-
शाह फैज स्कूल के छात्र छात्राओं का वार्षिक परीक्षाफल घोषित

गाजीपुर। सोमवार को शाह फैज विद्यालय प्रांगण में वार्षिक परीक्षाफल घोषित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विशेष प्रार्थना व दीप प्रज्ज्वलन से हुई। विद्यालय के निदेशक डॉ नदीम अधमी ने विशेष प्रार्थना की साथ ही सभी को वार्षिक परीक्षा फल की बधाई दी व भविष्य में और भी मेहनत करने की सलाह दी। उसके पश्चात् कक्षा PG से कक्षा 9 व 11 का परीक्षा परिणाम घोषित किया गया।

प्रधानाचार्य इकरामुल हक़ ने वार्षिक रिपोर्ट में बताया कि इस वर्ष कुल 2285 छात्र -छात्राएं वार्षिक परीक्षा में सम्मिलित। 199 कक्षा 12 व 231 कक्षा 10 की सी बी एस सी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जिनका परिणाम प्रतीक्षारत है। वार्षिक परीक्षा का परिणाम 99.5 % रहा। कक्षा PG से शुजा आरफीन एवं अफ्फान ख़ान ,कक्षा एलकेजी से मोहम्मद आरिफ़, शान्वी सिंह, ज़ैनब ख़ान व ऋषभ गौतम ,यूकेजी से सौम्य पांडेय , पंखुड़ी केडिया ,अरशान अहमद, अवनीश पाल एवं आकिफा फातिमा ब्राइट स्टार घोषित किये गए।

कक्षा 1 से 5 में निशांत राय ने 99 9 % , कक्षा 6 से 8 में स्वरित कुमार राय एवं आफ़िया शफ़क़त 97.71 व कक्षा 9 से 11 में पहल कुशवाहा ने 97.80 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी विद्यालय में कनिष्ठ व वरिष्ठ वर्ग में सर्वश्रेष्ठ बालक व बालिका की उपाधि दी गयी। कनिष्ठ वर्ग से कक्षा 5 के निशांत राय व ज़ैनब अमानी व वरिष्ठ वर्ग से कक्षा 8 के स्वरित कुमार राय व कक्षा 9 से जुनैरा मसूद को क्रमशः सर्वश्रेष्ठ बालक व सर्वश्रेष्ठ बालिका की उपाधि दी गयी।

विद्यालय की निदेशिका डॉ मीना अधमी ने भी सभी छात्र-छात्राओं को वार्षिक परीक्षा फल की बधाई दी व अपने माता-पिता व गुरुजनों को धन्यवाद देने को कहा क्योंकि यही वो लोग हैं जिनकी सहायता के बिना कुछ भी संभव नहीं हो सकता। उन्होंने यह भी कहा कि हमें सीखना कभी नहीं बंद करना चाहिए। विद्यालय की मैनेजर मैडम अतिआ अधमी ने भी सभी को वार्षिक परीक्षाफल की शुभकामनायें दीं।


इस कार्यक्रम में सभी छात्र छात्राएं, निदेशक डॉ नदीम अधमी , निदेशिका डॉ मीना अधमी, वित्तीय एवं शैक्षणिक सलाहकार शमा अधमी, प्रधानाचार्य इकरामुल हक़, उप प्रधानाचार्य (शैक्षणिक) नेहा कुरैशी, परीक्षा नियंत्रक हनीफ अहमद, मुख्यअध्यापिका चंदना श्रीवास्तव, प्री-प्राइमरी इंचार्ज प्रियंका सिंह, माधुरी पांडेय , सुनंदा एवं अन्य शैक्षणिक व गैर शैक्षणिक कर्मचारी उपस्थित थे।

कार्यक्रम की साज सज्जा नुज़हत नसीम , आमना ओबैद , सिमरन जायसवाल, अंकिता दुबे एवं उमेश ने की। कार्यक्रम में गीत की प्रस्तुति शान कुशवाहा व शगुन कुशवाहा तथा अन्य ने की जिसका संगीत श्याम कुमार शर्मा व गिरधर शर्मा ने दिया।। कार्यक्रम का सञ्चालन उप प्रधानाचार्य (शैक्षणिक) नेहा कुरैशी, मुख्याध्यापिका चंदना श्रीवास्तव एवं प्रियंका सिंह ने किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान से हुआ।



