Category Archives: Ghazipur

भ्रष्टाचार मुक्त भारत ही विकसित भारत की पहचान: डॉ. पीयूष सिंह

भ्रष्टाचार मुक्त भारत ही विकसित भारत की पहचान: डॉ. पीयूष सिंह

गाजीपुर। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गाजीपुर में सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 के अंतर्गत बुधवार, 28 अक्टूबर को क्विज प्रतियोगिता एवं संगोष्ठी का आयोजन किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. शंभू शंकर प्रसाद के संरक्षण में आयोजित क्विज प्रतियोगिता का मुख्य विषय भ्रष्टाचार निवारण रहा, जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

इसके बाद ‘भ्रष्टाचार मुक्त भारत: विकसित भारत की पहचान’ विषय पर संगोष्ठी आयोजित हुई। इसमें अर्थशास्त्र विभाग के प्रवक्ता डॉ. पीयूष सिंह मुख्य वक्ता रहे। उन्होंने भ्रष्टाचार के विभिन्न प्रकारों पर प्रकाश डालते हुए इसके निवारण के लिए जिम्मेदार विभिन्न संस्थाओं की भूमिका और महत्व को विस्तार से समझाया। उन्होंने भ्रष्टाचार के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा इसके उन्मूलन के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया।

कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रामनाथ केसरवानी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए भ्रष्टाचार मुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम का आयोजन एवं संचालन डॉ. ओमशिवानी ने किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना के समस्त कार्यक्रम अधिकारी तथा महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापक उपस्थित रहे।

वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, 16 दोपहिया वाहन बरामद; तीन गिरफ्तार

गाजीपुर में वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, 16 दोपहिया वाहन बरामद; तीन गिरफ्तार

गाजीपुर। स्वाट टीम, सर्विलांस सेल और जंगीपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने वाहन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने बुधवार को पुलिस लाइन सभागार में इसकी जानकारी दी।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रवेश राजभर, अतुल सिंह और नीरज राजभर निवासी कटया, थाना सादात, गाजीपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से 15 मोटरसाइकिलें, एक मोटरसाइकिल का इंजन व कटे हुए पार्ट्स, तीन मोबाइल फोन और 450 रुपये नकद बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपी भीड़भाड़ वाले स्थानों से बाइक चोरी कर उनके पार्ट्स अलग-अलग करके बेचते थे। बरामद वाहनों में से कुछ के संबंध में गाजीपुर के विभिन्न थानों और वाराणसी के चौबेपुर थाने में चोरी के मुकदमे दर्ज होने की जानकारी मिली है। अन्य वाहनों के संबंध में जांच जारी है। इस मामले में थाना जंगीपुर में मुकदमा अपराध संख्या 227/2026 के तहत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, वाहन चोरी के खिलाफ जनपद में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह पिछले कुछ वर्षों की बड़ी कार्रवाइयों में से एक है।

चक कमरौरा प्रकरण: एमएलसी चंचल ने मृतक रामबाबू के भाई को सौंपा नियुक्ति पत्र

एमएलसी विशाल सिंह चंचल ने मृतक रामबाबू उर्फ विक्की के भाई अरुण कुमार को सौंपा नियुक्ति पत्र

चक कमरौरा प्रकरण: मुख्यमंत्री के निर्देश पर परिवार को मिली आर्थिक सहायता, अब परिजन को रोजगार देने का वादा भी हुआ पूरा

गाजीपुर/मुहम्मदाबाद। चक कमरौरा गांव में पैमाइश के दौरान हुए विवाद के बाद मगई नदी में डूबने से जान गंवाने वाले रामबाबू उर्फ विक्की के परिवार को राहत देने की दिशा में एक और कदम उठाया गया है। विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) विशाल सिंह चंचल ने बुधवार को राइफल क्लब में मृतक के परिजनों से मुलाकात की और उनके भाई अरुण कुमार को नियुक्ति पत्र प्रदान किया। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। गौरतलब है कि मुहम्मदाबाद ब्लॉक की ग्राम सभा चक कमरौरा में जिलाधिकारी के आदेश पर राजस्व टीम पैमाइश करने पहुंची थी। इसी दौरान रामबाबू उर्फ विक्की सहित कुछ ग्रामीणों के साथ विवाद हो गया। आरोप है कि मौके पर मौजूद राजस्व और पुलिस टीम के साथ मारपीट की गई। इस मामले में लेखपाल की तहरीर पर रामबाबू उर्फ विक्की सहित 23 लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया था। बताया गया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम के गांव पहुंचने पर रामबाबू मगई नदी में कूद गया, जहां डूबने से उसकी मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने जिला प्रशासन की कार्रवाई के प्रति नाराजगी जताई। मामले के बाद मुख्यमंत्री के निर्देश पर एमएलसी विशाल सिंह चंचल मृतक के गांव पहुंचे थे और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी थी। उस दौरान परिवार को आर्थिक सहायता के रूप में चार लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया था। साथ ही परिवार के भरण-पोषण के लिए एक परिजन को संविदा पर नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया गया था। इसी क्रम में बुधवार को मृतक के भाई अरुण कुमार को नियुक्ति पत्र सौंपा गया। इससे परिवार को आर्थिक सहारा मिलने की उम्मीद है। नियुक्ति पत्र मिलने के बाद परिवार को रोजगार उपलब्ध कराने के आश्वासन पर अमल की दिशा में पहल पूरी हुई है।

