Home

  • शाह फैज स्कूल के छात्र छात्राओं का वार्षिक परीक्षाफल घोषित

    शाह फैज स्कूल के छात्र छात्राओं का वार्षिक परीक्षाफल घोषित

    गाजीपुर। सोमवार को शाह फैज विद्यालय प्रांगण में वार्षिक परीक्षाफल घोषित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विशेष प्रार्थना व दीप प्रज्ज्वलन से हुई। विद्यालय के निदेशक डॉ नदीम अधमी ने विशेष प्रार्थना की साथ ही सभी को वार्षिक परीक्षा फल की बधाई दी व भविष्य में और भी मेहनत करने की सलाह दी।  उसके पश्चात् कक्षा PG  से कक्षा 9 व 11 का परीक्षा परिणाम घोषित किया गया।

    प्रधानाचार्य इकरामुल हक़ ने वार्षिक रिपोर्ट में बताया कि इस वर्ष कुल 2285 छात्र -छात्राएं वार्षिक परीक्षा में सम्मिलित। 199 कक्षा 12 व 231 कक्षा 10 की सी बी एस सी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जिनका परिणाम प्रतीक्षारत है। वार्षिक परीक्षा का परिणाम 99.5 % रहा। कक्षा PG से शुजा आरफीन एवं अफ्फान ख़ान ,कक्षा एलकेजी से मोहम्मद आरिफ़, शान्वी सिंह, ज़ैनब ख़ान व ऋषभ गौतम ,यूकेजी से सौम्य पांडेय , पंखुड़ी केडिया ,अरशान अहमद, अवनीश पाल एवं आकिफा फातिमा ब्राइट स्टार घोषित किये गए। 

    कक्षा 1 से 5 में  निशांत राय  ने 99  9 % , कक्षा 6 से 8 में स्वरित कुमार राय एवं आफ़िया शफ़क़त 97.71 व  कक्षा 9 से 11 में पहल कुशवाहा ने 97.80 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया।  प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी विद्यालय में कनिष्ठ व वरिष्ठ वर्ग में सर्वश्रेष्ठ बालक व बालिका की उपाधि दी गयी। कनिष्ठ वर्ग से कक्षा 5 के निशांत राय व ज़ैनब अमानी व वरिष्ठ वर्ग से कक्षा 8 के स्वरित कुमार  राय  व कक्षा 9 से जुनैरा मसूद को  क्रमशः सर्वश्रेष्ठ बालक व सर्वश्रेष्ठ बालिका की उपाधि दी गयी।

    विद्यालय की निदेशिका डॉ मीना अधमी ने भी सभी छात्र-छात्राओं को वार्षिक परीक्षा फल की बधाई दी व अपने माता-पिता व गुरुजनों को धन्यवाद देने को कहा क्योंकि यही वो लोग हैं जिनकी सहायता के बिना कुछ भी संभव नहीं हो सकता। उन्होंने यह भी कहा कि हमें सीखना कभी नहीं बंद करना चाहिए। विद्यालय की मैनेजर मैडम अतिआ अधमी ने भी सभी को वार्षिक परीक्षाफल की शुभकामनायें दीं। 

    इस कार्यक्रम में सभी छात्र छात्राएं, निदेशक डॉ नदीम अधमी , निदेशिका डॉ मीना अधमी, वित्तीय एवं शैक्षणिक सलाहकार शमा अधमी, प्रधानाचार्य इकरामुल हक़, उप प्रधानाचार्य (शैक्षणिक) नेहा कुरैशी, परीक्षा नियंत्रक हनीफ अहमद, मुख्यअध्यापिका चंदना श्रीवास्तव, प्री-प्राइमरी इंचार्ज प्रियंका सिंह, माधुरी पांडेय , सुनंदा एवं अन्य शैक्षणिक व गैर शैक्षणिक कर्मचारी उपस्थित थे।

    कार्यक्रम की साज सज्जा नुज़हत नसीम , आमना ओबैद , सिमरन जायसवाल, अंकिता दुबे एवं उमेश ने की। कार्यक्रम में गीत की प्रस्तुति शान कुशवाहा व शगुन कुशवाहा तथा अन्य ने की जिसका संगीत श्याम कुमार शर्मा व गिरधर शर्मा ने दिया।। कार्यक्रम का सञ्चालन उप प्रधानाचार्य (शैक्षणिक) नेहा कुरैशी, मुख्याध्यापिका चंदना श्रीवास्तव एवं प्रियंका सिंह ने किया।  कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान से हुआ।

                    

