गाजीपुर। जन समस्याओ के त्वरित निस्तारण हेतु सम्पूर्ण समाधान दिवस शनिवार को तहसील सदर में जिलाधिकारी आर्यका अखौरी अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक डॉ0 ईरज राजा की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। जिसमे 44 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए और मौके पर 04 का निस्तारण किया गया। जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु सातांे तहसीलो की सूचना के अनुसार सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 398 शिकायत/प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए जिसमें मौके पर 26 शिकायत/प्रार्थना पत्रो का निस्तारण किया गया।
जिलाधिकारी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस मंे प्राप्त शिकायत/प्रार्थना पत्रो को लेकर सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिया कि अविलम्ब मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण करते हुए पत्रों का निस्तारण कराए। उन्होनेे आई जी आर एस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतो को आगामी तीन दिवस में शत-प्रतिशत निस्तारण करने का निर्देश दिया। उन्होने कहा इसकी समीक्षा सीधे शासन स्तर से होती है। इसमे लापरवाही पर सम्बन्धित अधिकारी स्वयं जिम्मेदार होगे। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर तहसीलदर, एवं समस्त जनपदस्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
गाजीपुर। शनिवार को समाजवादी पार्टी की मासिक बैठक जिलाध्यक्ष गोपाल यादव की अध्यक्षता मे बंशीबाजार स्थित पार्टी कार्यालय डॉ लोहिया – मुलायम सिंह भवन पर आयोजित हुई। इस बैठक में सांगठनिक कार्यक्रमों, प्रदेश की खराब कानून व्यवस्था, अनियमित विधुत आपूर्ति के साथ साथ अन्य जनसम्स्याओं पर विस्तृत रूप से चर्चा की गयी। इस दौरान जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने कार्यकर्ताओ से सांगठनिक कार्यों को गंभीरता से लेने की हिदायत देते हुए कहा कि सांगठनिक कार्यों मे लापरवाही और अनुशासनहीनता कत्तई बर्दाश्त नही की जायेगी। उन्होंने भाजपा सरकार की तानाशाही और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जमकर हल्ला बोला और आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि इतनी संवेदनहीन सरकार इस देश और प्रदेश में कभी नही रही। आज लगातार बढ़ती मंहगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, लचर कानून व्यवस्था के चलते देशवासी खुन के आंसू रो रही है, और यह सरकार उनकी समस्याओ पर ध्यान न देकर पूंजीपतियों की खिदमत और उनके हित साधने मे व्यस्त है । उन्होंने तहसील और थानों को लूट का अड्डा बताते हुए कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों से समाज का कोई वर्ग खुश नही है। यह सरकार लगातार किसान,नौजवान, छात्र,व्यापारी,कर्मचारी ,महिलाओं के खिलाफ काम कर रही है।
