-
शाह फैज स्कूल के छात्र छात्राओं का वार्षिक परीक्षाफल घोषित

गाजीपुर। सोमवार को शाह फैज विद्यालय प्रांगण में वार्षिक परीक्षाफल घोषित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विशेष प्रार्थना व दीप प्रज्ज्वलन से हुई। विद्यालय के निदेशक डॉ नदीम अधमी ने विशेष प्रार्थना की साथ ही सभी को वार्षिक परीक्षा फल की बधाई दी व भविष्य में और भी मेहनत करने की सलाह दी। उसके पश्चात् कक्षा PG से कक्षा 9 व 11 का परीक्षा परिणाम घोषित किया गया।

प्रधानाचार्य इकरामुल हक़ ने वार्षिक रिपोर्ट में बताया कि इस वर्ष कुल 2285 छात्र -छात्राएं वार्षिक परीक्षा में सम्मिलित। 199 कक्षा 12 व 231 कक्षा 10 की सी बी एस सी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जिनका परिणाम प्रतीक्षारत है। वार्षिक परीक्षा का परिणाम 99.5 % रहा। कक्षा PG से शुजा आरफीन एवं अफ्फान ख़ान ,कक्षा एलकेजी से मोहम्मद आरिफ़, शान्वी सिंह, ज़ैनब ख़ान व ऋषभ गौतम ,यूकेजी से सौम्य पांडेय , पंखुड़ी केडिया ,अरशान अहमद, अवनीश पाल एवं आकिफा फातिमा ब्राइट स्टार घोषित किये गए।

कक्षा 1 से 5 में निशांत राय ने 99 9 % , कक्षा 6 से 8 में स्वरित कुमार राय एवं आफ़िया शफ़क़त 97.71 व कक्षा 9 से 11 में पहल कुशवाहा ने 97.80 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी विद्यालय में कनिष्ठ व वरिष्ठ वर्ग में सर्वश्रेष्ठ बालक व बालिका की उपाधि दी गयी। कनिष्ठ वर्ग से कक्षा 5 के निशांत राय व ज़ैनब अमानी व वरिष्ठ वर्ग से कक्षा 8 के स्वरित कुमार राय व कक्षा 9 से जुनैरा मसूद को क्रमशः सर्वश्रेष्ठ बालक व सर्वश्रेष्ठ बालिका की उपाधि दी गयी।

विद्यालय की निदेशिका डॉ मीना अधमी ने भी सभी छात्र-छात्राओं को वार्षिक परीक्षा फल की बधाई दी व अपने माता-पिता व गुरुजनों को धन्यवाद देने को कहा क्योंकि यही वो लोग हैं जिनकी सहायता के बिना कुछ भी संभव नहीं हो सकता। उन्होंने यह भी कहा कि हमें सीखना कभी नहीं बंद करना चाहिए। विद्यालय की मैनेजर मैडम अतिआ अधमी ने भी सभी को वार्षिक परीक्षाफल की शुभकामनायें दीं।


इस कार्यक्रम में सभी छात्र छात्राएं, निदेशक डॉ नदीम अधमी , निदेशिका डॉ मीना अधमी, वित्तीय एवं शैक्षणिक सलाहकार शमा अधमी, प्रधानाचार्य इकरामुल हक़, उप प्रधानाचार्य (शैक्षणिक) नेहा कुरैशी, परीक्षा नियंत्रक हनीफ अहमद, मुख्यअध्यापिका चंदना श्रीवास्तव, प्री-प्राइमरी इंचार्ज प्रियंका सिंह, माधुरी पांडेय , सुनंदा एवं अन्य शैक्षणिक व गैर शैक्षणिक कर्मचारी उपस्थित थे।

कार्यक्रम की साज सज्जा नुज़हत नसीम , आमना ओबैद , सिमरन जायसवाल, अंकिता दुबे एवं उमेश ने की। कार्यक्रम में गीत की प्रस्तुति शान कुशवाहा व शगुन कुशवाहा तथा अन्य ने की जिसका संगीत श्याम कुमार शर्मा व गिरधर शर्मा ने दिया।। कार्यक्रम का सञ्चालन उप प्रधानाचार्य (शैक्षणिक) नेहा कुरैशी, मुख्याध्यापिका चंदना श्रीवास्तव एवं प्रियंका सिंह ने किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान से हुआ।



-
12 से 23 फरवरी तक होगा क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन

12 से 23 फरवरी तक होगा क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन



गाजीपुर। गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के तत्वाधान में 4 फरवरी को अरोरा फाउंडेशन महुआबाग में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया । गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के प्रेसिडेंट अभिषेक सिंह ने बताया कि यह प्रतियोगिता 12 फरवरी से 23 फरवरी तक गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के तत्वधान में प्रथम स्वर्गीय श्री नारायण सिंह (पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष) एवं स्वर्गीय श्री अजीत कुमार सिंह स्मारक ऑल इंडिया कैश मनी क्रिकेट (G 20-20) प्रतियोगिता का आयोजन होना है। इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न स्थानों की कुल 8 टीम प्रतिभागी होंगी। जिसमें रणजी ट्रॉफी, आईपीएल, बोर्ड ट्राफी के खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे।यह आयोजन जनपद में पहली बार वृहद स्तर पर किया जा रहा है।
-
राष्ट्रपति से मिले डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चे

