मांगो को लेकर शिक्षकों ने दिया धरना, कहा….

गाजीपुर। विश्वविद्यालय महाविद्यालय शिक्षक महासंघ के आह्वान पर बुधवार को उच्च शिक्षा निदेशालय, प्रयागराज पर 11 बजे से शिक्षकों द्वारा विशाल धरने का आयोजन हुआ। पुरानी पेंशन बहाली, स्थानांतरण में महाविद्यालय प्रबंधन के अनापत्ति प्रमाण-पत्र की अनिवार्यता की समाप्ति जैसे 26 सूत्रीय माँगों को लेकर उत्तर प्रदेश विश्वविद्यालय महाविद्यालय शिक्षक महासंघ ने धरने के माध्यम से सरकार के समक्ष अपनी माँग रखी और सरकार के उपेक्षात्मक रवैया के प्रति क्षोभ एवं आक्रोश व्यक्त किया।

महासंघ ने शिक्षकों के प्रति सरकार की नीति और व्यवहार को अस्वीकार्य बताया और शिक्षकों की इन 26 माँगों को अविलंब पूरी किए जाने की माँग किया। पी.जी. कॉलेज शिक्षक संघ ने इस धरने में मजबूती से प्रतिभाग किया।महामंत्री ने जानकारी दिया कि शिक्षक संघ कार्यकारिणी के पदाधिकारीगण डॉ. जे.के. राव, डॉ. राम दुलारे, डॉ. धर्मेंद्र और डॉ. गोपाल यादव समेत बड़ी संख्या में शिक्षक साथी जैसे डॉ. राकेश वर्मा, डॉ. पंकज कुमार यादव, डॉ. अनुज कुमार मिश्र, डॉ. अंजनी गौतम, डॉ. प्रशांत सिंह, डॉ. अभिषेक यादव इत्यादि धरने में उपस्थित रहे।

माँगे पूरी होने तक शिक्षा सेवा करते हुए संघर्ष जारी रहेगा।विश्वविद्यालय शिक्षक संघ के पदाधिकारी डॉ. जे.पी. सिंह ने पी.जी. कॉलेज शिक्षक संघ को सक्रिय भागीदारी हेतु आभार प्रकट किया।

खेत को पोखरी दिखा कर उतार लिए पैसे

ग़ाज़ीपुर। ग्रामीण इलाकों में पेयजल की व्यवस्था बेहतर करने के लिए हैंड पंप लगाने या फिर उसके रिकवरी करने के लिए पंचायती राज विभाग के द्वारा लाखों रुपया का बजट दिया जाता है लेकिन उन बजट का ग्राम प्रधान और विभागीय अधिकारी किस तरह से बंदर बाट करते हैं इसकी बानगी देखने को मिल रही है। मामला बाराचवर ब्लॉक के सागा पाली मुरार सिंह गांव का है। जहां पर री बोरिंग के नाम पर करीब 7 लाख रुपए का बजट उतार लिया गया है तो वहीं दूसरी ओर मनरेगा के तहत एक व्यक्ति के खेत से निकाले गए मिट्टी के बाद बचे खेत को पोखरी दिखलाकर भी करीब पौने दो लाख रुपए का बजट उतार लिया गया है। जिसकी शिकायत कृष्ण कुमार सिंह द्वारा लिखित रूप से जिलाधिकारी से किया गया। इस शिकायत के बाद जब जांच टीम पहुंची तब ग्राम प्रधान के लोगों के द्वारा जमकर बवाल करने का प्रयास किया गया ताकि जांच न होने पाए।

जांच टीम में परियोजना निदेशक राजेश यादव के साथ ही टेक्निकल टीम और बाराचवर ब्लॉक की बीडियो भी शामिल रही और जांच के दौरान ही परियोजना निदेशक के द्वारा उस खेत की भी नपाई कराई गई जिसे पोखरा दिखलाकर करीब पौने दो लाख रुपए का पेमेंट उतार लिया गया है। अभी यह जांच प्रक्रिया चली ही रही थी कि किसी बात से नाराज होकर ग्राम प्रधान पक्ष के कुछ लोग हंगामा करने लगे और मारपीट पर उतारू हो गए। इसके बाद अधिकारी वहां से चले आए। परियोजना निदेशक ने बताया कि अभी इसमें आगे की जांच प्रक्रिया जारी रहेगी क्योंकि शिकायतकर्ता के द्वारा हैंडपंप रिबोर की भी शिकायत की गई है जिसको लेकर ग्रामीणों से बातचीत कर इसकी जांच रिपोर्ट तैयार की जाएगी।

