-
शाह फैज स्कूल के छात्र छात्राओं का वार्षिक परीक्षाफल घोषित

गाजीपुर। सोमवार को शाह फैज विद्यालय प्रांगण में वार्षिक परीक्षाफल घोषित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विशेष प्रार्थना व दीप प्रज्ज्वलन से हुई। विद्यालय के निदेशक डॉ नदीम अधमी ने विशेष प्रार्थना की साथ ही सभी को वार्षिक परीक्षा फल की बधाई दी व भविष्य में और भी मेहनत करने की सलाह दी। उसके पश्चात् कक्षा PG से कक्षा 9 व 11 का परीक्षा परिणाम घोषित किया गया।

प्रधानाचार्य इकरामुल हक़ ने वार्षिक रिपोर्ट में बताया कि इस वर्ष कुल 2285 छात्र -छात्राएं वार्षिक परीक्षा में सम्मिलित। 199 कक्षा 12 व 231 कक्षा 10 की सी बी एस सी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जिनका परिणाम प्रतीक्षारत है। वार्षिक परीक्षा का परिणाम 99.5 % रहा। कक्षा PG से शुजा आरफीन एवं अफ्फान ख़ान ,कक्षा एलकेजी से मोहम्मद आरिफ़, शान्वी सिंह, ज़ैनब ख़ान व ऋषभ गौतम ,यूकेजी से सौम्य पांडेय , पंखुड़ी केडिया ,अरशान अहमद, अवनीश पाल एवं आकिफा फातिमा ब्राइट स्टार घोषित किये गए।

कक्षा 1 से 5 में निशांत राय ने 99 9 % , कक्षा 6 से 8 में स्वरित कुमार राय एवं आफ़िया शफ़क़त 97.71 व कक्षा 9 से 11 में पहल कुशवाहा ने 97.80 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी विद्यालय में कनिष्ठ व वरिष्ठ वर्ग में सर्वश्रेष्ठ बालक व बालिका की उपाधि दी गयी। कनिष्ठ वर्ग से कक्षा 5 के निशांत राय व ज़ैनब अमानी व वरिष्ठ वर्ग से कक्षा 8 के स्वरित कुमार राय व कक्षा 9 से जुनैरा मसूद को क्रमशः सर्वश्रेष्ठ बालक व सर्वश्रेष्ठ बालिका की उपाधि दी गयी।

विद्यालय की निदेशिका डॉ मीना अधमी ने भी सभी छात्र-छात्राओं को वार्षिक परीक्षा फल की बधाई दी व अपने माता-पिता व गुरुजनों को धन्यवाद देने को कहा क्योंकि यही वो लोग हैं जिनकी सहायता के बिना कुछ भी संभव नहीं हो सकता। उन्होंने यह भी कहा कि हमें सीखना कभी नहीं बंद करना चाहिए। विद्यालय की मैनेजर मैडम अतिआ अधमी ने भी सभी को वार्षिक परीक्षाफल की शुभकामनायें दीं।


इस कार्यक्रम में सभी छात्र छात्राएं, निदेशक डॉ नदीम अधमी , निदेशिका डॉ मीना अधमी, वित्तीय एवं शैक्षणिक सलाहकार शमा अधमी, प्रधानाचार्य इकरामुल हक़, उप प्रधानाचार्य (शैक्षणिक) नेहा कुरैशी, परीक्षा नियंत्रक हनीफ अहमद, मुख्यअध्यापिका चंदना श्रीवास्तव, प्री-प्राइमरी इंचार्ज प्रियंका सिंह, माधुरी पांडेय , सुनंदा एवं अन्य शैक्षणिक व गैर शैक्षणिक कर्मचारी उपस्थित थे।

कार्यक्रम की साज सज्जा नुज़हत नसीम , आमना ओबैद , सिमरन जायसवाल, अंकिता दुबे एवं उमेश ने की। कार्यक्रम में गीत की प्रस्तुति शान कुशवाहा व शगुन कुशवाहा तथा अन्य ने की जिसका संगीत श्याम कुमार शर्मा व गिरधर शर्मा ने दिया।। कार्यक्रम का सञ्चालन उप प्रधानाचार्य (शैक्षणिक) नेहा कुरैशी, मुख्याध्यापिका चंदना श्रीवास्तव एवं प्रियंका सिंह ने किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान से हुआ।



