Home

  • शाह फैज स्कूल के छात्र छात्राओं का वार्षिक परीक्षाफल घोषित

    शाह फैज स्कूल के छात्र छात्राओं का वार्षिक परीक्षाफल घोषित

    गाजीपुर। सोमवार को शाह फैज विद्यालय प्रांगण में वार्षिक परीक्षाफल घोषित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विशेष प्रार्थना व दीप प्रज्ज्वलन से हुई। विद्यालय के निदेशक डॉ नदीम अधमी ने विशेष प्रार्थना की साथ ही सभी को वार्षिक परीक्षा फल की बधाई दी व भविष्य में और भी मेहनत करने की सलाह दी।  उसके पश्चात् कक्षा PG  से कक्षा 9 व 11 का परीक्षा परिणाम घोषित किया गया।

    प्रधानाचार्य इकरामुल हक़ ने वार्षिक रिपोर्ट में बताया कि इस वर्ष कुल 2285 छात्र -छात्राएं वार्षिक परीक्षा में सम्मिलित। 199 कक्षा 12 व 231 कक्षा 10 की सी बी एस सी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जिनका परिणाम प्रतीक्षारत है। वार्षिक परीक्षा का परिणाम 99.5 % रहा। कक्षा PG से शुजा आरफीन एवं अफ्फान ख़ान ,कक्षा एलकेजी से मोहम्मद आरिफ़, शान्वी सिंह, ज़ैनब ख़ान व ऋषभ गौतम ,यूकेजी से सौम्य पांडेय , पंखुड़ी केडिया ,अरशान अहमद, अवनीश पाल एवं आकिफा फातिमा ब्राइट स्टार घोषित किये गए। 

    कक्षा 1 से 5 में  निशांत राय  ने 99  9 % , कक्षा 6 से 8 में स्वरित कुमार राय एवं आफ़िया शफ़क़त 97.71 व  कक्षा 9 से 11 में पहल कुशवाहा ने 97.80 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया।  प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी विद्यालय में कनिष्ठ व वरिष्ठ वर्ग में सर्वश्रेष्ठ बालक व बालिका की उपाधि दी गयी। कनिष्ठ वर्ग से कक्षा 5 के निशांत राय व ज़ैनब अमानी व वरिष्ठ वर्ग से कक्षा 8 के स्वरित कुमार  राय  व कक्षा 9 से जुनैरा मसूद को  क्रमशः सर्वश्रेष्ठ बालक व सर्वश्रेष्ठ बालिका की उपाधि दी गयी।

    विद्यालय की निदेशिका डॉ मीना अधमी ने भी सभी छात्र-छात्राओं को वार्षिक परीक्षा फल की बधाई दी व अपने माता-पिता व गुरुजनों को धन्यवाद देने को कहा क्योंकि यही वो लोग हैं जिनकी सहायता के बिना कुछ भी संभव नहीं हो सकता। उन्होंने यह भी कहा कि हमें सीखना कभी नहीं बंद करना चाहिए। विद्यालय की मैनेजर मैडम अतिआ अधमी ने भी सभी को वार्षिक परीक्षाफल की शुभकामनायें दीं। 

    इस कार्यक्रम में सभी छात्र छात्राएं, निदेशक डॉ नदीम अधमी , निदेशिका डॉ मीना अधमी, वित्तीय एवं शैक्षणिक सलाहकार शमा अधमी, प्रधानाचार्य इकरामुल हक़, उप प्रधानाचार्य (शैक्षणिक) नेहा कुरैशी, परीक्षा नियंत्रक हनीफ अहमद, मुख्यअध्यापिका चंदना श्रीवास्तव, प्री-प्राइमरी इंचार्ज प्रियंका सिंह, माधुरी पांडेय , सुनंदा एवं अन्य शैक्षणिक व गैर शैक्षणिक कर्मचारी उपस्थित थे।

    कार्यक्रम की साज सज्जा नुज़हत नसीम , आमना ओबैद , सिमरन जायसवाल, अंकिता दुबे एवं उमेश ने की। कार्यक्रम में गीत की प्रस्तुति शान कुशवाहा व शगुन कुशवाहा तथा अन्य ने की जिसका संगीत श्याम कुमार शर्मा व गिरधर शर्मा ने दिया।। कार्यक्रम का सञ्चालन उप प्रधानाचार्य (शैक्षणिक) नेहा कुरैशी, मुख्याध्यापिका चंदना श्रीवास्तव एवं प्रियंका सिंह ने किया।  कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान से हुआ।

                    