-
12 से 23 फरवरी तक होगा क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन

12 से 23 फरवरी तक होगा क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन



गाजीपुर। गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के तत्वाधान में 4 फरवरी को अरोरा फाउंडेशन महुआबाग में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया । गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के प्रेसिडेंट अभिषेक सिंह ने बताया कि यह प्रतियोगिता 12 फरवरी से 23 फरवरी तक गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के तत्वधान में प्रथम स्वर्गीय श्री नारायण सिंह (पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष) एवं स्वर्गीय श्री अजीत कुमार सिंह स्मारक ऑल इंडिया कैश मनी क्रिकेट (G 20-20) प्रतियोगिता का आयोजन होना है। इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न स्थानों की कुल 8 टीम प्रतिभागी होंगी। जिसमें रणजी ट्रॉफी, आईपीएल, बोर्ड ट्राफी के खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे।यह आयोजन जनपद में पहली बार वृहद स्तर पर किया जा रहा है।
-
राष्ट्रपति से मिले डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चे

राष्ट्रपति से मिले डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चे

गाजीपुर। राष्ट्रपति भवन में आयोजित बाल दिवस पर नगर के डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चों ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की और अपने मन की जिज्ञासा को दूर किया। राष्ट्रपति से संवाद कर बच्चे काफी प्रफुल्लित हैं। राष्ट्रपति ने भी उन्हें पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भी हिस्सा लेने की सीख दी। इस दौरान राष्ट्रपति भवन व संसद भवन का भी भ्रमण किया। यह जिले के लिए गौरव की बात है। राष्ट्रपति भवन के सेंट्रल हाल में आयोजित बाल दिवस पर कार्यक्रम के लिए जिले के सनबीम स्कूल के बच्चों का चयन किया गया था।
स्कूल की डायरेक्टर एकता अखंड राय, शिक्षक कमलेश सिंह के साथ छात्र अभ्युदय प्रताप, निवेदिता प्रधान, आदर्श राय व सौम्या राय कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। बच्चों ने बताया कि राष्ट्रपति प्रोटोकाल तोड़कर उनके बीच आ गयीं और संवाद किया। अभ्युदय प्रताप व निवेदिता ने राष्ट्रपति से पूछा कि आपको महामहिम के पद पर आने के बाद कैसा लगा? तो उन्होंने जवाब दिया बिल्कुल, बहुत अच्छा लगा। फिर बच्चों ने सफल होने के बाद कैसा महसूस करतीं हैं। जवाब दिया सफलता का कोई अंत नहीं है। राष्ट्रपति ने सीख दी कि आप बच्चे आगे बढ़ते जाइए। आपका बचपन कैसा के सवाल पर उन्होंने कहा कि मैं भी आपकी तरह बगीचों और मिट्टी में खेला करती थीं। आज की तरह अच्छे स्कूल नहीं थे। उन्होंने बच्चों को मेहनत की सीख दी। साथ ही शिक्षकों से बच्चों को रोचक तरीके से शिक्षण कार्य कराने के साथ ही शारीरिक व मानसिक विकास के लिए खेलकूद को बढ़ावा देने पर जोर दिया। -
डीएम ने की बैठक,दिया निर्देश

गाजीपुर। जिला उद्योग बन्धु एवं स्वरोजगार बन्धु की बैठक गुरुवार को जिला पंचायत सभागार में जिलाधिकारी एम पी सिंह की अध्यक्षता मे सम्पन्न हुआ।इस बैठक में जिलाधिकारी ने मण्डी समिति दुल्लहपुर की जमीन अन्य़त्र स्थानान्तिरित किए जाने हेतु निस्तारण का निर्देश , व्यापारियो के समस्याओ के समाधान, उद्यमी वशिष्ट सिंह यादव के विद्युत बिल भुगतान प्रकरण के समाधान, औद्योगिक आस्थान नन्दगंज में सड़क , नाली , बाउण्डरीवाल निर्माण, निवेश मित्र पोर्टल, प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री रोजगार/युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद,पी एम सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार, आजीविका मिशन,पी एम स्वनिधि योजना एवं अन्य बिन्दूओ पर समीक्षा कर उद्यमियो के समस्याओ पर चर्चा की गयी तथा सम्बन्धित अधिकारियों को शिकायतो के निस्तारण का निर्देश दिया ।उद्यमी एस के दूबे ने सुखदेवपुर चौराहे से गाजीपुर घाट तक के 800 मीटर मार्ग जो बिल्कुल क्षतिग्रस्त है को सही कराने का अनुरोध एंव व्यापार मण्डल के विजय शंकर वर्मा ने रौजा से एम ए एच इण्टर कालेज तक जर्जर के बारे मे अवगत कराया । जिस पर जिलाधिकारी ने समन्धित अधिकारी को स्थलीय निरीक्षण करते हुए कार्यवाही का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी उधोगों के विकास में बैंको से अधिकाधिक सहयोग प्राप्त किये जाने के सम्बन्ध मे जिला अग्रणी प्रबंधक से अपेक्षा की। उद्यामियों के शिकायतो को सम्बन्धित अधिकारियों को समय से निस्तारण का निर्देश दिया। इस अवसर पर उघमी बशिष्ठ सिंह यादव, ए0के0दुबे अध्यक्ष ईट भठ्ठा एसोसिएशन एवं अन्य उद्यमी एंव व्यापार मण्डल के पदाधिकारी उपस्थित थे।
-
घरेलू गैस सिलेंडर कर रहें हैं उपयोग तो होगी कार्रवाई

