्हें पिता-पुत्री और भाई-बहन एक साथ बैठकर सुन सकें।” उन्होंने प्रेम को सौदा नहीं, बल्कि एक पवित्र साधना बताया तथा माता-पिता से बेटियों को आगे बढ़ने का अवसर देने का संदेश दिया।
हास्य कवि विकास बौखल ने अपनी प्रसिद्ध पंक्तियों —
“किसी खंजर से ना किसी तलवार से जोड़ा जाए,
सारी दुनिया को चलो प्यार से जोड़ा जाए।”
— सुनाकर श्रोताओं की खूब तालियाँ बटोरीं।
वहीं पंकज पंडित ने महारानी लक्ष्मीबाई, महाराणा प्रताप और सनातन संस्कृति पर आधारित ओजपूर्ण कविताएँ प्रस्तुत कीं। साथ ही पानी की समस्या पर मार्मिक कविता सुनाकर उन्होंने लोगों का दिल जीत लिया।
कार्यक्रम के अंत में अपने अनोखे अंदाज के लिए मशहूर कवि स्वयं श्रीवास्तव ने अपनी चिर-परिचित शैली में नई और प्रभावशाली कविताएँ सुनाईं। उन्होंने बेरोजगार युवाओं के दर्द को स्वर देते हुए कहा—
“पाँव में बाँध लिए पेट की खातिर घुंघरू,
मन नहीं होता है पर नाचना तो पड़ता है।”
साथ ही उन्होंने युवाओं का उत्साह बढ़ाते हुए पढ़ा—
“मुझको न रोकिए, न यह नजराने दीजिए,
मेरा सफर अलग है, मुझे जाने दीजिए।”
कार्यक्रम के दौरान उस समय श्रोता आश्चर्यचकित रह गए जब मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत के पति डॉ. अवधेश मंच पर पहुँचे और अपने साहित्यिक अंदाज में काव्य-पाठ कर श्रोताओं की खूब सराहना प्राप्त की।
कार्यक्रम का शुभारंभ पूज्य कपाली बाबा व संत गोपाल जी शास्त्री, अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के प्रदेश अध्यक्ष इंद्रसेन श्रीवास्तव तथा बिरनो ब्लॉक प्रमुख राजन सिंह द्वारा माँ सरस्वती एवं भगवान श्री चित्रगुप्त के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
इस अवसर पर जनपद निवासी एवं लखनऊ के डिवाइन हार्ट अस्पताल के संस्थापक, प्रसिद्ध हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. ए.के. श्रीवास्तव को चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए “गाजीपुर गौरव सम्मान” से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्यसभा सदस्य डॉ. संगीता बलवंत तथा विशिष्ट अतिथि विधान परिषद सदस्य आशुतोष सिन्हा की गरिमामयी उपस्थिति के लिए संस्था की ओर से उनका आभार व्यक्त किया गया और उन्हें स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के प्रदेश अध्यक्ष इंद्रसेन श्रीवास्तव को भी संस्था की ओर से स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र भेंट किया गया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से पूर्व विधायक अमिताभ अनिल दुबे, नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष विनोद अग्रवाल, जिला प्रचारक प्रभात कुमार, नगर प्रचारक विक्रम, सिविल बार के पूर्व अध्यक्ष गोपाल जी श्रीवास्तव, अजय पाठक, डीसी रेवेन्यू बंशीधर कुशवाहा, विजय शंकर पांडे, अमर सिंह, गंगेश्वर शरण श्रीवास्तव, ओमप्रकाश श्रीवास्तव, विभोर श्रीवास्तव, अरविंद श्रीवास्तव, रवि श्रीवास्तव, राजेश श्रीवास्तव, अंजनी श्रीवास्तव, अभय श्रीवास्तव तथा वरिष्ठ कांग्रेसी नेता रविकांत राय सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष आनंद शंकर श्रीवास्तव ने की, जबकि अंत में संस्था के मंत्री अजय कुमार श्रीवास्तव ने सभी अतिथियों, कवियों और उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया।

प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भाजपा देश के विकास,सुशासन और गरीब कल्याण के संकल्प को कर रही साकार

