Home

  • शाह फैज स्कूल के छात्र छात्राओं का वार्षिक परीक्षाफल घोषित

    शाह फैज स्कूल के छात्र छात्राओं का वार्षिक परीक्षाफल घोषित

    गाजीपुर। सोमवार को शाह फैज विद्यालय प्रांगण में वार्षिक परीक्षाफल घोषित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विशेष प्रार्थना व दीप प्रज्ज्वलन से हुई। विद्यालय के निदेशक डॉ नदीम अधमी ने विशेष प्रार्थना की साथ ही सभी को वार्षिक परीक्षा फल की बधाई दी व भविष्य में और भी मेहनत करने की सलाह दी।  उसके पश्चात् कक्षा PG  से कक्षा 9 व 11 का परीक्षा परिणाम घोषित किया गया।

    प्रधानाचार्य इकरामुल हक़ ने वार्षिक रिपोर्ट में बताया कि इस वर्ष कुल 2285 छात्र -छात्राएं वार्षिक परीक्षा में सम्मिलित। 199 कक्षा 12 व 231 कक्षा 10 की सी बी एस सी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जिनका परिणाम प्रतीक्षारत है। वार्षिक परीक्षा का परिणाम 99.5 % रहा। कक्षा PG से शुजा आरफीन एवं अफ्फान ख़ान ,कक्षा एलकेजी से मोहम्मद आरिफ़, शान्वी सिंह, ज़ैनब ख़ान व ऋषभ गौतम ,यूकेजी से सौम्य पांडेय , पंखुड़ी केडिया ,अरशान अहमद, अवनीश पाल एवं आकिफा फातिमा ब्राइट स्टार घोषित किये गए। 

    कक्षा 1 से 5 में  निशांत राय  ने 99  9 % , कक्षा 6 से 8 में स्वरित कुमार राय एवं आफ़िया शफ़क़त 97.71 व  कक्षा 9 से 11 में पहल कुशवाहा ने 97.80 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया।  प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी विद्यालय में कनिष्ठ व वरिष्ठ वर्ग में सर्वश्रेष्ठ बालक व बालिका की उपाधि दी गयी। कनिष्ठ वर्ग से कक्षा 5 के निशांत राय व ज़ैनब अमानी व वरिष्ठ वर्ग से कक्षा 8 के स्वरित कुमार  राय  व कक्षा 9 से जुनैरा मसूद को  क्रमशः सर्वश्रेष्ठ बालक व सर्वश्रेष्ठ बालिका की उपाधि दी गयी।

    विद्यालय की निदेशिका डॉ मीना अधमी ने भी सभी छात्र-छात्राओं को वार्षिक परीक्षा फल की बधाई दी व अपने माता-पिता व गुरुजनों को धन्यवाद देने को कहा क्योंकि यही वो लोग हैं जिनकी सहायता के बिना कुछ भी संभव नहीं हो सकता। उन्होंने यह भी कहा कि हमें सीखना कभी नहीं बंद करना चाहिए। विद्यालय की मैनेजर मैडम अतिआ अधमी ने भी सभी को वार्षिक परीक्षाफल की शुभकामनायें दीं। 

    इस कार्यक्रम में सभी छात्र छात्राएं, निदेशक डॉ नदीम अधमी , निदेशिका डॉ मीना अधमी, वित्तीय एवं शैक्षणिक सलाहकार शमा अधमी, प्रधानाचार्य इकरामुल हक़, उप प्रधानाचार्य (शैक्षणिक) नेहा कुरैशी, परीक्षा नियंत्रक हनीफ अहमद, मुख्यअध्यापिका चंदना श्रीवास्तव, प्री-प्राइमरी इंचार्ज प्रियंका सिंह, माधुरी पांडेय , सुनंदा एवं अन्य शैक्षणिक व गैर शैक्षणिक कर्मचारी उपस्थित थे।

    कार्यक्रम की साज सज्जा नुज़हत नसीम , आमना ओबैद , सिमरन जायसवाल, अंकिता दुबे एवं उमेश ने की। कार्यक्रम में गीत की प्रस्तुति शान कुशवाहा व शगुन कुशवाहा तथा अन्य ने की जिसका संगीत श्याम कुमार शर्मा व गिरधर शर्मा ने दिया।। कार्यक्रम का सञ्चालन उप प्रधानाचार्य (शैक्षणिक) नेहा कुरैशी, मुख्याध्यापिका चंदना श्रीवास्तव एवं प्रियंका सिंह ने किया।  कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान से हुआ।

                    

  • 12 से 23 फरवरी तक होगा क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन

    12 से 23 फरवरी तक होगा क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन

    12 से 23 फरवरी तक होगा क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन

    गाजीपुर। गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के तत्वाधान में 4 फरवरी को अरोरा फाउंडेशन महुआबाग में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया । गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के प्रेसिडेंट अभिषेक सिंह ने बताया कि यह प्रतियोगिता 12 फरवरी से 23 फरवरी तक गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के तत्वधान में प्रथम स्वर्गीय श्री नारायण सिंह (पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष) एवं स्वर्गीय श्री अजीत कुमार सिंह स्मारक ऑल इंडिया कैश मनी क्रिकेट (G 20-20) प्रतियोगिता का आयोजन होना है। इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न स्थानों की कुल 8 टीम प्रतिभागी होंगी। जिसमें रणजी ट्रॉफी, आईपीएल, बोर्ड ट्राफी के खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे।यह आयोजन जनपद में पहली बार वृहद स्तर पर किया जा रहा है।

