डीएम ने किया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवकली का औचक निरीक्षण
गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने ब्लाक देवकली में कार्यशाला के उपरान्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवकली का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चिकित्सक/स्टाफ रजिस्टर, ओपीडी, इमरजेंसी कक्ष, प्रसव कक्ष, दवा वितरण केंद्र, पैथोलॉजी तथा वार्डों का निरीक्षण। निरीक्षण के उपरान्त उपस्थित चिकित्सक को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देशित किया कि मरीजों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता तथा उपकरणों की कार्यशीलता की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता के अनुरूप प्रत्येक मरीज को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जाएगी। निरीक्षण के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवकली तथा अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद की उपस्थिति में विकास खण्ड सैदपुर एवं देवकली में स्वयं सहायता समूह सदस्यों के आजीविका संवर्धन, स्वरोजगार एवं आर्थिक सशक्तिकरण के उद्देश्य से एक व्यापक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान करते हुए समूह सदस्यों को इन योजनाओं से अधिकाधिक लाभ लेने हेतु प्रेरित किया गया। कार्यशाला में ग्रामीण आजीविका मिशन, बैंकिंग, कृषि, पशुपालन, उद्यान, मत्स्य, उद्योग, एवं अन्य विभागों के अधिकारियों द्वारा विभागीय योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। अधिकारियों ने समूह की महिलाओं को स्वरोजगार, डेयरी, बकरी पालन, मशरूम उत्पादन, सिलाई-कढ़ाई, खाद्य प्रसंस्करण, लघु उद्योग एवं अन्य आयवर्धक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। साथ ही विभिन्न ऋण योजनाओं, मुद्रा योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, बैंक लिंकेज, सामुदायिक निवेश निधि (ब्प्थ्) एवं रिवॉल्विंग फंड आदि के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि स्वयं सहायता समूह ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं तथा महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप समूह सदस्यों को सभी योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी द्वारा उपस्थित समस्त बैंकर्स को निर्देशित किया गया कि स्वयं सहायता समूहों एवं समूह सदस्यों से संबंधित ऋण प्रकरणों की स्वीकृति में किसी प्रकार का अनावश्यक विलम्ब न किया जाए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि समूह सदस्यों के ऋण प्रकरणों में विलम्ब अक्षम्य माना जाएगा तथा बैंक स्तर पर लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। कार्यक्रम के अन्त में जिलाधिकारी ने विकास खण्ड सैदपुर में पौधरोपण किया। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि समूह आधारित आजीविका गतिविधियों को बढ़ावा देकर ग्रामीण महिलाओं की आय में निरंतर वृद्धि की जा सकती है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभागीय योजनाओं का लाभ पात्र समूहों तक प्राथमिकता के आधार पर पहुंचाया जाए तथा समूहों को प्रशिक्षण, विपणन एवं वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने हेतु समन्वित प्रयास किए जाएं साथ ही उपस्थित समूह सखियों एवं अन्य कैडरों को निर्देशित किया कि उक्त कार्यशाला में जो जानकारी प्राप्त की हैं, वे अपने-अपने ग्राम पंचायत में समूह सदस्यों को इन योजनाओं के संबंध में जागरूक करेंगी व लाभान्वित कराएंगी । उक्त के अतिरिक्त कार्यशाला में समूह सदस्यों द्वारा अपनी समस्याएं बताई गयी, जिनके त्वरित निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। कार्यशाला में उपजिलाधिकारी सैदपुर, तहसीलदार, खण्ड विकास अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं, उपायुक्त स्वतः रोजगार, उप कृषि निदेशक, अग्रणी जिला प्रबन्धक, स्थानीय बैंकर्स एवं अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में समूह सदस्यों द्वारा शासन की योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भर बनने का संकल्प लिया गया।