  • 12 से 23 फरवरी तक होगा क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन

    12 से 23 फरवरी तक होगा क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन

    12 से 23 फरवरी तक होगा क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन

    गाजीपुर। गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के तत्वाधान में 4 फरवरी को अरोरा फाउंडेशन महुआबाग में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया । गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के प्रेसिडेंट अभिषेक सिंह ने बताया कि यह प्रतियोगिता 12 फरवरी से 23 फरवरी तक गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के तत्वधान में प्रथम स्वर्गीय श्री नारायण सिंह (पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष) एवं स्वर्गीय श्री अजीत कुमार सिंह स्मारक ऑल इंडिया कैश मनी क्रिकेट (G 20-20) प्रतियोगिता का आयोजन होना है। इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न स्थानों की कुल 8 टीम प्रतिभागी होंगी। जिसमें रणजी ट्रॉफी, आईपीएल, बोर्ड ट्राफी के खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे।यह आयोजन जनपद में पहली बार वृहद स्तर पर किया जा रहा है।

  • राष्ट्रपति से मिले डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चे

    राष्ट्रपति से मिले डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चे

    राष्ट्रपति से मिले डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चे


    गाजीपुर। राष्ट्रपति भवन में आयोजित बाल दिवस पर नगर के डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चों ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की और अपने मन की जिज्ञासा को दूर किया। राष्ट्रपति से संवाद कर बच्चे काफी प्रफुल्लित हैं। राष्ट्रपति ने भी उन्हें पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भी हिस्सा लेने की सीख दी। इस दौरान राष्ट्रपति भवन व संसद भवन का भी भ्रमण किया। यह जिले के लिए गौरव की बात है। राष्ट्रपति भवन के सेंट्रल हाल में आयोजित बाल दिवस पर कार्यक्रम के लिए जिले के सनबीम स्कूल के बच्चों का चयन किया गया था।
    स्कूल की डायरेक्टर एकता अखंड राय, शिक्षक कमलेश सिंह के साथ छात्र अभ्युदय प्रताप, निवेदिता प्रधान, आदर्श राय व सौम्या राय कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। बच्चों ने बताया कि राष्ट्रपति प्रोटोकाल तोड़कर उनके बीच आ गयीं और संवाद किया। अभ्युदय प्रताप व निवेदिता ने राष्ट्रपति से पूछा कि आपको महामहिम के पद पर आने के बाद कैसा लगा? तो उन्होंने जवाब दिया बिल्कुल, बहुत अच्छा लगा। फिर बच्चों ने सफल होने के बाद कैसा महसूस करतीं हैं। जवाब दिया सफलता का कोई अंत नहीं है। राष्ट्रपति ने सीख दी कि आप बच्चे आगे बढ़ते जाइए। आपका बचपन कैसा के सवाल पर उन्होंने कहा कि मैं भी आपकी तरह बगीचों और मिट्टी में खेला करती थीं। आज की तरह अच्छे स्कूल नहीं थे। उन्होंने बच्चों को मेहनत की सीख दी। साथ ही शिक्षकों से बच्चों को रोचक तरीके से शिक्षण कार्य कराने के साथ ही शारीरिक व मानसिक विकास के लिए खेलकूद को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

  • डीएम ने की बैठक,दिया निर्देश

    डीएम ने की बैठक,दिया निर्देश

    गाजीपुर। जिला उद्योग बन्धु एवं स्वरोजगार बन्धु की बैठक गुरुवार को जिला पंचायत सभागार में जिलाधिकारी एम पी सिंह  की अध्यक्षता मे सम्पन्न हुआ।इस बैठक में जिलाधिकारी ने मण्डी समिति दुल्लहपुर की जमीन अन्य़त्र स्थानान्तिरित किए जाने हेतु निस्तारण का निर्देश , व्यापारियो के समस्याओ के समाधान, उद्यमी वशिष्ट सिंह यादव के विद्युत बिल भुगतान प्रकरण के समाधान, औद्योगिक आस्थान नन्दगंज में सड़क , नाली , बाउण्डरीवाल निर्माण, निवेश मित्र पोर्टल, प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री रोजगार/युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद,पी एम सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार, आजीविका मिशन,पी एम स्वनिधि योजना एवं अन्य बिन्दूओ पर समीक्षा कर उद्यमियो के समस्याओ पर चर्चा की गयी तथा सम्बन्धित अधिकारियों को शिकायतो के निस्तारण का निर्देश दिया ।उद्यमी एस के दूबे ने सुखदेवपुर चौराहे से गाजीपुर घाट तक के 800 मीटर मार्ग जो बिल्कुल क्षतिग्रस्त है को सही कराने का अनुरोध एंव व्यापार मण्डल के विजय शंकर वर्मा ने रौजा से एम ए एच इण्टर कालेज तक जर्जर के बारे मे अवगत कराया । जिस पर जिलाधिकारी ने समन्धित अधिकारी को स्थलीय निरीक्षण करते हुए कार्यवाही का निर्देश दिया।
    जिलाधिकारी उधोगों के विकास में बैंको से अधिकाधिक सहयोग प्राप्त किये जाने के सम्बन्ध मे जिला अग्रणी प्रबंधक से अपेक्षा की। उद्यामियों के शिकायतो को सम्बन्धित अधिकारियों को समय से निस्तारण का निर्देश दिया। इस अवसर पर उघमी बशिष्ठ सिंह यादव, ए0के0दुबे अध्यक्ष ईट भठ्ठा एसोसिएशन एवं अन्य उद्यमी एंव व्यापार मण्डल के पदाधिकारी उपस्थित थे।

