आबकारी दुकानों के लिए 6 मार्च को निकलेगा ई-लॉटरी


गाजीपुर।जनपद की फुटकर बिक्री की आबकारी दुकानों के व्यवस्थापन हेतु ई-लाटरी पोर्टलhttps://exciseelotteryup.upsdc.gov.in पर आवेदन आमंत्रित किए गए थे।जिसकी ऑनलाइन ई-लाटरी  06.03.2025 को अपरान्ह् 04.00 बजे से आई0टी0आई0 ग्राउण्ड,सम्राट ढाबा के सामने, निकट सैनिक चौराहा, गाजीपुर में होना नियत है। उ0प्र0 आबकारी फुटकर बिक्री अनुज्ञापनों के व्यवस्थापन नियमावलियों के अन्तर्गत जनपद की फुटकर बिक्री दुकानों के अनुज्ञापियों के चयन हेतु गठित जिला स्तरीय चयन समिति की उपस्थिति में किया जाएगा।

MSME आउटरीच कैंप का आयोजन


गाजीपुर। 04 मार्च 2025 को यूनियन बैंक ऑफ इंडिया द्वारा गाजीपुर के शहनाई मैरिज हॉल में एक MSME आउटरीच कैंप का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) क्षेत्र के उद्यमियों को वित्तीय सहायता प्रदान करना और उन्हें बैंकिंग सुविधाओं से जोड़ना था। इस कैंप के विशिष्ट अतिथि राज्यसभा सांसद डा. संगीता बलवंत तथा मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य उपस्थित रहे। यूनियन बैंक के केंद्रीय कार्यालय से विशेष रूप से महाप्रबंधक मनोज कुमार ने बैंक द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बैंक MSME सेक्टर को सशक्त बनाने के लिए विभिन्न ऋण योजनाओं के माध्यम से आर्थिक सहायता प्रदान कर रहा है। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता गाजीपुर क्षेत्र के क्षेत्र प्रमुख संजय सिन्हा ने की। उन्होंने बताया कि यूनियन बैंक MSME  ग्राहकों को सुगम और त्वरित ऋण सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इस कैंप में गाजीपुर क्षेत्र के उप क्षेत्र प्रमुख आशीष कुमार व राजदेव कुमार व समस्त शाखा प्रमुख भी उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान कुल 250 से ज्यादा MSME लाभार्थियों को कुल 34 करोड़ रुपये के ऋण अनुमोदन पत्र वितरित किए गए। इससे छोटे और मध्यम स्तर के उद्यमियों को अपने व्यवसाय को विस्तार देने में सहायता मिलेगी। इस कैंप में जिले के विभिन्न उद्योगपतियों, व्यापारियों और बैंक अधिकारियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के अंत में लाभार्थियों ने बैंक अधिकारियों का धन्यवाद किया। इस प्रकार के आयोजनों की सराहना की। इस कार्यक्रम का समापन  पीयूष सिंह परमार, एलडीएम गाजीपुर द्वारा धन्यवाद ज्ञापित कर किया गया।
………………………………………..
जिला सूचना कार्यालय द्वारा प्रचारित।

प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

गाजीपुर। 04 मार्च को राज्य कर कार्यालय, गाजीपुर में उ0प्र0 शासन, लखनऊ द्वारा राज्य कर विभाग हेतु संचालित एमनेस्टी योजना के बारे में प्रचार-प्रसार हेतु कार्यालयाध्यक्ष उपायुक्त जयसेन की अध्यक्षता में सभी अधिकारियों व कर्मचारियों की मौजूदगी में प्रचार वाहन को हरी झण्डी दिखाते हुए रवाना किया गया। उ0प्र0 शासन, लखनऊ द्वारा राज्य कर विभाग द्वारा संचालित एमनेस्टी योजना के अन्तर्गत वित्तीय वर्ष 2017-18, 2018-19 एवं 2019-20 के कर निर्धारण आदेशों के सापेक्ष विभाग द्वारा लाई गई एमनेस्टी स्कीम के अधीन कर निर्धारण आदेशों में जो टैक्स, ब्याज और पेनाल्टी लगायी गयी है, यदि करदाता/व्यापारी संबंधित वर्ष में टैक्स की राशि दिनांक 31.03.2025 के पूर्व में जमा करते हैं और स्कीम का आनलाईन फार्म भरते हैं तो ब्याज व पेनाल्टी एमनेस्टी स्कीम के अन्तर्गत माफ कर दी जाएगी। योजना दिनांक 31.03.2025 तक प्रभावी है।

