Home

  • शाह फैज स्कूल के छात्र छात्राओं का वार्षिक परीक्षाफल घोषित

    शाह फैज स्कूल के छात्र छात्राओं का वार्षिक परीक्षाफल घोषित

    गाजीपुर। सोमवार को शाह फैज विद्यालय प्रांगण में वार्षिक परीक्षाफल घोषित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विशेष प्रार्थना व दीप प्रज्ज्वलन से हुई। विद्यालय के निदेशक डॉ नदीम अधमी ने विशेष प्रार्थना की साथ ही सभी को वार्षिक परीक्षा फल की बधाई दी व भविष्य में और भी मेहनत करने की सलाह दी।  उसके पश्चात् कक्षा PG  से कक्षा 9 व 11 का परीक्षा परिणाम घोषित किया गया।

    प्रधानाचार्य इकरामुल हक़ ने वार्षिक रिपोर्ट में बताया कि इस वर्ष कुल 2285 छात्र -छात्राएं वार्षिक परीक्षा में सम्मिलित। 199 कक्षा 12 व 231 कक्षा 10 की सी बी एस सी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जिनका परिणाम प्रतीक्षारत है। वार्षिक परीक्षा का परिणाम 99.5 % रहा। कक्षा PG से शुजा आरफीन एवं अफ्फान ख़ान ,कक्षा एलकेजी से मोहम्मद आरिफ़, शान्वी सिंह, ज़ैनब ख़ान व ऋषभ गौतम ,यूकेजी से सौम्य पांडेय , पंखुड़ी केडिया ,अरशान अहमद, अवनीश पाल एवं आकिफा फातिमा ब्राइट स्टार घोषित किये गए। 

    कक्षा 1 से 5 में  निशांत राय  ने 99  9 % , कक्षा 6 से 8 में स्वरित कुमार राय एवं आफ़िया शफ़क़त 97.71 व  कक्षा 9 से 11 में पहल कुशवाहा ने 97.80 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया।  प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी विद्यालय में कनिष्ठ व वरिष्ठ वर्ग में सर्वश्रेष्ठ बालक व बालिका की उपाधि दी गयी। कनिष्ठ वर्ग से कक्षा 5 के निशांत राय व ज़ैनब अमानी व वरिष्ठ वर्ग से कक्षा 8 के स्वरित कुमार  राय  व कक्षा 9 से जुनैरा मसूद को  क्रमशः सर्वश्रेष्ठ बालक व सर्वश्रेष्ठ बालिका की उपाधि दी गयी।

    विद्यालय की निदेशिका डॉ मीना अधमी ने भी सभी छात्र-छात्राओं को वार्षिक परीक्षा फल की बधाई दी व अपने माता-पिता व गुरुजनों को धन्यवाद देने को कहा क्योंकि यही वो लोग हैं जिनकी सहायता के बिना कुछ भी संभव नहीं हो सकता। उन्होंने यह भी कहा कि हमें सीखना कभी नहीं बंद करना चाहिए। विद्यालय की मैनेजर मैडम अतिआ अधमी ने भी सभी को वार्षिक परीक्षाफल की शुभकामनायें दीं। 

    इस कार्यक्रम में सभी छात्र छात्राएं, निदेशक डॉ नदीम अधमी , निदेशिका डॉ मीना अधमी, वित्तीय एवं शैक्षणिक सलाहकार शमा अधमी, प्रधानाचार्य इकरामुल हक़, उप प्रधानाचार्य (शैक्षणिक) नेहा कुरैशी, परीक्षा नियंत्रक हनीफ अहमद, मुख्यअध्यापिका चंदना श्रीवास्तव, प्री-प्राइमरी इंचार्ज प्रियंका सिंह, माधुरी पांडेय , सुनंदा एवं अन्य शैक्षणिक व गैर शैक्षणिक कर्मचारी उपस्थित थे।

    कार्यक्रम की साज सज्जा नुज़हत नसीम , आमना ओबैद , सिमरन जायसवाल, अंकिता दुबे एवं उमेश ने की। कार्यक्रम में गीत की प्रस्तुति शान कुशवाहा व शगुन कुशवाहा तथा अन्य ने की जिसका संगीत श्याम कुमार शर्मा व गिरधर शर्मा ने दिया।। कार्यक्रम का सञ्चालन उप प्रधानाचार्य (शैक्षणिक) नेहा कुरैशी, मुख्याध्यापिका चंदना श्रीवास्तव एवं प्रियंका सिंह ने किया।  कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान से हुआ।

                    

