-
शाह फैज स्कूल के छात्र छात्राओं का वार्षिक परीक्षाफल घोषित

गाजीपुर। सोमवार को शाह फैज विद्यालय प्रांगण में वार्षिक परीक्षाफल घोषित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विशेष प्रार्थना व दीप प्रज्ज्वलन से हुई। विद्यालय के निदेशक डॉ नदीम अधमी ने विशेष प्रार्थना की साथ ही सभी को वार्षिक परीक्षा फल की बधाई दी व भविष्य में और भी मेहनत करने की सलाह दी। उसके पश्चात् कक्षा PG से कक्षा 9 व 11 का परीक्षा परिणाम घोषित किया गया।

प्रधानाचार्य इकरामुल हक़ ने वार्षिक रिपोर्ट में बताया कि इस वर्ष कुल 2285 छात्र -छात्राएं वार्षिक परीक्षा में सम्मिलित। 199 कक्षा 12 व 231 कक्षा 10 की सी बी एस सी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जिनका परिणाम प्रतीक्षारत है। वार्षिक परीक्षा का परिणाम 99.5 % रहा। कक्षा PG से शुजा आरफीन एवं अफ्फान ख़ान ,कक्षा एलकेजी से मोहम्मद आरिफ़, शान्वी सिंह, ज़ैनब ख़ान व ऋषभ गौतम ,यूकेजी से सौम्य पांडेय , पंखुड़ी केडिया ,अरशान अहमद, अवनीश पाल एवं आकिफा फातिमा ब्राइट स्टार घोषित किये गए।

कक्षा 1 से 5 में निशांत राय ने 99 9 % , कक्षा 6 से 8 में स्वरित कुमार राय एवं आफ़िया शफ़क़त 97.71 व कक्षा 9 से 11 में पहल कुशवाहा ने 97.80 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी विद्यालय में कनिष्ठ व वरिष्ठ वर्ग में सर्वश्रेष्ठ बालक व बालिका की उपाधि दी गयी। कनिष्ठ वर्ग से कक्षा 5 के निशांत राय व ज़ैनब अमानी व वरिष्ठ वर्ग से कक्षा 8 के स्वरित कुमार राय व कक्षा 9 से जुनैरा मसूद को क्रमशः सर्वश्रेष्ठ बालक व सर्वश्रेष्ठ बालिका की उपाधि दी गयी।

विद्यालय की निदेशिका डॉ मीना अधमी ने भी सभी छात्र-छात्राओं को वार्षिक परीक्षा फल की बधाई दी व अपने माता-पिता व गुरुजनों को धन्यवाद देने को कहा क्योंकि यही वो लोग हैं जिनकी सहायता के बिना कुछ भी संभव नहीं हो सकता। उन्होंने यह भी कहा कि हमें सीखना कभी नहीं बंद करना चाहिए। विद्यालय की मैनेजर मैडम अतिआ अधमी ने भी सभी को वार्षिक परीक्षाफल की शुभकामनायें दीं।


इस कार्यक्रम में सभी छात्र छात्राएं, निदेशक डॉ नदीम अधमी , निदेशिका डॉ मीना अधमी, वित्तीय एवं शैक्षणिक सलाहकार शमा अधमी, प्रधानाचार्य इकरामुल हक़, उप प्रधानाचार्य (शैक्षणिक) नेहा कुरैशी, परीक्षा नियंत्रक हनीफ अहमद, मुख्यअध्यापिका चंदना श्रीवास्तव, प्री-प्राइमरी इंचार्ज प्रियंका सिंह, माधुरी पांडेय , सुनंदा एवं अन्य शैक्षणिक व गैर शैक्षणिक कर्मचारी उपस्थित थे।

कार्यक्रम की साज सज्जा नुज़हत नसीम , आमना ओबैद , सिमरन जायसवाल, अंकिता दुबे एवं उमेश ने की। कार्यक्रम में गीत की प्रस्तुति शान कुशवाहा व शगुन कुशवाहा तथा अन्य ने की जिसका संगीत श्याम कुमार शर्मा व गिरधर शर्मा ने दिया।। कार्यक्रम का सञ्चालन उप प्रधानाचार्य (शैक्षणिक) नेहा कुरैशी, मुख्याध्यापिका चंदना श्रीवास्तव एवं प्रियंका सिंह ने किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान से हुआ।