घरेलू गैस सिलेंडर जनजागरूकता अभियान की ग़ाज़ीपुर में शुरुआत
गाजीपुर। घरेलू गैस सिलेंडर जन जागरूकता अभियान एक राष्ट्रव्यापी आंदोलन है, जिसका मुख्य उद्देश्य ग्राहकों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना है, ऐसा संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन सोलंके ने बताया। यह अभियान देश के 15 राज्यों के 275 जिलों में 2700 स्वयंसेवकों के साथ 10 मई से (45 दिनों तक) चलाया जाएगा। इस अभियान के अंतर्गत सभी होटल, रेस्टोरेंट, फैक्ट्री आदि व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में जाकर, उन्हें सार्वजनिक सूचना पत्र/जानकारी पत्रक देकर यह बताया जाएगा कि 14.2 किलोग्राम के घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में उपयोग नहीं करना चाहिए। उन्होंने बताया कि ऑटो रिक्शा और एल.पी.जी. वाहनों में भी घरेलू गैस सिलेंडर का अवैध रूप से उपयोग हो रहा है, जिससे देश में हर साल लगभग 1000 विस्फोट होते हैं और जान-माल की हानि होती है। साथ ही सरकारी राजस्व को भी भारी नुकसान पहुंचता है।

अतः इस माध्यम से आपको सूचित और सावधान किया जा रहा है कि यदि आप अपने व्यावसायिक स्थल अथवा वाहन में घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग कर रहे हैं, तो आपके विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3 और 7 के अंतर्गत संबंधित विभाग द्वारा आपराधिक और दंडात्मक कार्रवाई की जा सकती है। ग्राहक दक्षता कल्याण फाउंडेशन एक स्वयंसेवी संस्था है, जो कई वर्षों से ग्राहकों के हित, न्याय, अधिकारों और संरक्षण के लिए कार्यरत है। सरकार द्वारा उज्ज्वला योजना के तहत ज़रूरतमंदों तक एलपीजी गैस उपलब्ध कराने की जो पहल की गई है, उसका कुछ लोग थोड़े से फायदे के लिए अवैध रूप से उपयोग कर रहे हैं। 14.2 किलो का सिलेंडर केवल घरेलू उपयोग के लिए है और उसका किसी भी प्रकार से किया गया व्यावसायिक उपयोग दंडनीय अपराध है। इस पर रोक लगाने के लिए ग्राहक दक्षता कल्याण फाउंडेशन की ओर से घरेलू गैस सिलेंडर के सही उपयोग के लिए एक राष्ट्रव्यापी जनजागरूकता अभियान की शुरुआत नागपुर से की जा रही है, ऐसी जानकारी परियोजना प्रमुख अक्षय मिश्रा और विनय पांडेय ने दी। इस अभियान को जिला पूर्ति अधिकारी अनंत प्रताप सिंह ने हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। ग्राहक दक्षता कल्याण फाउंडेशन के स्वयंसेवक शहर के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, ऑटो रिक्शा स्टैंड और संबंधित संगठनों से मुलाकात कर उन्हें संपूर्ण मार्गदर्शन देंगे, ऐसी जानकारी संपर्क प्रमुख अक्षय मिश्रा और विनय पांडेय ने दी।
-
477 शिकायत पत्र में 44 का निस्तारण