गाजीपुर। भारतीय मजदूर संघ की ओर से शहर स्थित एक होटल में जिला अधिवेशन के कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस मौके पर मुख्य अतिथि प्रदेश अध्यक्ष विशेश्वर राय ने अपने संबोधन में कहा कि कर्मचारी हित में हमें एक होकर कार्य करना होगा, और मैं सदैव कर्मचारी हित के लिए अपने संगठन भारतीय मजदूर संघ के माध्यम से विरोध व धरना प्रदर्शन कर कर्मचारी हित के निस्तारण का कार्य कराता रहूँगा। क्षेत्रिय सचिव राकेश पांडेय ने कहा कि हमें एक होकर सरकार के खिलाफ लड़ना होगा जब हम एक होंगे तभी सरकार हमारी बात सुनेगी। इस दौरान नई जिला कार्यकारिणी का गठन सर्वसम्मति से सम्पन्न हुआ। जिसमे अध्यक्ष वाल्मीकि शर्मा, जिला मंत्री दीपक राय, संरक्षक यूपी राय, चंद्रमोहन उपाध्याय, कोषाध्यक्ष पुष्पेंद्र राय, कार्यवाहक अध्यक्ष मोइम खान, उपाध्यक्ष दीपक मिश्रा, जयवीर, नंदलाल यादव, विजय कृष्ण, प्रमिला, संयुक्त मंत्री उमेश यादव, अजीत पाल, विपिन रावत एवं प्रचार मंत्री छाया राय व कोषाध्यक्ष पी. के. राय बने । कार्यक्रम में कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं पर विचार करते हुए भविष्य की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया।
जिला उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल मिला पीड़ित परिजनों से
गाजीपुर।जिला उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल (पंजी) की जिला कमेटी के अध्यक्ष गुड्डू केसरी के नेतृत्व में व्यापारियों का एक प्रतिनिधि मंडल बिंदु होटल के मालिक आलोक राय से उनके पुत्र विनीत राय के निर्मम हत्या के उपरान्त दुःख प्रगट करने आज उनके निवास अष्टभुजी कॉलोनी पहुंचा। जिलाध्यक्ष गुड्डू केशरी ने उनको भरोसा देते हुए कहा की गाजीपुर का सभी ट्रेड के लोग आपके साथ है और जरूरत पड़ने पर पीछे हटने वाले नहीं हैं जिला महामंत्री प्रिंस अग्रवाल ने कहा की प्रशासन यदि शीघ्र कोई गिरफ्तारी नहीं करता है तो व्यापार मंडल सभी संगठन को साथ लेकर के जिला प्रशासन के खिलाफ आर-पार की लड़ाई लड़ेगा। ट्रांसपोर्ट यूनियन के जिला अध्यक्ष रमेश यादव ने कहा कि पुलिस प्रशासन यदि समय रहते हुए इन गिरोहों पर अंकुश लगाता तो आज यह हादसा नहीं होता।फोटोग्राफर एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष सुधीर केसरी ने कहा कि प्रशासन पूरी तरह से निरंकुश हो गया है और यहां के कुछ अधिकारी भ्रष्ट हो गए हैं जिन पर लगाम लगाया जाना बहुत जरूरी है उनकी जांच होकर उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए, राइस मिल एसोसिएशन के श्रवण कुमार सिंह सिप्पू ने कहा कि भाजपा सरकार में इस तरह की घटना होना निन्दनीय हैं और सरकार की जीरो टोलरेंस पर तमाचा है इसकी मॉनिटरिंग स्वयं योगी जी को करते हुए कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए, सब्जी मंडी समिति के अध्यक्ष अतीक अहमद राइनी ने कहा की ऐसे कु कृत्य करने वाले अपराधियों की समाज में कोई जगह नहीं है। मिलने संवेदना प्रगट करने वालों में नगर महामंत्री आकाशदीप, राजेश गुप्ता, विक्की गाजी,जिला उपाध्यक्ष कमरू जमा अंसारी, मैनुद्दीन भाई, अरुण कुमार जायसवाल आदि रहे।
12 दिन बाद बदला ट्रांसफार्मर, महेशपुर द्वितीय के ग्रामीणों को मिली राहत