-
12 से 23 फरवरी तक होगा क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन

12 से 23 फरवरी तक होगा क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन



गाजीपुर। गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के तत्वाधान में 4 फरवरी को अरोरा फाउंडेशन महुआबाग में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया । गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के प्रेसिडेंट अभिषेक सिंह ने बताया कि यह प्रतियोगिता 12 फरवरी से 23 फरवरी तक गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के तत्वधान में प्रथम स्वर्गीय श्री नारायण सिंह (पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष) एवं स्वर्गीय श्री अजीत कुमार सिंह स्मारक ऑल इंडिया कैश मनी क्रिकेट (G 20-20) प्रतियोगिता का आयोजन होना है। इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न स्थानों की कुल 8 टीम प्रतिभागी होंगी। जिसमें रणजी ट्रॉफी, आईपीएल, बोर्ड ट्राफी के खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे।यह आयोजन जनपद में पहली बार वृहद स्तर पर किया जा रहा है।
-
राष्ट्रपति से मिले डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चे

राष्ट्रपति से मिले डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चे

गाजीपुर। राष्ट्रपति भवन में आयोजित बाल दिवस पर नगर के डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चों ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की और अपने मन की जिज्ञासा को दूर किया। राष्ट्रपति से संवाद कर बच्चे काफी प्रफुल्लित हैं। राष्ट्रपति ने भी उन्हें पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भी हिस्सा लेने की सीख दी। इस दौरान राष्ट्रपति भवन व संसद भवन का भी भ्रमण किया। यह जिले के लिए गौरव की बात है। राष्ट्रपति भवन के सेंट्रल हाल में आयोजित बाल दिवस पर कार्यक्रम के लिए जिले के सनबीम स्कूल के बच्चों का चयन किया गया था।
स्कूल की डायरेक्टर एकता अखंड राय, शिक्षक कमलेश सिंह के साथ छात्र अभ्युदय प्रताप, निवेदिता प्रधान, आदर्श राय व सौम्या राय कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। बच्चों ने बताया कि राष्ट्रपति प्रोटोकाल तोड़कर उनके बीच आ गयीं और संवाद किया। अभ्युदय प्रताप व निवेदिता ने राष्ट्रपति से पूछा कि आपको महामहिम के पद पर आने के बाद कैसा लगा? तो उन्होंने जवाब दिया बिल्कुल, बहुत अच्छा लगा। फिर बच्चों ने सफल होने के बाद कैसा महसूस करतीं हैं। जवाब दिया सफलता का कोई अंत नहीं है। राष्ट्रपति ने सीख दी कि आप बच्चे आगे बढ़ते जाइए। आपका बचपन कैसा के सवाल पर उन्होंने कहा कि मैं भी आपकी तरह बगीचों और मिट्टी में खेला करती थीं। आज की तरह अच्छे स्कूल नहीं थे। उन्होंने बच्चों को मेहनत की सीख दी। साथ ही शिक्षकों से बच्चों को रोचक तरीके से शिक्षण कार्य कराने के साथ ही शारीरिक व मानसिक विकास के लिए खेलकूद को बढ़ावा देने पर जोर दिया। -
डीएम ने की बैठक,दिया निर्देश

गाजीपुर। जिला उद्योग बन्धु एवं स्वरोजगार बन्धु की बैठक गुरुवार को जिला पंचायत सभागार में जिलाधिकारी एम पी सिंह की अध्यक्षता मे सम्पन्न हुआ।इस बैठक में जिलाधिकारी ने मण्डी समिति दुल्लहपुर की जमीन अन्य़त्र स्थानान्तिरित किए जाने हेतु निस्तारण का निर्देश , व्यापारियो के समस्याओ के समाधान, उद्यमी वशिष्ट सिंह यादव के विद्युत बिल भुगतान प्रकरण के समाधान, औद्योगिक आस्थान नन्दगंज में सड़क , नाली , बाउण्डरीवाल निर्माण, निवेश मित्र पोर्टल, प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री रोजगार/युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद,पी एम सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार, आजीविका मिशन,पी एम स्वनिधि योजना एवं अन्य बिन्दूओ पर समीक्षा कर उद्यमियो के समस्याओ पर चर्चा की गयी तथा सम्बन्धित अधिकारियों को शिकायतो के निस्तारण का निर्देश दिया ।उद्यमी एस के दूबे ने सुखदेवपुर चौराहे से गाजीपुर घाट तक के 800 मीटर मार्ग जो बिल्कुल क्षतिग्रस्त है को सही कराने का अनुरोध एंव व्यापार मण्डल के विजय शंकर वर्मा ने रौजा से एम ए एच इण्टर कालेज तक जर्जर के बारे मे अवगत कराया । जिस पर जिलाधिकारी ने समन्धित अधिकारी को स्थलीय निरीक्षण करते हुए कार्यवाही का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी उधोगों के विकास में बैंको से अधिकाधिक सहयोग प्राप्त किये जाने के सम्बन्ध मे जिला अग्रणी प्रबंधक से अपेक्षा की। उद्यामियों के शिकायतो को सम्बन्धित अधिकारियों को समय से निस्तारण का निर्देश दिया। इस अवसर पर उघमी बशिष्ठ सिंह यादव, ए0के0दुबे अध्यक्ष ईट भठ्ठा एसोसिएशन एवं अन्य उद्यमी एंव व्यापार मण्डल के पदाधिकारी उपस्थित थे।
-
दबंगों ने किया चकरोड पर कब्जा