  • 12 से 23 फरवरी तक होगा क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन

    12 से 23 फरवरी तक होगा क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन

    12 से 23 फरवरी तक होगा क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन

    गाजीपुर। गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के तत्वाधान में 4 फरवरी को अरोरा फाउंडेशन महुआबाग में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया । गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के प्रेसिडेंट अभिषेक सिंह ने बताया कि यह प्रतियोगिता 12 फरवरी से 23 फरवरी तक गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के तत्वधान में प्रथम स्वर्गीय श्री नारायण सिंह (पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष) एवं स्वर्गीय श्री अजीत कुमार सिंह स्मारक ऑल इंडिया कैश मनी क्रिकेट (G 20-20) प्रतियोगिता का आयोजन होना है। इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न स्थानों की कुल 8 टीम प्रतिभागी होंगी। जिसमें रणजी ट्रॉफी, आईपीएल, बोर्ड ट्राफी के खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे।यह आयोजन जनपद में पहली बार वृहद स्तर पर किया जा रहा है।

  • राष्ट्रपति से मिले डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चे

    राष्ट्रपति से मिले डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चे

    राष्ट्रपति से मिले डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चे


    गाजीपुर। राष्ट्रपति भवन में आयोजित बाल दिवस पर नगर के डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चों ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की और अपने मन की जिज्ञासा को दूर किया। राष्ट्रपति से संवाद कर बच्चे काफी प्रफुल्लित हैं। राष्ट्रपति ने भी उन्हें पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भी हिस्सा लेने की सीख दी। इस दौरान राष्ट्रपति भवन व संसद भवन का भी भ्रमण किया। यह जिले के लिए गौरव की बात है। राष्ट्रपति भवन के सेंट्रल हाल में आयोजित बाल दिवस पर कार्यक्रम के लिए जिले के सनबीम स्कूल के बच्चों का चयन किया गया था।
    स्कूल की डायरेक्टर एकता अखंड राय, शिक्षक कमलेश सिंह के साथ छात्र अभ्युदय प्रताप, निवेदिता प्रधान, आदर्श राय व सौम्या राय कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। बच्चों ने बताया कि राष्ट्रपति प्रोटोकाल तोड़कर उनके बीच आ गयीं और संवाद किया। अभ्युदय प्रताप व निवेदिता ने राष्ट्रपति से पूछा कि आपको महामहिम के पद पर आने के बाद कैसा लगा? तो उन्होंने जवाब दिया बिल्कुल, बहुत अच्छा लगा। फिर बच्चों ने सफल होने के बाद कैसा महसूस करतीं हैं। जवाब दिया सफलता का कोई अंत नहीं है। राष्ट्रपति ने सीख दी कि आप बच्चे आगे बढ़ते जाइए। आपका बचपन कैसा के सवाल पर उन्होंने कहा कि मैं भी आपकी तरह बगीचों और मिट्टी में खेला करती थीं। आज की तरह अच्छे स्कूल नहीं थे। उन्होंने बच्चों को मेहनत की सीख दी। साथ ही शिक्षकों से बच्चों को रोचक तरीके से शिक्षण कार्य कराने के साथ ही शारीरिक व मानसिक विकास के लिए खेलकूद को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

  • डीएम ने की बैठक,दिया निर्देश

    डीएम ने की बैठक,दिया निर्देश

    गाजीपुर। जिला उद्योग बन्धु एवं स्वरोजगार बन्धु की बैठक गुरुवार को जिला पंचायत सभागार में जिलाधिकारी एम पी सिंह  की अध्यक्षता मे सम्पन्न हुआ।इस बैठक में जिलाधिकारी ने मण्डी समिति दुल्लहपुर की जमीन अन्य़त्र स्थानान्तिरित किए जाने हेतु निस्तारण का निर्देश , व्यापारियो के समस्याओ के समाधान, उद्यमी वशिष्ट सिंह यादव के विद्युत बिल भुगतान प्रकरण के समाधान, औद्योगिक आस्थान नन्दगंज में सड़क , नाली , बाउण्डरीवाल निर्माण, निवेश मित्र पोर्टल, प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री रोजगार/युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद,पी एम सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार, आजीविका मिशन,पी एम स्वनिधि योजना एवं अन्य बिन्दूओ पर समीक्षा कर उद्यमियो के समस्याओ पर चर्चा की गयी तथा सम्बन्धित अधिकारियों को शिकायतो के निस्तारण का निर्देश दिया ।उद्यमी एस के दूबे ने सुखदेवपुर चौराहे से गाजीपुर घाट तक के 800 मीटर मार्ग जो बिल्कुल क्षतिग्रस्त है को सही कराने का अनुरोध एंव व्यापार मण्डल के विजय शंकर वर्मा ने रौजा से एम ए एच इण्टर कालेज तक जर्जर के बारे मे अवगत कराया । जिस पर जिलाधिकारी ने समन्धित अधिकारी को स्थलीय निरीक्षण करते हुए कार्यवाही का निर्देश दिया।
    जिलाधिकारी उधोगों के विकास में बैंको से अधिकाधिक सहयोग प्राप्त किये जाने के सम्बन्ध मे जिला अग्रणी प्रबंधक से अपेक्षा की। उद्यामियों के शिकायतो को सम्बन्धित अधिकारियों को समय से निस्तारण का निर्देश दिया। इस अवसर पर उघमी बशिष्ठ सिंह यादव, ए0के0दुबे अध्यक्ष ईट भठ्ठा एसोसिएशन एवं अन्य उद्यमी एंव व्यापार मण्डल के पदाधिकारी उपस्थित थे।