गाज़ीपुर। जनपद के भांवरकोल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्रामसभा महेशपुर द्वितीय में पिछले 12 दिनों से जला पड़ा ट्रांसफार्मर आखिरकार बदल दिया गया। ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण गांव की विद्युत व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित थी, जिससे भीषण गर्मी के बीच ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
ग्रामीण लगातार समस्या के समाधान की मांग कर रहे थे, लेकिन कई दिनों तक स्थिति जस की तस बनी रही। इस बीच गांव के गुलाब यादव (शिक्षामित्र), मिथिलेश यादव, हरिशंकर पांडेय, रितेश मास्टर, मुनीब यादव, विकास यादव समेत अन्य ग्रामीणों ने लखनऊ में मौजूद समाजसेवी रवि प्रकाश पांडेय को फोन कर पूरे मामले की जानकारी दी।
सूचना मिलने के बाद रवि प्रकाश पांडेय ने बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा से संपर्क कर समस्या से अवगत कराया। विभागीय अधिकारियों की ओर से बताया गया कि बकरीद के मद्देनज़र कर्मचारी विभिन्न व्यवस्थाओं में व्यस्त हैं, हालांकि स्थानीय सहयोग मिलने पर कार्य शीघ्र कराया जा सकता है।
इसके बाद रवि प्रकाश पांडेय स्वयं लखनऊ से गांव पहुंचे और लगातार दो दिनों तक विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ समन्वय बनाकर ट्रांसफार्मर बदलवाने के प्रयास में जुटे रहे। अंततः गांव में नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया गया, जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
मीडिया से बातचीत में रवि प्रकाश पांडेय ने कहा कि उनका व्यवसाय लखनऊ में संचालित होता है, लेकिन गांव और ग्रामवासियों से उनका जुड़ाव हमेशा बना रहता है। उन्होंने कहा कि गांव की समस्याओं को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता और उनका प्रयास रहता है कि जरूरत पड़ने पर लोगों के साथ खड़ा रहा जाए।
उन्होंने बिजली विभाग के जेई चंदन यादव एवं विभागीय अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि बलिया सांसद सनातन पांडेय द्वारा गांव में 63 केवीए का नया ट्रांसफार्मर लगवाने की पहल की गई है। उम्मीद जताई जा रही है कि 20 जून तक नया ट्रांसफार्मर स्थापित होने के बाद लो-वोल्टेज की समस्या से भी स्थायी राहत मिल सकेगी।
ट्रांसफार्मर बदलने के बाद गांव में बिजली आपूर्ति बहाल होने से ग्रामीणों में संतोष का माहौल है।
कड़ी सुरक्षा और पुख्ता इंतजामों के बीच संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा सकुशल एवं नकलविहीन सम्पन्न
गाजीपुर। उत्तर प्रदेश राज्य स्तरीय संयुक्त बी.एड. प्रवेश परीक्षा 2026 का आयोजन रविवार को जनपद में कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच पूरी तरह सकुशल, पारदर्शी और नकलविहीन सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गया। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, झांसी द्वारा आयोजित इस प्रतिष्ठित परीक्षा को स्थानीय स्तर पर सुचारू रूप से संचालित कराने की जिम्मेदारी निभा रहे गाजीपुर जनपद के नोडल समन्वयक एवं पी० जी० कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर (डॉ०) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने बताया कि जिले में इस प्रवेश परीक्षा के लिए कुल 35 केंद्र बनाए गए थे, जहाँ कुल 15,340 परीक्षार्थी पंजीकृत थे।