  • 12 से 23 फरवरी तक होगा क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन

    12 से 23 फरवरी तक होगा क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन

    12 से 23 फरवरी तक होगा क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन

    गाजीपुर। गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के तत्वाधान में 4 फरवरी को अरोरा फाउंडेशन महुआबाग में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया । गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के प्रेसिडेंट अभिषेक सिंह ने बताया कि यह प्रतियोगिता 12 फरवरी से 23 फरवरी तक गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के तत्वधान में प्रथम स्वर्गीय श्री नारायण सिंह (पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष) एवं स्वर्गीय श्री अजीत कुमार सिंह स्मारक ऑल इंडिया कैश मनी क्रिकेट (G 20-20) प्रतियोगिता का आयोजन होना है। इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न स्थानों की कुल 8 टीम प्रतिभागी होंगी। जिसमें रणजी ट्रॉफी, आईपीएल, बोर्ड ट्राफी के खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे।यह आयोजन जनपद में पहली बार वृहद स्तर पर किया जा रहा है।

  • राष्ट्रपति से मिले डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चे

    राष्ट्रपति से मिले डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चे

    राष्ट्रपति से मिले डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चे


    गाजीपुर। राष्ट्रपति भवन में आयोजित बाल दिवस पर नगर के डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चों ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की और अपने मन की जिज्ञासा को दूर किया। राष्ट्रपति से संवाद कर बच्चे काफी प्रफुल्लित हैं। राष्ट्रपति ने भी उन्हें पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भी हिस्सा लेने की सीख दी। इस दौरान राष्ट्रपति भवन व संसद भवन का भी भ्रमण किया। यह जिले के लिए गौरव की बात है। राष्ट्रपति भवन के सेंट्रल हाल में आयोजित बाल दिवस पर कार्यक्रम के लिए जिले के सनबीम स्कूल के बच्चों का चयन किया गया था।
    स्कूल की डायरेक्टर एकता अखंड राय, शिक्षक कमलेश सिंह के साथ छात्र अभ्युदय प्रताप, निवेदिता प्रधान, आदर्श राय व सौम्या राय कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। बच्चों ने बताया कि राष्ट्रपति प्रोटोकाल तोड़कर उनके बीच आ गयीं और संवाद किया। अभ्युदय प्रताप व निवेदिता ने राष्ट्रपति से पूछा कि आपको महामहिम के पद पर आने के बाद कैसा लगा? तो उन्होंने जवाब दिया बिल्कुल, बहुत अच्छा लगा। फिर बच्चों ने सफल होने के बाद कैसा महसूस करतीं हैं। जवाब दिया सफलता का कोई अंत नहीं है। राष्ट्रपति ने सीख दी कि आप बच्चे आगे बढ़ते जाइए। आपका बचपन कैसा के सवाल पर उन्होंने कहा कि मैं भी आपकी तरह बगीचों और मिट्टी में खेला करती थीं। आज की तरह अच्छे स्कूल नहीं थे। उन्होंने बच्चों को मेहनत की सीख दी। साथ ही शिक्षकों से बच्चों को रोचक तरीके से शिक्षण कार्य कराने के साथ ही शारीरिक व मानसिक विकास के लिए खेलकूद को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

  • डीएम ने की बैठक,दिया निर्देश

    डीएम ने की बैठक,दिया निर्देश

    गाजीपुर। जिला उद्योग बन्धु एवं स्वरोजगार बन्धु की बैठक गुरुवार को जिला पंचायत सभागार में जिलाधिकारी एम पी सिंह  की अध्यक्षता मे सम्पन्न हुआ।इस बैठक में जिलाधिकारी ने मण्डी समिति दुल्लहपुर की जमीन अन्य़त्र स्थानान्तिरित किए जाने हेतु निस्तारण का निर्देश , व्यापारियो के समस्याओ के समाधान, उद्यमी वशिष्ट सिंह यादव के विद्युत बिल भुगतान प्रकरण के समाधान, औद्योगिक आस्थान नन्दगंज में सड़क , नाली , बाउण्डरीवाल निर्माण, निवेश मित्र पोर्टल, प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री रोजगार/युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद,पी एम सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार, आजीविका मिशन,पी एम स्वनिधि योजना एवं अन्य बिन्दूओ पर समीक्षा कर उद्यमियो के समस्याओ पर चर्चा की गयी तथा सम्बन्धित अधिकारियों को शिकायतो के निस्तारण का निर्देश दिया ।उद्यमी एस के दूबे ने सुखदेवपुर चौराहे से गाजीपुर घाट तक के 800 मीटर मार्ग जो बिल्कुल क्षतिग्रस्त है को सही कराने का अनुरोध एंव व्यापार मण्डल के विजय शंकर वर्मा ने रौजा से एम ए एच इण्टर कालेज तक जर्जर के बारे मे अवगत कराया । जिस पर जिलाधिकारी ने समन्धित अधिकारी को स्थलीय निरीक्षण करते हुए कार्यवाही का निर्देश दिया।
    जिलाधिकारी उधोगों के विकास में बैंको से अधिकाधिक सहयोग प्राप्त किये जाने के सम्बन्ध मे जिला अग्रणी प्रबंधक से अपेक्षा की। उद्यामियों के शिकायतो को सम्बन्धित अधिकारियों को समय से निस्तारण का निर्देश दिया। इस अवसर पर उघमी बशिष्ठ सिंह यादव, ए0के0दुबे अध्यक्ष ईट भठ्ठा एसोसिएशन एवं अन्य उद्यमी एंव व्यापार मण्डल के पदाधिकारी उपस्थित थे।

