Category Archives: Ghazipur

विधान परिषद सदस्यों के चुनाव हेतु मतदाता सूची का पुनरीक्षण 30 सितम्बर से

विधान परिषद सदस्यों के चुनाव हेतु मतदाता सूची का पुनरीक्षण 30 सितम्बर से होगा
मतदाता सूची का 30 दिसम्बर को अंतिम प्रकाशन
                                             
गाजीपुर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी  नवदीप रिणवा द्वारा प्रदेश की विधान परिषद के पांच स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों तथा छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के सदस्यों का कार्यकाल आगामी वर्ष 06 दिसंबर, 2026 को समाप्त होने के कारण इन निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का पुनरीक्षण कराया जा रहा है। अर्हता तिथि 01 नवम्बर, 2025 के आधार पर यह पुनरीक्षण कार्यक्रम संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में 30 सितंबर, 2025 से प्रारंभ होगा। इस निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन 30 दिसंबर, 2025 को किया जाएगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अगले वर्ष 06 दिसम्बर को विधान परिषद में स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की जो 05 सीटें रिक्त हो रही है, उसमें लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ एवं इलाहाबाद-झांसी है। इसी प्रकार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की जो 06 सीटें रिक्त हो रही है, उसमें लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ, बरेली-मुरादाबाद एवं गोरखपुर-फैजाबाद है। इन सभी निर्वाचन क्षेत्रों में मतदाता सूची के पुनरीक्षण के लिए 30 सितंबर को सार्वजनिक नोटिस जारी होगा। 15 अक्टूबर को समाचार पत्रों में नोटिस का प्रथम पुनर्प्रकाशन तथा 25 अक्टूबर को इसका द्वितीय पुनर्प्रकाशन होगा। फार्म 18 या 19 में आवेदन प्राप्त करने की अंतिम तिथि 06 नवंबर तथा 20 नवंबर को पांडुलिपियों की तैयारी व निर्वाचन नामावलियों का मुद्रण होगा। निर्वाचक नामावलियों का आलेख्य प्रकाशन 25 नवंबर को होगा। दावंे-आपत्तियां दाखिल करने की अवधि 25 नवंबर से 10 दिसंबर तक है। 25 दिसम्बर तक दावें-आपत्तियों का निस्तारण होगा और अनुपूरक सूची तैयार कर मुद्रित की जाएगी। निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन 30 दिसंबर, 2025 को होगा।
उन्होंने बताया कि स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावली में नाम शामिल कराने के लिए आवेदक को अर्हता तिथि से कम से कम 03 वर्ष पूर्व स्नातक हो या इसके समकक्ष अर्हता रखता हो। इसी प्रकार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की निर्वाचक नामावली में नाम सम्मिलित कराने हेतु आवेदक को एक नवम्बर अर्हता तिथि से पहले राज्य के माध्यमिक स्तर के शैक्षिक संस्थानों में विगत 06 वर्षों में 03 वर्ष से शिक्षण कार्य किया हो। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में लखनऊ स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का विस्तार लखनऊ, हरदोई, खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, रायबरेली एवं प्रतापगढ़ जनपद तक। वाराणसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का विस्तार बलिया, गाजीपुर, जौनपुर, वाराणसी, चंदौली, भदोही, मिर्जापुर एवं सोनभद्र जनपद तक। आगरा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का विस्तार आगरा, फिरोजाबाद, मथुरा, अलीगढ़, हाथरस, एटा, मैनपुरी, इटावा, कन्नौज, औरैया, फर्रुखाबाद एवं कासगंज जनपद तक। मेरठ स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का विस्तार बुलंदशहर, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, मेरठ, बागपत, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, शामली एवं हापुड़ जनपद तक। इलाहाबाद झांसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का विस्तार प्रयागराज, कौशांबी, फतेहपुर, बांदा, चित्रकूट, हमीरपुर, महोबा, जालौन, झांसी एवं ललितपुर जनपद तक होगा। इसी प्रकार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में लखनऊ शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का विस्तार लखनऊ, हरदोई, खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, रायबरेली एवं प्रतापगढ़ जनपद तक। वाराणसी शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का विस्तार बलिया, गाजीपुर, जौनपुर, वाराणसी, चंदौली, भदोही, मिर्जापुर, एवं सोनभद्र जनपद तक। आगरा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का विस्तार आगरा, फिरोजाबाद, मथुरा, अलीगढ़, हाथरस, एटा, मैनपुरी, इटावा, कन्नौज, औरैया, फर्रुखाबाद एवं कासगंज जनपद तक। मेरठ शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का विस्तार बुलंदशहर, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, मेरठ, बागपत, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, शामली एवं हापुड़ जनपद तक। बरेली-मुरादाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का विस्तार बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, बदायूं, रामपुर, मुरादाबाद, अमरोहा, बिजनौर एवं संभल जनपद तक। गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का विस्तार बहराइच, श्रावस्ती, गोंडा, बलरामपुर, बस्ती, सिद्धार्थनगर, संतकबीरनगर, गोरखपुर, महाराजगंज, देवरिया, कुशीनगर, आजमगढ़, मऊ, सुल्तानपुर, अयोध्या, अमेठी एवं अंबेडकर नगर जनपद शामिल है।
स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी में लखनऊ के लिए मंडलायुक्त लखनऊ, मेरठ के लिए मंडलायुक्त मेरठ, आगरा के लिए मंडलायुक्त आगरा, वाराणसी के लिए मंडलायुक्त वाराणसी तथा इलाहाबाद-झांसी के लिए मंडलायुक्त झांसी एवं लखनऊ होंगे। इसी प्रकार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी में लखनऊ के लिए मंडलायुक्त लखनऊ, मेरठ के लिए मंडलायुक्त मेरठ, आगरा के लिए मंडलायुक्त आगरा, वाराणसी के लिए मंडलायुक्त वाराणसी, बरेली-मुरादाबाद के लिए मंडलायुक्त बरेली एवं गोरखपुर-फैजाबाद के लिए मंडलायुक्त गोरखपुर है। इन निर्वाचन क्षेत्रों में सम्मिलित समस्त जनपदों के जिलाधिकारी अपने निर्वाचन क्षेत्र के सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा इन निर्वाचन क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाली समस्त विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी भी अपने निर्वाचन क्षेत्र के सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी होंगे।