राष्ट्रपति से मिले डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चे

गाजीपुर। राष्ट्रपति भवन में आयोजित बाल दिवस पर नगर के डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चों ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की और अपने मन की जिज्ञासा को दूर किया। राष्ट्रपति से संवाद कर बच्चे काफी प्रफुल्लित हैं। राष्ट्रपति ने भी उन्हें पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भी हिस्सा लेने की सीख दी। इस दौरान राष्ट्रपति भवन व संसद भवन का भी भ्रमण किया। यह जिले के लिए गौरव की बात है। राष्ट्रपति भवन के सेंट्रल हाल में आयोजित बाल दिवस पर कार्यक्रम के लिए जिले के सनबीम स्कूल के बच्चों का चयन किया गया था।
स्कूल की डायरेक्टर एकता अखंड राय, शिक्षक कमलेश सिंह के साथ छात्र अभ्युदय प्रताप, निवेदिता प्रधान, आदर्श राय व सौम्या राय कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। बच्चों ने बताया कि राष्ट्रपति प्रोटोकाल तोड़कर उनके बीच आ गयीं और संवाद किया। अभ्युदय प्रताप व निवेदिता ने राष्ट्रपति से पूछा कि आपको महामहिम के पद पर आने के बाद कैसा लगा? तो उन्होंने जवाब दिया बिल्कुल, बहुत अच्छा लगा। फिर बच्चों ने सफल होने के बाद कैसा महसूस करतीं हैं। जवाब दिया सफलता का कोई अंत नहीं है। राष्ट्रपति ने सीख दी कि आप बच्चे आगे बढ़ते जाइए। आपका बचपन कैसा के सवाल पर उन्होंने कहा कि मैं भी आपकी तरह बगीचों और मिट्टी में खेला करती थीं। आज की तरह अच्छे स्कूल नहीं थे। उन्होंने बच्चों को मेहनत की सीख दी। साथ ही शिक्षकों से बच्चों को रोचक तरीके से शिक्षण कार्य कराने के साथ ही शारीरिक व मानसिक विकास के लिए खेलकूद को बढ़ावा देने पर जोर दिया। -
डीएम ने की बैठक,दिया निर्देश

गाजीपुर। जिला उद्योग बन्धु एवं स्वरोजगार बन्धु की बैठक गुरुवार को जिला पंचायत सभागार में जिलाधिकारी एम पी सिंह की अध्यक्षता मे सम्पन्न हुआ।इस बैठक में जिलाधिकारी ने मण्डी समिति दुल्लहपुर की जमीन अन्य़त्र स्थानान्तिरित किए जाने हेतु निस्तारण का निर्देश , व्यापारियो के समस्याओ के समाधान, उद्यमी वशिष्ट सिंह यादव के विद्युत बिल भुगतान प्रकरण के समाधान, औद्योगिक आस्थान नन्दगंज में सड़क , नाली , बाउण्डरीवाल निर्माण, निवेश मित्र पोर्टल, प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री रोजगार/युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद,पी एम सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार, आजीविका मिशन,पी एम स्वनिधि योजना एवं अन्य बिन्दूओ पर समीक्षा कर उद्यमियो के समस्याओ पर चर्चा की गयी तथा सम्बन्धित अधिकारियों को शिकायतो के निस्तारण का निर्देश दिया ।उद्यमी एस के दूबे ने सुखदेवपुर चौराहे से गाजीपुर घाट तक के 800 मीटर मार्ग जो बिल्कुल क्षतिग्रस्त है को सही कराने का अनुरोध एंव व्यापार मण्डल के विजय शंकर वर्मा ने रौजा से एम ए एच इण्टर कालेज तक जर्जर के बारे मे अवगत कराया । जिस पर जिलाधिकारी ने समन्धित अधिकारी को स्थलीय निरीक्षण करते हुए कार्यवाही का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी उधोगों के विकास में बैंको से अधिकाधिक सहयोग प्राप्त किये जाने के सम्बन्ध मे जिला अग्रणी प्रबंधक से अपेक्षा की। उद्यामियों के शिकायतो को सम्बन्धित अधिकारियों को समय से निस्तारण का निर्देश दिया। इस अवसर पर उघमी बशिष्ठ सिंह यादव, ए0के0दुबे अध्यक्ष ईट भठ्ठा एसोसिएशन एवं अन्य उद्यमी एंव व्यापार मण्डल के पदाधिकारी उपस्थित थे।
-
सम्पूर्ण समाधान दिवस:534 शिकायत पत्र में 32 का निस्तारण