गाजीपुर। जन समस्याओ के त्वरित निस्तारण हेतु सम्पूर्ण समाधान दिवस तहसील जखनियां में अविनाश कुमार की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक डा. ईरज राजा की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। जिसमे 168 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए मौके पर 18 का निस्तारण किया गया। जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु सातों तहसीलो की सूचना के अनुसार सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 477 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए, जिसमें मौके पर 44 शिकायत/प्रार्थना पत्रो का निस्तारण किया गया।
इसी क्रम में तहसील सैदपुर में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता 32 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए जिसमें 04 का मौके पर निस्तारण किया। तहसील सेवराई में मुख्य राजस्व अधिकारी आयुष चौधरी की अध्यक्षता में 20 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए, जिसमें से 04 का मौके पर निस्तारण किया गया। जमानियॉ तहसील में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में 48 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए जिसमें मौके पर 04 का निस्तारण किया गया। तहसील मुहमम्दाबाद में अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 दिनेश कुमार की अध्यक्षता में 37 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए जिसमें मौके पर 05 निस्तारण किया गया। तहसील कासिमाबाद में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में 112 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए जिसमें से मौके पर 05 का निस्तारण किया गया एवं तहसील सदर में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में 60 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए जिसमें 04 का मौके पर निस्तारण किया गया।
जिलाधिकारी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर आम जनमानस की शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए कुछ शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कराया। शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को अग्रसारित करते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु निर्देशित किया गया। इस अवसर पर पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों/कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि जमीनी विवाद और आपसी विवाद एक ही विषय से संबंधित होते है इस लिए राजस्व विभाग एवं पुलिस विभाग के अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित करते हुए विवादों का निस्तारण सुनिश्चित करें। राजस्व निरीक्षकों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया कि प्रत्येक माह पैमाइस कर पत्थरगड्डी करना सुनिश्चित करें। तहसील के समस्त लेखपालों को निर्देशित किया गया कि शिकायतकर्ता की छोटी-छोटी समस्याएँ जिनका तत्काल निस्तारण किया जा सकता है, उसके लिए किसी व्यक्ति को परेशान न किया जाए। कहा गया कि जन शिकायतों का निस्तारण शासन की प्राथमिकता है अतः इसमें किसी भी तरह की लापरवाही या उदासीनता अक्षम्य होगी। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, परियोजना निदेशक राजेश यादव, जिला विकास अधिकारी सुभाष चन्द्र सरोज, उपजिलाधिकारी जखनियां, तहसीलदर जखनियां, क्षेत्राधिकारी जखनियां एवं समस्त सम्बन्धित अधिकारी एवं पुलिस के अधिकारी उपस्थित रहे। -
गंगा घाट पर चलाया स्वच्छता अभियान



गाजीपुर।जिला गंगा समिति द्वारा सैदपुर के वराह मंदिर गंगा घाट पर वृहद स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। युवाओं ने मां गंगा को स्वच्छ एवं निर्मल बनाने के लिए गंगा घाट के किनारे फैले गंदगी, फूल-माला, प्लास्टिक कचरा आदि को एकत्रित कर साफ-सफाई किया। जिला परियोजना अधिकारी नमामि गंगे बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि गंगा नदी जीवनदायिनी है,इसे स्वच्छ एवं निर्मल बनाए रखना सभी की नैतिक जिम्मेदारी है, स्वच्छता अभियान में सभी को बढ़-चढ़कर शामिल होने की आवश्यकता है। जन मानस के सहयोग से ही मां गंगा को प्रदूषण मुक्त बनाया जा सकता है। स्वच्छता अभियान के उपरान्त सभी युवाओं ने मां गंगा की शपथ ली। जन-जन से अपील किया कि गंगा नदी में फूल माला, पूजा की सामग्री आदि प्रवाहित न करें। इस अवसर पर अधिवक्ता अभिजीत सिंह, रविकांत नागर, मनीष निषाद, बृजेश, प्रदुम्न, वकील आदि लोग उपस्थित रहे।
-
ऑपरेशन सिंदूर:विकास भवन में कर्मियों ने किया रक्तदान

ऑपरेशन सिंदूर के तहत विकास भवन में कर्मियों ने किया रक्तदान शिविर का आयोजन:दुर्गेश श्रीवास्तव