अधिवक्ता परिषद का स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया

अधिवक्ता परिषद का स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया
गाजीपुर। जन जन तक व गरीब तक न्याय पहुचाने के लिए गठित अधिवक्ता परिषद उत्तर प्रदेश की स्थापना दिवस मनाया जा रहा है। जिसमे क्रम में गाजीपुर इकाई ने शुक्रवार को जिला शासकीय अधिवक्ता सिविल अजय पाठक के कचहरी स्थित चेम्बर में अधिवक्ता परिषद का स्थापना दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में सर्वप्रथम मां सरस्वती के चित्र पर जिला प्रचारक प्रभात, जिलाध्यक्ष सुधाकर राय व महामंत्री शशिज्याोति पाण्डेय ने संयुक्त रूप से माल्यापर्ण कर दीप प्रज्जवलित किया। कार्यक्रम का उदबोधन अपर जिला शासकीय अधिवक्ता अभय नरायन तिवारी, अजय पाठक, जिला शासकीय अधिवक्ता फौजदारी कृपाशंकर राय, जिला शासकीय अधिवक्ता राजस्व बंशीधर कुशवाहा, सिविल बार की महासचिव ज्योत्सना श्रीवास्तव ने अपने अपने विचार व्यक्ति किये।

कार्यक्रम के अन्त में जिला प्रचारक प्रभात ने बताया कि न्यायमं धर्मः के उददेश्य से जन जन तक गरीब व असहायो को न्याय पहुच सके इस परिकल्पना के साथ अधिवक्ता परिषद का गठन किया गया। अधिवक्ता परिषद का गठन सन 1992 में दन्तोपंथ ठेगड़ी ने किया था। जो सभी जनपदो में अपने अधिवक्ता साथियो के माध्यम से जन जन तक न्याय पहुंचा सके। मातृ संगठन को मजबूत व स्वावलंबी बनाने व मातृ शक्ति को त्वरित न्याय मिल सके इसके लिए मातृ अधिवक्ताओ को संगठित किया जा रहा है। इसके साथ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी समारोह की चर्चाा करते हुए पंच प्रण की विस्तार से बताते हुए कहा कि विजय दशमी के दिन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अपना 100 वर्ष पूर्ण कर शताब्दी समारोह मनायेगा और अपने कार्यक्रम में समरसता, कुटुम्भ प्रबोधन, पर्यावरण, स्वदेशी जागरण, स्वः का निर्माण व सभी के योगदान से राष्ट्र निर्माण के भागीदार बने और संघ समाज में विलीन हो जायेगा।