गाजीपुर।जन समस्याओ के त्वरित निस्तारण हेतु सम्पूर्ण समाधान दिवस तहसील कासिमाबाद में जिलाधिकारी आर्यका अखौरी एवं पुलिस डा.ईरज राजा की अध्यक्षता में शनिवार को सम्पन्न हुआ। जिसमे 174 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए और मौके पर 07 का निस्तारण किया गया। जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु सातों तहसीलो की सूचना के अनुसार सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 534 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए। जिसमें मौके पर 32 शिकायत/प्रार्थना पत्रो का निस्तारण किया गया।

इसी क्रम में तहसील जखनियां में उप जिलाधिकारी की अध्यक्षता में 113 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए जिसमें 04 का मौके पर निस्तारण किया। तहसील जमानियॉ में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में 45 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए जिसमें से 04 का मौके पर निस्तारण किया गया। सदर तहसील में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में 57 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए जिसमें मौके 04 का निस्तारण किया गया। तहसील मुहमम्दाबाद में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में 80 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए जिसमें से 04 का मौके पर निस्तारण किया गया। तहसील सेवराई में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में 27 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए जिसमें से मौके पर 04 का निस्तारण किया गया। तहसील सैदपुर में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में 38 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त 05 का मौके पर निस्तारण किया गया।

जिलाधिकारी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायत/प्रार्थना पत्रो का संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि अविलम्ब मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण करते हुए निस्तारण कराई जाए। उन्होनेे आई जी आर एस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतो को आगामी तीन दिवस में शत-प्रतिशत निस्तारण करने का निर्देश दिया। उन्होने कहा इसकी समीक्षा सीधे शासन स्तर से होती है। इसमे लापरवाही पर संबंधित अधिकारी स्वयं जिम्मेदार होगे। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, जिला विकास अधिकारी सुभाष चन्द्र सरोज, परियोजना निदेशक राजेश यादव, उप जिलाधिकारी कासिमाबाद, तहसीलदर कासिमाबाद, एवं समस्त जनपदस्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
इससे पहले जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने रौजा स्थित राधेश्याम वाटिका में ‘‘ एक पेड़ मॉ के नाम वृक्षारोपण अभियान- 2024 के अन्तर्गत आम का पौध पौध रोपड़ कर जनपद वासियों को अधिक से अधिक पौध रोपण के लिए प्रेरित किया। -
‘स्वयं और दुनिया के साथ सामंजस्य बनाये रखने का विज्ञान’ है योग

‘स्वयं और दुनिया के साथ सामंजस्य बनाये रखने का विज्ञान’ है योग: कर्ण बहादुर सिंह
गाजीपुर। पी० जी० कालेज में पूर्व शोध प्रबन्ध प्रस्तुत संगोष्ठी का आयोजन किया गया। यह संगोष्ठी महाविद्यालय के अनुसंधान एवं विकास प्रकोष्ठ तथा विभागीय शोध समिति के तत्वावधान में महाविद्यालय के सेमिनार हाल में सम्पन्न हुई, जिसमें महाविद्यालय के प्राध्यापक, शोधार्थी व छात्र- छात्राएं उपस्थित रहे। उक्त संगोष्ठी मे विज्ञान संकाय के शारीरिक शिक्षा एवं खेलकूद विषय के शोधार्थी कर्ण बहादुर सिंह ने अपने शोध शीर्षक “विभिन्न योगिक क्रियाओं का जीवन शैली पर प्रभाव “.नामक विषय पर शोध प्रबन्ध व उसकी विषय वस्तु प्रस्तुत करते हुए कहा कि विभिन्न योगिक क्रियाओं का मानव जीवन शैली पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है सामान्यतः योग ‘स्वयं और दुनिया के साथ सामंजस्य बनाये रखने का विज्ञान’ है। यह न केवल मानव शरीर को स्वस्थ बनाये रखने के लिए है, बल्कि मन और आत्मा को भी सक्रिय बनाये रखने में मदद करता है। योगाभ्यास शरीर, मन और आत्मा को एक साथ जोड़कर हमारे दृष्टिकोण, व्यवहार को सकारात्मक रूप से बदलकर खुशी, शांति, संतुष्ठी और आनंदपूर्ण रहने के लिए सक्षम बनाता है। प्रस्तुतिकरण के बाद विभागीय शोध समिति, अनुसंधान एवं विकास प्रकोष्ठ व प्राध्यापकों तथा शोध छात्र-छात्राओं द्वारा शोध पर विभिन्न प्रकार के प्रश्न पूछे गए जिनका शोधार्थी कर्ण बहादुर सिंह ने संतुष्टिपूर्ण एवं उचित उत्तर दिया। तत्पश्चात समिति चेयरमैन एवं महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफे० (डॉ०) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने शोध प्रबंध को विश्वविद्यालय में जमा करने की संस्तुति प्रदान किया। इस संगोष्ठी में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफे० (डॉ०) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय, अनुसंधान एवं विकास प्रकोष्ठ के संयोजक प्रोफे० (डॉ०) जी० सिंह , मुख्य नियंता प्रोफेसर (डॉ०) एस० डी० सिंह परिहार, शोध निर्देशक डॉ० अनुराग सिंह एवं शारीरिक शिक्षा एवं खेलकूद विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ० लवजी सिंह, डॉ० ओमदेव सिंह गौतम , प्रोफे०(डॉ०) अरुण कुमार यादव, डॉ० रामदुलारे, डॉ० कृष्ण कुमार पटेल, डॉ० अमरजीत सिंह, डॉ० प्रोफे० (डॉ०) सत्येंद्र नाथ सिंह, डॉ० योगेश कुमार, डॉ०शिवशंकर यादव, डॉ. मनोज कुमार मिश्र, प्रोफे० (डॉ०) सुनील कुमार, डॉ० संजय श्रीवास्तव एवं महाविद्यालय के प्राध्यापकगण तथा शोध छात्र छात्रएं आदि उपस्थित रहे। अंत में अनुसंधान एवं विकास प्रोकोष्ठ के संयोजक प्रोफे० (डॉ०) जी० सिंह ने सभी का आभार व्यक्त किया। -
17 स्कूल व कॉलेजों में आयोजित हुए जागरूकता कार्यक्रम