समस्याओं को लेकर ABVP ने एमएलसी विशाल सिंह चंचल को सौंपा मांगपत्र

महिला छात्रावास की समस्याओं को लेकर ABVP ने एमएलसी विशाल सिंह चंचल को सौंपा मांगपत्र

बाउंड्री वॉल ऊंची करने, पेयजल की व्यवस्था और जर्जर भवन की मरम्मत की उठाई मांग; सीडीओ को निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश

गाजीपुर। पॉलिटेक्निक कॉलेज के महिला छात्रावास में व्याप्त अव्यवस्थाओं और मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर बुधवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के पदाधिकारियों ने एमएलसी विशाल सिंह चंचल से मुलाकात कर मांगपत्र सौंपा। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी आलोक कुमार भी उपस्थित रहे। राइफल क्लब परिसर में सौंपे गए मांगपत्र के माध्यम से छात्रावास की समस्याओं को दूर कराने की मांग की गई।

विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारियों ने महिला छात्रावास की बाउंड्री वॉल ऊंची कराने, छात्राओं के लिए स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था करने तथा जर्जर भवन की मरम्मत सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग उठाई। उन्होंने छात्रावास में रहने वाली छात्राओं की सुरक्षा और सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान पर जोर दिया।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी भी उपस्थित रहे। एमएलसी विशाल सिंह चंचल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य विकास अधिकारी को पॉलिटेक्निक कॉलेज का निरीक्षण करने तथा वहां की समस्याओं का जायजा लेकर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि संबंधित अधिकारियों की पहल से महिला छात्रावास की समस्याओं का समाधान होगा और छात्राओं को सुरक्षित एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सकेगा।

गाजीपुर में वित्तीय साक्षरता को लेकर जागरूकता चौपाल, ग्रामीणों को दी गई बैंकिंग योजनाओं की जानकारी

गाजीपुर में वित्तीय साक्षरता को लेकर जागरूकता चौपाल, ग्रामीणों को दी गई बैंकिंग योजनाओं की जानकारी

यूनियन बैंक और आरोह फाउंडेशन की पहल, राम जानकी विद्यालय में बच्चों को साइबर फ्रॉड से बचाव के बताए तरीके

गाजीपुर। वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान के तहत जनपद के बिरनो ब्लॉक अंतर्गत लीलापुर भड़सर गांव में यूनियन बैंक ऑफ इंडिया एवं आरोह फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में जन जागरूकता चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों को वित्तीय साक्षरता, बचत की आदत विकसित करने और बैंकिंग सेवाओं से जुड़ने के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यूनियन बैंक के क्षेत्रीय प्रमुख विनय शंकर ने कहा कि देश की आर्थिक तरक्की में वित्तीय साक्षरता की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने ग्रामीणों से अपनी आय के अनुसार छोटी-छोटी बचत करने की आदत विकसित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बचत और बैंकिंग सेवाओं के प्रति जागरूकता लोगों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में सहायक है।

जिला अग्रणी प्रबंधक राजदेव ने वित्तीय समावेशन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक बैंकिंग सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना आवश्यक है। वहीं, एफएलसी के बाले लखन्दर ने ग्रामीणों से सरकारी योजनाओं और बैंकिंग सुविधाओं का लाभ उठाकर अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत बनाने की अपील की।