कांग्रेसियों ने फूंका केंद्रीय मंत्री का पुतला

गाजीपुर। लोकसभा में जाति जनगणना को लेकर राहुल गांधी के द्वारा उठाए गए सवाल पर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी की जाति की बात कर दिया। जिसको लेकर सदन में काफी देर तक हंगामा हुआ। कांग्रेस सदन के बाहर सड़क पर अनुराग ठाकुर के द्वारा जाति पर उठाए गए सवाल को लेकर विरोध प्रदर्शन करने लगी। इस दौरान बुधवार को कांग्रेस जिला मुख्यालय के पास धरना प्रदर्शन और जुलूस निकालकर भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के खिलाफ मुर्दाबाद का नारा लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया, जिसमें कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा अनुराग ठाकुर का एक पुतला भी फूंका गया और उस पर लातों से ठोकर भी मारी गई, जिसका वीडियो भी मीडिया के कैमरों में कैद हो गया। इस प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस पार्टी के लोग लगातार अनुराग ठाकुर मुर्दाबाद, भाजपा सरकार मुर्दाबाद के नारे भी लगाते रहे। इस प्रदर्शन के दौरान जिला अध्यक्ष सुनील राम ने कहा कि कल लोकसभा में जिस तरह से हमारे कांग्रेस सांसद और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी जातीय जनगणना की बातें कर रहे थे, उसके विरोध में भाजपा नेता और सांसद केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने जो जाति पूछने और जाति सूचक बातें कहीं वह लोकतांत्रिक और असंसदीय थी। जिसका हम लोग सदन से लेकर सड़क तक विरोध कर रहे हैं, उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार मुद्दों से भटकाना चाहती है, चाहे वो भ्रष्टाचार, गरीबों और मजलूमों पर अन्याय हो, मणिपुर में हो रहे अत्याचार हो या फिर जिस तरह से नेपाल में प्लेन हादसा हो रहा है वैसे भारत में ट्रेन हादसा हो रहा है हो। इस पर कोई सवाल होता है तो उसका ध्यान भटकाने के लिए इस तरह की बातें और बयान बाजी भाजपा के नेता करते हैं। जिसका हम लोग विरोध कर रहे हैं।

डीएम ने किया कार्यालयों का निरीक्षण, मांगा स्पष्टीकरण

गाजीपुर। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने तहसील जखनियां के विभिन्न पटलो का मंगलवार को स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होने रजिस्ट्री कार्यालय, उपजिलाधिकारी न्यायालय कक्ष, नायब तहसीलदार कक्ष, न्यायालय तसीलदार कक्ष, नाजीर कक्ष, राजस्व लिपिक, राजस्व निरीक्षक कक्ष, अभिलेखागार, संग्रह कार्यालय का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान पटलों पर कार्य संतोषजनक रहा एवं  कुछ पटलो पर कमियां मिली जिसे दुरूस्त करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान ए डब्ल्यू बी एन अशोक कुमार से फाइलो के बेतरतीव ढंग से रख रखाव एवं कार्यालय रजिस्टर अपडेट न होने पर स्पष्टीकरण मॉगा गया।


जिलाधिकारी ने रजिस्ट्री कार्यालय कक्ष का निरीक्षण के दौरान सी सी टी वी के माध्यम से पिछले दिनो की गतिविधियों को चेक करते हुए सख्त हिदायत दी कि कोई भी प्राईवेट व्यक्ति से कार्यालय का कार्य न लिया जाये। पकड़े जाने पर सख्त कार्यवाही होगी। उन्होने कार्यालय में सी0सी0टी0वी कैमरा सही रखने एवं साफ सफाई का निर्देश दिया। उन्होने उपजिलाधिकारी को तहसील परिसर में पौधरोपण एवं घास व झाड़िंयो की साफ सफाई कराने तथा तहसील के समस्त कर्मचारियों का परिचय पत्र जारी करने का निर्देश दिया।


जिलाधिकारी ने सभी पटल सहायको को निर्देश दिया कि जितने भी शिकायती पत्र, धारा 24 व धारा 116 एवं फाईले लंबित है उसे यथाशीघ्र निस्तारण करने की कार्यवाही की जाये। इसके साथ ही उन्होने परिसर की साफ-सफाई, परिसर मे पेयजल व्यवस्था व शौचालयो की साफ सफाई का निर्देश दिया। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी जखनियां, तहसीलदार जखनियां, व अन्य अधिकारीगण मौजूद थे।  