गाजीपुर। नंदगंज थाना क्षेत्र के दवेपुर गांव के कुछ दबंग लोगों ने चकरोड की जमीन पर खेती कर लिया है। जिसके वजह से लोगों के आने-जाने के लिए पगडंडियों का सहारा लेना पड़ता है। यहां तक की जब शिकायतकर्ता के द्वारा शिकायत की गई तो लेखपाल ने 15 जुलाई को रिपोर्ट लगाया कि उक्त जमीन को खाली कर लिया गया है जबकि मौजूदा समय में उस पर धान और गन्ने की फसल लहलहा रही है।
जिले के ग्रामीण इलाकों में आए दिन जमीन संबंधित विवाद आते रहते हैं जिसको लेकर शासन और प्रशासन के द्वारा सख्त निर्देश है की तत्काल राजस्व की टीम को भेज कर उसका निस्तारण कराया जाए। लेकिन ऐसा कहीं कुछ होता नहीं दिख रहा है नंदगंज थाना क्षेत्र के दवेपुर गांव के रहने वाले हवलदार यादव जो सेना से रिटायर्ड है और गांव में ही निवास करते हैं।

गांव में उनके आने के लिए चकबंदी में करीब 2 मीटर चौड़ी रास्ता दिया गया। लेकिन उसे रास्ते पर पिछले कई सालों से गांव के ही कुछ दबंग लोग खेती कर रहे हैं। और मौजूदा वक्त में भी उस पर फसल लगी हुई है। वही इस समस्या को लेकर वह कई बार जिला अधिकारी एसडीएम सैदपुर के साथ ही साथ मुख्यमंत्री के शिकायत पोर्टल पर भी शिकायत कर चुके हैं। और इस शिकायत निस्तारण के क्रम में स्थानीय लेखपाल रंजीत के द्वारा 15 जुलाई 2024 को यह रिपोर्ट लगा दिया गया कि उक्त भूमि को खाली करा दिया गया है। ऐसे में सवाल उठता है कि जब 15 जुलाई को भूमि खाली कर दी गई है तो मौजूदा समय में उस चिह्नित भूमि पर फसल कैसे लहलहा रही है। जो कहीं ना कहीं यह साबित करती है कि लेखपाल और भूमाफियाओं में कुछ ना कुछ कनेक्शन है।

रास्ता नहीं होने की वजह से इन लोगों को पगडंडियों का सहारा लेकर आना जाना पड़ता है। यहां तक की गांव में जब उन लोगों के बेटियों की शादी होती है तब वह मजबूरी में उनके दरवाजे तक बारात नहीं आ पाती है । जिसके कारण अब वह मैरिज हाल की शरण लेना पड़ रहा है पूर्व में बाइक पर बैठाकर किसी तरह से द्वार पूजा लगाने का कार्य किया जाता रहा है। वही गांव की एक महिला ने बताया कि उसकी शादी के 24 साल हो चुके हैं लेकिन उसने अपने गांव का रास्ता नहीं देखा मजबूरी में पगडंडियों के सहारे वह में रोड तक आती और जाती है। वही इस मामले पर सैदपुर एसडीएम रवीश गुप्ता से बात की गई तो उन्होंने बताया कि इस संबंध में उन्हें जानकारी नहीं थी और मीडिया की जानकारी देने पर उन्होंने लेखपाल से बात किया है। और उनके अनुसार लेखपाल ने उस जमीन को चिन्हित कर लिया है और फसल कट जाने के बाद उस पर रास्ते बनाने का कवायद किया जाएगा।
-
रेलवे ट्रैक के पास से 28 लोग गिरफ्तार