इस कार्यक्रम की अध्यक्षता सुधाकर राय व संचालन महामंत्री शशिज्योति पाण्डेय ने किया। अवसर पर अपर जिला शासकीय अधिवक्ता अखिलेश ंिसंह, जयप्रकाश सिंह, सोनी सिंह, क्षमा त्रिपाठी, रीना त्रिपाठी, अनुज राय, राजेश श्रीवास्तव, अजय तिवारी, वरिष्ठ अधिवक्ता सीताराम राय, अश्वनी पाण्डेय, शशिकान्त सिंह, अजित सिंह, राजेश पाण्डेय, कैलाश, अभिमन्यू उपाध्याय, अमित बिन्द आदि अधिवक्ता उपस्थित रहे।

डीएम ने की बैठक,एक लाख आभा आईडी बनवाने का दिया लक्ष्य

गाजीपुर ।जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति शासी निकाय की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने जनपद मे एक लाख आभा आई डी बनवाने का लक्ष्य दिया है। उन्होने कहा कि अगले बैठक तक सभी आशा के माध्यम से लक्ष्य को पूरा कर लिया जाए। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि आशा अपने क्षेत्रों में संचालित हो रहे अवैध अस्पतालों की सूचना संबंधित को देंगे जिससे उचित कार्यवाही हो सके। उन्होने समस्त एम ओ वाई सी को निर्देश दिया कि अपने- अपने क्षेत्रो के मरीजो की जानकारी अवश्य रखे, अपने- अपने क्षेत्र के आशा की मानिटरिंग समय-समय पर करते रहे। जिलाधिकारी ने अच्छा कार्य करने वाले आशा को मुख्य चिकित्साधिकारी के माध्यम से सम्मानित करने का निर्देश दिया।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने समस्त एम0ओ0वाई0सी0 को निर्देशित किया कि किसी भी प्रकार का भुगतान पेण्डिंग न रहें तत्काल भुगतान करें। उन्होने कहा कि टी0बी0 मरीजो को सरकारी दवा ही दी जाए एवं जॉच कराने के लिए जागरूक करें किसी भी मरीज को बाहर की दवा न दी जाए। जिलाधिकारी ने संबंधित को निर्देशित किया कि आशा का भुगतान समय से किया जाए,समस्त एम0ओ0वाई0सी0 तहसीलों पर बी0एच0एन0डी0 की बैठक करते रहें। जिलाधिकारी ने कहा कि हेल्थ वेलनेस सेन्टर पर आवश्यक दवाओ की उपलब्धता रहे, ओ0पी0डी0 का संचालन तथा नियमित रूप से सी0एच0ओ0 एवं एन0एम0 की उपस्थिति का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने संबंधित चिकित्सा अधीक्षको को हेल्थ वेनलेस सेन्टर की क्रियाशीलता बराबर चेक करते रहने का निर्देश दिया। समीक्षा के दौरान उन्होने जननी सुरक्षा योजनार्न्तगत गर्भवती महिलाओं के संस्थागत प्रसव के संबंध मे जानकारी लेते हुए इस कार्यक्रम के अन्तर्गत महिलाओ को निःशुल्क भोजन तथा दवा एवं ड्राप बैक की सुविधा के साथ-साथ 48 घण्टे रोके जाने के निर्देश दिए।  
बैठक मे जिलाधिकारी ने ओ पी डी एवं आई पी डी की समीक्षा, एफ आर यू0 , आर बी एस के कार्यक्रम, दृष्टिहीनता निवारण, एम्बुलेंस सेवाए, वेक्टर जनित रोग नियंत्रण, ई-कवच, आभा आई डी प्रगति, जननी सुरक्षा योजना, जे0एस0वाई के भुगतान, मातृत्व मृत्यु दर की समीक्षा, परिवार कल्याण कार्यक्रम, टीकाकरण, क्षय रोग नियंत्रण, कुष्ठ उन्मूलन, प्रधानमंत्री आयुष्मान कार्ड, जन्म-मृत्यु पंजीयन, अन्य बिन्दुओ पर विस्तारपूर्वक समीक्षा की।  उन्होने कहा कि जो भी शासन की योजनाए संचालित है उसका शत-प्रतिशत क्रियान्वयन हो, कोई भी पात्र योजना से वंचित न रहे।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, प्रधानाचार्य मेडिकल कालेज आनन्द मिश्रा, मुख्य चिकित्साधिकारी सुनिल पाण्डेय, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी (एन एच एम), समस्त एम ओ वाई सी एंव अन्य सम्बन्धित जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

