दी रॉयल सिक्युरिटीज का 7 अक्टूबर को होगा भव्य उद्घाटन

गाजीपुर। जिले में जरूरतमंद लोगों की जरूरतों को देखते हुए दी रॉयल सिक्‍यूरिटीज शाखा का शुभारंभ होने जा रहा है। इसका सैदपुर में भव्‍य तरीके से उद्घाटन सात अक्‍टूबर दिन सोमवार को दो बजे होगा। यह जानकारी दी रॉयल सिक्‍यूरिटीज के प्रोपराइटर इंद्र प्रताप उर्फ मुन्‍नन यादव ने दी है। मुन्‍नन यादव ने बताया कि नगर पंचायत सैदपुर बंगला बाबा के बगल में वार्ड नम्‍बर-दो में स्थित दी रायल सिक्‍यूरिटीज सैदपुर शाखा का उद्घाटन रिटायर्ड डीआईजी बलि‍करन सिंह यादव करेंगे। उन्‍होने बताया कि क्षेत्र के बैंकों, व्‍यवसायिक प्रतिष्‍ठानों, कालेजों, अस्‍पतालों, शोरुम, आदि जगहों पर दी रॉयल सिक्‍यूरिटीज सुरक्षा व्‍यवस्‍था उपलब्‍ध करायेगा। अधिक जानकारी के लिए दी रायल सिक्‍यूरिटीज के प्रबंधक ज्ञानेंद्र यादव उर्फ भीम के मोबाइल नम्‍बर 9919804598 पर संपर्क कर सकते हैं।

मिलावटी मिलने पर होगी कार्रवाई

गाजीपुर।आयुक्त,खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उ0प्र0, लखनऊ एवं जिलाधिकारी आर्यका अखौरी के आदेश पर डा. दिनेश कुमार अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) गाजीपुर/आर0सी0 पाण्डेय सहायक आयुक्त (खाद्य)-प्प् गाजीपुर के निर्देशन में नवरात्रि पर्व के अवसर पर मिलावटी खाद्य एवं पेय पदार्थों के विक्रय पर प्रभावी रोकथाम हेतु विशेषकर कुट्टू का आटा, सिंघाड़े का आटा, सूखे मेवे, मूगफली, साबूदाना, रामदाना व अन्य फलाहार की गुणवत्ता सुनिश्चित कराए जाने व हानिकारक रसायनों से कृत्रिम रूप से पकाए गए फलों के भण्डारण/विक्रय को प्रतिबंधित करने के उद्देश्य सें अभिसूचना आधारित प्रभावी विशेष अभियान चलाकर कुल 05 नमूना संग्रहित किया गया। जिसका विस्तृत विवरण निम्नवत है-जिसमें दिनांक 03 अक्टूबर, 2024 को जंगीपुर बाजार गाजीपुर स्थित प्रतिष्ठान मेसर्स-सावन ट्रेडिंग कंपनी से साबूदाना (दीनबन्धु ब्राण्ड) का 01 नमूना, जंगीपुर बाजार स्थित मोहन गुप्ता के प्रतिष्ठान से चायपत्ती का 01 नमूना, मनिहारी बाजार स्थित प्रतिष्ठान मेसर्स मोती किराना स्टोर से साबूदाना (सच्चा मोती ब्राण्ड) का 01 नमूना,  हंसराजपुर बाजार स्थित प्रतिष्ठान मेसर्स राजेश किराना स्टोर से सिंघाड़ा आटा (जायसवाल ब्राण्ड) का 01 नमूना,  प्रकाशनगर मुगलानीचक स्थित प्रतिष्ठान मेसर्स इजी शॉपिंग सेन्टर से सिंघाड़ा आटा (भगत ब्राण्ड) का 01 नमूना लिया गया । संग्रहित नमूनें खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला, उ0प्र0 प्रेषित किये जा रहें है।जॉच रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के अन्तर्गत विधिक कार्यवाही की जाएगी। नमूना संग्रह की कार्यवाही सुमन कुमार मिश्र मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों डॉ0 तूलिका शर्मा, राजीव कुमार सिंह,वीरेंद्र यादव एवं अरविन्द प्रजापति की टीम द्वारा की गई।