  • राष्ट्रपति से मिले डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चे

    राष्ट्रपति से मिले डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चे

    राष्ट्रपति से मिले डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चे


    गाजीपुर। राष्ट्रपति भवन में आयोजित बाल दिवस पर नगर के डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चों ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की और अपने मन की जिज्ञासा को दूर किया। राष्ट्रपति से संवाद कर बच्चे काफी प्रफुल्लित हैं। राष्ट्रपति ने भी उन्हें पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भी हिस्सा लेने की सीख दी। इस दौरान राष्ट्रपति भवन व संसद भवन का भी भ्रमण किया। यह जिले के लिए गौरव की बात है। राष्ट्रपति भवन के सेंट्रल हाल में आयोजित बाल दिवस पर कार्यक्रम के लिए जिले के सनबीम स्कूल के बच्चों का चयन किया गया था।
    स्कूल की डायरेक्टर एकता अखंड राय, शिक्षक कमलेश सिंह के साथ छात्र अभ्युदय प्रताप, निवेदिता प्रधान, आदर्श राय व सौम्या राय कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। बच्चों ने बताया कि राष्ट्रपति प्रोटोकाल तोड़कर उनके बीच आ गयीं और संवाद किया। अभ्युदय प्रताप व निवेदिता ने राष्ट्रपति से पूछा कि आपको महामहिम के पद पर आने के बाद कैसा लगा? तो उन्होंने जवाब दिया बिल्कुल, बहुत अच्छा लगा। फिर बच्चों ने सफल होने के बाद कैसा महसूस करतीं हैं। जवाब दिया सफलता का कोई अंत नहीं है। राष्ट्रपति ने सीख दी कि आप बच्चे आगे बढ़ते जाइए। आपका बचपन कैसा के सवाल पर उन्होंने कहा कि मैं भी आपकी तरह बगीचों और मिट्टी में खेला करती थीं। आज की तरह अच्छे स्कूल नहीं थे। उन्होंने बच्चों को मेहनत की सीख दी। साथ ही शिक्षकों से बच्चों को रोचक तरीके से शिक्षण कार्य कराने के साथ ही शारीरिक व मानसिक विकास के लिए खेलकूद को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

  • डीएम ने की बैठक,दिया निर्देश

    डीएम ने की बैठक,दिया निर्देश

    गाजीपुर। जिला उद्योग बन्धु एवं स्वरोजगार बन्धु की बैठक गुरुवार को जिला पंचायत सभागार में जिलाधिकारी एम पी सिंह  की अध्यक्षता मे सम्पन्न हुआ।इस बैठक में जिलाधिकारी ने मण्डी समिति दुल्लहपुर की जमीन अन्य़त्र स्थानान्तिरित किए जाने हेतु निस्तारण का निर्देश , व्यापारियो के समस्याओ के समाधान, उद्यमी वशिष्ट सिंह यादव के विद्युत बिल भुगतान प्रकरण के समाधान, औद्योगिक आस्थान नन्दगंज में सड़क , नाली , बाउण्डरीवाल निर्माण, निवेश मित्र पोर्टल, प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री रोजगार/युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद,पी एम सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार, आजीविका मिशन,पी एम स्वनिधि योजना एवं अन्य बिन्दूओ पर समीक्षा कर उद्यमियो के समस्याओ पर चर्चा की गयी तथा सम्बन्धित अधिकारियों को शिकायतो के निस्तारण का निर्देश दिया ।उद्यमी एस के दूबे ने सुखदेवपुर चौराहे से गाजीपुर घाट तक के 800 मीटर मार्ग जो बिल्कुल क्षतिग्रस्त है को सही कराने का अनुरोध एंव व्यापार मण्डल के विजय शंकर वर्मा ने रौजा से एम ए एच इण्टर कालेज तक जर्जर के बारे मे अवगत कराया । जिस पर जिलाधिकारी ने समन्धित अधिकारी को स्थलीय निरीक्षण करते हुए कार्यवाही का निर्देश दिया।
    जिलाधिकारी उधोगों के विकास में बैंको से अधिकाधिक सहयोग प्राप्त किये जाने के सम्बन्ध मे जिला अग्रणी प्रबंधक से अपेक्षा की। उद्यामियों के शिकायतो को सम्बन्धित अधिकारियों को समय से निस्तारण का निर्देश दिया। इस अवसर पर उघमी बशिष्ठ सिंह यादव, ए0के0दुबे अध्यक्ष ईट भठ्ठा एसोसिएशन एवं अन्य उद्यमी एंव व्यापार मण्डल के पदाधिकारी उपस्थित थे।

  • बाल स्वास्थ्य पोषण माह का सीएमओ ने किया शुभारंभ

    बाल स्वास्थ्य पोषण माह का सीएमओ ने किया शुभारंभ

    सीएमओ ने विटामिन ए की खुराक पिलाकर आरंभ किया बाल स्वास्थ्य पोषण माह

    गाज़ीपुर।बाल स्वास्थ्य पोषण माह जिसके अंतर्गत 9 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को विटामिन ए की खुराक पिलाई जानी है। जो 16 अगस्त बुद्धवार से शुरू होकर 15 सितंबर तक चलेगा। इस कार्यक्रम का शुभारंभ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुभकारपुर के अंतर्गत आने वाले उप केंद्र महाराजगंज पर बच्चों को विटामिन ए की खुराक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ देश दीपक पाल के द्वारा किया गया। ग्राम प्रधान नंदू प्रसाद के द्वारा दीप प्रज्वलन किया गया। यह कार्यक्रम प्रत्येक बुधवार और शनिवार को जनपद में चलेगा।

    अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी एनएचएम डॉ मनोज कुमार सिंह ने बताया कि विटामिन ए की खुराक 9 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को पिलाया जाता है जिससे बच्चों को कई बीमारियों से सुरक्षा मिलता है।

    उन्होंने बताया कि विटामिन ए वसा में घुलनशील विटामिन है जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाता है। जिससे बच्चों में अनेक रोगों से लड़ने हेतु प्रतिरोधक क्षमता विकसित होती है जिससे वे स्वस्थ व पोषित रहते हैं।

    इस अवसर पर जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ सुजीत कुमार मिश्रा ,जिला कार्यक्रम प्रबंधक एनएचएम प्रभुनाथ, डॉ मुंशीलाल, एस एम ओ डब्ल्यू एच ओ विनय कुमार के अलावा बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारी व कर्मचारी के साथ एएनएम,आशा,सीएचओ आदि उपस्थित रहे।

