गाजीपुर। पुलिस अधीक्षक गाजीपुर द्वारा अवगत कराया गया है। दिनाक 11.09.2025 को मृतक सियाराम उपाध्याय उर्फ जोखू पुत्र गिरजा उपाध्याय निवासी ग्राम गठिया थाना नोनहरा जनपद गाजीपुर की मृत्यु हो गयी है। मृतक के परिजनों द्वारा यह आरोप लगाया जा रहा है कि 09.09.2025 को थाना नोनहरा में हुए धरना में पुलिस कार्यवाही के कारण मृत्यु हुई है। प्रकरण की गम्भीरता एवं संवेदनशीलता को देखते हुए उक्त प्रकरण की निष्पक्ष और स्वतंत्र जॉच हेतु मजिस्ट्रीयल जॉच किया जाना आवश्यक प्रतीत होता है। तद्क्रम में जिलाधिकारी अविनाश कुमार के आदेश 12.09.2025 द्वारा मुख्य राजस्व अधिकारी को मजिस्ट्रेट नामित किया गया है । उन्होने निर्देश दिया है कि प्रश्नगत प्रकरण की मजिस्ट्रीयल जॉच कर एक माह के भीतर अपनी जॉच रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
छात्रों की जीत: वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय की टीम 16 सितंबर को पीजी कॉलेज गाजीपुर में लगाएगी विशेष कैंप गाजीपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर के कुलपति के निर्देश पर, छात्रों की समस्याओं को सुलझाने के लिए एक बड़ा कदम उठाया गया है। पूर्व छात्र संघ उपाध्यक्ष दीपक उपाध्याय के प्रयासों से, विश्वविद्यालय की एक विशेष टीम 16 सितंबर को स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गाजीपुर में छात्रों के लिए एक विशेष कैंप लगाएगी। यह पहल 25 अगस्त को शुरू हुई जब दीपक उपाध्याय ने कुलपति के नाम संबोधित एक पत्र परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह को सौंपा था। पत्र में उन्होंने गाजीपुर जनपद में एक “निस्तारण पटल कैंप” लगाने की मांग की थी, जिस पर डॉ. विनोद कुमार सिंह ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया था। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए, दीपक उपाध्याय ने इस शिकायत को जनसुनवाई पोर्टल पर भी दर्ज कराया।
इन प्रयासों का परिणाम जल्द ही देखने को मिला। 3 सितंबर को, परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह ने प्राचार्य को एक पत्र लिखकर छात्रों की समस्याओं की एक सूची तैयार करने और परीक्षा विभाग के प्रभारी को 8 सितंबर को जौनपुर विश्वविद्यालय में बुलाने का निर्देश दिया। 8 सितंबर को परीक्षा प्रभारी को जौनपुर विश्वविद्यालय में बुलाया गया था, जहाँ छात्रों की समस्याओं का समाधान किया गया। और यदि किसी कारणवश अभी भी किसी छात्र की परीक्षा या रिजल्ट संबंधित समस्या का समाधान नहीं हो पाया है, तो उसके लिए परीक्षा नियंत्रक ने 11 सितंबर को एक पत्र जारी किया है। इस पत्र में बताया गया है कि 16 सितंबर को जौनपुर विश्वविद्यालय की टीम महाविद्यालय में कैंप लगाकर छात्रों की समस्याओं का समाधान करेगी। इस खबर से छात्रों में खुशी का माहौल है। छात्र नेता दीपक उपाध्याय व सुधांशु तिवारी ने छात्रों से अपील की है कि वे अपनी सभी परीक्षा और रिजल्ट संबंधी समस्याओं को लेकर इस कैंप में पहुंचें और मौके पर ही अपनी परेशानियों का समाधान कराएं। उन्होंने कुलपति महोदय और परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह का हृदय से आभार व्यक्त किया है, जिनके सहयोग से यह संभव हो पाया।
गाजीपुर : कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने मृतक भाजपा कार्यकर्ता के परिवार से की मुलाकात, सरकार से मांगा एक करोड़ और नौकरी का मुआवजा