राष्ट्रीय सचिव राजेश कुशवाहा ने शहर मे शहर मे जलजमाव,अनियमित विद्युत आपूर्ति और जर्जर सड़कों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि लगातार इन समस्याओ से जिला प्रशासन को अवगत कराने के बावजूद जिले के आला अधिकारियों के कानों पर जू नही रेंग रहा है। उन्होंने कहा कि त्योहारों का मौसम निकट है ,शहरों के सड़को पर लोगों का निकलना मुश्किल है। इस पर आक्रोश व्यक्त करते हुए उन्होने कहा कि यदि सड़कों का जल्द से जल्द गड्ढा मुक्त नही किया गया तो समाजवादी पार्टी सड़को पर उतरने को बाध्य होगी। इस बैठक मे मुख्य रूप से पुर्व विधायक त्रिवेणी राम ,पुर्व विधायक खुर्शीदअहमद,राष्ट्रीय सचिव राजेश कुशवाहा,पुर्व जिलाध्यक्ष रामधारी यादव, डाॅ नन्हकू यादव, खेदन यादव, अशोक कुमार बिंद, अरूण कुमार श्रीवास्तव, रविन्द्र प्रताप यादव,मुन्नी लाल राजभर,रामवचन यादव, रामजन्म चौहान, राहुल यादव,शौर्या सिंह, राम जी राय,सुभाष यादव, उपेन्द्र यादव,सूरज राम बागी, मदन यादव, दिनेश यादव, राजेन्द्र यादव, गोवर्धन यादव,अवधेश यादव, वृजदेव खरवार, सदानंद यादव, अमित ठाकुर, अक्षय यादव, पूजा गौतम, जमुना यादव, जयराम यादव, संजय कन्नोजिया,हरेन्द्र विश्वकर्मा,तौकीर अहमद,कमलेश यादव भानु,रीना यादव, लल्लन राम, केसरी यादव, भरत यादव, मार्कंडेय यादव, रणजीत यादव, दारा यादव, बलिराम यादव, रामप्रकाश यादव,प्रभुनाथ राम,सदानंद कन्नौजिया,कैलाश यादव, योगेन्द्र प्रजापति,विजय शंकर चौरसिया,सूर्यमणि यादव,अम्बरीष यादव, रामाशीष यादव, अवधेश कुशवाहा उपस्थित थे। इस बैठक का संचालन जिला महासचिव कन्हैयालाल विश्वकर्मा ने किया।
श्री राम केवट संवाद घरनैल द्वारा सुरसरि पर जाना लीला का हुआ मंचन।
गाजीपुर। अति प्राचीन रामलीला कमेटी हरिशंकरी के तत्वावधान में लीला के सातवें दिन 4 अक्टूबर शुक्रवार को शाम 7:00 बजे विश्वेश्वरगंज स्थित पहाड़ खां पोखरा पर श्रीराम केवट संवाद, घरनैल द्वारा सुरसरि पार जाने से संबंधित लीला का मंचन हुआ। लीला प्रारंभ होने से पूर्व कमेटी के मंत्री ओमप्रकाश तिवारी, उप मंत्री लव कुमार त्रिवेदी, प्रबंधक मनोज कुमार तिवारी, उप प्रबंधक मयंक तिवारी कोषाध्यक्ष बाबू रोहित अग्रवाल द्वारा श्री राम लक्ष्मण सीता की पूजन आरती की गई। इसके बाद बंदे वाणी विनायकौ आदर्श श्री रामलीला मंडल के कलाकारों द्वारा पूरी भव्यता के साथ लीला की शुरुआत हुई।
लीला में दर्शाया गया कि प्रभु श्री राम लक्ष्मण सीता वनवास के दौरान श्रृंगवेरपुर पहुंचकर रात्रि विश्राम के उपरांत दूसरे दिन सुबह निषाद राज केवट से सुरसरि पार जाने के लिए नाव की व्यवस्था करने का आदेश देते हैं। निषाद राज केवट प्रभु श्री राम के आदेश का पालन करते हुए केवट को बुलाकर श्री राम का परिचय देते हुए आदेश देते हैं कि श्री राम लक्ष्मण सीता वन प्रदेश में जाना चाहते हैं इन्हें अपने नाव से नदी पार उतार दो। केवट ने जब सुना कि अयोध्या नरेश महाराज दशरथ के पुत्र श्री राम नदी के तट पर भाई लक्ष्मण पत्नी सीता के साथ खड़े हैं तो वह वहां आकर प्रभु श्री राम को दंडवत करता है और श्री राम का परिचय जानकर कहता हैं कि प्रभु नाव पर बैठाने से पूर्व मैं जल से आपका पांव पखार कर अपने नाव पर बैठाऊगां।
क्योंकि मैंने सुना है कि छुअत शिला भई नारी सुहाई, पाहन ते न काठ कठिनाई। प्रभु मैंने सुना है कि महर्षि विश्वामित्र के साथ उनके यज्ञ की रक्षा के लिए आप उनके आश्रम जाते समय रास्ते में एक पत्थर को अपने पैरों से स्पर्श कर दिया आपके चरण स्पर्श से पत्थर नारी में परिवर्तित हो गई। हे नाथ हमारे नाव पर कृपा करें ,यदिआप अपना पैर नाव पर रख दिए तो नाव काठ के बजाय नारी बन जाएगी, इसलिए हे नाथ आप पहले मुझे अपना पैर पखारने का अनुमति दें, तभी मैं आपको नाव पर चढा़ऊंगा। श्री राम ने केवट की भक्ति युक्त वाणी को सुनकर उन्होंने कहा कि केवट राम राजा यशु पावा।