डीएम-एसपी ने पीस कमेटी की बैठक में जनपद वासियों से की अपील

गाजीपुर। होली,नवरात्री, रमजान, एवं ईद उल फितर का त्यौहार सकुशल सम्पन्न कराए जाने के लिए केन्द्रीय पीस कमेटी की बैठक पुलिस लाईन सभागार मे जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता में एवं पुलिस अधीक्षक डा. ईरज राजा उपस्थिति में मंगलवार को सम्पन्न हुई।
बैठक के प्रारंभ में जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों से आए पीस कमेटी के सदस्यों से थानों में आयोजित की गयी। पीस कमेटी के बैठक की फीडबैक की जानकारी क्रमवार सभी लोगों से प्राप्त की गयी। जिलाधिकारी ने सभी सदस्यों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल जिला प्रशासन को अवगत कराए। समस्त पीस कमेटी के सदस्यों द्वारा अपने क्षेत्र के अन्तर्गत शान्तिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में होली, नवरात्री रमजान एवं ईद उल फितर त्यौहार मनाए जाने की जानकारी जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक के द्वारा बैठक के दौरान दी गई। सभी सदस्यों द्वारा बताया गया कि इस जनपद में किसी भी प्रकार की कोई समस्या नही है फिर भी त्यौहार को सकुशल सम्पन्न कराए जाने में हम सभी लोग अपने स्तर से किसी भी समस्या को आने नही देगें जिला प्रशासन एवं पुलिस द्वारा इस बात की पुष्टि की गई।
 बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने उपस्थित समस्त उपजिलाधिकारियों/क्षेत्राधिकारियों ने बैठक में उपस्थित पीस कमेटी के सदस्यों को निर्देश दिया कि होली, नवरात्री, ईद उल फितर एवं रमजान का त्यौहार शान्तिपूर्ण/सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाए जाने के लिए अपने स्तर से समस्त तैयारियां पूर्ण रखेंगे। कोई भी समस्या किसी भी दशा में उत्पन्न नही होना चाहिए। जिलाधिकारी ने समस्त अधिशासी अधिकारी नगर पालिका/नगर पंचायत व जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिया कि शहरी/ग्रामीण क्षेत्रो की सफाई व्यवस्था के लिए जितने सफाई कर्मचारी हैं उन्हे लगाकर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराएगे। उन्होने विद्युत विभाग को निर्देशित किया कि आने- जाने वाले रास्ते पर ढीले व जर्जर तार को समय से सही करा लिया जाए। जिलाधिकारी ने पीस कमेटी के सदस्यों एवं पुलिस विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों एवं अन्य अधिकारियों व जनपद वासियों को होली, नवरात्री व ईद उल फितर की शुभकामनाएं देते हुए शान्तिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्यौहारो मनाए जाने की अपील की। पुलिस अधीक्षक डा.ईरज राजा ने बैठक में उपस्थित समस्त क्षेत्राधिकारियों को निर्देश दिया कि त्योहारो में पैनी नजर रखते हुए पुलिस बल के जवानों की ड्यूटी भीड़ भाड़ स्थलों पर लगाया जाए, जिससे कोई अप्रिय घटना न होने पाए। उन्होंने जनपद वासियों से अपील किया कि पुरानी परम्पराओं के अनुसार समस्त त्यौहारो को मनाएं। होली, नवरात्री, रमजान एवं ईद उल फितर का त्यौहार प्रत्येक दशा में शान्तिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जाएगा। पुलिस अधीक्षक ने बैठक में उपस्थित पीस कमेटी के सदस्यों से अपील करते हुए कहा कि आप सभी लोग अपने कर्तव्यों के प्रति सतर्क रहेंगे तो कोई भी समस्या उत्पन्न न होने पाए। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 दिनेश कुमार, अपर जिलाधिकारी भू0/रा0 आयुष चौधरी, एसपी सिटी, एस0पी0 ग्रामीण, समस्त उपजिलाधिकारी/समस्त नगर पालिका एवं नगर पंचायत एवं अन्य संबंधित अधिकारी व पुलिस विभाग अधिकारी/कर्मचारी, एवं सम्भ्रान्त नागरीक उपस्थित रहे।