गाजीपुर।यूपी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने गाजीपुर में पुलिस लाठीचार्ज में मारे गए भाजपा कार्यकर्ता सियाराम उपाध्याय के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया और सरकार से मृतक के परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की। साथ ही दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की भी जोरदार मांग उठाई।
अजय राय ने भाजपा नेतृत्व पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि “प्रधानमंत्री के स्वागत में सभी बड़े नेता व्यस्त रहे, लेकिन मृतक के परिवार की मदद के लिए कोई आगे नहीं आया। आज की भाजपा, अटल बिहारी बाजपेयी वाली भाजपा नहीं रह गई है।” उन्होंने कहा कि पुलिस लाठीचार्ज के वीडियो देखकर ऐसा लगता है मानो यह अंग्रेजों के हुकूमत का दौर हो। उन्होंने यह भी कहा कि मृतक का परिवार बेहद गरीब और दुखी है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने स्पष्ट कहा कि “कांग्रेस पार्टी हर परिस्थिति में पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और हर संभव सहयोग करने के लिए हम और हमारी पार्टी तैयार है।”
अजय राय ने कटाक्ष करते हुए कहा कि “भाजपा सरकार में इंसान की जान की कोई कीमत नहीं रह गई है। अपने कार्यकर्ता की मौत पर भी सरकार मौन है। जब अपने ही कार्यकर्ता की सुध भाजपा नहीं ले रही, तो आम जनता के दुख-दर्द की कल्पना करना मुश्किल नहीं है।”
उन्होंने मांग की कि सरकार तुरंत पीड़ित परिवार को न्याय दिलाए और दोषियों को कठोर सजा दे।
परिजनों से मुलाकात के बाद अजय राय वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं कर्मठ कार्यकर्ता जनक कुशवाहा के घर उनकी लड़की की मृत्यु के उपरांत शोक सवेदना व्यक्त करने उनके घर बरेजी पहुंचे, जहां उन्होंने उनके निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की और परिजनों के साथ देर तक बैठकर दुख साझा किया। इसके बाद अजय राय कार्यकर्ताओं के साथ गाजीपुर होते हुए वाराणसी के लिए रवाना हुए। शोक संवेदना व्यक्त करने वालों में प्रमुख रूप से कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुनील राम, शहर अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा, प्रदेश सचिव फसाहत हुसैन बाबू, वाराणसी महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, पूर्व विधायक अमिताभ अनिल दुबे, अजय कुमार श्रीवास्तव, हामिद अली, ओम प्रकाश ओझा, विनोद सिंह, कल्लू राजू गौतम, अरविंद मिश्रा, राम नगीना पांडे, शशांक उपाध्याय, दिव्यांशु पांडे,उषा चतुर्वेदी, कुसुम तिवारी, सुमन चौबे, अखिलेश यादव, आशुतोष गुप्ता, महबूब निशा, धर्मेंद्र सबीउल हसन आदि सैकड़ो की संख्या में लोग उपस्थित रहे।
गाजीपुर। महिला कल्याण विभाग उत्तर प्रदेश लखनऊ द्वारा संचालित ‘‘संकल्प‘‘ हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वूमेन के अंतर्गत सितंबर माह में 10 दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत गुरुवार को ’ राजकीय बालिका इंटर कॉलेज सादात एवं प्राइमरी विद्यालय नवापुरा में छात्र-छात्राओं को पोक्सो अधिनियम पर कार्यक्रम कर जानकारी प्रदान की गई । पोक्सो अधिनियम के अंतर्गत- बाल सभा, बाल विवाह, बाल यौन शोषण की रोकथाम, एवं बच्चों के अधिकार पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम के बारे में बताया गया जिसमें संक्षेप में, बाल सभाएँ न केवल बच्चों को ज्ञान और कौशल प्रदान करती हैं, बल्कि समुदायों में बाल संरक्षण के प्रति एक मजबूत और सहभागी दृष्टिकोण को बढ़ावा देती हैं, जो बाल विवाह और बाल शोषण जैसी हानिकारक प्रथाओं को रोकने के लिए महत्वपूर्ण है के