यह परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई। सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक चली प्रथम पाली की परीक्षा में कुल 14,014 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि 1,326 अभ्यर्थी अनुपस्थित पाए गए। इसी प्रकार दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित द्वितीय पाली की परीक्षा में कुल 14,023 परीक्षार्थी उपस्थित रहे और 1,317 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा की शुचिता और गरिमा बनाए रखने के लिए प्रशासन द्वारा प्रत्येक केंद्र पर दो ऑब्जर्वर और एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए थे, जबकि पूरी परीक्षा पर पैनी नजर रखने के लिए 18 केंद्र प्रतिनिधियों की भी नियुक्ति की गई थी। सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम थे और सघन जांच के बाद ही अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया गया। वर्तमान में जारी भीषण गर्मी को देखते हुए सभी केंद्रों पर प्राथमिक चिकित्सा और एम्बुलेंस जैसी बुनियादी सुविधाओं के भी पुख्ता इंतजाम रहे।
परीक्षा के दौरान व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए नोडल समन्वयक प्रोफेसर राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय और उप नोडल अधिकारी प्रोफेसर विजय कुमार राय के साथ बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, झांसी से आए विश्वविद्यालय प्रतिनिधि डॉ० दिलीप कुमार, डॉ० राजेन्द्र कुमार एवं डॉ० विनोद कुमार बौद्ध ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का सघन निरीक्षण किया। परीक्षा के सफल और निर्विघ्न समापन पर नोडल समन्वयक प्रोफेसर राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने गाजीपुर जिला व पुलिस प्रशासन, सभी केंद्र प्रतिनिधियों, स्टेटिक मजिस्ट्रेटों, पर्यवेक्षकों, केंद्र व्यवस्थापकों और परीक्षा ड्यूटी में लगे समस्त अधिकारीगण एवं कर्मचारियों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।
गाजीपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम “मन की बात” के 134 वे संस्करण के प्रसारण को भाजपा पदाधिकारीयों कार्यकर्ताओं तथा आम जनता ने उत्साह पूर्वक बूथ स्तर पर सुना। भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने मुहम्मदाबाद विधानसभा के गौसपुर के बूथ संख्या 66 पर पार्टी कार्यकर्ताओं व बूथ पदाधिकारियों संग सुनते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्तमान भारतीय राजनीति के देव पुरूष है जिनके नेतृत्व मे देश की जनता को पूरा भरोसा और विश्वास है। उन्होंने कहा कि देश की जनता का उनसे हृदयस्पर्शी गहरा लगाव का प्रभाव “मन की बात” कार्यक्रम में दिखाई देता है।इस अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों कार्यकर्ताओं ने विकसित भारत 2047के संकल्प को साकार करने के लिए पूरी निष्ठा व समर्पण के साथ काम करने का संकल्प लिया। क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सरोज कुशवाहा ने गाजीपुर सदर विधानसभा के नगर मंडल में कपूरपुर बूथ पर मंडल अध्यक्ष प्रीति गुप्ता के साथ मन की बात कार्यक्रम को सुना और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ताम्र पट्टीकाओं के उल्लेख मे राज राजा चोल का उल्लेख कर इतिहास की मजबूती की बात करते हुए देश की मजबूत संस्कृति का उदाहरण बताया और उन्होंने जो आह्वान किया कि एक विडियो जरूर देखिएगा जिसमें एक गंगा डॉल्फिन को बचाने की कोशिश जिसमें 13 घंटे लगे लेकिन बचाने वाली टीम को सफलता मिली और एक जीवन बच गया । निश्चित उनकी जीवो के प्रति दया का भाव प्रकट होता है। पूर्व जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह ने जखनियां विधानसभा के मनिहारी प्रथम मंडल के बरहट बुथ 362 पर आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम को सुना। विधानसभा जखनिया के मंडल मनिहारी प्रथम के बूथ संख्या 362 पर बूथ अध्यक्ष एवं बूथ समिति के साथ सुना।और मन की बात सुनने के बाद बूथ की बैठक कर बूथ समिति के दायित्व तथा उनके कार्यों पर चर्चा किया।