छात्र–छात्राओं को ‘फाइलेरिया रोधी दवा’ सेवन के लिए किया जागरूक
शनिवार को जनपद के 17 स्कूल व कॉलेजों में आयोजित हुए जागरूकता कार्यक्रम
फाइलेरिया उन्मूलन के लिए जनपद में 10 अगस्त से शुरू होगा एमडीए अभियान
गाज़ीपुर। फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद में 10 अगस्त से मास ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (एमडीए) अभियान की शुरुआत की जाएगी। इसके तहत लक्षित आबादी को फाइलेरिया से बचाव के लिए दवा का सेवन कराया जाएगा, जिससे वह फाइलेरिया जैसी गंभीर बीमारी से बच सकें। इसके लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ देश दीपक पाल के निर्देशन में स्कूलों और विद्यालयों में जन जागरूकता कार्यक्रम व गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। यह गतिविधियां स्वास्थ्य व शिक्षा विभाग समेत अन्य विभागों के संयुक्त प्रयास और पीसीआई, पाथ, डब्ल्यूएचओ व सीफार संस्था के सहयोग से आयोजित की जा रही हैं।

शनिवार को सैदपुर स्थित बेनी सिंह इंटर कॉलेज, नगर के मेरी सिटी स्कूल व एमएएच इंटर कॉलेज समेत 17 स्कूलों में एक हजार से अधिक छात्र – छात्राओं को फाइलेरिया से बचाव की दवा का सेवन करने के बारे में जागरूक किया गया। बेनी सिंह इंटर कॉलेज में प्रार्थना सभा के दौरान स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी रेखा मधुकर और मेरी सिटी स्कूल में बायोलोजिस्ट अशोक प्रकाश मौर्य के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने फाइलेरिया बीमारी के कारण, लक्षण, जांच और बचाव आदि के बारे में जानकारी देते हुए एमडीए अभियान (10 अगस्त से दो सितंबर) के बारे में जानकारी दी। इस मौके पर छात्र – छात्राओं को बताया कि फाइलेरिया (फीलपाँव या हाथीपाँव) वाहक मच्छर क्यूलेक्स के काटने के बाद इसके लक्षण पांच से 15 साल के बाद दिखाई देते हैं। इसलिए एक साल से ऊपर के सभी बच्चों, किशोर-किशोरियों, वयस्कों, वृद्धजनों को फाइलेरिया से बचाव की दवा जरूर खानी चाहिए। यह दवा स्वास्थ्यकर्मियों और आशा कार्यकर्ताओं के द्वारा घर-घर जाकर खिलाई जाएगी। यह दवा वितरित नहीं की जाएगी।
स्वास्थ्यकर्मी और आशा कार्यकर्ता यह दवा लोगों को अपने समक्ष खिलाएँगी। यह दवा खाली पेट नहीं खानी है। यह दवाएं पूरी तरह सुरक्षित हैं। साथ ही यह दवा एक वर्ष से कम उम्र के बच्चों, गर्भवती और गंभीर रूप से बीमारव्यक्तियों को नहीं खानी है। इस दवा के साल में एक बार और पाँच साल लगातार सेवन करने से हम फाइलेरिया से सुरक्षित बन सकते हैं। इसके लिए जन सहभागिता की बेहद आवश्यकता है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से अपील की कि वह ज्यादा से ज्यादा लोगों को एमडीए अभियान और फाइलेरिया से बचाव की दवा का सेवन करने के बारे में जागरूक करें। इस अवसर पर समस्त स्कूलों के प्रधानाचार्य, अध्यापक, शिक्षक, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी रेखा मधुकर, बायोलॉजिस्ट अशोक प्रकाश मौर्य एवं पीसीआई के जिला समन्वयक मनीष दुबे समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

