-
शाह फैज स्कूल के छात्र छात्राओं का वार्षिक परीक्षाफल घोषित

गाजीपुर। सोमवार को शाह फैज विद्यालय प्रांगण में वार्षिक परीक्षाफल घोषित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विशेष प्रार्थना व दीप प्रज्ज्वलन से हुई। विद्यालय के निदेशक डॉ नदीम अधमी ने विशेष प्रार्थना की साथ ही सभी को वार्षिक परीक्षा फल की बधाई दी व भविष्य में और भी मेहनत करने की सलाह दी। उसके पश्चात् कक्षा PG से कक्षा 9 व 11 का परीक्षा परिणाम घोषित किया गया।

प्रधानाचार्य इकरामुल हक़ ने वार्षिक रिपोर्ट में बताया कि इस वर्ष कुल 2285 छात्र -छात्राएं वार्षिक परीक्षा में सम्मिलित। 199 कक्षा 12 व 231 कक्षा 10 की सी बी एस सी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जिनका परिणाम प्रतीक्षारत है। वार्षिक परीक्षा का परिणाम 99.5 % रहा। कक्षा PG से शुजा आरफीन एवं अफ्फान ख़ान ,कक्षा एलकेजी से मोहम्मद आरिफ़, शान्वी सिंह, ज़ैनब ख़ान व ऋषभ गौतम ,यूकेजी से सौम्य पांडेय , पंखुड़ी केडिया ,अरशान अहमद, अवनीश पाल एवं आकिफा फातिमा ब्राइट स्टार घोषित किये गए।

कक्षा 1 से 5 में निशांत राय ने 99 9 % , कक्षा 6 से 8 में स्वरित कुमार राय एवं आफ़िया शफ़क़त 97.71 व कक्षा 9 से 11 में पहल कुशवाहा ने 97.80 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी विद्यालय में कनिष्ठ व वरिष्ठ वर्ग में सर्वश्रेष्ठ बालक व बालिका की उपाधि दी गयी। कनिष्ठ वर्ग से कक्षा 5 के निशांत राय व ज़ैनब अमानी व वरिष्ठ वर्ग से कक्षा 8 के स्वरित कुमार राय व कक्षा 9 से जुनैरा मसूद को क्रमशः सर्वश्रेष्ठ बालक व सर्वश्रेष्ठ बालिका की उपाधि दी गयी।

विद्यालय की निदेशिका डॉ मीना अधमी ने भी सभी छात्र-छात्राओं को वार्षिक परीक्षा फल की बधाई दी व अपने माता-पिता व गुरुजनों को धन्यवाद देने को कहा क्योंकि यही वो लोग हैं जिनकी सहायता के बिना कुछ भी संभव नहीं हो सकता। उन्होंने यह भी कहा कि हमें सीखना कभी नहीं बंद करना चाहिए। विद्यालय की मैनेजर मैडम अतिआ अधमी ने भी सभी को वार्षिक परीक्षाफल की शुभकामनायें दीं।


इस कार्यक्रम में सभी छात्र छात्राएं, निदेशक डॉ नदीम अधमी , निदेशिका डॉ मीना अधमी, वित्तीय एवं शैक्षणिक सलाहकार शमा अधमी, प्रधानाचार्य इकरामुल हक़, उप प्रधानाचार्य (शैक्षणिक) नेहा कुरैशी, परीक्षा नियंत्रक हनीफ अहमद, मुख्यअध्यापिका चंदना श्रीवास्तव, प्री-प्राइमरी इंचार्ज प्रियंका सिंह, माधुरी पांडेय , सुनंदा एवं अन्य शैक्षणिक व गैर शैक्षणिक कर्मचारी उपस्थित थे।

कार्यक्रम की साज सज्जा नुज़हत नसीम , आमना ओबैद , सिमरन जायसवाल, अंकिता दुबे एवं उमेश ने की। कार्यक्रम में गीत की प्रस्तुति शान कुशवाहा व शगुन कुशवाहा तथा अन्य ने की जिसका संगीत श्याम कुमार शर्मा व गिरधर शर्मा ने दिया।। कार्यक्रम का सञ्चालन उप प्रधानाचार्य (शैक्षणिक) नेहा कुरैशी, मुख्याध्यापिका चंदना श्रीवास्तव एवं प्रियंका सिंह ने किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान से हुआ।