  • 13 सितंबर को होगा लोक अदालत का आयोजन

    13 सितंबर को होगा लोक अदालत का आयोजन

    गाजीपुर।उ0प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ से प्राप्त निर्देशानुसार दिनांक 13.09.2025 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन जनपद न्यायालय, गाजीपुर, वाह्य स्थित न्यायालय सैदपुर एवं मुहम्मदाबाद तथा ग्राम न्यायालय जखनियां व जमानियां के साथ-साथ अन्य सरकारी प्रतिष्ठानों में किया जाएगा।
    विजय कुमार-IV , अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश/सचिव पूर्णकालिक, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गाजीपुर के द्वारा अवगत कराया गया कि पूर्व की भांति राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा निर्देशित प्रकरण यथा उत्तराधिकार प्रमाण पत्र संबंधी, छोटे व लघु दाण्डिक वाद, पारिवारिक वाद, धारा-138 एन.आई.एक्ट, स्टाम्प वाद/पंजीयन वाद, मोटर अधिनियम वाद, चकबंदी वाद, श्रम वाद, उपभोक्ता फोरम वाद, वाट-माप प्रचलन अधिनियम वाद, कराधान प्रकरण, बिजली चोरी के वाद, सुलह समझौता एवं मध्यस्थता के माध्यम से वैवाहिक विवाद को परिपक्व कराकर आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत में पूर्व की तुलना में ज्यादा से ज्यादा वादों का निस्तारण कर, आमजन को लाभान्वित करते हुए, राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाना है।
    उक्त के अनुपालन में आज एक आवश्यक बैठक दस कक्षीय भवन सभागार, जनपद न्यायालय गाजीपुर में अपरान्ह 01ः30 बजे आयोजित की गई। जिसमें  शक्ति सिंह, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश कक्ष सं0-01/नोडल अधिकारी, लोक अदालत गाजीपुर, विजय कुमार-IV, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश/सचिव पूर्णकालिक, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गाजीपुर, जयवीर सिंह, ब्रांच मैनेजर बैंक ऑफ इण्डिया गाजीपुर,  राजीव रंजन, मैनेजर यूनियन बैंक ऑफ इण्डिया गाजीपुर, राजनाथ यादव, चीफ मैनेजर स्टेट बैंक ऑफ इण्डिया गाजीपुर, यू0पी0 ग्रामीण बैंक मैनेजर, संतोष कुमार, जिला सहकारी बैंक एस0बी0एम0 गाजीपुर,  रूपेश सिंह, चीफ मैनेजर बैंक ऑफ बड़ौदा गाजीपुर,मुकेश कुमार, केनरा बैंक एस0बी0एम0,  नवनीत कुमार, ब्रांच मैनेजर यूको बैंक गाजीपुर व अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित हुए।
     बैठक में दिनांक 13.09.2025 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में सुलह समझौता के आधार पर बैंक ऋण संबधी एवं जनहित में प्रचार-प्रसार हेतु सोशल मीडिया, लोकल रेडियो चैनल व मीडिया चैनल, यू-ट्यूब के माध्यम से तथा दैनिक समाचार पत्रों में प्रकाशित करने के लिए विशेष रूप से चर्चा की गई।

  • शाह फैज स्कूल की छात्राओं को मिला गोल्ड मेडल

    शाह फैज स्कूल की छात्राओं को मिला गोल्ड मेडल

    गाजीपुर। आज के दिन शाह फ़ैज़ पब्लिक स्कूल में हर्ष और उल्लास का वातावरण रहा। प्रदेश की राजधानी लखनऊ में ‘अस्मिता खेलो इंडिया किकबॉक्सिंग लीग चैंपियनशिप 2025 ‘में विद्यालय की छात्राओं द्वारा कोच देवेन्द्र प्रजापति , टीम  मैनेजर आमना ओबैद एवं जूनियर कोच प्रियांशु राय के निर्देशन में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया गया। जिसमें छात्राओं ने 9 गोल्ड मेडल और दो सिल्वर मेडल प्राप्त किया ।