बारे में जानकारी दी गई। महिला हेल्पलाइन नंबर 181 चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 बाल कल्याण समिति एवं महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित सभी योजनाओं जैसे बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना महिलाओं के कार्यस्थल पर लैंगिक हिंसा मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना सामान्य एवं निराश्रित महिला पेंशन योजना के बारे में छात्र-छात्राओं को अवगत कराया। कार्यक्रम में विद्यालय के अध्यापिकाए जिला मिशन कोऑर्डिनेटर नेहा राय एवं जेंडर स्पेशलिस्ट लक्ष्मी मौर्य मौजूद रहे।
गाजीपुर।पुलिस की पिटाई से बीजेपी के एक कार्यकर्त्ता की मौत का मामला सामने आया है।गाजीपुर में थाने में पुलिस के लाठीचार्ज के दौरान घायल बीजेपी कार्यकर्ता की मौत के बाद लोगों में रोष बना है।मामला नोनहरा थाने में पुलिस द्वारा लाठीचार्ज का है।गाजीपुर के नोनहरा थाने में 9 सितम्बर को बीजेपी कार्यकर्त्ता धरना दे रहे थे।अपनी विभिन्न मांगों को लेकर बीजेपी कार्यकर्त्ता थाना परिसर में धरना दे रहे थे।आरोप है कि 9 सितम्बर की आधी रात को थाने में धरना दे रहे प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया।आरोप है पुलिस ने थाने में लाइट बंद कर प्रदर्शनकारियों की बर्बर पिटाई की।पुलिस के लाठीचार्ज का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।पुलिस की पिटाई से कई बीजेपी कार्यकर्त्ता घायल हुए थे।जिसमे आज एक बीजेपी कार्यकर्त्ता सियाराम उपाध्याय की मौत हो गयी।लाठीचार्ज के दौरान पुलिस की पिटाई बीजेपी कार्यकर्त्ता सियाराम गम्भीर रूप से घायल हुआ था,और आज अपने घर मे उसकी मौत हो गयी।जिसके बाद उसके गांव रुकन्दीपुर में बड़ी संख्या में बीजेपी कार्यकर्त्ताओं और ग्रामीणों का जमावड़ा लग गया।मृतक बीजेपी कार्यकर्त्ता सियाराम दिव्यांग था,और बताया जा रहा है पुलिस के लाठीचार्ज के दौरान वो भाग नही पाया और जमीन पर गिर पड़ा,जिसके बाद पुकिस वालों ने उसकी निर्ममता से पिटाई की।किसी तरह वो अपने घर पहुंचा।घर पर ही उसका इलाज चल रहा था।लेकिन आज सुबह उसने दम तोड़ दिया।बीजेपी कार्यकर्त्ता की मौत के बाद बीजेपी कार्यकर्त्ताओं और स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश है।जबकि मृतक के परिजनों ने पूरे मामले को लेकर इंसाफ की गुहार लगाई है।लोग दोषी पुलिस वालों के खिलाफ केस दर्ज कर कड़ी कार्यवाही की मांग कर रहे है। पुलिस अधीक्षक डा. ईरज राजा ने बताया कि 9 सितंबर को थाना नोनहरा जनपद गाजीपुर में एक प्रकरण संज्ञान में आया था, जिसमें दो पक्षों (प्रधान पक्ष एवं पूर्व प्रधान पक्ष) के मध्य बिजली का खम्भा लगाने को लेकर विवाद हुआ था। जिसके पश्चात 01 पक्ष के लगभग 20-25 लोग थाने पर आकर बैठ गए, जिन्हें पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार समझाने- बुझाने का प्रयास किया गया कि आप सभी चले जाए, क्योकिं यह प्रकरण दूसरे विभाग से संबंधित है। पुलिस प्रशासन द्वारा दूसरे विभाग से सम्पर्क भी किया गया। परन्तु थाने में उपस्थित लोग समझाने के बाद भी वहाँ से नहीं हटे। रात में अचानक बिजली कट जाने के कारण अफरा-तफरी मच गई, थाने में उपस्थित लोगों को तत्काल वहाँ से जाने के लिए कहा गया, इसके पश्चात् सभी लोग वहाँ से चले गये। किसी भी प्रकार की कोई अव्यवस्था नहीं हुई। तत्पश्चात दिनांक 11.09.2025 को एक सूचना प्राप्त हुई कि 01 व्यक्ति की मृत्यु हो गई है और इस तरह के आरोप लगाये गये कि उसी दिन चोट लग जाने के कारण उस व्यक्ति की मृत्यु हुई है। इस पर पुलिस प्रशासन द्वारा गहनता से जाँच की जा रही है। अपर पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी पहलुओं पर जाँच की जा रही है। उक्त व्यक्ति का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। जो भी तथ्य आयेंगे उसके अनुसार अग्रिम विधिक कार्यवाही अमल में लाई जायेगी।