  • एसपी ने चार अफसरों का बदला कार्यक्षेत्र

    एसपी ने चार अफसरों का बदला कार्यक्षेत्र

    गाजीपुर। कानून व्यवस्था को चुस्त दुरुस्त रखने के लिए पुलिस अधीक्षक डॉ ईरज राजा ने शनिवार को चार थानाध्यक्षों का स्थानान्तरण किया।

  • 8 मार्च को होगा लोक अदालत का आयोजन

    8 मार्च को होगा लोक अदालत का आयोजन

    गाजीपुर। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देशानुसार राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन 8 मार्च 2025 को जनपद न्यायालय, न्यायालय सैदपुर एवं मुहम्मदाबाद तथा ग्राम न्यायालय जखनियाँ व जमानियाँ के साथ-साथ अन्य सरकारी प्रतिष्ठानों में किया जाएगा। विजय कुमार अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश/सचिव पूर्णकालिक, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के द्वारा अवगत कराया गया कि पूर्व की भांति राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा निर्देशित प्रकरण यथा उत्तराधिकार प्रमाण पत्र संबंधी, छोटे व लघु दाण्डिक वाद, पारिवारिक वाद, धारा-138 एन.आई.एक्ट, स्टाम्प वाद/पंजीयन वाद, मोटर अधिनियम वाद, चकबंदी वाद, श्रम वाद, उपभोक्ता फोरम वाद, वाट-माप प्रचलन अधिनियम वाद, कराधान प्रकरण, बिजली चोरी के वाद, सुलह समझौता एवं मध्यस्थता के माध्यम से वैवाहिक विवाद को परिपक्व कराकर आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत में पूर्व की तुलना में ज्यादा से ज्यादा वादों का निस्तारण कर, आमजन को लाभान्वित करते हुए, राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाना है।

  • मांग को लेकर मुख्यमंत्री को भेजा पत्र, आगामी बजट में घोषणा की मांग

    मांग को लेकर मुख्यमंत्री को भेजा पत्र, आगामी बजट में घोषणा की मांग

    विश्वविद्यालय की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को भेजा गया पत्र, आगामी बजट में घोषणा की मांग

    गाजीपुर। विश्वविद्यालय निर्माण मंच के अध्यक्ष एवं पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष दीपक उपाध्याय ने शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उच्च शिक्षा मंत्री के नाम संबोधित एक पत्र डाक के माध्यम से भेजा। इस पत्र में स्नातकोत्तर महाविद्यालय गाजीपुर को राजा गाधि राज्य विश्वविद्यालय’ के रूप में स्थापित करने का प्रस्ताव दिया गया है, साथ ही आगामी विधानसभा बजट में इसकी घोषणा कराने का आग्रह किया गया है। श्री उपाध्याय ने बताया कि गाजीपुर के छात्रों का भविष्य दांव पर है। जनपद में एक भी विश्वविद्यालय नहीं होने से यहां के छात्रों को अनेकों समस्याओं का सामना करना पड़ता है। गरीब और मध्यम वर्ग के छात्र उच्च शिक्षा के लिए बाहर जाने में असमर्थ हैं, जिससे उनका भविष्य अधर में है। ‘राजा गाधि राज्य विश्वविद्यालय’ की स्थापना से छात्रों को अपने ही जनपद में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। छात्र नेता ने कहा कि स्नातकोत्तर महाविद्यालय विश्वविद्यालय के लिए उपयुक्त है।