    गोल्ड मेडल प्राप्त करने वाली छात्राओं में – कीर्ति कौर, तेजस्विनी सिंह, खुशी, अंजली यादव, रिद्धि गुप्ता ,शिल्पा यादव, उषमा यादव, प्रज्ञा राय और साक्षी कुमारी तथा सिल्वर मेडल प्राप्त करने वाली – अर्पिता कुमारी एवं अनुषा यादव को विद्यालय की ओर से भी सम्मानित किया गया। विद्यालय के निदेशक डॉ नदीम अदहमी एवं निदेशिका डॉ मीना अदहमी ने छात्राओं को बधाई दिया तथा भविष्य में भी सफलता प्राप्त करते रहने के लिए प्रोत्साहित किया।

  • भारत रत्न राजीव गांधी की मनाई गई 81वीं जयंती

    भारत रत्न राजीव गांधी की मनाई गई 81वीं जयंती

    गाज़ीपुर।शहर कैंप कार्यालय सकलेनाबाद पर बुधवार को भारत रत्न, दूरसंचार क्रांति के जनक और आधुनिक भारत के शिल्पी, पूर्व प्रधानमंत्री स्व.राजीव गांधी की 81वीं जयंती “सद्भावना दिवस” के रूप में मनाई गई। कांग्रेसजनों ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और भाईचारे, शांति एवं एकता को बनाए रखने का संकल्प लिया।

    इस अवसर पर खालिसपुर गांव में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा पौधारोपण कार्यक्रम भी किया गया। जिसे राजीव गांधी के सपनों के “हरित और प्रगतिशील भारत” का प्रतीक बताया गया।

    शहर कांग्रेस अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा ने कहा कि राजीव गांधी ने भारत को आधुनिक तकनीक और सूचना-प्रौद्योगिकी की राह पर अग्रसर किया। उन्होंने युवाओं को राजनीति में स्थान देकर लोकतंत्र को मजबूत किया।
    एआईसीसी सदस्य रविकांत राय एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता अजय सिंह ने संयुक्त रूप से कहा कि आज जब नफरत फैलाने वाली राजनीति चरम पर है, तब राजीव गांधी की “सद्भावना” की नीति ही देश को जोड़ने का मार्ग दिखाती है।
    पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. मारकंडेय सिंह ने कहा कि पंचायत राज व्यवस्था और सत्ता के विकेंद्रीकरण का सपना राजीव गांधी ने ही साकार किया। आज की सरकार सिर्फ़ सत्ता बचाने के लिए समाज को बांटने में लगी है, जबकि राजीव जी ने समाज को जोड़ने का काम किया।
    पीसीसी सदस्य एवं जिला प्रवक्ता अजय कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि भाजपा की सरकारें “धर्म और नफरत” की राजनीति में उलझाकर जनता की असली समस्याओं से ध्यान भटकाना चाहती हैं। जबकि राजीव गांधी ने सदैव विकास, तकनीकी प्रगति और सामाजिक सद्भाव को सर्वोपरि रखा।

    उपस्थित कांग्रेसजनों ने शपथ ली कि वे समाज में शांति और भाईचारे को बनाए रखने के लिए संघर्षरत रहेंगे।

    कार्यक्रम में प्रमुख रूप से वरिष्ठ कांग्रेस नेता अजय सिंह, ज्ञान प्रकाश सिंह, राजीव सिंह, राम नगीना पांडे, चंद्रिका सिंह, मंसूर जैदी, इरफान अंसारी, कुसुम तिवारी, महबूब निशा, अखिलेश यादव, आशुतोष गुप्ता, दिव्यांशु पांडे, सदानंद गुप्ता, राजेश उपाध्याय, संजय गुप्ता, श्याम नारायण कुशवाहा, सुमन चौबे, सीमा विश्वकर्मा, पारस उपाध्याय, मुस्ताक, देवेंद्र कुमार सिंह, मोहन राम, संजय सिंह, सुशील कुमार सिंह, ओम प्रकाश पांडे, राजेश विश्वकर्मा, रिजवाना रसूदन, किरण देवी, शिवा अंसारी आदि लोग उपस्थित रहे।