भाजपा का इतिहास त्याग, तपस्या और राष्ट्र समर्पण की भावना से भरा हुआ है:भानुप्रताप सिंह

गाजीपुर। भारतीय जनता पार्टी के पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान-2026 के अंतर्गत सदर पश्चिमी मंडल की दो दिवसीय कार्यशाला का उद्घाटन रविवार को ओमप्रकाश राय की अध्यक्षता में बाबा घरभरन दास शिक्षा निकेतन में हुआ।
प्रशिक्षण वर्ग के उद्घाटन सत्र (प्रथम सत्र) के वक्ता पूर्व जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह ने “भाजपा का इतिहास और विकास” विषय पर विस्तार से विचार रखते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी का इतिहास त्याग, तपस्या और राष्ट्र समर्पण की भावना से भरा हुआ है। उन्होंने बताया कि जनसंघ के दौर से लेकर आज तक पार्टी ने अनेक संघर्षों का सामना करते हुए देश की राजनीति में एक मजबूत स्थान बनाया है।
उन्होंने कहा कि पार्टी के महान विचारकों जैसे दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद के सिद्धांत ने संगठन को वैचारिक आधार प्रदान किया। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी देश के विकास, सुशासन और गरीब कल्याण के संकल्प को साकार कर रही है।
द्वितीय सत्र को पूर्व जिलाध्यक्ष बृजेन्द्र राय ने “वैचारिक अधिष्ठान” विषय पर संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी की राजनीति राष्ट्रवाद, सांस्कृतिक मूल्यों और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुँचाने की सोच पर आधारित है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएँ।
इस सत्र की अध्यक्षता जिला कोषाध्यक्ष अच्छेलाल गुप्ता ने तथा संचालन जिला मीडिया प्रभारी शशिकान्त शर्मा ने किया।
तीसरे सत्र को क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सरोज कुशवाहा ने संबोधित करते हुए भाजपा की कार्यपद्धति पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता, अनुशासन और समर्पण से ही संभव है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने के लिए निरंतर जनसंपर्क और सेवा कार्यों में लगे रहना भाजपा का परम लक्ष्य है।
कार्यशाला के उद्घाटन से पूर्व उपस्थित कार्यकर्ताओं का कल्पना कुशवाहा, रोली शर्मा और प्रतिभा शर्मा द्वारा रोली-चंदन लगाकर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ भारत माता की छवि तथा महान चिंतकों दीनदयाल उपाध्याय और श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर तथा दीप प्रज्वलित कर वंदे मातरम् गान के साथ किया गया।
उद्घाटन से पूर्व कार्यशाला में अपेक्षित कार्यकर्ताओं का ऑनलाइन पंजीकरण भी कराया गया।
अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत अभिनन्दन किया गया।
यह वर्ग प्रशिक्षण रात्रि प्रवास के साथ दो दिवस और विभिन्न विषयों के सात सत्रों में पूर्ण होगा।
इस अवसर पर जिला महामंत्री प्रवीण सिंह, दयाशंकर पांडेय, कोषाध्यक्ष अच्छेलाल गुप्ता, अवधेश राजभर, गोपाल राय, काशी चौहान, मुरली कुशवाहा,उदय प्रताप सिंह, संजय बिंद,अरविन्द सिंह, हजारी वर्मा, रजनीश तिवारी,सूर्यशेखर सिंह सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

राज्य मंत्री ने अधिकारियों संग बैठक कर सरकार की विभिन्न लाभपरक योजनाओं की समीक्षा