-
विभिन्न मांगों को लेकर एनएचएम संविदा कर्मियों ने सीएमओ को सौपा पत्र

विभिन्न मांगों को लेकर एनएचएम संविदा कर्मियों ने सीएमओ को सौपा पत्र


ग़ाज़ीपुर।एनएचएम संविदा कर्मचारी जो अपने कई मांगों को लेकर पिछले 26 जुलाई से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी कड़ी में संविदा कर्मचारियों ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को अपनी मांगों से संबंधित एक पत्र सौपा।
संविदा कर्मचारी संगठन के जिला अध्यक्ष राघवेंद्र शेखर सिंह ने बताया कि उ0प्र0राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ(रजि0) के बैनर तले प्रदेश भर के लगभग 1.50 लाख की संख्या में संविदा कर्मचारी संगठित हैं।समस्त संविदा कर्मचारियों द्वारा वैष्विक महामारी में शहर से लेकर गाँव तक समुदाय के अन्तिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवा को पहुँचाने में जीवन तक कुर्बान करते हुए अतुलनीय योगदान दिया है, जिसको कभी भुलाया नहीं जा सकता है। स्वास्थ्य विभाग के एनएचएम संविदा कर्मचारियों के भविष्य को सुदृढ़ करने हेतु आपसे विनम्र अनुरोध है कि कृपया संगठन की समस्त 15 सूत्रीय प्रमुख जायज मांगों को लेकर पत्र सौंपा गया है। उन्होंने अपने मुख्य मांगों में म्यूचुअल एवं रिक्त पदों पर गैर जनपद स्थानान्तरण का अनुमोदन एवं संविदा कर्मचारियों हेतु भी प्रत्येक वर्ष स्वयं के अनुरोध पर गैर जनपद स्थानान्तरण नीति को लागू किया जाए। केन्द्र सरकार से उत्तर प्रदेश को आवंटित अतिरिक्त 3ः प्राप्त बजट से वेतन विसंगति का निस्तारण कर वेतन वृद्धि की जाये। बढ़ती हुई महंगाई के दृष्टिगत संविदा कर्मचारियों हेतु म्च्थ्, ग्रेड-पे ।(मंहगाई भत्ता) लागू किया जाये। प्रदेष के शेष 35 जनपदों के डाटा आपॅरेटर को जिला स्वास्थ्य समिति में समायोजित किया जाये। पी0बी0आई0 उनके मानदेय में जोड़ा जाये(बिहार राज्य के अनुसार)। नियमित पदो के सापेक्ष होने वाली भर्ती प्रक्रिया में स्टॉफ नर्स की भाँति अन्य समस्त संविदा कर्मचारियों को भी भारांक/वरीयता दिया जाये। संविदा कर्मचारियों के लिये भी सुविधा को लागू किया जाये।सबसे कम मानदेय पर कार्य कर रहीं संविदा ।मासिक मानदेय न्यूनतम रू0 25000/- किया जाये।
इस मौके पर प्रेम प्रकाश राय, सुरेंद्र यादव, रियाज सुल्तान, ओंकार पांडे, वर्तिका तिवारी ,अविनाश शर्मा ,सोनू कुमार ,सुनील यादव ,अनिल शर्मा, प्रतिभा विश्वकर्मा ,राधेश्याम यादव, समारू कुमार, मिथिलेश कुमार सिंह, संजय सिंह यादव ,अशोक कुमार, साकेत सिंह आदि रहे।
-
गाजीपुर प्रेस क्लब ने दूसरे वर्ष भी 10 लाख बीमा कराने का किया कार्य प्रारंभ

