बी.एड. तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा में दो नकलचियों को किया गया रिस्टीकेट
गाजीपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर द्वारा आयोजित बी.एड. तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा गोराबाजार स्थित स्नातकोत्तर महाविद्यालय में चल रही है। शनिवार को बी.एड. तृतीय सेमेस्टर के द्वितीय प्रश्न पत्र की परीक्षा के दौरान दो परीक्षार्थी नकल करते हुए पकड़े गए, जिन्हें तत्काल रिस्टीकेट किया गया। गाजीपुर के स्नातकोत्तर महाविद्यालय में 20 बी.एड. कॉलेजों के लिए परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं। परीक्षा सुबह 10 बजे से 1 बजे तक आयोजित हुई। शनिवार को बी.एड. तृतीय सेमेस्टर के द्वितीय प्रश्न पत्र की परीक्षा में पंजीकृत 1157 परीक्षार्थियों में से 1143 उपस्थित रहे, जबकि 14 अनुपस्थित थे।
स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर (डॉ.) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने बताया कि विश्वविद्यालय परीक्षा विभाग के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखा गया है। परीक्षा के दौरान सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय परिसर में प्रवेश से पहले पुलिस बल और पीएससी के साथ सघन तलाशी ली गई। छात्रों को मोबाइल, स्मार्टवॉच, पर्स, अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और नकल के किसी भी साधन का उपयोग करने की सख्त मनाही की गई थी। शनिवार को नकल करते हुए पकड़े गए दोनों परीक्षार्थीयों के खिलाफ विश्वविद्यालय के निर्देशों के तहत कार्रवाई की गई।
प्राचार्य प्रोफेसर पाण्डेय ने यह भी जानकारी दी कि परीक्षा कक्षों की गहन जांच की गई। जांच के दौरान जो परीक्षार्थी नकल करते हुए पकड़े जा रहे हैं उनके खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जा रही है। आन्तरिक उड़ाका दल एवं जांच टीम में मुख्य कुलानुशासक प्रोफेसर (डॉ.) एस. डी. सिंह परिहार, प्रोफेसर (डॉ.) रविशंकर सिंह, प्रोफेसर (डॉ.) एस. एन. सिंह, प्रोफेसर (डॉ.) अरुण कुमार यादव, डॉ. बद्रीनाथ सिंह, डॉ. राम दुलारे, डॉ. योगेश, डॉ. गोपाल यादव, डॉ. प्रतिमा सिंह और डॉ. शिप्रा श्रीवास्तव समेत अन्य सदस्य शामिल थे। प्राचार्य प्रोफेसर पाण्डेय ने सभी परीक्षार्थियों से अपील की कि वे परीक्षा में किसी भी प्रकार के अनुचित साधन का उपयोग न करें।
गाजीपुर। जिला सहकारी बैंक लिमिटेड की 20वीं सामान्य निकाय की बैठक 22 फरवरी 2025 को बैंक मुख्यालय पर की गई। जिसमें मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद डा. संगीता बलवंत तथा विशिष्ट अतिथि केदार सिंह पूर्व एमएलसी एवं अभिनव सिन्हा उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सरोजेश सिंह अध्यक्ष जिला सहकारी बैंक द्वारा की गई। मंच का संचालन सचिन तिवारी इफको द्वारा किया गया। प्रबंध कमेटी के संचालक एवं बैंक के सदस्य समितियां के प्रतिनिधियों द्वारा उक्त बैठक में भाग लिया गया। कैलाश चंद सचिव /मुख्य कार्यपालक अधिकारी द्वारा 31 मार्च 2024 की स्थिति पर बैंक के संतुलन पत्र लाभ हानि खाता