ग़ाज़ीपुर।9 जून 2025 को राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के तत्वाधान में ऑपरेशन सिंदूर के तहत विकास भवन में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।जिसमें डॉ के0 के0सिंह ब्लड बैंक प्रभारी द्वारा उद्घाटन किया गया।राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिलाध्यक्ष द्वारा कहा गया कि ऑपरेशन सिंदूर के तहत जो पहलगाम में सुरक्षाकर्मी व आमजन घायल हुए थे,उनके इलाज मे मूलभूत सुविधा के देखते हुए जनपद गाजीपुर के कर्मचारी द्वारा रक्तदान किया गया है।रक्तदान करना एक पुनीत कार्य है,जिसमें हर स्वास्थ कर्मी को रक्तदान करना चाहिए, जिससे जरूरतमंद लोगों को बेहतर इलाज मिल सके,जिसमें बेसिक शिक्षापरिषद,युवाकल्याण,पशुपालन विभाग,आई,सी,डीएस,स्वास्थ्य विभाग,माध्यमिक,सिंचाई विभाग,के कर्मचारियों द्वारा रक्तदान किया। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक राजेश सिंह द्वारा रक्तदान करने वाले कर्मियों को अवगत कराया के रक्तदान करने से इम्यूनिटी मजबूत होती है,स्वस्थ व्यक्ति को साल में एक बार ब्लड दान अवश्य करना चाहिए, उन्होंने राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद जिलाध्यक्ष दुर्गेश कुमार श्रीवास्तव का प्रति आभार व्यक्त किया। रक्तदान जैसा पुनीत कार्य के लिए विकास भवन मे शिविर लगा करके पूरे प्रदेश में यह एक अलग ही संदेश दिया गया है। संगठन सिर्फ,अपने मांग के लिए ही नहीं लड़ता है आवश्यकता पड़ने पर राष्ट्रहित के लिए हर स्तर पर सरकार के साथ तैयार हैं।
रक्तदान में दुर्गेश कुमार श्रीवास्तव,अभय सिंह,सतीश,केदार सोनकर,रवि कुमार पांडे,प्रदीप यादव,परवरिश सिंहा,श्रवण राम, चंद्रकांत यादव,अभिनव वर्मा,आंचल सिंह,चंद्रभान सिंह,हनुमान यादव, बृजेश यादव,नंदकिशोर सिंह, अखिलेश यादव, किशन,मनोज सिंह, मोहम्मद वकार खां,चंदन राम, आलोक राय, ओंकार नाथ पांडे, साकेत सिंह, राकेश पांडेय उपस्थित रहे। -
संघ के विरोधी हो सकते है,संघ किसी का विरोधी नहीं