-
12 से 23 फरवरी तक होगा क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन

12 से 23 फरवरी तक होगा क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन



गाजीपुर। गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के तत्वाधान में 4 फरवरी को अरोरा फाउंडेशन महुआबाग में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया । गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के प्रेसिडेंट अभिषेक सिंह ने बताया कि यह प्रतियोगिता 12 फरवरी से 23 फरवरी तक गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के तत्वधान में प्रथम स्वर्गीय श्री नारायण सिंह (पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष) एवं स्वर्गीय श्री अजीत कुमार सिंह स्मारक ऑल इंडिया कैश मनी क्रिकेट (G 20-20) प्रतियोगिता का आयोजन होना है। इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न स्थानों की कुल 8 टीम प्रतिभागी होंगी। जिसमें रणजी ट्रॉफी, आईपीएल, बोर्ड ट्राफी के खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे।यह आयोजन जनपद में पहली बार वृहद स्तर पर किया जा रहा है।
-
राष्ट्रपति से मिले डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चे

राष्ट्रपति से मिले डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चे

गाजीपुर। राष्ट्रपति भवन में आयोजित बाल दिवस पर नगर के डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चों ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की और अपने मन की जिज्ञासा को दूर किया। राष्ट्रपति से संवाद कर बच्चे काफी प्रफुल्लित हैं। राष्ट्रपति ने भी उन्हें पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भी हिस्सा लेने की सीख दी। इस दौरान राष्ट्रपति भवन व संसद भवन का भी भ्रमण किया। यह जिले के लिए गौरव की बात है। राष्ट्रपति भवन के सेंट्रल हाल में आयोजित बाल दिवस पर कार्यक्रम के लिए जिले के सनबीम स्कूल के बच्चों का चयन किया गया था।
स्कूल की डायरेक्टर एकता अखंड राय, शिक्षक कमलेश सिंह के साथ छात्र अभ्युदय प्रताप, निवेदिता प्रधान, आदर्श राय व सौम्या राय कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। बच्चों ने बताया कि राष्ट्रपति प्रोटोकाल तोड़कर उनके बीच आ गयीं और संवाद किया। अभ्युदय प्रताप व निवेदिता ने राष्ट्रपति से पूछा कि आपको महामहिम के पद पर आने के बाद कैसा लगा? तो उन्होंने जवाब दिया बिल्कुल, बहुत अच्छा लगा। फिर बच्चों ने सफल होने के बाद कैसा महसूस करतीं हैं। जवाब दिया सफलता का कोई अंत नहीं है। राष्ट्रपति ने सीख दी कि आप बच्चे आगे बढ़ते जाइए। आपका बचपन कैसा के सवाल पर उन्होंने कहा कि मैं भी आपकी तरह बगीचों और मिट्टी में खेला करती थीं। आज की तरह अच्छे स्कूल नहीं थे। उन्होंने बच्चों को मेहनत की सीख दी। साथ ही शिक्षकों से बच्चों को रोचक तरीके से शिक्षण कार्य कराने के साथ ही शारीरिक व मानसिक विकास के लिए खेलकूद को बढ़ावा देने पर जोर दिया। -
डीएम ने की बैठक,दिया निर्देश

गाजीपुर। जिला उद्योग बन्धु एवं स्वरोजगार बन्धु की बैठक गुरुवार को जिला पंचायत सभागार में जिलाधिकारी एम पी सिंह की अध्यक्षता मे सम्पन्न हुआ।इस बैठक में जिलाधिकारी ने मण्डी समिति दुल्लहपुर की जमीन अन्य़त्र स्थानान्तिरित किए जाने हेतु निस्तारण का निर्देश , व्यापारियो के समस्याओ के समाधान, उद्यमी वशिष्ट सिंह यादव के विद्युत बिल भुगतान प्रकरण के समाधान, औद्योगिक आस्थान नन्दगंज में सड़क , नाली , बाउण्डरीवाल निर्माण, निवेश मित्र पोर्टल, प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री रोजगार/युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद,पी एम सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार, आजीविका मिशन,पी एम स्वनिधि योजना एवं अन्य बिन्दूओ पर समीक्षा कर उद्यमियो के समस्याओ पर चर्चा की गयी तथा सम्बन्धित अधिकारियों को शिकायतो के निस्तारण का निर्देश दिया ।उद्यमी एस के दूबे ने सुखदेवपुर चौराहे से गाजीपुर घाट तक के 800 मीटर मार्ग जो बिल्कुल क्षतिग्रस्त है को सही कराने का अनुरोध एंव व्यापार मण्डल के विजय शंकर वर्मा ने रौजा से एम ए एच इण्टर कालेज तक जर्जर के बारे मे अवगत कराया । जिस पर जिलाधिकारी ने समन्धित अधिकारी को स्थलीय निरीक्षण करते हुए कार्यवाही का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी उधोगों के विकास में बैंको से अधिकाधिक सहयोग प्राप्त किये जाने के सम्बन्ध मे जिला अग्रणी प्रबंधक से अपेक्षा की। उद्यामियों के शिकायतो को सम्बन्धित अधिकारियों को समय से निस्तारण का निर्देश दिया। इस अवसर पर उघमी बशिष्ठ सिंह यादव, ए0के0दुबे अध्यक्ष ईट भठ्ठा एसोसिएशन एवं अन्य उद्यमी एंव व्यापार मण्डल के पदाधिकारी उपस्थित थे।
-
तबियत बिगड़ने से बीएसएफ जवान की मौत, जवानों ने दिया गार्ड ऑफ ऑनर

