बीमारियों से बचाव के लिए करें यह काम

गाजीपुर। मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया है कि बारिश के दौरान एवं उसके उपरांत हमारे आसपास जलजमाव के कारण मच्छर जनित बीमारियों के संक्रमण की आशंका बढ़ जाती है। साथ ही साथ बारिश के बाद अचानक से तेज धूप निकलने के कारण वायरल बुखार का संक्रमण भी होता है। बीमारियों से बचाव हेतु अपने घरों के आसपास, घरों की छतों पर तथा घरों के अंदर कहीं भी पानी इकट्ठा नहीं होने देना चाहिए। घरों के आसपास के जलजमाव का निस्तारण पंचायती राज विभाग एवं नगर विकास विभागों के सहयोग से करवाया जाना आवश्यक है। घरों के अंदर तथा छतों पर अनावश्यक वस्तुओं, जैसे पुराने टायर, प्लास्टिक अथवा मिट्टी के पुराने बर्तन, बोतल, ग्लास, नारियल के खोल आदि को तत्काल हटा देना चाहिए। कूलर के पानी को निकाल कर अच्छे से साफ करके सुखा कर रख दें तथा उसका प्रयोग अब बंद कर दें। शरीर को पूरी तरीके से ढक कर रखें तथा सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें। मच्छर जनित बीमारियों के जांच एवं उपचार की सुविधा सभी सरकारी चिकित्सालयों में उपलब्ध है। बुखार होने पर तत्काल अपने निकटवर्ती स्वास्थ्य कार्यकर्ता, आशा अथवा सरकारी चिकित्सालय से संपर्क करें। कभी भी अनधिकृत चिकित्सक से अथवा स्वयं उपचार नहीं करवाए। अन्य संक्रामक बीमारियों से बचाव हेतु हमेशा ताजे भोजन का सेवन करें। पीने के लिए शुद्ध पेयजल का प्रयोग करें। सड़े गले एवं पहले से कटे फल सब्जी अथवा बासी मछली का प्रयोग बिल्कुल नहीं करें। अत्यधिक भीड़-भाड़ वाले इलाके में जाने से बचें तथा अपने नाक और मुंह को ढक कर रखें। शौचालय का प्रयोग करे। शौच के उपरांत, खाना पकाने और खाने से पहले अपने हाथ को साबुन से अच्छी तरह से धोयें। जनपद में अबतक डेंगू के 3 पुष्ट रोगी मिले हैं जो क्रमशः पुणे, कोटा तथा नागालैंड से ग्रसित होकर वही से उपचार कराने के बाद स्वास्थ्य लाभ के लिए अपने गृह जनपद गाजीपुर आये है। पुनः यहाँ जाँच कराने के कारण सभी डेंगू धनात्मक मरीजों के यहाँ निरोधात्मक कार्यवाही करा दी गयी है। वर्तमान में सभी मरीज स्वस्थ है। जिला अस्पताल, सभी धनात्मक पाये गये है। प्रा० स्वा० केन्द्रों पर जाँच तथा उपचार की सुविधा उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त सभी हेल्थ एंड वेलनेस सेन्टर पर स्क्रीनिंग की सुविधा उपलब्ध है।

मेडिकल कॉलेज में दूरबीन विधि से होगा ऑपरेशन, डीएम ने किया…….

गाजीपुर। शुक्रवार को महर्षि विश्वामित्र स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में Laproscopic सर्जरी (दूरबीन विधि से आपरेशन) डा० दीपिका पाटिल सह आचार्य सर्जरी विभाग एवं समस्त टीम के द्वारा किया गया। इसका उद्धघाटन जिलाधिकारी आर्यका अखौरी द्वारा किया गया। इस मौके पर जिलाधिकारी एवं प्रधानाचार्य सहित अन्य संकाय सदस्य ओ०टी में मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने ओटी में पहुंच कर ऑपरेशन किए गए मरीज का हालचाल पूछा। जिलाधिकारी को प्रधानाचार्य ने बताया कि Laproscopic मशीन (दूरबीन विधि द्वारा) से Gall Bladder, Appendix, Uterus, Hernia इत्यादि का आपरेशन किया जाएगा। इस मौके पर जिलाधिकारी द्वारा वार्ड, ब्लड बैंक तथा ब्लड कम्पोनेन्ट सप्रेंशन यूनिट का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी सन्तोषजनक नजर आई।