    स्नातकोत्तर महाविद्यालय शहर के मध्य एवं जिले के केंद्र में स्थित है, जो सभी दिशाओं से समान दूरी पर है। महाविद्यालय के पास पर्याप्त भूमि, संसाधन और शैक्षिक गुणवत्ता है, जो इसे विश्वविद्यालय के रूप में स्थापित करने के लिए उपयुक्त बनाती है।
    राज्य सरकार पर कोई अतिरिक्त वित्तीय भार नहीं पड़ेगा, क्योंकि महाविद्यालय के शिक्षकों एवं कर्मचारियों के वेतन, भत्ते, पेंशन आदि पर होने वाला लगभग 1.5 करोड़ रुपए का व्यय पहले से ही राज्य सरकार द्वारा वहन किया जा रहा है। विश्वविद्यालय निर्माण मंच ने मुख्यमंत्री व उच्च शिक्षा मंत्री से इस प्रस्ताव पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने और आगामी विधानसभा बजट में इसकी घोषणा करने का आग्रह किया है। गाजीपुर के छात्रों को उम्मीद है कि सरकार उनके भविष्य को ध्यान में रखते हुए इस महत्वपूर्ण मांग को स्वीकार करेगी।

  • 171 शिकायत पत्र में 24 का निस्तारण

    171 शिकायत पत्र में 24 का निस्तारण

    गाजीपुर।जन समस्याओ के त्वरित निस्तारण हेतु सम्पूर्ण समाधान दिवस तहसील जखनियां में जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक ईरज राजा की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। जिसमे 69 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए और मौके पर 05 का निस्तारण किया गया। जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु सातों तहसीलो की सूचना के अनुसार सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 171  शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए। जिसमें मौके पर 24 शिकायत/प्रार्थना पत्रो का निस्तारण किया गया।
    इसी क्रम में तहसील जमानियां में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता 17 शिकायत/प्रार्थना  प्राप्त हुए जिसमें 02 का मौके पर निस्तारण किया। तहसील सेवराई में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में 12 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए जिसमें से 04 का मौके पर निस्तारण किया गया। सदर तहसील में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में 17 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए 04 का मौके पर निस्तारण किया गया। तहसील मुहमम्दाबाद में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में 14 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए जिसमें से 02 का मौके पर निस्तारण किया गया। तहसील कासिमाबाद में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में 21 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए जिसमें से मौके पर 05 का निस्तारण किया गया एवं तहसील सैदपुर में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में 21 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त 02 का मौके पर निस्तारण किया गया। जिलाधिकारी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायत/प्रार्थना पत्रो का संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि अविलम्ब मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण कर निस्तारण किया जाए।तहसील दिवस के उपरान्त तहसील परिषर में बनाए गए समीक्षा भवन का जिलाधिकारी आर्यका अखौरी द्वारा फीता काटकर उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, परियोजना निदेशक राजेश यादव, जिला विकास अधिकारी सुभाष चन्द्र सरोज, उपजिलाधिकारी जखनियां, तहसीलदर जखनियां एवं समस्त संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

  • राष्ट्रीय सेवा योजना के 46वां सप्त दिवसीय विशेष शिविर का हुआ आयोजन

    राष्ट्रीय सेवा योजना के 46वां सप्त दिवसीय विशेष शिविर का हुआ आयोजन

    गाजीपुर। शनिवार को राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना के 46 वां सप्त दिवसीय विशेष शिविर का उद्घाटन हुआ। महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. अनिता कुमारी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम की मुख्य अतिथि भारतीय स्टेट बैंक मुख्य शाखा प्रबंधक श्वेता सुमन रहीं । कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्पार्चन एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। प्राचार्य प्रो. अनिता कुमारी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए अपने उद्बोधन के द्वारा स्वयंसेवी छात्राओं को पूरे उत्साह एवं मनोयोग से सप्त दिवसीय शिविर में प्रतिभाग करने को प्रेरित किया। वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी डॉ रामनाथ केसरवानी ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया की इन सात दिवसों में स्वयंसेवी छात्राओं को नया अनुभव व सीखने का सुअवसर प्राप्त होगा जिसमें वह राष्ट्रीय सेवा योजना के ध्येय वाक्य “मैं नहीं तुम” को चरितार्थ करते हुए अपने गोद लिए क्षेत्र कोयलाघाट, ददरीघाट, मियापुरा तथा नवापुरा में जाकर विभिन्न सामाजिक विषयों जैसे स्वच्छता अभियान, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, पर्यावरण संरक्षण आदि मुद्दों पर रैली निकाल कर, डोर टू डोर कैंपेन एवं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को जागरूक करेंगी । साथ ही छात्राओं के बौद्धिक संवर्धन के लिए संगोष्ठी का आयोजन भी किया जाएगा ।