परिवहन मंत्री को सौंपा मांगों का पत्रक, कहा…..

बक्सर बिहार से कानपुर वाया मुहम्मदाबाद,कासीमाबाद, मरदह,मऊ डिपो,आजमगढ़,कानपुर बस पुन:चलाने की मांग

गाजीपुर। (मरदह) दो दशक पहले बक्सर(बिहार) उजियार,भरौली मुहम्मदाबाद, कासीमाबाद,मरदह वाया मऊ डिपो आजमगढ़,कानपुर के लिए रोडवेज की बस प्रतिदिन चलती थी।जिसका समय मरदह बाजार होते हुए सुबह 9 से 10 बजे के बीच कासीमाबाद,मुहम्मदाबाद,उजियार, भरौली,बक्सर (बिहार) को जाती थी।और उसी दिन सायं 3 से 4 बजे के बीच वापस कानपुर के लिए आती थी।जिसमें बक्सर (बिहार) से कानपुर के लिए हजारों यात्रियों, व्यापारियों और सर्विस करने वाले लोगों को बहुत ही अच्छी व्यवस्था थी।और दूसरी बस गाजीपुर डिपो की उजियार,भरौली मुहम्मदाबाद,गाजीपुर डिपो,आजमगढ़ होते हुए कानपुर के लिए चलती थी।जो आज दो दशकों से बन्द कर दी गयी है। इसके सम्बन्ध में विभाग से कई बार मांग की गई लेकिन अब तक कोई व्यवस्था व सुनवाई नहीं हुई जो की दोनों रूट पर बस चलाई जाने की अति आवश्यकता है।शुक्रवार को परिवहन राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार उत्तर प्रदेश दयाशंकर सिंह से राजधानी लखनऊ में मुलाकात कर मरदह गांव निवासी जनपद के उत्तर प्रदेश सरकार से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार/अधिवक्ता उधम सिंह ने मांग पत्र सौंपते हुए जनहित में दो दशकों से बन्द रोडवेज बस के परिचालन को पुनःतुरन्त चालू करते हुए बक्सर (बिहार) उजियार,भरौली,मुहम्मदाबाद,कासिमाबाद मरदह,मऊ डिपो,आजमगढ़ होते हुए कानपुर के लिए बस चलाई जाए और दूसरी बस बक्सर (बिहार),उजियार,भरौली मुहम्मदाबाद,गाजीपुर डिपो होते हुए कानपुर के लिए बस चलाने की पुरजोर मांग किया।जिससे आम लोगों को यात्रा में भारी सुविधा मिलेगी और विभाग का आय (इंकम)भी बढ़ेगा।इस दौरान परिवहन मंत्री ने पूरी तरह से आश्वस्त किया कि जल्द से जल्द ही इस आवश्यकता की पूर्ति की जाएगी।

मुख्य मांगें
(1) गाजीपुर डिपो की बस उजियार,भरौली, मुहम्मदाबाद,गाजीपुर डिपो,आजमगढ़,कानपुर के लिए।

( 2) आजमगढ़ या कानपुर डिपो की बस बक्सर(बिहार), उजियार भरौली मुहम्मदाबाद कासिमाबाद मरदह बाजार,मऊ डिपो,आजमगढ़,कानपुर के लिए।

राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय के विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश की अंतिम तिथि 10 मार्च