गाजीपुर। साहब गलती हो गई अब ना जाइब कुछ इसी तरह की बातें उस वक्त लोग कर रहे थे जब आरपीएफ ने रेलवे ट्रैक के किनारे घूम रहे एक-एक कर 28 लोगों को गिरफ्तार किया। क्योंकि इसके पहले कई बार लोगों को चेतावनी दिया गया था।बावजूद लोग नहीं मान रहे थे ।अभी कुछ दिनों पहले ही रेल पटरी पर गिट्टी रखने का मामला सामने आया था तो वही उसके कुछ ही दिनों बाद रेलवे ट्रैक पर लकड़ी का बोटा रखकर स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस को डिरेल करने का भी प्रयास किया गया था। हालांकि दोनों मामले में गिरफ्तारी किया जा चुका है। दोनों घटनाओं को देखते हुए आरपीएफ ने आठ जवानों को चार-चार सौ मीटर की दूरी पर निगरानी के लिए 8 घंटे की ड्यूटी लगाई है। इसी ड्यूटी के दौरान 28 लोग आरपीएफ के हत्थे चढ़े, जिन्हें गिरफ्तार कर आरपीएफ के जवानों ने आरपीएफ थाना लाया। जहां उनके परिजनों ने उनका जुर्माना भरकर अपने साथ वापस ले गए। बता दें कि गाजीपुर जनपद ही नहीं प्रदेश के कई जनपदों में इन दिनों रेल को डिरेल करने की साजिश चल रही है। जिसमें कानपुर के बाद गाजीपुर में भी एक बार रेल पटरी पर करीब 300 मी गिट्टी रखकर प्रयागराज जाने वाली ट्रेन को पलटने का प्रयास किया गया। तो वही उसके कुछ ही दिनों बाद रात के अंधेरे में रेल पटरी पर लकड़ी का बड़ा गुटका रखकर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी को पलटने की कोशिश की गई।

हालांकि दोनों मामले में आरपीएफ और सिविल पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर उन्हें जेल भेजा। परिजनों को बुलाया और उनकी जमानत पर उन्हें रिहा किया। वहीं अब आरपीएफ के ऊपर रेल पटरी के निगरानी की जिम्मेदारी बढ़ गई है। और इसी निगरानी के तहत एक दिन पूर्व गाजीपुर सिटी से लेकर गाजीपुर घाट के बीच आरपीएफ ने 28 लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार सभी लोग शाम 4:00 से 6:30 बजे के बीच रेल पटरी के किनारे घूमते हुए पाए गए जिसमें कुछ नशे के आदि रहे तो कुछ सब भ्रांत जान भी रहे। बता दे की रेलवे ट्रैक की सुरक्षा एसआई कमलेश सिंह यादव, एसआई जितेंद्र सिंह टीम के साथ पेट्रोलिंग पर निकले और इस दौरान रेलवे लाइन पर अधिकृत रूप से घूमते 28 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद जब सभी लोगों को मालूम चला तो अधिकतर लोग वहां पर कांस्टेबल और इंस्पेक्टर का हाथ जोड़कर अपने किए हुए गलती की माफी भी मांगने लगे की साहब गलती हो गई आगे से इस तरह की गलती नहीं होगी। आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक अमित राय ने बताया कि 28 लोगों को रेल अधिनियम के तहत चालान किया है और यह अभियान लगातार चलता रहेगा ताकि रेल पटरी को सुरक्षित किया जाए और रेल यातायात किसी भी तरह से बाधित न होने पाए। इस दौरान उन्होंने बताया कि रेलवे लाइन के किनारे रील बनाने वाले भी काफी सक्रिय हैं। इसको लेकर भी आगे कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि इसको लेकर सोशल मीडिया अकाउंट भी खंगाले जा रहे हैं।
-
तीन दिन के अंदर हो शिकायतों का निस्तारण:डीएम

गाजीपुर। जन समस्याओ के त्वरित निस्तारण हेतु सम्पूर्ण समाधान दिवस तहसील जमानियॉ में शनिवार को जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। जिसमे 93 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए और मौके पर 08 का निस्तारण किया गया। जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु सातों तहसीलो की सूचना के अनुसार सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 349 शिकायत/प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए जिसमें मौके पर 28 शिकायत/प्रार्थना पत्रो का निस्तारण किया गया। जिलाधिकारी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस मे प्राप्त शिकायत/प्रार्थना पत्रो का सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिया कि अविलम्ब मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण करते हुए निस्तारण करायी जाय।

उन्होनेे आई जी आर एस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतो को आगामी तीन दिवस में शत-प्रतिशत निस्तारण करने का निर्देश दिया। उन्होने कहा इसकी समीक्षा सीधे शासन स्तर से होती है। इसमे लापरवाही पर सम्बन्धित अधिकारी स्वयं जिम्मेदार होगे। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, मुख्य चिकित्साधिकारी देश दीपक पाल, जिला विकास अधिकारी सुभाष चन्द्र सरोज, परियोजना निदेशक राजेश यादव, उप जिलाधिकारी जमानियॉ, एस0पी0आर0ए0, तहसीलदर जमानियॉ, एवं समस्त जनपदस्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