22 सितंबर को लगेगा रोजगार मेला

गाजीपुर। निदेेशक, सेवायोजन, उत्तर प्रदेश लखनऊ के निर्देशानुसार जनपद गाजीपुर में अधिक से अधिक बेरोजगार युवको को सेवायोजित कराने के उद्देश्य से जिला सेवायोजन कार्यालय, गाजीपुर एवं राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, गाजीपुर के संयुक्त तत्वाधान में एकदीवसीय निःशुल्क रोजगार मेला का आयोजन राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, गाजीपुर में 22-09-2025 को आयोजित किया जाएगा । इस मेले में मुख्य रूप से सहायक क्षे़त्रीय प्रबन्धक, उ0प्र0 परिवहन निगम, गाजीपुर प्रतिभाग करेंगी। इसके अतिक्ति बीग-ट्री,एम मल्टीटास्क द्वारा सेफ एक्सप्रेस एवं विजन इण्डिया द्वारा एम0आर0एफ0 प्रतिभाग करेंगी। संविदा चालक पद की अर्हताएं- शिक्षक योग्यता कक्षा 08 पास, ड्राइविंग लाईसेन्स 02 वर्ष पुराना वैध हैवी लाईसेन्स, लम्बाई 05 फुट 03 ईंच, आयु 23 वर्ष 06 माह से 40 वर्ष, रिक्त 60 पद एवं मानदेय नियमानुसार व अन्य लाभ है। नियोजक द्वारा अपने रिक्तियों संबंधी समस्त विवरण विभागीय वेब पोर्टल-  https://rojgaarsangam.up.gov.in  पर प्रदर्शित कर दिया गया है।अभ्यर्थी रोजगार संगम पोर्टल पर अपना  पंजीयन कराकर उक्त मेले में प्रातः 10ः30 बजे समस्त शैक्षिक योग्यता के मूल प्रमाण-पत्रों/छायाप्रति के साथ प्रतिभाग करना सुनिश्चित करें, इस संबंध में कोई मार्ग व्यय देय नहीं होगा। विस्तृत जानकारी हेतु जिला सेवायोजन कार्यालय से भी सम्पर्क कर सकते है।

बाल कल्याण संरक्षण समिति की हुई बैठक,दी गई जानकारी

गाजीपुर।जिला प्रोबेशन अधिकारी  संजय कुमार सोनी के दिशा निर्देशानुसार शुक्रवार को ब्लाक बाल कल्याण संरक्षण समिति की बैठक सदर ब्लाक मे आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता खण्ड विकास अधिकारी द्वारा की गई। महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित महत्वपूर्ण योजनाएं जैसे- ’मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य), मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, स्पॉन्सरशिप योजना, बाल  तस्करी, बाल भीक्षावृत्ती, निराश्रित महिला पेंशन योजना, वन स्टॉप सेंटर, चाइल्ड हेल्पलाइन, दत्तक ग्रहण के कार्य प्रणाली एवं उनसे मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी दिया गया। सभी हेल्पलाइन नम्बर्स 181, 1090, 1076, 112, 108, 1098 एवं महिला कल्याण विभाग उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही सभी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया । बैठक  में सभी सम्मानित सदस्य  उपस्थित थे ।