  • सुपर्णखा नाक कटईया, खरदूषण वध और सीताहरण लीला मंचन

    सुपर्णखा नाक कटईया, खरदूषण वध और सीताहरण लीला मंचन

    सुपर्णखा नाक कटईया, खरदूषण वध, सीताहरण

    गाजीपुर। अति प्राचीन रामलीला कमेटी हरिशंकरी के तत्वाधान में वन्दे वाणी विनायकौ आदर्श श्रीराम लीला मण्डली के द्वारा स्थानीय लंका के मैदान में लीला के 11वें दिनांक 20 अक्टूबर शाम 7ः00 बजेे सुपर्णखा नाक कटईया, खर दूषण वध एवं सीताहरण लीला का मंचन किया गया। लीला की शुरूआत कमेटी केे मंत्री ओमप्रकाश तिवारी, प्रबन्धक विरेश राम वर्मा, उपप्रबन्धक मयंक तिवारी, कोषाध्यक्ष रोहित अग्रवाल, श्रीराम की आरती करने के बाद लीला का शुभारम्भ किया गया। लीला के दौरान प्रभु श्रीराम चन्द्र अपनी भार्या सीता व भाई लक्ष्मण के साथ चित्रकूट से चलकर पंचवटी में पहुचते है, वहां पर्णकुटी बनाकर निवास करने लगते है अचानक लंका पति रावण की बहन शूपर्णखा भ्रमण करते हुए पंचवटी पहुँचती है और दोनों भाई रामलक्ष्मण को देखकर मोहित हो जाती है वह श्रीराम से अपने विवाह से सम्बन्ध में बात करती हैै, श्रीराम ने कहा कि मेरा विवाह तोे हो गया है तुम चाहो तोे मेरे छोटे भाई लक्ष्मण के पास जा करके इस प्रस्ताव को रखो, शूपर्णखा श्रीराम के बात को सुन करकेे लक्ष्मण के पास जाकर विवाह से सम्बन्धित बात को प्रकट करती है, लक्ष्मण ने भी टाल मटोल करके उसको अपने पास से भगा देते है। इस पर वह क्रोधित होकर सीता जी केे ऊपर झपटी सीता जी उसके राक्षसी रूप को देखकर डर जाती है, वहीं लक्ष्मण जी श्रीराम के आज्ञा केे इशारा पाकर उसका नाम काट देते है। शूर्पणखा अपने नाक के कट जाने पर रोती बिलखती अपने भाई खरदूषण के पास जाती है। वहाँ जा करकेे सारी बातों कोे बता देती है, खरदूषण अपनी बहन की दशा को देखकर श्रीराम लक्ष्मण से युद्ध करने के लिए युद्ध भूमि पर चल देते है। श्रीराम लक्ष्मण खरदूषण को पल भर में ही मार गिराते है, खरदूषण के मारे जाने पर शूपर्णखा रोती बिलखती बड़े भाई लंका नरेश महाराज रावण के पास जाती है और वहाँ पर सारी बातोें से अवगत करा देती है, रावण ने बहन शूपर्णखा की बात सुन कर कहा कि खरदूषण के पास तुम नही गयी, अपने भाई रावण के बात को सुन करकेे शूपर्णखा कहती है मैं पहले खरदूषण के पास ही गयी थी, वे दोनों भाई युद्ध के लिए गये और युद्ध भूमि श्रीराम लक्ष्मण ने मार गिराया।