पानी कठोरता भर लै आवा। केवट प्रभु श्री राम के इस वचन को सुनकर के घर से कठौता ले करके आया और अति आनंद उमगी अनुरागा, चरण सरोज पखारन लागा। केवट प्रभु श्री राम के चरण को बड़े ही भाव विभोर होकर पखारा। उसके भक्ति से खुश होकर देवलोक से पुष्पों की वर्षा होने लगती है। उधर केवट प्रभु श्री राम की चरणों को पखारकर अपने पितरों को तार देता है। और प्रभु श्री राम को नाव पर बिठाकर सुरसरि पार ले जाता है। प्रभु श्री राम सुरसरि पार होने के बाद केवट को नाव खेवाई देते है तो केवट कहता है कि अब कछु नाथ न चाहिए मोरे, दीन दयाल अनुग्रह तोरे।
हे नाथ मुझे इसकी कोई आवश्यकता नहीं है मल्लाह मल्लाह खेवाई नहीं लेता है मैंने आपको गंगा पार किया। जब मैं आपके धाम आऊंगा तो मुझे आप भवसागर से पार कर दीजिएगा।इतना सुनने के बाद प्रभु श्री राम ने केवट को अविरल भक्ति का वरदान देकर बन प्रदेश के लिए प्रस्थान कर देते हैं। लीला को देखकर दर्शक भाव विभोर हो गए। इस अवसर पर कमेटी के मंत्री ओमप्रकाश तिवारी, मुख्यमंत्री लवकुमार त्रिवेदी, प्रबंधक मनोज कुमार तिवारी को उप प्रबंधक मयंक तिवारी कोषाध्यक्ष रोहित अग्रवाल राम सिंह यादव, राजनसिंह आदि रहे।
गाजीपुर। नवरात्र शुरू हो चुका है। पंडालो की तैयारी भी शहर के हर क्षेत्र में जोरोशोरो से चल रही है। लेकिन सड़को के गड्ढामुक्त ना होने से नगर के हर एक नागरिक को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ठेकेदार गड्ढा मुक्ति के नाम पर खानापूर्ति करते दिख रहे हैं। इधर आए दिन इस गड्ढे वाली सड़क पर चलते हुए हर रोज कोई ना कोई घटना किसी न किसी के साथ हो रही है। लेकिन ठेकेदार अपनी मनमानी करने में लगे हुए हैं। गुरुवार की देर रात जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने अधिकारियों संग नगर के मिश्रा बाजार और लाल दरवाजा के सड़कों का निरीक्षण किया और संबंधित अफसरों और जिम्मेदारों को निर्देशित किया।
कहा कि जल्द से जल्द सड़के गड्ढा मुक्त होने चाहिए। अगर डीएम के निर्देश के बाद सड़के गड्ढा मुक्त नहीं हुई तो नगर में बन रहे दर्जनों दुर्गा पूजा पंडालों में शुरू होने वाले पूजा अर्चना में लोगों का आना दुश्वार हो जाएगा। क्योंकि इसी रूट पर जगह-जगह पूजन पंडाल स्थापित हैं। इसी मार्ग पर स्थित देवी मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए भक्त जाते हैं। वहीं महिला हॉस्पिटल, एसबीआई बैंक, कोतवाली सहित कई अन्य प्रमुख जगहें हैं जहां लोगों का आना जाना लगा रहता है। लेकिन क्या करें सड़क तो उस लायक है ही नहीं।
गाजीपुर। अति प्राचीन रामलीला कमेटी हरिशंकरी की ओर से 3 अक्टूबर गुरुवार को हरिशंकरी श्री राम सिहासन से प्रभु श्री राम लक्ष्मण सीता की शोभायात्रा बाजे गाजे के साथ शाम 6 बजे से शुरू हुआ। जो महाजनटोली, झुन्नू लाल चौराहा, आमघाट, ददरी घाट चौक, महुआबाग चौक होते हुए पहाड़ खां पोखरा के निकट राम जानकी मंदिर तक पहुंच कर समाप्त हुआ।