  • शक्ति फाउंडेशन द्वारा रक्षाबंधन और मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन

    शक्ति फाउंडेशन द्वारा रक्षाबंधन और मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन

    गाजीपुर में शक्ति फाउंडेशन द्वारा छात्राओं के बीच रक्षाबंधन और मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन

    गाजीपुर। लक्ष्मीबाई स्कूल, फुल्लनपुर में शक्ति फाउंडेशन द्वारा रक्षाबंधन और मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय की वरिष्ठ शिक्षक अर्चना राय ने कराया। जिसमें शौर्या सिंह और सौम्या सिंह ने विशेष सहयोग किया। शक्ति फाउंडेशन द्वारा इसके पूर्व राजकीय बालिका इंटर कॉलेज और महिला कॉलेज, गाजीपुर में भी ये कार्यक्रम कराए गए थे जिसमें कई छात्राओं ने भाग लिया, शौर्या सिंह ने बताया कि हम लोग संस्थाओं के माध्यम से स्कूलों और कॉलेज में जाकर इस प्रकार के आयोजन करते हैं जिससे छात्राओं में सकारात्मक प्रभाव पड़ते हैं, और उन्हें संस्था द्वारा पुरस्कृत भी किया गया।

    रक्षाबंधन प्रतियोगिता की विजेता रहीं…

    प्रथम पुरस्कार: उरुज
    द्वितीय पुरस्कार: पलक गुप्ता

    मेहंदी प्रतियोगिता की विजेता रहीं…

    प्रथम पुरस्कार: अंजलि कुमारी (जीजीआईसी, गाज़ीपुर)
    द्वितीय पुरस्कार: माधुरी चौहान
    तृतीय पुरस्कार: अंकिता भारती

    महिला डिग्री कॉलेज की विजेता

    प्रथम पुरस्कार: अर्चना कश्यप (बीए द्वितीय वर्ष)
    द्वितीय पुरस्कार: रितिका सिंह (बीए द्वितीय वर्ष)
    तृतीय पुरस्कार: वैशाली (बीए द्वितीय वर्ष) रही।

  • डीएम ने जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक,रोका वेतन

    डीएम ने जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक,रोका वेतन

    गाजीपुर। जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने समीक्षा के दौरान सी एच सी गोड़उर के बी0पी0एम0 तथा सी एच सी भदौरा, एवं गोड़उर के बी0ए0एम0 के कार्य में लापरवाही पाए जाने पर वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया।
    उन्होने समस्त एम ओ वाई सी को निर्देश दिया कि अपने- अपने क्षेत्रो के मरीजो की जानकारी अवश्य रखे। समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने  समस्त एम0ओ0वाई0सी0 को निर्देशित किया कि किसी भी प्रकार का भुगतान पेण्डिंग न रहें तत्काल भुगतान करें। उन्होने कहा कि टी0बी0 मरीजो को सरकारी दवा ही दी जाए एवं जॉच कराने के लिए जागरूक करें किसी भी मरीज को बाहर की दवा न दी जाए। जिलाधिकारी ने संबंधित को निर्देशित किया कि आशा का भुगतान समय से किया जाए,समस्त एम0ओ0वाई0सी0 तहसीलों पर बी0एच0एन0डी0 की बैठक करते रहें। जिलाधिकारी ने कहा कि हेल्थ वेलनेस सेन्टर पर आवश्यक दवाओ की उपलब्धता रहे, ओ0पी0डी0 का संचालन तथा नियमित रूप से सी0एच0ओ0 एवं एन0एम0 की उपस्थिति का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने संबंधित चिकित्सा अधीक्षको को हेल्थ वेनलेस सेन्टर की क्रियाशीलता बराबर चेक करते रहने का निर्देश दिया। समीक्षा के दौरान उन्होने जननी सुरक्षा योजनार्न्तगत गर्भवती महिलाओं के संस्थागत प्रसव के संबंध मे जानकारी लेते हुए इस कार्यक्रम के अन्तर्गत महिलाओ को निःशुल्क भोजन तथा दवा एवं ड्राप बैक की सुविधा के साथ-साथ 48 घण्टे रोके जाने के निर्देश दिए।  
    बैठक मे जिलाधिकारी ने ओ पी डी एवं आई पी डी की समीक्षा, एफ आर यू0, आर बी एस के कार्यक्रम, दृष्टिहीनता निवारण, एम्बुलेंस सेवाए, वेक्टर जनित रोग नियंत्रण, ई-कवच, आभा आई डी प्रगति, जननी सुरक्षा योजना, जे0एस0वाई के भुगतान, मातृत्व मृत्यु दर की समीक्षा, परिवार कल्याण कार्यक्रम, टीकाकरण, क्षय रोग नियंत्रण, कुष्ठ उन्मूलन, प्रधानमंत्री आयुष्मान कार्ड, जन्म-मृत्यु पंजीयन, अन्य बिन्दुओ पर विस्तारपूर्वक समीक्षा की।  उन्होने कहा कि जो भी शासन की योजनाए संचालित है उसका शत-प्रतिशत क्रियान्वयन हो, कोई भी पात्र योजना से वंचित न रहे।
    बैठक में मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, मुख्य चिकित्साधिकारी सुनिल पाण्डेय, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी (एन एच एम), समस्त एम ओ वाई सी एंव अन्य सम्बन्धित जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

