-
शाह फैज स्कूल के छात्र छात्राओं का वार्षिक परीक्षाफल घोषित

गाजीपुर। सोमवार को शाह फैज विद्यालय प्रांगण में वार्षिक परीक्षाफल घोषित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विशेष प्रार्थना व दीप प्रज्ज्वलन से हुई। विद्यालय के निदेशक डॉ नदीम अधमी ने विशेष प्रार्थना की साथ ही सभी को वार्षिक परीक्षा फल की बधाई दी व भविष्य में और भी मेहनत करने की सलाह दी। उसके पश्चात् कक्षा PG से कक्षा 9 व 11 का परीक्षा परिणाम घोषित किया गया।

प्रधानाचार्य इकरामुल हक़ ने वार्षिक रिपोर्ट में बताया कि इस वर्ष कुल 2285 छात्र -छात्राएं वार्षिक परीक्षा में सम्मिलित। 199 कक्षा 12 व 231 कक्षा 10 की सी बी एस सी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जिनका परिणाम प्रतीक्षारत है। वार्षिक परीक्षा का परिणाम 99.5 % रहा। कक्षा PG से शुजा आरफीन एवं अफ्फान ख़ान ,कक्षा एलकेजी से मोहम्मद आरिफ़, शान्वी सिंह, ज़ैनब ख़ान व ऋषभ गौतम ,यूकेजी से सौम्य पांडेय , पंखुड़ी केडिया ,अरशान अहमद, अवनीश पाल एवं आकिफा फातिमा ब्राइट स्टार घोषित किये गए।

कक्षा 1 से 5 में निशांत राय ने 99 9 % , कक्षा 6 से 8 में स्वरित कुमार राय एवं आफ़िया शफ़क़त 97.71 व कक्षा 9 से 11 में पहल कुशवाहा ने 97.80 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी विद्यालय में कनिष्ठ व वरिष्ठ वर्ग में सर्वश्रेष्ठ बालक व बालिका की उपाधि दी गयी। कनिष्ठ वर्ग से कक्षा 5 के निशांत राय व ज़ैनब अमानी व वरिष्ठ वर्ग से कक्षा 8 के स्वरित कुमार राय व कक्षा 9 से जुनैरा मसूद को क्रमशः सर्वश्रेष्ठ बालक व सर्वश्रेष्ठ बालिका की उपाधि दी गयी।

विद्यालय की निदेशिका डॉ मीना अधमी ने भी सभी छात्र-छात्राओं को वार्षिक परीक्षा फल की बधाई दी व अपने माता-पिता व गुरुजनों को धन्यवाद देने को कहा क्योंकि यही वो लोग हैं जिनकी सहायता के बिना कुछ भी संभव नहीं हो सकता। उन्होंने यह भी कहा कि हमें सीखना कभी नहीं बंद करना चाहिए। विद्यालय की मैनेजर मैडम अतिआ अधमी ने भी सभी को वार्षिक परीक्षाफल की शुभकामनायें दीं।


इस कार्यक्रम में सभी छात्र छात्राएं, निदेशक डॉ नदीम अधमी , निदेशिका डॉ मीना अधमी, वित्तीय एवं शैक्षणिक सलाहकार शमा अधमी, प्रधानाचार्य इकरामुल हक़, उप प्रधानाचार्य (शैक्षणिक) नेहा कुरैशी, परीक्षा नियंत्रक हनीफ अहमद, मुख्यअध्यापिका चंदना श्रीवास्तव, प्री-प्राइमरी इंचार्ज प्रियंका सिंह, माधुरी पांडेय , सुनंदा एवं अन्य शैक्षणिक व गैर शैक्षणिक कर्मचारी उपस्थित थे।

कार्यक्रम की साज सज्जा नुज़हत नसीम , आमना ओबैद , सिमरन जायसवाल, अंकिता दुबे एवं उमेश ने की। कार्यक्रम में गीत की प्रस्तुति शान कुशवाहा व शगुन कुशवाहा तथा अन्य ने की जिसका संगीत श्याम कुमार शर्मा व गिरधर शर्मा ने दिया।। कार्यक्रम का सञ्चालन उप प्रधानाचार्य (शैक्षणिक) नेहा कुरैशी, मुख्याध्यापिका चंदना श्रीवास्तव एवं प्रियंका सिंह ने किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान से हुआ।