और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का “मन की बात” कार्यक्रम केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के विविध आयामों से जनसामान्य को जोड़ने वाला एक सशक्त मंच है। पूर्व जिलाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय ने जंगीपुर विधानसभा के बूथ संख्या-290 पर मन की बात सुन कर कहा कि समाज के अनाम नायकों, नवाचारों, पर्यावरण ,संरक्षण, स्वच्छता, आत्मनिर्भरता एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण जैसे विषयों को राष्ट्रीय विमर्श का हिस्सा बनाया है। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी शशिकान्त शर्मा ने गाजीपुर सदर विधानसभा के 167 सकरताली बूथ पर, जिला उपाध्यक्ष प्रवीण सिंह ने नगर के वंशीबाजार, दयाशंकर पांडेय ने देवकली, सुरेश बिंद ने मिरनपुर सक्का बूथ पर मन की बात कार्यक्रम को सुना।
विदेशो द्वारा लौटाई जा रही संस्कृतिक धरोहर नरेंद्र मोदी के लोकप्रियता का परिणाम :प्रमोद वर्मा
गाज़ीपुर(जखनिया)। जखनिया विधानसभा के समस्त बूथों पर भाजपा जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश राय के दिशा निर्देशन में देश का लोकप्रिय कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात’ का 134वां संस्करण हर बूथ पर सुना गया। मनिहारी मंडल प्रथम के बूथ संख्या 362 पर पूर्व जिला अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह व जखनिया मंडल प्रथम के बूथ संख्या 242 पर भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष का प्रमोद वर्मा के नेतृत्व में सैंकड़ो कार्यकर्त्ता व बूथ समिति के साथ रेडियो पर मन की बात सुन गया। उक्त अवसर पर जिला अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आत्मसात करते हुए कहा की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिस प्रकार से खिलाड़ियों का उत्साह वर्धन किया है, सुविधा उपलब्ध कराई है वर्तमान समय में हमारे खिलाड़ी देश का नाम रोशन कर रहे हैं। नरेंद्र मोदी ने एथलीट्स की सफलता, सांस्कृतिक विरासत की वापसी और भीषण गर्मी से निपटने के पारंपरिक तरीकों पर मुख्य रूप से प्रकाश डाला। वहीं भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष प्रमोद वर्मा ने कहा की प्रधानमंत्री के लोग विश्व व्यापी लोकप्रियता का परिणाम है कि नीदरलैंड द्वारा लौटाई गई देश की ऐतिहासिक वस्तुएं। उन्होंने नीदरलैंड द्वारा भारत की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत की वस्तुओं को वापस लौटाने की सराहना की, जिसमें राजा राजेंद्र चोला प्रथम के समय की तांबे की पट्टिकाएं (ताम्र पट्टिकाएं) शामिल है। युवा धावकों का प्रेरणादायक सफर की चर्चा करते हुवे उन्होंने 100 मीटर की दौड़ में नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाने वाले एथलीट्स गुरविंदरवीर सिंह और अनिमेष कुजूर की कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प की विशेष रूप से चर्चा की। गर्मी से बचने के देसी तरीके बताते हुवे उन्होंने कहा की बढ़ते तापमान को देखते हुए, रसोई में मिलने वाले देसी पेय (आम पन्ना, लस्सी, छाछ, और सत्तू) के महत्व को बताया जो शरीर को ठंडा रखने में मदद करते हैं। पी एम मोदी ने देशभक्ति और जन-सहयोग की चर्चा करते हुवे चेन्नई की गिरिजा अम्मा का उदाहरण दिया, जिन्होंने ‘मन की बात’ से प्रेरित होकर स्कूली बच्चों के माध्यम से सैनिकों के लिए हर दिन ₹1 के योगदान से लगभग ₹40 लाख इकट्ठा किए और उसे पीएम को सौंपा यह सराहनीय रहा। मन की बात कार्यक्रम समाप्त होने पर पूर्व जिलाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने बूथ अध्यक्ष और पार्टी कार्यकर्ताओं को आगामी