Category Archives: Ghazipur

छात्राओं ने शब्दों में उकेरा ‘मेरे सपनों का भारत’, सृष्टि श्रीवास्तव ने मारी बाजी

‘मेरे सपनों का भारत’ पर गूंजे छात्राओं के ओजस्वी विचार, सृष्टि श्रीवास्तव ने हासिल किया प्रथम स्थान

गाजीपुर। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, महुआबाग में सोमवार को ‘सेवा संकल्प योजना’ के तहत ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में करीब 1500 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और 50 ने समानता, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, तकनीकी विकास एवं आत्मनिर्भर भारत को लेकर अपने विचार रखे।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. शंभू शरण प्रसाद ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि युवा शक्ति देश की वास्तविक धरोहर है। शिक्षा, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति के माध्यम से युवा पीढ़ी देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। प्रतियोगिता में सृष्टि श्रीवास्तव ने प्रथम, श्रेया मौर्य ने द्वितीय और माही कुशवाहा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सरस्वती को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। प्रतियोगिता में रचना यादव, सेजल यादव, मंजू प्रजापति, किरण कुशवाहा, आनंदी गुप्ता, अश्मिता श्रीवास्तव, अन्नू कुमारी, रिया त्रिपाठी, सरस्वती, माही कुशवाहा, सृष्टि श्रीवास्तव और अनन्या पांडे ने प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम का संयोजन डॉ. संगीता ने किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से छात्राओं की प्रतिभा, अभिव्यक्ति क्षमता और नेतृत्व कौशल को विकसित करने के साथ उनमें राष्ट्र निर्माण की भावना मजबूत होती है। मीडिया प्रभारी डॉ. शिव कुमार ने भी ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर विचार व्यक्त किए। प्रतियोगिता का मूल्यांकन डॉ. सारिका सिंह, डॉ. शशिकला जायसवाल और डॉ. राजेश यादव के तीन सदस्यीय निर्णायक मंडल ने किया। इस अवसर पर डॉ. निरंजन कुमार यादव, डॉ. नेहा कुमारी, डॉ. ओम शिवानी, पीयूष सिंह सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। अंत में विजेताओं को बधाई देते हुए राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

‘मेरे सपनों का भारत’ में बच्चों ने भरी कल्पनाओं की उड़ान, रंगों से रचा विकसित भारत का सपना

‘मेरे सपनों का भारत’ में बच्चों ने भरी कल्पनाओं की उड़ान, रंगों से रचा विकसित भारत का सपना

गाजीपुर। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के निर्देश पर सोमवार को जनपद के विभिन्न विकास खंडों में परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के लिए ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। भदौरा, बिरनो, भांवरकोल, सदर ब्लॉक और नगर क्षेत्र के उच्च प्राथमिक एवं संविलियन विद्यालयों में कक्षा 5 से 8 तक के बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।प्रतियोगिता में बच्चों ने रंगों और रेखाओं के माध्यम से अपने सपनों के भारत की कल्पना को कागज पर जीवंत किया। किसी ने स्वच्छ एवं हरित भारत, तो किसी ने अंतरिक्ष और विज्ञान में प्रगति, डिजिटल क्रांति, बालिका शिक्षा, आत्मनिर्भरता और राष्ट्रीय एकता जैसे विषयों को अपनी कलाकृतियों में प्रमुखता से उकेरा।

विभिन्न विद्यालयों में प्रतियोगिता को लेकर बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। शिक्षकों ने बच्चों का मार्गदर्शन करते हुए उनकी रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित किया। प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों ने अपनी कलात्मक क्षमता के साथ-साथ देश के प्रति अपने विचारों और सपनों को भी अभिव्यक्त किया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की रचनात्मक गतिविधियां बच्चों की सृजनात्मक एवं बौद्धिक क्षमता को विकसित करने के साथ उनमें राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी, सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास का विकास करती हैं। प्रतियोगिता के समापन पर विद्यालय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं का चयन कर उन्हें पुरस्कृत एवं प्रोत्साहित किया गया। वहीं, ब्लॉक स्तर पर चयनित श्रेष्ठ कलाकृतियों को संकलित कर आगामी जनपद स्तरीय प्रदर्शन के लिए सुरक्षित किया जा रहा है।