  • मंत्री ने किया शहीदों के परिजनों को सम्मानित

    मंत्री ने किया शहीदों के परिजनों को सम्मानित


    गाजीपुर।77वां स्वतंत्रता दिवस समारोह धूम-धाम एंव हर्षाेल्लास से मनाया गया।राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) आयुष, खाद्य सुरक्षा एवं औषधी प्रशासन विभाग उ0प्र0 दया शंकर ‘दयालु’ ने सर्वप्रथम रायफल क्लब परिसर से स्कूल बच्चो की तिरंगा रैली को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। जो शहर के विभिन्न मार्गोे से होते हुए पुनः राइफल क्लब परिसर पहुचा। मंत्री द्वारा परिसर में झण्डा रोहण किया गया । राष्ट्रगान के पश्चात भारत माता की जय,वन्दे मातरम जैसी गगनभेदी नारो से परिसर गूंज उठा। तत्पश्चात मंत्री जी ने सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग गाजीपुर द्वारा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियो/शहीदो व विकास कार्याे की चित्र पदर्शनी के अलावा स्टाल के माध्यम से अन्य विभागो द्वारा संचालित योजनाओ की लगाई गई प्रदर्शनी का फीता काटकर उद्घाटन कर अवलोकन भी किया। उन्होने सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग गाजीपुर के द्वारा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियो/शहीदो एवं विकास कार्याे की लगायी गयी पदर्शनी की सराहना भी की।


    तत्पश्चात मुख्य अतिथि के रूप मे उपस्थित मंत्री ने जनपद के रायफल क्लब परिसर मे स्वतंत्रता की वर्षगांठ पर आयोजित कार्यक्रम का दीप प्रज्ज्वलन एवं मॉ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर शुभारम्भ किया। लूर्दस कान्वेट बालिका इण्टर कालेज एंव अन्य विद्यालयों की बालिकाओ द्वारा मुख्य अतिथि एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों का स्वागतगीत के माध्यम से स्वागत किया गया एंव सांस्कृतिक वं रंगारंग कार्यक्रम की प्रस्तुति दी गयी जो सराहनीय रहा। तत्पश्चात कार्यक्रम मे मंत्री जी ने उपस्थित स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों/शहीदो के परिजानो को अंगवत्रम,स्मृति चिन्ह व मिष्ठान देकर सम्मानित किया वही क्रांस कन्टी प्रतियोगिता के बालक वर्ग में भोला यादव प्रथम, अजय पटेल द्वितीय, व माता चरण बिन्द तृतीय स्थान एवं बालिका वर्ग में देवी प्रथम, मंशा द्वितीय व आरती यादव तृतीय स्थान तथा धोबिया नृत्य कार्यक्रम प्रस्तुति पर सलटू राम एण्ड टीम को प्रमाण पत्र व मोमेन्टो देकर सम्मानित किया।
    कार्यक्रम से पूर्व मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, आगन्तुको, ने स्वतंत्रता दिवस, आजादी के अमृत महोत्सव, मेरा माटी मेरा देश कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ के सम्बोधन को लाईव प्रसारण के माध्यम से को देखा व सुना गया।


    77 वे स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनपद की अगुवाई कर रहे राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) आयुष, खाद्य सुरक्षा एवं औषधी प्रशासन विभाग उ0प्र0 श्री दया शंकर ‘दयालु‘ जी ने अपने सम्बोधन मे उपस्थित स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों/शहीदो के परिजनो को दिल की गहराईयो से हार्दिक नमन करते हुए महिला सशक्तिकरण की सराहना की। उन्होने कहा कि हम उस देश के नागरिक है जहां महारानी लक्ष्मीबाई एवं अन्य वीरांगनाओ ने जन्म लिया तथा नमन है इस जनपद के वीर अब्दुल हमीद, रामउग्रह पाण्डेय जैसे अनेक वीर सपूतो को जिन्होने अपने प्राणो को न्योछावर कर देश की सुरक्षा की। उन्होने कहा कि ‘यू ही नही दुनियां भारत को सोने की चिडिंया कहती थी। हमारे देश से मखमल, मलमल, मसाले व सूती कपडे विदेशो में निर्यात किए जाते थे। दुनिया भर में 33 प्रतिशत सूति कपड़े भारत देश से ही निर्यात किया जाता था। गुलामी की बात करे तो हम सन 1100 से ही गुलाम थे। अंग्रेजो की गुलामी के बाद उन्होने हमारे देश की अर्थव्यवस्था को ध्वस्त कर दिया। विदेशी आक्रमणकारियों ने हमारे मंदिरो को लूटा, हमारे देश को लूटा, हमारे विश्वविद्यालयो को जला दिया फिर भी हम जिन्दा है। लेकिन आज मोदी जी के नेतृत्व में देश आगे बढ रहा है।

    आज अमेरिका जैसे सुपरपावर देश मे जहां मोदी जी की आगमन पर (हाउडी मोदी) 60 हजार से अधिक भारतीयो ने रैली कर उनका स्वागत किया। वही लंदन या आस्ट्रेलिया हो मोदी जी जहां भी जाते है वहां हजारो-हजार की संख्या में भारतीय उनके स्वागत के लिए खड़े होते है। दूसरे देशो के राष्ट्रपति मोदी जी से ऑटोग्राफ लेना चाहते है, यही तो बदलता हुआ भारत है। आज भारत पर्याप्त मात्रा में अनाज का उत्पादन करते हुए अपने देश के 80 करोड़ से अधिक नागरिको को निःशुल्क अनाज देने का काम कर रहा है वही श्रीलंका जैसे देश मे भुखमरी की नौबत आने पर वहा के लोगो का पेट भरने का भी काम किया है। हमने 40 हजार करोड़ की राफेल डील किया, हमने एक लाख करोड़ मे इस देश के लिए एक हजार विमान मगांये। प्रदेश में 19 एयरपोर्ट बनाये जा रहे है जिसमें एशिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट जेवर नोयडा मे बन रहा है। हमारा प्रदेश योगी आदित्य नाथ के नेतृत्व में प्रगति के पथ पर अग्रसर है। उन्होने कहा कि मै धन्य हूॅ और मै जहां भी जाता हूॅ और गर्व से कहता हूॅ की इस जनपद जैसा शहीदी जिला पूरी दुनिया मे कही भी नही है। यह वह जिला है जहां स्कन्द गुप्त ने सबसे खुखांर व बर्बर जाति के आक्रमणकारी हुणों को पराजित किया था जिसे आज औड़िहार के नाम से जाना जाता है। यह वह जिला है जहां के जवान सीमा पर तैनात होकर अपने देश की रक्षा की खातिर अपने प्राणो को न्यौछावर कर देते है, ऐसे वीर सपूतो को नमन है। उन्होने कहा भारत देश जो सदियो से गुलामी के बाद त्याग, तपस्या, बलिदान के बाद भी जिन्दा है आप उसी देश के नागरिक है। आप जिस भी क्षेत्र में कार्यरत हो उस क्षेत्र में अच्छा से अच्छा कार्य करते हुए अपने कर्तव्यो का निर्वहन करेे तब वह दिन दूर नही जब भारत विश्वगुरू एवं दुनिया की सबसे बड़ी आर्थिक महाशक्ति बनेगा। उन्होने पुनः उन शहीदो के परिजनों को स्वतंत्रता दिवस की बधाईयां देते हुए कहा कि अगर वो न होते तो आज शायद ही भारत खुली आजादी में सांस ले पाता और हमारी गुलामी और आगे चली जाती।सम्बोधन के अन्त में मंत्री जी ने उपस्थित सभी लोगो को पंच प्रण की शपथ दिलाई ।