ग्राम चौपाल में नाराज हुई डीएम, मांगा स्पष्टीकरण

गाजीपुर। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता में शुक्रवार को ग्राम चौपाल का आयोजन  विकास खण्ड  सैदपुर के ग्राम पंचायत मिर्जापुर मे किया गया। चौपाल में जिलाधिकारी ने व्यक्तिगत शौचालय, आवास, हैंड पम्प के संचालन, वृद्धापेंशन, दिव्यांगजन पेंशन, विधवा पेंशन, राशन वितरण के सम्बंध में जानकारी ली एवम प्रत्येक पात्र व्यक्तियों को योजना का लाभ दिलाये जाने का निर्देश दिया। उन्होने बच्चों के टिकाकारण एवम ई कवच पोर्टल पर फीडिंग एवम दवाओं की उपलब्धता की जानकारी ली। उन्होने ग्राम में छूटे पात्र व्यक्तियों के राशन कार्ड बनाये जाने एवं छुटे हुए नामों को बढ़ाने का निर्देश दिया। उन्होंने बी सी सखी से गाव में किये गए कार्याे की जानकारी ली तथा गांव के ऐसे बूढ़े बुजुर्ग जो बैंक तक नही जा सकते, उनकी बैंकिंग सेवा में सहयोग हेतु बी सी सखी को निर्देश देते हुए गॉव में स्वयं सहायता समूहों की संख्या बढ़ाने को कहा। इस ग्राम चौपाल में सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचने का सत्यापन किया गया। ग्राम वासियों को चौपाल में सरकार द्वारा संचालित लाभार्थीपरक योजनाओं की भी जानकारी दी गई।

इस अवसर पर ग्रामीणों की समस्याओं को सुनते हुए पेंशन योजना का लाभ दिलाये जाने के संबंध में निर्देशित किया। उन्होने खण्ड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि निराश्रित, विधवा एवं वृद्धावस्था पेंशन के पात्र लाभार्थियों का चयन करते हुए पेंशन का लाभ दिलाया जायें। चौपाल मे प्राथमिक विद्यालय में बच्चों को अध्यापकों द्वारा दी जा रही शिक्षा की गुणवत्ता/स्तर के संबंध में भी चौपाल के दौरान ग्राम वासियों से जानकारी ली गयी। चौपाल में ग्रामीणो द्वारा ग्राम विकास अधिकारी मीनू देवी  के गावॅ में न आने एवं शासकीय कार्य मे लापरवाही की शिकायत की गयी जिस पर जिलाधिकरी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए स्पष्टीकरण देने को कहा। ए0डी0ओ0 पंचायत सैदपुर के कार्य में लापरवाही पाये जाने पर जिलाधिकारी ने स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने चौपाल में ग्रामवासियों की शिकायतो को सुनकर गुणवत्तापूर्ण तत्काल निस्तारण करने का सम्बन्धित अधिकारीयो  को निर्देशत किया। चौपाल के उपरान्त जिलाधिकारी ने प्राइमरी विद्यालय मिर्जापुर मे पौधरोपण किया। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी, उपजिलाधिकारी सैदपुर, समस्त सम्बन्धित जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