डीएम ने किया ईवीएम गोदाम का निरीक्षण, अनुपस्थित मिला कार्मिक

गाजीपुर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश के क्रम में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी आर्यका अखौरी ने मंगलवार को जिला निर्वाचन कार्यालय स्थित  ई0वी0एम गोदाम का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होने कार्यालय स्थित गोदाम में प्रवेश हेतु एक द्वार खोले जाने एक अन्य प्रवेश द्वार को बन्द किये जाने और ई0वी0एम गोदाम के परिसर में साफ- सफाई हेतु निर्देशित किया। ई0वी0एम सुरक्षा में तैनात गार्ड्स में 1 सुरक्षा गार्डस अनुपस्थित पाया गया, अनुपस्थित कार्मिक के संबंध में पुलिस अधीक्षक को अवगत कराये जाने के निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिाकरी (वि/रा) /उप जिला निर्वाचन अधिकारी को लगाये गये सी0सी0टी0वी कैमरों के रिकार्डिंग की जॉच करने का निर्देश दिया।

स्कूल के पास लगे ट्रांसफार्मर और जर्जर पोल, कभी भी हो सकती है घटना

गाजीपुर। शहर में तमाम स्थानों पर रखे खुले में ट्रांसफॉर्मर मौत को दावत दे रहे हैं। विभागीय अधिकारियों की इस लापरवाही से किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। सुभाषनगर स्थित शाह फैज पब्लिक स्कूल के दरवाजे के पास रखे ट्राली ट्रांसफॉर्मर को हटवाने के लिए विद्यालय प्रशासन अधिकारियों के चक्कर लगा चुकी है लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई है। स्कूल के मुख्य गेट के सामने रखे ट्रांसफॉर्मर के कारण स्कूल के बसों को आने जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्कूल प्रबंधन के मुताबिक कई हफ़्तों से ट्रांसफार्मर जल जाने के कारण ट्रॉली ट्रांसफार्मर लगाया गया था। जो अभी तक विद्युत विभाग द्वारा अभी तक हटाया नही गया। विद्यालय प्रशासन ने बताया कि ट्रॉली ट्रांसफार्मर लगने के कारण बसों को आने जाने में दिक्कतें तो आ ही रही हैं साथ ही बच्चों में भी इसको लेकर भय का माहौल बना हुआ है। शाह फैज स्कूल के समीप लगाए गए ट्रांसफॉर्मर में कई बार आग लग चुकी है। स्कूल के बच्चे कई बार बाल-बाल बचे हैं।

शिकायत के बावजूद ट्रांसफार्मर को हटाने या सुरक्षित करने की जहमत विद्युत विभाग द्वारा नहीं उठाई गई है। विद्यालय के मुख्य गेट पर विद्युत ट्रांसफॉर्मर रखा हुआ है। पिछले हफ्ते स्पार्किंग होने से कई बच्चे भी घायल होने से बच गए थे। कई बार अधिकारियों को ट्रांसफॉर्मर हटाने के बारे कहा जा चुका है लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। किसी भी समय किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका से इन्कार नहीं किया जा सकता। 10 और 26 जुलाई को विद्यालय के निदेशक डॉ नदीम अदहमी ने विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता द्धितीय के अधिकारी को पत्र के माध्यम से इस मामले का संज्ञान भी दिलाया था लेकिन अभी तक विद्युत विभाग के अधिकारियों द्वारा कोई भी उचित कार्रवाई नहीं की गई है। ऐसा ही मामला नगर के मिश्रबाजार स्थित एक स्कूल का है। जहां भी एक ट्रांसफार्मर लगाया गया है जो खुले में है। इस स्कूल के बच्चे भी डर डर के स्कूल जाने पर विवश हैं। क्योंकि विद्युत विभाग के अधिकारी तो मौन साधे हुए हैं।