बताते चलें कि प्रभु श्री राम माता पिता के आज्ञा अनुसार 14 वर्ष के लिए लक्ष्मण और सीता के साथ वन के लिए प्रस्थान कर देते हैं। वनवास के दौरान प्रभु श्री राम पहला विश्राम तमसा नदी के तट पर करते हैं। इसके बाद रथ पर सवार होकर श्रृंगवेरपुर के लिए चलते देते हैं। वहां के राजा निषाद राज जब अपने दूतों के द्वारा अयोध्या नरेश महाराज दशरथ के पुत्र श्री राम के आने की सूचना पाते हैं। यह सुधिगुहं निषाद जब पाई। मुदित लिए प्रिय बंधु बुलाई। वे अपने दरबारियों और मंत्री के साथ श्रीराम के स्वागत के लिए अपने दरबार से चल देते हैं। वे श्रीराम को देख कर अति प्रसन्न होते हैं, तथा उन्हें अपने राज दरबार में चलने का आग्रह करते हैं। श्री राम ने उनके आग्रह को अस्वीकार करते हुए कहते हैं कि मुझे 14 वर्ष तक वन में ही समय बिताना है। निषाद राज के काफी अनुनय विनय के बाद भी श्रीराम ने उनके दरबार में जाने से इनकार करते हुए कहते हैं कि मेरे लिए आप इसी वृक्ष के नीचे ठहरने की व्यवस्था करें। श्रीराम के कथनानुसार निषाद राज ने उनके ठहरने की समुचित व्यवस्था अपने मंत्री द्वारा करवाते हैं।
श्री राम व निषाद राज का मिलन हुआ। इस मौके पर कार्यवाहक अध्यक्ष विनय कुमार सिंह, मंत्री ओमप्रकाश तिवारी, उप मंत्री लव कुमार त्रिवेदी, मेला प्रबंधक मनोज कुमार तिवारी, मेला उप प्रबंधक मयंक तिवारी, कोषाध्यक्ष रोहित कुमार अग्रवाल, राम सिंह यादव, सरदार राजन सिंह, उपस्थित रहे।
गाजीपुर। जिले में जरूरतमंद लोगों की जरूरतों को देखते हुए दी रॉयल सिक्यूरिटीज शाखा का शुभारंभ होने जा रहा है। इसका सैदपुर में भव्य तरीके से उद्घाटन सात अक्टूबर दिन सोमवार को दो बजे होगा। यह जानकारी दी रॉयल सिक्यूरिटीज के प्रोपराइटर इंद्र प्रताप उर्फ मुन्नन यादव ने दी है। मुन्नन यादव ने बताया कि नगर पंचायत सैदपुर बंगला बाबा के बगल में वार्ड नम्बर-दो में स्थित दी रायल सिक्यूरिटीज सैदपुर शाखा का उद्घाटन रिटायर्ड डीआईजी बलिकरन सिंह यादव करेंगे। उन्होने बताया कि क्षेत्र के बैंकों, व्यवसायिक प्रतिष्ठानों, कालेजों, अस्पतालों, शोरुम, आदि जगहों पर दी रॉयल सिक्यूरिटीज सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध करायेगा। अधिक जानकारी के लिए दी रायल सिक्यूरिटीज के प्रबंधक ज्ञानेंद्र यादव उर्फ भीम के मोबाइल नम्बर 9919804598 पर संपर्क कर सकते हैं।
गाजीपुर।आयुक्त,खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उ0प्र0, लखनऊ एवं जिलाधिकारी आर्यका अखौरी के आदेश पर डा. दिनेश कुमार अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) गाजीपुर/आर0सी0 पाण्डेय सहायक आयुक्त (खाद्य)-प्प् गाजीपुर के निर्देशन में नवरात्रि पर्व के अवसर पर मिलावटी खाद्य एवं पेय पदार्थों के विक्रय पर प्रभावी रोकथाम हेतु विशेषकर कुट्टू का आटा, सिंघाड़े का आटा, सूखे मेवे, मूगफली, साबूदाना, रामदाना व अन्य फलाहार की गुणवत्ता सुनिश्चित कराए जाने व हानिकारक रसायनों से कृत्रिम रूप से पकाए गए फलों के भण्डारण/विक्रय को प्रतिबंधित करने के उद्देश्य सें अभिसूचना आधारित प्रभावी विशेष अभियान चलाकर कुल 05 नमूना संग्रहित किया गया। जिसका विस्तृत विवरण निम्नवत है-जिसमें दिनांक 03 अक्टूबर, 2024 को जंगीपुर बाजार गाजीपुर स्थित प्रतिष्ठान मेसर्स-सावन ट्रेडिंग कंपनी से साबूदाना (दीनबन्धु ब्राण्ड) का 01 नमूना, जंगीपुर बाजार स्थित मोहन गुप्ता के प्रतिष्ठान से चायपत्ती का 01 नमूना, मनिहारी बाजार स्थित प्रतिष्ठान मेसर्स मोती किराना स्टोर से साबूदाना (सच्चा मोती ब्राण्ड) का 01 नमूना, हंसराजपुर बाजार स्थित प्रतिष्ठान मेसर्स राजेश किराना स्टोर से सिंघाड़ा आटा (जायसवाल ब्राण्ड) का 01 नमूना, प्रकाशनगर मुगलानीचक स्थित प्रतिष्ठान मेसर्स इजी शॉपिंग सेन्टर से सिंघाड़ा आटा (भगत ब्राण्ड) का 01 नमूना लिया गया । संग्रहित नमूनें खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला, उ0प्र0 प्रेषित किये जा रहें है।जॉच रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के अन्तर्गत विधिक कार्यवाही की जाएगी। नमूना संग्रह की कार्यवाही सुमन कुमार मिश्र मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों डॉ0 तूलिका शर्मा, राजीव कुमार सिंह,वीरेंद्र यादव एवं अरविन्द प्रजापति की टीम द्वारा की गई।