-
12 से 23 फरवरी तक होगा क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन

12 से 23 फरवरी तक होगा क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन



गाजीपुर। गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के तत्वाधान में 4 फरवरी को अरोरा फाउंडेशन महुआबाग में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया । गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के प्रेसिडेंट अभिषेक सिंह ने बताया कि यह प्रतियोगिता 12 फरवरी से 23 फरवरी तक गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के तत्वधान में प्रथम स्वर्गीय श्री नारायण सिंह (पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष) एवं स्वर्गीय श्री अजीत कुमार सिंह स्मारक ऑल इंडिया कैश मनी क्रिकेट (G 20-20) प्रतियोगिता का आयोजन होना है। इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न स्थानों की कुल 8 टीम प्रतिभागी होंगी। जिसमें रणजी ट्रॉफी, आईपीएल, बोर्ड ट्राफी के खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे।यह आयोजन जनपद में पहली बार वृहद स्तर पर किया जा रहा है।
-
राष्ट्रपति से मिले डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चे

राष्ट्रपति से मिले डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चे

गाजीपुर। राष्ट्रपति भवन में आयोजित बाल दिवस पर नगर के डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चों ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की और अपने मन की जिज्ञासा को दूर किया। राष्ट्रपति से संवाद कर बच्चे काफी प्रफुल्लित हैं। राष्ट्रपति ने भी उन्हें पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भी हिस्सा लेने की सीख दी। इस दौरान राष्ट्रपति भवन व संसद भवन का भी भ्रमण किया। यह जिले के लिए गौरव की बात है। राष्ट्रपति भवन के सेंट्रल हाल में आयोजित बाल दिवस पर कार्यक्रम के लिए जिले के सनबीम स्कूल के बच्चों का चयन किया गया था।
स्कूल की डायरेक्टर एकता अखंड राय, शिक्षक कमलेश सिंह के साथ छात्र अभ्युदय प्रताप, निवेदिता प्रधान, आदर्श राय व सौम्या राय कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। बच्चों ने बताया कि राष्ट्रपति प्रोटोकाल तोड़कर उनके बीच आ गयीं और संवाद किया। अभ्युदय प्रताप व निवेदिता ने राष्ट्रपति से पूछा कि आपको महामहिम के पद पर आने के बाद कैसा लगा? तो उन्होंने जवाब दिया बिल्कुल, बहुत अच्छा लगा। फिर बच्चों ने सफल होने के बाद कैसा महसूस करतीं हैं। जवाब दिया सफलता का कोई अंत नहीं है। राष्ट्रपति ने सीख दी कि आप बच्चे आगे बढ़ते जाइए। आपका बचपन कैसा के सवाल पर उन्होंने कहा कि मैं भी आपकी तरह बगीचों और मिट्टी में खेला करती थीं। आज की तरह अच्छे स्कूल नहीं थे। उन्होंने बच्चों को मेहनत की सीख दी। साथ ही शिक्षकों से बच्चों को रोचक तरीके से शिक्षण कार्य कराने के साथ ही शारीरिक व मानसिक विकास के लिए खेलकूद को बढ़ावा देने पर जोर दिया। -
डीएम ने की बैठक,दिया निर्देश

गाजीपुर। जिला उद्योग बन्धु एवं स्वरोजगार बन्धु की बैठक गुरुवार को जिला पंचायत सभागार में जिलाधिकारी एम पी सिंह की अध्यक्षता मे सम्पन्न हुआ।इस बैठक में जिलाधिकारी ने मण्डी समिति दुल्लहपुर की जमीन अन्य़त्र स्थानान्तिरित किए जाने हेतु निस्तारण का निर्देश , व्यापारियो के समस्याओ के समाधान, उद्यमी वशिष्ट सिंह यादव के विद्युत बिल भुगतान प्रकरण के समाधान, औद्योगिक आस्थान नन्दगंज में सड़क , नाली , बाउण्डरीवाल निर्माण, निवेश मित्र पोर्टल, प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री रोजगार/युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद,पी एम सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार, आजीविका मिशन,पी एम स्वनिधि योजना एवं अन्य बिन्दूओ पर समीक्षा कर उद्यमियो के समस्याओ पर चर्चा की गयी तथा सम्बन्धित अधिकारियों को शिकायतो के निस्तारण का निर्देश दिया ।उद्यमी एस के दूबे ने सुखदेवपुर चौराहे से गाजीपुर घाट तक के 800 मीटर मार्ग जो बिल्कुल क्षतिग्रस्त है को सही कराने का अनुरोध एंव व्यापार मण्डल के विजय शंकर वर्मा ने रौजा से एम ए एच इण्टर कालेज तक जर्जर के बारे मे अवगत कराया । जिस पर जिलाधिकारी ने समन्धित अधिकारी को स्थलीय निरीक्षण करते हुए कार्यवाही का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी उधोगों के विकास में बैंको से अधिकाधिक सहयोग प्राप्त किये जाने के सम्बन्ध मे जिला अग्रणी प्रबंधक से अपेक्षा की। उद्यामियों के शिकायतो को सम्बन्धित अधिकारियों को समय से निस्तारण का निर्देश दिया। इस अवसर पर उघमी बशिष्ठ सिंह यादव, ए0के0दुबे अध्यक्ष ईट भठ्ठा एसोसिएशन एवं अन्य उद्यमी एंव व्यापार मण्डल के पदाधिकारी उपस्थित थे।
-
राज्यसभा सांसद डा. संगीता बलवंत ने किया तिरंगा यात्रा का शुभारंभ