    कार्यक्रम को जीवंत एवं मनोरंजक बनाते हुए कार्यक्रम अधिकारी डॉ नेहा कुमारी एवं ओम शिवानी के निर्देशन में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गई जिसमें सिमी व उसकी सहयोगी के द्वारा नृत्य प्रस्तुत किया गया । शालिनी, अंशिका एवं उनकी टीम ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से “युवाओं पर सोशल मीडिया के बढ़ते दुष्प्रभाव” को रेखांकित किया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्वेता सुमन ने स्वयंसेवी छात्राओं को अपने सपनों एवं महत्वाकांक्षाओं को राष्ट्र निर्माण एवं समाज सेवा से जोड़ने की सीख दी । धन्यवाद ज्ञापन डा. रामनाथ केसरवानी द्वारा किया गया । कार्यक्रम के दौरान मंच संचालन स्वयंसेविका संध्या राजभर ने किया । कार्यक्रम को सफल बनाने में कार्यक्रम अधिकारी डॉ मनीष कुमार सोनकर एवं पूर्व कार्यक्रम अधिकारी डा गज़नफर सईद ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई ।कार्यक्रम के दौरान जनपद नोडल अधिकारी डॉ अमित यादव, मीडिया प्रभारी डॉ.शिव कुमार, महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ विकास सिंह, डॉ निरंजन कुमार यादव, डॉ शिखा सिंह, डॉ सारिका सिंह, डॉ शैलेंद्र यादव, कार्यालय अधीक्षक श्री राधेश्याम कुशवाहा, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी जबीउल्लाह एवं हिना सहित राष्ट्रीय सेवा योजना की समस्त छात्राएं उपस्थित रहे ।

  • भंडारित अरहर के बीजों की फफूंद से सुरक्षा कर सकते है नीम

    भंडारित अरहर के बीजों की फफूंद से सुरक्षा कर सकते है नीम

    भंडारित अरहर के बीजों की फफूंद से सुरक्षा कर सकते है नीम, नीलगिरी और तुलसी में पाए जाने वाले वाष्पशील कार्बनिक यौगिक :अमरजीत सिंह

    गाजीपुर। गोराबाजार पी०जी० कालेज में पूर्व शोध प्रबन्ध प्रस्तुत संगोष्ठी का आयोजन किया गया। यह संगोष्ठी महाविद्यालय के अनुसंधान एवं विकास प्रकोष्ठ तथा विभागीय शोध समिति के तत्वावधान में महाविद्यालय के सेमिनार हाल में शनिवार को सम्पन्न हुई, जिसमें महाविद्यालय के प्राध्यापक, शोधार्थी व छात्र- छात्राएं उपस्थित रहे। उक्त संगोष्ठी में विज्ञान संकाय के अन्तर्गत वनस्पति विज्ञान विषय के शोधार्थी अमरजीत सिंह ने अपने शोध प्रबंध शीर्षक “स्टडीज ऑन वोलेटाइल एक्टिविटी ऑफ सम हायर प्लांट्स अगेंस्ट फंगल डिटीरिओरेशन ऑफ पिजन पी (कजनस कजान एल.) ड्यूरिंग स्टोरेज” नामक विषय पर शोध प्रबंध व उसकी विषय वस्तु प्रस्तुत करते हुए कहा कि प्रस्तुत शोध प्रबंध में भंडारण के समय अरहर के बीजों को नुकसान पहुंचाने वाले कवकों के विरुद्ध विभिन्न उच्च पौधो जैसे नीम (एजाडिराच्टा इंडिका), नीलगिरी (यूकेलिप्टस ग्लोबुलस) और पवित्र तुलसी (ओसीमम सैंक्टम) आदि में उपस्थित वाष्पशील कार्बनिक यौगिकों द्वारा होने वाले प्रभाव का अध्ययन किया गया है और पाया गया कि इनमें पाए जाने वाले वाष्पशील कार्बनिक यौगिक प्रभावी रूप से अरहर के बीजों में फफूंदी की वृद्धि और विकास को कम या समाप्त करने की क्षमता पाई गई है। यह भी पाया गया है कि इन उच्च पौधों में पाए जाने वाष्पशील पदार्थों के भंडारण के दौरान अरहर के बीजों की गुणवत्ता, अंकुरण क्षमता और पोषण को संरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका रहती है, क्योकि भंडारित दालों में फफूंद संदूषण एक गंभीर चुनौती है, जिसके कारण अक्सर हानिकारक माइकोटॉक्सिन के उत्पादन के कारण बीज की व्यवहार्यता कम हो जाती है और पोषण संबंधी गिरावट हो जाती है। प्रस्तुतिकरण के बाद विभागीय शोध समिति व अनुसंधान एवं विकास प्रकोष्ठ तथा प्राध्यापकों व शोध छात्र छात्राओं द्वारा शोध पर विभिन्न प्रकार के प्रश्न पूछे गए जिनका शोधार्थी ने संतुष्टि पूर्ण एवं उचित उत्तर दिया। तत्पश्चात महाविद्यालय की विभागीय शोध समिति, अनुसंधान एवं विकास प्रकोष्ठ के सदस्यों तथा महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफे०(डॉ०) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने शोध प्रबन्ध को विश्वविद्यालय में जमा करने की संस्तुति प्रदान की। इस संगोष्ठी में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफे० (डॉ०) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय, अनुसंधान एवं विकास प्रकोष्ठ के संयोजक प्रोफे० (डॉ०) जी० सिंह, प्रोफे ०(डॉ) अरुण कुमार यादव, प्रोफे० (डॉ०)सुनीलकुमार, प्रोफे०(डॉ०)एस०डी०सिंह परिहार, डॉ०रामदुलारे, डॉ० हरेंद्र सिंह शोध निर्देशक एवं विभागाध्यक्ष डॉ० जे० के० राव, डॉ०इन्दीवर पाठक, प्रोफे०(डॉ०) रविशंकर सिंह, डॉ०प्रतिमा सिंह, प्रोफे०(डॉ०) सुनील कुमार, प्रोफे० एस० एन० सिंह, डॉ० अशोक कुमार, डॉ० संजय चतुर्वेदी, डॉ०अंजनी कुमार गौतम, राजीव रंजन, डॉ०संतोष सिंह, डॉ० त्रिनाथ मिश्र, डॉ०कमलेश, अमितेश सिंह एवं अन्य प्राध्यापक गण व छात्र छात्राएं आदि उपस्थित रहे। अंत में डॉ० जे० के० राव ने सभी का आभार व्यक्त किया। संचालन डॉ० जी० सिंह ने किया।