संघ किसी का विरोधी नहीं:रामलाल







गाजीपुर। जग नहीं सुनता कभी दुर्बल जनो का शांति प्रवचन , सिर झुकाता है उन्हें जो कर सके रिपु मान मर्दन। दुनिया ताकत की सुनती है और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ भारत को ताकतवर बना रहा है। हमारी सेना ने आतंकी कैम्प को नष्ट कर भारत की विश्व मे धाक जमाई है। उक्त विचार मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय संपर्क प्रमुख रामलाल ने व्यक्त किया। वे शुक्रवार को गाजीपुर के बोरसिया स्थित सत्यदेव डिग्री कॉलेज में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, काशी प्रान्त के 15 दिवसीय संघ शिक्षा वर्ग के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए गुरु गोलवलकर को उद्धृत करते हुए आगे कहा कि भारत की सभी भाषा राष्ट्रीय भाषा है। भाषा, प्रान्त, जाति के झगड़े होते है यह शाखा से समाप्त होगी। संघ में छुआछुत, अगड़ा-पिछड़ा कुछ नहीं है। यहाँ सब एकसाथ भोजन करते और कराते है। यहाँ कोई किसी की जाति नहीं पूछता। नागपुर में कार्यकर्ता विकास वर्ग- द्वितीय (तृतीय वर्ष) लगता है। यहाँ देशभर के अलग अलग प्रान्तों से स्वयंसेवक एवं शिक्षक आते है। कई प्रशिक्षु ऐसे है जो घर से लड़ कर प्रशिक्षण लेने आते है।
संघ का उद्देश्य है सामूहिकता। स्वयंसेवक बिना स्वार्थ के सेवा करते है। कोरोनाकाल में जब समाज पर संकट आया तो पाँच लाख स्वयंसेवक सहायता में लगे। किसी ने कोई जाति धर्म पंथ नही पूछा। केरल में अपने चार स्वयंसेवकों की जान चली गई बाढ़ में सहायता करने के दौरान। आज स्वयंसेवक सेवा के 1.5 लाख सेवा कार्य कर रहा है। रामलाल जी ने कहा कि लोग संघ के विरोधी हो सकते है संघ किसी का विरोधी नहीं है। रामजन्मभूमि प्राण प्रतिष्ठा का उदाहरण देते हुए कहा कि प्राण प्रतिष्ठा में मंदिर ट्रस्ट से जुड़े लोगों ने सभी को आमंत्रित किया। कुछ लोग स्वार्थवस हिन्दू संगठनों को कम्युनल कहते है। हिन्दू में हिन्दू कहीं नही लड़ रहा है और न ही कोई हिन्दू से लड़ रहा। हम वसुधैव कुटुम्बकम की बात करते है। उन्होंने आगे कहा कि यह हिन्दू राष्ट्र है, बनाने की जरूरत नही। इसके मूल में ही हिन्दू विराजमान है। उन्हें संघ के पंच परिवर्तन कुटुंब प्रबोधन, समरसता, पर्यावरण, स्वदेशी और नागरिक कर्तव्य की भी बात की।
मुख्य वक्ता ने कहा संघ के संस्थापक डॉ हेडगेवार ने सोच विचार के संगठन शुरू किया तब हिन्दू समाज बिखरा था। राष्ट्रभक्ति बिना स्वतंत्रता संभव नहीं थी। डॉ हेडगेवार स्वतंत्रता से पहले और स्वतंत्रता के बाद कई बार जेल गए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भवानीनन्दन यति ने कहा प्रचारक रूपी संतो ने अपना जीवन भारत माँ को समर्पित किया है। महाराज जी ने कहा उठो जागो और राष्ट्र निर्माण में लगो इसलिए ही मेरा जन्म हुआ है। जीवन सार्थक तब तक नही होता जब तक ध्येय की पूर्ति न हो। उदाहरण देते हुए कहा कि गोमुख से निकलने वाली गंगा गंगासागर न पहुँच जाए तब तक सार्थक नही होता। उन्हें आगे कहा कि मेरा मन यह देख कर कह रहा है राम का राष्ट्र प्रेम वापस आने वाला है, भारत बदल रहा है।अतिथियों के उध्बोधन पूर्व इस वर्ग में प्रशिक्षण ले चुके स्वयंसेवकों का दण्ड, नियुद्ध, पदविन्यास, सामूहिक समता, व्यायाम योग, आसन इत्यादि शारीरिक प्रधान कार्यक्रम हुए। पूर्ण गणवेश में घोष वादन कर रहे स्वयंसेवक आकर्षण का केन्द्र रहे। मंचस्थ अधिकारियों का परिचय नागेंद्र ने कराया। मंच पर पूज्यपाद भवानीनन्दन यति जी, रामलाल जी अखिल भारतीय संपर्क प्रमुख, मालकियत सिंह बाजवा सर्वाधिकारी, अंगराज प्रान्त संघचालक एवं जयप्रकाश जिला संघचालक मंचासीन रहे। संघ शिक्षा वर्ग के वर्ग कार्यवाह दीपनारायण द्वारा वर्ग प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। उन्होंने बताया कि काशी प्रांत के 27 जिलों से 270 शिक्षार्थी आए। सभी ने अपना शुल्क, मार्ग व्यय एवं गणवेश स्वयं अपने खर्च से पूरा किया। आभार ज्ञापन अशोक राय द्वारा किया गया। कार्यक्रम का संयोजन मुख्य शिक्षक दीपक एवं राजेश सह मुख्य शिक्षक द्वारा किया गया। मुरली पाल प्रान्त कार्यवाह इस वर्ग के वर्ग पालक रहे । रमेश प्रान्त प्रचारक, राकेश सह प्रान्त कार्यवाह, रामचंद्र प्रान्त प्रचारक प्रमुख, अजीत विभाग प्रचारक, सच्चिदानंद राय विभाग संघचालक आदि उपस्थित रहे।
-
डीएम ने की बैठक,रोका वेतन,मांगा स्पष्टीकरण