आजादी का सपना अभी अधूरा है जिसे संकल्प के साथ करना है पूरा:सांसद

गाजीपुर। जिले के नेहरू नेहरू युवा केंद्र युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार द्वारा प्रायोजित एवं ज्ञान दीप महिला कल्याण समिति द्वारा आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम, गौरीशंकर पब्लिक स्कूल के सभा कक्ष में गुरूवार को संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बलिया सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त ने कहा कि आजादी के 75 वे साल में लाल किला के प्राचीर से प्रधानमंत्री ने पांच प्रण की बात की थी जिसमें पहला प्रण विकसित भारत ,दूसरा प्रण गुलामी की मानसिकता से मुक्ति ,तीसरा प्रण अपनी विरासत पर गर्व, चौथा प्रण एकता- एकजुटता एवं पांचवा प्रण नागरिक कर्तव्य है। पहला प्रण विकसित भारत की दिशा में 23 अगस्त को चंद्रयान-3 ने सफलतापूर्वक लैंडिंग कर मजबूत कदम बढ़ा दिया। इसके लिए इसरो के वैज्ञानिक बधाई के पात्र हैं। इसी के साथ भारत ने अपने ममहर में भी पहुंच गया। उन्होंने कहा कि ब्रिटिश पार्लियामेंट द्वारा पुराने कानून बदले जाएंगे तथा स्वाभाविक कानून भारत के संविधान में दर्ज होंगे। हमारे देश में पंच परमेश्वर की परिकल्पना सदियों से चली आ रही है जिसे कानून के रूप में लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा की गुलामी की मानसिकता से मुक्ति केवल कानून बदलने से नहीं होगी बल्कि इसे स्वावलंबी, समृद्ध एवं सुदृढ़ भारत की सोच को सभी नागरिकों को आत्मसात करना होगा। आजादी की लड़ाई एवं उसके बाद सीमाओं की सुरक्षा में गाजीपुर एवं बलिया का अभूतपूर्व योगदान रहा है। यहां के वीरों ने अपने अदम्य साहस और सर्वाेच्च बलिदान से विजयश्री दिलाई थी। सांसद ने भारतीय सभ्यता एवं संस्कृति की तरफ इशारा करते हुए कहा कि ऋषि एवं कृषि की व्यवस्था सनातन परंपरा है। त्याग से बना समाज ही देश की विरासत को संभालेगा। हमारे देश में खान-पान की परंपरा आज पूरी दुनिया का पथ प्रदर्शित कर रही है। मोटे अनाज का पूरी दुनिया की खपत का 72ः उत्पादन हमारा देश ही करता है। आजादी का सपना अभी अधूरा है जिसे संकल्प के साथ पूरा करना है। अंत में  उन्होंने प्रधानमंत्री जी के पंच प्रण का सभी को शपथ दिलाया।

सपना सिंह अध्यक्ष जिला पंचायत ने कहां की चंदा मामा के बारे में यही कहा जाता था कि चंदा मामा दूर के पर 23 अगस्त के बाद प्रधानमंत्री के शब्दों में चंदा मामा अब टूर के। अब हमारे वैज्ञानिक सूर्य और शुक्र की ओर चलेंगे वह दिन अब दूर नहीं जब पूरे विश्व की अगुवाई भारत करेगा। नगर पालिका परिषद गाजीपुर की अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने कहा कि सबसे बड़ी भक्ति राष्ट्रभक्ति और सबसे बड़ा धर्म राष्ट्रधर्म है। सच्चिदानंद राय ने कहा कि जो भी  बनना है उसका सपना खुले आंखों से देखें। सभी का स्वागत राजेश्वर सिंह प्रबंधक गौरी शंकर पब्लिक स्कूल ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ। विद्यालय के छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। नेहरू युवा केंद्र के लेखाकार एवं कार्यक्रम सहायक सुभाष चंद्र प्रसाद ने प्रधानमंत्री की पंच प्रण की अवधारणा पर विस्तृत प्रकाश डाला। कार्यक्रम में विषय विशेषज्ञ कमलेश प्रकाश सिंह ने विकसित भारत, शीखा सिंह ने गुलामी की मानसिकता से मुक्ति पर , हर्ष  सिंह ने विरासत पर गर्व पर, दीपशिखा सिंह ने एकता – एकजुटता पर , पारसनाथ सिंह यादव ने नागरिक  कर्तव्य पर  अपने विचार प्रस्तुत किए। युवाओं के तरफ से पंच प्रण पर अनेक प्रश्न किए गए , इसी के साथ ही दिव्यांशी श्रीवास्तव एवं आदित्य राय द्वारा भी पंच प्रण पर प्रकाश डाला।जिसका विषय विशेषज्ञों ने बखूबी उत्तर दिया। नेहरू युवा केंद्र के उपनिदेशक कपिल देव राम ने युवा संवाद कार्यक्रम पर प्रकाश डाला । इस अवसर पर विनोद अग्रवाल पूर्व चेयरमैन, नेहा राय महिला कल्याण अधिकारी, विजेंद्र सिंह ब्लाक प्रमुख बाराचवर,आनंद कुमार प्रधानाचार्य ,लल्लन सिंह कोऑर्डिनेटर ,खुशबू वर्मा सहित नेहरू युवा मंडल के कार्यकर्ता उपस्थित रहे । संचालन आराध्या ने किया ।सभी के प्रति आभार ज्ञान दीप महिला कल्याण समिति की सचिव लालसा भारद्वाज ने किया।

मेरी माटी, मेरा देश कार्यक्रम से युवा पीढ़ी में देशप्रेम के प्रति नई चेतना जागृत हुई है