डीएम ने की बैंकों के ऋण प्रवाह की समीक्षा, दिए योजनाओं के आवेदनों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश

गाजीपुर। जून 2026 तिमाही की जिला स्तरीय बैंकर्स समिति (डीसीसी) एवं जिला स्तरीय समीक्षा समिति (डीएलआरसी) की बैठक सोमवार को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में राइफल क्लब सभागार में आयोजित हुई। बैठक में जिले में बैंकों के ऋण प्रवाह, ऋण-जमा अनुपात तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, आरबीआई के अग्रणी जिला अधिकारी श्रवण कुमार राम, अग्रणी जिला प्रबंधक राजदेव कुमार, नाबार्ड की डीडीएम कंचन पाल सहित सभी बैंक समन्वयक एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

समीक्षा में बताया गया कि गाजीपुर का ऋण-जमा अनुपात मार्च 2026 में 41.88 प्रतिशत था, जो जून 2026 में बढ़कर 42.63 प्रतिशत हो गया। जिले में कुल जमा राशि 22,827 करोड़ रुपये तथा कुल अग्रिम राशि 9,731 करोड़ रुपये रही। एसएचजी सीसीएल लिंकेज में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित 5,500 के वार्षिक लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 1,714 स्वयं सहायता समूहों को सीसीएल लिंकेज स्वीकृत एवं वितरित किया गया है। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत 1,850 के वार्षिक लक्ष्य के सापेक्ष 395 आवेदनों को स्वीकृति एवं ऋण वितरण किया जा चुका है।

किसान क्रेडिट कार्ड योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 के 79,958 के कुल भौतिक लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 31,231 खातों में 503.39 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया गया है। जिलाधिकारी ने जिले का ऋण-जमा अनुपात बढ़ाने के लिए बैंकों को ऋण प्रवाह में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने शासकीय योजनाओं से संबंधित ऋण आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण करने को कहा। साथ ही पीएम सूर्यघर योजना एवं मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना में निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए। अग्रणी जिला प्रबंधक राजदेव कुमार ने बैठक में आश्वस्त किया कि सभी बैंकर्स समन्वय के साथ कार्य करते हुए विभिन्न योजनाओं के निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने का प्रयास करेंगे।