  • सूबेदार वशिष्ठ नारायण राय का निधन

    सूबेदार वशिष्ठ नारायण राय का निधन

    सूबेदार वशिष्ठ नारायण राय का 97 वर्ष की आयु में निधन

    गाजीपुर। जनपद के पचोखर ग्राम निवासी वशिष्ठ नारायण राय का 97 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनका जन्म 1928 में हुआ था। राय साहब ने 1946 में अंग्रेजी शासनकाल के दौरान भारतीय सेना में सेवा प्रारंभ की और 1975 में सूबेदार पद से सेवानिवृत्त हुए। वे 1948, 1962 एवं 1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में सक्रिय रूप से शामिल रहे और देश सेवा में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। वे अपने पीछे एक समृद्ध और प्रतिष्ठित परिवार छोड़ गए हैं, जिसमें दो पुत्र सिविल कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता जय प्रकाश राय व कोकिलाबेन धीरूभाई अम्बानी चिकित्सालय, मुम्बई में चेस्ट स्पेशलिस्ट अवकाश प्राप्त कर्नल (डाक्टर) सत्य प्रकाश राय और दो पुत्रियाँ पूर्व प्रधानाचार्या कांता राय व आशा राय शामिल हैं। परिवार के प्रमुख सदस्यों में प्रोफे० राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय (प्राचार्य, पी.जी. कॉलेज, गाजीपुर), डॉ. सुनीता पाण्डेय (कुलसचिव, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ, वाराणसी), कर्नल राजीव कुमार राय, इंजीनियर नवीन ओझा आदि प्रमुख रूप से सम्मिलित हैं। उनका अंतिम संस्कार 14 फरवरी 2025 को प्रातः 10 बजे गाजीपुर में संपन्न होगा। उनके निधन से क्षेत्र में गहरे शोक की लहर है। परिवार, मित्रों और स्थानीय निवासियों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को स्मरण किया।

  • राज्यसभा सांसद डा.संगीता बलवंत ने की बजट की सराहना,बोली-यह बजट खुशहाल किसान और राष्ट्र के समग्र विकास के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रमाण है

    राज्यसभा सांसद डा.संगीता बलवंत ने की बजट की सराहना,बोली-यह बजट खुशहाल किसान और राष्ट्र के समग्र विकास के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रमाण है