अधिकतम दायित्व 31/03/24 के वास्तविक बजट एवं वित्तीय वर्ष 2025 के प्रस्तावित बजट आदि बिन्दुओ को रखा गया उपस्थित सभी सदस्यों द्वारा प्रस्तुत किए गए एजेंडा का स्वीकृत किया गया। राज्य सभा सांसद डा संगीता बलवंत ने संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सहकारिता के समृद्धि के लिए सहकारिता मंत्रालय का गठन कर कृषि और किसान कैसे मजबूत हो इसका प्रयास किया है। उन्होंने जिला सहकारी बैंक के उपलब्धियों की सराहना करते हुए अध्यक्ष सरोजेश सिंह तथा पूरी बैंक टीम को बधाई दी। सभी लोगों से सहकारिता से जुड़ने का आह्वान किया। सांसद ने कृषकों को तीन प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण लेने तथा जिला सहकारी बैंक जो वर्तमान में डिजिटल सेवाओं को उपलब्ध करा रहा है उससे अधिक से अधिक जुड़ने को भी कहा गया। इस अवसर पर भाजपा के जिला अध्यक्ष सुनील सिंह, पारसनाथ राय, मीडिया प्रभारी भाजपा शशिकान्त शर्मा, वीरेंद्र सिंह अध्यक्ष डीसीएफ अंसलकुमार सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक तथा अन्य गणमान्य व्यक्तियों द्वारा भाग लिया गया।
गाजीपुर।उ०प्र० खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड के माध्यम से उ०प्र० माटीकला बोर्ड समन्वित विकास कार्यक्रम अन्तर्गत माटीकला टूल्स किट्स वितरण योजनान्तर्गत वर्ष 2024-25 में माटीकला से संबंधित प्रजापति समाज के 50 परम्परागत कारीगरों का निःशुल्क विद्युत चाक का वितरण एवं एक दिवसीय जागरूकता शिविर कार्याक्रम का आयोजन डा. संगीता बलवंत राज्यसभा सांसद एवं पूर्व मंत्री उ०प्र०, सरकार के द्वारा शनिवार को स्थान श्री राम लक्ष्मण जानकी मन्दिर (कुम्हार वंशज) के प्रांगण में ग्रा०पो०-रौजा जल निगम रोड जन०-गाजीपुर में किया गया। जिसमें मुख्यमंत्री माटीकला रोजगार योजना, माटीकला पुरस्कार योजना एवं माटीकला कॉमन फेसिलिटी सेन्टर के बारे में विस्तृत रूप से जानकारी प्रदान किया गया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि राजन कुमार प्रजापति जिला अध्यक्ष उ०प्र० कुम्हार संघ एवं अधोहस्ताक्षरी द्वारा माटीकला उत्पादों का उपयोग करने से पर्यावरण संरक्षण एवं मानव स्वास्थ्य पर पड़ने वाले अनुकूल प्रभाव तथा विविध लाभों को विस्तृत रूप से उपस्थित कारीगरों को अवगत कराया गया। उ०प्र० माटीकला बोर्ड द्वारा संचालित विभिन्न प्रकार की योजनाओं में अधिक से अधिक आवेदन कर लाभ लेने हेतु प्रेरित किया गया। उसके बाद मिट्टी के पात्र में सूक्ष्म जलपान आदि कराया गया। कार्यक्रम में माटीकला कारीगरों के साथ-साथ विभागीय कर्मचारी रविश कुमार दूबे, वरिष्ठ सहायक एवं पवन कुमार कनिष्ठ सहायक इत्यादि उपस्थित थे।