-
12 से 23 फरवरी तक होगा क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन

12 से 23 फरवरी तक होगा क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन



गाजीपुर। गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के तत्वाधान में 4 फरवरी को अरोरा फाउंडेशन महुआबाग में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया । गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के प्रेसिडेंट अभिषेक सिंह ने बताया कि यह प्रतियोगिता 12 फरवरी से 23 फरवरी तक गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के तत्वधान में प्रथम स्वर्गीय श्री नारायण सिंह (पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष) एवं स्वर्गीय श्री अजीत कुमार सिंह स्मारक ऑल इंडिया कैश मनी क्रिकेट (G 20-20) प्रतियोगिता का आयोजन होना है। इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न स्थानों की कुल 8 टीम प्रतिभागी होंगी। जिसमें रणजी ट्रॉफी, आईपीएल, बोर्ड ट्राफी के खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे।यह आयोजन जनपद में पहली बार वृहद स्तर पर किया जा रहा है।
-
राष्ट्रपति से मिले डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चे

राष्ट्रपति से मिले डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चे

गाजीपुर। राष्ट्रपति भवन में आयोजित बाल दिवस पर नगर के डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चों ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की और अपने मन की जिज्ञासा को दूर किया। राष्ट्रपति से संवाद कर बच्चे काफी प्रफुल्लित हैं। राष्ट्रपति ने भी उन्हें पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भी हिस्सा लेने की सीख दी। इस दौरान राष्ट्रपति भवन व संसद भवन का भी भ्रमण किया। यह जिले के लिए गौरव की बात है। राष्ट्रपति भवन के सेंट्रल हाल में आयोजित बाल दिवस पर कार्यक्रम के लिए जिले के सनबीम स्कूल के बच्चों का चयन किया गया था।
स्कूल की डायरेक्टर एकता अखंड राय, शिक्षक कमलेश सिंह के साथ छात्र अभ्युदय प्रताप, निवेदिता प्रधान, आदर्श राय व सौम्या राय कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। बच्चों ने बताया कि राष्ट्रपति प्रोटोकाल तोड़कर उनके बीच आ गयीं और संवाद किया। अभ्युदय प्रताप व निवेदिता ने राष्ट्रपति से पूछा कि आपको महामहिम के पद पर आने के बाद कैसा लगा? तो उन्होंने जवाब दिया बिल्कुल, बहुत अच्छा लगा। फिर बच्चों ने सफल होने के बाद कैसा महसूस करतीं हैं। जवाब दिया सफलता का कोई अंत नहीं है। राष्ट्रपति ने सीख दी कि आप बच्चे आगे बढ़ते जाइए। आपका बचपन कैसा के सवाल पर उन्होंने कहा कि मैं भी आपकी तरह बगीचों और मिट्टी में खेला करती थीं। आज की तरह अच्छे स्कूल नहीं थे। उन्होंने बच्चों को मेहनत की सीख दी। साथ ही शिक्षकों से बच्चों को रोचक तरीके से शिक्षण कार्य कराने के साथ ही शारीरिक व मानसिक विकास के लिए खेलकूद को बढ़ावा देने पर जोर दिया। -
डीएम ने की बैठक,दिया निर्देश