सीडीओ की अध्यक्षता में हुई बैठक,की गई चर्चा

गाजीपुर।वित्तीय वर्ष 2025-26 में विकसित भारत युवा नेता संवाद (VBYLD  ) के अन्तर्गत जनपद स्तर पर युवा उत्सव कार्यक्रम के पर्यवेक्षण एवं आयोजन हेतु जनपद स्तरीय समिति की बैठक मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में आहुत की गई। बैठक में समिति द्वारा कार्यक्रम के आयोजन हेतु विस्तार से चर्चा की गई। सांस्कृतिक एवं इनोवेशन ट्रैक यथा डिक्लेमेशन, कहानी लेखन, पेन्टिंग, लोकनृत्य समूह, लोकगीत समूह, कविता लेखन, इनोवेशन (सांइस मेला प्रदर्शनी) में प्रतिभाग करने हेतु प्रतिभागियों का पंजीकरण My Bharat Portal  पर 10 अक्टूबर, 2025 तक अनवार्य रुप से किया जाए। प्रतिभागी युवाओं की आयु 01 सितम्बर, 2025 को 15 से 29 वर्ष के मध्य होना अनिवार्य है। कार्यकम का प्रचार-प्रसार प्रिन्ट / इलेक्ट्रानिक मिडिया, माध्यमिक/उच्च शिक्षा एवं अन्य संस्थानो में कराने का सुझाव दिया गया। मुख्य विकास अधिकारी द्वारा कार्यक्रम को भव्यता प्रदान करने हेतु विधावार अलग-अलग नोडल अधिकारी नामित करने का निर्देश दिया गया। जिसके लिए जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी, प्राचार्य राजकीय पालटेक्निक, आ०टी०आई०, जिला सूचना अधिकारी, जिला युवा अधिकारी नेहरु युवा केन्द्र आदि को नामित करने का सुझाव दिया गया। जिला युवा कल्याण अधिकारी सम्पूर्ण कार्यक्रम का नोडल अधिकारी होगें। युवा उत्सव 2025-26 का आयोजन 17 अक्टूबर, 2025 को कराए जाने का निर्णय समिति द्वारा लिया गया। डिक्लेमेशन, लोकनृत्य (समूह), लोकगीत (समूह) साइंस मेला प्रदर्शनी एवं पुरस्कार वितरण आडिटोरियम हाल में तथा कहानी लेखन, पेटिंग एवं कविता लेखन पी०जी० कालेज में कराए जाने का निर्णय लिया गया। बैठक में राकेश कुमार जिला सूचना अधिकारी, डा० मनीष कुमार तिवारी प्रवक्ता राजकीय पालटेक्निक,  सुभाष चन्द्र प्रसाद लेखाकार माई भारत, शिवानन्द चतुर्वेदी लेखाकार जिला विद्यालय निरीक्षक एवं दिलीप कुमार जिला युवा कल्याण अधिकारी एवं समस्त क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी उपस्थित रहे।

त्योहार को देखते हुए खाद्य पदार्थों के लिए गए नमूने,जांच के बाद होगी कार्यवाही

गाजीपुर।आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उ0प्र0, लखनऊ एवं जिलाधिकारी अविनाश कुमार के आदेश पर  दिनेश कुमार अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) /आर0सी0 पाण्डेय सहायक आयुक्त (खाद्य)-II  गाजीपुर के निर्देशन में जनपद में आगामी नवरात्रि व दशहरा पर्व के दृष्टिगत आम जनमानस को गुणवत्तापूर्ण खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराए जाने हेतु प्रभावी प्रवर्तन कार्यवाही/विशेष अभियान चलाकर कुल-10 नमूना संग्रहित किया गया। जिसमें दिनांक 18.09.2025 को बाराचवर मुहम्मदाबाद स्थित संजय कुमार गुप्ता के प्रतिष्ठान शिवम जलपान गृह से बर्फी एवं खोया का 01-01 नमूना, पातालगंगा चट्टी, गाजीपुर स्थित अनिल कुमार राय के प्रतिष्ठान शिवम एण्ड शुभम किराना स्टोर से चाय एवं बादाम का 01-01 नमूना तथा दिनांक 19.09.2025 को मेसर्स-रिलायंस रिटेल लिमिटेड, मालगोदाम रोड, गाजीपुर से- सिंघाडा आटा (ग्रह लक्ष्मी ब्राण्ड) का 01 नमूना, कूट्टू आटा का 01 नमूना, केला पापड़ का 01 नमूना, साबूदाना का 01 नमूना, देशी घी (ज्ञान ब्राण्ड) का 01 नमूना व मूगफली का 01 नमूना लिया गया। संग्रहित नमूनें खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला, उ0प्र0 प्रेषित किये जा रहें है, जॉच रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के अन्तर्गत विधिक कार्यवाही की जाएगी। नमूना संग्रह की कार्यवाही  सुमन कुमार मिश्र मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी गाजीपुर के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों गुलाबचन्द गुप्त, पंकज कुमार कन्नौजिया, अरविन्द प्रजापति, धनन्जय सिंह, विरेन्द्र यादव एवं बिपिन कुमार गिरि की टीम द्वारा की गयी।