    कार्यक्रम मे उपस्थित विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह चंचल, जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, जिलाधिकारी आर्यका अखौरी,पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह, ने 77वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शहीद के परिजनो, आगन्तुको, गणमान्य नागरिको व जनपदवासियों को बधाई दी। तत्पश्चात मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, व अधिकारीगण ने कलेट्रेट परिसर मे वृक्षारोपण कर लोगो को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अन्त में राईफल क्लब परिसर से लंका मैदान तक मंत्री जी के नेतृत्व में तिरंगा रैली का आयोजन किया गया जिसमें हजारो की संख्या मे लोगो ने प्रतिभाग किया। आभार मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य ने व्यक्त किया।
    इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वि0रा0 अरूण कुमार सिंह, उपजिलाधिकारी सदर प्रखर उत्तम, समस्त जनपद स्तरीय अधिकारीगण, स्कूली छात्र-छात्राएॅ, गणमान्य नागरिक, प्रबुद्धजन, उपस्थित थे।

  • राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस पर अति प्राचीन रामलीला कमेटी ध्वजारोहण कर ली शपथ

    राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस पर अति प्राचीन रामलीला कमेटी ध्वजारोहण कर ली शपथ

    राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस पर अति प्राचीन रामलीला कमेटी ध्वजारोहण कर पंच प्रण की ली शपथ

    गाजीपुर। अति प्राचीन रामलीला कमेटी “हरिशंकरी” के तत्वावधान में 15 अगस्त “स्वतंत्रता दिवस” समारोह के रूप में स्थानीय लंका मैदान में कमेटी के पदाधिकारियों द्वारा सुबह 10:15 बजे झंडारोहण कर धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर अति प्राचीन रामलीला कमेटी “हरिशंकरी” गाजीपुर के तत्वाधान में बच्चों और स्थानीय नागरिकों में फल और मिष्ठान वितरित किया गया, इसके उपरांत दिन में 11:00 बजे अति प्राचीन राम चबूतरा, हरिशंकरी, स्थित कार्यालय पर कमेटी के पदाधिकारियों, सदस्यों एवम स्थानीय नागरिकों द्वारा दिन में 11:00 बजे तिरंगा फहराते हुए राष्ट्रगान गाया गया।इसके उपरांत उपस्थित नागरिकों में मिष्ठान वितरण भी किया गया। इस अवसर पर कमेटी के मंत्री बच्चा तिवारी ने बताया कि आज देश में 77 वां स्वतंत्रता दिवस बड़े ही धूमधाम से मनाया जा रहा है, इस अवसर पर हर घर तिरंगा कार्यक्रम के साथ पंचप्रण कार्यक्रम में भी अति प्राचीन रामलीला कमेटी ने भाग लिया और अपनी सहभागिता दर्ज कराई। स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में मुख्य रूप से गोपाल पांडेय, वीरेश राम वर्मा, विनय कुमार, अशोक अग्रवाल, नरसिंह पांडेय, पंडित लव त्रिवेदी, रोहित अग्रवाल, विशंभर नाथ लल्ली, अजय अग्रवाल, राजेश प्रसाद, सुधीर अग्रवाल, मयंक तिवारी, ओम नारायण सैनी, मनोज तिवारी, सौरभ, गौरव के साथ गणमान्य नागरिक और बच्चे उपस्थित रहे।

  • माउंट लिट्रा ज़ी स्कूल में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

    माउंट लिट्रा ज़ी स्कूल में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

    माउंट लिट्रा ज़ी स्कूल में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस का पर्व

    गाज़ीपुर।ब्रिटिश सत्ता की 200 वर्षों की दास्ता की बेड़ियों से भारत को मुक्त कराने एवं स्वयं के प्राणों को बलिदान कर भारत को स्वतंत्रता दिलाने वाले उन वीर शहीदों की शहादत की याद दिलाता हुआ पर्व है –स्वतंत्रता दिवस।

    स्वतंत्रता दिवस के इस पावन पर्व को मनाने अपने देश के वीर शहीदों की शहादत को याद करने और श्रद्धा-सुमन अर्पित करने हेतु, बच्चों के शैक्षिक, नैतिक एवं मौलिक गुणों के विकास के लिए वचनबद्ध शहर के बंधवा पीरनगर स्थित माउंट लिट्रा ज़ी स्कूल में स्वतंत्र भारत की 77वीं वर्षगांठ धूम-धाम से मनायी गई।