    इतना बात सुनते ही रावण क्रोधित होे उठा और पुष्पक विमान से आकाश मार्ग से होते हुए मामा मारीच के पास जाते है और जा करके मामा मारीच से सोेने का हिरन बनकर युद्ध भूमि में चलने को कहतेे है, मामा मारीच रावण के भय से पुष्पक विमान पर सवार होे करके पंचवटी चल देता है, थोडी ही देर में रावण का विमान पंचवटी के पास उतरताहै और मामा मारीच विमान से उतरता है सोने का हिरन बनके जंगलो में भ्रमण करने लगता है, इतने मे सीता जी की दृष्टि सोने के हिरन पर पड़ी और श्रीराम सेे कहती हैं कि हे प्रभु सोने का हिरन जंगल में विचरण कर रहा है, कृपया इसका शिकार कर लाये। इतना सुनतेे ही श्रीराम तरकस बाण उठाये और हिरन के पीछे शिकार करने चल देते है, थोड़ी देर में श्रीराम ने अपने बाण से हिरन पर प्रहार कर दिया, हिरन हा लक्ष्मण करते हुए अपने शरीर को त्याग देता है। सीता जी लक्ष्मण की बात सुन करकेे लक्ष्मण से कहती है कि भइया लक्ष्मण आपके भाई संकट मे पड़े है, आप वहाँ जाये अपने भाई की रक्षा करें। काफी अनुनय विनय के बाद लक्ष्मण जी कूटी के चारों ओर लक्ष्मण रेखा खींच करके सीता जी से कहते है कि भाभी इस रेखा को पार मत कीजियेगा। ये कहते हुए धनुष बाण उठाये और श्रीराम केे रक्षा के लिए जंगल केे लिए चल देते है। थोड़ी देर बाद रावण सुनसान स्थान देखकर कुटिया के पास साधु का वेश बनाकर जाता है, और भीक्षा का गुहार लगाता है, सीता जी आवाज सुनकर कन्द मूल फल थाली में सजाकर ज्यो ही बाहर आती है साधु वेष धारी रावण कहता है कि हे देवी आप रेखा के बाहर आ कर भिक्षा दे तभी मैं भिक्षा लूंगा, सीता ने कहा मैं रेखा के बाहर नही आ सकती, इस पर क्रोधित होकर साधु रूपी रावण श्राप देने को कहता है। सीता जी साधु की बात को सुनकर डर जाती हैै और रेखा के बाहर ज्यो ही कदम रखती है त्यों ही रावण अपने असली रूप में आकर सीता का हरण कर ले जाता है। इस अवसर पर कमेटी के मंत्री ओमप्रकाश तिवारी, उपमंत्री लवकुमार त्रिवेदी, प्रबन्धक विरेश राम वर्मा, उप प्रबन्धक मयंक तिवारी, कोषाध्यक्ष रोहित कुमार अग्रवाल, मनोज कुमार तिवारी, रामसिंह यादव, विशम्भर नाथ गुप्ता आदि रहे।

  • शाह फैज स्कूल में मना विजयादशमी का त्यौहार, हुआ रावण का दहन

    शाह फैज स्कूल में मना विजयादशमी का त्यौहार, हुआ रावण का दहन

    गाजीपुर। ‘धर्म की विजय हो अधर्म का नाश हो’ इस विचार को सार्थक बनाते हुए शाह फैज़ विद्यालय में विजयादशमी का आयोजन शनिवार को किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कक्षा 12 की छात्रा शुभ्रा पांडेय द्वारा गाये गए भजन ‘राम आएंगे ‘ व देवी दुर्गा स्तुति ‘अयीगिरि नंदिनी’ से किया गया। इस दौरान कक्षा 12 के ही छात्र अश्विनी यादव ने नवरात्रि का महत्व बताया और यह भी बताया की देवी दुर्गा की आराधना क्यों की जाती है। कक्षा 1 के छात्र छात्राओं ने श्री राम परिवार की मनोरम झांकी प्रस्तुत की तथा बुराई के प्रतीक रावण को भी प्रस्तुत किया साथ ही उनके द्वारा अत्यंत मनोरम गरबा नृत्य भी प्रस्तुत किया गया।

    इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक डॉ. नदीम अधमी ने एक विशेष प्रार्थना की व उनके द्वारा बुराई के प्रतीक रावण के पुतले का दहन भी किया गया। इस दृश्य को देखकर बच्चों में काफी उत्साह का माहौल बना रहा। निदेशक का कहना है कि प्रत्येक मनुष्य को क्रोध, लोभ, मोह, ईर्ष्या एवं अंहकार जैसी भावनाओं का अंत कर इसके स्थान पर प्रेम, सद्भावना, त्याग एवं विनम्रता जैसे गुणों का विकास करने की ज़रूरत है एवं आपसी मतभेद को समाप्त करने की आवश्यकता है, ताकि देश और समाज का कल्याण हो सके। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय की उपप्रधानाचार्य प्रीति उपाध्याय, कोऑर्डिनेटर नेहा कुरैशी, उमेश सिंह, सिमरन जायसवाल, श्याम कुमार शर्मा, मक़सूद, मुन्ना एवं विसर्जन का विशेष योगदान रहा। इस कार्यक्रम में प्रधानाचार्य इकरामुल हक़, प्री प्राइमरी इंचार्ज सुनंदा, अध्यापक अंकुर श्रीवास्तव, पुष्पा राय, आशुतोष पांडेय, रश्मि श्रीवास्तव एवं अन्य शैक्षणिक व गैर शैक्षणिक स्टाफ उपस्थित थे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र गान के साथ किया गया।