मांगो को लेकर किया धरना प्रदर्शन, मांग पूरा नहीं हुआ तो करेंगे घेराव

ग़ाज़ीपुर। उ०प्र० माध्यमिक शिक्षा संघ एवं प्रधानाचार्य परिषद (वित्त विहीन गुट) ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मंगलवार को जिला मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन किया। बताया कि शिक्षकों की समस्याओं को लेकर एक दिवसीय सांकेतिक धरना दिया गया।
मांगो का जिक्र करते हुए संघ के जिलाध्यक्ष रमेश चन्द्र सिंह यादव ने कहा कि माध्यमिक वित्त विहीन विद्यालयों के शिक्षक / शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की सेवा नियामवली तत्काल बनाई जाय, माध्यमिक वित्त विहीन विद्यालयों के शिक्षक / शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को सम्मानजनक मानदेय सरकार द्वारा ट्रेजरी से दिया जाय, माध्यमिक विद्यालयों में कक्षा 09 व 11 के रजिस्टर्ड छात्रों का 10 रूपया प्रति छात्र विद्यालय के प्रधानाचार्य को विगत वर्षों का बकाया वापस किया जाय। माध्यमिक वित्त विहीन विद्यालयो के छात्रों को जो यू०पी० बोर्ड को भी टाप करते है उन वित्त विहीन विद्यालयों के छात्रों को नेशनल स्कालरशिप में सम्मिलित नही किया जाता है इसलिए वित्त विहीन विद्यालय के छात्रों को भी नेशनल स्कालरशिप में सम्मिलित किया जाय। बाल शिक्षा अधिकार अधिनियष्म 2009 के धारा-12ग के तहत लाभान्वित व गरीब 25 प्रतिशत छात्रों का पैसा उनके अभिभावकों के खाते में प्रति वर्ष भेजा जाय। उन्होंने कहा कि मांगों का तत्काल समाधान नही किया गया तो संघ 27 नवम्बर को विधानसभा का घेराव करेगा। इस दौरान मुख्यालय पर सांकेतिक प्रदर्शन कर रहे शिक्षकों ने जमकर नारेबाजी की।

डीएम ने लगाई विद्युत विभाग के अधिकारियों को फटकार, रोका वेतन

गाजीपुर। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने शनिवार को विद्युत विभाग द्वारा कराये जाने रहे कार्यो-यथा जर्जर तारो को बदलने (री-वैम्प), की प्रगति, 1912 पर प्राप्त शिकायतो के निस्तारण की स्थिति, जले हुए ट्रांस्फार्मरो को समय से बदलने एवं विद्युत आपूर्ति (नगरीय एवं ग्रामीण) की स्थिति सहित अन्य समस्त विभागीय योजनाओ/कार्यक्रमो की विस्तृत रूप से कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक कर समीक्षा की। बैठक में जनपद के विभिन्न क्षेत्रो के 06 एस डी ओ के अनुपस्थित होने पर सख्त नाराजगी व्यक्त करते हुए सम्बन्धित का वेतन रोकने तथा स्पष्टिकरण कर निर्देश दिया साथ ही अधिशासी अभियन्ता तृतीय बृजेश कुमार एवं अधिशासी अभियन्ता द्वितीय संदीप कुमार निर्भर के अनुपस्थित होने पर उच्चाधिकारी को पत्राचार करने का निर्देश दिया गया। बैठक मे जिलाधिकारी ने समीक्षा के दौरान ग्रीष्म ऋतु से लेकर अबतक प्रतिदिन सुचारू रूप से आपूर्ति न होने, जले हुए ट्रांस्फार्मरों को समय से न बदले जाने, विद्युत विभाग के अधिकारियों द्वारा फोन रिसीव न करने, मोबाईल बन्द रखने आदि शिकायतो को संज्ञान मे लेते हुए जिलाधिकारी ने उपस्थित विद्युत विभाग के अधिकारियो को फटकार लगाई एवं निर्धारित समयावधि मे आवश्यक कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया।

बैठक में जनपद के विभिन्न क्षेत्रो के 06 एस डी ओ जिसमे एस डी ओ रेवतीपुर प्रवीण मौर्या, दिलदारनगर कमलेश कुमार प्रजापति, एस डी ओ पारा प्रमोद कुमार, एस डी ओ सैदपुर  अजय कुमार सिंह, एस डी ओ भीमापार प्रदीप कुमार सिंह के अनुपस्थित होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए वेतन रोकने तथा स्पष्टिकरण कर निर्देश दिया। बैठक मे जिलाधिकारी ने मेसर्स मान्टी कार्लो इण्डिया लिमिटेड के द्वारा ग्रामीण क्षेत्रो मे पोल एवं ग्राउंिटंग के दोयम दर्जे की कार्याे की शिकायत पर कराये गये  कार्याे की जॉच का निर्देश दिया। बैठक में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि 219 प्राथमिक/उच्च प्राथमिक विद्यालयो मे विद्युत कनेक्शन हेतु भुगतान माह मार्च तक किया जा चुका है लेकिन अभी तक कनेक्शन नही हुआ तथा 194 विद्यालयो के उपर से एच टी तार हटवाने के सम्बन्ध मे भी जानकारी दी। जिलाधिकारी ने जल्द से जल्द कनेक्शन कराने तथा विद्यालयो के उपर से एच टी तार हटवाने हेतु विद्युत विभाग के अधिकारी को निर्देश दिये। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, डीएसटीओ खगेन्द्र सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी हेमन्त राव, विद्युत विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