गाजीपुर। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) में तैनात जवान रामवंत प्रसाद (32) की रविवार को निधन हो गया। वह नगर के फाक्सगंज के निवासी थे। अपने पीछे वह पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गए।
उनके बड़े भाई जामवंत प्रसाद के अनुसार नगर क्षेत्र के फाक्सगंज निवासी रामवंत प्रसाद बीएसएफ में कार्यरत थे। जो वर्तमान समय में न्यू कूचबिहार, वेस्ट बंगाल में कुक के पद पर कार्यरत थे। जिनकी नियुक्ति वर्ष 2013 में हुई थी। विगत कुछ दिनों से छुट्टी पर घर आए हुए थे। रविवार को सुबह नाश्ता कर के बैठे की तबियत बिगड़ गई। आनन फानन में परिजन मेडिकल कालेज के अधीन जिला अस्पताल ले गए। जहां डाक्टरों ने जांच कर उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनका विवाह वर्ष 2019 में हुआ था।
अपने पीछे वह पत्नी गीता, पुत्री गर्विता (3) तथा पुत्र ऋषभ (2) को छोड़कर गए है। उनके माता पिता का निधन पहले ही हो चुका हैं। जिनका दाह संस्कार सोमवार को फाक्सगंज स्थित गंगा घाट पर किया गया। मुखाग्नि उनके बड़े भाई जामवंत प्रसाद ने दी। बीएसएफ के एसआई राजेश के नेतृत्व में आए हुए सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने पूरे सम्मान के साथ गार्ड ऑफ ऑर्नर दिया। उनके निधन पर पूर्व नपा अध्यक्ष विनोद अग्रवाल, भाजपा जिलामंत्री धनेश्वर बिंद, राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत के प्रतिनिधि अरविंद कुमार, सभासद अशोक मौर्य, दिग्विजय पासवान, इंद्रजीत चौधरी, अमित चौधरी, नगीना, जोखन, आकाश चौधरी सहित सैकड़ों ने लोगों ने उपस्थित होकर श्रद्धांजलि दी।

-
अब गाजीपुर में उठाएं कर्मचारी राज्य बीमा का लाभ

कर्मचारी राज्य बीमा का लाभ अब उठाएं गाजीपुर में भी
गाजीपुर। भारत की कर्मचारी राज्य बीमा योजना, एक बहुआयामी सामाजिक सुरक्षा प्रणाली है जो इस योजना के तहत शामिल श्रमिक आबादी और उनके आश्रितों को सामाजिक-आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए तैयार की गई है। स्वयं और आश्रितों के लिए पूर्ण चिकित्सा देखभाल के अलावा, जो कि बीमा योग्य रोजगार के पहले दिन से स्वीकार्य है, बीमित व्यक्ति बीमारी, अस्थायी या स्थायी अक्षमता आदि के कारण शारीरिक संकट के समय में विभिन्न प्रकार के नकद लाभों के भी हकदार हैं। इस योजना के तहत गाजीपुर जनपद का पहला निजी क्षेत्र का अस्पताल मां कवलपती हॉस्पिटल शास्त्री नगर गाजीपुर को संबंध किया गया है इस बात की जानकारी अस्पताल की प्रबंधक डॉ बीती सिंह के द्वारा दिया गया।