गाजीपुर। 24 फरवरी से उ०प्र० मा० शिक्षा परिषद की परीक्षा दो सत्रो में प्रारम्भ होगी। इस वर्ष दिनांक 26 फरवरी को महाशिवरात्रि,13 मार्च को होलिका दहन, 14 मार्च को होली, 31मार्च को ईद उलफितर, 06 अप्रैल को राम नवमी, 10 अप्रैल को महावीर जयंती एवं 14 अप्रैल को डॉ० भीम राव अम्बेडकर का जन्म दिवस तथा 18 अप्रैल को गुड फ्राइडे मनाया जाएगा। साथ ही समाचार पत्रों की सूर्खियों में आए दिन हो रही घटनाओं के अवलोकन से असामाजिक तत्वो द्वारा इसका लाभ उठाकर गलत अफवाहें एवं धार्मिक उन्माद फैलाकर शान्ति व्यवस्था को प्रभावित किया जा सकता है। उक्त त्यौहारों को सकुशल तथा शान्तिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हो सके, साथ ही साम्प्रदायिक दंगा एवं तनाव की स्थिति उत्पन्न न हो, के दृष्टिगत कानून एवं शान्ति व्यवस्था बनाए रखना आवश्यक है। उक्त को दृष्टिगत रखते हुए शासकीय एवं लोक सम्पत्ति के साथ-साथ सामान्य जन-जीवन को शान्तिमय एवं गतिरोध रहित बनाए रखने व किसी भी संभावित विधि विरुद्ध कार्यवाही को रोकने के लिए जनपद में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा-163 के अन्तर्गत निषेधाज्ञा लागू करना आवश्यक है। अतएव उक्त परिस्थितियों में लोक व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जनहित में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा-163 के अन्तर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए आर्यका अखौरी, जिला मजिस्ट्रेट गाजीपुर, द्वारा जनपद के सम्पूर्ण सीमा क्षेत्र में निम्नलिखित निषेधाज्ञा तात्कालिक प्रभाव से लागू की गयी हैं। तात्कालिक आवश्यकता के महत्व को देखते हुए उक्त आदेश पारित करने के पूर्व आम नागरिकों को व्यक्तिगत या सामूहिक सूचना देकर सुनवाई हेतु पर्याप्त समय नहीं है, इस स्थिति में प्रश्नगत आदेश एक पक्षीय रूप से पारित किया जा रहा है। आदेश के किसी अंश का उल्लंघन भा० न्याय संहिता की धारा 223 के अन्तर्गत दण्डनीय अपराध होगा। किसी सार्वजनिक स्थान पर पांच या पांच से अधिक व्यक्ति एकत्रित नहीं होंगे और न ही गैर कानूनी सभा करेंगे तथा न ही ऐसे स्थान पर प्रदर्शन व अनशन आदि का आयोजन करेंगे, कोई भी व्यक्ति या लाइसेंस धारक अपना लाइसेंसी असलहा लेकर किसी भी परिस्थिति में विचरण नहीं करेगा, कोई भी व्यक्ति किसी सार्वजनिक स्थान पर किसी प्रकार का आग्नेयास्त्र, धारदार हथियार, विस्फोटक पदार्थ, तेजाब या लाठी एवं बल्लम आदि और आक्रमण होने वाले अस्त्र लेकर नहीं चलेगा और न कोई ऐसा अस्त्र, किसी सार्वजनिक स्थान पर एकत्र करेगा और न प्रदर्शित करेगा, ऐसे वृद्ध अथवा अपंग जो बिना छड़ी/लाठी के नहीं चल सकते हैं तथा जो सरकारी कर्मचारी ड्यूटी आदि पर तैनात होंगे, वे इस प्रतिबन्ध से मुक्त होंगे, कोई व्यक्ति या व्यक्तियों का समूह जुलूस या गिरोह बनाकर किसी सार्वजनिक वाहन या मार्ग पर सामान्य आवागमन में कोई अवरोध नहीं करेगा, न ऐसी चेष्टा ही करेगा और न ही समूह या जुलूस बनाकर सार्वजनिक मार्गों पर चलने वाले वाहनों या अन्य सरकारी जन सम्पत्तियों की कोई तोड़-फोड़ करेगा और न ही उन्हें अन्य प्रकार से हानि पहुंचाएगा, दो पहिया वाहनों पर एक साथ अधिकतम दो व्यक्ति ही चल सकेंगे, कोई भी व्यक्ति गलत खबरें या अफवाहें, जिससे शान्ति भंग होने की आशंका हो सकती है, नहीं फैलायेगा और न किसी प्रकार ऐसी अफवाहों को किसी अन्य माध्यम से किसी दूसरे व्यक्ति के पास भेजेगा, कोई भी व्यवित्त अपने मकान के छत पर या सार्वजनिक स्थान पर ईंट, कंकड़, पत्थर अथवा किसी प्रकार का विस्फोटक पदार्थ एकत्र नहीं करेगा और