कार्यक्रमों के बारे में बताया मासिक बैठक, बूथ की लिस्ट, पन्ना प्रमुख व सरकार की जनकल्याण योजनाओं को जन जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष धर्मवीर राजभर, उपाध्यक्ष प्रशांत सिंह, जिला प्रतिनिधि उमाशंकर यादव, ओंकार सिंह, महामंत्री पंकज सिंहा, पीयूष सिंह, वीरेंद्र कुशवाहा, धर्मेंद्र चौरसिया, संतोष सिंह मुन्ना, राजू गुप्ता, सुक्खु मोदनवाल, गणेश प्रसाद, दुर्गेश कुमार, मुन्ना मोदनवाल, वरुण पांडेय, सचिन चौरसिया, राजेश गुप्ता सहित सैकड़ो कार्यकर्ता मौजूद रहे।
उत्तर प्रदेश संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा आज, सभी तैयारियां पूर्ण, परीक्षा केन्द्र पर जाने से पहले जरूर पढ़ लें ये गाइडलाइन
गाजीपुर। उत्तर प्रदेश संयुक्त बी.एड प्रवेश परीक्षा-2026 का आयोजन 31 मई 2026 को प्रदेश भर में किया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी को दी गई है। गाजीपुर जनपद नोडल समन्वयक एवं पी जी कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर (डॉ०) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय बताया कि गाजीपुर में इस प्रवेश परीक्षा के लिए 35 केंद्र बनाए गए हैं। यहां 15340 परीक्षार्थी प्रवेश परीक्षा में शामिल होने के लिए पंजीकृत हुए हैं। इस परीक्षा में प्रत्येक केंद्र पर दो ऑब्जर्वर और एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। कल 18 केंद्र प्रतिनिधियों की भी तैनाती परीक्षा को सुचितापूर्ण संपन्न करने के लिए की गई है।
परीक्षार्थियों को अपेक्षा की गई है कि वह एग्जाम सेंटर पर समय से पहले पहुंचना चाहिए । परीक्षा केंद्र पर मोबाइल फोन, घड़ी, बैग, किताबें, नोट्स आदि ले जाना सख्ती से वर्जित है। केवल एडमिट कार्ड और मूल फोटो आईडी साथ रखें। प्रवेश परीक्षा आयोजक विश्वविद्यालय की ओर से परीक्षार्थियों के लिए कुछ सामान्य दिशानिर्देश जारी किए गए हैं, जैसे कि परीक्षा केंद्र पर समय से 30-45 मिनट पहले पहुंचें। एडमिट कार्ड पर छपी सभी हिदायतों को अच्छे से पढ़ लें। मास्क और सेनिटाइजर साथ रख सकते हैं (यदि जरूरी हो)। किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा समाप्ति के बाद केंद्र से तुरंत बाहर निकलें। अभ्यर्थियों को सलाह दी गयीं है कि अपने एग्जाम सेंटर का नाम, पूरा पता और पहुंचने का रास्ता पहले से अच्छे से पता कर लें, ताकि परीक्षा वाले दिन किसी प्रकार की परेशानी न हो। गाजीपुर जिले के सभी बीएड प्रवेश परीक्षार्थी अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर चुके हों तो उसे प्रिंट लेकर साथ रखें।
गाजीपुर प्रेस क्लब का सम्मान समारोह कार्यक्रम सम्पन्न, पत्रकारिता शिखर सम्मान से सम्मानित हुए देश के मशहूर पत्रकार उपेंद्र राय
गाजीपुर। हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर गाजीपुर प्रेस क्लब के तत्वावधान में शनिवार को शहर के होटल द ग्रेंड पैलेस में पत्रकारिता शिखर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में देश के प्रसिद्ध पत्रकार भारत एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क के सीएमडी एवं एडिटर इन चीफ उपेंद्र राय के पत्रकारिता शिखर सम्मान से सम्मानित किया गया।
समारोह में भाजपा एमएलसी विशाल सिंह चंचल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहें जबकि समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में सपा के जिलाध्यक्ष गोपाल सिंह यादव, बसपा के जिलाध्यक्ष रमेश कुशवाहा, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रविकांत राय एवं सदर ब्लाक प्रमुख के प्रतिनिधि राजदेव ने शिरकत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एमएलसी विशाल सिंह चंचल और ख्यातिलब्ध पत्रकार उपेंद्र राय ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एंव दीप प्रज्जवलन से किया।