गाजीपुर।विजय लक्ष्मी गौतम राज्य मंत्री ग्राम्य विकास विभाग एवं समग्र ग्राम विकास, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग उ0प्र0 सरकार ने लोक निर्माण विभाग के अतिथि गृह में अधिकारियों संग बैठक कर सरकार की विभिन्न लाभपरक योजनाओं की समीक्षा की। बैठक के दौरान राज्य मंत्री ने क्षेत्रीय ग्रामीण विकास संस्थान के प्रधानाचार्य को बिल्डिंग जर्जर की शिकायत पर आसंतोष व्यक्त करते हुए उन्हें तत्काल ठीक करने का निर्देश दिया। उन्होंने ग्राम विकास की समीक्षा में प्रधानमंत्री आवास योजना,  मुख्यमंत्री आवास योजना, मनरेगा के तहत समूह की महिलाओं को रोजगार देने एवं जी राम जी के योजना अंतर्गत रोजगार दिये जाए, ठेकेदार से कार्य न लिया  जाए, इस पर विशेष ध्यान दिया जाए, अन्यथा की स्थिति में किसी प्रकार की शिकायत  आने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
 उन्होने समस्त खण्ड विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि विकास खण्डो में जन चौपाल के माध्यम से समाज के निचले पैदान पर स्थिति सभी व्यक्तियों को सरकार की लाभपरक योजनाओं का लाभ दिया जाए। कोई भी पात्र सरकार की योजनाओं से वंचित न रहे। उन्होने निर्देश दिया कि योजनाओं का लाभ देने में किसी भी प्रकार का भेद भाव न किया जाए। उन्होनेे गॉव में बने अमृत सरोवरो पर फलदार वृक्ष लगवाने का निर्देश दिया ताकि आने वाले पीढियों को इनका लाभ मिले। गॉव में जल जीवन मिशन के तहत खोदी गयी सड़कों को सही कराने का निर्देश दिया। उन्होेने कहा कि स्वयं सहायता समूह को स्वालम्बी बनाए जाए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकरी संतोष कुमार वैश्य, जिला विकास अधिकारी सुभाष चन्द सरोज, डी0सी0 मनरेगा, समस्त खण्ड विकास अधिकारी,संबंधित अधिकारीगंण एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

महिला दौड़ प्रतियोगिता का राज्यसभा सांसद डा.संगीता बलवंत ने किया शुभारंभ

गाजीपुर। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अंतर्गत युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के अधीन मेरा युवा भारत केंद्र, साईं, खेल विभाग गाजीपुर द्वारा आयोजित महिला दौड़ प्रतियोगिता नेहरू स्टेडियम गोरा बाजार गाज़ीपुर के खेल मैदान में मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद डा. संगीता बलवंत द्वारा दीप प्रज्वलन कर खेल प्रतियोगिता का 100 मीटर अंडर 13 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया गया ।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद ने कहा कि आज महिलाएं देश के हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं यहां भी दौड़ प्रतियोगिता में अपना जलवा लहुरी काशी की धरती पर दिखा रही हैं ।यूं तो सूरज रोज निकलता है रोज सवेरा होता है मेरे चेहरे पर लालीमां तब होती है जब मेरे चेहरे पर लालिमा खुद आती है ।इस शेर के माध्यम से खेल प्रेमियों को ललकारा ,आप खेल को खेल भावना से भारत माता के लिए अपना सब कुछ न्योछावर कीजिएगा ।कार्यक्रम में सर्व देव सिंह यादव( पूर्व), लालसा भारद्वाज जिला उपाध्यक्ष (मुख्य बॉडी ),बृजकिशोर यादव अध्यक्ष व्यापार मंडल, सुभाष चंद्र प्रसाद पूर्व लेखाकार, सावित्री कुशवाहा कस्तूरबा विद्यालय,  सुदामा प्रसाद( पूर्व), नवीन कुमार सिंह लेखापाल गाजीपुर का सहयोग रहा ।मुख्य अतिथि द्वारा अंडर 13 वर्ष के धावक 100 मीटर में क्रमशः दुर्गावती कुमारी प्रथम, सृष्टि यादव द्वितीय, सपना रावत तृतीय, 200 मीटर में आंचल सिंह, सृष्टि यादव, तनु कुमारी 400 मीटर में दुर्गावती कुमारी, वंशिका यादव, जानवी राय। अंडर 18 में 100 मीटर में सिमरन ,साक्षी यादव, आस्था कुमारी ,200 मीटर में काजल पाल,साक्षी यादव , पायल कुमारी 400 मीटर में प्रिया यादव, अनुष्का यादव, खुशी यादव, ओपन 100 मीटर में खुशबू  बिंद,रागिनी कुशवाहा ,आकांक्षा गुप्ता 200 मीटर में आंचल कुमारी ,लक्ष्मी, प्रिया पाल एवं 400 मीटर में खुशबू बिंद,अंजलि खुशबू वर्मा आदि को प्रमाण पत्र एवं मेंडल से सम्मानित किया गया ।कार्यक्रम का संचालन अंगद सिंह यादव राज्य प्रशिक्षक, स्वागत भाषण राज्य निदेशक कपिल देव राम शास्त्री, धन्यवाद सुभाष चंद्र प्रसाद पूर्व लेखाकार और सबके प्रति आभार नवीन कुमार सिंह लेखाकार ने किया ।कार्यक्रम को सफल बनाने में नेहरू स्टेडियम के कोच विनोद जयसवाल, मयंक ,नागेंद्र सिंह ,संगीता यादव, जुगनू जी, अभिमन्यु ,सुमन बिंद ,राजीव आदि का सहयोग सफल रहा ।