न ही किसी सार्वजनिक स्थान पर कोई ऐसा नारा लगाएगा और न ही कोई ऐसा भाषण करेगा और न कोई ऐसा पोस्टर लगाएगा जिससे विभिन्न सम्प्रदायों, धर्मों या वर्गों के बीच द्वेष की भावना फैले या शान्ति भंग होने की आशंका हो, कोई भी व्यक्ति किसी सार्वजनिक वाहन या मार्ग पर सामान्य आवागमन में कोई अवरोध नहीं करेगा, न ऐसी चेष्टा ही करेगा और न ही समूह या जुलूस बनाकर सार्वजनिक मार्गों पर चलने वाले वाहनों या अन्य सरकारी जन सम्पत्तियों की कोई तोड़-फोड़ नहीं करेगा या न उन्हें अन्य प्रकार से हानि पहुंचाएगा, कोई भी व्यक्ति या व्यक्तियों का समूह या संस्था द्वारा गतवर्ष/परम्परा से भिन्न किसी देवी/देवता की मूर्ति स्थापना/पूजा आदि सार्वजनिक स्थल पर नहीं करेगा, कोई भी व्यक्ति या व्यक्तियों का समूह या संस्था द्वारा पूर्व से निर्धारित स्थान के अतिरिक्त किसी अन्य स्थान पर देवी/देवता की मूर्ति का विसर्जन नहीं करेगा, उक्त आदेश धार्मिक जुलूसों एवं परम्परागत त्यौहार, शवयात्रा, परम्परागत तथा सार्वजनिक रास्ते से गुजरने वाले उक्त जुलूसों पर प्रभावी नहीं होगा, उक्त आदेश जनपद गाजीपुर सीमा क्षेत्र में दिनांक 20-02-2025 से दो माह तक अथवा इसके पूर्व जब तक इस आदेश को वापस न ले लिया जाए, प्रभावी रहेगा। जिलाधिकारी के हस्ताक्षर एवं न्यायालय की मुद्रा से मुद्रांकित होकर वर्ष 2025 की 20.02. 2025 को जारी किया गया।
गाजीपुर।माह के चतुर्थ शनिवार को थाना दिवस जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता में थाना जंगीपुर में सम्पन्न हुआ। जिलाधिकारी ने थाने मे उपस्थित फरियादियों की फरियाद सुनी साथ ही शिकायतो को जल्द से जल्द निस्तारण के लिए प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया। थाना जंगीपुर मे 06 फरियादियों ने अपनी-अपनी शिकायतो को लिखित रूप में दिया जिसमें निस्तारण शून्य रहा। जिलाधिकारी ने सभी लेखपाल को निर्देशित किया है अपना-अपना फिल्ड रजिस्टर बनाए तथा आई0जी0आर0एस0 पोर्टल पर जितने भी आवेदन प्राप्त होते है या लम्बित हैं, उन्हे पुलिस विभाग से समन्वय स्थापित कर फिल्ड रजिस्टर पर सभी आवदनों को नोट करके तत्काल निस्तारण किया जाए। उन्होने निर्देशित किया कि जिस गांव की शिकायत आती है तो अधिकारी वहां मौके पर जाकर गांव के संबंधित लेखपाल एवं पुलिस विभाग की टीम के साथ मिलकर निस्तारण करेंगे। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही एवं शिथिलता क्षम्य नही होगी। इस मौके पर थाना प्रभारी जंगीपुर, लेखपाल एंव अन्य पुलिस विभाग से संबंधित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
परीक्षा में शुक्रवार को 18 नकलचियों किया गया रिस्टीकेट
गाजीपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर द्वारा आयोजित बी०एड० विषम सेमेस्टर की परीक्षा 17 फरवरी से गोराबाजार स्थित स्नातकोत्तर महाविद्यालय में चल रही है। शुक्रवार को बी.एड. प्रथम सेमेस्टर के तृतीय प्रश्न पत्र की परीक्षा में 18 परीक्षार्थी नकल करते हुए पकड़े गए, जिन्हें तत्काल रिस्टीकेट कर दिया गया। गाजीपुर के स्नातकोत्तर महाविद्यालय में 20 बी.एड. महाविद्यालयों का परीक्षा केंद्र बनाया गया हैं। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित हुई। पी० जी० कालेज केंद्र पर शुक्रवार को हुई परीक्षा में कुल पंजीकृत 1577 परीक्षार्थियों में से 1540 उपस्थित हुए, जबकि 37 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहें।