गाजीपुर। केंद्रीय संचार ब्यूरो, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार, आजमगढ़ के द्वारा जनपद के कासिमाबाद में स्थित गोपीनाथ पीजी महाविद्यालय में आयोजित दो दिवसीय समेकित जनसंपर्क कार्यक्रम “मेरी माटी, मेरा देश” कार्यक्रम का शुभारम्भ गुरूवार को करते हुए महाविद्यालय की प्रधानाचार्या सुधा त्रिपाठी  ने कहा, कि आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत मेरी माटी, मेरा देश कार्यक्रम से युवा पीढ़ी में देशप्रेम के प्रति नई चेतना जागृत हुई है। वर्तमान में हमारे देश की सबसे बड़ी ताकत युवा वर्ग है। इस अभियान ने युवा वर्ग में देश की माटी का महत्व, स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को समझने का एक अवसर प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि देश भर में मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रम पूरे हर्षाेल्लास के साथ मनाया जा रहा है। बाल विकास परियोजना अधिकारी राजेश कुमार ने छात्रों से कहा कि 2047 तक भारत को विकसित देश बनाना है इसकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी युवा वर्ग की है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी ऐसा आचरण करें कि उनके विद्यालय और परिवार दोनों का नाम रोशन हो। केंद्रीय संचार ब्यूरो के द्वारा लगायी गयी चित्र प्रदर्शनी को बहुत ही जानकारीप्रद बताया। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शनी स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान के साथ ही ऐतिहासिक घटनाओ की जानकारी प्रदान कर रही है। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को पंच प्रण की प्रतिज्ञा भी दिलायी।    

       

यूनियन बैंक ऑफ़ इंडिया कासिमाबाद के शाखा प्रबंधक संजय कुमार ने कहा कि मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रम में लगी चित्र प्रदर्शनी विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक व उपयोगी है। मेरी माटी मेरा देश अभियान उन महापुरुषों को समर्पित है जिन्होंने देश को आजादी दिलाने में अपने प्राणों की आहुति दी। प्रधानमंत्री ने इसे एक राष्ट्रीय पर्व के रूप में पूरे देश में मनाने के लिए निर्देशित किया है। क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी तारिक अजीज ने कार्यक्रम के आयोजन पर विस्तार से प्रकाश डाला और कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों को स्मृति चिह्न, अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम के प्रारंभ में झंडारोहण, राष्ट्रगान के बाद अतिथियों द्वारा वसुधा वंदन के तहत वृक्षारोपण भी किया गया। कार्यक्रम के दौरान “मेरी माटी, मेरा देश” पर विभाग के  द्वारा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता संचालित की गयी तथा 20 विजयी प्रतिभागियों को विभाग की ओर से अतिथियों द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग, यूनियन बैंक ऑफ़ इंडिया एवं समन्वित बाल विकास सेवा द्वारा स्टाल लगाकर महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं को महत्वपूर्ण संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रभारी  बीडीओ अरुण कुमार, सहायक विकास अधिकारी पंचायत धनंजय यादव, ग्राम विकास अधिकारी धनंजय कुमार, ग्राम विकास अधिकारी रितेश राय, महाविद्यालय के समस्त शिक्षक सहित कई प्रमुख लोग उपस्थित रहे।

चंद्रयान की सॉफ्ट लैंडिंग पर भारत माता के नारों से गूंज उठा शाह फैज स्कूल

गाजीपुर। शाह फैज़ विद्यालय के प्रांगण में बुधवार की शाम को चंद्रयान की सॉफ्ट लैंडिंग के लिए लाइव टेलीकास्ट की व्यवस्था की गयी। जिसमे कक्षा 9 से कक्षा 12 तक के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। भारत के इस गौरवान्वित क्षण को सभी ने बहुत उत्साह के साथ देखा। जब देश प्रेम की बात आती है तो सभी एकजुट हो जाते हैं, इसका मिसाल कल देखने को मिला। जैसे ही चंद्रयान ने चन्द्रमा की सतह को छुआ सभी बहुत ही उत्साहित हो गए थे। भारत माता की जय के नारे भी लगाए गए। कक्षा 11 के छात्र पुष्कर उपाध्याय ने देश भक्ति के गीत गाकर कर समस्त कार्यक्रम को देश भक्ति से भर दिया। इस कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य मोहम्मद इकरामुल हक़ , उपप्रधानाचार्य डॉ प्रीति उपाध्याय, अंकुर श्रीवास्तव, विजय सिंह, आदिल नवाज़ खान, वसीम अहमद ,अंकिता दुबे एवं मंजीत उपस्थित थे। प्रधानाचार्य ने भारत की इस बड़ी उपलब्धि पर सभी को बधाई दी।