गाजीपुर। उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय, प्रयागराज द्वारा संचालित विभिन्न डिग्री, डिप्लोमा एवं प्रमाण पत्र कार्यक्रमों में प्रवेश की अंतिम तिथि 10 मार्च तक बढ़ा दी गई है। मुक्त विश्वविद्यालय प्रयागराज के प्रवेश प्रभारी प्रोफेसर जय प्रकाश यादव द्वारा बताया गया है कि प्राचार्य एवं शिक्षार्थियों की विशेष मांग पर यह तिथि कुलपति प्रोफेसर सत्यकाम द्वारा बढ़ाई गई है और शैक्षिक सत्र जनवरी 25 में सभी कक्षाओं एवं पाठ्यक्रमों में प्रवेश का यह अंतिम अवसर हैं। इस तिथि के पश्चात किसी भी सत्र का कोई भी प्रवेश अनुमन्य नहीं होगा। विश्वविद्यालय द्वारा संचालित 15 से अधिक विषयों में एम ए , राजनीति विज्ञान, शिक्षाशास्त्र, समाजशास्त्र, समाज कार्य, उर्दू , संस्कृत विषयों तथा एकल विषय संस्कृत, इतिहास, राजनीति विज्ञान, अर्थशास्त्र, भूगोल, संस्कृत, उर्दू, अंग्रेजी आदि सामाजिक विज्ञान तथा विभिन्न प्रकार के रोजगार परक डिप्लोमा-प्रमाण पत्र पाठ्यक्रमों में ऑनलाइन प्रवेश जारी है। नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुसार छात्र नियमित पाठ्यक्रमों में अध्ययन करते हुए मुक्त विश्वविद्यालय से डिग्री या डिप्लोमा पाठ्यक्रम एक साथ कर सकते हैं। अर्थात भी किसी नियमित कोर्स को पढ़ते हुए मुक्त विश्वविद्यालय से कोई दूसरा डिग्री या डिप्लोमा कोर्स एक साथ कर सकते हैं। विश्वविद्यालय द्वारा संचालित विभिन्न पाठ्यक्रम कामकाजी, सरकारी सेवारत एवं शिक्षा से वंचित लोगों के लिए अत्यंत उपयोगी हैं। इच्छुक शिक्षार्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपना ऑनलाइन प्रवेश लेकर विश्वविद्यालय अध्ययन केंद्र (088) राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय के कार्यालय में अपराहन 1:00 से 4:00 के मध्य जमा कर सकते हैं। किसी भी जानकारी के लिए शिक्षार्थी अध्ययन केंद्र समन्वयक डॉ शिव कुमार से संपर्क कर सकते हैं।

डीएम ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण

गाजीपुर। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने शनिवार को माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं नकल विहीन संपन्न कराने के उद्देश्य से परीक्षा केन्द्रो का निरीक्षण किया। निरीक्षण मे सर्वप्रथम उमाशंकर आर्दश इण्टर कालेज हैसी पारा गाजीपुर परीक्षा केन्द्र पर पहुंचकर औचक निरीक्षण कर जायजा लिया। परीक्षा केन्द्रों पर डबल लॉक में रखे प्रश्नपत्रों के पैकेटों की टेम्परिंग का परीक्षण किया। जिलाधिकारी ने परीक्षा कक्षों में जाकर गहनता से निरीक्षण किया तथा नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं केन्द्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिया।वही अपने-अपने क्षेत्रों में सेक्टर मजिस्ट्रेटो को भी परीक्षा के दौरान निरन्तर भ्रमणशील रहकर शान्ति पूर्ण ढंग से परीक्षा सम्पन्न कराने का निर्देश दिया।
प्रथम पाली की हाईस्कूल की गणित की परीक्षा में टोटल संख्या-53898  थी जिसमें 6418 तथा इण्टरमीडिएट के व्यवसायिक परीक्षा मे कुल संख्या 461 मे 21 छात्र/छात्राए अनुपस्थित रहेे। इसी क्रम में द्वितीय पाली की हाईस्कूल  कामर्स की परीक्षा में टोटल संख्या-296  थी जिसमें 06 तथा इण्टरमीडिएट मे नागरिक शास्त्र की परीक्षा मे कुल संख्या 5713 मे से 525 छात्र/छात्राए अनुपस्थित रहे।
जनपद में परीक्षा हेतु 196 परीक्षा केन्द्र बनाए गए है जिसमे 09 जोन, 07 सचल दल एवं 32 सेक्टरो, मे विभक्त किया गया है तथा सभी परीक्षा केन्द्रो पर 01-01 स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए है।
 जिलाधिकारी ने परीक्षा केन्द्रों का जायजा लेने के दौरान कहा कि जिले में प्रत्येक दशा में नकल विहीन परीक्षा कराई जाएगी, यदि इसमें किसी भी व्यक्ति द्वारा अवरोध उत्पन्न करने की कोशिश करते पाया गया तो उसके खिलाफ विधिक कार्यवाही की जाएगी । जिन परीक्षा केन्द्रों पर नकल कराते पाया गया तो संबंधित परीक्षा केन्द्रों को ब्लैक लिस्टेट किया जाएगा।