गाजीपुर।जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में उ0प्र0 शासन द्वारा निर्धारित शासन के महत्वपूर्ण योजनाओ, मुख्यमंत्री की सर्वोच्च प्राथमिकता विकास कार्यों की समीक्षा बैठक 50 लाख से अधिक लागत के निर्माण कार्यो मासिक समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार मे सम्पन्न हुई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने विभागवार विभागो में आवास विकास परिषद, निर्माण खण्ड वाराणसी, प्रथम, सी.एण्ड डी.एस, जल निगम जौनपुर, उ0प्र0 जल निगम शहरी/ग्रामीण गाजीपुर, लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण अभियंत्र विभाग, सिचाई निर्माण खण्ड, वाराणसी, सी.एल.डी.एफ. यू.पी.सिडको, उ0प्र0 प्रोजेक्ट कारपोरेशन लि0 वाराणसी, उ0प्र0 पुलिस आवास निगम, उ0प्र0 राजकीय निर्माण नि.लि. आजमगढ़ इकाई, राजकीय निर्माण निगम लि0, वाराणसी इकाई-1, राजकीय निर्माण निगम लि0 वाराणसी-2/भदोही, उ0प्र0 राज्य निर्माण सहकारी संघ लि0 वाराणसी-2, उ0प्र0 जल निगम ग्रामीण, वाराणसी, देवकली पम्प कैनाल प्रखण्ड प्रथम, द्वितीय, लद्यु डाल नहर खण्ड गाजीपुर एवं सोन यांत्रिक खण्ड तथा अन्य कार्यदायी संस्थाओं के निर्माण कार्यो की विस्तृत समीक्षा की।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने एई0,डीआरडीए की बैठक में अनुपस्थिति पर वेतन रोकने का निर्देश दिया। जे0ई0 मु0बाद दीपक कुमार की बैठक में अनुपस्थिति होने पर स्पष्टीकरण मॉगा। उन्होने जनपद के नामित नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी परियोजनाओं की जॉच करने के उपरान्त उसकी जॉच आख्या संबंधित कार्यदायी संस्था एवं अर्थ एवं संख्या कार्यालय में अवश्य कराई जाए। सिचाई विभाग की समीक्षा के दौरान संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि नहरों की साफ सफाई ससमय कराई जाए, जिससे की किसानों को सिचाई में कोई भी समस्या उत्पन्न न हो।
जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्थाओं से निर्धारित अवधि मे कार्य पूर्ण न करने वाले कार्यदायी संस्थाओं को फटकार लगाते हुए कार्य मे तेजी लाने एंव पूर्ण हुए कार्याे को हैण्डओवर का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण कार्य मे मानक के अनुरूप एवं गुणवत्तापुर्ण कार्य करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्थाओ को निर्माण कार्य निश्चित समयाअवधि में पूर्ण न करने पर ठेकेदारो के कठोर कार्यवाही की जाएगी। इसके साथ ही जिन विभागो मे धनावंटन अवमुक्त हो चुका है तथा कार्य मे लापरवाही बरती जाएगी तो संबंधित अधिकारी स्वयं जिम्मेदार होने जिनपर कार्यवाही तय है। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नही होगी। बैठक मे मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, परियोजना निदेशक राजेश यादव, जिला विकास अधिकारी सुभाष चन्द्र सरोज, अर्थ एवं संख्याधिकारी, समस्त संबंधित जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे। -
कड़ी सुरक्षा के बीच पढ़ी गई बकरीद की नमाज

कड़ी सुरक्षा के बीच जिला के तकरीबन 550 जगहों के ईदगाह व मस्जिदों में पढ़ी गई बकरीद की नमाज


गाजीपुर। बकरीद के पर्व पर कड़ी सुरक्षा के बीच 550 ईदगाहों और मस्जिदों में सुबह ड्रोन कैमरों की निगरानी में नमाज अदा की गई, तो वहीं गाजीपुर शहर के विशेश्वरगंज ईदगाह पर खुद जिलाधिकारी अविनाश कुमार और पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा भारी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।
यहां पर शनिवार की सुबह 10 बजे बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोगों ने बकरीद की नमाज अदा की। एसपी डॉ. ईरज राजा ने जानकारी दी कि जिले के सभी 550 स्थानों पर नमाज सकुशल और शांतिपूर्वक संपन्न हुई। उन्होंने मुस्लिम समुदाय के लोगों को पर्व की शुभकामनाएं दी और संयम तथा सौहार्द बनाए रखने के लिए धन्यवाद दिया।एसपी ने यह भी साफ किया कि शासन की गाइडलाइन के मुताबिक ही कुर्बानी की जाएगी, और प्रतिबंधित जानवरों की कुर्बानी पर पूरी तरह रोक रहेगी।
इसके अलावा, कुर्बानी के दौरान जानवरों के अवशेष या अपशिष्ट को डिस्ट्रॉय करने के लिए नगर पालिका परिषद और नगर पंचायतों को विशेष निर्देश दिए गए हैं ताकि सफाई व्यवस्था बेहतर बनी रहे और किसी भी तरह की अशांति न हो।
सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह चौकन्ना नजर आया। हर संवेदनशील क्षेत्र में पुलिस बल की तैनाती की गई थी और ड्रोन से निगरानी रखी गई । ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी को तुरंत रोका जा सके।
-
नि:शुल्क कानूनी सलाह शिविर का हुआ आयोजन

गाजीपुर। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर में निःशुल्क कानूनी सलाह शिविर का आयोजन जिला स्तर पर विधि प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश पांडे की अध्यक्षता में हुआ जिसमें प्रमुख रूप से जिला अध्यक्ष सुनील राम एवं शहर अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा की उपस्थिति में आए हुए लोगों को कानूनी परामर्श दिया गया । जिला अध्यक्ष सुनील राम ने कहा कि इस प्रकार का शिविर कांग्रेस द्वारा हमेशा लगाया जाएगा , और गरीब मजबूर लोगों को निशुल्क परामर्श के साथ ही उनके कार्य की पैरवी हेतु कांग्रेस के लोग हमेशा उनके साथ खड़े रहेंगे।