जिसके बाद गाजीपुर प्रेस क्लब के पदाधिकारियो ने मुख्य अतिथि विशाल सिंह चंचल, देश के मशहूर पत्रकार उपेंद्र राय समेत सभी विशिष्ट अतिथियो को पुष्प गुच्छ प्रदान कर माल्यार्पण कर स्वागत एवं अभिनंदन किया। जिसके बाद प्रेस क्लब के संरक्षक मनीष मिश्रा ने संस्था के तीन वर्षो के कार्यकाल की उपलब्धियो एवं आगामी कार्यक्रमो के बारे में जानकारी दी। समारोह के दौरान एमएलसी विशाल सिंह चंचल और प्रेस क्लब के संरक्षक आशीष कुमार सिंह व मनीष मिश्रा एवं अध्यक्ष शिवकुमार ने देश के नामचीन पत्रकार उपेंद्र राय को प्रेस क्लब की ओर से पत्रकार शिखर सम्मान और स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया।
इसी दौरान प्रेस क्लब के पदाधिकारियो ने मुख्य अतिथि विशाल सिंह चंचल समेत सभी विशिष्ट अतिथियो को स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया। समारोह के अगले चरण में देश के वरिष्ठ पत्रकार उपेंद्र राय और मुख्य अतिथि विशाल सिंह चंचल ने गाजीपुर प्रेस क्लब की ओर से जिले के दिवंगत पत्रकार सिद्धांत तिवारी, राजीव सिंह, विजय कुमार, शिवलोचन राजभर एवं सत्येंद्र शुक्ला के परिजनो को स्मृति चिन्ह अंगवस्त्र एवं उपहार प्रदान कर सम्मानित किया।
इस दौरान मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियो ने गाजीपुर प्रेस क्लब के संरक्षक आशीष कुमार सिंह को स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। समारोह के दौरान गाजीपुर प्रेस क्लब की ओर से मुख्य अतिथि विशाल सिंह चंचल एवं विशिष्ट अतिथियो ने संस्था के सभी सदस्यो को टी-शर्ट प्रदान कर सम्मानित किया।
समारोह को पत्रकारिता शिखर सम्मान से सम्मानित उपेंद्र राय, मुख्य अतिथि भाजपा एमएलसी विशाल सिंह चंचल, विशिष्ट अतिथि सपा जिलाध्यक्ष गोपाल यादव, बसपा जिलाध्यक्ष रमेश कुशवाहा, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रविकांत राय, सदर ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि राजदेव ने संबोधित करते हुए गाजीपुर प्रेस क्लब के कार्यो एवं कार्यक्रमो की सराहना करते हुए संस्था की मजबूती के लिए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
इस दौरान इन वक्ताओ ने कहा कि अपने अल्पकार्य के कार्यकाल में ही गाजीपुर प्रेस क्लब ने जिले के पत्रकारो के हितो की रक्षा के लिए कई सार्थक कदम उठायें है और संस्था ने अपने कार्यक्रमो के जरिए पत्रकारो के हितो के संदर्भ में मिसाल कायम की है। समारोह को जिले के वरिष्ठ पत्रकार अविनाश प्रधान, रविंद्र श्रीवास्तव, अशोक मौर्या, शिवेंद्र सिंह, शिवम पांडेय, मासूम सिद्दीकी, धमेंद्र मिश्रा, दरोगा पांडेय, विनय ठाकुर आदि ने संबोधित किया। कार्यक्रम का प्रेस क्लब के महासचिव कृपा कृष्ण केके ने संचालन किया।
समारोह के दौरान सभी आगंतुको के लिए जलपान एवं भोजन की व्यवस्था दी गयी थी। समारोह में प्रेस क्लब के उपाध्यक्ष मनीष सिंह, कोषाध्यक्ष संजय कुशवाहा, सचिव विनीत दुबे, कार्यकारिणी सदस्य मुकेश उपाध्याय, करूणेंद्र कुमार राय, संजीव कुमार, अंजनी तिवारी एवं सदस्य यशवंत राय, पवन मिश्रा, आदर्श सिंह, अरूण यादव, संदीप शर्मा, नितिन भारद्वाज, रजत कुमार, ओमप्रकाश, हसीन अंसारी, शिवप्रताप तिवारी, रतन कुमार, वेदप्रकाश वेदु, मोतीलाल, दयाशंकर राय, रमेश सोनी, अशोक मौर्य, गिरीश पांडेय, वरुण मिश्रा, लक्ष्मीकांत, मुकेश, मो. फैसल, संतोष शर्मा….. आदि का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम के अंत में प्रेस क्लब के अध्यक्ष शिवकुमार ने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए संस्था के सदस्यो को शुभकामनाएं दी।