इस दौरान आरोह फाउंडेशन के डीसी रितेश सिंह ने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना और सुकन्या समृद्धि योजना सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने लोगों को इन योजनाओं से जुड़कर अपने भविष्य को आर्थिक रूप से सुरक्षित बनाने के लिए जागरूक किया।

राम जानकी विद्यालय में भी लगा वित्तीय जागरूकता शिविर
इसी क्रम में यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के क्षेत्रीय कार्यालय गाजीपुर (पूर्व) की ओर से राम जानकी विद्यालय में वित्तीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विद्यार्थियों को साइबर फ्रॉड से बचाव के उपाय बताए गए। एलडीएम राजदेव ने बच्चों को ऑनलाइन धोखाधड़ी के प्रति सतर्क रहने और अपनी व्यक्तिगत एवं बैंकिंग संबंधी जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा नहीं करने के बारे में जागरूक किया।

वहीं, क्षेत्र प्रमुख मुकेश रमन ने कृषि ऋण और शिक्षा ऋण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने किसानों और विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध ऋण सुविधाओं के बारे में बताते हुए बैंकिंग सेवाओं के सही उपयोग पर जोर दिया।

इस अवसर पर क्षेत्र प्रमुख मुकेश रमन ने विद्यालय में बच्चों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आरओ प्लांट लगाने के लिए सहमति भी प्रदान की। इस पहल को विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और बेहतर भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

कार्यक्रम में एलडीएम राजदेव, विभिन्न शाखाओं के प्रबंधक, एफएलसी टीम, सभी बीसी कोऑर्डिनेटर और आसपास के बैंक मित्र उपस्थित रहे। अभियान के माध्यम से ग्रामीणों और विद्यार्थियों को वित्तीय रूप से जागरूक बनाने के साथ-साथ बैंकिंग सेवाओं एवं सरकारी योजनाओं से जोड़ने का संदेश दिया गया।

गाजीपुर में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण को लेकर चला अभियान!

गाजीपुर में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण को लेकर चला अभियान, महिलाओं और थर्ड जेंडर के मतदाताओं को जोड़ने पर जोर
58 प्रतिशत ईपी रेशियो को बढ़ाकर 61 प्रतिशत करने का लक्ष्य, पात्र नागरिकों के भरवाए जाएंगे फार्म-06

गाजीपुर। जनपद में मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं समावेशी बनाने के उद्देश्य से बुधवार को विशेष पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देश पर आयोजित इस अभियान के संबंध में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वेद सिंह चौहान ने प्रेसवार्ता के दौरान विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि अभियान के तहत जनपद, तहसील एवं ब्लॉक स्तर के अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। प्रत्येक अधिकारी को पांच-पांच बूथों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। संबंधित अधिकारी सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक अपने निर्धारित मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहकर मतदाता सूची का गहन निरीक्षण करेंगे। इस दौरान सूची में पाई जाने वाली कमियों को चिह्नित कर उनके निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

अपर जिलाधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित पात्र नागरिकों के फार्म-06 भरवाए जाएंगे। अभियान में विशेष रूप से महिलाओं को मतदाता सूची से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि मतदाता सूची में जेंडर रेशियो को निर्धारित मानक के अनुरूप लाया जा सके। इसके साथ ही थर्ड जेंडर समुदाय के पात्र व्यक्तियों को भी मतदाता सूची में शामिल करने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में चिन्हित मतदाताओं का ईपी रेशियो 58 प्रतिशत है, जबकि निर्धारित लक्ष्य 61 प्रतिशत है। इस अंतर को कम करने के लिए अभियान के माध्यम से आवश्यक सुधार किए जाएंगे। अभियान में लगे सभी अधिकारियों को शाम 6 बजे तक निर्धारित प्रारूप पर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

अपर जिलाधिकारी ने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में समाज के प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण का यह एक दिवसीय अभियान संचालित किया जा रहा है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।

पूर्व मंत्री सीताराम लाम्बा और ओमप्रकाश त्रिपाठी के नेतृत्व में निकला पैदल मार्च,1 नवंबर को दिल्ली में होगी कांग्रेस की रैली

गाजीपुर में कांग्रेस का ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ मार्च, मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग

पूर्व मंत्री सीताराम लाम्बा और ओमप्रकाश त्रिपाठी के नेतृत्व में निकला पैदल मार्च, 1 नवंबर को दिल्ली में होगी कांग्रेस की बड़ी रैली