गाजीपुर। यूपी नीट यू0जी0 काउंसलिंग 2025 के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम के आश्रित उप श्रेणी के अन्तर्गत प्रवेश लेने वाले अभ्यर्थियों द्वारा प्रस्तुत फर्जी प्रमाण पत्र पर विधिक कार्यवाही किया गया। तहसीलदार सदर के तहरीर पर सदर कोतवाली मे जनपद के कुल 09 अभ्यर्थियो के विरूद्ध प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कर कार्यवाही हेतु पत्राचार किया गया। जिसमे पंकज कुमार पुत्र कमलेश कुमार, सुमन संगम पुत्री विद्यानन्द यादव, मधुमिता कुमार पुत्री मिथलेश पाण्डेय, चंदन कुमार पुत्र लालबाबु सिंह,तान्या पुत्री सदन मोहन,अमित राज पुत्र संजय कुमार,अंकित आनन्द पुत्र संजय कुमार सभी निवासी गोराबाजार पोस्ट पीरनगर एंव आराधना सक्सेना पुत्री दिनेश सक्सेना एंव मयंक कुमार पुत्र रविशंकर मालगोदाम रोड पो0 मुख्य डाकघर निवासी है। यूपी नीट यू0जी0 काउंसलिंग 2025 मे शामिल हुए अभ्यर्थियों जिनके द्वारा लगाए गए स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित प्रमाण पत्र की जॉच हेतु महानिदेशक चिकित्सा एवं प्रशिक्षण लखनऊ द्वारा जॉच की अपेक्षा की गयी थी। इस क्रम मे प्रमाण पत्रो की प्रारम्भिक जॉच अपर जिलाधिकारी वि0रा0/प्रभारी अधिकारी प्रमाण पत्र कलेक्ट्रेट गाजीपुर से कराई गई। जॉच के दौरान अभ्यर्थियो का प्रमाण पत्र कार्यालय अभिलेख से मिलान करने पर उक्त प्रमाण पत्र इस कार्यालय से जारी नही होना पाया गया। अभ्यर्थियों द्वारा प्रयोग मे लाए गए प्रमाण पत्र मे काफी भिन्नता पाई गई। न्याय सहायक अधिकारी गाजीपुर ने जॉच कर बताया कि उक्त प्रमाण पत्र यहां से निर्गत नही हुए है।राजस्व सहायक कलेक्ट्रेट गाजीपुर की रिपोर्ट के अनुसार उक्त प्रमाण पत्रों का नम्बर उनके डाकबही से जारी नही होना पाया गया।
निर्माणधीन सामुदायिक शौचालय के अधूरे कार्यो को जल्द से जल्द पूर्ण करने का निर्देश
गाजीपुर। विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य की अध्यक्षता मे स्वछता समिति की जनपद के समस्त सहायक विकास अधिकारी पंचायत के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण)अंतर्गत व्यक्तिगत शौचालय निर्माण, आवेदन किए गए व्यक्तिगत शौचालय शौचालय के लाभार्थियों के पात्रता का सत्यापन, रिट्रोफिटिंग, ओडीएफ प्लस वेरीफिकेशन एवं ग्राम पंचायत रसूलपुर टी शेखपुर विकास खण्ड सदर में निर्मित प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन केन्द्र पर विकास खण्ड देवकली, करंडा के सभी ग्राम पंचायत में एकत्रित प्लास्टिक पहुंचाया जाए, जिससे प्लास्टिक का निस्तारण किया जा सके तथा पंचायत पंचम राज्य वित्त एवं 15वां वित्त आयोग अंतर्गत आवंटित क्रेडिट लिमिट के सापेक्ष खर्चा एवं कार्यों की समीक्षा तथा आर. जे.एस.ए अंत्येष्टि स्थल तथा सीएससी आदि की समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देशित किया है कि सभी कार्यों को समय पूर्ण किया जाए, इसमें किसी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नही होगी। सीडीओ ने एडीपीओ को निर्देशित किया की बैठक के एजेंडा के अनुसार अपने-अपने विकासखंड की शत प्रतिशत प्रगति करना सुनिश्चित करें। सामुदायिक शौचालय क्रियाशील कराए एवं पंचायत सचिवालय प्रतिदिन खुले रहेगे, जिससे की जनमानस को सुविधा मिले। निर्माणधीन सामुदायिक शौचालय के अधूरे कार्यो को जल्द से जल्द पूर्ण करने का निर्देश दिया। समयाअवधि में कार्यो को पूरा न करने की दशा में सचिव प्रधान पर विधिक कार्यवाही किया जाए। बैठक में ब्लाक प्रमुख मरदह सीता सिंह, परियोजना निदेशक दीन दयाल वर्मा एवं संबंधित अधिकारी कर्मचारी उपस्थिति रहे।