प्रेस क्लब ने दूसरे साल 10 लाख बीमा कराने का किया कार्य प्रारंभ

गाजीपुर। स्थापना के दूसरे वर्ष भी गाजीपुर प्रेस क्लब ने अपने सदस्यो का दस लाख का दुर्घटना बीमा कराने का कार्य शुक्रवार को शुभारंभ किया। मुख्य डाकघर स्थित इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक से सदस्यों का बीमा कराया गया। मालूम हो कि बीते वर्ष भी अपने 100 से ज्यादा सदस्यों का गाजीपुर प्रेस क्लब ने 10 लाख रुपए का बीमा कराया था।
इस संदर्भ में गाजीपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष शिवकुमार ने बताया कि हमारे क्लब में लगभग 100 पत्रकार बतौर सदस्य शामिल हैं, इन सभी सदस्यो का दस लाख का दुर्घटना बीमा कराया जायेगा, जिसकी आज से शुरुआत की गई है। इस बीमा योजना के तहत दुर्घटना में मृत, दुर्घटना में आंशिक व पूर्ण या स्थायी विकलांगता, दुर्घटना में अंग-भंग होने पर बीमा धारक को दस लाख रूपये प्राप्त होंगे। इसी तरह दुर्घटनावश चिकित्सा व्यय/ओपीडी में खर्च हुई धनराशि का कवरेज भी मिलेगा। साथ ही वर्ष में एक बार मेडिकल चेकअप की नि:शुल्क व्यवस्था भी दी जा रही है।
इस अवसर पर गाजीपुर प्रेस क्लब के महासचिव कृपा कृष्ण “केके”, सचिव विनीत दुबे, प्रबंध समिति के सदस्य अनिल कश्यप समेत बड़ी संख्या में क्लब के सदस्य उपस्थित रहे।
-
सीएमओ ने की अपील,घर व आसपास रखें साफ-सफाई, न होने दें जलजमाव की स्थिति

घर-घर जाकर मच्छरों का लार्वा खोज रहे ‘डोमेस्टिक ब्रीडिंग चेकर्स’
नगर पालिका क्षेत्र में एक सप्ताह से अधिक जमा पानी को करवा रहे खाली
मच्छर जनित बीमारियों से बचाव के लिए समुदाय को कर रहे जागरूक
सीएमओ ने की अपील – घर व आसपास रखें साफ-सफाई, न होने दें जलजमाव की स्थिति


गाज़ीपुर। जनपद में मच्छर जनित बीमारियों जैसे डेंगू, मलेरिया, फाइलेरिया आदि से बचाव के लिए जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से सक्रिय है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ देश दीपक पाल के निर्देशन में पूरे जुलाई माह चलाए गए विशेष संचारी रोग नियंत्रण व दस्तक अभियान के तहत ग्रामीण व शहरी क्षेत्र में विभाग की ओर से आवश्यक कार्रवाई की जा चुकी हैं। अब जिले में मच्छरों के लार्वा को खोजने के लिए डोमेस्टिक ब्रीडिंग चेकर्स (डीबीसी) यानि घरेलू प्रजनन जांचकर्ता घर-घर भ्रमण कर रहे हैं। एक सप्ताह से अधिक जमा पानी को खाली करवा रहे हैं।
जिला मलेरिया अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि सीएमओ के निर्देशन में नगरीय क्षेत्र में वेक्टर जनित रोगो की रोकथाम और घर-घर लार्वा जांच के लिए 11 घरेलू प्रजनन जांचकर्ताओं को प्रशिक्षित कर तैनात किया गया है। यह सभी घरेलू प्रजनन जांचकर्ता घर या बाहर जमा पानी के स्रोतों पर मच्छरों के लार्वा की जांच कर रहे हैं। लार्वा प्रजनन स्रोत पाये जाने पर उनका विनष्टीकरण का कार्य भी कर रहे हैं। कूलर, टायर, टंकी आदि जगहों पर एक सप्ताह से अधिक जमा पानी को खाली करा रहे हैं और साफ-सफाई के बारे में जानकारी दे रहे हैं। साथ ही प्रचार-प्रसार सामग्री की सहायता से समुदाय को संचारी रोगों से बचाव के लिए ‘क्या करें-क्या न करें’ और ‘हर रविवार मच्छर पर वार’ के प्रति जागरूक कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि समस्त जांचकर्ता नगर के सभी वार्डों खासकर मलिन बस्तियों और उच्च जोखिम वाले इलाकों में भ्रमण कर मच्छरों के लार्वा की जांच कर रहे हैं। एक दिन में कम से कम 50 घरों का भ्रमण कर रहे हैं।
शुक्रवार को उन्होंने भूतैयाताड़ क्षेत्र के तुलसी सागर में करीब 50 घरों का भ्रमण कर गहन निरीक्षण किया था। कुछ घरों में लार्वा के स्रोतों को खाली कराकर साफ कराया। लोगों को जागरूक किया कि कूलर, टंकी, टायर, फ्रिज की ट्रे आदि जगहों पर एक सप्ताह से अधिक पानी न जमा होने दें। साफ-सफाई का ध्यान रखें। इस कार्य में समुदाय का सहयोग मिल रहा है।
सीएमओ डॉ देश दीपक पाल ने जनपदवासियों से अपील की है कि संचारी रोगों से बचाव के लिए सभी अपने घरों के आसपास साफ-सफाई रखें, झाड़ियां न उगने दें, जल जमाव न की स्थिति पैदा होने दें, रुके हुए पानी में जला हुआ मोबिल ऑयल या लार्वा रोधी रसायन डालें, कूलर आदि का पानी सप्ताह में एक बार अवश्य बदलें, सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें, पूरी आस्तीन के कपड़े पहनें, कोई भी बुखार का लक्षण दिखे तो नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर जांच एवं इलाज़ कराएं। बाहर के दूषित भोजन पानी का प्रयोग न करें। उन्होंने ‘हर रविवार मच्छर पर वार, खत्म करेंगे डेंगू, मलेरिया बुखार’ का संदेश दिया। -
परीक्षा नियंत्रक ने किया औचक निरीक्षण,मानक के अनुरूप मिली तैयारियां