गाजीपुर। कांग्रेस की राष्ट्रीय मुहिम ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ के तहत मंगलवार को गाजीपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। एआईसीसी पर्यवेक्षक एवं राजस्थान के पूर्व मंत्री सीताराम लाम्बा तथा पीसीसी पर्यवेक्षक व पूर्व एमएलसी ओमप्रकाश त्रिपाठी के नेतृत्व में सकलेनाबाद स्थित कांग्रेस कैंप कार्यालय से लंका होते हुए कचहरी स्थित जिलाधिकारी कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला गया। कार्यकर्ताओं ने केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग की।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में सीताराम लाम्बा ने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका और चुनावी व्यवस्था की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल हैं। उन्होंने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में विशाल रैली आयोजित की जाएगी, जिसमें मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने की मांग उठाई जाएगी।
ओमप्रकाश त्रिपाठी ने भाजपा सरकार पर चुनावी व्यवस्था को प्रभावित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि लोकतंत्र में जनता के वोट की सुरक्षा सर्वोपरि है। कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर देशव्यापी आंदोलन जारी रखेगी।
जिलाध्यक्ष सुनील राम और शहर अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा ने गाजीपुर से बड़ी संख्या में नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के दिल्ली रैली में शामिल होने का भरोसा दिलाया।
मार्च में प्रमुख रुप से पूर्व विधायक अमिताभ अनिल दुबे, पूर्व विधायक पशुपतिनाथ राय, पूर्व अध्यक्ष मार्कंडेय सिंह, एआईसीसी सदस्य रविकांत राय, अजय श्रीवास्तव, हामिद अली, चंद्रिका सिंह, अयूब अंसारी, ज्ञान प्रकाश सिंह, महबूब निशा, राशिद रईस अहमद, छोटेलाल गौतम, मंसूर जैदी, आलोक यादव, राम नगीना पांडे, जेपी पांडे, आशुतोष गुप्ता, सीताराम राय, वीरेंद्र राय, धर्मेंद्र कुमार, सतिराम सिंह, कृष्णा तिवारी, राजेश उपाध्याय, दीना यादव, दिनेश कुमार, गयासुद्दीन अंसारी, अवधेश भारती, मोहन राम, शशि भूषण राय, सुमन चौबे, सीमा विश्वकर्मा, मुसाफिर, सदानंद गुप्ता, विनोद सिंह, नसीम अख्तर, सतीश यादव, शंभू कुशवाहा, साजिद खान, ताहिर अब्बासी, किरण देवी, काजल कश्यप, पारस उपाध्याय, देवेंद्र सिंह, सुदामा यादव, राज कपूर रावत, हीराराम चंद्रशेखर आर्य, इरफान खान, ओम प्रकाश यादव, ओम प्रकाश पांडे, श्याम नारायण कुशवाहा, संजय सिंह, मिंटू, पूनम पांडे, गुड्डू कुमार
बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

मेरे लिये शिक्षक और संगठन सब से पहले:दीवान ज़मा खान

मेरे लिये शिक्षक और संगठन सब से पहले -दीवान ज़मा खान

गाजीपुर। मदरसा कादरिया, गाजीपुर में मजलिस फरोग-ए-तालीम की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शिक्षकों और संगठन के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान संगठन को मजबूत बनाने, शिक्षकों की एकजुटता बढ़ाने और संगठन के कार्यों को आगे बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक के मुख्य अतिथि टीचर्स एसोसिएशन मदारिसे अरबिया के जनरल सेक्रेटरी दीवान साहब ज़मा खान रहे। उन्होंने शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन और शिक्षकों के हितों के लिए वे अपने खून की आखिरी बूंद तक कुर्बानी देने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी संगठन की मजबूती उसके सदस्यों की एकता, आपसी सहयोग और समर्पण पर निर्भर करती है। इसलिए सभी शिक्षकों को संगठन के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए एकजुट होकर काम करना चाहिए।

इस अवसर पर दीवान ज़मा खान ने संगठन की ओर से किए जा रहे कार्यों और उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने शिक्षकों से संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने की अपील की।

बैठक में गाजीपुर के विभिन्न मदरसों के बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से शाहनवाज़ अहमद (मऊ), मास्टर अतहर जमाल, मास्टर अज़ीज़, मौलाना फरीद, हैदर खान और जलालुद्दीन सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।

कार्यक्रम का संचालन मास्टर अमजद ने किया। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।

दिल्ली की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली को लेकर कांग्रेस की बैठक, जिले से बड़ी भागीदारी की तैयारी