गाजीपुर।जिलाधिकारी अविनाश कुमार के आदेशानुसार मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य की अध्यक्षता में जिला आयुष समिति की बैठक सम्पन्न हुई। जिसमें जिला आयुष समिति के खाते में उपलब्ध धनराशि एवं बजट मांग पत्र, जनपद में चल रहे पब्लिक हेल्थ प्रोग्राम (कारुण्य प्रशामक सेवा), जनपद में संचालित समस्त आयुष्मान आरोग्य मंन्दिर व योग वेलनेस सेन्टर पर कार्यरत योग प्रशिक्षकों के कार्यों की समीक्षा हुई।जिला आयुष समिति के द्वारा उचित दिशा-निर्देश दिया गया। बैठक में जिला आयुष समिति के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डा. जयन्त कुमार, सह-कार्यकारी अधिकारी डा. अच्छेलाल, प्राचार्य प्रो० डा. राजेन्द्र राजपूत, जिला कार्यकम प्रबंधक (आयुष), समस्त आयुष समिति के सदस्यगण एवं आयुष्मान आरोग्य मंन्दिर एवं योग वेलनेस सेन्टर के प्रभारी चिकित्साधिकारी एवं योग प्रशिक्षक, तथा नीमा संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहें।
परमवीर चक्र विजेता अब्दुल हमीद के शहादत दिवस पर पहुंचे सांसद धर्मेंद्र यादव,दी श्रद्धांजलि
गाजीपुर।सपा सांसद धर्मेंद्र यादव आज गाजीपुर पहुंचे।जहां उन्होंने कई राजनैतिक मुद्दों पर बयान दिया।मीडिया से बातचीत करते हुए सपा सांसद धर्मेंद्र यादव ने नेपाल के हालात पर कहाकि देश के आसपास शांति बनी रहनी चाहिए।पड़ोसी देश मे शांति रहेगी तो हम लोग भी सुकून से रहेंगे।धर्मेंद्र यादव ने कहाकि भारत सरकार और जिम्मेदार लोग इन चीजों पर अध्ययन कर रहे होंगे।धर्मेंद्र यादव ने ट्रम्प और पीएम मोदी की दोस्ती पर बोलते हुए कहाकि व्यक्तिगत दोस्ती का लाभ 140 करोड़ देशवासियों को भी मिलना चाहिए।उन्होंने कहाकि ट्रम्प पहले भी दोस्ती की बात करते रहे और टैरिफ लगा दिया।इतना टैरिफ लगा दिया कि कई व्यापार चौपट हुए-धर्मेंद्र यादव ने निर्वाचन आयोग और वोटर लिस्ट के एक सवाल का जवाब देते हुए कहाकि ये वोट चोरी करना चाहते है इसलिए भूमिका बना रहे।धर्मेंद्र यादव ने कहाकि निर्वाचन आयोग किसी सरकार की कठपुतली न बने।जब कभी कोई जांचे होंगी तो सरकारे भी नही बचायेगी।धर्मेंद्र यादव ने दावा किया कि विपक्ष पूरी मजबूती के साथ एकजुट है।जबकि सरकार उहापोह में फंस चुकी है,ये एक कमजोर सरकार है।धर्मेंद्र यादव ने कहाकि ये मजबूर और बैसाखियों की सरकार है।सपा सांसद धर्मेंद्र यादव परमवीर चक्र विजेता अब्दुल हमीद के शहादत दिवस पर गाजीपुर पहुंचे थे।गाजीपुर के धामूपुर गांव में वीर अब्दुल हमीद का 60 वां शहादत दिवस मनाया गया।सपा सांसद धर्मेद्र यादव ने कार्यक्रम में पहुंच कर परमवीर चक्र विजेता अब्दुल हमीद को श्रद्धांजलि दी।
गाजीपुर। बुधवार को राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय महुआबाग के मनोविज्ञान विभाग में ‘विश्व आत्महत्या निवारण दिवस’ के अवसर पर एक लघु संगोष्ठी आयोजित की गई। जिसके माध्यम से दुनिया भर में आत्महत्या की बढ़ती प्रवृत्ति और उसके निवारण के विविध पक्षों पर छात्राओं के मध्य चर्चा की गई। इस दौरान मनोविज्ञान विभाग के प्रभारी डॉ शिव कुमार ने कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन के साथ मिलकर अंतरराष्ट्रीय आत्महत्या निवारण संघ द्वारा 10 सितंबर 2003 से यह दिवस मनाया जा रहा है ताकि लोगों में मानसिक स्वास्थ्य एवं आत्महत्या निवारण से जुड़े मुद्दों पर जागरूकता फैलाई जा सके।