परीक्षाओं की पारदर्शिता और सुचिता बनाए रखने के लिए स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफे० (डॉ०) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने बताया कि विश्वविद्यालय परीक्षा विभाग के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखा जा रहा है। परीक्षा के दौरान सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय परिसर में प्रवेश के समय पुलिस बल और पीएससी के साथ प्रोक्टोरियल बोर्ड की टीम ने सघन तलाशी ली। छात्रों को मोबाइल, स्मार्टवॉच, पर्स, अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और नकल के किसी भी साधन का उपयोग करने की मनाही की गई है।
नकल करते हुए पकड़े गए परीक्षार्थी के खिलाफ विश्वविद्यालय के निर्देशों के अनुसार कार्रवाई की गई। प्राचार्य प्रोफेसर पाण्डेय ने यह भी बताया कि परीक्षा कक्षों की गहन जांच के दौरान 18 परीक्षार्थी नकल करते हुए पकड़े गये। जांच टीम में मुख्य कुलानुशासक प्रो. (डॉ.) एस. डी. सिंह परिहार, प्रो. (डॉ.) एस.एन. सिंह, प्रो. (डॉ.) अरुण कुमार यादव, डॉ. राम दुलारे, डॉ. योगेश, डॉ. गोपाल यादव और डॉ. शिप्रा श्रीवास्तव, डॉ. प्रतिमा सिंह जैसे सदस्य शामिल थे। प्राचार्य प्रोफेसर (डॉ०) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने सभी परीक्षार्थियों से अपील की है कि वह परीक्षा में किसी भी प्रकार के अनुचित साधन का प्रयोग न करें।
गाजीपुर। विभाग प्रचार प्रमुख जितेन्द्र की माता भगवती देवी 80 वर्ष पत्नी हरिनारायण सेठ की आकस्मिक निधन गुरूवार की देर रात हो जाने से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ परिवार में शोक व्याप्त हो गया। निधन की सूचना मिलते ही परिजनो को ढाढस बधाने उनके पैतक आवास सुकहा कासिमाबाद मे एकत्र होने लगे। इनके रिश्तेदार व समाजसेवी ओमप्रकाश वर्मा अरूण ने बताया कि विगत दस वर्षो से ग्रामप्रधान के दायित्यो का निहर्वन करते हुए आदर्श ग्रामपंचायत के रूप में राष्ट्रपति सम्मान से सम्मनित हुई थी। क्षेत्र में इनके समाजसेवा के लोग कायल थे। इनके दो पुत्र लल्लन व जितेन्द्र व दो पुत्रियो का भरा पुरा परिवार छोड़ गयी हैै। शुक्रवार को इनकी अन्तिम शव यात्रा मंे सह विभाग प्रचारक दीपक, सह नगर कार्यवाह अभिषेक, जिला शासकीय अधिवक्ता कृपाशंकर राय, आपदा प्रबन्धन अधिकारी अशोक राय, पूर्व प्राचार्य व भाजपा नेता विजय शंकर राय, जिला प्रचार प्रमुख चन्द्र कुमार, पत्रकार विनित दूबे, शिवानन्द राय, सोनू जायसवाल सहित क्षेत्र के सभी गणमान्य सहित सैकड़ो शामिल रहे। इनकी अंतेष्टि गंगा श्मशानघाट गाजीपुर में किया गया। अपने मां को मुखग्नि छोटे पुत्र जितेन्द्र वर्मा ने दिया।