  • खाद्य विभाग ने लिया दुकानों से खाद्य सामग्रियों के नमूने

    खाद्य विभाग ने लिया दुकानों से खाद्य सामग्रियों के नमूने

    गाजीपुर। शुक्रवार को जिलाधिकारी आर्यका अखौरी के आदेश पर सहायक आयुक्त (खाद्य) आरसी पाण्डेय के निर्देशन में नवरात्रि/दशहरा पर्व के मद्देनजर अभियान चलाकर कुल 8 नमूना लिया गया। सैदपुर स्थित शिवम टेडर्स प्रतिष्ठान से सिंघाडा का आटा का 1 नमूना एवं गाय का घी का 1 नमूना। बिहारीगंज डगरा स्थित लाखा मार्ट प्रतिष्ठान से कमल गट्टा का 1 नमूना एवं सिंघाडा का आटा का 1 नमूना। महुलिया स्थित राधे ट्रेडर्स प्रतिष्ठान से सिंघाडा का आटा का 1 नमूना एवं मखाना का लावा का 1 नमूना। सिरगिथा बाजार स्थित जन्नत अली के प्रतिष्ठान से मूॅगफली का दाना का 1 नमूना एवं किशमिश का 1 नमूना खाद्य विभाग के द्वारा लिया गाय। संग्रहित नमूनें खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला उ0प्र को प्रेषित किये जा रहें है। जॉच रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के अन्तर्गत विधिक कार्यवाही की जायेगी। खाद्य पदार्थों का नमूना लेने तक दुकानदारों में खलबली मची रही। नमूना संग्रह की कार्यवाही में आर0पी0 सिंह, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अवधेश कुमार, गुलाब चन्द गुप्त, राजीव कुमार सिंह एवं विरेन्द्र यादव की टीम द्वारा की गयी।

  • कोई ऐसा कार्य न करें जिससे चुनाव आयोग के गाईड का उल्लंघन हो:डीएम

    कोई ऐसा कार्य न करें जिससे चुनाव आयोग के गाईड का उल्लंघन हो:डीएम

    गाजीपुर। जिला निर्वाचन अधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता मे शुक्रवार को स्वामी सहजानन्द पी0जी कालेज मे 27 अक्टूबर 2023 से 9 दिसम्बर 2023 तक अर्हता तिथि 1 जनवरी 2024 के आधार पर विधान सभा निर्वाचन क्षेत्रो की निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के सम्बन्ध में आयोग के निर्देशानुसार कार्यवाहियां सुनिश्चित कराने के सम्बन्ध मे दो पालियो में प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। प्रथम पाली प्रशिक्षण मे विधान सभा 377-जहूराबाद, द्वितीय पाली में विधान सभा 378-मुहम्मदाबाद एवं विधान सभा 379-जमानियां के बी0एल0ओ, सुपरवाइजर, को प्रशिक्षण दिया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी आर्यका अखौरी ने पुनरीक्षण अभियान के अन्तर्गत प्रत्येक ग्राम पंचायत में 18-19 वर्ष के नए मतदाताओं के नाम जोड़े जाने, पूर्व से अंकित प्रविष्टियों में आवश्यक संशोधन, फोटो अथवा फोटो पहचानपत्र की त्रुटियों का निराकरण, 70 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं का सत्यापन, शिफ्टेड, डुप्लीकेट एवं डेड मतदाताओं के नाम का निरस्तीकरण, दिव्यांगजनों एवं महिला मतदाताओ के नाम सूची में सम्मिलित करने का निर्देश दिया। उन्होने कहा कि पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान कोई भी कार्मिक द्वारा धर्म, जाति, सम्प्रदाय, वर्ग विशेष पर टिप्पड़ी न करते हुए कार्य करेगे। इसके अलावा किसी भी राजनैतिक पार्टी के दबाव एवं प्रलोभन मे आकर कोई ऐसा कार्य न करें जिससे चुनाव आयोग द्वारा जारी गाईड का उल्लंघन न होने पाये। उन्होने बताया कि इस कार्यक्रम के अन्तर्गत अभियान की 6 विशेष तिथियां निर्धारित है। जिसमें 4 नवम्बर, 5 नवम्बर, 25 नवम्बर 26 नवम्बर , 2 दिसम्बर एवं 3 दिसम्बर 2023 नियत हैं। इन तिथियों पर प्रत्येक बी0एल0ओ एवं अधिकारियों द्वारा पोलिंग स्टेशन पर उपस्थित होकर आवेदन पत्र प्राप्त किए जाएंगे।


    उन्होने पुनरीक्षण की गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि एकीकृत आलेख्य निर्वाचक नामावलियों का प्रकाशन 27 अक्टूबर 2023 को किया जायेगा, दावे और आपत्तियां 27 अक्टूबर 2023 से 9 दिसम्बर 2023 तक प्राप्त किया जायेगा। दावे और आपत्तियों का निस्तारण 26 दिसम्बर 2023 एवं निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन 5 जनवरी 2024 को किया जायेगा। उन्होने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 6 विशेष अभियान की तिथि निर्धारित की गयी हैं। उक्त विशेष अभियान तिथियों में समस्त बूथ लेवल अधिकारी अपने-अपने नियत मतदेय स्थल पर जनता को निःशुल्क पुनरीक्षण कराये जाने हेतु एकीकृत निर्वाचक नामावली के साथ समस्त प्रकार के फार्म सहित पूर्वान्ह 10 बजे से अपरान्ह 4 बजे तक उपस्थित रहेगें। पुनरीक्षण अवधि मे प्राप्त दावे व आपत्तियों को ससमय निर्धारित प्रारूप 6, 7, 8 एवं 8 ए पर संबंधित बूथ के बी0एल0ओ/निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को उपलव्ध करायें, ताकि आयोग द्वारा निर्धारित तिथियो के अन्तर्गत उनके निस्तारण हेतु आवश्यक कार्यवाही करायी जा सके। उन्होने कहा कि 1 जनवरी 2024 को 18 वर्ष के नये मतदाताओं का नाम चिन्हित करके उनसे फार्म-6 अवश्य भरवा लिया जाय। यह प्रयास किया जाय कि नये मतदाताओं के नाम विधान सभा निर्वाचक नामावली मे सम्मिलित होने से छूट न जाय। प्रशिक्षण में उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी वि0रा0 अरूण कुमार सिंह, उपजिलाधिकारी कासिमाबाद, उपजिलाधिकारी मुहम्मदाबाद एवं तहसीलदार जमानियां, उपस्थित थे।