राज्यसभा सांसद डा. संगीता बलवंत ने किया तिरंगा यात्रा का शुभारंभ

गाजीपुर।हर घर तिरंगा अभियान स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा सदर विधानसभा द्वारा आयोजित तिरंगा बाइक यात्रा का शुभारंभ मंगलवार को राज्यसभा सांसद डा. संगीता बलवंत ने किया।
राज्यसभा सांसद ने कहा कि उन वीर शहीदों को हमने याद किया। जिनकी वजह से आज हम स्वतंत्र हवा में सांस ले रहे हैं , हर घर तिरंगा का उद्देश्य आज जब हम देश में अमृत काल में जीवन यापन कर रहे हैं तो आज का यह स्वतंत्र माहौल हमे यूही नहीं मिला है, बहुत से शहीदों और माँ भारतीय के वीर सपूतों ने अपना सिर कटाया हैं ,फाँसी के फंदे पर झूले हैं तब जा कर आज हमे यह आजादी मिली हैं। उन्हीं वीर सपूतों की स्मृति में राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर घर तिरंगा फहरा कर उन्हें नमन और श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।
भारतीय जनता पार्टी कार्यालय छावनी लाइन से शुरू हो कर सैनिक चौराहा होते हुए मिश्रबाजार पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण करके गांधी पार्क आमघाट में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी को नमन करते हुए यात्रा का समापन हुआ। -
हाथों में तिरंगा लेकर रैली में निकली राज्य सभा सांसद, लगे नारे

गाजीपुर। भारतीय जनता पार्टी के सदर विधानसभा के कार्यकर्ताओं द्वारा मंगलवार को हर घर तिरंगा अभियान में राज्य सभा सांसद डा संगीता बलवंत के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा निकाली गई। इस रैली में क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सरोज कुशवाहा व पूर्व जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह शामिल रहे। मोटर साइकिल सवार भाजपा के युवा कार्यकर्ता हाथों में तिरंगा लहराते भुतहियाटाड सैनिक चौराहा से वंशी बाजार, बड़ीबाग, लंका, सकलेनाबाद, विशेश्वरगंज के रास्ते मिश्र बाजार पहुंच कर पं दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और कोतवाली के रास्ते आमघाट पार्क पहुंचे। जहां भारतीय जनता पार्टी के नेताओं कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर शहिदों महापुरुषों के सम्मान में नारे लगाए। इस अवसर पर राज्य सभा सांसद डा संगीता बलवंत ने कहा कि देश की रक्षा तथा आजादी के लड़ाई मे अमर शहिदों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का यह देश कृतज्ञ है और आज राष्ट्र गौरव के महा पर्व स्वतंत्रता दिवस की वर्षगांठ से पुर्व प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से मनाया जाने वाला हर घर तिरंगा अभियान उनके सच्ची श्रद्धांजलि है जिन्होंने अपना सर्वस्व समर्पित कर हमे आजादी दिलाई।

तिरंगा यात्रा के आगे आगे चल रहे डीजे पर बज रहे राष्ट्र भक्ति गीत पर युवा मोर्चा कार्यकर्ता पिछे मोटर साइकिल पर तिरंगा लहराते देश प्रेम से ओत प्रोत नारे लगाते हुए चल रहे थे। इस अवसर पर पूर्व जिला अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह, सरोज कुशवाहा, विनोद अग्रवाल, ओमप्रकाश राय, प्रो शोभनाथ यादव, अच्छे लाल गुप्ता, लालसा भारद्वाज, विश्वप्रकाश अकेला, अखिलेश सिंह,सुरेश बिंद,जिला मीडिया प्रभारी शशिकान्त शर्मा,हरेन्द्र यादव, रासबिहारी राय,हर्षित सिंह, शुभम विश्वकर्मा,गोपाल राय, दीपक सिंह ,सनी चौरसिया, मनोज बिंद,अभिनव सिंह छोटू, राजन प्रजापति ,माया सिंह, साधना राय, नितीश दुबे, श्री प्रकाश केशरी, सुधीर केशरी, मयंक जायसवाल, विनोद खरवार, हेमंत त्रिपाठी,अजय कुशवाहा, प्रीति गुप्ता, हिमांशु यादव, दुष्यंत अग्रहरि आदि मौजूद थे।
-
शातिर चोरों को कोतवाली पुलिस ने दबोचा, कई बाइक बरामद