    वाराणसी।वित्त मंत्री निर्मला सीतारमन के द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2025-2026 की सराहना करते हुए राज्यसभा सांसद डा. संगीता बलवंत ने कहा कि भारत का यह 78 वाँ और मोदी सरकार का यह 12 वाँ बजट है। 50.65 लाख करोड़ का यह बजट केवल एक वित्तीय दस्तावेज नहीं बल्कि यह हमारी सरकार की नारी सशक्तिकरण, आत्मनिर्भर युवा, खुशहाल किसान और राष्ट्र के समग्र विकास के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रमाण है। प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व में हमारी सरकार ने हमेशा महिलाओं को भारत की विकास यात्रा का केंद्र बिंदु बनाया है। यह बजट इस विश्वास को और मज़बूत करता है कि नारी का उद्धार स्वर्णिम युग का द्वार है।इस बजट में पहली बार उद्यम शुरू करने वाली महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए अगले पाँच वर्षों में दो करोड़ रुपये तक के टर्म लोन की एक नई योजना शुरू की गई है। हमारी सरकार में जल जीवन मिशन ने पहले 15 करोड़ से अधिक ग्रामीण परिवारों को नल कनेक्शन प्रदान किया है।जिससे महिलाओं पर पानी लाने का बोझ कम हुआ है।राज्यसभा सांसद डा. संगीता बलवंत ने कहा कि प्रधानमंत्री और वित्तमंत्री के गतिशील नेतृत्व में हम सिर्फ महिला सशक्तिकरण पर चर्चा नहीं कर रहे है बल्कि इसे वास्तविकता में बदल रहे हैं। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना का बजट 3624.80 करोड़ से बढ़कर 4482.90 करोड़ कर दिया गया है जिससे लाखों महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 का बजट 1500 करोड़ से 3500 करोड़ कर दिया गया और प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण का बजट 32500 करोड़ से 54832 करोड़ कर दिया गया है।
    किसानो के लिए किसान क्रेडिट कार्डों से 7.7 करोड़ किसानों, मछुआरों और डेयरी किसानों को अल्पकालिक ऋणों की सुविधा मिलती है। किसानों के क्रेडिट कार्ड की लिमिट अब 3 लाख रुपए से बढ़कर 5 लाख कर दी गई है।
    किसानों के लिए प्रधानमंत्री धन-धान्य योजना चलाई जाएगी। योजना से देश के करीब 1.7 करोड़ किसानों को मदद मिलेगी। इसके तहत 100 ऐसे जिलों को कवर किया जाएगा जहां उत्पादन कम है। तुअर, उड़द, मसूर आदि दालों के लिए 6 साल का स्पेशल मिशन चलाया जाएगा।
    किसान क्रेडिट कार्डों से 7.7 करोड़ किसानों, मछुआरों और डेयरी किसानों को अल्पकालिक ऋणों की सुविधा मिलती है। किसानों के क्रेडिट कार्ड की लिमिट अब 3 लाख रुपए से बढ़कर 5 लाख कर दी गई है।
    विकसित भारत के युग में युवा ही हमको लेकर जाएंगे। इसलिए हमारी सरकार ने सबसे ज्यादा ऐलान युवाओं को लेकर किया है। जब तक युवा तैयार नहीं होंगे तब तक भारत कभी विकसित नहीं बन पाएगा, सुपर पावर नहीं बन पाएगा। स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने दस हजार करोड रुपए का नया फंड जारी की है। जिससे नौकरियों के नए अवसर खुलेंगे। “
    जिज्ञासा, नवाचार और युवा मस्तिष्कों में वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने के लिए आगामी 5 वर्षों में सरकारी स्कूलों में 50 हजार अटल टिकरिग लैब की स्थापना की जाएगी।
    23 आईआईटी में विद्यार्थियों की कुल संख्या में 100% की वृद्धि हुई है, जो विगत 10 वर्षों में 65,000 से बढ़कर 1.35 लाख हो गई है। वर्ष 2014 के पश्चात शुरू की गई पांच आईआईटी में अतिरिक्त अवसंरचना का सृजन किया जाएगा। ताकि 6,500 और विद्यार्थियों के लिए शिक्षा को सुविधाजनक बनाया जा सके।
    अंतरिक्ष क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए एक हजार करोड रुपए का वेंचर कैपिटल फंड शुरू किया गया है।

  • निकाली गई जागरूकता रैली,सीडीओ ने दिलाई शपथ

    निकाली गई जागरूकता रैली,सीडीओ ने दिलाई शपथ

    कुष्ठ के प्रति जागरूक करने के लिए मुख्य विकास अधिकारी ने दिलाई शपथ

    ग़ाज़ीपुर।30 जनवरी से 13 फरवरी तक चलने वाला स्पर्श कुष्ठ रोग जागरूकता अभियान जिसका गुरुवार की समापन कार्यक्रम हुआ। इस कार्यक्रम में एक जागरूकता रैली निकाला गया जो विकास भवन से निकलकर मुख्य मार्गो से होते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय तक पहुंचा। इस रैली को मुख्य विकास अधिकारी संतोष वैश्य, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ सुनील कुमार पांडेय के साथ ही बेसिक शिक्षा अधिकारी हेमंत राव ने हरी झंडी दिखलाकर रवाना किया।

    मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य ने रैली को रवाना करने से पूर्व जिलाधिकारी के संदेश को पढ़कर रैली में शामिल परिषदीय विद्यालय के छात्रों ,अध्यापकों और बेसिक शिक्षा विभाग के कर्मचारी के साथ ही कुष्ठ विभाग के कर्मचारियों को कुष्ठ रोग के प्रति जागरूकता फैलाने का शपथ भी दिलाया।

    मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ सुनील कुमार पांडे ने बताया कि साल 2025 के लिए “मिलकर जागरूकता फैलाए भ्रांतियां को दूर भगाएं कुष्ठ प्रभावित कोई पीछे छूट न जाए” इसी थीम पर यह कार्यक्रम 30 जनवरी से 13 फरवरी तक चला। जिसमें विभिन्न माध्यमों से शहरी एवं ग्रामीण इलाकों में कुष्ठ रोग के प्रति आमजन को जागरूक करने का काम किया गया। साथ ही कार्यक्रम के प्रथम दिन भी जिलाधिकारी का संदेश पढ़कर स्वास्थ्य कर्मियों को सुनाया गया था । तो वही कार्यक्रम के समापन के अवसर पर विकास भवन से निकाली गई रैली से पूर्व मुख्य विकास अधिकारी के द्वारा भी संदेश सुनाकर आमजन को कुष्ठ रोग के प्रति जागरूक करने की शपथ भी ग्रहण कराई गई।

    जिला कुष्ठ अधिकारी डॉ रामकुमार ने बताया कि जनपद में गुरुवार से स्पर्श कुष्ठ रोग अभियान की शुरूआत हुई थी। इसके तहत जनपद में घर-घर जाकर स्वास्थ्य विभाग की टीम कुष्ठ रोगियों की पहचान करने के बारे में बताया गया था। लक्षणों के आधार पर रोगियों की पहचान कर उनकी लाइन लिस्टिंग करने का निर्देश दिया गया था। उन्होंने बताया कि कुष्ठ रोग से डरने की आवश्यकता नहीं है। शरीर का कोई भी दाग धब्बा जिस पर सुन्नपन हो, उसमें खुजली ना हो, पसीना ना आता हो, कुष्ठ रोग हो सकता है । कान पर गांठे होना, हथेली और तलवों पर सुन्नपन होना कुष्ठ रोग के लक्षण हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि कुष्ठ रोग की दवा सभी सरकारी अस्पतालों में नि:शुल्क उपलब्ध है।  इस दौरान उन्होंने बताया कि कुष्ठ रोग से दिव्यांग हो चुके व्यक्ति को सर्जरी के लिए रेफर किए जाने पर पीड़ित को विभाग के द्वारा ₹8000 के सहायता राशि भी दी जाती है।

    आज के इस कार्यक्रम में एसीएमओ डॉ जे एन सिंह, डॉ मनोज सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी मनोज कुमार, बेसिक शिक्षा विभाग के कर्मचारी अध्यापक के साथ ही कुछ विभाग के कर्मचारी और परिषदीय विद्यालय के बड़ी संख्या में छात्र शामिल रहे।

  • ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ योजना के तहत किया जागरूक

    ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ योजना के तहत किया जागरूक

    गाजीपुर। जिला प्रोबेशन अधिकारी ने बताया है कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत जागरूकता अभियान अंतर्गत जिलाधिकारी आर्यका अखौरी के निर्देश पर 13 फरवरी को मरादह ब्लॉक के ग्राम सभा हरहरी में शंभू नारायण महाविद्यालय एंड पंडित मार्कण्डेय चतुर्वेदी महाविद्यालय में कन्या सुमंगला योजना,चाइल्ड हेल्प लाइन 1098, 181, 1090, 1076, साखी वन स्टॉप सेंटर स्पॉन्सर शिप, बाल विवाह,निराश्रित पेंशन, दंपति पुरुस्कार,, विभागीय योजनाओं के बारे में जागरूक किया गया। जिसमें महिला कल्याण विभाग, गाजीपुर के चाइल्ड हेल्पलाइन कार्मिक अंशु राय और अर्चना सिंह तथा महाविद्यालय के शिक्षक उपस्थित रहे।

Uttar Pradesh Fast News