विश्व में प्रतिवर्ष 8 लाख से अधिक लोग आत्महत्या के कारण मृत्यु को प्राप्त होते हैं। जबकि दक्षिण एशिया में प्रतिवर्ष 2 लाख से अधिक लोग आत्महत्या का शिकार होते हैं। आत्महत्या एक गंभीर जन स्वास्थ्य चुनौती है जो किसी भी बीमारी, युद्ध या आपदा से अधिक जनहानि का कारण है। वर्ष 2024 से 2026 तक के लिए इस दिवस की थीम है कि ‘आत्महत्या से जुड़े मिथक या आख्यानों को बदला जाए'(Change the Narrative on Suicide) ताकि लोग खुलकर बातें करें। अर्थात आत्महत्या के बारे में ‘चुप्पी तोडे, खुलकर बोले’ और हम ऐसा परिवेश तैयार करें जिससे कि आत्महत्या या इससे जुड़े विचारों को समाज में या परिवार में छिपाने तथा इसे कलंक मानने के स्थान पर ऐसी संस्कृति विकसित हों कि लोग खुलकर इस पर चर्चा करें।
इस अवसर पर उपस्थित प्राचार्य डॉ अनिता कुमारी जी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि आत्महत्या से जुड़ी घटनाओं और प्रवृत्तियों पर चुप्पी के कारण यह समस्या गंभीर होती जा रही है। लोग इस प्रवृत्ति से छुटकारा पाने के लिए मनोवैज्ञानिक या चिकित्सकीय सहायता नहीं प्राप्त करते हैं। यह इसलिए भी आवश्यक है कि आत्महत्या की प्रवृत्ति सभी उम्र, लिंग, क्षेत्र एवं पृष्ठभूमि के लोगों में पायी जाती है। इस अवसर पर पर मनोविज्ञान विभाग की छात्राओं ने आत्महत्या से जुड़े विविध पक्षों पर अपने विचार प्रस्तुत किया। संजना पांडे ने युवाओं और छात्रों में आत्महत्या की प्रवृत्ति पर चर्चा करते हुए बताया कि 15 से 29 वर्ष की आयु वर्ग में मृत्यु का तीसरा सबसे बड़ा कारण आत्महत्या है। युवा प्रायः निराशा, अवसाद या असफलता के चलते आत्मघाती कदम उठाते हैं।
श्रद्धा गुप्ता ने महिलाओं द्वारा की जाने वाली आत्महत्याओं के संदर्भ में कहा कि पुरुषों से अधिक महिलाएं आत्महत्या का प्रयास करती हैं। आत्महत्या के कर्म को कई बार छुपाया जाता है इस कारण आत्महत्या संबंधी सही आंकड़े उपलब्ध नहीं हो पाते हैं। श्रेया वर्मा ने छात्राओं और विद्यार्थी समूह द्वारा छोटी-छोटी बातों पर आवेश में आकर या अत्यधिक ऊंचा लक्ष्य रखने को आत्महत्या का कारण बताया। हुमैरा फातमा ने मित्र बनाने, प्यार बांटने और घर परिवार एवं मित्रों के साथ सुख-दुख शेयर करने की बातें की। समाजशास्त्री डॉ एखलाक खान ने आत्महत्या से जुड़े विभिन्न सामाजिक कारकों की ओर संकेत करते हुए सामाजिक संबंधों में गिरावट, सामाजिक अलगाव, अकेलापन को आत्महत्या का कारण बताया।
कार्यक्रम की आमंत्रित वक्ता डॉ पूजा साहू ने आत्महत्या निवारण के विभिन्न पक्षों पर खुलकर चर्चा किया तथा इन्होंने अपनी कविता के माध्यम से सकारात्मक सोच एवं सामाजिक संपर्क विकसित करने, आसपास के लोगों की सहायता करने, सामाजिक संबंध विकसित करने, अपनो से खुशी के साथ-साथ दुखों को भी साझा करने तथा अपने चेहरे के साथ-साथ अपनो ओचेहरों पर मुस्कान लाने के लिए सदैव प्रयास करने की बात कही।
कार्यक्रम के समापन के अवसर पर आभार व्यक्त करते हुए मानसी अग्रवाल ने कहा कि आत्महत्या का दुष्प्रभाव मित्रों और पारिवारिक जनों पर सर्वाधिक पड़ता है। कार्यक्रम का संचालन आनंदी गुप्ता एवं संयोजन मनोविज्ञान परिषद द्वारा किया जिसमें माही प्रजापति, एल्मा, महक खान, अभिलाषा राय आदि ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।