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं और मेधावी छात्राओं को किया गया सम्मानित

गाजीपुर। नारी शक्ति की बात योगी जी के साथ अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं से लाभान्वित वाराणसी मंडल के जनपद गाजीपुर की महिलाओं का मुख्य्मंत्री योगी आदित्य नाथ के साथ वर्चुअल माध्यम से संवाद कार्यक्रम आडिटोरियम सभागार निकट विकास भवन में सम्पन्न हुआ। इस दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों/योजनाओं मे उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओ,जनपद मे सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली मेधावी छात्राओ को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करने के साथ नव चयनित मुख्य सेविका को नियुक्ति पत्र दिया गया।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर जुपिटर आडिटोरियम इन्दिरा गांधी प्रतिष्ठान लखनऊ से मुख्यमंत्री ने जनपद की लाभार्थी महिला प्रमिला देवी से वर्चुअल संवाद कर सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओ की जानकारी ली। वर्चुवल संवाद के दौरान ग़ाज़ीपुर की ग्राम पंचायत दुर्खुशी ,विकास खंड मरदह की रहने वाली प्रमिला के पति के देहान्त के बाद दुनिया उजाड़ गई थी, चारों और अँधेरा छा  गया था। ऐसे में योगी सरकार की आर्थिक योजनाओं का सहारा मिला तब उनकी जिंदगी से धीरे-धीरे अँधेरा छटने लगा है। प्रमिला योगी सरकार के एक नहीं कई योजनाओं से लाभान्वित हो रही है। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित  कार्यक्रम में ग़ाज़ीपुर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुडी खुद प्रमिला देवी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बताया कि उनको  निराश्रित महिला पेंशन,कन्या सुमंगला योजना बेटी को, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना दोनों बच्चों के शिक्षा और भरण-पोषण  हेतु,  उज्ज्वला गैस कनेक्शन,पात्र गृहस्थी के तहत राशन मिलता है ,और वे कम्पोज़िट विद्यालय में रसोईया का काम भी कर रही है। मुख्यमंत्री ने प्रमिला देवी के हौसले की तारीफ की और कहा कि आपको सभी योजनाओं के बारे में अच्छी जानकारी है, उन्होंने आयुष्मान योजना से जुड़े होने की बात पूछी, इस योजना से जुड़े नहीं होने पर उनको जुड़ने की बात मुख्यमंत्री ने कहा। मुख्यमंत्री ने रसोइयो के लिए 05 लाख रूपये तक के ईलाज हेतु आयुष्मान कार्ड योजना के बारे में भी बताया और कहा 1 अप्रैल से इसका लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने प्रमिला देवी की तारीफ करते हुए कहा की आपने एक उदाहरण प्रस्तुत किया है, महिला चाहे तो अपने पैरो पर अपने दम पर खड़ी हो सकती है, ये अपने करके दिखाया है। अपने घर के साथ ही आप रसोइयां का काम करके बच्चो को समय से खिला रही है, और शासन की योजनाओं की जानकारी रख रही है। आपको और आपके परिवार को जो आपके कार्याे का समर्थन करते है ,सबको बधाई  दिया।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महिलाओं को नारी शक्ति का प्रतीक बताया और उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और उनके लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। महिलाओं को केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया गया, जिससे उनके जीवन में सुधार हो सके और अपना व्यवसाय शुरू कर सकें। कार्यक्रम के दौरान नारी शक्ति के सम्मान मे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महिलाओं को नारी शक्ति का प्रतीक बताया और उनके योगदान की सराहना की। कार्यक्रम में महिलाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया और अपने अनुभव साझा किए।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने उपस्थित महिलाओं अन्तरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामना देते हुए कहा कि अगर महिलाए सशक्त होगी तो हमारा देश भी सशक्त बनेगा, प्रधानमंत्री एंव मुख्य मंत्री के नेतृत्व मे जो योजनाए चल रही है उससे आच्छादित होकर उन तमाम योजनाओं से लाभ प्राप्त करके आप समाज को उत्कृष्ट स्थान पर ला सकती है। डा0भीम राव अम्बेडकर, महात्मा गांधी, स्वामी विवेकानन्द जी ने कहा था, किसी राज्य की उन्नति तभी सम्भव है जब वहां की महिलाए आत्म निर्भर होगी। तभी वह राज्य/देश उन्नति के मार्ग पर अग्रसर होगा।  
कार्यक्रम मे  विभिन्न क्षेत्रों/योजनाओं मे उत्कृष्ट कार्य करने वाली 50 महिलाओ,जनपद मे सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली मेधावी छात्राओ को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करने के साथ नव चयनित मुख्य सेविका साक्षी सिंह को नियुक्ति पत्र दिया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी अविनाश कुमार, मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, जिला विकास अधिकारी सुभाष चंद्र सरोज, जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय सोनी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी अखिलेश जायसवाल, सूचना अधिकारी राकेश कुमार, के अतिरिक्त लगभग 450 लाभार्थी महिलाएं उपस्थित थी।