डीएम ने छात्राओं को किया सम्मानित

गाजीपुर। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता में गुरुवार को मिशन शक्ति 5.0 योजना के शुभारंभ पर बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत कलेक्ट्रेट सभागार राइफल क्लब में मेधावी बालिका सम्मान जेण्डर चौम्पियंस का सम्मान व संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया । जिसमे जेंडर चौंपियंस तथा मेधावी छात्राओं का जिलाधिकारी ने सम्मानित किया गया। साथ ही मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना कोविड, के 10 तथा स्पॉन्सरशिप योजना के 5 लाभार्थी बालक बालिकाओं के साथ संवाद करते हुए उनके आर्थिक स्थिति व शैक्षणिक प्रगति की जानकारी प्राप्त की गई। कार्यक्रम में डीएम द्वारा बच्चों को बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत टी.शर्ट लोवर बैग लोक्र मीठा एवं लंच पैकेट दिया गया। हाई स्कूल और इंटर मीडिएट की मेधावी 10-10 बालिकाओं को तथा जेंडर चौंपियंस के तहत 10 प्रतिभाशाली खेल स्पर्धा की बालिकाओं को रुपए 5000 बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत दिए जाना सुनिश्चित किया गया। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं के स्वास्थ्य सुरक्षा एवं शिक्षा पर जोर देते हुए राज्य सरकार द्वारा चलाई जाने वाली योजनाओं के बारे में बताया तथा हेल्पलाइन के संबंध में भी जानकारी दी गई। इस कार्यक्रम में जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय कुमार सोनी, यूनिसेफ से बाल संरक्षण सलाहकार अनिल यादव, संरक्षण अधिकारी गगीता श्रीवास्तव एवं महिला कल्याण विभाग के कार्मिक उपस्थित थे।

महिला कॉलेज में मनाई गई गांधी और शास्त्री जयंती

गाजीपुर। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में गांधी एवं शास्त्री जयंती का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सर्वोदय नीति के तहत महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण सर्वप्रथम कालेज के सफाई कर्मी मनोज रावत तत्पश्चात प्राचार्य प्रोफेसर अनिता कुमारी एवं महाविद्यालय के शिक्षकों द्वारा किया गया। कार्यक्रम में कल्चरल क्लब के सदस्यों द्वारा गांधी जी के प्रिय भजनों का सुमधुर गायन किया गया जिसे डा शशिकला जायसवाल एवं डॉ शिखा सिंह ने तैयार किया था।


इस अवसर पर डा शिल्पी राय ने गांधी के वैज्ञानिक दृष्टिकोण पर अपनी बात रखते हुए कहा कि गांधी उद्यम के साथ तकनीक को महत्व देते थे। गांधी के भारत बोध पर डा विकास सिंह ने बहुत सुचिंतित व्याख्यान दिया। गांधी के जीवन प्रसंग और उनकी हत्या तक की घटना में निहित मूल्यबोध को रेखांकित किया। आपके अनुसार जब तक दुनिया में भय, भूख, धर्मांधता, असमानता बनी रहेगी, गांधी याद आते रहेंगे। डा अमित यादव ने कहा कि ब्रिटिश हुकूमत की साम्राज्यवादी शक्ति के सामने सत्य और अहिंसा जैसे मूल्य के साथ गांधी खड़े थे।

प्राचार्य प्रोफेसर अनीता कुमारी ने कहा कि महापुरुषों की जयंती हमे अपने मूल्यों को आत्मसात करने की सीख देती है। कार्यक्रम का संचालन एवं संयोजन समारोहक डा निरंजन कुमार यादव ने किया। डा दिवाकर मिश्र ने वाद्य यंत्रों की मनमोहक प्रस्तुति दी। इस अवसर पर महाविद्यालय परिवार के सभी सम्मानित सदस्य उपस्थित रहे।