-
महिला पीजी कॉलेज में स्वच्छता के लिए दिलाई गई शपथ


गाजीपुर। शुक्रवार को राष्ट्रीय सेवा योजना राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय द्वारा “स्वच्छता ही सेवा” अभियान के अंतर्गत एक वृहद सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चरणों में माल्यार्पण से हुई । कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला समाज कल्याण अधिकारी राम नगीना यादव, विशिष्ट अतिथि पारसनाथ यादव, संजय सोनी एवं गिरिजा शंकर सरोज का विद्यालय द्वारा स्वागत किया गया।कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय सेवा योजना के जनपद नोडल अधिकारी डॉक्टर अमित यादव ने करते हुए आए हुए समस्त अतिथि का स्वागत किया। डॉ ओम शिवानी एवं डा रामनाथ केसरवानी ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम का संचालन किया।स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने के क्रम में एन.एस.एस.की छात्रा सोनाली यादव के द्वारा एक खूबसूरत नृत्य प्रस्तुत किया गया

साथ ही प्रिया गुप्ता ने गीत के माध्यम से लोगों को स्वभाव स्वच्छता संस्कार स्वच्छता अपनाने को प्रेरित किया । कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण नुक्कड़ नाटक रहा जिसके माध्यम से छात्राओं ने लोगों में स्वच्छता के प्रति व्याप्त उदासीनता एवं लापरवाही को उजागर करते हुए उन्हें अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ बनाए रखने के प्रति जागरूक किया। इसके साथ ही कार्यक्रम में आए हुए जनप्रतिनिधियों ने महाविद्यालय की छात्राओं को भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश शासन द्वारा चलाए जा रहे हैं बृहद स्वच्छता अभियान के महत्व से अवगत कराया एवं साथ ही बताया कि स्वच्छता से स्वास्थ्य का गहरा संबंध है। अतः अपने आसपास फैली गंदगी को साफ रखने व कूड़ा कूड़ेदान में ही डालने का आग्रह किया। कार्यक्रम के अंत में सभी को स्वच्छता जागरुकता संबंधी शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन डॉ. गजनफर सईद ने किया । इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना के समस्त स्वयंसेवी एवं महाविद्यालय के अन्य छात्राएं उपस्थित रहे।

-
राज्यसभा सांसद जनसंपर्क कर दिलाई भाजपा के सदस्यता


ग़ाज़ीपुर।11 सितंबर से बीजेपी सदस्यता अभियान का महाजनसंपर्क अभियान शुरू की है। जिसमें पार्टी के नेता घर-घर जाकर लोगों को बीजेपी के साथ जुड़ने के लिए प्रेरित कर रहे है। इसके तहत राज्यसभा सांसद डा. संगीता बलवंत ने शुक्रवार को जमानिया विधानसभा के नगर और गावों में जनसंपर्क करके लोगो को सदस्यता ग्रहण कराया।
राज्यसभा सांसद ने कहा कि सदस्यता अभियान के तहत आज नगरपालिका जमानिया के वार्ड नंबर 13 और ग्राम हेतिमपुर, शाहपुर लठिया एवं कालनपुर में ग्रामवासियों से जनसंपर्क कर के भाजपा की सदस्यता दिलाई गई।

देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश को बड़ा लक्ष्य दिया गया है,बीजेपी को अटल बिहारी वाजपेयी के रूप में पहला पीएम और पहला राष्ट्रीय अध्यक्ष देने वाले यूपी को तीन करोड़ नए सदस्य बनाने का जिम्मा दिया है।पार्टी के तमाम पदाधिकारी और कार्यकर्ता जिम्मेदारी के साथ अपने लक्ष्य को पूरा करने के लिए घर-घर जा कर सदस्य बना रहे हैं।
-
राज्यसभा सांसद डा.संगीता बलवंत ने लगाई पौधे

गाज़ीपुर। सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के तहत बूथ संख्या 183 ग्राम कलौता छावनी लाइन में राज्यसभा सांसद डा. संगीता बलवंत ने दर्जनों पौधे लगाई।

राज्यसभा सांसद डा. संगीता बलवंत ने कहा कि प्रकृति और उसके संसाधनों को बनाए रखना बहुत ज़रूरी है। पृथ्वी पर जीवन की निरंतरता के लिए यह बहुत ज़रूरी है, जहाँ प्राकृतिक वातावरण खराब हो वहाँ पृथ्वी पर जीवन की कल्पना करना मुश्किल होगा,आज के समय में एक बड़ा मुद्दा है ग्लोबल वार्मिंग और इससे से निजात पाने के लिए पर्यावरण संरक्षण करना अति आवश्यक हैं। पौधरोपण अभियान को तेज करने और इसे अंजाम तक पहुंचाने के लिए नई पीढ़ी को जागरूक करना जरूरी है।
नई पीढ़ी को स्कूल एवं कॉलेज में अध्यापकों के माध्यम से पेड़ो की विशेषताएँ बता कर जागरूक किया जा सकता है। साथ में नृमता सिंह (वन क्षेत्राअधिकारी), शुभम राय( वन दरोगा) एवं उपेन्द्र कुमार तिवारी का सहयोग रहा। -
शिक्षकों का उत्पीड़न नहीं होगा बर्दाश्त: चौधरी दिनेश चंद्र राय