  • जिले में संचालित योजनाओं में लाभार्थियों की संख्या बढ़ाए: डीएम

    जिले में संचालित योजनाओं में लाभार्थियों की संख्या बढ़ाए: डीएम

    गाजीपुर। गुरूवार की शाम रायफल क्लब में जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता में जिला बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठक की गयी। बैठक में जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, उप निदेशक/उपमुख्य परिवीक्षा अधिकारी वाराणसी मण्डल वाराणसी, रिजवाना सलाहकार यूनिसेफ एवं समिति के सदस्य/जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में बच्चों के सर्वागीण विकास के सम्बन्ध में चर्चा की गयी तथा जिलाधिकारी द्वारा निर्देश दिया गया कि जनपद में और संस्था संचालन हेतु स्वैच्छिक संस्थाओं से प्रस्ताव प्राप्त करने के संबंध में प्रेस विज्ञप्ति दैनिक समाचार पत्रों में जारी करायी जाए। जनपद में संचालित बाल सेवा योजना, स्पान्सरशिप, मिशन वात्सल्य के अन्तर्गत संचालित समस्त योजनाओं का क्रियान्वयन अभियान चलाकर किया जाय, तथा लाभार्थियों की संख्या बढ़ायी जाए। यह भी निर्देशित किया गया कि जनपद में संचालित चाइल्ड लाईन से संबंधित कार्य जिला बाल संरक्षण इकाई, वन स्टाप सेन्टर के कार्मिक पूरी जिम्मेदारी से कार्य करना सुनिश्चित करें।

  • प्रधानमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना के लाभार्थियों को वितरण किया चाभी

    प्रधानमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना के लाभार्थियों को वितरण किया चाभी

    गाजीपुर।रायफल क्लब सभागार में नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सरिता अग्रवाल की गरिमामयी उपस्थिति में प्रधानमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना के लाभार्थियों को शुक्रवार को चाभी वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी आर्यका अखौरी, परियोजना निदेशक राजेश यादव एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी मत्स्य सपना पुरी उपस्थित रहे। मुख्य कार्यकारी अधिकारी मत्स्य द्वारा प्रधानमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना की संक्षिप्त जानकारी दी गई।

    प्रधानमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना अन्तर्गत संचालित इंसुलेटेड वाहन, थ्री व्हीलर विद् आइस बाक्स एवं मोटर साईकिल विद आइस बाक्स के लाभार्थियों को जिलाधिकारी, परियोजना निदेशक एवं नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सरिता अग्रवाल के द्वारा वाहन चालन हेतु चाभी का वितरण किया गया।सभी वाहनों को हरी झण्डी दिखाकर सभी लाभार्थियों को नवरात्रि एवं दशहरे की शुभकामनाए देकर रवाना किया गया। कार्यक्रम में मुख्य कार्यकारी अधिकारी मत्स्य सपना पुरी के द्वारा बताया गया कि प्रधानमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना अन्तर्गत जन मानस को ताजी मछली उपलब्ध कराने हेतु एवं लोगों में रोजगार बढाने हेतु योजना का संचालन किया जा रहा है। वर्तमान में वर्ष 2023-24 हेतु जनपद गाजीपुर में 1 इंसुलेटेड वाहन, 2 मोटर साईकिल विद आईस बाक्स, 11 थ्री व्हीलर विद आईस बाक्स एवं 3 साईकिल विद आईस बाक्स का लक्ष्य है। मुख्य कार्यकारी अधिकारी मत्स्य द्वारा जिलाधिकारी, परियोजना निदेशक, एवं नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सरिता अग्रवाल का धन्यवाद करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।

  • क्रांति हमेशा विचारों से हुई है,भीड़ से नहीं

    क्रांति हमेशा विचारों से हुई है,भीड़ से नहीं

    ग़ाज़ीपुर।शुक्रवार को समाजवादी मजदूर सभा के नवगठित जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों का मनोनयन वितरण पत्र समारोह पार्टी कार्यालय समता भवन पर आयोजित हुआ।