डॉ बीती सिंह ने बताया कि कर्मचारी राज्य बीमा निगम श्रम एवं रोजगार मंत्रालय भारत सरकार के द्वारा चिकित्सकीय, ई केमिस्ट, ई डायग्नोस्टिक सेवाएं प्रदान करने के संबंध में पत्र प्राप्त हुआ है। इसके बाद से अब सार्वजनिक व निजी क्षेत्र के साथ विद्यालय कर्मचारी जो कर्मचारी राज्य बीमा निगम के अधीन आते हैं। उन सभी लोगों का इलाज और जांच की सुविधा उनके अस्पताल पर उपलब्ध रहेंगे ।
इस संबंध में डॉ स्वतंत्र सिंह ने बताया कि जो भी कर्मचारी प्राइवेट संस्था या सरकारी संस्थान में कार्य करते हैं और वहां पर 10 से अधिक कर्मचारी हैं । तो उन्हें इस तरह की योजनाओं का लाभ उसे संस्थान के द्वारा दिया जाता है। जिसके प्राप्त होने के बाद अभी तक कर्मचारी उसका लाभ लेने के लिए दूसरे शहर की यात्रा कर उसका लाभ उठा पाते थे। ऐसे में अब यह योजना गाजीपुर में भी आरंभ किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि इस योजना के अंतर्गत आने वाले कर्मचारियों का इलाज उनके अस्पताल पर निशुल्क किया जाएगा। साथ ही उनकी जांच की प्रक्रिया भी निशुल्क रहेगी उन्होंने बताया कि इस योजना का लाभ लेने वाले गाजीपुर में करीब 2000 लाभार्थी है। जिन्हें दूसरे शहर जाकर योजना का लाभ उठाना पड़ता था लेकिन अब उन्हें दूसरे शहर की यात्रा नहीं करनी पड़ेगी। उन्होंने बताया कि जो भी कर्मचारी इस योजना के लाभार्थी हैं वह इस अस्पताल पर अपना UHID कोड देंगे। जिससे उनका पूरा डिटेल आ जाएगा उसके बाद कर्मचारियों के साथ ही उनके परिवार के सभी लोगों का ईलाज निशुल्क किया जाएगा।
-
विश्व एड्स दिवस पर निकाली गई जागरूकता रैली, लगाई गई पोस्टर प्रदर्शनी

गाजीपुर। रविवार को राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय के रेड रिबन क्लब द्वारा विश्व एड्स दिवस के अवसर पर जागरूकता रैली एवं पोस्टर प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। रासेयो की स्वयंसेवी छात्राओं द्वारा एक रैली निकाली गई । प्राचार्य डा अनिता कुमारी द्वारा रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया । रैली के दौरान छात्राओं द्वारा एड्स जागरूकता संबंधी तमाम नारे जैसे – जन-जन ने ठाना है विश्व से एड्स मिटाना है, एड्स है जानलेवा बीमारी इसे मिटाना हम सब की जिम्मेदारी – आदि लगाकर लोगों को जागरूक किया गया। महुआ बाग मिश्र बाजार कोतवाली होते हुए महाविद्यालय लौटकर छात्राओं ने सूक्ष्म जलपान किया ।


तत्पश्चात एड्स जागरूकता पर आधारित एक पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें महाविद्यालय की छात्राओं ने पोस्टर के माध्यम से एड्स फैलने के कारण, उससे बचाव संबंधी उपाय एवं एड्स पीड़ित व्यक्ति के प्रति संवेदनशील बर्ताव करने का संदेश दिया। प्राचार्य महोदया ने छात्राओं द्वारा बनाए गए पोस्टर एवं प्रदर्शनी का अवलोकन किया। राष्ट्रीय सेवा योजना के जनपद नोडल डॉ अमित यादव ने छात्राओं को अपने आसपास के लोगों को एड्स के प्रति जागरूक करने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. ग़ज़नफर सईद, डा. रामनाथ केसरवानी, डॉ. ओम शिवानी, कर्मचारी जबीउल्लाह एवं हिना सहित महाविद्यालय की छात्राएं उपस्थित रहे ।

-
अन्तर महाविद्यालयीय एथलेटिक्स पुरूष एवं महिला प्रतियोगिता सम्पन्न

अन्तर महाविद्यालयीय एथलेटिक्स पुरूष एवं महिला प्रतियोगिता सम्पन्न
गाजीपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर परिसर स्थित एकलव्य स्टेडियम में अन्तर महाविद्यालयीय एथलेटिक पुरूष / महिला प्रतियोगिता 2024-2025 का समापन हुआ। प्रतियोगिता के समापन सत्र के मुख्य अतिथि प्रोफे० (डॉ०) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय अध्यक्ष, खेलकूद परिषद ने पुरस्कार वितरण एवं ट्राफी प्रदान कर की। इस अवसर पर प्रोफे० (डॉ०) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने कहा कि एथलेटिक खेल एक पुरानी खेल विधा है जो विश्व में सबसे अधिक लोकप्रिय है। खेल बच्चों के बौद्धिक एवं मानसिक विकास का माध्यम होता है। स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मष्तिष्क का वास होता है। प्रोफेसर पाण्डेय ने कहा कि प्रदेश एवं केन्द्र सरकार द्वारा खेल को बढ़ावा देने के की तरह के कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं जिससे बच्चों का भविष्य उज्ज्वल बन सकेगा। भारत विश्व का युवा देश है और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की सम्भावना प्रबल है। उन्होंने सभी विजेता व उपविजेता खिलाड़ियों को बधाई दी। अंको के आधार पर महिला वर्ग में स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गाजीपुर विजेता, पं० दीनदयाल उपाध्याय पी० जी० कालेज सैदपुर, गाजीपुर उपविजेता तथा शहीद स्मारक पी० जी० कालेज गाजीपुर तृतीय स्थान पर रही। वहीं पुरूष वर्ग में मो० हसन पी० जी० कालेज जौनपुर विजेता, स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गाजीपुर उपविजेता एवं सत्यदेव पी० जी० कालेज गाजीपुर तृतीय स्थान पर रहा।