गाजीपुर। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में प्रज्ञा रेंजर टीम का पंचदिवसीय प्रगतिशील प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ शुक्रवार को हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज के प्रचार्य डॉ राजेंद्र सिंह और प्राचार्य डॉ अनिता कुमारी ने स्काउट गाइड ध्वज को फहराया तथा प्राचार्य प्रोफेसर अनीता कुमारी ने कार्यक्रम के उद्घाटन की घोषणा किया। इस अवसर पर छात्राओं को संबोधित करते हुए डॉ राजेंद्र सिंह ने कहा कि स्काउट गाइड से जुड़कर कोई भी व्यक्ति जीवन भर स्काउट गाइड रहता है एवं जीवन भर दूसरों की सेवा के लिए सदैव तैयार रहता है।
स्काउटिंग से जुड़कर छात्राएं ढेर सारे जीवन कौशल सीखेंगी जो उनके भावी जीवन में बहुत उपयोगी साबित होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते प्राचार्य डॉ अनिता कुमारी ने रेंजर्स को अनुशासित ढंग से स्काउट गाइड के ज्ञान एवं कौशलों को सीखने तथा भावी जीवन में सेवा करने के लिए तैयार रहने की सीख दी। इस दौरान उपस्थित अध्यापकों का स्कार्फ एवं गीत के माध्यम से स्वागत किया गया । शिविर संचालक ज्योत्सना बिंद, जिला संगठन आयुक्त (गाइड) के दिशा निर्देशन में रेंजर ने ध्वज शिष्टाचार की परंपरा निभाई। उद्घाटन कार्यक्रम में महाविद्यालय के डॉ शंभू शरण प्रसाद, डॉ संगीता, डॉ सारिका सिंह, डॉ मनीष सोनकर आदि प्राध्यापक एवं श्री राम कुशवाहा उपस्थित रहे।
उद्घाटन कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्राध्यापकों एवं छात्राओं का परिचय एवं कार्यक्रम का संचालन डॉ शिव कुमार, जिला आयुक्त (रोवर) पूर्वांचल विश्वविद्यालय ने किया। आज शिविर के प्रथम दिन छात्राओं का परिचय एवं पंजीकरण तथा टोली विभाजन हुआ तथा उन्हें प्रार्थना, झंडा गीत, नियम, प्रतिज्ञा एवं ध्वज शिष्टाचार का व्यवहारिक ज्ञान दिया गया। प्रशिक्षण शिविर में मनीष यादव ट्रेनिंग काउंसलर के रूप में उपस्थित रहे। यह प्रशिक्षण 25 फरवरी तक प्रतिदिन जारी रहेगा।
गाजीपुर। राष्ट्रीय सेवा योजना, राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय के सप्त दिवसीय शिविर के सातवें दिन शुक्रवार को समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इससे पूर्व सुबह 9 बजे मतदाता जागरूकता अभियान से संबंधित आमघाट से ददरी घाट तक एक रैली निकाली गई । रैली को प्राचार्य अनिता कुमारी ने झंडी दिखाकर रवाना किया । रैली के दौरान स्वयंसेवी छात्राओं ने मतदाता जागरूकता संबंधी तमाम नारे लगाए।
सप्त दिवसीय समापन शिविर के मुख्य अतिथि राजकीय होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के प्राचार्य प्रो. राजेंद्र सिंह रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो अनिता कुमारी ने की। अंतरा, आर्य एवं अक्षिता ने स्वागत गीत से अतिथियों का स्वागत किया। मुख्य अतिथि प्रोफेसर राजेंद्र सिंह ने स्वयंसेवी छात्राओं को संबोधित करते हुए युवा जीवन शैली व स्वास्थ्य पर विस्तार से चर्चा की। छात्राओं के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें स्वस्थ जीवन शैली अपनाने व सकारात्मक सोचने पर बल दिया।