गाजीपुर। जिला उद्योग बन्धु एवं स्वरोजगार बन्धु की बैठक गुरुवार को जिला पंचायत सभागार में जिलाधिकारी एम पी सिंह की अध्यक्षता मे सम्पन्न हुआ।इस बैठक में जिलाधिकारी ने मण्डी समिति दुल्लहपुर की जमीन अन्य़त्र स्थानान्तिरित किए जाने हेतु निस्तारण का निर्देश , व्यापारियो के समस्याओ के समाधान, उद्यमी वशिष्ट सिंह यादव के विद्युत बिल भुगतान प्रकरण के समाधान, औद्योगिक आस्थान नन्दगंज में सड़क , नाली , बाउण्डरीवाल निर्माण, निवेश मित्र पोर्टल, प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री रोजगार/युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद,पी एम सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार, आजीविका मिशन,पी एम स्वनिधि योजना एवं अन्य बिन्दूओ पर समीक्षा कर उद्यमियो के समस्याओ पर चर्चा की गयी तथा सम्बन्धित अधिकारियों को शिकायतो के निस्तारण का निर्देश दिया ।उद्यमी एस के दूबे ने सुखदेवपुर चौराहे से गाजीपुर घाट तक के 800 मीटर मार्ग जो बिल्कुल क्षतिग्रस्त है को सही कराने का अनुरोध एंव व्यापार मण्डल के विजय शंकर वर्मा ने रौजा से एम ए एच इण्टर कालेज तक जर्जर के बारे मे अवगत कराया । जिस पर जिलाधिकारी ने समन्धित अधिकारी को स्थलीय निरीक्षण करते हुए कार्यवाही का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी उधोगों के विकास में बैंको से अधिकाधिक सहयोग प्राप्त किये जाने के सम्बन्ध मे जिला अग्रणी प्रबंधक से अपेक्षा की। उद्यामियों के शिकायतो को सम्बन्धित अधिकारियों को समय से निस्तारण का निर्देश दिया। इस अवसर पर उघमी बशिष्ठ सिंह यादव, ए0के0दुबे अध्यक्ष ईट भठ्ठा एसोसिएशन एवं अन्य उद्यमी एंव व्यापार मण्डल के पदाधिकारी उपस्थित थे।
-
थाने पर पहुंचे एसपी,किया निरीक्षण,लिया जायजा

थाने पर पहुंचे एसपी, किया निरीक्षण, लिया जायजा

गाजीपुर। शनिवार को एसपी ओमवीर सिंह ने थाना कोतवाली सैदपुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एसपी ने कार्यालय, सीसीटीएनएस, महिला हेल्प डेस्क, मेस, बैरक तथा थाने पर हो रहे निर्माण कार्यों का भी जायजा लिया।संबंधित अफसरों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया। इस अवसर पर क्षेत्राधिकार सैदपुर, थानाध्यक्ष सैदपुर मौजूद थे।
-
पूर्व सीएम की मनाई पुण्यतिथि

पूर्व सीएम की मनाई पुण्यतिथि

गाजीपुर। शनिवार को समाजवादी पार्टी के तत्वावधान में पार्टी कार्यालय समता भवन पर जिलाध्यक्ष गोपाल यादव की अध्यक्षता में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं द्वितीय पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष विन्देश्वरी प्रसाद मंडल की पुण्यतिथि पर माल्यार्पण कार्यक्रम एवं विचार गोष्ठी आयोजित हुई। इस अवसर पर पार्टी के सभी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए देश से आर्थिक एवं सामाजिक विषमता समाप्त करने का संकल्प लिया।
इस गोष्ठी में जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तृत रूप से प्रकाश डालते हुए उन्हें पिछड़े समाज का मसीहा बताया और कहा कि मोरार जी देसाई के कार्यकाल में 20 दिसम्बर 1978 को उन्ही की अगुवाई में एक नये आयोग का गठन हुआ जिसे मण्डल आयोग के नाम से जाना गया । इस आयोग की 12 दिसम्बर 1980 को फाइनल हुई रिपोर्ट में पिछड़े वर्ग के लोगों के लिए 27 फीसदी आरक्षण की सिफारिश की गई । जिसे देश के पूर्व प्रधानमंत्री वीपी सिंह ने अपने कार्यकाल में लागू किया । उस रिपोर्ट के लागू होने से पिछड़े समाज में क्रान्ति आयी । उन्होंने कहा कि आज गरीबों को मिलने वाला सामाजिक न्याय खतरे में है। उन्होंने कहा कि पिछड़ा एवं दलित के हक एवं अधिकारों की रक्षा करना ही वीपी मंडल जी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से , पुर्व जिलाध्यक्ष रामधारी यादव, पुर्व जिलाध्यक्ष डॉ नन्हकू यादव, रविन्द्र प्रताप यादव, अरुण कुमार श्रीवास्तव, सुभाष यादव, सदानंद यादव, अमित ठाकुर, भरत यादव अभिषेक कुशवाहा,राम प्रकाश यादव,रामाशीष यादव आदि उपस्थित थे। -
सैदपुर में भाजपा चुनाव कार्यालय का हुआ उद्घाटन