सफलतापूर्वक चला मिशन इंद्रधनुष 5.0 का पहला चरण

जनपद में सफलतापूर्वक चला मिशन इंद्रधनुष 5.0 का पहला चरण

लक्ष्य के सापेक्ष 97 प्रतिशत बच्चों व 99 प्रतिशत गर्भवती को किया प्रतिरक्षित

53 प्रतिशत उदासीन परिवार हुये जागरूक, बच्चों को लगवाया टीका

गाज़ीपुर। जनपद में सघन मिशन इंद्रधनुष (आईएमआई) 5.0 अभियान का पहला चरण 7 अगस्त से 14 अगस्त तक सफलतापूर्वक संचालित किया गया। राष्ट्रीय नियमित टीकाकरण से छूटे जन्म से लेकर पाँच वर्ष तक के बच्चों व गर्भवती को पूर्ण प्रतिरक्षित करने के लिए यह अभियान चलाया गया। जिसमें लक्ष्य के सापेक्ष 97 प्रतिशत बच्चों व 99 प्रतिशत गर्भवती को प्रतिरक्षित किया गया। अभियान का दूसरा चरण 11 सितंबर से 16 सितंबर तक चलाया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ देश दीपक पाल ने बताया कि आईएमआई 5.0 के पहले चरण में लक्षित लाभार्थियों के सापेक्ष लगभग सभी बच्चों व गर्भवती को प्रतिरक्षित कर लिया गया है। शेष बच्चों व गर्भवती को नियमित टीकाकरण सत्र के दौरान कवर किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जनमानस की सुविधा के लिए नगरीय क्षेत्र के सभी सरकारी चिकित्सालयों व सीएचसी में सातों दिन व 24 नगरीय पीएचसी पर सोमवार को छोड़कर बाकी सभी दिनों में टीकाकरण किया जा रहा है जबकि ग्रामीण क्षेत्र में बुधवार व शनिवार को टीकाकरण सत्रों पर यह सुविधा प्रदान की जा रही है। उन्होंने अपील की है कि सभी परिजन जन्म से लेकर पाँच वर्ष तक के बच्चों व गर्भवती को समय से टीका लगवाएँ, जिससे वह गंभीर बीमारियों से बचे रहें। उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी (प्रतिरक्षण) डॉ एस के मिश्रा ने बताया कि पहले चरण के लिए जनपद में छूटे हुये 20855 बच्चों व 5163 गर्भवती का लक्ष्य रखा गया था जिसमें से 20187 (97%) बच्चों व 5113 (99%) गर्भवती को टीका लगाया गया। इसी के अंतर्गत नौ से 12 माह के 4696 (110%) बच्चों को मीजिल्स-रूबेला की पहली डोज़ तथा 16 से 24 माह के 4443 (107%) बच्चों को मीजिल्स-रूबेला की दूसरी डोज़ लगाई गई। इसके अतिरिक्त अभियान के तहत टीकाकरण के प्रति उदासीन और झिझक वाले परिवारों को जागरूक कर उनके बच्चों को उस माह का छूटा हुआ टीका भी लगाया गया है। इसमें लक्ष्य 829 परिवारों के सापेक्ष लगभग 53 प्रतिशत परिवारों को व्यवहार परिवर्तन कर उनके बच्चों को टीका लगाया गया। इस कार्य में ब्लॉक रिस्पोंस टीम, पर्यवेक्षक, यूनिसेफ की मोबिलाइज़ेशन टीम, पार्षद, स्थानीय प्रभावशाली व्यक्ति, कोटेदार, मदरसा शिक्षक आदि ने महत्वपूर्ण सहयोग किया। शेष परिवारों को नियमित टीकाकरण सत्रों के माध्यम से जागरूक कर टीकाकरण करने का प्रयास किया जा रहा है।
गर्भवती को टीडी का टीका – गर्भावस्था के दौरान टिटनेस-डिप्थीरिया (टीडी) के दो टीके लगाये जाते हैं। यह टीका गर्भवती को दिये जाने से उनका व उनके गर्भस्थ शिशु का टिटनेस व डिप्थीरिया (गलघोंटू) रोग से बचाव करता है।
बच्चों को लगते हैं 11 तरह के टीके – मिशन इंद्रधनुष अभियान में बच्चों के लिए 11 वैक्सीन प्रिवेंटेबल डिज़ीज़ के टीकाकरण शामिल हैं जिनमें डिप्थीरिया, काली खांसी, टिटेनस, पोलियो, क्षय (टीबी), हेपेटाइटिस-बी, मैनिंजाइटिस, निमोनिया हेमोफिलस इन्फ्लुएंजा टाइप-बी संक्रमण, रोटावायरस वैक्सीन, न्यूमोकोकल कंजुगेट वैक्सीन (पीएसवी) और खसरा-रूबेला (एमआर) हैं। पाँच साल – सात बार, टीका न छूटे एक भी बार
• जन्म पर हेपेटाइटिस बी, पोलियो ज़ीरो डोज़, एवं बीसीजी।
• छह, 10 व 16 सप्ताह पर क्रमशः ओपीवी की पहली, दूसरी व तीसरी, आरपीवी की पहली, दूसरी व तीसरी डोज़, पेंटा की पहली, दूसरी व तीसरी डोज़।
• छह और 14वें सप्ताह पर आईपीवी फ्रैक्शनल की पहली व दूसरी डोज़ एवं नौ माह पूर्ण होने पर तीसरी डोज़।
• छह सप्ताह पर पीसीवी की पहली डोज़, 14वें सप्ताह पर दूसरी डोज़ और नौ माह पूर्ण होने पर तीसरी डोज़।
• नौ से 12 माह पर मीजिल्स-रूबेला (एमआर) की पहली डोज़ व विटामिन ए की पहली खुराक तथा 16 से 24 माह पर एमआर की दूसरी डोज़ और विटामिन ए की दूसरी खुराक 16 से 24 माह पर।
• 16 से 24 माह पर डीपीटी का पहला बूस्टर और 5 से 6 साल पर दूसरा बूस्टर।
• 16 से 24 माह पर ओपीवी बूस्टर डोज़।
• 10 साल पर टीडी का पहला टीका और 16 साल पर दूसरा टीका।