माध्यमिक शिक्षक संघ की जिला इकाई भंग, तदर्थ समिति गठित
शिक्षकों का उत्पीड़न नहीं होगा बर्दाश्त: चौधरी दिनेश चंद्र राय
गाजीपुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (शर्मा गुट) के प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर संघ के जिला इकाई को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया गया है। चुनाव संचालन समिति गठित करते हुए प्रांतीय मंत्री चौधरी दिनेश चंद्र राय के नेतृत्व में पांच सदस्यीय तदर्थ समिति को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
तदर्थ समिति में चौधरी दिनेश चन्द्र राय प्रवक्ता अष्ठ शहीद इंटर कालेज मुहम्मदाबाद, सौरभ कुमार पाण्डेय गाँधी मेमोरियल इंटर कालेज बहादुरगंज, राणा प्रताप सिंह इंटर कालेज, खालिसपुर, उदयराज शहीद स्मारक इंटर कालेज नन्दगंज और अखिलेश सिंह यादव आदर्श इंटर कॉलेज सिदउत को नामित किया है। चौधरी दिनेश चंद्र राय ने बताया कि संघ ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है उस पर वह हर संभव खरा उतरने का प्रयास करेंगे। समिति का प्रयास रहेगा कि शिक्षकों का उत्पीड़न नहीं हो और प्रांतीय नेतृत्व द्वारा दिए गए समय-सीमा के अन्तर्गत जिला इकाई का चुनाव कराते हुए कमेटी गठित हो।
प्रांतीय महामंत्री नरेंद्र कुमार वर्मा ने कहा कि जिला गाजीपुर के संगठनात्मक विवाद की शिकायतें केन्द्रीय नेतृत्व के संज्ञान में लायी गई। नेतृत्व द्वारा जनपदीय विवाद के निस्तारण के लिए प्रदेश स्तर पर निर्मित अनुशासन समिति को सन्दर्भित किया गया। अनुशासन समिति ने लखनऊ में बीते एक सितम्बर को जिलाध्यक्ष तथा जिलामंत्री के प्रतिवेदनों को लिखित रूप में प्राप्त कर उनके कथन को भी सुना। संगठनात्मक गतिविधियों को संचालित करने के उद्देश्य से अनुशासन समिति ने वर्तमान जिला कार्यकारिणी को भंगकर एक तदर्थ समिति गठित करने के लिए प्रांतीय अध्यक्ष को अधिकृत किया। अनुशासन समिति के निर्देशों का अनुपालन करते हुए प्रांतीय अध्यक्ष ने वर्तमान जिला कार्यकारिणी को भंग करते हुए अधोलिखित सदस्यों की एक तदर्थ समिति का गठन किया है। तदर्थ समिति के सदस्यों से यह अपेक्षा है कि समिति के अन्य सदस्यों के साथ आपसी सहमति के आधार पर जनपद की संगठनात्मक गतिविधियों को संचालित करें। इसके साथ ही जनपद की शाखाओं से शत्प्रतिशत सदस्यत्ता शुल्क एवं प्रपत्र (जनपद, मंडल, तथा प्रदेश अंश सहित) केन्द्रीय कार्यालय में जमा कराकर सदस्यता प्रपत्र प्रमाणित कराते हुए स्वयं की देख-रेख में जनपदीय निर्वाचन सम्पन्न करायें। यह व्यवस्था तत्काल से प्रभावी हो गई है। -
पीएम मोदी के जीवन पर लगाई गई चित्र प्रदर्शनी

गाजीपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 74वें जन्मदिन पर सेवा पखवाड़े के अंतर्गत शुक्रवार को चित्र प्रदर्शनी का आयोजन रौजा स्थित बैजनाथ इंटर कालेज में किया गया। जिसका भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील सिंह ने फीता काट व दीप प्रज्ज्वलित कर उद्घाटन किया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष सुनील सिंह ने कहा कि प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री मोदी के जीवन, संघर्ष और उनके बचपन से लेकर अब तक की उनकी यात्रा का पूरा चित्रण प्रदर्शनी के माध्यम से किया गया है। मोदी का जीवन हम सबके लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने आगे कहा कि मोदी ने विभिन्न अभावों के होते हुए भी विश्व के सबसे ज्यादा लोकप्रिय प्रधानमंत्री बनने तक की यात्रा पुरी की है। जो अपने आप में ही एक मिसाल है।