8 मार्च को महिलाओं की दौड प्रतियोगिता का होगा आयोजन

गाजीपुर। कपिल देव राम राज्य निदेशक/ जिला युवा अधिकारी ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि मेरा युवा भारत केन्द्र गाजीपुर तथा साई युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में इस वर्ष अन्तराष्ट्रीय महिला दिवस को भव्य बनाने की दिशा में 08 मार्च 2026 को महिलाओं की दौड प्रतियोगिता का आयोजन गोराबाजार स्थित नेहरू स्टेडियम में किया जा रहा है। प्रतियोगिता में भाग लेने हेतु जनपद स्तर पर शासन द्वारा 1000 महिलाओं के भाग लिए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सभी प्रतिभागियों को डल् ठींतंज पोर्टल पर पंजीकरण किया जाना अनिवार्य है। कार्यक्रम के अन्तर्गत तीन आयु वर्ग अन्डर 13, 13 से 18 वर्ष एवं 18 वर्ष से अधिक की तीन प्रतियागिताये 100 मीटर, 200 मीटर एवं 400 मीटर दौड कुल 09 दौड प्रतियोगिताएं एवं मनोरंजक गतिविधि का आयोजन किया जाना है। विजेता प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम को सफन बनाने के लिए जिला प्रशासन सहित जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी, उपायुक्त राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, जिला युवा कल्याण अधिकारी, जिला प्रोवेशन अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, नोडल अधिकारी, रा०म० पीजी कालेज, जिला क्रीडा अधिकारी, कमान्डेट एन०सी०सी० गाजीपुर, कमिश्नर भारत स्काउट गाइड का सहयोग लिया जा रहा है।

मंडलायुक्त वाराणसी एस.राजलिंगम ने जनपद भ्रमण के दौरान विभिन्न पटलों का किया औचक निरीक्षण