  • महिला पीजी कॉलेज के छात्राओं का हुआ एनसीसी कैडेट में चयन

    महिला पीजी कॉलेज के छात्राओं का हुआ एनसीसी कैडेट में चयन

    गाजीपुर। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में मंगलवार को एन·सी·सी· में नए कैडेट्स की भर्ती हेतु चयन प्रक्रिया संपन्न हुई। 28 यू·पी· गर्ल्स बटालियन की एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिसर मेजर संगीता, सूबेदार मेजर इन्द्र गुरुंग एवं एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर लेफ्टिनेंट शशि कला जायसवाल की उपस्थिति में बीए प्रथम सेमेस्टर की छात्राओं का दौड़, ड्रिल टेस्ट, वायस टेस्ट, फिजिकल टेस्ट आदि शारीरिक परीक्षण एवं हिंदी-अंग्रेजी पठन एवं लेखन आदि मेधा परीक्षण आदि के माध्यम से अंतिम चयन किया गया। चयनित छात्राओं को एनसीसी कैडेट के रूप में भर्ती हेतु निर्धारित फार्म भी वितरित किया गया।


    छात्राओं के बीच एनसीसी के बढ़ते रुझान का अनुमान इस चयन प्रक्रिया में उपस्थित छात्राओं की संख्या से लगाया जा सकता है। चयन प्रक्रिया में शामिल होने के लिए महाविद्यालय के रानी लक्ष्मीबाई प्रांगण मे बी.ए./बीएस.सी .प्रथम वर्ष की लगभग 270 छात्राएं उपस्थित थी। एनसीसी की कुल निर्धारित सीट इस वर्ष के लिए 52 थी । जिसमें 7 कैडेट अन्य इंटरमीडिएट कॉलेज से ‘B’ सर्टिफिकेट उत्तीर्ण करके आए थे , जिन्हें एनसीसी ‘C’ सर्टिफिकेट में सीधे एडमिशन दिया गया। बाकी बची 45 सीटों के लिए 270 दावेदार थे

    महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ शिव कुमार के अनुसार एनसीसी चयन के लिए उपस्थित छात्राओं की शारीरिक ऊंचाई, भारतीय सैन्य एवं पुलिस बलों के प्रति ज्ञान एवं रुझान की चयन से जुड़े अधिकारियों ने अतिशय प्रशंसा की। इस चयन प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने में सीनियर अंडर ऑफिसर प्राजंलि सिंह ,अंडर ऑफिसर पांशी विश्वकर्मा, अंडर ऑफिसर शाइस्ता परवीन, के साथ दीक्षा यादव आकांक्षा यादव आदि कैडेट्स ने अपना सहयोग प्रदान किया। प्राचार्य प्रोफेसर डॉ अनिता कुमारी ने सभी चयनित छात्राओं को बधाई दी।

  • डीएम-एसपी ने शिकायतों का निस्तारण, अफसरों को दिया निर्देश

    डीएम-एसपी ने शिकायतों का निस्तारण, अफसरों को दिया निर्देश

    गाजीपुर। जन समस्याओ के त्वरित निस्तारण हेतु सम्पूर्ण समाधान दिवस सोमवार को तहसील जखनियां में डीएम अविनाश कुमार की अध्यक्षता एवं एसपी डा0 ईरज राजा की उपस्थिति में तहसील सभागार सम्पन्न हुआ। जिसमे 74 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए मौके पर 04 का निस्तारण किया गया। जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु सातांे तहसीलो की सूचना के अनुसार सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 258 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए जिसमें मौके पर  27 शिकायत/प्रार्थना पत्रो  का निस्तारण किया गया।