डॉ. संगीता बलवंत और सपना सिंह ने लिया टीबी मरीजों को गोद, किया सम्मानित

गाजीपुर। महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर बुधवार को जनपद के 12 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त ग्राम पंचायत घोषित किया गया। राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम और प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुए समारोह के दौरान राज्यसभा सांसद डॉ संगीता बलवंत द्वारा 12 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त होने पर ग्राम प्रधानों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। राज्यसभा सांसद डॉ संगीता बलवंत ने कहा कि टीबी गंभीर बीमारी है, जिसके उपचार में लापरवाही करने पर यह गंभीर रूप ले सकती है। इससे और भी लोग प्रभावित हो सकते हैं। उपचार का कोर्स पूरा करने पर टीबी को ठीक किया जा सकता है। इसकी रोकथाम और नियंत्रण के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। अभी 12 ग्राम पंचायतें टीबी मुक्त घोषित हुई हैं। जल्द ही जनपद की समस्त ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त ग्राम पंचायत के रूप में घोषित किया जाएगा। इसके लिए जनपद प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और पंचायती राज विभाग संयुक्त प्रयास कर रहे हैं।

इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह एवं नगरपालिका परिषद अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने टीबी मुक्त घोषित हुईं ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधानों, सीएचओ समेत अन्य स्वास्थ्यकर्मियों और फ्रंट लाइन वर्करों का उत्साहवर्धन किया। इस मौके पर राज्यसभा सांसद डॉ संगीता बलवंत और जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह ने 100 – 100 टीबी मरीजों को गोद लेकर उनके पोषण आहार और उपचार में सहयोग करने का आश्वासन दिया। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने कहा कि प्रथम चरण में जनपद की 12 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त कर लिया गया है। अगले चरण में शेष 533 ग्राम पंचायतों का चयन किया गया है। यहां स्क्रीनिंग कैंप लगाकर लोगों की जांच और उपचार किया जाएगा। साथ ही जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को टीबी के बारे में जानकारी दी जाएगी।

इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ देश दीपक पाल, एसीएमओ डॉ मनोज कुमार सिंह, जिला क्षयरोग अधिकारी डॉ संजय कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी अंशूल मौर्या, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ राजेश कुमार सिंह, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ के एन चौधरी, एसीएम ओ डॉ सुजीत कुमार मिश्रा, एडीएमएलआर एवं एफआर, जिला कार्यक्रम समन्वयक डॉ मिथिलेश कुमार सिंह, अनुराग, सुनील वर्मा, संजय यादव, रविप्रकाश, वैंकटेश एवं सभी अधिक्षक/ प्रभारी चिकित्साधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी, एडीओ पंचायत, सीएचओ, बीपीएम, बीसीपीएम एवं अन्य विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

जन जागरूकता रैली को डीएम ने किया रवाना, किया अपील

गाजीपुर। जनपद में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को रोकने एवं जन सामान्य को सड़क सुरक्षा से संबंधित नियमों की जानकारी प्रदान करने हेतु उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार 2 अक्टूबर से 16 अक्टूबर 2024 तक सड़क सुरक्षा पखवाड़ा मनाया जा रहा है, जिसके तहत बुधवार को रायफल क्लब परिसर से एआरटीओ कार्यालय द्वारा निकाली गई जन जागरूकता रैली को जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस दौरान जिलाधिकारी ने जन सामान्य से अपील करते हुए कहा कि दो पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट जरूर पहनें, चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट लगाएं, नशे की हालत में वाहन बिल्कुल ना चलाएं, वाहन चलाते समय ओवर स्पीडिंग व स्टंट आदि बिल्कुल ना करें, वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात ना करें, जीवन अमूल्य है सभी लोग यातायात नियमों का पूर्णतया पालन करें। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 दिनेश कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक शहर ज्ञानेन्द्र, जिला विकास अधिकारी सुभाष चन्द्र सरोज, एआरटीओ आर0सी0 श्रीवास्तव सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