गाजीपुर। थाना कोतवाली पुलिस द्वारा अन्तर्जनपदीय शातिर चोरो को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से मोटर साइकिल, देशी तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किया गया। एसपी के आदेश पर जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। जिसके क्रम में मंगलवार को कोतवाली थाना क्षेत्र से मुखबिर के सूचना पर अरुण कुमार पुत्र स्व० नन्दू राम निवासी ग्राम बिन्दवलिया थाना कोतवाली उम्र करीब 24 वर्ष और सूरज कुमार पुत्र स्व० अशोक राम निवासी बिन्दवलिया थाना कोतवाली उम्र करीब 20 वर्ष को कोतवाली पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया। इनके पास से चोरी की कुल 7 मोटर साइकिल व अभियुक्त अरुण कुमार के पास से एक तमंचा 315 बोर व 2 जिंदा कारतूस 315 बोर बरामद हुआ। जिसके सम्बन्ध मे थाना कोतवाली में आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्यवाही किया जा रहा है। गिरफ्तार अभियुक्त अरुण कुमार उपरोक्त अपनी गलती की माफी मांगते हुये बताया कि हम दोनों लोग आपस में मिलकर योजना बनाकर जनपद गाजीपुर और आस पास का जिला जौनपुर, आजमगढ़ और बिहार में भी जाकर मोटर साइकिल की चोरी करते हैं। इसलिये यह तमंचा भी मैं अपनी सुरक्षा के लिये पुलिस से बच बचाकर लेकर चलता हूं। अरुण ने बताया कि साहब हम दोनों लोगों ने मिल कर कई मोटर साइकिलों की चोरी किया है, उनमें से कुछ मोटर साइकिलो को बेच कर उससे मिले रुपयों को आपस में बराबर बराबर बाँट लिया है। आज भी मैं अपने साथी के साथ चोरी की गई मोटर साइकिल जो छिपा कर रखा हूं उनको बेचने के लिये ग्राहक तय किया था और उस ग्राहक का यहीं पर इन्तजार करा रहा था लेकिन आप लोगों ने आकर हम दोनों लोगों को पकड़ लिया। चोरों ने बताया कि हम लोग चोरी की मोटर साइकिलों का नम्बर प्लेट बदल कर सुरक्षित स्थान पर छुपा देते है। इस समय हम दोनो लोग कुल 06 चोरी की मोटर साइकिलों को छुपाकर रखा है। सूरज कुमार भी पूछने पर अपने गलती की बार बार माफी मांगते हुये बता रहा है कि साहब आप लोग हमे भी माफ कर दीजिये। हमसे भी बहुत बड़ी गलती हो गयी है कि हम अपने साथी के साथ मिलकर मोटर साइकिलों की चोरी करते हैं और हम दोनों उन्ही मोटर साइकिलो को बेचकर अपना और अपने परिवार का खर्च चलाते हैं। आज हम दोनों लोग चोरी करके जो मोटर साइकिल छिपा कर रखे हैं उनको बेचने के लिये ग्राहक तय किये थे और उस ग्राहक का यहीं पर इन्तजार कर रहे थे लेकिन आप लोगों ने आकर हम दोनों लोगों को पकड़ लिया। शातिर चोरों के निशानदेही पर चक हुसैन खलिसापुर से कुल 06 मोटर साइकिल को कोतवाली पुलिस ने बरामद किया। चोरों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में कोतवाली प्रभारी दीनदयाल पांडे, उपनिरीक्षक राजकुमार शुक्ला, उप निरीक्षक अशोक कुमार गुप्ता, उप निरीक्षक रोहित कुमार द्विवेदी और उप निरीक्षक सुनील कुमार शुक्ला सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
-
युवाओं को शपथ दिलाते हुए नशा न करने की अपील



गाजीपुर। जिला समाज कल्याण अधिकारी राम नगीना यादव ने बताया है कि समाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय भारत सरकार द्वारा संचालित नशा मुक्त भारत अभियान के अन्तर्गत समस्त स्कूल एवं कॉलेजों तथा विभागीय कार्यालयों में मादक पदार्थो के दुरूपयोग को रोकने एवं व्यापक स्तर पर नशे के विरूद्ध जागरूकता फैलाने व नशीली दवाओं के दुरूपयोग के खिलाफ कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं को शपथ दिलाया गया। उक्त कार्यक्रम के अन्तर्गत पी0जी0 कॉलेज गोराबाजार गाजीपुर में परियोजना निदेशक गाजीपुर, जिला विकास अधिकारी, एवं पी0जी0 कॉलेज के प्राचार्य तथा अन्य शिक्षको व छात्र/छात्राओं की उपस्थिति में युवाओं को शपथ दिलाते हुए नशा न करने की अपील की गई। -
अवैध अतिक्रमण पर रेलवे का चलेगा बुलडोज़र