गाजीपुर। मंडलायुक्त वाराणसी मण्डल वाराणसी  एस. राजलिंगम ने जनपद भ्रमण के दौरान कलेक्ट्रेट स्थित विभिन्न पटलों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होने अपर उप जिलाधिकारी न्यायालय कक्ष, जिला सचिवालय, अभिलेख कक्ष (माल), ई-गोवेर्नेनस सेल, का स्थलीय निरीक्षण कर जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान ई-गोवर्नेन्स सेल में आई0जी0आर0एस0/मुख्यमंत्री हेल्प लाईन की समीक्षा के दौरान लंबित प्रकरणो का ससमय निस्तारण करने का निर्देश दिया।कलेक्ट्रेट स्थित सभी न्यायालय कक्षो मे पुराने पेडिंग केसो को सूचीबद्ध करते हुए जल्द से जल्द निस्तारण करने का निर्देश दिया। तत्पश्चात इस दौरान उन्होने विभिन्न पत्रावलियों की समीक्षा की।पाई गई कमियों को दुरुस्त करने का निर्देश दिया। उन्होने निर्देश दिया कि कार्यालय के कार्यों में इस प्रकार की उदासीनता व लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कलेक्ट्रेट के प्रशासनिक अधिकारी को सभी पटलों के रजिस्टर अद्यतन करने के निर्देश देते हुए कहा कि वे सभी आवश्यक रजिस्टरों, अभिलेखों एवं दस्तावेजों को अद्यतन रखें। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी एवं जवाबदेह प्रशासन देना प्राथमिकता है, और यदि कोई कर्मचारी अपने कर्तव्यों के प्रति लापरवाह या उदासीन पाया गया तो उसके विरुद्ध सख्त अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी। भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी अविनाश कुमार, अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 दिनेश कुमार, मुख्य राजस्व अधिकारी आयुष चौधरी, अपर उप जिलाधिकारी विनोद जोसी, एवं अन्य संबंधित अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।

बंदियों के बीच अबीर-गुलाल, गुजिया और मिठाइयां वितरित कर होली की खुशियां बांटीं

गाजीपुर जिला कारागार में उमड़ा होली का उत्साह: बंदियों के बीच मिठाई वितरण के साथ परिजनों को सौंपा गया पारिश्रमिक चेक

गाजीपुर। उत्तर प्रदेशीय अपराध निरोधक समिति के जिला सचिव अभिषेक कुमार सिंह के नेतृत्व में समिति के पदाधिकारियों ने जिला कारागार में निरुद्ध बंदियों के बीच अबीर-गुलाल, गुजिया और मिठाइयां वितरित कर होली की खुशियां बांटीं। प्रादेशिक कमेटी के चेयरमैन कमलेश श्रीवास्तव के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में कारागार में मौजूद बच्चों के लिए भी विशेष रूप से पिचकारियों की व्यवस्था की गई, ताकि वे भी त्योहार के खुशियों में शामिल रहें।

मानवीय संवेदनशीलता की मिसाल पेश करते हुए, जेल प्रशासन और समिति के सहयोग से तीन बंदियों द्वारा किए गए श्रम के एवज में उनके परिजनों को पारिश्रमिक का चेक प्रदान किया गया। इसमें क्रमशः 9,772 रुपये, 3,450 रुपये और 6,284 रुपये की धनराशि के चेक सौंपे गए, ताकि उनके परिवारों को आर्थिक संबल मिल सके।

वर्तमान में जिला कारागार में कुल 525 बंदी निरुद्ध हैं। इनमें विचाराधीन बंदी 442, सिद्ध दोष (सजायाफ्ता) कैदी 82 हैं। जबकि 01 बंदी पॉक्सो एक्ट के तहत मृत्युदंड की सजा प्राप्त है।

जिला सचिव अभिषेक कुमार सिंह ने इस अवसर पर कहा कि, “उ.प्र. अपराध निरोधक समिति जेल मैनुअल के तहत बंदियों के स्वास्थ्य, शिक्षा और सुधार हेतु निरंतर कार्य कर रही है। हमारा मानना है कि पाप से घृणा करनी चाहिए, पापी से नहीं।”

जेल अधीक्षक जगदम्बा प्रसाद दूबे ने समिति के इस पुनीत कार्य की सराहना की और सभी को होली की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान जेलर शेषनाथ यादव और जेल डॉक्टर शिशिर शैलेश ने भी बंदियों के सुधार हेतु ऐसे आयोजनों को महत्वपूर्ण बताया।