    डीएम ने सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर आम जनमानस की शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए कुछ शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कराया तथा शेष शिकायतों को सम्बंधित अधिकारियों को अग्रसारित करते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु निर्देशित किया गया। इस अवसर पर पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों/कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि जमीनी विवाद और आपसी विवाद एक ही विषय से सम्बन्धित होते है। इस लिए राजस्व विभाग एवं पुलिस विभाग के अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित करते हुए विवादों का निस्तारण सुनिश्चित करें।

    तहसील के समस्त लेखपालों को निर्देशित किया गया कि शिकायतकर्ता की छोटी-छोटी समस्याएँ जिनका तत्काल निस्तारण किया जा सकता है। उसके लिए किसी व्यक्ति को परेशान न किया जाये। उन्होने कहा गया कि जन शिकायतों का निस्तारण शासन की प्राथमिकता है। अतः इसमें किसी भी तरह की लापरवाही या उदासीनता अक्षम्य होगी। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी जखनियां, जिला विकास अधिकारी सुभाष चन्द्र सरोज, तहसीलदर जखनियां, क्षेत्राधिकारी भुड़कुड़ा एवं समस्त सम्बन्धित अधिकारी एवं पुलिस के अधिकारी उपस्थित रहे।

  • स्वतंत्रता आंदोलन में शहीद हुए 8 स्वतंत्रता सेनानियों को एलजी मनोज सिन्हा दी श्रद्धांजलि

    स्वतंत्रता आंदोलन में शहीद हुए 8 स्वतंत्रता सेनानियों को एलजी मनोज सिन्हा दी श्रद्धांजलि

    स्वतंत्रता आंदोलन में शहीद हुए 8 स्वतंत्रता सेनानियों को एलजी मनोज सिन्हा दी श्रद्धांजलि

    गाजीपुर। जम्मू काश्मीर के एलजी मनोज सिन्हा सोमवार को गाजीपुर पहुंचे।गाजीपुर के मुहम्मदाबाद स्थित शहीद पार्क पहुंच कर एलजी मनोज सिन्हा ने शहीद दिवस समारोह में शिरकत की।इस दौरान उन्होंने देश के स्वतंत्रता आंदोलन में शहीद हुए 8 स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दी।मुहम्मदाबाद के शहीद पार्क में अष्ट शहीदों की स्मृति में कार्यक्रम आयोजित था।स्वाधीनता संग्राम आंदोलन के दौरान 18 अगस्त 1942 को मुहम्मदाबाद में 8 स्वतंत्रता सेनानी अंग्रेजो की गोली लगने से शहीद हुए थे।इन अष्ट शहीदों की स्मृति में हर वर्ष 18 अगस्त को कार्यक्रम आयोजित किया जाता है।कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए एलजी मनोज सिन्हा ने देश की गौरवशाली परम्परा का जिक्र करते हुए देश की आजादी के लिए बलिदान होने वाले शहीदों को याद किया।उन्होंने देश के विकास और समृद्धि के लिए हर नागरिक के कर्त्तव्यों को रेखांकित किया।

  • वेलफेयर क्लब की बैठक में कजरी महोत्सव व मेहंदी प्रतियोगिता की घोषणा

    वेलफेयर क्लब की बैठक में कजरी महोत्सव व मेहंदी प्रतियोगिता की घोषणा

    वेलफेयर क्लब की बैठक में कजरी महोत्सव व मेहंदी प्रतियोगिता की घोषणा

    ग़ाज़ीपुर। सोमवार को वेलफेयर क्लब की एक आवश्यक बैठक क्लब के कैम्प कार्यालय कचहरी में सम्पन्न हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि क्लब के महिला प्रकोष्ठ के तत्वावधान में कजरी महोत्सव के अंतर्गत विविध सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
    संयुक्त सचिव सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि जनपद स्तरीय राधा–कृष्ण रूप सज्जा प्रतियोगिता आगामी 24 अगस्त को रामदूत इंटरनेशनल स्कूल में प्रातः 9 बजे से आयोजित होगी। इस प्रतियोगिता में एलकेजी से कक्षा 4 तक के छात्र-छात्राएं राधा–कृष्ण का रूप धारण कर प्रतिभाग करेंगे। प्रतियोगिता पूरी तरह निःशुल्क होगी, सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र एवं पदक देकर सम्मानित किया जाएगा।
    क्लब के पर्यावरण प्रभारी प्रतीक यादव ने स्पष्ट किया कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य बाल प्रतिभाओं को सांस्कृतिक परंपरा से जोड़ना और उनमें रचनात्मकता का विकास करना है।
    वहीं खेल प्रभारी विनोद मिश्रा ने जानकारी दी कि मेंहदी प्रतियोगिता का आयोजन 31 अगस्त को नगर के गौरी शंकर पब्लिक स्कूल में प्रातः 9 बजे से किया जाएगा। इसमें कक्षा 4 से कक्षा 12 तक के विद्यार्थी भाग ले सकेंगे।
    बैठक की अध्यक्षता कर रहे क्लब अध्यक्ष डॉ. शरद कुमार वर्मा ने बताया कि दोनों प्रतियोगिताओं के निष्पक्ष संचालन हेतु तीन सदस्यीय निर्णायक मंडल का गठन किया गया है। निर्णायकगण प्रतियोगिता स्थल पर ही परिणामों की घोषणा करेंगे। इस अवसर पर अजय यादव, पवन कुमार पांडेय, चुन्नू, रामनाथ कुशवाहा, प्रियतोष साहू, अभिषेक सिंह आदि उपस्थित रहे।