शिविर में प्रमुख रूप से पारस उपाध्याय, एडवोकेट राजेश श्रीवास्तव, एडवोकेट उमा यादव, एआईसीसी सदस्य रविकांत राय, एडवोकेट अजय सिंह, अजय कुमार श्रीवास्तव, अरविंद मिश्रा, आशुतोष गुप्ता, राजेश उपाध्याय, अनुराग पांडे, देवेंद्र सिंह, विंध्याचल प्रसाद यादव, चंद्रदीप कुमार, राजेंद्र कुमार टंडन, राम प्रताप सिंह चौहान, अनुज यादव, सुरेंद्र कुमार प्रधान, ओमप्रकाश यादव, मिथिलेश कुमार, अभय कुमार श्रीवास्तव, अभय कुशवाहा आदि उपस्थित रहे। -
डीएम ने किया जल प्रबंधन समिति के सदस्यों के साथ बैठक, दिया निर्देश

गाजीपुर। जिला भूगर्भ जल प्रबन्धन परिषद, जनपद की बैठक जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में राईफल क्लब के सभागार में शुक्रवार को सम्पन्न हुई। जिसमें जनपद के जिला भूगर्भ जल प्रबन्धन परिषद समिति के समस्त सदस्य उपस्थित थे। सहायक अभियन्ता, लघु सिंचाई (वेब पोर्टल नोडल) द्वारा पोर्टल पर प्राप्त आवेदन पत्रों को जिलाधिकारी व समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया । जिसमें 01 भूगर्भ जल दोहन हेतु अनापत्ति प्रमाण-पत्र का आवेदन एवं 02 वेधन अभिकरण फर्म का आवेदन नियमानुसार न होने के कारण निरस्त किया गया तथा 03 वेधन अभिकरण फर्म का आवेदन नियमानुसार होने पर स्वीकृत किया गया ।

जिलाधिकारी ने जनपद में अवैध रूप से भूगर्भ जल दोहन कर रहे उपयोक्ताओं को तत्काल वेबसाईट http://www.upgwd.com पर आवेदन कर अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त करने हेतु निर्देशित किया गया।
-
बकरीद पर्व को देखते हुए खाद्य पदार्थों के लिए गए नमूने

गाजीपुर। आगामी ईद-उल-जुहा (बकरीद) पर आम जनमानस को स्वस्थ एवं सुरक्षित खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराए जाने तथा अपमिश्रण पर प्रभावी प्रवर्तन कार्यवाही सुनिष्चित किए जाने हेतु खाद्य एवं पेय पदार्थ विशेषकर सेवंइयॉ, मिठाइयॉ व अन्य खाद्य पदार्थों में प्रयुक्त कलर एवं सभी फूड एडिटिव्स पर प्रभावी कार्यवाही विशेष अभियान चलाकर शुक्रवार को कुल-06 नमूना संग्रहित किया गया

जिसमें मरदह बाजार स्थित प्रतिष्ठान मेसर्स-अमित किराना स्टोर से रोस्टेड सेवई का 01 नमूना, मखदूमपुर बजार, सैदपुर गाजीपुर स्थित आशीष यादव के प्रतिष्ठान से खोया का 01 नमूना, मखदूमपुर बजार, सैदपुर स्थित वकील यादव के प्रतिष्ठान से खोया का 01 नमूना, जफरपुर, दुल्लहपुर जखनिया स्थित प्रतिष्ठान मेसर्स-प्रभुनाथ किराना स्टोर से सोया रिफाइण्ड आयल (अरोहुल सोया हेल्थ ) का 01 नमूना, बाराचर, मुहम्मदाबाद स्थित प्रतिष्ठान मेसर्स- षिवम मिष्ठान भण्डार से छेना मिठाई का 01 नमूना, भदौरा बाजार, जमानिया स्थित प्रतिश्ठान मेसर्स-कुषवाहा किराना स्टोर से क्रीमरोल का 01 नमूना संग्रहित किया गया। संग्रहित नमूनें खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला, उ0प्र0 प्रेषित किये जा रहें है, जॉच रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के अन्तर्गत विधिक कार्यवाही की जायेगी। नमूना संग्रह की कार्यवाही सुमन कुमार मिश्र मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी गाजीपुर के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों डॉ0 तूलिका शर्मा, गुलाबचन्द गुप्त, राजीव कुमार सिंह, विरेन्द्र यादव, पंकज कुमार कन्नौजिया एवं अरविन्द प्रजापति की टीम द्वारा की गई।