ग़ाज़ीपुर(सैदपुर)। भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव के सफल संचालन हेतु, जमानियां विधानसभा चुनाव कार्यालय के बाद आज सैदपुर विधानसभा के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन सैदपुर बाजार स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे पूर्व विधायक सुभाष पासी के आवास परिसर में विधिवत विद्वान ब्राह्मणों के द्वारा हवन, पूजन, अराधना अर्चना के साथ किया गया। तत्पश्चात विधानसभा के स्थानीय कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी राकेश त्रिवेदी ने कहा कि गाजीपुर की विजय भारतीय जनता पार्टी के लिए बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि विगत पांच वर्षों में जिले ने प्रतिनिधि विहिन होने का दंश झेला है और इस चुनाव में दोगुने मतों के अंतर से हराकर जिले के विकास लक्ष्य को प्राप्त करना हर कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है।
लोकसभा प्रभारी आर पी कुशवाहा ने कहा कि देश में भारतीय जनता पार्टी और मोदी के नाम तथा नेतृत्व का कोई विकल्प नहीं है ।
लोकसभा संयोजक कृष्ण बिहारी राय ने कार्यकर्ताओं को तत्परता से लगने का आह्वान किया।
इस अवसर पर पार्टी प्रत्याशी पारस नाथ राय ने कहा कि संगठन और कार्यकर्ताओं के साथ साथ क्षेत्र की जनता के भरोसे और विश्वास पर खरा उतरना मेरे इस राजनीतिक जीवन का लक्ष्य है।जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह ने सबके प्रति आभार व्यक्त किया।इससे पहले पार्टी प्रत्याशी पारस नाथ राय ने जखनियां विधानसभा में सिद्ध पीठ हथियाराम मठ पहुंच कर बुढ़िया माई का दर्शन-पूजन किया। महंत भवानी नन्दन यति जी महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर राज्य सभा सांसद डा संगीता बलवंत,पूर्व जिला अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह,अभिनव सिन्हा, नगर पंचायत अध्यक्ष सुशीला सोनकर, विधानसभा प्रभारी शालिनी यादव ,पूर्व विधायक भोनू राम सोनकर, शोभनाथ यादव, नरेंद्र पाठक , रामनरेश कुशवाहा, दयाशंकर पांडेय,अखिलेश सिंह, सच्चिदानंद सिंह,पूनम मौर्य, अभिनव सिंह, दीपक सिंह सहित आदि अन्य लोग उपस्थित थे। -
हथियाराम मठ पहुंचे लोक सभा प्रत्याशी पारसनाथ राय, लिया आशीर्वाद

हथियाराम मठ पहुंचे लोक सभा प्रत्याशी पारसनाथ राय, लिया आशीर्वाद

गाजीपुर। गाजीपुर लोक सभा से भाजपा प्रत्याशी पारस नाथ राय शुक्रवार को विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण करते हुए जखनियां विधानसभा स्थित सिद्ध पीठ हथियाराम मठ पहुंचे। जहां उन्होंने बुढ़िया माई का दर्शन पूजन किया तथा महंथ भवानी नन्दन यति महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस दौरान राज्य सभा सांसद डा संगीता बलवंत, पूर्व जिला अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह, अभिनव सिन्हा, नगर पंचायत अध्यक्ष सुशीला सोनकर, विधानसभा प्रभारी शालिनी यादव, पूर्व विधायक भोनू राम सोनकर, शोभनाथ यादव, नरेंद्र पाठक, रामनरेश कुशवाहा, दयाशंकर पांडेय, अखिलेश सिंह, सच्चिदानंद सिंह, पूनम मौर्य, अभिनव सिंह, दीपक सिंह सहित आदि अन्य लोग उपस्थित थे।
-
पाठशाला और चौपाल लगाकर मतदाताओं को करें जागरूक:डीएम