    कार्यक्रम की शुरुआत माउंट लिट्रा ज़ी स्कूल के निदेशक मोहित श्रीवास्तव ने झण्डारोहण करके किया। तत्-पश्चात स्काउट गाइड छात्रों के द्वारा तिरंगे के सम्मान में मार्च-पास्ट करते हुए तिरंगे को सलामी दी गई। झण्डारोहण के पश्चात विद्यालय के छात्र-छात्राओं के द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत अनेक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम के दौर में कक्षा 11वीं की छात्रा श्रेया, कक्षा 9वीं की छात्रा माहिका एवं शिवांगी व छात्र अजितेश श्रीवास्तव ने अपने विचारो में भारत के उन महान क्रान्तिकारियों के द्वारा स्वतंत्रता प्राप्ति के लिए किए गए उनके अद्वितीय प्रयासों पर प्रकाश डाला। इसी क्रम में विद्यालय की शिक्षिका प्रियतमा सिंह ने अपने उद्बोधन में शहीदों द्वारा दिए गए बलिदानों पर चर्चा करते हुए छात्रों को देश के प्रति उनके कर्तव्यों का बोध कराया। प्रधानाचार्य डा0 राजेश कारकून ने अपने वक्तव्य से सभी छात्र-छात्राओं को अपने महान राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारियों, कर्तव्यों एवं स्वतंत्रता दिवस की महत्ता का बोध काराया साथ ही साथ प्रधानाचार्य ने उपस्थित सभी लोगों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाईयाँ दी।विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा तैयार किए गए कार्यक्रमों की सराहना भी की। कार्यक्रम के अन्त में विद्यालय के सीनियर कोआर्डिनेटर बद्रीश श्रीवास्तव ने देश के विकास में छात्रों की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए सभी को स्वतंत्रता दिवस की बधाईयाँ दी। तत्पश्चात बच्चों को मिष्ठान प्रदान किया गया। विद्यालय के इस पूरे कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की छात्रा प्रशंसा व छात्र अब्बास के द्वारा किया गया।

  • शाह फैज स्कूल में मना स्वतंत्रता दिवस

    शाह फैज स्कूल में मना स्वतंत्रता दिवस

    ग़ाज़ीपुर।स्वतत्रंता दिवस के शुभ अवसर पर मंगलवार को शाह फैज़ विद्यालय के प्रांगण में ‘आज़ादी का अमृत महोत्सव’ के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। सर्वप्रथम विद्यालय के निदेशक डॉ नदीम अधमी ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। अपने देश की उन्नति के लिए प्रार्थना की। उसके पश्चात् विद्यालय की मैनेजर अतिया अधमी ने प्राइमरी विंग में , प्रधानाचार्य इकरामुल हक़ ने प्री -प्राइमरी विंग में व निदेशक डॉ नदीम अधमी ने सीनियर विंग में ध्वजारोहण किया।ध्वजारोहण के पश्चात् राष्ट्रगान व झंडा गीत गाया गया। छात्रों ने मार्चपास्ट करके झंडे को व निदेशक को सलामी दी। एलकेजी व यूकेजी के छात्रों द्वारा “आओ बच्चों तुम्हें दिखाएँ” गाने पर मनोरम नृत्य प्रस्तुत किया गया। इसी क्रम में जिला प्रशासन की ओर से आयोजित प्रभात फेरी में कक्षा 12 के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। जिनके साथ विद्यालय के अध्यापक डॉ संतोष तिवारी, महबूब आलम व देवेंद्र प्रजापति भी सम्मिलित थे।
    आज के दिन हर वर्ष विद्यालय में स्कूल कैप्टेन व वाईस कैप्टेन का चुनाव किया जाता है। प्राइमरी विंग में कक्षा 5 के छात्र अथर्व सिद्धांत को कैप्टेन व ईशल अंसारी को वाईस कैप्टेन चुना गया, जबकि सीनियर विंग में कक्षा 11 की छात्रा ओजल सृष्टि को कैप्टेन, कक्षा 9 की छात्रा मीठी को गर्ल्स वाईस कैप्टेन तथा कक्षा 9 के ही छात्र श्रेयश शंकर राय को बॉयज वाईस कैप्टेन चुना गया। पिछले सेशन की कैप्टेन वर्तिका यादव व वाईस कैप्टेन आलोक ने नवनिर्वाचित कैप्टेन व वाईस कैप्टेन को बैज पहनाया व उन्हें बधाई दी।
    आज़ादी के इस समरोह में विद्यालय के प्रधानाध्याक इकरामुल हक़ , उप प्रधानाचार्य डॉ प्रीती उपाध्याय, को-ऑर्डिनेटर नेहा कुरैशी, प्राइमरी विंग की इंचार्ज चंदना श्रीवास्तव,प्री प्राइमरी इंचार्ज सुनंदा व सभी शैक्षणिक व गैर शैक्षिणक कर्मचारी तथा सभी छात्र छात्राएं उपस्थित थे। आज़ादी सिर्फ एक तारीख़ नहीं है, यह एक अवस्था है। आइये इसे संजोए और राष्ट्र के विकास में योगदान दें।

  • आज पूरा देश मना रहा विभाजन विभीषिका दिवस: दर्शना सिंह

    आज पूरा देश मना रहा विभाजन विभीषिका दिवस: दर्शना सिंह

    गाजीपुर। 14 अगस्त 1947 को एक तरफ 200 सालों की गुलामी के बाद आजादी मिलने वाली थी, तो वहीं दूसरी तरफ धर्म के नाम पर देश के दो टुकड़े हो रहे थे। 14 अगस्त, 1947 भारत के इतिहास का वो दिन है जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। एक तरफ जहां दशकों की गुलामी के बाद देश आजादी का सूरज देखने को बेकरार था, तो वहीं दूसरी तरफ देश के दो टुकड़े हो रहे थे। उपरोक्त बातें राज्यसभा की सदस्य दर्शना सिंह ने सोमवार को जिला पंचायत सभागार में “विभाजन की विभीषिका” विषय पर आयोजित संगोष्ठी को कहा। उन्होंने कहा कि धर्म के नाम पर लोगों को बांट दिया गया। देश बंटवारे में लाखों लोगों ने अपनों को खोया, घर-बार छूटा। बंटवारे का दंश झेलने वाले देशवासियों को श्रद्धांजलि देने के लिए आज पूरा देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवाह्न पर विभाजन विभीषिका दिवस मना रहा है। उन्होंने आगे कहा कि आज का दिन हमें याद दिलाता है कि जो पीड़ा हमारे लोगों को हुई उसका दर्द आज भी हम सबको है। इस दिवस के माध्यम से उसे याद करते आने वाली पीढ़ियों को भी इससे अवगत कराना चाहिए। जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह ने कहा कि विभाजन के विभीषिका का दर्द हमारे देश के हजारों लोगों ने झेला है। आज के ही दिन नफरती मानसिकता के कारण देश का विभाजन हुआ। जिसके परिणाम स्वरूप हमारे असम भाइयों ने उस कष्ट को झेला और अपने प्राण दे दिए देश के इतिहास में यह कभी ना भूलने वाला दिन है। आज इस कार्यक्रम के माध्यम से मैं उन सभी के प्रति अपनी हार्दिक श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।