इस अवसर पर मुख्य रूप से निम्नलिखित जेल के गणमान्य उपस्थित रहे:
जेल प्रशासन: जेलर शेषनाथ यादव, डिप्टी जेलर राजेश कुमार, रवींद्र सिंह, सुशीला श्रीवास्तव, जेल डॉक्टर शिशिर शैलेश, संजय कुमार, जेल शिक्षक धर्मेंद्र कुमार एवं अभय मौर्या।
इस मौक़े पर समिति पदाधिकारी जिला सचिव अभिषेक कुमार सिंह, सुनील गुप्ता, सुजीत कुमार सिंह, सुनील सिंह, शेरशाह, कृष्ण कुमार, प्रभाकर सिंह, इंद्र बहादुर सिंह, वसीम रज़ा मौजूद रहे।

9 मार्च से 23 मार्च तक चलेगा कुष्ठ रोगी खोजी अभियान

9 मार्च से 23 मार्च तक चलेगा कुष्ठ रोगी खोजी अभियान

गाजीपुर।जिला अधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला स्वास्थ्य समिति शासी निकाय की बैठक हुई। इस बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत संचालित योजनाओं को लेकर जहां चर्चा किया गया। वहीं इस बैठक में राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम के तहत आगामी 9 मार्च से 23 मार्च तक (ईद की छुट्टी को छोड़कर) कुष्ठ रोगी खोजी अभियान संचालित किए जाने को लेकर भी चर्चा किया गया। जिसमें इस अभियान को लेकर माइक्रो प्लान बनाकर कुष्ठ रोगियों के खोजने का कार्य किए जाने के निर्देश दिए गए।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ सुनील कुमार पांडे ने बताया कि भारत सरकार द्वारा कुष्ठ रोग के सक्रिय मामलों का जल्द पता लगाने, समय पर इलाज (MDT) शुरू करने और संचरण की श्रृंखला को तोड़ने के लिए चलाया जाने वाला एक प्रमुख अभियान है। आशा कार्यकर्ताओं (ASHA) के माध्यम से घर-घर जाकर, पल्स पोलियो की तर्ज पर संदिग्ध मरीजों की जांच की जाती है, जिसका उद्देश्य 2027 तक कुष्ठ मुक्त भारत का लक्ष्य प्राप्त करना है।

इस अभियान में मुख्य रूप से आशा कार्यकर्ता और ग्रामीण/शहरी स्वयंसेवक घर-घर जाकर संदिग्ध मरीजों की पहचान करते हैं। यदि कोई व्यक्ति कुष्ठ रोग से संक्रमित पाया जाता है, तो उसे बहु औषधि चिकित्सा (MDT) द्वारा तुरंत और मुफ्त इलाज प्रदान किया जाता है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य विकलांगता को रोकना, समाज में जागरूकता फैलाना और 2027 तक ‘शून्य कुष्ठ रोग प्रसार’ सुनिश्चित करना है।

इस अभियान में बच्चों की स्क्रीनिंग के लिए इसे राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) के साथ और 30 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के लिए आयुष्मान भारत के तहत व्यापक प्राथमिक स्वास्थ्य देखभाल के साथ एकीकृत किया गया है। साथ ही जागरूकता और कलंक को दूर करने हेतु यह अभियान चलाया जाता है। कुष्ठ रोग के बारे में फैली भ्रांतियों को दूर करने और समुदाय में इसके प्रति जागरूकता बढ़ाने में अहम भूमिका निभाता है।

विकलांगता निवारण एवं चिकित्सा पुनर्वास कार्यक्रम (DPMR) के अंतर्गत, मरीजों को स्व-देखभाल किट, सहायक उपकरण और पुनर्निर्माण शल्य चिकित्सा (RCS) की सुविधा प्रदान की जाती है। पुनर्निर्माण शल्य चिकित्सा कराने वाले मरीजों को ₹12,000 का भत्ता भी मिलता है।

उक्त बैठक में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी एनएचएम डॉ मनोज कुमार सिंह, डॉ जय नाथ सिंह ,जिला कुष्ठ अधिकारी डॉ रामकुमार एवं जनपद के समस्त अधीक्षक एवं प्रभारी चिकित्साअधिकारी समस्त बीपीएम बीसीपीएम एवं स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।