अन्तर महाविद्यालयीय एथलेटिक पुरूष / महिला प्रतियोगिता के चौथे दिन 4 गुणे 400 मीटर रिले दौड़ पुरूष वर्ग में पी० जी० कालेज गाजीपुर प्रथम, शहीद स्मारक पी० जी० कालेज गाजीपुर द्वितीय, पं० दीनदयाल उपाध्याय पी० जी० कालेज सैदपुर, गाजीपुर तृतीय तथा महिला वर्ग में पी० जी० कालेज गाजीपुर प्रथम, पं० दीनदयाल उपाध्याय पी० जी० कालेज सैदपुर, गाजीपुर द्वितीय, शहीद स्मारक पी० जी० कालेज गाजीपुर तृतीय रही।
हाफ मैराथन दौड़ पुरूष वर्ग में सोनू यादव आर० जे० डिग्री कालेज प्रथम, वीर कुमार पं० दीनदयाल उपाध्याय पी०जी० कालेज सैदपुर, गाजीपुर द्वितीय, अमेरिका यादव पी० जी० कालेज, गाजीपुर तृतीय तथा महिला वर्ग में अंशू शहीद स्मारक पी० जी० कालेज गाजीपुर प्रथम रही। 400 मीटर पुरूष वर्ग में दिवाकर पासवान मो० हसन पी० जी० कालेज जौनपुर प्रथम, प्रख्यात पासवान आचार्य बल्देव प० जी० कालेज जौनपुर द्वितीय, अमित यादव पी० जी० कालेज, गाजीपुर तृतीय तथा 800 मीटर महिला वर्ग में कल्यानीका मो० हसन पी० जी० कालेज, जौनपुर प्रथम, आंचल यादव मो० हसन पी० जी०कालेज जौनपुर द्वितीय, प्रीती साहनी पी० जी० कालेज गाजीपुर तृतीय और 800 मीटर पुरूष वर्ग में पवनदीप यादव मो० हसन पी० जी० कालेज जौनपुर प्रथम, वैभव यादव श्री हरिदास महाविद्यालय गाजीपुर द्वितीय, अजय कुमार पी० जी० कालेज गाजीपुर तृतीय रहे। पदचाल पुरूष वर्ग में धर्मेन्द्र कुमार प्रथम तथा महिला वर्ग में आंचल गुप्ता पं० दीनदयाल उपाध्याय पी० जी० कालेज सैदपुर, गाजीपुर प्रथम रहे। मिक्स रिले दौड़ 4 गुणें 400 मीटर पी० जी० कालेज गाजीपुर प्रथम, पं० दीनदयाल उपाध्याय पी० जी० कालेज सैदपुर, गाजीपुर द्वितीय, शहीद स्मारक पी० जी० कालेज गाजीपुर तृतीय स्थान पर रही।
डॉ० अच्छे लाल यादव, आयोजन सचिव, ने आये हुय समस्त अतिथियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। उक्त अवसर पर उक्त अवसर पर प्रोफे० ओ० पी० सिंह, सचिव, खेलकूद परिषद, प्रो० उदयभान यादव, प्रो0० संजय कुमार, डॉक्टर माधवम, डॉक्टर राजन तिवारी, डॉक्टर राजेश सिंह, रजनीश कुमार सिंह, खेल सहायक, सतेन्द्र कुमार सिंह, जय सिह गहलौत, अल्का सिंह, भानू शर्मा, आदि उपस्थित रहे। निर्णायक की भूमिका में दिनेश जायसवाल, कुलदीप सिंह, कृष्णा यादव, विवेक विश्वकर्मा, अमित सिंह, दीपक पटेल, सुशील कुमार आदि रहे। -
शिक्षक करेंगे डीआईओएस कार्यालय में ताला बंदी