उ.प्र. राज्य कर्मचारी महासंघ का द्विवार्षिक अधिवेशन

उ.प्र. राज्य कर्मचारी महासंघ का द्विवर्षिक अधिवेशन

ग़ाज़ीपुर।उ.प्र. राज्य कर्मचारी महासंघ गाजीपुर का द्विवार्षिक अधिवेशन/सम्मेलन जिलापंचायत सभागार मे शनिवार को आयोजित किया गया ।जिसमे मुख्य अतिथि प्रान्तीय अध्यक्ष राम लाल यादव उ0प्र0 राज्य कर्मचारी महासंघ एंव विशिष्ट अतिथि चतुर्थ श्रेणी उ0प्र0 राज्य कर्मचारी महासंघ के प्रान्तीय अध्यक्ष क्रान्ति सिंह रहे ।महासंघ के प्रान्तीय अध्यक्ष रामलाल यादव ने कहा कि पुरानी पेंशन बुढ़ापे की लाठी है जब तक पुरानी पेंशन नही होती है तब तक संघर्ष जारी रहेगा ।सरकार को अप्रैल माह तक समय दिया गया है अगर केन्द्र व राज्य सरकार इस विचार नही करती है तो आगे की रणनीति तैयार किया जाएगा ।चतुर्थ श्रेणी महासंघ के प्रान्तीय अध्यक्ष क्रान्ति सिंह ने कहा कि सासंद व विधायक को दो बार पेंशन मिलता है तो कर्मचारीयो को पेंशन क्यो नही, महासंघ के जिलाध्यक्ष बालेन्द्र कुमार त्रिपाठी ने कहा कि चाहे जितना संघर्ष करना पड़े कर्मचारीयों हित मे अपना पूरा जीवन कर्मचारीयो के लिए समर्पित रहेगा ।चतुर्थ श्रेणी महासंघ के जिलाध्यक्ष राकेश कुमार यादव ने कहा कि किसी भी सरकार से डरने की जरूरत नही है,कर्मचारीयों की मागें को लेकर रहेगें ।मनिहारी ब्लाक अध्यक्ष जयप्रकाश यादव ने कहा कि समस्त संगठनों को मतभेद भुलाकर एकजुट होकर एक साथ रहने की जरूरत है महासंघ के जिलामंत्री ईश्वर यादव ने कहा कि कर्मचारी अधिवेशन/सम्मेलन मे अपना बहुमूल्य समय निकालकर जनपद के समस्त सम्बद्ध संगठनों ने प्रतिभाग किया।
अधिवेशन को सफल बनाने मे मुख्य रूप में विकास भवन, सिंचाई विभाग, स्वास्थ्य विभाग ,कोपागार, लोक निर्माण विभाग, पशुपालन, पंचायत विभाग, लधुडाल, नलकूप प्रथम, नलकूप द्वितीय, देवकली पम्प कैनाल, खेलकूद विभाग के संघों के अध्यक्ष मंत्री व सदस्यों ने जिलापंचायत सभागार मे पधार कर सम्मेलन को सफल बनाने मे अपना बहुमूल्य समय दिया ।महासंघ का कार्यक्रम दो वर्ष के लिए पूर्व की कार्यकारी को समस्त सदस्यों द्वारा जिलाध्यक्ष बालेन्द्र कुमार त्रिपाठी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मणी त्रिपाठी, जिला मत्री ,चयनित नव निर्वाचित बनाया गया ।जिसके जिलाध्यक्ष बालेन्द्र कुमार त्रिपाठी व जिला मंत्री को चूना गया ।अधिवेशन मे जयप्रकाश यादव, मणी त्रिपाठी, मनोज यादव, हरेराम यादव, नगीना यादव, आलोक चौबे,रघुनाथ, राम कुमार वर्मा ,उमेश कुमार, प्रदीप, ईश्वर यादव, प्रभाकर, हरेन्द्र, श्री प्रकाश तिवारी, गोरख यादव, सुनीता,पूणिमा, पुष्पा ओझा,विनोद, विवेक गुप्ता,मनोज यादव, सुरेंद्र यादव, पकज, हंसराज, राजनाथ, अनिल कुमार, विनोद कुमार शकर वर्मा इत्यादि मौजूद रहे। अध्यक्षता महासंघ के जिलाध्यक्ष बालेन्द्र कुमार त्रिपाठी व संचालन अनिल कुमार ने किया ।