    समाजवादी मजदूर सभा की नवगठित जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों के मनोनयन पत्र वितरण समारोह आरंभ होने के पूर्व जिलाध्यक्ष गोपाल यादव के साथ सभी कार्यकर्ताओं ने मुख्य अतिथि मजदूर सभा के प्रदेश अध्यक्ष धनिक लाल श्रमिक का माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया।

    इस अवसर पर मुख्य अतिथि समाजवादी मजदूर सभा के प्रदेश अध्यक्ष धनिक लाल श्रमिक ने मजदूर सभा के जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को मनोनयन पत्र वितरित किया।उन्हें बधाई दी।समाजवादी विचारों से पूरी तरह लैस होने का आह्वान किया।उन्होंने कहा कि क्रांति हमेशा विचारों से हुई है भीड़ से नहीं। उन्होंने मजदूर सभा के नवमनोनीत पदाधिकारियों,कार्यकर्ताओं को 2024लोकसभा के चुनाव में देश की सत्ता से भाजपा को बेदखल करने का संकल्प भी दिलाया। उन्होंने इस अवसर पर भाजपा सरकार को श्रमिक मजदूर विरोधी बताते हुए कहा कि भाजपा सरकार की श्रमिक एवं मजदूर विरोधी नीतियों से इस देश का श्रमिक मजदूर अथाह पीड़ा में है वह व्यथित होकर सड़कों पर है।

    रोजगार न मिल पाने के कारण वह भूखमरी के कगार पर है और आत्महत्या करने को मजबूर हैं।। उनके बच्चों का लालन पालन, शिक्षा दीक्षा, दवा इलाज सब कुछ मुश्किल में है। श्रमिक मजदूरों की हालत अत्यन्त दयनीय स्थिति में है। भाजपा सरकार इनकी अनदेखी कर रही है।इनके दुख,दर्द और पीड़ा से भाजपा सरकार का कुछ भी लेना-देना नहीं है। उन्होंने कोटे की दुकान‌ से मिलने वाले चीनी, मिट्टी का तेल बंद करने पर मोदी सरकार की खिंचाई करते हुए कहा कि जिस मिट्टी के तेल से गरीब मजदूर की झोपड़ी रौशन होती थी उस मिट्टी के तेल पर प्रतिबंध लगाकर मोदी सरकार ने गरीबों मजदूरों को अंधेरे में ढकेलने का काम किया है। उन्होंने कहा यदि भाजपा सरकार को श्रमिक मजदूर की तनिक भी चिंता है तो जितने भी पंजीकृत मजदूर श्रमिक हैं उन्हें तत्काल आयुष्मान कार्ड से जोड़ा जाए। उन्होंने कहा समाजवादियों ने हमेशा गरीब मजदूरों की लड़ाई लड़ी है और आखिरी दम तक लड़ती रहेगी ।गरीब मजदूर हमेशा समाजवादी आंदोलन का केन्द्र बिन्दु रहा है।

    जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने उनका स्वागत करते हुए कहा कि देश का गरीब मजदूर अथाह पीड़ा में है। बढ़ती मंहगाई के चलते उसका दोनों वक्त का चुल्हा जलना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को मजदूरों गरीबों की कोई चिंता नहीं है। सरकार पूंजीपतियों के हित संरक्षित करने में व्यस्त हैं। उसकी सारी नीतियां पूंजीपति मित्रों को लाभ पहुंचाने के दृष्टिगत बनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के शासनकाल में मजदूरों श्रमिकों के हित में तमाम फैसले लिए गये थे। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा गांव‌ और गरीब की आवाज हमेशा बुलंद करती रही है। हम गरीब , मजदूर और श्रमिकों की लड़ाई अन्तिम दम तक लड़ेंगे।इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्रदेश कार्यसमिति के प्रदेश आमंत्रित सदस्य रामधारी यादव,पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ नन्हकू यादव,शिक्षक सभा के राष्ट्रीय सचिव मारकन्डेय यादव, अरुण कुमार श्रीवास्तव, सदानंद यादव, आजाद राय, रविन्द्र प्रताप यादव, निजामुद्दीन खां, योगेश राय,रजनी कान्त यादव, कमलेश यादव भानु, अशोक कुमार बिंद ,राहुल कुमार कन्नौजिया,मो.इरफान,चन्दा चौहान,,सुग्गु यादव, द्वारिका यादव,साहब यादव, छन्नू यादव,चन्द्रभूषण सिंह,मो.इरफान कुरैशी, अमरजीत चौहान, मिथुन पांडे, जनार्दन यादव,पवन यादव, रविन्द्र यादव, अच्छेलाल यादव आदि उपस्थित थे।

    इस कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजवादी मजदूर सभा के जिलाध्यक्ष डॉ संजय कन्नौजिया और संचालन मजदूर सभा के प्रदेश सचिव जमुना यादव ने किया।