परीक्षा नियंत्रक ने औचक निरीक्षण किया,मानक के अनुरूप मिली तैयारियां


गाजीपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर के नवागत परीक्षा नियंत्रक डा. विनोद कुमार सिंह गुरुवार को विश्वविद्यालय परीक्षाओं का औचक निरीक्षण के क्रम में गाजीपुर के अलग-अलग परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इसी क्रम में वह स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गाजीपुर भी पहुंचे।बताते चलें कि बी०एड० सेकेंड सेमेस्टर एवं अन्य विषयों के सेमेस्टर की परीक्षाएं वर्तमान में चल रही है। सुचिता पूर्ण परीक्षा संपन्न हो, इसके दृष्टिगत द. विनोद कुमार सिंह ने संबद्ध कॉलेजों का औचक निरीक्षण किया।
गुरुवार को परीक्षाओं की तैयारियों और अन्य मानकों की जांच के क्रम में डॉ विनोद कुमार सिंह पी० जी० कॉलेज भी पहुंचे। उन्होंने परीक्षा कक्ष का स्वयं निरीक्षण किया। परीक्षा के दौरान महाविद्यालय प्रशासन की ओर से परीक्षाओं के लिए की गई तैयारी की उन्होंने सराहना की। डॉ विनोद कुमार सिंह ने पी० जी० कॉलेज प्रशासन की ओर से सीसीटीवी कैमरे आदि की व्यवस्था को भी देखकर संतुष्ट दिखे। उन्होंने कहा कि पी जी कॉलेज की तरह ही जनपद के अन्य संबद्ध कॉलेजों को भी पारदर्शी तरीके से परीक्षा संपन्न करनी चाहिए। परीक्षा संबंधित सभी दस्तावेजों को नियमानुसार सुरक्षित रखा जाना चाहिए। जांच के क्रम में उन्होंने प्रश्न पत्र कोठार एवं उत्तर पुस्तिका कोठार का भी निरीक्षण किया। जांच में विनोद कुमार सिंह को सभी तैयारी मानक के अनुरूप लगी। इसके उपरांत परीक्षा नियंत्रक महाविद्यालय के शोध ग्रंथालय का भी अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने आगंतुक पुस्तिका में अपना संदेश भी लिखा। निरीक्षण की समाप्ति के बाद प्राचार्य कक्ष में स्मृति चिन्ह देखकर परीक्षा नियंत्रक को सम्मानित भी किया गया।
बताते चले कि वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में बीते शनिवार को विनोद कुमार सिंह ने परीक्षा नियंत्रक का कार्यभार ग्रहण कर लिया। प्रभारी परीक्षा नियंत्रक अजीत सिंह ने उन्हें कार्यभार सौंपा। इसके पूर्व वह लखनऊ विश्वविद्यालय में कुल सचिव पद पर कार्यरत थे।विनोद सिंह के परीक्षा नियंत्रक का कार्यभार ग्रहण करने के बाद कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने अधिकारियों और कर्मचारिओं की शिष्टाचार बैठक आहुत की थी।परीक्षा नियंत्रक ने केन्द्रीय शोध ग्रंथालय का निरीक्षण किया। उन्होंने केन्द्रीय शोध ग्रंथालय में रखे आगंतुक संदेश पुस्तिका में अपना संदेश भी लिखा। निरीक्षण के अंत में परीक्षा नियंत्रण को स्मृति चिन्ह देखकर प्राचार्य कक्ष में सम्मानित किया गया।पी जी कालेज में दूसरी पाली में हो रही परीक्षाओं का परीक्षा नियंत्रक द्वारा निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्राचार्य प्रोफेसर (डॉ०) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय, प्रोफे० (डॉ०) एस० डी० सिंह, प्रोफे० (डॉ०) अवधेश सिंह, प्रोफे० (डॉ०) एस एन सिंह, डॉ० लवजी सिंह, डॉ० रामदुलारे, डॉ योगेश कुमार, डॉ अमरजीत सिंह, डॉ धर्मेन्द्र, डॉ अशोक कुमार, डॉ मनोज कुमार मिश्र, अरूण कुमार सिंह के साथ ही परीक्षा विभाग से संबद्ध अन्य प्राध्यापक भी मौजूद रहे।
-
डा.संगीता बलवंत ने उठाया अंधऊ हवाई पट्टी का मुद्दा