15 दिवसीय विशेष प्रदर्शनी का आयोजन

गाजीपुर।सेवा पर्व के अवसर पर सूचना विभाग द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर में 15 दिवसीय विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के व्यक्तित्व और कृतित्व, न्यू इंडिया @2047 की परिकल्पना तथा उत्तर प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी के दूसरे दिन शशिकांत शर्मा जिला मीडिया प्रभारी भाजपा, ने भारी संख्या में उपस्थित जनसामान्य के साथ प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रदर्शनी आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने का प्रभावी माध्यम है। प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम, स्टार्टअप एवं स्वरोजगार योजनाओं के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि से जुड़ी योजनाओं का आकर्षक और रोचक पोस्टरों के माध्यम से प्रदर्शन किया जा रहा है। लोगों ने विशेष रुचि लेकर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। यह भी जाना कि इन योजनाओं से किस प्रकार वे सीधे लाभान्वित हो सकते हैं। प्रदर्शनी प्रतिदिन आमजन के लिए खुली रहेगी, जहां नागरिक अपनी सुविधा अनुसार विभिन्न योजनाओं की जानकारी हासिल कर सकेंगे। इस अवसर पर सोमारू चौहान, गोपाल राय, मुरली कुशवाहा, अरविंद सिंह, तेज बहादुर सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

श्री मुनि आगमन, ताड़का वध, लीला सीताराम मिलन का हुआ लीला मंचन


श्री मुनि आगमन, ताड़का वध, लीला सीताराम मिलन

गाजीपुर। अति प्राचीन श्रीरामलीला कमेटी हरिशंकरी की ओर से लीला के दूसरे दिन 18 सितम्बर दिन गुरूवार के शाम 7:00 बजे से वन्दे वाणी विनायकौ आदर्श श्रीरामलीला मण्डल के कलाकारो द्वारा हरिशंकरी स्थित श्रीराम चबूतरा पर मुनि आगमन, ताड़का वध अहिल्या उद्धार तथा सीताराम मिलन लीला का मंचन किया गया। लीला के क्रम में दर्शाया गया कि महामुनि विश्वामित्र अपने आश्रम पर शिष्यों सहित धार्मिक अनुष्ठान कर रहे थे कि अचानक राक्षसो का समूह उनके अनुष्ठान (यज्ञ) को विध्वंस करना शुरू कर दिया।

इससे महामुनि विश्वामित्र चिन्तित हो गये थोड़ी देर बार उन्होंने विचारा कि धरती पर असुरों के समूह का नाश करने के लिए नारायन ने संकल्प लिया था कि अयोध्या के चक्रवर्ती महाराज दशरथ के घर असन्ह सहित अवतार लिया था। यही सोचकर महामुनि विश्वामित्र अपनी यज्ञ की रक्षा हेतु अयोध्या केे लिए चल देते है, वहाँ द्वार पर पहुँचे। दूतों ने महामुनि विश्वामित्र के आगमन की सूचना महाराज दशरथ को देते है, महाराज दशरथ महामुनि के आने पर दरवाजे पर आकर उनका स्वागत करते है और आदर पूर्वक उन्हें अपने राज दरबार में ले जाते है और उन्हें सिंहासन पर विराजमन करके निवेदन करते है कि हे मुनि आपका आगमन का कारण बतावे।

इतना बात सुनकर महामुनि विश्वामित्र ने कि महाराज असुरों द्वारा हमारे यज्ञ में विघ्न पहुँचा रहे है, यज्ञ सफल नही होने दे रहे है। अतः मै आपके पास आपकेे पुत्र श्रीराम लक्ष्मण को लेने आया हूँ, इतना सुनकर महाराज दशरथ ने दोनो पुत्रों को देने से इंकार कर देते है इतने में विश्वामित्र ने क्रोधित में होते है। उनके क्रोध को देखकर महाराज दशरथ के कुल गुरू महर्षि वशिष्ठ महाराज दशरथ महाराज दशरथ को समझाते है कि महाराज दशरथ अपने पुत्रों को महामुनि विश्वामित्र के साथ भेज दे। इसी में सबका कल्याण है इतना सुनने के बाद महाराज दशरथ अपने दोनों पुत्रों रामलक्ष्मण को बुलाकर महामुनि विश्वामित्र को सौंप देते है।

महामुनि विश्वामित्र श्रीराम लक्ष्मण को लेकर अपने आश्रम के लिए प्रस्थान कर देते है, थोड़ी देर बाद घने जंगल में पहुँचकर श्रीराम लक्ष्मण ने एक पद चिन्ह देखा उसके बारे में महामुनि विश्वामित्र से जानकारी लेते है कि हे महामुनि यह पद चिन्ह किसका है। श्रीराम के प्रश्न का उत्तर देते हुए महामुनि विश्वामित्र ने कहा कि हे राम यह पद चिन्ह राक्षसी ताड़का का है वह इसी जंगल में कही छिपी हुई है। इतना सुनने के बाद श्रीराम ने अपने धनुष की टंकार से ताड़का को क्रोधित कर देते है वह क्रोधित होकर महामुनि विश्वामित्र के ऊपर झपटना चाही।