चुनाव पाठशाला और सास बहु चौपाल लगाकर मतदाताओं को करें जागरूक:डीएम
गाजीपुर। लोक सभा सामान्य निर्वाचन-2024 अन्तर्गत चलाये जा रहे स्वीप कार्यक्रम के अन्तर्गत मतदाता जागरूकता अभियान को सफल बनाये जाने हेतु जिला पंचायत सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता में शुक्रवार को बैठक सम्पन्न हुइ। बैठक के दौरान उन्होने स्वीप कार्यक्रम के अर्न्तगत नोडल अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन बूथो पर मतदान प्रतिशत कम रही है वहां विशेष ध्यान देते हुए मतदान केन्द्रो पर चुनाव पाठशाला/सास बहु चौपाल के माध्यम से मतदाताओ को मतदान के प्रति प्रेरित किया जाये। प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयो मे अध्यापक छात्र-छात्राओ के अभिभावको के साथ बैठक कर उन्हे मतदान के प्रति जागरूक करते हुए 1 जून 2024 को होने वाले लोक सभा सामान्य निर्वाचन मे शत-प्रतिशत मतदान करने हेतु प्रेरित करे तथा प्रत्येक शुक्रवार को स्वयं सहायता समूह के महिलाओ के द्वारा डोर टू डोर अभियान चलाते हुए लोगो मे जागरूकता लाये। प्रत्येक बुधवार को बूथो पर चुनावी पाठशाला लगायी जाये तथा मतदाता सूची यदि किसी का नाम छूटा हुआ है तो फार्म-6 भरकर मतदाता सूची मे नाम सम्मलित कराये। उन्होने मुख्य चिकित्साधिकारी/सी एम एस को जिला चिकित्सालय, सी एच सी, पी एच सी के ओपीडी पर्ची तथा जिला अग्रणी प्रबन्धक को जमा/निकासी पर्ची पर 1 जून मतदान दिवस की मूहर प्रदर्शित कराने का निर्देश दिया जिससे अधिक से अधिक लोगो मंे मतदान के प्रति जागरूकता लायी जा सके। उन्होने कहा कि समस्त ऐसे संस्थान/कार्यालय, पेट्रोल पंम्प, बैक, गैस एजेन्सी, आदि जहां पब्लिक का आवागमन हो वहां 1 जून मतदान दिवस का बैनर लगाया जाये। समस्त मतदान केन्द्रो पर बुलावा टोली का गठन किया जाये। बैठक मे मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, उपजिला निर्वाचन अधिकारी दिनेश कुमार, जिला विकास अधिकारी सुभाष चन्द्र सरोज, जिला विद्यालय निरीक्षक कौष्तुभ सिंह, डी सी एन आर एल एम, जिला कार्यक्रम अधिकारी समस्त खण्ड विकास अधिकारी, समस्त खण्ड शिक्षाधिकारी, समस्त अधीशासी अधिकारी नगर पालिका/पंचायत एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
-
मोबाईल ओटीपी के माध्यम से वितरण होगा राशन