    कार्यक्रम को जिला प्रभारी अशोक मिश्रा, पूर्व जिलाध्यक्ष विजय शंकर राय ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन जिलामहामंत्री प्रवीण सिंह और आभार प्रकट जिलामहामंत्री ओमप्रकाश राय ने किया। इससे पूर्व पूर्वाहन 11 बजे नगर के लंका मैदान से मौन जुलूस का आयोजन जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह के नेतृत्व में किया गया। जो लंका मैदान से शुरू होकर सकलेनाबाद, विशेश्वरगंज, मिश्राबाजार में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर महुआबाग के रास्ते कचहरी होते हुए सरजू पांडेय पार्क में स्थापित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर समाप्त हुआ। इस अवसर पर प्रमुख रूप से राजसभा सांसद दर्शना सिंह, जिला प्रभारी अशोक कुमार मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष अपना सिंह, सरोज कुशवाहा, शोभनाथ यादव, नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, जयप्रकाश गुप्ता, विनोद अग्रवाल, अखिलेश सिंह, प्रवीण सिंह, ओमप्रकाश राय, विजयशकर राय, बालकृष्ण त्रिवेदी, सुनील सिंह, राजेश राजभर, ओमप्रकाश तिवारी बच्चा, पीयूष राय, सुनीता सिंह, किरण सिंह, शशिकांत शर्मा,कार्तिक गुप्ता, पीयूष राय, अभिनव सिंह छोटू, अविनाश सिंह, मनोज बिंद, गुलाम कादिर राइनी, अनुज अकेला सहित आदि अन्य लोग उपस्थित रहें।

  • दर्शना सिंह, सपना और सरिता सहित अन्य ने किया विभाजन विभीषिका को याद

    दर्शना सिंह, सपना और सरिता सहित अन्य ने किया विभाजन विभीषिका को याद

    गाजीपुर। सूचना विभाग गाजीपुर द्वारा विभाजन विभिषिका स्मृति दिवस के अवसर पर सोमवार को रायफल क्लब परिसर में  प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस दौरान राज्य सभा सांसद दर्शना सिंह, अध्यक्ष जिला पंचायत सपना सिंह, जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, पूर्व विधायक जमानियॉ सुनिता सिंह, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष विनोद अग्रवाल, जिला प्रभारी अशोक कुमार मिश्रा, जयप्रकाश गुप्ता एवं मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य और आमजनमान ने चित्र के माध्यन से प्रदर्शित प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभाजन विभिषिका दिवस को याद किया। 14 अगस्त 1947 की तारीख भारत भला कैसे भूल सकता है। एक तरफ 200 वर्षों की गुलामी के बाद आजादी मिलने वाली थी तो वहीं दूसरी ओर देश के दो टुकड़े हो रहे थे। लाखों लोग इधर से उधर हो गए। घर-बार छूटा। परिवार छूटा। लाखों की जानें गईं. यह दर्द था, विभाजन का। भारत के लिए यह विभीषिका से कम नहीं थी। इसी दर्द को याद करते हुए पिछले साल आजादी की सालगिरह से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाने का बड़ा ऐलान किया था। इसी परिप्रेक्ष्य में आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रमों के तहत आज सोमवार को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया जा रहा है। 14 अगस्त 1947 को देश के बंटवारे के दौरान विस्थापन का दर्द झेलने वाले लोगों की याद में ये दिन मनाया जाता है। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस उन भारतवासियों को श्रद्धापूर्वक याद करने का अवसर है, जिनका जीवन देश के बंटवारे की बलि चढ़ गया। यह दिन उन लोगों के कष्ट और संघर्ष की भी याद दिलाता है, जिन्हें विस्थापन का दंश झेलने को मजबूर होना पड़ा। ऐसे सभी लोगों को देश शत-शत नमन कर रहा है। बताते चलें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दो वर्ष पूर्व घोषणा की थी कि हर साल 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के तौर पर मनाया जाएगा। उन्होंने कहा था कि देश के बंटवारे के दर्द को कभी भुलाया नहीं जा सकता। नफरत और हिंसा की वजह से हमारे लाखों बहनों और भाइयों को विस्थापित होना पड़ा और अपनी जान तक गंवानी पड़ी। यह दिन हमें भेदभाव, वैमनस्य और दुर्भावना के जहर को खत्म करने के लिए न केवल प्रेरित करेगा, बल्कि इससे एकता, सामाजिक सद्भाव और मानवीय संवेदनाएं भी मजबूत होंगी। 1947 में देश ने आजादी पाई थी, मगर देश को दो टुकड़ों में बांटे जाने का जख्म भी झेलना पड़ा। भारत से कटकर पाकिस्तान नया देश बना और बाद में पाकिस्तान के पूर्वी हिस्से ने 1971 में बांग्लादेश के तौर पर एक नए देश की शक्ल ली। भारत के इस भौगोलिक बंटवारे ने देश के लोगों को सामाजिक, सांस्कृतिक, आर्थिक व मानसिक रूप से तोड़कर रख दिया था। ऐसे में इस त्रासदी में प्राण गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि देकर विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के आयोजन के जरिए भेदभाव, मनमुटाव, दुर्भावना को खत्म कर एकता, सामाजिक सद्भाव की भावना को बढ़ाया जा रहा है।
    भारत का विभाजन देश के लिए किसी विभीषिका से कम नहीं थी। इसका दर्द आज भी देश को झेलना पड़ रहा है। ब्रिटिश औपनिवेशिक शासन ने पाकिस्तान को 1947 में भारत के विभाजन के बाद एक मुस्लिम देश के रूप में मान्यता दी थी। लाखों लोग विस्थापित हुए थे और बड़े पैमाने पर दंगे भड़कने के चलते कई लाख लोगों की जान चली गई थी। इससे पहले ब्रिटिश हुकूमत से आजादी के लिए भी लाखों भारतीयों ने कुर्बानियां दी थीं। 14 अगस्त, 1947 की आधी रात भारत की आजादी के साथ देश का भी विभाजन हुआ और पाकिस्तान अस्तित्व में आया। विभाजन से पहले पाकिस्तान का कहीं नामो- निशान नहीं था। अंग्रेज जा तो रहे थे, लेकिन उनकी साजिश का फलाफल था, कि भारत को बांटकर एक अन्य देश खड़ा किया गया।