241 शिकायत पत्र में 24 का निस्तारण

गाजीपुर। जन समस्याओ के त्वरित निस्तारण हेतु सम्पूर्ण समाधान दिवस तहसील कासिमाबाद में जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता में शनिवार को सम्पन्न हुआ। जिसमे 79 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए और मौके पर 07 का निस्तारण किया गया। जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु सातों तहसीलो की सूचना के अनुसार सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 241  शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए जिसमें मौके पर 24 शिकायत/प्रार्थना पत्रो  का निस्तारण किया गया।
इसी क्रम में तहसील जमानियां में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता 10 शिकायत/प्रार्थना  प्राप्त हुए जिसमें 02 का मौके पर निस्तारण किया। तहसील सेवराई में अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 राजेश कुमार की अध्यक्षता में 22 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए जिसमें से 04 का मौके पर निस्तारण किया गया। सदर तहसील में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में 27 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए जिसमें निस्तारण शून्य रहा। तहसील मुहमम्दाबाद में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में 31 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए जिसमें से 03 का मौके पर निस्तारण किया गया। तहसील जखनियॉ में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में 52 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए जिसमें से मौके पर 02 का निस्तारण किया गया। तहसील सैदपुर में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में 20 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त 06 का मौके पर निस्तारण किया गया।
जिलाधिकारी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायत/प्रार्थना पत्रो का संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि अविलंब मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण कर निस्तारण किया जाए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, जिला विकास अधिकारी सुभाष चन्द्र सरोज, उपजिलाधिकारी कासिमाबाद, तहसीलदर कासिमाबाद एवं समस्त संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

पूर्वोत्तर भारत को सामाजिक,आर्थिक और सांस्कृतिक रूप से समझना सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण

पूर्वोत्तर भारत को सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक रूप से समझना सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण

गाजीपुर। स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शुक्रवार को सैन्य विज्ञान विभाग द्वारा एकल व्यख्यान का आयोजन किया गया। व्याख्यान का विषय “पूर्वोत्तर भारत का भौगोलिक एवं सामरिक महत्व” था। संगोष्ठी में मुख्य वक्ता के रूप में कर्नल राजीव कुमार राय, डायरेक्टर सिग्नल ट्रेनिंग, सेना भवन, नई दिल्ली, उपस्थित रहें। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य पूर्वोत्तर भारत के भौगोलिक स्थिति और सामरिक महत्व पर गहन विचार-विमर्श करना था।
कर्नल राजीव कुमार राय, डायरेक्टर सिग्नल ट्रेनिंग, सेना भवन, नई दिल्ली, ने पूर्वोत्तर भारत के सामरिक महत्व पर अपने विचार साझा करते हुए कहा कि पूर्वोत्तर भारत प्राचीन काल से भारतीय उपमहाद्वीप का न केवल भौगोलिक अपितु सांस्कृतिक रूप से अभिन्न अंग रहा है। महाभारत में प्रागज्योतिषपुर और मणिपुर का वर्णन है, तिब्बत में बौद्ध धर्म का प्रसार पूर्वोतर भारत के रास्ते ही हुआ था। हिमालय पर्वत से लेकर बंगाल के खाड़ी तक के विविध धरातल से लगा हुआ है। यह क्षेत्र वर्तमान समय में भौगोलिक और सामरिक दृष्टिकोण से देश के लिए अति महत्वपूर्ण है। यह क्षेत्र न केवल प्राकृतिक संसाधनों और जैव-विविधता से समृद्ध है, बल्कि यह भारत को दक्षिण-पूर्व एशिया से जोड़ने वाला एक सामरिक गलियारा भी है। यहाँ की सीमाएँ म्यांमार, बांग्लादेश, भूटान और चीन जैसे देशों से मिलती हैं। जो इसे राष्ट्रीय सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील बनाती हैं।
उन्होंने आगे कहा कि पूर्वोत्तर राज्यों की पहाड़ी और जंगली भू-संरचना इसे सैन्य रणनीति के लिए चुनौतीपूर्ण और अवसरों से भरा बनाती है। यहाँ की सामरिक स्थिति भारत को क्षेत्रीय शक्ति संतुलन में मजबूती प्रदान करती है। साथ ही, यह क्षेत्र व्यापार, कनेक्टिविटी और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के लिए भी एक महत्वपूर्ण केंद्र बन सकता है। ब्रह्मपुत्र नदी प्रदेशीय आवागमन तथा व्यापार के लिए एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में स्थापित हो रही है। इस क्षेत्र की नदियों में देश की जल समस्या के समाधान तथा विद्युत उत्पादन की अथाह संभावना है।
कर्नल राय ने जोर देकर कहा, आधुनिक युग में तकनीक और संचार का महत्व बढ़ गया है। पूर्वोत्तर में संचार नेटवर्क को मजबूत करना न केवल सैन्य दृष्टिकोण से जरूरी है, बल्कि यहाँ के विकास और मुख्यधारा से जुड़ाव के लिए भी अनिवार्य है। हमें इस क्षेत्र की क्षमताओं को समझना होगा और इसे राष्ट्रीय नीति में प्राथमिकता देनी होगी। उनके अनुसार युवाओं को इस क्षेत्र के सामरिक महत्व से अवगत कराना जरूरी है, ताकि वह भविष्य में देश की सुरक्षा और विकास में योगदान दे सकें।
प्राचार्य प्रोफेसर (डॉ०) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने अध्यक्षीय उद्बोधन में बताया कि पूर्वोत्तर भारत देश का एक महत्वपूर्ण क्षेत्र है, जो अपनी अनूठी भौगोलिक स्थिति और सामरिक दृष्टिकोण से राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि इस संगोष्ठी के माध्यम से शिक्षकों और छात्रों को इस क्षेत्र के महत्व को समझने का अवसर मिलेगा।
संगोष्ठी का आयोजन रक्षा अध्ययन विभाग के अध्यक्ष डॉ० बद्रीनाथ सिंह ने कहा कि कर्नल राय जैसे अनुभवी सैन्य विशेषज्ञ का इस मंच पर होना हमारे लिए गर्व की बात है। उनके अनुभव और ज्ञान से छात्रों को नई दृष्टि मिलेगी। यह आयोजन रक्षा अध्ययन के छात्रों के लिए विशेष रूप से लाभकारी होगा, क्योंकि यह उन्हें सैद्धांतिक और व्यावहारिक दोनों पहलुओं से जोड़ेगा। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन डॉ० अखिलेश सिंह ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य प्रोफे० (डॉ०) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय एवं संचालन डॉ० बद्रीनाथ सिंह ने किया। कार्यक्रम में भारी संख्या में प्राध्यापक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Uttar Pradesh Fast News