मोबाईल ओटीपी के माध्यम से वितरण होगा राशन
गाजीपुर। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2013 योजना के अन्तर्गत माह अप्रैल में नयी व्यवस्था के माध्यम से ई-वेइंग लिंक्ड ई-पॉस मशीन से वितरण हेतु आवंटित गेहॅू तथा चावल का अन्त्योदय राशन कार्डो पर 14 किलोग्राम गेहूॅ तथा 21 किग्रा चावल (35 किग्रा खाद्यान्न) प्रति कार्ड एवं पात्र गृहस्थी राशन कार्डो से सम्बद्ध यूनिटों पर 2 किग्रा गेहूॅ व 3 किग्रा चावल (5 किग्रा खाद्यान्न) प्रति यूनिट के आधार पर निःशुल्क वितरण किया जाना है। ई-पास मशीन से निकलने वाली वितरण पर्चियों पर गेहूॅ एवं चावल का मूल्य शून्य प्रदर्शित होगा। अन्त्योदय तथा पात्र गृहस्थी लाभार्थियों को 1 जनवरी 2024 से आगामी 5 वर्ष तक निःशुल्क खाद्यान्न वितरित कराए जाने में आने वाले सम्पूर्ण व्ययभार का वहन भारत सरकार द्वारा किया जाएगा। जिलाधिकारी आर्यखा अखौरी द्वारा प्रत्येक उचित दर दुकान पर खाद्यान्न के भौतिक सत्यापन हेतु नोडल अधिकारी नामित किया गया है, जिनका दायित्य है कि वितरण के पूर्व खाद्यान्न का भौतिक सत्यापन कर ले तथा आख्या सम्बन्धित उपजिलाधिकारी के कार्यालय में प्रेषित करे। राशन कार्ड धारकों को पोर्टिबिलिटी के अन्तर्गत खाद्यान्न प्राप्त करने की सुविधा उपलब्ध रहेगी। अर्थात यदि किसी कार्डधारक को अपनी राशन की दुकान से खाद्यान्न प्राप्त करने मे असुविधा हो तो वह पोर्टिबिलीटी के माध्यम से किसी अन्य उचित दर दुकान से प्राप्त कर सकता है। उक्त योजनान्तर्गत वितरण की अन्तिम तिथि 29 अप्रैल 2024 ही नियत होगी, जिस दिन आधार प्रमाणीकरण के माध्यम से खाद्यान्न न प्राप्त कर सकने वाले उपभोक्ताओं हेतु 29 जनवरी 2024 को मोबाईल ओ0टी0पी बेरीफिकेशन के माध्यम से वितरण सम्पन्न किया जायेगा। इस सम्बन्ध में जनपद के समस्त उचित दर विक्रेताओं को कार्डधारकों में प्रातः 6 बजे से रात्रि 9 बजे तक खाद्यान्न वितरण का निर्देश दिया गया है।
-
कार्यकर्ताओं से मिल रहे स्नेह और सम्मान से मै अविभूत हूं: पारसनाथ राय

विकास चाहने वाले लोग भाजपा प्रत्याशी के साथ है:अभिनव सिन्हा
कार्यकर्ताओं से मिल रहे स्नेह और सम्मान से मै अविभूत हूं: पारसनाथ राय