23 सितंबर को लगेगा वृहद रोजगार मेला, 30 से अधिक कंपनियां करेंगी भर्ती

गाजीपुर। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत जनपद की सभी सात विधानसभाओं में वृहद रोजगार मेले आयोजित किए जाने हैं। इसी क्रम में सदर विधानसभा क्षेत्र में 23 सितंबर 2026 को जिला सेवायोजन कार्यालय एवं स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गाजीपुर के संयुक्त तत्वावधान में वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। मेला प्रातः 10 बजे से स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गाजीपुर में शुरू होगा।जिला सेवायोजन अधिकारी गौरव सिंह ने बताया कि रोजगार मेले में देशभर की विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियां एवं नियोजक प्रतिभाग करेंगे। इनमें प्रमोकाश आउटसोर्स सर्विस प्रा. लि., उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक वाराणसी, BIS सिक्योरिटी गार्ड, क्वैस कॉर्पोरेशन प्रा. लि., सेफ एक्सप्रेस लॉजिस्टिक्स, अशोक लेलैंड, MRF टायर्स, हिन्डाल्को रेनूकूट, नर्स केयर 24, खेतिहर ऑर्गेनिक, इन्नोवसोस सर्विसेज, डीएमसी प्रा. लि., विजन इंडिया प्रा. लि., रोहित हाईब्रिड सीड्स प्रा. लि., पीएनबी मेटलाइफ सहित 30 से अधिक कंपनियां एवं नियोजक शामिल होंगे। मेले में सुरक्षा गार्ड, ऑपरेशन असिस्टेंट, मशीन ऑपरेटर, हेल्पर, कंस्ट्रक्शन वर्कर, सेल्स ट्रेनर, सेल्स ऑफिसर, सुपरवाइजर, टेक्नीशियन, ईवी तीन पहिया चालक, नैप्स ट्रेनी समेत विभिन्न पदों पर अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। रोजगार मेले में अकुशल श्रमिकों से लेकर आठवीं, 10वीं, 12वीं, स्नातक, परास्नातक, आईटीआई, डिप्लोमा, एएनएम, जीएनएम, जीडीए, कौशल प्रशिक्षित एवं कंस्ट्रक्शन वर्कर आदि योग्यताधारी अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकते हैं। अभ्यर्थियों को रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीयन कर अपनी शैक्षिक योग्यता के अनुरूप इच्छुक कंपनियों में आवेदन करना होगा। इसके बाद 23 सितंबर को सुबह 10 बजे सभी आवश्यक मूल शैक्षिक प्रमाण पत्र एवं उनकी छायाप्रति के साथ रोजगार मेले में उपस्थित होना होगा। नियोजकों की रिक्तियों एवं अन्य विवरण रोजगार संगम पोर्टल पर उपलब्ध हैं। अधिकारियों ने बताया कि रोजगार मेले में प्रतिभाग करने के लिए किसी प्रकार का मार्ग व्यय देय नहीं होगा। अधिक जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 155330 अथवा जिला सेवायोजन कार्यालय, गाजीपुर से संपर्क किया जा सकता है।

कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र श्रमिकों तक पहुंचाए:डीएम

गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित रायफल क्लब सभागार में जिला श्रम बंधु, जनपद स्तरीय बाल श्रम उन्मूलन समिति तथा बाल एवं बंधुआ श्रमिकों के रेस्क्यू, पुनर्वास एवं अनुश्रवण के लिए गठित जिला टास्क फोर्स (डीटीएफ) की संयुक्त बैठक हुई। बैठक में श्रमिक हितों, श्रम कानूनों के प्रभावी प्रवर्तन, निर्माण श्रमिकों के पंजीकरण तथा बाल श्रम उन्मूलन की प्रगति की समीक्षा की गई। सहायक श्रम आयुक्त ने बताया कि भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के तहत जिले में अब तक 2,40,878 निर्माण श्रमिकों का पंजीकरण किया जा चुका है। श्रमिकों के पंजीकरण एवं योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए 117 विशेष शिविर लगाए गए तथा विभिन्न विकासखंडों में जनजागरूकता के लिए वाल पेंटिंग भी कराई गई। बैठक में डॉ. भीमराव आंबेडकर श्रमिक सुविधा केंद्र (लेबर अड्डा) के लिए 2000 वर्गफीट भूमि के चयन एवं चिह्नांकन पर भी चर्चा हुई। यहां श्रमिकों को पेयजल, शौचालय और विश्राम जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रस्ताव है। जिलाधिकारी ने श्रम विभाग की मातृत्व, शिशु एवं बालिका मदद योजना, कन्या विवाह सहायता योजना, संत रविदास शिक्षा प्रोत्साहन योजना तथा निर्माण कामगार मृत्यु एवं दिव्यांगता सहायता योजना सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र श्रमिकों तक समयबद्ध ढंग से पहुंचाने के निर्देश दिए। अधिक से अधिक पात्र श्रमिकों के आवेदन कराने के लिए खंड विकास अधिकारियों को भी निर्देशित किया गया। जिलाधिकारी ने सभी निर्माण कार्यदायी संस्थाओं, विभागों और स्थानीय निकायों को अपने निर्माण कार्यों का अधिष्ठान पंजीयन अनिवार्य रूप से कराने तथा नियमानुसार उपकर (सेस) समय से जमा करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण स्थलों पर कार्यरत पात्र श्रमिकों का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा। बाल श्रम उन्मूलन की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने बाल श्रमिकों के चिन्हांकन, रेस्क्यू, पुनर्वास और विद्यालयों में प्रवेश की कार्रवाई प्रभावी ढंग से करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले को बाल श्रम मुक्त बनाने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ नियमित निरीक्षण एवं प्रवर्तन अभियान चलाएं। बैठक में श्रम संहिताओं के संबंध में भी जानकारी दी गई। सहायक श्रम आयुक्त ने बताया कि श्रम कानूनों को सरल एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से केंद्रीय श्रम कानूनों को चार श्रम संहिताओं में समाहित किया गया है। जिलाधिकारी ने नई श्रम संहिताओं के प्रावधानों का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए। बैठक में सभी खंड विकास अधिकारी, निर्माण कार्यदायी संस्थाओं एवं विभागों के प्रतिनिधि, नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी तथा श्रम विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