वेस्ट टू वंडर प्रदर्शनी का किया शुभारंभ

गाजीपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक राष्ट्र पिता महात्मा गांधी के सपनों को सकार करने के लिए स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्वच्छता ही सेवा अभियान अंतर्गत नगर को स्वच्छ, सुन्दर और वैश्विक स्तर का बनाने के लिए 155 घंटे का नॉन-स्टॉप महासफाई अभियान 26 सितम्बर से 02 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है। इसी कार्यक्रम के तहत स्वच्छता ही सेवा अंतर्गत  सरजू पाण्डेय पार्क में वेस्ट टू वंडर प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।

राज्य सभा सांसद संगीता बलवंत, जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह,  जिलाधिकारी आर्यका अखौरी, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, अधिशासी अधिकारी अमिता वरुण द्वारा सामुहिक रूप से फीता काटकर शुभारंभ की गई। इस दौरान जनप्रतिनिधियों/अधिकारियों ने अनुपयोगी वस्तुओं से दैनिक जीवन में उपयोगी चीजे बनाने के प्रोजेक्ट का भी अवलोकन किया। कबाड़ से कलाकृतियां  बनाकर संदेश दिया है कि कोई चीज बेकार नहीं है। रिसाइकिल करके न केवल कृतियां बनाई जा सकती है, स्वच्छता का संदेश भी दिया गया है। इस मौके पर अधिकारी-कर्मचारी आदि मौजूद थे।

शाह फैज स्कूल में मनाई गई गांधी और शास्त्री जयंती

गाजीपुर। बुधवार को शाह फैज़ विद्यालय के प्रांगण में गाँधी जयंती और लाल बहादुर शास्त्री जयंती धूम धाम से मनायी गयी। सर्वप्रथम विद्यालय के निदेशक डॉ नदीम अधमी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और गाँधी जी व लाल बहदुर शास्त्री जी के चित्र पर माल्यार्पण किया। उन्होंने सभी को गाँधी जयन्ती व लाल बहदुर शास्त्री जयन्ती की बधाई दी व साथ ही सभी से ईमानदारी व अहिंसा के पथ पर चलने की अपील की व सभी को स्वच्छता की शपथ दिलायी। इसके पश्चात् विद्यालय के संगीत के अध्यापक श्याम कुमार शर्मा के निर्देशन में विद्यालय के विद्यार्थियों पुष्कर जी उपाध्याय,आकृति, अतीफा व अलीफा ने गाँधी जी के प्रिय भजन ‘वैष्णव जन ते’ व ‘रघुपति राघव राजा राम’ प्रस्तुति की।

विद्यालय के विद्यार्थियों ने गाँधी जी की विचारधारा को प्रस्तुत करने के लिए गांधी जी के तीन बंदरों द्वारा दिए गए सन्देश ‘बुरा मत कहो, बुरा मत देखो व बुरा मत सुनो’ को भी प्रस्तुत किया। विद्यालय के विद्यार्थियों स्वरित,पुष्कर जी उपाध्याय एवं अर्णव ने अपने भाषण के माध्यम से गाँधी जी व लाल बहादुर शास्त्री जी के जीवन से जुडी बातें बताईं। कार्यक्रम की साज सज्जा उमेश प्रजापति ने की थी।  स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए एक सेल्फी पॉइंट भी बनायी गयी थी। 

इस कार्यक्रम में विद्यालय के सभी विद्यार्थी,निदेशक डॉ नदीम अधमी, प्रधानाध्यापक इकरामुल हक़, उप प्रधानाचार्य (प्रशासन) डॉ प्रीति उपाध्याय, उप प्रधानाचार्य (शैक्षणिक) नेहा कुरैशी, सहायक प्रधानाचार्य राजेश सिंह , परीक्षा नियंत्रक हनीफ अहमद, मुख्य अध्यापिका चंदना श्रीवास्तव, प्री प्राइमरी इंचार्ज प्रियंका सिंह,वरिष्ठ अध्यापक रत्नेश शुक्ल , योगेश पांडेय व अन्य उपस्थित थे।  इसके अतिरक्त अन्य शैक्षणिक व गैर शैक्षणिक कर्मचारी उपस्थित थे। कार्यक्रम की समाप्ति के  पश्चात् सभी ने विद्यालय परिसर की सफाई की।