छह को शिक्षक करेंगे डीआईओएस कार्यालय में ताला बंदी
गाजीपुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ आगामी छह दिसंबर को डीआईओएस कार्यालय में ताला बंदी करेंगे। आंदोलित शिक्षक अपनी समस्याओं का निदान नहीं होने तथा कार्यालय में व्याप्त भ्रष्टाचार को लेकर छह दिसम्बर को डीआईओएस कार्यालय में ताला बंदी करेंगे। मालूम हो कि जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में एक सौ पचास से अधिक शिक्षकों का अवशेष, पदोन्नति, चयन वेतनमान सहित अन्य जरूरी कार्य सुविधा शुल्क नहीं देने पर रोका गया है। शिक्षकों का आरोप है कि सुविधा शुल्क नीचे से लेकर ऊपर तक लिया जा रहा है। प्रांतीय मंत्री चौधरी दिनेश चंद्र राय कहते हैं कि बीते 19 नवंबर को भ्रष्टाचार और अन्य समस्याओं को लेकर कार्यालय का घेराव किया गया था। मौके से सभी जिम्मेदार अधिकारी नदारद रहे। चेतावनी देते हुए कहा कि अगर एक पखवाड़े के अंदर समस्याओं और कार्यालय में व्याप्त भ्रष्टाचार पर अंकुश नहीं लग रहा है तो मजबूरी में शिक्षकों को कार्यालय में ताला बंदी करनी होगी। इसकी जिम्मेदारी जिला प्रशासन सहित डीआईओएस कार्यालय में तैनात अधिकारियों की होगी और उसके उपरान्त भी यदि समस्याओं का निस्तारण नहीं हुआ तो नौ दिसंबर को उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेशीय मंत्री श्री चौधरी दिनेशचन्द्र राय कार्यालय के समक्ष आमरण अनशन पर बैठेंगे। जिसकी समस्त जिम्मेदारी आपकी होगी। -
समाज के प्रत्येक वर्ग को संगठन दायित्व प्रदान करने की पारदर्शी प्रक्रिया सिर्फ भाजपा मे है:गीता शाक्य

समाज के प्रत्येक वर्ग को संगठन दायित्व प्रदान करने की पारदर्शी प्रक्रिया सिर्फ भाजपा मे है:गीता शाक्य

गाजीपुर। भारतीय जनता पार्टी राष्ट्र सेवा समर्पित, समाज के अंतिम व्यक्ति को मुख्य धारा से जोड़ने के स्पष्ट सोच के साथ काम करने वाला राजनैतिक संगठन है।यह बात जिला चुनाव अधिकारी व राज्यसभा सांसद गीता शाक्य ने भाजपा जिला कार्यालय पर जिलाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित संगठन पर्व 2024 के संगठन चुनाव के दूसरे चरण की कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा,उन्होंने कहा कि संगठन के सर्वव्यापी,सर्वस्पर्शी, समावेशी आधार के मजबूती हेतु सर्वसम्मति से समाज के प्रत्येक वर्ग को संगठन दायित्व प्रदान करने की पारदर्शी प्रक्रिया सिर्फ भाजपा मे है। यह हम कार्यकर्ताओं के लिए गर्व की बात है।

राज्यसभा सांसद गीता शाक्य ने द्वितीय चरण के चुनाव प्रक्रिया का विस्तार से वर्णन किया।उन्होंने कहा कि धीर, गंभीर, विपरीत परिस्थितियों में भी बिना घबराहट हमारा कार्यकर्ता देश हित एवं संगठन हित मे कार्य करने एवं निर्णय लेने मे सक्षम हो ऐसे सरल, सहज, उच्च गुणवत्ता के मानक को पूरा करने वाले कार्यकर्ता को दायित्व देना, हमारी प्राथमिकता है।
उन्होंने सभी सक्रीय सदस्यों से “द साबरमती रिपोर्ट” फिल्म अवश्य देखने का आह्वान किया।
जिला प्रभारी डा राकेश त्रिवेदी ने द्वितीय चरण की कार्यशाला में कहा कि आज के चुनौती पूर्ण माहौल में जहां विपक्ष लगातार देश के विकास, भारतीय सभ्यता, संस्कृति,से परे भ्रम और बेबुनियाद की बातों का सहारा लेकर स्वयं के राजनीतिक अस्तित्व के लिए काम कर रहा है ऐसे में उनके चुनौतियो के संघर्ष में भाजपा कार्यकर्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि हमारे कार्यकर्ताओं को लगातार 365 दिन और रोज 16 से 18 घंटे समाज और राष्ट्र हित में काम करना देश की जरूरत बन गयी है ।
जिलाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने अतिथि का स्वागत अभिनन्दन करते हुए अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि संगठन का कोई भी दायित्व छोटा या बड़ा नही बल्कि महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को सीख देते हुए कहा कि कार्य को सरलता से जटिलता की ओर लेकर चलने से सरल पूर्ण हो चुके कार्य जटिल कार्य को पूर्ण कराने में सहयोगी हो जाते हैं।
कार्यशाला को जिला सह चुनाव अधिकारी ओमप्रकाश राय व सक्रिय सदस्यता प्रमुख प्रवीण सिंह ने भी संबोधित किया।
बैठक का शुभारंभ पं दीनदयाल उपाध्याय और डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर वंदेमातरम् तथा समापन राष्ट्र गान से हुआ।
संचालन जिला महामंत्री दयाशंकर पांडेय ने किया।
कार्यशाला में भानु प्रताप सिंह, कृष्ण बिहारी राय, पारसनाथ राय, जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, सरिता अग्रवाल,अभिनव सिन्हा, बृजेन्द्र राय, सुनिता सिंह, दिलदारनगर पंचायत अध्यक्ष अविनाश जयसवाल,नेपाली, रामनरेश कुशवाहा, वृजनन्दन सिंह, राजेश राजभर,अवधेश राजभर, जिला मीडिया प्रभारी शशिकांत शर्मा, अच्छेलाल गुप्ता, श्यामराज तिवारी, अखिलेश सिंह, सरोज मिश्रा,रनिका जायसवाल, शैलेश राम, साधना राय,विश्व प्रकाश अकेला आदि लोग उपस्थित थे। -
डीएम ने की बैठक,दिए निर्देश