गाजीपुर। भाजपा के युवा नेता अभिनव सिन्हा ने शुक्रवार को पार्टी कार्यालय छावनी लाइन पर पत्रकार वार्ता आयोजित किया। जिस उन्होंने कहा कि लोकसभा 2024 का चुनाव धर्म और अधर्म के बीच है। उन्होंने गीता के श्लोक यदा यदा हि धर्मस्य…..का उल्लेख करते हुए कहा कि जब-जब धरती पर अधर्म होता है उसे नाश करने के लिए भगवान जन्म लेते हैं। कहा कि एक तरफ भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी भावी पीढ़ी को शिक्षित करके सवारने का काम करते हैं दूसरी तरफ विपक्ष के एक ऐसे प्रत्याशी है कि उनके पर टिप्पणी करना हमे शोभा नही देता है। उनके बारे में दुनिया जानती हैं। उन्होने बताया कि भाजपा के प्रत्याशी पारसनाथ राय पिछले पांच दशक से संघ व पार्टी से जुड़े हुए हैं और हर विधानसभा और लोकसभा चुनाव में सक्रिय भूमिका के साथ जिम्मेदारी का निर्वहन करते है। कहा कि भाजपा कैडरबेस पार्टी है और शीर्ष नेतृत्व गहन मंथन करके कोई निर्णय कर प्रत्याशी बनाया है। उन्होंने कहा की शीर्ष नेतृत्व के निर्णय के साथ आज जिले का हर कार्यकर्ता और विकास को चाहने वाले लोग भारतीय जनता पार्टी और प्रत्याशी के साथ है। टिकट के सवाल पर उन्होने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है। शीर्ष नेतृत्व का निर्णय सर्वमान्य है। निश्चय ही 2024 में कमल का फूल खिलेगा और जो विकास कार्य रुके हैं वह पूरा होंगे।
प्रेसवार्ता को सम्बोधित करते हुए भाजपा प्रत्याशी पारसनाथ राय ने पार्टी के प्रति आभार व्यक्त किया। कहा कि उनके जैसे साधारण कार्यकर्ता को प्रत्याशी बनाया है। उन्होने कहा कि सभी कार्यकर्ता प्रसन्न हैं और उन कार्यकर्ताओं से मिल रहे स्नेह और सम्मान से मै अविभूत हूं। एक सवाल के जबाब पर उन्होने कहा कि मैं एक शिक्षक हूं, चाणक्य का शिष्य हूं और नंदवंश का नाश कैसे हो यह मैं जानता हूं। लोकसभा में जातिगत समीकरण के सवाल पर उन्होने कहा कि पूरे देश में जातिगत समीकरण टूटे हैं अगर जाति का फार्मूला लागू होता तो मोदी प्रधानमंत्री नही होते। पिछले चुनाव में सपा-बसपा गठबंधन के बावजूद मनोज सिन्हा 2014 के मुकाबले एक लाख 48 हजार मत ज्यादा पाये थे इससे यह प्रतीत होता है कि जिले में जाति गठबंधन टूटे हैं। 2019 के चुनाव में सपा-बसपा गठबंधन के बावजूद भी भाजपा ने पूरे प्रदेश में परचम लहराया है। भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील सिंह ने कहा कि भाजपा प्रत्याशी पारसनाथ राय बहुत पुराने संघ और पार्टी के कार्यकर्ता रहे हैं। शीर्ष नेतृत्व के निर्णय के साथ आज जिले का हर भाजपा कार्यकर्ता पार्टी के साथ है। निश्चय ही लक्ष्य की प्राप्ति होगी। इस अवसर पर भाजपा की सदस्यता ग्रहण किये पूर्व विधायक राजकुमार गौतम ने पार्टी के प्रति आभार प्रकट किया। इस अवसर पर लोकसभा संयोजक कृष्ण बिहारी राय, जिला मीडिया प्रभारी शशिकान्त शर्मा, विनोद अग्रवाल उपस्थित थे।
-
नवरात्र को देखते हुए खाद्य विभाग ने लिए खाद्य पदार्थों के नमूने

नवरात्रि पर्व को देखते हुए खाद्य विभाग ने लिए खाद्य पदार्थों के नमूने

गाजीपुर। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन लखनऊ एवं जिलाधिकारी आर्यका अखौरी के आदेश पर दिनेश कुमार अपर जिलाधिकारी, आर०सी० पाण्डेय सहायक आयुक्त खाद्य के निर्देश में जनपद में शुक्रवार को आगामी चैत्र नवरात्र पर्व पर मिलावटी एवं पेय पदार्थों के विक्रय पर प्रभावी रोकथाम हेतु विशेषकर नवरात्र के अवसर पर तैयार होने वाले भोग/प्रसाद, सिंघाड़े का आटा, कुट्टू का आटा व फलाहार की गुणवत्ता सुनिश्चित कराये जाने हेतु अभिसूचना आधारित प्रभावी प्रवर्तन/विशेष अभियान चलाकर कुल 5 नमूना संग्रहित किया गया। संग्रहित नमूनें खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला, उ०प्र० प्रेषित किये जा रहें है। जॉच रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अन्तर्गत विधिक कार्यवाही की जायेगी। नमूना संग्रह की कार्यवाही खाद्य सुरक्षा अधिकारिय अवधेश कुमार, राजीव कुमार सिंह एवं समला प्रसाद यादव तथा शिवकुमार पटेल बहुउद्देशीय कार्मिक की टीम द्वारा की गयी। -
गाजीपुर लोक सभा प्रत्याशी पारसनाथ राय ने किया मन्दिरों में दर्शन-पूजन