एक किलो से चूका स्वर्ण, दिव्यांश राय ने जीता रजत पदक

एक किलो से चूका स्वर्ण, दिव्यांश राय ने जीता रजत पदक

गाजीपुर। माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित 70वीं प्रादेशीय भारोत्तोलन बालक-बालिका प्रतियोगिता में श्रीघुरभारी यादव इंटर कॉलेज के छात्र दिव्यांश राय ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-17 के 98 किलोग्राम भारवर्ग में रजत पदक हासिल किया। दिव्यांश महज एक किलोग्राम के अंतर से स्वर्ण पदक से चूक गए। दिव्यांश राय नेहरू स्पोर्ट्स स्टेडियम में कोच प्रदीप राय के मार्गदर्शन में नियमित रूप से भारोत्तोलन का अभ्यास करते हैं। प्रतियोगिता में उनके प्रदर्शन को देखते हुए विद्यालय और खेल प्रेमियों में उत्साह है।

दिव्यांश ने बताया कि वह पिछले करीब आठ माह से कमर दर्द की समस्या से जूझ रहे थे। इसके बावजूद कोच प्रदीप राय ने धैर्य और सतर्क निगरानी के साथ उनका अभ्यास जारी रखा। उन्होंने कहा कि रजत पदक से संतुष्ट होने के साथ ही उनका लक्ष्य अब आगामी ओपन स्टेट चैंपियनशिप में बेहतर प्रदर्शन करना है। प्रतियोगिता में जिस कमी के कारण स्वर्ण पदक से चूक गए, उसे दूर करने के लिए वह और मेहनत करेंगे। दिव्यांश की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों ने उन्हें बधाई देते हुए आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सेवा यात्रा को नाटक के माध्यम से किया जाएगा जीवंत

रंगमंच पर दिखेगी 25 साल सेवा की कहानी

गाजीपुर में होगा ‘नमो सेवा अनकही कहानियाँ’ का भव्य नाट्य मंचन

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 25 वर्षों की सेवा यात्रा को नाटक के माध्यम से किया जाएगा जीवंत