गाजीपुर।जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति शासी निकाय एवं जिला टास्क फोर्स प्लस पोलियो अभियान की बैठक शनिवार को कलेक्ट्रट सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में जननी सुरक्षा योजना कार्यक्रम के अन्तर्गत महिलाओ को निःशुल्क भोजन, दवा एव ड्राप बैक की सुविधा, ओ0पी0डी0, एवं अन्य बिन्दुओं पर समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में प्लस पोलियो अभियान 08 दिसम्बर 2024 से 16 दिसम्बर 2024 तक चलाया जाना है। जिसमें शून्य से 05 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो ड्राफ पिलाया जाएगा जिस पर विस्तार पूर्वक चर्चा की गईं। समीक्षा के दौरान उन्होने कहा कि हेल्थ वेलनेस सेन्टर पर आवश्यक दवाओ की उपलब्धता रहे, ओ0पी0डी0 का संचालन तथा नियमित रूप से सी0एच0ओ0 एवं एन0एम0 की उपस्थिति का निर्देश दिया। समस्त सी0एच0सी0, पी0 एच0सी0 पर सी0सी0टीवी कैमरा का संचालन रिकॉर्डिंग मोड पर रखने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने संबंधित चिकित्सा अधीक्षको को हेल्थ वेनलेस सेन्टर की क्रियाशीलता बराबर चेक करते रहने का निर्देश दिया। समीक्षा के दौरान उन्होने जननी सुरक्षा योजनार्न्तगत गर्भवती महिलाओं के संस्थागत प्रसव के संबंध मे जानकारी लेते हुए इस कार्यक्रम के अन्तर्गत महिलाओ को निःशुल्क भोजन, तथा दवा एव ड्राप बैक की सुविधा के साथ-साथ 48 घण्टे रोके जाने के निर्देश दिये।बैठक मे जिलाधिकारी ने ई-कवच, जननी सुरक्षा योजना, जे0एस0वाई के भुगतान, मातृत्व मृत्यु दर की समीक्षा, परिवार कल्याण कार्यक्रम, टीकाकरण, आशा/जे एस वाई भुगतान, क्षय रोग नियंत्रण, कुष्ठ उन्मूलन, प्रधानमंत्री मातृ वन्दना योजना, आयुष्मान कार्ड, जन्म-मृत्यु पंजीयन,एवं अन्य बिन्दुओ पर विस्तारपूर्वक समीक्षा की। उन्होने कहा कि जो भी शासन की योजनाए संचालित है उसका शत-प्रतिशत क्रियान्वयन हो, कोई भी पात्र योजना से वंचित न रहे। बैठक मे समस्त एम0ओ0वाई0सी0 को निर्देशित किया गया कि सी0एच0सी0, पी0एच0सी0 पर फायर सर्विस लगाया जाय एवं नजदीकी अग्नि श्मन केन्द्र के अधिकारी का नम्बर अवश्य लिखा जाए तथा मरीजो के लिए बैठने की व्यवस्था एवं पेय जल की व्यवस्था सुनिश्चित करे। बैठक में जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया की पंजीकृत निजी चिकित्सालयों का सत्यापन कराया जाए एवं अवैध चल रहे चिकित्सालयों पर आवश्यक कार्यवाही करें। जिलाधिकारी ने जपनपदवासीयों से अनुरोध किया कि किसी भी व्यक्ति को सांप काटे तो उसके इलाज के लिए नजदीकी सामुदायिक केन्द्र पर इलाज कराए, झाड़ – फूक के चक्कर में न पडे़। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, मुख्य चिकित्साधिकारी, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी (एन एच एम),, समस्त एम ओ वाई सी एंव अन्य सम्बन्धित जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
-
सिंगल यूज प्लास्टिक को लेकर डीएम ने दिया निर्देश