गाजीपुर। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता में गुरुवार को मिशन शक्ति 5.0 योजना के शुभारंभ पर बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत कलेक्ट्रेट सभागार राइफल क्लब में मेधावी बालिका सम्मान जेण्डर चौम्पियंस का सम्मान व संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया । जिसमे जेंडर चौंपियंस तथा मेधावी छात्राओं का जिलाधिकारी ने सम्मानित किया गया। साथ ही मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना कोविड, के 10 तथा स्पॉन्सरशिप योजना के 5 लाभार्थी बालक बालिकाओं के साथ संवाद करते हुए उनके आर्थिक स्थिति व शैक्षणिक प्रगति की जानकारी प्राप्त की गई। कार्यक्रम में डीएम द्वारा बच्चों को बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत टी.शर्ट लोवर बैग लोक्र मीठा एवं लंच पैकेट दिया गया। हाई स्कूल और इंटर मीडिएट की मेधावी 10-10 बालिकाओं को तथा जेंडर चौंपियंस के तहत 10 प्रतिभाशाली खेल स्पर्धा की बालिकाओं को रुपए 5000 बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत दिए जाना सुनिश्चित किया गया। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं के स्वास्थ्य सुरक्षा एवं शिक्षा पर जोर देते हुए राज्य सरकार द्वारा चलाई जाने वाली योजनाओं के बारे में बताया तथा हेल्पलाइन के संबंध में भी जानकारी दी गई। इस कार्यक्रम में जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय कुमार सोनी, यूनिसेफ से बाल संरक्षण सलाहकार अनिल यादव, संरक्षण अधिकारी गगीता श्रीवास्तव एवं महिला कल्याण विभाग के कार्मिक उपस्थित थे।
गाजीपुर। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में गांधी एवं शास्त्री जयंती का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सर्वोदय नीति के तहत महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण सर्वप्रथम कालेज के सफाई कर्मी मनोज रावत तत्पश्चात प्राचार्य प्रोफेसर अनिता कुमारी एवं महाविद्यालय के शिक्षकों द्वारा किया गया। कार्यक्रम में कल्चरल क्लब के सदस्यों द्वारा गांधी जी के प्रिय भजनों का सुमधुर गायन किया गया जिसे डा शशिकला जायसवाल एवं डॉ शिखा सिंह ने तैयार किया था।
इस अवसर पर डा शिल्पी राय ने गांधी के वैज्ञानिक दृष्टिकोण पर अपनी बात रखते हुए कहा कि गांधी उद्यम के साथ तकनीक को महत्व देते थे। गांधी के भारत बोध पर डा विकास सिंह ने बहुत सुचिंतित व्याख्यान दिया। गांधी के जीवन प्रसंग और उनकी हत्या तक की घटना में निहित मूल्यबोध को रेखांकित किया। आपके अनुसार जब तक दुनिया में भय, भूख, धर्मांधता, असमानता बनी रहेगी, गांधी याद आते रहेंगे। डा अमित यादव ने कहा कि ब्रिटिश हुकूमत की साम्राज्यवादी शक्ति के सामने सत्य और अहिंसा जैसे मूल्य के साथ गांधी खड़े थे।