दिल्ली की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली को लेकर कांग्रेस की बैठक, गाजीपुर से बड़ी भागीदारी की तैयारी

1 नवंबर को रामलीला मैदान में आयोजित होगी रैली, जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी ने कार्यकर्ताओं को सौंपी जिम्मेदारी

गाजीपुर। आगामी 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली की तैयारियों को लेकर जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी की आवश्यक बैठक सोमवार को सकलेनाबाद स्थित कैंप कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व जिला अध्यक्ष एवं जिला कोऑर्डिनेटर प्रजानाथ शर्मा उपस्थित रहे। बैठक में रैली में गाजीपुर से अधिक से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों की भागीदारी सुनिश्चित करने और दिल्ली पहुंचने की व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए जिला कोऑर्डिनेटर प्रजानाथ शर्मा ने कहा कि लोकतंत्र में मताधिकार जनता की सबसे बड़ी ताकत है। वोट की निष्पक्षता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए कांग्रेस पार्टी लगातार आवाज उठा रही है। उन्होंने कहा कि 1 नवंबर को दिल्ली में आयोजित होने वाली रैली में गाजीपुर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए संगठन स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।

जिला अध्यक्ष सुनील राम एवं शहर अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा ने संयुक्त रूप से कहा कि ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली लोकतंत्र और मताधिकार से जुड़े महत्वपूर्ण सवालों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने का अवसर है। शहर कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ता पूरी सक्रियता के साथ रैली की तैयारियों में जुटेंगे और दिल्ली में गाजीपुर की मजबूत भागीदारी सुनिश्चित करेंगे। पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह एवं पूर्व विधायक अमिताभ अनिल दुबे ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए मताधिकार की रक्षा और जनता को उसके संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता इस उद्देश्य को लेकर एकजुट हैं और गाजीपुर से बड़ी संख्या में कांग्रेसजन दिल्ली पहुंचकर रैली में भाग लेंगे। बैठक में कांग्रेस नेताओं ने जिला एवं शहर कमेटी के पदाधिकारियों, ब्लॉक अध्यक्षों, फ्रंटल संगठनों तथा सभी कार्यकर्ताओं से रैली की तैयारियों में सक्रिय सहयोग करने और निर्धारित समय पर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। इस अवसर पर एआईसीसी सदस्य रविकांत जनार्दन राय, अजय कुमार श्रीवास्तव, ज्ञान प्रकाश सिंह, चंद्रिका सिंह, राजीव सिंह, हामिद अली, अरविंद मिश्रा, राम नगीना पांडे, उषा चतुर्वेदी, सुमन चौबे, आशुतोष गुप्ता, रईस अहमद, धर्मेंद्र कुमार, अयूब, रशीद भाई, जेपी पांडेय, राजेश उपाध्याय, देवेंद्र सिंह, संजय सिंह, संजय गुप्ता, आरती आर्या, आशुतोष सिंह, मिंटू, ताहिर अब्बासी, आरटीआई के चंद्रशेखर राज सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

डीएम ने दिए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश

50 लाख से अधिक की परियोजनाओं की डीएम ने की समीक्षा, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश

गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में रविवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में 50 लाख रुपये से अधिक लागत वाली निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के अधिशासी अभियंताओं एवं प्रतिनिधियों से परियोजनाओं की भौतिक प्रगति की जानकारी ली और सभी कार्यों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिन परियोजनाओं में कार्य की गति धीमी है, वहां आवश्यकतानुसार श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए, ताकि परियोजनाओं को समय से पूरा किया जा सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा गुणवत्ता के मानकों का विशेष ध्यान रखने को कहा।

बैठक में फूड हाउसिंग योजना की टेंडर प्रक्रिया, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय मनिहारी, जिला कारागार, कंपोजिट विद्यालय, जल जीवन मिशन ग्रामीण के अंतर्गत पेयजल कनेक्शन, सड़क निर्माण एवं मरम्मत, नगर पंचायत सैदपुर में पेयजल पुनर्गठन योजना, सेतु निर्माण निगम के अंतर्गत पुल निर्माण तथा राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज सहित विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने मरदह स्थित गो संरक्षण केंद्र में शीघ्र विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराने के लिए विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता को निर्देशित किया। इसके साथ ही नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों को पेयजल आपूर्ति का स्थलीय सत्यापन कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में चल रही विकास परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।