इतने में महामुनि विश्वामित्र के आदेशानुसार श्रीराम ने ताड़का का वध कर दिया लीला के क्रम में महामुनि विश्वामित्र के साथ रामलक्ष्मण आगे चले तो उन्होंने आगे जाने पर एक शिला देखी उसके बारे में महामुनि विश्वामित्र से राम ने पूछा कि हे मुनि यह शिला किसका है, महामुनि विश्वामित्र ने कहा कि हे राम ये गौतम ऋषि की पत्नी अहिल्या का है जो गौतम ऋषि ने श्राप दे करके पत्थर बना दिया है। वह आपके चरण रज को चाहती है इतना सुनने के बाद श्रीराम अपने चरण स्पर्श से उस पत्थर को छू दिया जिससे वह पुनः नारी केे रूप में परिवर्तित हो गयी।

श्रीराम लक्ष्मण महामुनि विश्वामित्र के आश्रम में पहुंचकर उनके यज्ञ की रक्षा किया और दूसरे दिन महामुनि विश्वामित्र से नगर भ्रमण के लिए निवेदन किया महामुनि विश्वामित्र ने कहा कि हे राम जनकपुर नगर भ्रमण करने के साथ ही आप मेरे पूजा के लिए थोड़ा फूल लेते आना, मुनि के आज्ञा अनुसार वे नगर भ्रमण करने चल देते है, उसी दौरान वे एक फुलवारी में जा करके माली से आदेश ले कर फूल तोड़ते है, इसी बीच गौरी पूजा के लिए सीता जी भी उसी बगीचे में जाती है। दोनों एक दूसरे को देखते है वही सीता और राम का मिलन होता है।


इस अवसर पर कमेटी के उपाध्यक्ष डा0 गोपाल जी पाण्डेय पूर्व प्रवक्ता, मंत्री ओमप्रकाश तिवारी उर्फ बच्चा, उपमंत्री पण्डित लवकुमार त्रिवेदी उर्फ बड़े महाराज, प्रबन्धक मनोज कुमार तिवारी, उपप्रबन्धक मयंक तिवारी, कोषाध्यक्ष रोहित अग्रवाल, अशोक अग्रवाल, सुधीर अग्रवाल, पण्डित कृष्ण बिहारी त्रिवेदी, रामसिंह यादव, प्रमोद कुमार गुप्ता, आदि रहे।