गाजीपुर। लोकसभा गाजीपुर के भाजपा प्रत्याशी पारसनाथ राय गुरुवार को जंगीपुर विधानसभा के मरदह स्थित महाहर धाम, जमानियां विधानसभा के गहमर करहिया स्थित माता कामख्या धाम तथा सदर विधानसभा के हरिहरपुर स्थित काली माता धाम पहुंच कर नवरात्रि में मंदिरों मे विधिवत पूजा अर्चना किया। इस अवसर पर पारसनाथ राय ने वहां उपस्थित लोगों से भेंट किया। इस दौरान माता कामख्या धाम करहिया पर पारसनाथ राय के साथ जिलाध्यक्ष सुनील सिंह, भानु प्रताप सिंह, लोकसभा संयोजक कृष्ण बिहारी राय, अभिनव सिन्हा, ओमप्रकाश राय, सपना सिंह, दिलदारनगर चेयरमैन अविनाश जायसवाल उर्फ नेपाली, जयप्रकाश गुप्ता, विष्णु प्रताप सिंह, अविनाश सिंह,डा केदारनाथ सिंह, माया सिंह,अमित पांडेय, नितिश दूबे, निखिल राय, अविनाश सिंह, मयंक जायसवाल मौजूद रहे।


-
जीवन रक्षक फाउंडेशन बिहार में हुआ सम्मानित

जीवन रक्षक फाउंडेशन बिहार में हुआ सम्मानित

गाजीपुर। सम्राट अशोक रक्तसेवा समिति झंझारपुर, मधुबनी, बिहार के द्वारा राष्ट्रीय सम्मान समारोह 2024 का कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें जीवन रक्षक फाउंडेशन गाजीपुर को रक्तदान के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य हेतु अखण्ड भारत सेवा सम्मान से सम्मानित किया गया। साथ ही देश के कई राज्यों में रक्तदान के क्षेत्र में सेवा करने वाली संस्थाओं और रक्तवीरों को सम्मानित किया गया।
जीवन रक्षक फाउंडेशन गाजीपुर के संस्थापक शीर्ष दीप शर्मा ने कहा कि रक्तदान के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए सम्राट अशोक रक्तसेवा समिति, झंझारपुर के द्वारा जीवन रक्षक फाउंडेशन गाजीपुर को सम्मानित किया गया है। जिसमें सम्मान ग्रहण करने के लिए संस्था के सक्रिय सदस्य एवं 12 बार रक्तदान करने वाले आशुतोश कुमार राय को संस्था के प्रतिनिधि के रूप में झंझारपुर भेजा गया था। जहां पर आशुतोश राय जी को अखण्ड भारत सेवा सम्मान का प्रतीक चिह्न व प्रशस्ति पत्र दे के सम्मानित किया गया। साथ ही आशुतोश राय ने कार्यक्रम में आयोजित रक्तदान शिविर में अपना 12वां रक्तदान किया। सम्मान ग्रहण करते हुए आशुतोश कुमार राय ने कहा कि यह सम्मान उन सभी रक्तवीर और रक्तवीरांगनाओ को समर्पित है, जो रक्तदान कर जीवन बचाने की मुहिम में लगे रहते हैं और सम्मान मिलने के बाद हमारी जिम्मेदारी उस कार्य के प्रति बढ़ जाती जिसके लिए सम्मानित किया गया हैं। संस्थापक शीर्ष दीप शर्मा ने बताया की जीवन रक्षक फाउंडेशन गाजीपुर के द्वारा अभी तक 1500 से अधिक रक्तदान कर ज़रूरतमंदों की मदद की जा चुकी हैं और और संस्था का उद्देश्य सिर्फ रक्त की जरूरत को पूरा करना नहीं बल्कि रक्तदान करने हेतु आम जन को जागरूक करना हैं।
इससे पहले भी जीवन रक्षक फाउंडेशन गाजीपुर को हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखण्ड, अयोध्या, में राष्ट्रीय सम्मान से सम्मानित किया जा चुका है। साथ ही हरियाणा के मुख्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर और जम्मू कश्मीर के उप राज्यपाल महामहिम मनोज सिन्हा के द्वारा सम्मानित किया जा चुका है। संस्थापक शीर्ष दीप शर्मा व आशुतोश कुमार राय ने इस सम्मान के लिए सम्राट अशोक रक्तसेवा समिति के संस्थापक आचार्य ललित शास्त्री के प्रति आभार व्यक्त किया।