राजतिलक की तैयारी, मंथरा कैकेई संवाद, कोप भवन लीला का किया गया मंचन

राजतिलक की तैयारी, मंथरा कैकेई संवाद, कोप भवन लीला का मंचन किया गया।

गाजीपुर। अति प्राचीन रामलीला कमेटी हरिशंकरी के तत्वावधान में लीला के चौथे दिन 1 अक्टूबर मंगलवार शाम 7:00 बजे हरिशंकरी स्थित श्रीराम चबूतरा पर राजतिलक की तैयारी, मंथरा कैकेई संवाद एवं कोप भवन के लीला का मंचन हुआ। मन्चन से पूर्व कमेटी के उपाध्यक्ष डॉ0गोपाल जी पांण्डेय, मंत्री ओमप्रकाश तिवारी, उपमंत्री पं0 लव कुमार त्रिवेदी, प्रबंधक मनोज कुमार तिवारी, मयंक तिवारी, कोषाध्यक्ष रोहित कुमार अग्रवाल द्वारा प्रभु श्रीराम सीता लक्ष्मण का आरती पूजन किया गया। पूजन आरती बाद लीला की शुरुआत बन्दे बाणी विनायकौ आदर्श रामलीला मंडल के कलाकारों द्वारा शुभारंभ हुआ।

मन्चन में दर्शाया गया की एक बार चक्रवर्ती महाराज दशरथ अपने मंत्रियों के साथ अपनी राज दरबार में बैठकर विचार विमर्श कर रहे थे। धीरे-धीरे बुढ़ापा का असर शुरू हो गया है। विचार किया कि अयोध्या का राजतिलक राम को सौप कर इस नश्वर शरीर को भगवत भजन में लगाना चाहिए। इस बात को सोचकर महाराज दशरथ अपने मंत्री व दरबारियों के साथ कुलगुरु महर्षि वशिष्ठ के आश्रम पर पहुंच कर वे गुरुदेव की चरण वंदना करके बोले कि मुझे धीरे-धीरे बुढ़ापा महसूस हो रहा है। मैंने सोचा है कि अयोध्या का राजपाठ अपने बड़े पुत्र राम को देकर मैं भगवत भजन में समय बिताऊ। महाराज दशरथ की बात को सुनकर गुरुदेव महर्षि वशिष्ठ ने महाराज दशरथ से कहा कि हे राजन आपका विचार बहुत ही उत्तम है। अयोध्या का राज आपके बड़े पुत्र राम ही संभाल सकते हैं। आप जल्द से जल्द अयोध्या का राजपाठ राजतिलक कर अपने बड़े पुत्र राम को सौंप दें। गुरुदेव की आज्ञा पाकर महाराज दशरथ अपने दरबार में आकर राजतिलक की तैयारियां शुरू करवाते हैं।