अफीम की धुलाई के लिए बनाए गए रेलवे ट्रैक के आसपास अतिक्रमण पर रेलवे चलाएगा बुलडोज़र
5 लाख स्क्वायर फीट जमीन कब्जे से मुक्त कराएगी रेलवे प्रशासन
गाजीपुर। ब्रिटिश हुकूमत काल में मुख्य डाकघर के पास अफीम फैक्ट्री में कच्चे माल को लाने और तैयार अफीम को सुरक्षित पहुंचाने के लिए अंग्रेजों को सुरक्षित संसाधन की जरूरत महसूस हुई। इसके लिए उन्होंने अफीम फैक्ट्री से लेकर लंका होते हुए सिटी रेलवे स्टेशन तक रेलवे ट्रैक बिछा दी। इसी ट्रैक से ट्रेन के जरिए सिटी रेलवे स्टेशन से कच्चा माल अफीम फैक्ट्री के लिए आता था। साथ ही तैयार अफीम को इसी रूट से सिटी रेलवे स्टेशन तक भेजा जाता था। आजादी के बाद ट्रैक पर ट्रेनें दौड़नी बंद हो गईं। नतीजन रैक अनुपयोगी हो गई। समय बीतने के साथ रेलवे की जमीन पर कब्जा शुरू हो गया। इसी कब्जे को हटाने के लिए रेलवे ने 40 लोगों को नोटिस देने के साथ ही उनके मकान पर निशान भी लगा दिया है और एक दिन बाद यदि स्वयं नहीं हटाया जाता है तो रेलवे प्रशासन बुलडोजर चलाने की कार्रवाई करेगा।गाजीपुर सिटी के रेलवे स्टेशन से एक रेल लाइन गाजीपुर की अपनी फैक्ट्री तक के लिए अंग्रेजों ने अफीम की ढुलाई के लिए बनवाया था और इस रेलवे ट्रैक पर काफी दिनों तक अफीम की ढुलाई हुआ करती थी। लेकिन करीब 20 से 25 साल पहले इस रेल लाइन पर इसकी ढुलाई बंद हो गई । इसके बाद धीरे-धीरे इस रेल लाइन के आसपास लोगों ने कब्जा कर मकान बनाना आरंभ कर दिया। जिसको लेकर पिछले दिनों रेलवे की तरफ से अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी किया गया था और कुछ लोगों के मकान का ध्वस्तीकरण भी किया गया था।

इस दौरान 67 अस्थाई अतिक्रमण हटाए गए थे और उसके बाद रेलवे का यह कार्रवाई कुछ दिनों के लिए रुक गया था। अब अन्य अतिक्रमणकारियों जिनमें से 40 लोगों को चिन्हित रेलवे प्रशासन ने किया है। 13 अगस्त से पूर्व अपने अतिक्रमण को स्वयं हटाने के लिए नोटिस जारी करते हुए उनके मकान पर नोटिस चश्पा कर दिया गया है। बताते चले की सिटी रेलवे स्टेशन से लंका होते हुए अफीम फैक्ट्री तक रेलवे की लगभग 5 लाख स्क्वायर फीट की जमीन है। जिस पर वर्षों से लोग रेलवे की जमीन पर अतिक्रमण किए हुए हैं । जिसमें अस्थाई अतिक्रमण भी है। टिन शेड , झोपड़ी से लेकर पक्के निर्माण तक कर लिए गए। लेकिन अब रेलवे प्रशासन ने अपनी जमीन की सुध ली है। इस अतिक्रमण को हटाए जाने के बाद खाली हुए जमीन पर रेलवे की तरफ से भवन का निर्माण कर सभी सुविधाओं से युक्त कर रेल कर्मियों को एलाट किया जाएगा। ऐसे में 13 अगस्त से दूसरे चरण का अभियान चलाने को लेकर आरपीएफ इंचार्ज गाजीपुर सिटी स्टेशन अमित राय ने बताया कि अतिक्रमण हटाने को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई है।

-
सड़क पर पानी और कीचड़ होने से लोगों का निकलना दुश्वार, जिम्मेदार नहीं दे रहे ध्यान