गाजीपुर में प्रबुद्ध सम्मेलन हुई आयोजित

गाजीपुर।इस देश मे जिस भी व्यक्ति ने अपने मिशन को आगे बढ़ाया है, जिसके मन मे राष्ट्र, समाज और सृष्टि के कल्याण का भाव विचार रहा है, उसको काशी को अपना मिशन बनाना पड़ता है।बुद्ध हो, शंकराचार्य हो, तुलसी हो, कबीर हो, नानक हो, सबको काशी आना पड़ा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी कोई बोझ नहीं था, बस उनके मन में एक मिशन था, विचार था, सिद्धांत था और आदर्श था जिसको क्रिया रूप देने के लिए उन्होंने काशी का चयन किया।आज सफलता से विकसित भारत लक्ष्य को लेकर आगे बढ़ रहे हैं।यह बात आज भारतीय जनता पार्टी द्वारा नगर के रायल पैलेस में गुरुवार को नरेंद्र मोदी जन्मदिवस अवसर पर चल रहे सेवा पखवाड़ा के दूसरे दिन नगर के वंशी बाजार के रायल पैलेस में जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय की अध्यक्षता में आयोजित प्रबुद्ध सम्मेलन को मुख्य अतिथि काशी हिन्दू विश्वविद्यालय वाराणसी के पूर्व उप कूलपति गिरिश चंद्र त्रिपाठी ने संबोधित करते हुए कहा उन्होंने कहा कि प्रबुद्ध जनों को समाज व राष्ट्र के लिए आगे आना चाहिए सिर्फ अपने लिए नहीं आने वाली पीढियां के लिए,उन्होंने कहा कि समाज में विघटनकारी शक्तियां बड़ी तेजी से क्रियाशील हो रही हैं इसलिए प्रबुद्ध जन से आग्रह है कि वे अपनी नैतिक जिम्मेदारी को स्वीकार करे और समाज को दिशा दे।आयोजन की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि देशभक्तों ने कभी भी अपने जाति, अपने समाज का विचार नहीं किया उनके लिए राष्ट्र प्रथम रहा है और वही प्रेरणा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन आदर्शों मे निहित है। उन्होंने मनोज सिन्हा की चर्चा करते हुए कहा कि उन्होंने सांसद बनने के बाद जिस तरह से गाजीपुर के विकास का विचार किया वह उनकी जागरूकता, सामाजिक समझ और बीएचयू की शिक्षा का प्रभाव है। आज भी वे अनेकों प्रकार से इस क्षेत्र का नेतृत्व कर रहे हैं। समाज में प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका होती है, लेकिन कोई राष्ट्र महान तब बनता है जब उस राष्ट्र का प्रत्येक व्यक्ति अपनी क्षमता योग्यता के अनुसार उसमें योगदान देता है ।परंतु क्षमता योग्यता का अहसास प्रत्येक व्यक्ति को हो यह जिम्मेदारी प्रबुद्ध जनों की होती है जो प्रत्येक व्यक्ति को जोड़कर राष्ट्र की मुख्य धारा से संयोजित करें। समाज को दुष्टों की दूष्टता से उतनी क्षति नहीं हुई जितनी सज्जनों की निषक्रियता से हुई है उन्होंने कहा कि भारत एक दर्शन है, दृष्टि है, विचार है।
पूर्व विधान परिषद सदस्य डॉ केदारनाथ सिंह ने कहा कि कुचक्र के कारण इस देश की राष्ट्रवादी विचारधारा को पूर्व की सरकारों ने हताश किया। इस देश की जिस सांस्कृतिक विरासत को दुनिया के सामने लाई जानी चाहिए थी वह वहां नहीं पहुंचाई गई।
स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ राघवेंद्र पांडेय ने कहा कि भारत तेजी से बढ़ती हुई अर्थव्यवस्था का देश बन चुका है।उन्होंने कहा की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 तक भारत को विकसित बनाने का जो विजन रखा है उस लक्ष्य को भेदने का आधार समाज का प्रबुद्ध वर्ग ही है। विश्व में भारत को सामर्थ्यवान देश बनाते हुए विकसित भारत बनाना है और अपने आने वाली पीढियों को दिशा देना है। उन्होंने कहा कि प्रबुद्ध वर्ग समाज को दिशा देने में स्थिर हो गया प्रतीत होता है।
विषय प्रवर्तन साहित्यिक विधा के साथ समाज कल्याण के लिए काम करने वाले डा. माधव कृष्ण ने रखा और कहा कि भारत की अगली क्रांति विकास व आत्मनिर्भरता की होगी हमे उस मुद्दे पर एक होना चाहिए चाहे सरकार किसी भी राजनैतिक दल की हो।
गोष्ठी को काशी के मेयर रहे राम गोपाल मोहले ,शशिधर सिंह ने भी संबोधित किया।
जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने स्वागत उदबोधन के साथ मुख्य अतिथि का स्मृति चिन्ह, पुष्प गुच्छ भेंट कर सम्मान किया।
कार्यक्रम संयोजक मनोज सिंह ने सबके प्रति आभार धन्यवाद व्यक्त किया और मंचासीन अतिथियों का पुष्प गुच्छ, अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह से सम्मानित किया ‌।
गोष्ठी का शुभारंभ महामनिषियों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर, दीप प्रज्वलित कर वंदेमातरम् से तथा समापन राष्ट्र गान से हुआ। संचालन डा. संतोष मिश्रा ने किया।
गोष्ठी में हनुमान विश्वकर्मा अधिवक्ता,डा अरविन्द सिंह, प्रदीप कुमार, सरिता अग्रवाल नगर पालिका अध्यक्ष,अजय गौतम, पारसनाथ राय, भानु प्रताप सिंह, कृष्ण बिहारी राय, सुनील सिंह, बृजेन्द्र राय,कालीचरन राजभर,सानन्द सिंह,डा प्रदीप पाठक,पप्पू सिंह, प्रवीण सिंह, दयाशंकर पांडेय, अवधेश राजभर, नरेन्द्र सिंह, अच्छेलाल गुप्ता,शशिकांत शर्मा, कार्तिक गुप्ता, जितेन्द्र नाथ पांडेय, गर्वजीत सिंह, विनित शर्मा, व्यास मुनि राय,डा श्रीकान्त पांडेय सहित आदि अन्य समाज के विभिन्न क्षेत्रों में स्थापित प्रबुद्ध जन उपस्थित थे।