उधर दासी मंथरा किन्हीं कारणवश नगर में घूमते हुए पहुंच गई। उसने देखा कि अयोध्या नगर ध्वजा पताकाओं से सजा हुआ है। उसने नगर वासियों से पूछा कि नगर क्यों सजाया गया है तो पुरवासियों ने बताया कि राम के राजतिलक की तैयारी की जा रही है। कल सुबह महाराज द्वारा अयोध्या का राज अपने बड़े पुत्र राम को देंगे। इतना सुनते ही दासी मंथरा उदास होकर महारानी कैकेई के पास जाकर बोली कि महाराज दशरथ अयोध्या का राजतिलक अपने बड़े पुत्र राम को देगें। जब महाराज अयोध्या का राज अपने बड़े पुत्र राम को सौंप देंगे तो आपके पुत्र भरत का क्या होगा। महारानी जी आप मेरी बात माने तो अपने राजसी वस्त्र आभूषण को उतार कर फटे पुराने कपड़े धारण करके कोप भवन में जाकर जमीन पर लेट जाएं। महारानी कैकई अपने दासी के बात को सुनकर कोप भवन में चली जाती है। इस अवसर पर उपाध्यक्ष गोपाल जी पाण्डेय, मंत्री ओमप्रकाश तिवारी, संयुक्त मंत्री लक्ष्मी नारायण,उपमंत्रीपं0 लवकुमार त्रिवेदी,मेला प्रबंधक मनोज कुमार तिवारी, मेला उप प्रबंधक मयंक तिवारी, कोषाध्यक्ष रोहित कुमार अग्रवाल, अनुज अग्रवाल मीडिया प्रभारी पं0कृष्ण बिहारी त्रिवेदी कृष्णांश,राम सिंह यादव रहें।

गांधी जी का स्वतंत्रता आन्दोलन में अहम योगदान: प्रो. डॉ. राघवेन्द्र

गांधी जी का स्वतंत्रता आन्दोलन में अहम योगदान: प्रोफे० (डॉ०) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय

गाजीपुर। महात्मा गांधीजी का भारत की स्वतंत्रता के आन्दोलन में अहम योगदान था। गांधीजी हमेशा अहिंसा के रास्ते पर चलते थे, वे लोगों से आशा करते थे कि वे भी अहिंसा का रास्ता अपनाएं। उक्त उद्गार स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफे० (डॉ०) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने महात्मा गांधी के जन्म जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में व्यक्त किया। उन्होंने ने कहा कि आज पूरा विश्व महात्मा गांधी जी की 155 वीं जन्म जयंती अन्तर्राष्ट्रीय अहिंसा दिवस के रूप में आन, बान व शान के साथ मना रहा है।
प्राचार्य प्रोफेसर पाण्डेय ने कहा कि आज ही पूरा देश भारत के द्वितीय प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री जी की 120 वीं जन्म जयंती मना रहा है। लाल बहादुर शास्त्री जी आजीवन सादगी, सच्चाई, राष्ट्र भक्ति, जनसेवा व न्याय के मार्ग पर चलने वाले थे। आज के अवसर पर हमें दोनों महापुरुषों के बताए मार्ग पर चलने का प्रण लेना चाहिए।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य प्रोफे० (डॉ०) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय द्वारा महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पार्चन के द्वारा किया गया। इस अवसर सभी प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि व्यक्त किया। कार्यक्रम के अन्त में स्वच्छता पखवाड़ा का समापन स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गाजीपुर परिसर में स्वच्छता अभियान चला कर किया गया। इस अवसर पर कुलानुशासक प्रोफे० एस डी सिंह, डीएसडब्ल्यू डॉ० बद्रीनाथ सिंह, प्रोफे० एस एन सिंह, प्रोफे० जी सिंह, प्रोफे० अरूण कुमार यादव, प्रोफे० रविशंकर सिंह, डॉ० संजय चतुर्वेदी, डॉ० रामदुलारे, डॉ० योगेश कुमार, डॉ० गोपाल यादव, डॉ० त्रिनाथ मिश्रा, डॉ० धर्मेन्द्र, डॉ० रागिनी अहिरवार, डॉ० स्मृति, डॉ० अन्जनी कुमार गौतम, डॉ० कृष्ण कुमार पटेल, डॉ० संजय कुमार सुमन, डॉ० नितीश कुमार भारद्वाज, सर्वश्री लव जी सिंह, अमरजीत सिंह, संजय कुमार श्रीवास्तव, विजय कुमार सिंह, अरूण कुमार सिंह, अमितेश सिंह, कृष्ण मुरारी, सुभाष चन्द्र यादव सहित भारी संख्या में प्राध्यापक, कर्मचारी, राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक एवं स्वयंसेविका आदि उपस्थित होकर कर श्रमदान किया।

Uttar Pradesh Fast News