सड़क पर पानी और कीचड़ होने से लोगों का निकलना दुश्वार, जिम्मेदार नहीं दे रहे ध्यान
गंदगी में जिंदगी: गली-गली कीचड़ और उनमें मक्खी-मच्छर, बरसों से लगा रहे गुहार, आश्वासन बहुतेरे, विकास जीरो
गाजीपुर। बारिश की वजह से सड़कों पर गंदगी, कीचड़ व जलजमाव की स्थिति हो गई है। जबकि शहर से लेकर गांव तक की सड़कों को बनवाने से लेकर मरम्मती करण के लिए करोड़ों रुपए खर्च किए गए हैं। सदर ब्लाक के फतेहपुर सिकंदर फुल्लनपुर में मुख्य मार्ग से बाईपास मार्ग में बरसाती पानी के जमाव से सड़क पूरी तरह से कीचड़ में तब्दील हो गई है जिसकी वजह से लोगों का पैदल चलना भी दुश्वार हो गया है। सदर ब्लॉक क्षेत्र का गांव है फतेहपुर सिकंदर (फुल्लनपुर), स्थानीय लोगों का जनजीवन बदहाली से भरा है। गली-गली जलभराव और कीचड़ है और उनमें मक्खी-मच्छरों की भरमार है। हर तरफ गंदगी पसरी हुई है। बरसों बरस से यहां के निवासी इससे निजात पाने की गुहार लगाते आ रहे हैं लेकिन आश्वासनों के सिवा आज तक इस गांव को कुछ नहीं मिला। चौतरफा फैली इस गंदगी से ग्रामीणों में बीमारियों का खतरा भी हर समय बना हुआ है।जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की उपेक्षा से परेशान होकर गांव के निवासी अपनी नाराजगी भी जता रहे हैं।
ग्रामीणों ने कहा कि जनप्रतिनिधियों से लेकर अधिकारियों के दरवाजे तक गुहार लगाने के बावजूद बरसों बरस से नारकीय जीवन जीना पड़ रहा है। गांव के मुख्य मार्ग पर जलभराव से सड़क इतनी खराब हो चुकी है कि पैदल निकलना तक मुश्किल हो रहा है। बेहद सावधानी से निकलना पड़ रहा है नहीं तो कीचड़ में गिरना और कपड़े खराब होना तय है। बारिश के बाद कीचड़ और गंदगी से लोगों का बुरा हाल है। पक्की सड़कों पर कीचड़ के कारण पैदल चलना भी दूभर बना हुआ है। गंदगी से बीमारी फैलने का डर भी लोगों को सता रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई शिकायतों के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इससे हालात और बद्तर होते जा रहे हैं। इससे इलाकाई लोगों में खासा रोष है। जिला मुख्यालय से दो किलोमीटर दूर स्थित फुल्लनपुर स्थित बाईपास मार्ग पर जल भराव के बाद अब कीचड़ राहगीरों सहित स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। पूरे दिन व्यस्त रहने वाले मार्ग पर पैदल चलने वालों को अपने कपड़े बचाकर निकलना पड़ रहा है। बुजुर्ग लाठी अभिभावकों का हाथ पकड़कर जैसे तैसे रास्ते को पार कर रहे हैं। जबकि दो पहिया वाहन सवार तो फिसलकर चुटहिल तक हो रहे हैं।

ग्रामीण महेश बिंद, सुनील यादव, राजीव कुमार सिंह, दीनानाथ तिवारी, मंजू गुप्ता, राधिका देवी का कहना है कि रात के वक्त तो सड़क से गुजरने का मतलब है कि फिसलकर चोट आना तय है। नाली से कचरा निकाल कर सड़क पर रख दिया गया है और बारिश के बाद सड़क पर फैल गया है। कीचड़ के कारण सड़क पर हुआ गड्ढा भी नजर नहीं आ रहा है। मामूली सी बारिश भी जलभराव कर देती है। उसके बाद होने वाला कीचड़ समस्या सामने खड़ी कर देता है। रोड पर नालियां चोक होने से घरों का पानी भी गली और सड़क पर ही भरा रहता है। इससे कीचड़ और भी खत्म होने का नाम नहीं लेता है।
-
बांग्लादेश में हिंदुओ पर अत्याचार के खिलाफ जिला प्रशासन को दिया ज्ञापन