  • प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने अष्ट शहीद दिवस पर शहीदों को नमन किया

    प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने अष्ट शहीद दिवस पर शहीदों को नमन किया

    प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने अष्ट शहीद दिवस पर शहीदों को नमन किया

    गाजीपुर।प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय ने सोमवार को मोहम्मदाबाद में आयोजित “जय हिंद यात्रा” में शामिल होकर “अष्ट शहीद दिवस” पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि शेरपुर की धरती ने 18 अगस्त 1942 को स्वतंत्रता संग्राम का जो इतिहास रचा, वह सदैव स्मरणीय है। डॉ. शिवपूजन राय के नेतृत्व में हजारों नौजवान तिरंगा लेकर आगे बढ़े थे और आठ वीर सपूत शहीद हो गए, किंतु तिरंगा झुकने नहीं दिया गया। यह बलिदान आज की पीढ़ी के लिए प्रेरणा है।
    अजय राय ने मंच से संबोधित करते हुए कहा कि जबसे उन्हें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है, वे लगातार गाजीपुर की इस ऐतिहासिक भूमि पर आते रहे हैं। उन्होंने मोहम्मदाबाद की अगस्त क्रांति को याद दिलाते हुए सभी को एकजुट रहने और शहीदों के आदर्शों का अनुसरण करने का आह्वान किया।
    भाजपा सरकार पर कड़ा प्रहार करते हुए अजय राय ने कहा की
    “भाजपा ने महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया है। कानून-व्यवस्था ध्वस्त है और प्रदेश के मुख्यमंत्री केवल बुलडोजर की भाषा समझते हैं। जनता को धर्म और नफरत के नाम पर बांटकर सत्ता पर काबिज रहना ही इनकी राजनीति है।”

    उन्होंने एसआईआर मुद्दे पर भाजपा को घेरते हुए कहा कि इसमें सिर्फ मोदी विरोधियों ही नहीं बल्कि मोदी भक्तों के भी नाम काट दिए गए हैं, जिससे हर वर्ग के लोग दुखी और आक्रोशित हैं। निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा की
    “आयोग और उसके अधिकारी अब भाजपा प्रवक्ता की तरह काम कर रहे हैं। राहुल गांधी जी से हलफनामा मांगा जाता है, लेकिन अनुराग ठाकुर से क्यों नहीं? यह दोहरा मापदंड जनता देख रही है और सब समझ चुकी है।”
    अंत में अजय राय ने शहीदों को नमन करते हुए कहा कि
    “18 अगस्त 1942 को शहीद हुए वीर सपूतों का बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनका जीवन हमें सच्चाई, साहस और एकता का संदेश देता है। तिरंगा तब भी झुका नहीं था और आज भी वह इस देश की अस्मिता का प्रतीक बनकर फहर रहा है।”
    इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप सिंह, प्रदेश सचिव प्रसाद हुसैन बाबू, पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह, पूर्व विधायक अमिताभ अनिल दुबे, पूर्व विधायक पशुपतिनाथ राय, एआईसीसी सदस्य रविकांत राय, पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. मारकंडेय सिंह, अरविंद किशोर राय, आनंद राय, जनक कुशवाहा, अजय कुमार श्रीवास्तव, कुसुम तिवारी, महबूब निशा, अजय दुबे, सीताराम राय, इरफान खान, ज्ञान प्रकाश सिंह, मंसूर जैदी, हरिओम सिंह यादव, डॉ. गुड्डू कुमार, राम नगीना पांडे, अखिलेश यादव, सदानंद गुप्ता, राजेश सिन्हा, संतोष यादव, संजय सिंह, पारसनाथ उपाध्याय, हरे राम सिंह सहित सैकड़ों की संख्या में लोग उपस्थित रहे।

Uttar Pradesh Fast News