राज्यसभा सांसद डा. संगीता बलवंत ने उठाया अंधऊ हवाई पट्टी का मुद्दा

ग़ाज़ीपुर।आम बजट 2024-25 पर चर्चा में भाग लेते हुए राज्यसभा सांसद डा. संगीता बलवंत ने अपने गृह जनपद की तरफ केंद्र सरकार का ध्यान आकृष्ट कराते हुए कहा कि गाजीपुर – मऊ मार्ग पर ग्रामसभा अंधुऊ में द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान 63 एकड़ में हवाई पट्टी बनाई गई थी। जो आज भी सक्रिय हैं।डा. संगीता बलवंत ने सरकार की महत्वाकांक्षी उड़ान योजना के तहत विमान सेवा स्थापित कराने की माँग रखी।साथ ही डा.संगीता बलवंत ने कहा कि विमान सेवा शुरू होने से जनपद गाजीपुर के साथ ही जनपद मऊ, बलिया, आज़मगढ़,चंदौली तथा सीमावर्ती बिहार प्रांत के कई जिले के लोगों को आवागमन हेतु सुविधा प्राप्त होगी।
उन्होंने पूर्ववर्ती सरकार को आईना दिखाते हुए राज्यसभा सांसद ने कहा कि आजादी के 67 साल 2014 से पहले सम्पूर्ण भारतवर्ष में मात्र 74 एयरपोर्ट थे । 2014 के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार में पिछले 10 वर्षों में एयरपोर्टों की संख्या में दोगुनी वृद्धि हुई और एयरपोर्टों की संख्या बढ़कर 148 हो गई हैं।
-
डीएम ने किया निरीक्षण, दी हिदायत


गाजीपुर। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने तहसील सैदपुर के विभिन्न कक्षो/पटलो का बुधवार को स्थलीय निरीक्षण किया तथा तहसील मे आये हुए व्यक्तियो से बात चीत कर तहसील मे कार्यरत कर्मचारी के व्यवहारो के बारे मे जानकरी ली। जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी न्यायालय कक्ष, नायब तहसीलदार कक्ष, न्यायालय तसीलदार कक्ष, रजिस्ट्रार कानून-गो कक्ष, अभिलेखागार, संग्रह रिकार्ड रूम, कम्प्युटर कक्ष, आपूर्ति कार्यालय का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान पटलों पर कार्य संतोषजनक रहा एवं कुछ पटलो पर कमियां मिली तथा रजिस्टर के रख रखाव सही ढंग से नही होने पर हिदायत दी गयी। जिलाधिकारी ने सभी पटल सहायको को निर्देश दिया कि जितने भी शिकायती पत्र, बटवारे का वाद, धारा 24 व धारा 116 एवं फाईले लंबित है उसे यथाशीघ्र निस्तारण करने की कार्यवाही की जाये। इसके साथ ही उन्होने परिसर की साफ-सफाई, परिसर मे पेयजल व्यवस्था व शौचालयो की साफ सफाई का निर्देश दिया। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सैदपुर, तहसीलदार सैदपुर, नायब तहसीलदार सैदपुर व अन्य अधिकारीगण मौजूद थे।


-
तीन सेंटीमीटर के रफ्तार से बढ़ रहा गंगा का पानी

ग़ाज़ीपुर। गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने लगा है। बीते 24 घण्टे में गंगा का जलस्तर तेजी के साथ ऊपर आया है। बीते 24 घण्टे के भीतर ही गंगा के जलस्तर में करीब 1 मीटर से ज्यादा की बढ़ोतरी देखी गई है। यह अलग बात है कि गाजीपुर में अभी गंगा सामान्य जलस्तर से भी कई मीटर नीचे हैं, लेकिन भविष्य में संभावित बाढ़ की आशंका से तटवर्ती इलाकों में रहने वाले लोग चिंतित नजर आ रहे हैं।
जिला आपदा विशेषज्ञ अशोक राय ने बताया कि आज सुबह 8 बजे तक गंगा के जलस्तर गंगा का जलस्तर 57.160 मीटर है। गाजीपुर में 61.550मीटर पर चेतावनी बिंदु है।
सिचाईं विभाग के एक्सईएन राजेन्द्र प्रसाद ने बताया कि बीते 24 घंटे में गंगा के जलस्तर में 3 सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से वृद्धि दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि पहाड़ो से आ रहे पानी की वजह से नदी का जलस्तर बढ़ रहा है। गंगा के बढ़ते जलस्तर और आगामी दिनों में संभावित बाढ़ को लेकर जिला प्रशासन एलर्ट मोड में आ चुका है। गंगा का पानी लगातार बढ़ता हुआ दर्ज किया जा रहा है। आने वाले दिनों में नदी के जलस्तर में और बढ़ोतरी होने का अनुमान लगाया जा रहा है। गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए लोगों को सतर्क कर दिया गया है। हालत अभी नियंत्रण में है और गंगा सामान्य जलस्तर से भी काफी नीचे है।