गाजीपुर।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा, समर्पण और सुशासन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ‘नमो सेवा अनकही कहानियाँ’ कार्यक्रम के तहत विशेष नाट्य मंचनों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में गाजीपुर में भी एक विशेष एवं भव्य नाट्य प्रस्तुति आयोजित की जाएगी।यह बात आज भाजपा जिला कार्यालय पर जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने पत्रकार वार्ता में कही। उन्होंने कहा कि इस नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सार्वजनिक जीवन की यात्रा, राष्ट्र सेवा के प्रति उनका समर्पण, जनकल्याण के लिए किए गए प्रयासों तथा सुशासन के माध्यम से देश में आए व्यापक बदलावों को जीवंत और भावनात्मक रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में उनके कार्यकाल से लेकर प्रधानमंत्री के रूप में देश की सेवा तक की यात्रा को संवाद, अभिनय, संगीत और प्रभावशाली मंचन के माध्यम से दर्शकों के सामने रखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि “‘नमो सेवा अनकही कहानियाँ’ की प्रस्तुति को सरल, संवेदनशील और संगीतमय स्वरूप दिया गया है, ताकि प्रधानमंत्री जी की सेवा यात्रा और जनकल्याण के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक सहजता से पहुँचाया जा सके। कुशल कलाकार अपने जीवंत अभिनय और प्रभावशाली संवादों के माध्यम से उन प्रेरक प्रसंगों को मंच पर साकार करेंगे, जिनमें सेवा, समर्पण, अंत्योदय और राष्ट्र निर्माण की भावना दिखाई देती है।
इस व्यापक अभियान के अंतर्गत राज्यभर में.. नमो सेवा गाथा.. नाट्य मंचनों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। स्कूलों, कॉलेजों, पंचायतों, सामुदायिक केंद्रों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी इन प्रस्तुतियों के माध्यम से जनसंवाद स्थापित किया जाएगा।
जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने और कहा कि भारतीय जनता पार्टी का यह अभियान सेवा, सुशासन, अंत्योदय और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को जन-जन तक पहुँचाने का प्रयास है, जिसमें कला और नाट्य के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सेवा यात्रा को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा। इस अवसर पर भाजपा जिला मीडिया प्रभारी शशिकान्त शर्मा उपस्थित थे।

ग्राहकों के भरोसे के 17 वर्ष पूरे, हमारा पम्प जखनिया ने मनाया स्थापना दिवस

ग्राहकों के भरोसे के 17 वर्ष पूरे, हमारा पम्प जखनिया ने मनाया स्थापना दिवस

जखनिया। हिंदुस्तान पेट्रोलियम से संबद्ध हमारा पम्प, जखनिया ने अपने स्थापना एवं संचालन के 17 वर्ष पूरे कर लिए। वर्ष 2009 में शुरू हुआ यह सफर वर्ष 2026 में 17 वर्षों की सेवा, विश्वास और ग्राहक जुड़ाव के पड़ाव पर पहुंचा। इस अवसर पर पम्प प्रबंधन ने ग्राहकों और शुभचिंतकों के प्रति आभार व्यक्त किया। पम्प प्रबंधन ने कहा कि 17 वर्षों के इस सफर में क्षेत्र के ग्राहकों का निरंतर विश्वास और सहयोग सबसे महत्वपूर्ण रहा है। ग्राहकों ने पम्प को केवल ईंधन उपलब्ध कराने वाले केंद्र के रूप में नहीं, बल्कि भरोसेमंद सेवा केंद्र के रूप में स्वीकार किया। यही विश्वास संस्थान की सबसे बड़ी पूंजी है। पम्प प्रबंधन आमिर अली के अनुसार, ग्राहकों को बेहतर एवं सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराना हमेशा प्राथमिकता रही है। भविष्य में भी सेवा की गुणवत्ता बनाए रखने के साथ ग्राहकों को सम्मानजनक और विश्वसनीय सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रयास जारी रहेगा। इस अवसर पर पम्प परिवार ने वर्षों से जुड़े सभी ग्राहकों, सहयोगियों और शुभचिंतकों का आभार जताया। प्रबंधन आमिर अली ने कहा कि 2009 से 2026 तक का यह सफर ग्राहकों के विश्वास, सहयोग और निरंतर साथ की पहचान है। “आपका भरोसा हमारी ताकत और आपका साथ हमारी पहचान है।”

26 सितंबर से 1 अक्टूबर तक लगेगा निःशुल्क स्वास्थ्य और सर्जिकल शिविर:अभिनव सिन्हा

गाजीपुर में 26 से 28 सितंबर तक लगेगा निःशुल्क वृहद स्वास्थ्य शिविर

विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श के साथ गंभीर मरीजों की होगी पहचान, 27 सितंबर से 1 अक्टूबर तक सर्जिकल शिविर