लोकसभा संयोजक कृष्णबिहारी राय ने कहा कि इस चित्र प्रदर्शनी के माध्यम से प्रधानमंत्री के जीवन के संघर्ष के साथ उनके ऐतिहासिक निर्णय और दृढ़ इच्छाशक्ति को दर्शाया गया है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी वैभवशाली, विकसित व शक्तिशाली भारत के विश्वकर्मा है। प्रदर्शनी संयोजक जिला महामंत्री ओमप्रकाश राय ने बताया कि चित्र प्रदर्शनी के माध्यम से देश के पीएम नरेन्द्र मोदी के जीवन व माँ से मिले संस्कार और देश भक्ति की शक्ति, किताबों के समंदर के गोताखोर के साथ साथ युवा नमो जीवन एक खोज, हिमालय की गोद में, पावरफुल सीएम, वीआईपी कल्चर को गुडबाय, मोदी 3.0, बाबासाहेब को सच्ची श्रद्धांजलि, 24 घंण्टे भी कम है बंदे में इतना दम है, आतंकवाद को मुंहतोड़ जवाब, संकटमोचक बने मोदी, जल शक्ति से जलक्रांति, एक पेड़ माँ के नाम, डिजिटल हुई पहचान डिजिटल से भुगतान डिजिटल से जीवन आसान, अंतरिक्ष शक्ति, संविधान के अग्रदूत सहित विभिन्न उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया।
इसे पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ साथ विभिन्न विद्यालयों के छात्र – छात्राओं को 2 अक्टूबर तक इस प्रदर्शनी का अवलोकन कराया जाएगा। इस अवसर पर बैजनाथ इंटर कॉलेज के छात्र छात्राओं ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस अवसर पर प्रमुख रूप से पूर्व जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह, दयशंकर पांडेय, लोकसभा प्रत्याशी पारसनाथ राय, नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, विनोद अग्रवाल, नरेंद्र सिंह, रामनरेश कुशवाहा, सोशल मीडिया संयोजक कार्तिक गुप्ता, रासबिहारी राय, अभिनव सिंह, अविनाश सिंह, कमलेश सिंह, गर्वजीत सिंह, शनि चौरसिया, अनुज मिश्र, पूजा श्रीवास्तव सहित अनेकों लोग उपस्थित रहें।

-
एमएलसी ने केक काटकर मनाया हमारा पंप का 15वां स्थापना दिवस

हमारा पंप जखनिया का 15 वां स्थापना दिवस स्नातक एमएलसी ने केक काट कर मनाया
व्यापार को कुशल तरिके से आगे बढ़ाने पर डीलर आमीर अली को बधाई दिए

गाजीपुर। जखनिया क्षेत्र की अलीपुर मदरा स्थित मनिहारी जखनिया मार्ग पर स्थित हमारा पेट्रोल पंप एचपी काम का 15वां स्थापना दिवस भव्य तरीके से मनाई गई। इस दौरान मुख्य अतिथि स्नातक एमएलसी आशुतोष सिन्हा ने केक काटकर डीलर आमिर अली को बधाई दी। इस मौके पर उन्होंने कहा कि हमारा पेट्रोल पंप एचपी 15 वर्षों से अपनी सेवा दे रहा है। आज तक हमारा पेट्रोल पंप पर किसी भी ग्राहक का कोई शिकायत नहीं आया। पेट्रोल पंप को अच्छे तरीके से चलाना और उसको आगे बढाने का कार्य एक कुशल व्यापारी का होता है जो डीलर आमिर अली बखूबी निभाया है। आज के बदलते आर्थिक परिवेश में व्यापार अगर स्वच्छ और सही ढंग से किया जाए तो उससे बेहतर कोई कार्य नहीं है। आज के युवाओं को पढ़ाई के साथ व्यापार में भी रुझान बढ़ता चाहिए। इस मौके पर अर्श सीनियर सेकेंडरी स्कूल दुल्लहपुर के प्रबंध निदेशक डॉ अनिल यादव, डीलर आमिर अली, सपा विधानसभा अध्यक्ष अवधेश उर्फ़ राजू यादव, प्रदेश सचिव रंगीला यादव, डॉ समीर, वजीर भारती, सपा शिक्षक सभा के विधानसभा अध्यक्ष संतोष यादव, रामप्रवेश गोड सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