गाज़ीपुर। जिला वृक्षारोपण, जिला गंगा एवं जिला पर्यावरण समिति की बैठक शुक्रवार को जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आहूत की गयी है। बैठक में निम्न बिन्दुओं पर गहनता से चर्चा की गयी। बैठक में जिलाधिकारी ने विभागो द्वारा 2024-25 में कराये गये वृक्षारोपण स्थलों के उत्कृष्ट 5-5 स्थलों के नाम व फोटोग्राफ्स उपलब्ध कराने तथा विभागों द्वारा 2024-25 में कराये गये वृक्षारोपण स्थलों के अन्तर्विभागीय सत्यापन रिपोर्ट हेतु सम्बन्धित को निर्देशित किया। उन्होने गंगा ग्राम पंचायतों से निकलकर गंगा नदी में मिलने वाले समस्त नालों में लिक्विड वेस्ट मैनेजमेन्ट हेतु नाले फिल्टर चेम्बर बनाने को कहा। उन्होने सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को रोके जाने के सम्बन्ध में कार्यवाही करने का निर्देश दिया।

जिलाधिकारी ने नगर पालिका ईओ को उपवन योजना के अन्तर्गत भूमि चिन्हीत कर सोमवार तक रिर्पोट प्रस्तुत करने हेतु निर्देशित किया। उन्होने जनपद के प्रत्येक ग्राम पंचायत में ’’ग्राम आर्द्र भूमि समिति’’ का गठन जिला पंचायत राज अधिकारी द्वारा किये जाने हेतु निर्देशित किया। उन्होने बताया कि All Women Ganga River Rafting Expedition की टीम 53 दिवस की गंगोत्री (उत्तराखण्ड) से गंगा सागर (पश्चिम बंगाल) की यात्रा पर निकली है, जिसका उद्देश्य ’’महिला सशक्तिकरण एवं स्वच्छ और निर्मल गंगा अभियान’’ है। जनपद गाजीपुर में दल का आगमन 30.11.2024 को होगा एवं प्रस्थान 1.12.2024 को होना है। जनपद में आगमन पर उक्त दल का स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, जिला विद्यालय निरीक्षक, डी0एफ0ओ0, एवं अन्य संबन्धित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
-
शैक्षणिक यात्राएं हमारे ज्ञान और अनुभव को करती है समृद्ध:प्राचार्य

गाजीपुर। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में भूगोल परिषद द्वारा आयोजित शैक्षणिक भ्रमण दल को प्राचार्य प्रो अनीता कुमारी ने शुक्रवार को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि शैक्षणिक यात्राएं हमारे ज्ञान और अनुभव को समृद्ध करती हैं। अपने देश के भौगोलिक स्वरूप से परिचित कराती हैं। इस यात्रा में कुल 97 छात्राएं सम्मिलित हैं। यह राजगीर और नालंदा के भौगोलिक एवं सांस्कृतिक को समझने की कोशिश करेंगी। इस अवसर पर भूगोल विभाग के प्रभारी निरंजन कुमार यादव, डा शिखा सिंह, डा अमित यादव एवं मीडिया प्रभारी शिव कुमार जी उपस्थित रहे।

-
एक लाख 44 हजार रुपए की शराब बरामद

गाज़ीपुर। गहमर थाना पुलिस टीम ने चार पहिया वाहन से शराब बरामद किया। गुरूवार की रात भदौरा नहर पुलिया पर चेकिंग के दौरान पुलिस को देख भाग रहे एक सफेद रंग के ब्रेजा कार न0 UP32MB5444 को स्टेशन रोड चौक के पास से पकड़ा गया। मौके से ब्रेजा कार को सड़क के किनारे छोड़कर चालक अंधेरे का लाभ उठा कर भाग गया। वाहन चेक किया गया तो वाहन में कुल 25 पेटी शराब (जिसमें 8PM के कुल 1200 पाउच बरामद किया गया। बरामद की गई शराब की कीमत लगभग एक लाख 44 हजार रुपये है। इस सम्बन्ध में थाना स्थानीय पर आबकारी अधिनियम के तहत अभियोंग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।