    विभाजन की घटना को याद किया जाए तो 14 अगस्त, 1947 का दिन भारत के लिए इतिहास का एक गहरा जख्म है। वह जख्म तो आज तक ताजा है और भरा नहीं है। यह वो तारीख है, जब देश का बंटवारा हुआ और पाकिस्तान एक अलग देश बना। बंटवारे की शर्त पर ही भारत को अंग्रेजों से आजादी मिली। भारत-पाक विभाजन ने भारतीय उप महाद्वीप के दो टुकड़े कर दिए। दोनों तरफ पाकिस्तान (पूर्वी और पश्चिमी पाकिस्तान) और बीच में भारत। इस बंटवारे से बंगाल भी प्रभावित हुआ। पश्चिम बंगाल वाला हिस्सा भारत का रह गया और बाकी पूर्वी पाकिस्तान। पूर्वी पाकिस्तान को भारत ने 1971 में बांग्लादेश के रूप में स्वतंत्र राष्ट्र बनाया। देश का बंटवारा हुआ, लेकिन शांतिपूर्ण तरीके से नहीं। इस ऐतिहासिक तारीख ने कई खूनी मंजर देखे। भारत का विभाजन खूनी घटनाक्रम का एक दस्तावेज बन गया, जिसे हमेशा उलटना-पलटना पड़ता है। दोनों देशों के बीच बंटवारे की लकीर खिंचते ही रातों-रात अपने ही देश में लाखों लोग बेगाने और बेघर हो गए। धर्म-मजहब के आधार पर न चाहते हुए भी लाखों लोग इस पार से उस पार जाने को मजबूर हुए। इस अदला-बदली में दंगे भड़के, कत्लेआम हुए। जो लोग बच गए, उनमें लाखों लोगों की जिंदगी बर्बाद हो गई। भारत-पाक विभाजन की यह घटना सदी की सबसे बड़ी त्रासदी में बदल गई। यह केवल किसी देश की भौगोलिक सीमा का बंटवारा नहीं बल्कि लोगों के दिलों और भावनाओं का भी बंटवारा था। बंटवारे का यह दर्द गाहे-बगाहे हरा होता रहता है। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस इसी दर्द को याद करने का दिन है।
    सूचना विभाग के लगाई गयी प्रदर्शनी के माध्यम से भारतीय इतिहास के काले अध्यायों में से एक अध्याय भारत विभाजन की त्रासदी है, जिसने भारत के दो टुकड़े कर हर भारतीय को गहरा आघात पहुंचाया, जिसने सदियों से कायम सामाजिक, आर्थिक, राजनैतिक एक सांस्कृतिक एकजुटता को पल भर में खण्डित कर दिया। भारत विभाजन की इस त्रासद स्मृति के बारे में भविष्य के नवजवान पीढ़ियों को बताने और उसके दुष्परिणाम को संज्ञानित करने के लिए शासन द्वारा भारत विभाजन विभिषिका स्मृति दिवस का आयोजन देश के विभिन्न भागों में किया जा रहा है। विभाजन की त्रासदी के दुष्परिणामों की स्मृतियों को भविष्य की पीढ़ियों, आमजनागरिकों, को परिचित कराने हेतु एक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। जिसमें देश के विभाजन के परिणामस्वरूप नागरिकों ने किन-किन यातनाओं को सहा, इसका सम्पूर्ण चित्रण इसमें किया गया था,। मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य ने इस मौके पर विभाजन की त्रासदियों के दुष्परिणामों से उपस्थित भावी पीढ़ियों को अवगत कराया और कहा कि हमें अग्रेजों ने धर्म के आधार पर एक दूसरे से पृथक कर दिया था, उसी के परिणामस्वरूप हमारे देश का विभाजन हुआ। हमें इस चीज से सीख लेनी चाहिए कि आपसी फूट और वैमनुस्य सदैव विघटनकारी होती है और अब हमें उसी से सीख लेकर एकजुट रहना है। बीता हुआ समय हमें यह सीख देता है कि आने वाले समय में हम उन गलतियों को न करें, जो हमने पूर्व में किया है। हम सबको जाति, मजहब जैसे चीजों से परे रहकर हमेशा एकजुट हरना है, जिससे सशक्त राष्ट्र का निर्माण होगा। हमारा देश विविधताओं वाला देश है, लेकिन इसके बावजूद भी हम एक है, और इसका एहसास हमें सदैव रहना चाहिए, तभी इस महान राष्ट्र की अखण्डता बनाये रखेंगें। इस कार्यक्रम में अखिलेश सिंह, प्रवीण सिंह, ओमप्रकाश राय, विजय शंकर राय, कार्तिक गुप्ता, पीयूष राय, अभिनव सिंह छोटू, अविनाश सिंह आदि लोग उपस्थित रहें।

  • महिला पीजी कॉलेज में शोध कक्षाएं हुई शुरू

    महिला पीजी कॉलेज में शोध कक्षाएं हुई शुरू

    राजकीय महिला महाविद्यालय में शोध कक्षाएं प्रारंभ हुई।

    गाजीपुर। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय अपने सृजनात्मक उन्नयन हेतु सदैव प्रयत्नशील रहता है। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर द्वारा इसे जनपद के महाविद्यालयों में संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों में पीएचडी प्रवेशित शोधार्थियों के कोर्स वर्क के अध्यापन का कार्य आज से प्रारंभ हुआ। कोर्स वर्क का उद्घाटन करते हुए प्राचार्य प्रो सविता भारद्वाज ने कहा कि शोध की गुणवत्ता से ही अकादमिक संस्थाओं की पहचान बनती है। मुझे इस बात को बताते हुए अपार हर्ष का अनुभव हो रहा है कि इस वर्ष गाजीपुर जनपद में यह केंद्र शोध का एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। डा संतन कुमार राम ने शोध प्रविधि पर बोलते हुए कहा कि शोध समस्याओं की खोज,पहचान एवं निदान का एक उपक्रम है। इसलिए इसमें विविधताएं पाई जाती है। शोध का उद्देश्य समाज हित के साथ साथ विभिन्न अनुशासनो के विकास में सहायता पहुंचना होता है।