  • डीएम-एसपी ने किया छात्राओं और महिलाओं को जागरूक

    डीएम-एसपी ने किया छात्राओं और महिलाओं को जागरूक

    गाजीपुर। गुरूवार को सदर कोतवाली क्षेत्र के गांधी पार्क में जिलाधिकारी आर्यका अखौरी एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह द्वारा मिशन शक्ति के तहत चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में पुलिस अधीक्षक द्वारा क्षेत्र के सभी ग्राम प्रधानों, गांव की महिलाओं तथा विभिन्न स्कूल की छात्राओं, बालिकाओं, एएनएम, आशा कार्यकर्त्री, बीसी सखी तथा थाना क्षेत्र के सभी ग्राम प्रहरियों को मिशन शक्ति नारी सुरक्षा, नारी सम्मान, नारी स्वावलंबन कार्यक्रम के बारे में जागरूक किया गया। जिलाधिकारी द्वारा बच्चियों एवं महिलाओं को उनके प्रति होने वाले किसी भी अपराध एवं संबंधित अपराधियों के बारे में तत्काल पुलिस एवं शक्ति मित्र महिला पुलिस कर्मियों को सूचना देने के लिए जागरूक किया गया।

    इस दौरान छात्राओं एवं महिलाओं को महिला संबंधित सभी हेल्पलाइन नंबरों के बारे में जैसे 1090, 1076, 1098, 181, 112, 102 और 108 के बारे में विस्तार से बताया गया। उन्हें यह भी बताया गया कि इन नंबरों पर आपकी शिकायत सुनने के लिए महिला कर्मी को ही नियुक्त किया गया है। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने वहां उपस्थित महिलाओं से उनकी विभिन्न समस्याओं को भी सुना गया तथा उसके निस्तारण के लिए संबंधित को निर्देशित किया गया। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर ज्ञानेन्द्र, क्षेत्राधिकारी नगर गौरव सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, कोतवाली क्षेत्र के सभी थानाध्यक्ष तथा अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थें।

  • डीएम-एसपी ने पंडालों का निरीक्षण, दिया निर्देश

    डीएम-एसपी ने पंडालों का निरीक्षण, दिया निर्देश

    गाजीपुर। नवरात्रि त्योहार के दृष्टिगत जिलाधिकारी आर्यका अखौरी एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह द्वारा गुरूवार को सदर कोतवाली क्षेत्र के विभिन्न पंडालों में पुलिस फोर्स के साथ पैदल गस्त/रूट मार्च किया गया। इस दौरान डीएम और एसपी ने आम जनमानस में शांति एवं सुरक्षा की भावना का संचार किया। गस्त के दौरान दोनों अधिकारियों द्वारा त्रिनेत्र अभियान का स्थलीय निरीक्षण भी किया गया तथा दुकानदारों से अपनी दुकानों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने के लिए कहा गया। नगर में दुर्गा प्रतिमा स्थापित करने वाले आयोजकों से भी बात कर पंडालों में की गई सुरक्षा व्यवस्था के बारे में जानकारी ली गई तथा उन्हें आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर ज्ञानेन्द्र, क्षेत्राधिकारी नगर गौरव सिंह, कोतवाली प्रभारी अशेषनाथ सिंह, जंगीपुर थाना प्रभारी अमित पाण्डेय सहित सर्किल के सभी थानाध्यक्ष तथा अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थें।

  • खाद्य पदार्थों के लिए गए दुकानों से नमूने, जांच के बाद होगी कार्यवाही

    खाद्य पदार्थों के लिए गए दुकानों से नमूने, जांच के बाद होगी कार्यवाही

    गाजीपुर। गुरूवार को जिलाधिकारी आर्यका अखौरी के आदेश पर आर0सी पाण्डेय सहायक आयुक्त (खाद्य) के निर्देशन में नवरात्रि/दशहरा पर्व के अवसर पर अभियान चलाकर कुल 8 नमूना संग्रहित किया गया। जमानिया मोड रजागंज पुलिस चौकी स्थित हामिद सेतु पर दूधियों से दूध के 4 नमूने। कामाख्या धाम गहमर स्थित सोनू के प्रतिष्ठान से पेड़ा का 1 नमूना। कामाख्या धाम गहमर स्थित रोहिताश सिंह के प्रतिष्ठान से पनीर का 1 नमूना एवं कालू के प्रतिष्ठान से मूॅगफली का दाना का 1 नमूना। रेवतीपुर स्थित विवेक कुमार राय के प्रतिष्ठान से घी का 1 नमूना। सभी लिए गए नमूनें खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला, उ0प्र0 प्रेषित किये जा रहें है, जॉच रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के अन्तर्गत विधिक कार्यवाही की जायेगी। नमूना संग्रह की कार्यवाही आर0पी0 सिंह, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी गाजीपुर के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों अवधेश कुमार, गुलाब चन्द गुप्त, समला प्रसाद यादव, राजीव कुमार सिंह एवं विरेन्द्र यादव की टीम द्वारा की गयी।

Uttar Pradesh Fast News