प्राचार्य प्रो अनिता कुमारी ने इस अवसर पर बच्चों को राष्ट्रनिर्माण में योगदान करने हेतु मार्गदर्शन किया। समापन समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत शालिनी, शालू और उसकी टीम ने वृद्ध आश्रम व्यवस्था पर आधारित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। अंजलि कनौजिया ने एकल नृत्य, आर्या, अंतरा एवं उनकी टीम ने समूह नृत्य प्रस्तुत किया। विशेष शिविर में सक्रिय भागीदारी के लिए लक्ष्मी को मिस ऑर्गेनाइजर, आहुति को मिस शेफ तथा निशात एवं उसकी टीम को ऑल टाइम वॉलिंटियर के रूप में पुरस्कृत किया गया।
पूरे कार्यक्रम का प्रबंधन कार्यक्रम अधिकारी डॉ नेहा कुमारी एवं डॉ ओम शिवानी एवं धन्यवाद ज्ञापन डॉ मनीष कुमार सोनकर ने किया। मंच संचालन स्वयंसेवी छात्रा श्रेया मौर्या द्वारा किया गया । इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक डा. राजेश कुमार यादव, डॉ सर्वेश सिंह, डॉ हरेंद्र यादव, डॉ संगीता, डॉ निरंजन, डॉ शंभू शरण, डॉ पीयूष, मीडिया प्रभारी डॉ शिव कुमार सहित रासेयो की स्वयंसेवी छात्राएं उपस्थित रही।
गाजीपुर। राष्ट्रीय सेवा योजना, राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय के सप्त दिवसीय शिविर के अंतर्गत आज पांचवें दिन बुधवार को रक्तदान जागरूकता अभियान से संबंधित एक रैली ददरी घाट महुआ बाग से मिश्र बाजार तक निकाली गई। रैली को प्राचार्य प्रो. अनिता कुमारी ने झंडी दिखाकर रवाना किया । रैली के दौरान स्वयंसेवी छात्राओं ने रक्तदान जागरूकता संबंधी तमाम नारे जैसे रक्तदान महादान इससे बड़ा ना कोई दान, रक्तदान अपनाओ सबका जीवन बचाओ, ब्लड को डोनेट करें इंसानियत को प्रमोट करें आदि लगाए ।
इसके उपरांत स्वयंसेवी छात्राओं ने शिविर में लौटकर सूक्ष्म जलपान ग्रहण किया। दोपहर 12:00 बजे से स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ बीती सिंह ने किशोरियों के स्वास्थ्य समस्याओं पर विस्तृत चर्चा करते हुए पीसीओडी , पीसीओएस, रक्तहीनता को समझाते हुए उत्तम दिनचर्या का पालन , सही नींद , व्यायाम और हेल्दी डाइट के बारे में बताया । प्राचार्य प्रोफेसर अनीता कुमारी ने छात्राओं को उत्तम स्वास्थ्य को बनाए रखने हेतु जंक फूड और फास्ट फूड से दूर रहते हुए भारतीय भोजन की महत्ता को समझाया।
कार्यक्रम अधिकारी नेहा कुमारी ने छात्राओं को एनोरेक्सिया नर्वोसा, बुलिमिया नर्वोसा और बीएमआई के विषय में बताते हुए स्वयं के स्वास्थ्य को प्राथमिकता में रखते हुए खुद को स्वस्थ रखने की बात कही । संगोष्ठी के द्वितीय चरण में दैनिक जागरण और राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वाधान में डॉ प्रभात कुमार , मेडिकल कॉलेज गाजीपुर के द्वारा “समझे CPR करे हृदय का बचाव” विषय की जानकारी और CPR देने की विधि का प्रदर्शन कर छात्राओं को आपात स्थिति में जीवन रक्षा के कौशल को सिखाया । कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी डॉ रामनाथ केसरवानी के द्वारा किया गया । धन्यवाद ज्ञापन डॉ ओम शिवानी ने किया। संगोष्ठी में पूर्व वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी डॉ अमित यादव , कार्यक्रम अधिकारी डॉ मनीष कुमार सोनकर , डॉ गजनफर सईद सहित सभी स्वयंसेवी छात्राएं उपस्थित रहे ।