जागरूकता चेतना रथ को हरी झंडी दिखाकर किया गया रवाना

गाजीपुर। देश के लिए अपना जीवन न्योछावर करने वाले वीरों को श्रद्धांजलि देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए अभियान मेरी माटी मेरा देश के अंतर्गत केंद्रीय संचार ब्यूरो क्षेत्रीय कार्यालय आजमगढ़ सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय भारत सरकार द्वारा जनपद में प्रचार-प्रसार कर आमजन को मेरी माटी- मेरा देश अभियान के उद्देश्यों के बारे में बताया गया। वीर शहीद पुरुषों और महिलाओं के सम्मान में मेरी माटी मेरा देश अभियान चलाया जा रहा है। इसके बारे में विद्यार्थियों और नई पीढ़ी को जानना अति आवश्यक है। जागरूकता चेतना रथ को जनपद के कासिमाबाद में स्थित गोपीनाथ पी0जी0 महाविद्यालय के संरक्षक राकेश त्रिपाठी, महाविद्यालय की प्रधानाचार्या सुधा त्रिपाठी और ग्राम देवली के ग्राम प्रधान हीरालाल चौहान ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर बुधवार को रवाना किया। इस दौरान प्रधानाचार्या ने कहा कि ‘मेरी माटी मेरा देश’ अभियान के तहत देशभर में अमृत कलश यात्रा भी निकाली जाएगी। देश के गांव-गांव से कोने-कोने से 7500 अमृत  कलशों में मिट्टी लेकर ये यात्रा देश की राजधानी दिल्ली पहुंचेगी। ये यात्रा अपने साथ देश के अलग-अलग हिस्सों से पौधे भी लेकर आएगी। 7500 कलशों में आई माटी और पौधों से मिलाकर नेशनल वॉर मैमोरियल के समीप अमृत वाटिका का निर्माण किया जाएगा। ये अमृत वाटिका, एक भारत-श्रेष्ठ भारत का भी बहुत ही भव्य प्रतीक बनेगी। कार्यक्रम के दौरान एक  तिरंगा यात्रा भी निकाली गई जिसमे लगभग एक हजार छात्र छात्राओं ने प्रतिभाग किया।