गाजीपुर। बांग्लादेश में हिंदुओं को निशाना बनाए जाने से आर्य समाज में भारी आक्रोश है। उन्होंने सड़क पर उतरकर विरोध जताया और बाइक जुलूस निकालते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को दिया। आर्य समाज के बैनर तले बड़ी संख्या में लोग जिलाधिकारी कार्यालय के सामने पहुंचे। जहां उन्होंने बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ हिंसा का विरोध करते हुए नारे लगाए। ज्ञापन के माध्यम से आर्य समाज ने मांग किया कि बांग्लादेश में मुस्लिम मज़हबी कट्टरपंथी लोगों द्वारा जो अत्याचार हिंदुओं पर किया जा रहा है उसको तत्काल रोका जाए। हम लोगों के लिए यह असहनीय व पीड़ादायक है। यह घटना सोशल मीडिया के माध्यम से हम लोगों को देखने को मिला है।

ऐसी स्थिति में बांग्लादेश में रह रहे हिंदुओं की सुरक्षा हेतु वहां की सरकार पर पूर्ण दबाव बनाकर उन्हें पूर्ण सुरक्षा प्रदान कराया जाए। भारत में अवैध तरीके से रह रहे रोहंगियों और बांग्लादेशी मुस्लिम घुसपैठियों को चिन्हित कर उन्हें यहां से बांग्लादेश भेजा जाए। बांग्लादेश में रह रहे हिंदुओं को यहां लाकर बसाया जाए। ज्ञापन देने वालों में आदित्य प्रकाश आर्य प्रधान ज़िला आर्य प्रतिनिधि सभा, दिलीप कुमार वर्मा प्रधान आर्य समाज, सुरेंद्र नाथ वर्मा अध्यक्ष डी.ए.वी.इंटर कॉलेज, आर्य समाज के मंत्री धर्मेंद्र कुमार जायसवाल, प्रचार मंत्री संतोष कुमार वर्मा, रवीश विश्वकर्मा, उदयभान आर्य,सुरेश आर्य, अजय केसरी, रितेश अग्रहरि, डीएवी इंटर कॉलेज गाजीपुर के उपाध्यक्ष संजय कुमार वर्मा, स्वर्णकार समाज के अध्यक्ष कैलाश नाथ वर्मा, व्यापार मंडल के अध्यक्ष श्री प्रकाश केसरी ,सुधीर केसरी, रवि राज हिन्दू, हिंदू वाहिनी के वरुण कुमार सहित अन्य आर्य समाज व हिंदू समाज के लोग उपस्थित रहे।

-
चर्चित लावा आरीपुर खस्ताहाल सड़क का एमएलसी प्रतिनिधि ने किया निरीक्षण

गाजीपुर। जंगीपुर विधानसभा क्षेत्र का चर्चित खस्ताहाल लावा आरीपुर सड़क मार्ग इस समय सपा बनाम भाजपा हो चुका है। कुछ दिनों पहले एक तरफ जहां समाजवादी पार्टी के क्षेत्रीय विधायक डॉ. वीरेन्द्र यादव ने सड़क बदहाली के लिए प्रदेश सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए धान रोपकर विरोध जताया। वही
रविवार के दिन एमएलसी विशाल सिंह चंचल के प्रतिनिधी प्रदीप पाठक ने लावा मोड़ से जयंतीदासपुर,बाबूरायपुर,मानपुर नेवादा होते हुए शुभाखरपुर लावा चट्टी सहित दस किमी लम्बे सड़क मार्ग का विभागीय अधिकारियों और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों के साथ निरिक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होने सम्बंधित अधिकारी पीडब्लूडी के अवर अभियंता अनिल वर्मा को निर्देशित करते हुए कहा कि सड़क में जो गढ्ढे है उन्हे गड्ढामुक्त किया जाय और जहां जहां जल जमाव की स्थिति है उसके जल निकासी का व्यव्स्था किया जाए। इस सड़क के निर्माण में कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होने कहा कि जनपद के एम एल सी विशाल सिंह चंचल के प्रस्ताव पर इस सड़क के निर्माण के लिए शासन ने लगभग पच्चीस करोड़ का बजट स्वीकृत किया है और गड्ढा मुक्ति के लिए भी बजट स्वीकृत हुआ है।

वहीं उन्होने क्षेत्रीय सपा विधायक डा वीरेन्द्र यादव के द्वारा पुर्व में इस सड़क पर धान की रोपाई करने के सवाल पर कहा कि विधायक का परिवार इस विधानसभा के गठन के बाद से ही काबिज है लेकिन वह अपना फोटो लगाकर गेट बनाने में ही व्यस्त हैं। जनपद के ये पहले विधायक हैं जिन्हें यह भी नहीं पता है की धान की रोपाई कहां की जाती है! खैर यह सड़क जनता के दर्द और समस्या को दूर करने का विषय है ना कि राजनीति करने का। प्रदीप पाठक ने कहा कि विधायक को ज्ञात होना चाहिए की इसी सड़क के निर्माण के लिए सपा के शासन काल में प्रदर्शन करने वाले प्रदर्शनकारियों पर लाठी चार्ज कराया गया था और उनके ऊपर फर्जी तरीके से मुकदमा भी दर्ज कराया गया था लेकिन भारतीय जनता पार्टी के सरकार में जनता को अपनी समस्या को लेकर आवाज उठाने की पूरी आजादी है!