-
44 साल बाद मिला हाईकोर्ट से न्याय

गाजीपुर। दादा का किया पोता भुगतता है या भोगता है यह कहावत बहुत पुरानी है लेकिन गाजीपुर में यह कहावत उस वक्त चरितार्थ हुई जब 44 साल के बाद दादा के द्वारा किए हुए मुकदमे के मामले में उसके पोते को बिजली विभाग ने हाई कोर्ट के आदेश पर 1648000 का भुगतान डीडी बनाकर किया । जी हां यह पूरा मामला 44 साल पहले का है जब बाबूलाल शाह जो माल गोदाम रोड के रहने वाले थे और उन्होंने आटा चक्की और स्पेलर मिल लगाया हुआ था। उनपर बिजली विभाग का बकाया था, बकाया भुगतान न करने पर विभाग ने मुकदमा दर्ज किया जिसके बाद उपभोक्ता ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया सिविल कोर्ट ने आदेश दिया था कि उपभोक्ता को बिजली न काटी जाए और बिल जमा कर दिया जाए। बावजूद इसके बिजली काट दी गई थी जिसके बाद उपभोक्ता कोर्ट में चला गया था। वही कोर्ट के आदेश के बाद भी भुगतान नहीं करने पर 14 अगस्त 2024 को बिजली विभाग के सरकारी कार्यालय लाल दरवाजा को सील कर दिया था।
पूरा मामला 20 जनवरी 1980 का है जब सदर कोतवाली इलाके के माल गोदाम रोड के रहने वाले बाबूलाल साहू के द्वारा लगाए गए आटा चक्की और स्पेलर मशीन के लिए बिजली विभाग के द्वारा लिए कनेक्शन के बकाया बिल का भुगतान न करने पर विभाग ने मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद उपभोक्ता ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया और उस वक्त सिविल कोर्ट ने आदेश दिया था कि उपभोक्ता की बिजली न काटी जाए। और वह बिल जमा कर देगा बावजूद उसके विभाग ने उसकी बिजली काट दिया था। जिसके चलते उपभोक्ता का व्यवसाय बंद हो गया था और बाबूलाल साहू ने बिजली काटने से व्यवसाय में नुकसान का मुकदमा 20 जनवरी 1980 को दर्ज कराया था।
इस मामले में लगातार तारीख पर तारीख चलती रही और एक बार 26 मई 1990 को कोर्ट के आदेश पर बिजली विभाग का दफ्तर सील कर दिया गया था। बाद में कोर्ट के माध्यम से विभाग ने इसे खुलवा लिया और उसके बाद ही मामला कोर्ट में चला रहा था। इस मामले में कोर्ट ने 20 जनवरी 1980 से लेकर 1 मई 2014 तक करीब 34 वर्ष का ₹4000 प्रतिमाह के हिसाब से हर्जाना देने का आदेश 1 मई 2014 को दिया था। इसके आदेश के क्रम में पीड़ित को 1648000 मिलना था।
1980 से चल रहे मुकदमे के वादी बाबूलाल साहू जिनकी उम्र हो जाने के बाद उनकी मौत भी हो गई। और फिर इस मुकदमे की पैरवी उनके पोते कृष्ण कुमार साहू और गणेश साहू के द्वारा लगातार किया जाता रहा। कोर्ट के आदेश पर भी पीड़ित को हर्जाने की रकम नहीं देने पर एक बार फिर से 14 अगस्त 2024 को बिजली विभाग का लाल दरवाजा ऑफिस को सील कर दिया गया ।जिसमें अधीक्षण अभियंता बिजली विभाग, अधिशासी अभियंता मीटर के साथ ही अधिशासी अभियंता विद्युत खंड 3 का कार्यालय भी करीब 15 से 16 दिन तक बंद रहा। हालांकि बाद में विभाग के लोगों ने कोर्ट का सहारा लिया और कोर्ट के निर्देश पर इसे खोल दिया गया था।
यह पूरा मामला हाई कोर्ट में चल रहा था जिसमें पिछले दिनों हाईकोर्ट ने बिजली विभाग के साथ ही बाबूलाल के पोते को भी नोटिस भेजा था। इसी नोटिस की जानकारी पर दोनों पक्ष हाई कोर्ट पहुंचे थे और वहीं पर बिजली विभाग के अधिकारी ने कोर्ट के सामने ही 1648000 का बैंक ड्राफ्ट बाबूलाल के पोते गणेश साहू को सौपा।
गणेश साहू जो पेशे से अधिवक्ता भी हैं और अपने केस की वह खुद पैरवी भी कर रहे थे। उन्होंने बताया कि हाईकोर्ट के नोटिस पर वह हाई कोर्ट गए हुए थे । वहां पर बिजली विभाग के अधिकारी भी पहुंचे थे जहां पर मुझे 1648000 का बैंक ड्राफ्ट माननीय कोर्ट के सामने दिया गया। इसके बाद उन्होंने बताया कि अब उनका भुगतान हो जाने पर अब इस केस को खत्म मान लिया जाए।