तिरंगा यात्रा में विद्यार्थियों ने बड़े उत्साह के साथ भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारे लगाएं। क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी तारिक अजीज ने बताया कि मेरी मिट्टी मेरा देश अभियान 9 अगस्त से पूरे देश में चलाया जा रहा है। जो कि आने वाली 30 अगस्त तक चलने वाला है। इसी अभियान के अंतर्गत जनपद में जन-जागरुकता रथ के साथ-साथ बैनर, पोस्टर, हैंडबिल्स, पम्पलेट, स्टिकर आदि के माध्यम से भी आजादी के अमृत महोत्सव में मेरी माटी, मेरा देश अभियान के उद्देश्यों के बारे में लोगों को जागरूकता संदेश दिए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि 24  और 25 अगस्त, 2023 को जनपद के कासिमाबाद में स्थित गोपीनाथ पी0जी0 कॉलेज में मेरी माटी, मेरा देश अभियान मिट्टी को नमन, वीरों का वंदन विषय पर चित्र प्रदर्शनी सह जागरूकता कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा। इस दौरान क्षेत्रीय प्रचार सहायक राम खेलावन, जयप्रकाश, डॉ अंजना तिवारी, डॉ0 गिरीश चंद्र, डॉ0 चंद्रमणि पांडे, डॉ0 ऋषिकेश तिवारी, डॉ0 प्रतिमा पांडे, सईदुज्जफर, डॉ0 वेद प्रकाश तिवारी आदि लोगों के साथ साथ भारी संख्या में महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

सैदपुर से चलेगी इलेक्ट्रिक बस, आयुष मंत्री ने किया रवाना

आयुष मंत्री ने सैदपुर से वाराणसी के लिए इलेक्ट्रिक बस के संचालन को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना


गाजीपुर। देश के प्रधानमंत्री एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन से प्रदेश में तेजी के साथ पब्लिक ट्रांसपोर्ट की सुविधा उपलब्ध हुई है। यह बातें उत्तर प्रदेश के आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर मिश्र ‘दयालु‘ ने सैदपुर से इलेक्ट्रिक बस के संचालन के अवसर पर कही। उन्होंने कहा कि इससे हमें पर्यावरण को सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी और ध्वनि प्रदूषण भी कम होगा।

श्री दयालु ने कहा कि नगरीय क्षेत्रों में ध्वनि और वायु प्रदूषण से मुक्त परिवहन सेवा, समय की मांग है। आज इसी श्रृंखला में सिद्ध नाथ धाम सिधौना, गाजीपुर से धर्म और अध्यात्म की नगरी काशी के लिए वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बस सेवा का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय धार्मिक एवं पौराणिक स्थलों का विकास होने के साथ ही पर्यटन स्थल के रूप में महत्व बढे़गा। इस अवसर पर उन्होंने लोगों का अभिनंदन करते हुए उन्हें बधाई दी एवं  सभी से इसका उपयोग करने व लाभ लेने की अपील भी की।    

पौधारोपण कर छात्र नेता मनाया अपना जन्मदिन

गाजीपुर। बुधवार को समाजसेवी व पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष दीपक उपाध्याय के जन्मदिन पर छात्र नेताओं ने पीजी कॉलेज ग्राउंड में 101 पौधारोपण कर जन्मदिन मनाया। जन्मदिन के अवसर पर दीपक उपाध्याय ने बताया कि आधुनिकता की दौड़ में मानव प्रकृति का दोहन कर रहा है। ऐसे में पर्यावरण परिवर्तन से मानव जीवन पर संकट आ सकता है। प्रकृति के संतुलन के लिए पौधरोपण ही एक विकल्प है, इसी उद्देश्य के साथ आज मैंने मीरा उद्धार चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में सागवान, नीम, आम, अमरूद और पीपल का पौधारोपण किया है और साथ ही युवाओं से अपिल है कि वे भी अपने जन्मदिन, महापुरुषों के जयंती और पुण्यतिथि पर अधिक से अधिक संख्या में पौधरोपण करे साथ ही उसका संरक्षण कर पर्यावरण को बेहतर बनाने में अपना योगदान दे। पौधारोपण करने वालों में मुख्य रूप से छात्र नेता शशांक उपाध्याय, अभिषेक राय, सुधांशु तिवारी, शिवम उपाध्याय, अभिषेक द्विवेदी, शिवम पाल, धन्नजय कुशवाहा, धीरज सिंह, विकास तिवारी, दया यादव इत्यादि छात्र मौजूद थे।

Uttar Pradesh Fast News