प्राचार्य प्रोफेसर अनीता कुमारी ने कहा कि महापुरुषों की जयंती हमे अपने मूल्यों को आत्मसात करने की सीख देती है। कार्यक्रम का संचालन एवं संयोजन समारोहक डा निरंजन कुमार यादव ने किया। डा दिवाकर मिश्र ने वाद्य यंत्रों की मनमोहक प्रस्तुति दी। इस अवसर पर महाविद्यालय परिवार के सभी सम्मानित सदस्य उपस्थित रहे।
गाजीपुर। महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर बुधवार को जनपद के 12 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त ग्राम पंचायत घोषित किया गया। राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम और प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुए समारोह के दौरान राज्यसभा सांसद डॉ संगीता बलवंत द्वारा 12 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त होने पर ग्राम प्रधानों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। राज्यसभा सांसद डॉ संगीता बलवंत ने कहा कि टीबी गंभीर बीमारी है, जिसके उपचार में लापरवाही करने पर यह गंभीर रूप ले सकती है। इससे और भी लोग प्रभावित हो सकते हैं। उपचार का कोर्स पूरा करने पर टीबी को ठीक किया जा सकता है। इसकी रोकथाम और नियंत्रण के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। अभी 12 ग्राम पंचायतें टीबी मुक्त घोषित हुई हैं। जल्द ही जनपद की समस्त ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त ग्राम पंचायत के रूप में घोषित किया जाएगा। इसके लिए जनपद प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और पंचायती राज विभाग संयुक्त प्रयास कर रहे हैं।
इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह एवं नगरपालिका परिषद अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने टीबी मुक्त घोषित हुईं ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधानों, सीएचओ समेत अन्य स्वास्थ्यकर्मियों और फ्रंट लाइन वर्करों का उत्साहवर्धन किया। इस मौके पर राज्यसभा सांसद डॉ संगीता बलवंत और जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह ने 100 – 100 टीबी मरीजों को गोद लेकर उनके पोषण आहार और उपचार में सहयोग करने का आश्वासन दिया। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने कहा कि प्रथम चरण में जनपद की 12 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त कर लिया गया है। अगले चरण में शेष 533 ग्राम पंचायतों का चयन किया गया है। यहां स्क्रीनिंग कैंप लगाकर लोगों की जांच और उपचार किया जाएगा। साथ ही जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को टीबी के बारे में जानकारी दी जाएगी।
इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ देश दीपक पाल, एसीएमओ डॉ मनोज कुमार सिंह, जिला क्षयरोग अधिकारी डॉ संजय कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी अंशूल मौर्या, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ राजेश कुमार सिंह, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ के एन चौधरी, एसीएम ओ डॉ सुजीत कुमार मिश्रा, एडीएमएलआर एवं एफआर, जिला कार्यक्रम समन्वयक डॉ मिथिलेश कुमार सिंह, अनुराग, सुनील वर्मा, संजय यादव, रविप्रकाश, वैंकटेश एवं सभी अधिक्षक/ प्रभारी चिकित्साधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी, एडीओ पंचायत, सीएचओ, बीपीएम, बीसीपीएम एवं अन्य विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।