सचिव ने किया जिला जेल का औचक निरीक्षण, दिया निर्देश

गाजीपुर। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में शनिवार को जिला कारागार एवं किशोर न्याय बोर्ड/आश्रय गृह का निरीक्षण विजय कुमार-चतुर्थ ए अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश/सचिव पूर्णकालिक, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान बंदियों से निःशुल्क अधिवक्ता, जेल लोक अदालत तथा उनकी जेल अपील से संबंधित अन्य समस्याएं पूछी गयी एवं उनके यथोचित अधिकार हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया। इस दौरान बंदियों को उनके संवैधानिक अधिकारों के विषय में विस्तृत जानकारी दी गयी। सचिव द्वारा जेल के बंदियों से बात कर उनकी समस्याओं को समझने के साथ ही उनके निस्तारण का निर्देश दिया गया।

सचिव द्वारा बीमार बंदियो के संबंध में कारापाल एवं चिकित्सक को उचित निर्देश दिया गया। सचिव ने कारापाल को जिला कारागार में स्थित जेल लीगल क्लीनिक पर विशेष रूप से ध्यान देने के निर्देश दिए ताकि जेल में निरूद्ध बंदियों को समय से व समुचित विधिक सहायता प्राप्त हो सके। कारागार परिसर में साफ-सफाई, मच्छरो के बचाव के लिए छिड़काव के लिए निर्देशित किया गया। तदोपरोन्त राजकीय प्लेस ऑफ सेफ्टी एवं राजकीय सम्प्रेक्षण गृह (किशोर) का निरीक्षण किया गया। राजकीय प्लेस ऑफ सेफ्टी में कार्यरत अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे। आवासित किशोर उपस्थिति पंजिका 27 जुलाई के अनुसार उपस्थित पाये गये। राजकीय प्लेस ऑफ सेफ्टी एवं राजकीय सम्प्रेक्षण गृह (किशोर) को निर्देशित किया गया कि मीनू के अनुसार भोजन, साफ-सफाई, कपडे़ तथा स्वास्थ्य एवं स्वास्थ्य परीक्षण व्यवस्था करना सुनिश्चित करें। किसी भी बालक द्वारा किसी उत्पीड़न अथवा परेशानी का कोई उल्लेख नहीं किया गया है।

विद्युत सहित अन्य समस्याओं को लेकर डीएम से मिले सपाई, की मांग

गाजीपुर। समाजवादी पार्टी के सदर विधान सभा के विधायक जै किशन साहू के नेतृत्व मे पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल शनिवार को शहर की सड़क, नाली, जलजमाव और विधुत दुर्व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी आर्यका अखौरी से मिला और जल्द से जल्द इन समस्याओं से शहरवासियों को छुटकारा दिलाने की मांग किया।
उन्होंने झंडातर और रायगंज मे हुए जलजमाव से उत्पन्न गंदगी, कीचड़ का उल्लेख करते हुए कहा कि इन क्षेत्रों में जलजमाव के चलते तमाम संक्रामक बीमारियों के पैदा होने का खतरा पैदा हो गया है। उन्होंने शहर की जर्जर सड़कों का हवाला देते हुए कहा कि जहां जहां सीवर लाइन का काम हो रहा है वहां वहां की सड़के तो खराब है ही लेकिन जहां सीवर लाइन का काम नही भी हो रहा है वहां की सड़को की भी स्थिति अत्यन्त दयनीय है।

इसके पश्चात उन्होंने एसडीओ विधुत विभाग से टेलीफोनिक वार्ता कर शहर की विधुत दुर्व्यवस्था पर भी नाराजगी जतायी। उन्होंने अपना एक प्रतिनिधिमंडल विधुत दुर्व्यव्स्था की जानकारी देने के लिए एसडीओ के पास भेजा। प्रतिनिधिमंडल ने एसडीओ को जानकारी दी, उसके पश्चात एसडीओ ने प्रतिनिधिमंडल के साथ लंगाह, मच्छरहट्टी, बरबरहना, प्रकाश टाकीज, टाउन हाल मुहल्ले का भ्रमण कर विधुत दुर्व्यवस्था से अवगत हुए। उन्होंने एक हफ्ते के अंदर इन मुहल्ले की विधुत दुर्व्यव्स्था का निदान करने का आश्वासन दिया। जिलाधिकारी और एसडीओ से मिलने वाले प्रतिनिधिमंडल मे मुख्य रूप से जिलाध्यक्ष गोपाल यादव, अरूण कुमार श्रीवास्तव, तहसीन अहमद, आमिर अली, दिनेश यादव, डाॅ समीर सिंह, बाबी चौधरी आदि शामिल थे।

Uttar Pradesh Fast News