    आज की कक्षा में शिक्षाशास्त्र, बी एड, अंग्रेजी, गृह विज्ञान, भूगोल, भौतिकी, वनस्पतिविज्ञान, प्राणि विज्ञान, रसायन विज्ञान, समाजशास्त्र, मनोविज्ञान, इतिहास, दर्शन शास्त्र और गणित आदि के शोधार्थी उपस्थित रहे हैं। महाविद्यालय के शोध अध्ययन केंद्र प्रभारी डॉ निरंजन कुमार यादव ने बताया कोर्स वर्क की कक्षाएं अनुशासित ढंग से नियमित रुप से संचालित होंगी। इसके अंतर्गत शोध पत्र लेखन, रिसर्च एथिक्स, सामान्य कंप्यूटर ज्ञान, शोध परियोजना को कैसे बनाएं एवं राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठियों के आयोजन करने की अहर्ता एवं उसमें प्रतिभाग करने हेतु शोध पत्र आदि के लेखन पर भी कक्षाएं संचालित की जाएगी। इस अवसर पर महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ शिव कुमार, शोध प्रकोष्ठ प्रभारी डॉ दिवाकर मिश्र, शोध कोर्स वर्क सहप्रभारी डा विकास सिंह, डॉ अमित यादव, डॉ संगीता , डा शशिकला जायसवाल, डा एकलाख खान आदि उपस्थित रहे।

  • महिला पीजी कॉलेज ने निकाली तिरंगा रैली, लिया शपथ

    महिला पीजी कॉलेज ने निकाली तिरंगा रैली, लिया शपथ

    गाजीपुर। सोमवार को आजादी का अमृत महोत्सव समापन वर्ष के अंतर्गत तिरंगा रैली का आयोजन राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय द्वारा किया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना की स्वयंसेवियों को तिरंगे झंडे के साथ प्राचार्य प्रोफेसर सविता भारद्वाज द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना के जनपद नोडल अधिकारी डा अमित यादव ने बताया कि आजादी का अमृत महोत्सव के समापन वर्ष पर हर घर तिरंगा कार्यक्रम का आयोजन किए जाने का निर्देश शासन से प्राप्त हुआ था। जिसके क्रम में आज तिरंगा रैली निकाली गई एवं आम जनमानस को यह संदेश दिया गया कि प्रत्येक व्यक्ति अपने घर पर स्वेच्छा से मानकों का पालन करते हुए भारत का राष्ट्रीय ध्वज फहराए।

    यह तिरंगा रैली महाविद्यालय से निकलकर महुआ बाग चौराहे से होते हुए मिश्रा बाजार कोतवाली होते हुए महात्मा गांधी पार्क पहुंची। रैली के दौरान छात्राएं विजयी विश्व तिरंगा प्यारा, झंडा ऊंचा रहे हमारा, महात्मा गांधी सुभाष चंद्र बोस, भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद अमर रहे और वीर अब्दुल हमीद अमर रहे आदि का नारा लगाते हुए चल रही थी। महात्मा गांधी पार्क पहुंचकर छात्राओं ने रामधुन का वाचन किया एवं महात्मा गांधी के प्रतिमा पर पुष्पार्चन किया। तदुपरांत छात्राएं महाविद्यालय पहुंची जहां प्राचार्य ने उन्हें पांच प्रण की शपथ दिलाई। रैली में महाविद्यालय के कार्यक्रम अधिकारी डा गजनफर सईद, डा संगीता, रेंजर प्रभारी डा शिवकुमार आदि उपस्थित रहे।

  • किसान क्रेडिट कार्ड मेले का हुआ आयोजन

    किसान क्रेडिट कार्ड मेले का हुआ आयोजन

    गाजीपुर। मत्स्य पालको को किसान क्रेडिट कार्ड बनवाने में आ रही समस्याओं के निराकरण के लिए सोमवार को राइफल क्लब परिषर में लीड बैंक मैनेजर पीयूष सिंह परमार एवं मत्स्य पालक विकास अभिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सपना पुरी के द्वारा किसान क्रेडिट कार्ड मेले का आयोजन किया गया। मेले में जनपद के समस्त प्रमुख बैंक इंडियन बैंक, यूनियन बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, जिला सहकारी बैंक एवं बड़ौदा यू०पी० बैंक के स्टाल लगाये गये। बैंक समन्वयकों द्वारा मत्स्यपालकों को किसान क्रेडिट कार्ड की जानकारी दी गयी। मेले का प्रारम्भ पुण्य विकास अधिकारी के द्वारा किया गया।

    मेले में मुख्य अतिथि राज्यसभा सदस्य दर्शना सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह और नगरपालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल के द्वारा स्थल का निरीक्षण किया गया। मत्स्य पालकों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी अतिथि द्वारा दी गयी। लीड बैंक मैनेजर द्वारा अवगत कराय कराया गया कि 21 लाभार्थियों मत्स्य पालको को तत्काल किसान क्रेडिट कार्ड हेतु स्वीकृति दी गयी तथा अन्य आवेदनों पर भी शीघ्र स्वीकृति जारी करने का आश्वासन दिया गया। मुख्य विकास अधिकारी द्वारा सभी बैंको को निर्देश दिये गये कि मत्स्य पालकों को ज्यादा से ज्यादा संख्या में किसान क्रेडिट कार्ड जारी करें। मुख्य कार्यकारी अधिकारी सपना पुरी ने बताया गया कि मत्स्य विभाग के द्वारा समय-समय पर इस तरह मेले का आयोजन किया जाएगा। जिससे ज्यादा से ज्यादा के.सी. सी० मत्स्य पालको को प्राप्त हो सके। अपर जिलाधिकारी प्रशासन द्वारा भी मेले का निरीक्षण कर केसीसी की जानकारी ली गयी।

Uttar Pradesh Fast News