प्रतिनिधि को जन समस्याओं को सुनने का काम किया जाना चाहिए ना की राजनीति के तहत लाठी चार्ज किया जाना चाहिए!
निरीक्षण के दौरान बिरनो ब्लॉक प्रमुख राजन,सिंह शचिंद्रनाथ सिंह लल्लन सिंह,योगेश सिंह,विवेकानंद पांडेय, गुड्डू गुप्ता,रणधीर सिंह, रामप्रसाद गुप्ता,अमित सिंह, संजय सिंह, सहित अन्य लोग मौजूद रहे। -
हमारे नेता से प्रभावित होकर पार्टी की सदस्यता ले रहे युवा:सिद्धान्त मिश्रा

होने वाले विधानसभा चुनाव में लोक जनशक्ति पार्टी का रंग हर युवाओं पर देखने को मिलेगा:- संगठन मंत्री सिद्धान्त मिश्रा

लखनऊ। लोक जन शक्ति पार्टी (रामविलास) को और भी मजबूत बनाने के लिए संगठन मंत्री सिद्धांत मिश्रा ने रविवार को कैंप कार्यालय पर सदस्य अभियान चलाया। इस सदस्यता अभियान मे बड़ी संख्या में युवाओं ने सदस्यता ग्रहण करने के साथ ही संकल्प लिया कि पार्टी के हित में काम करके पार्टी को आगे बढ़ाने का काम करेंगे। सदस्यता अभियान के दौरान संगठन मंत्री श्री मिश्रा ने बताया कि हमारी पार्टी निरंतर आगे बढ़ रही है और उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) कम से कम 50 सीटों पर बीजेपी के साथ मिलकर चुनाव लड़ने के लिए पूर्ण रूप से तैयार रहेगी।

सिद्धांत ने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी का गठन पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय रामविलास पासवान ने किया था। पार्टी के गठन का मकसद गरीबों, दलितों, शोषित महिलाओं और अल्पसंख्यक समाज की समस्याओं को हल करना है। उन्होंने कहा कि पार्टी इनके लिए जो काम कर रही है उसे जन-जन तक पहुंचाएं। संगठन मंत्री सिद्धान्त मिश्रा ने कहा कि सदस्यता अभियान में नवयुवक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान से प्रभावित होकर उनमें आस्था दर्शा रहे हैं। इसीलिए आज दर्जनों युवाओं ने चिराग पासवान के हाथ को मजबूती प्रदान करने के लिए पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है।

सदस्यता ले रहे युवाओं को सिद्धांत मिश्रा ने यह भी विश्वास दिलाया कि हमारे नेता चिराग़ पासवान स्वयं एक युवा हैं इसलिए वह युवकों की सोच को भली भाँति समझते हैं। उन्होंने बताया कि वो जल्द ही चिराग़ पासवान को लखनऊ बुलाएँगे और पार्टी के सभी कर्मठ और जुझारू सिपाहियों से औपचारिक मुलाक़ात भी करवायेंगे। -
प्री पी एच० डी० कोर्स वर्क का फार्म भरने की तिथि घोषित

प्री पी एच० डी० कोर्स वर्क का फार्म भरने की तिथि घोषित

गाजीपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय द्वारा प्री पी-एच० डी० कोर्स वर्क का परीक्षा फार्म भरने का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है।
उक्त जानकारी देते हुए पी० जी० कालेज, के प्राचार्य प्रोफे० (डॉ०) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने बताया कि सत्र 2022-23 के प्री पी-एच० डी० कोर्स वर्क की परीक्षा हेतु परीक्षाफार्म भरने के लिए दिनांक 10 अगस्त, 2024 से पोर्टल खोल दिया गया है। सत्र 2022-23 के पीएच.डी. में रजिस्टर्ड समस्त छात्र/छात्राए अपने ट्रान्जेक्शन आई.डी. एवं मोबाइल नम्बर सबमिट कर परीक्षाफार्म भर सकते हैं। परीक्षाफार्म भरने की अन्तिम तिथि 20 अगस्त, 2024 निर्धारित की गयी है। परीक्षाफार्म का लिंक निम्नवत हैः- https://nepexam.vbspuexams.com/PHD/Login
उक्त जानकारी विश्वविद्यालय की ओर से सभी प्राचार्यों को भेजी गयी है।