गाजीपुर। जनसेवा और जनकल्याण की भावना के तहत गाजीपुर में निःशुल्क वृहद स्वास्थ्य सेवा शिविर का आयोजन किया जा रहा है। अभिनव सिन्हा के सौजन्य से 26, 27 एवं 28 सितंबर को लंका मैदान में स्वास्थ्य शिविर आयोजित होगा। इसके साथ ही 27 सितंबर से 1 अक्टूबर तक गाजीपुर मेडिकल अस्पताल में निःशुल्क सर्जिकल शिविर का आयोजन किया जाएगा। अभिनव सिन्हा ने बताया कि शिविर में देश के ख्याति प्राप्त अस्पतालों के विशेषज्ञ एवं अनुभवी चिकित्सकों द्वारा मरीजों को निःशुल्क परामर्श दिया जाएगा। हृदय रोग, न्यूरोलॉजी, हड्डी एवं जोड़, सामान्य रोग, महिला रोग, बाल रोग, नेत्र, कान-नाक-गला, त्वचा, दंत, पेट एवं पाचन, किडनी एवं मूत्र रोग, श्वसन रोग तथा सर्जरी से संबंधित विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श की सुविधा उपलब्ध रहेगी। शिविर में गंभीर अथवा सर्जरी योग्य मरीजों की पहचान कर उन्हें आगे के उपचार के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया जाएगा। महिला, बच्चों और बुजुर्गों के लिए विशेष स्वास्थ्य परामर्श की व्यवस्था रहेगी। आयोजकों के अनुसार शिविर में आने वाले लोगों को ऑनलाइन पंजीकरण कराना होगा। प्रवेश के लिए आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा। पंजीकरण के बाद निर्धारित काउंटर या विभाग में अपनी बारी की प्रतीक्षा करनी होगी। मरीजों को सलाह दी गई है कि वे अपनी पुरानी जांच रिपोर्ट, डॉक्टर की पर्ची और उपचार से संबंधित दस्तावेज साथ लेकर आएं। नियमित रूप से चल रही दवाओं को डॉक्टर की सलाह के बिना बंद न करने की भी अपील की गई है। अभिनव सिन्हा ने कहा कि प्रयास है कि गाजीपुर के जरूरतमंद लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, जांच और विशेषज्ञ चिकित्सकों का मार्गदर्शन निःशुल्क पहुंचाया जा सके।

सैदपुर में जला ‘आशीर्वाद का दीया’, एमएलसी विशाल सिंह चंचल ने काटा केक

सैदपुर में जला ‘आशीर्वाद का दीया’, एमएलसी विशाल सिंह चंचल का हुआ स्वागत

गाजीपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस एवं सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर ‘सेवा संकल्प अभियान—जन सेवा से राष्ट्र सेवा’ के तहत सैदपुर के नगर पंचायत कस्तूरबा गांधी प्रांगण में कार्यक्रम आयोजित हुआ। दीप प्रज्ज्वलित कर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया गया और प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की गई।

इस दौरान बच्चियों ने एमएलसी विशाल सिंह चंचल का पुष्प भेंट कर स्वागत किया। केक काटकर प्रधानमंत्री का जन्मदिवस मनाया गया। कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी ज्योति चौरसिया, तहसीलदार हिमांशु सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी उदय चंद्र राय सहित जनप्रतिनिधि एवं गणमान्यजन मौजूद रहे।

वहीं, विकास भवन के ऑडिटोरियम सभागार में सामाजिक अधिकारिता शिविर के दौरान राष्ट्रीय वयोश्री एवं एडिप योजना के तहत करीब 317 दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क सहायक उपकरण वितरित किए गए। इनमें व्हीलचेयर, ट्राई साइकिल, श्रवण यंत्र, छड़ी, बैसाखी एवं कमोड चेयर आदि शामिल रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री शादी अनुदान योजना एवं कंप्यूटर प्रशिक्षण के प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।