समय से कार्यों को पूरा करें अधिकारी:डीएम

गाजीपुर। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता में शुक्रवार को कर-करेत्तर एंव मासिक स्टाफ बैठक रायफल क्लब सभागार सम्पन्न हुआ। बैठक में जिलाधिकारी ने परिवहन, वन विभाग, स्टाम्प, नगर पालिका, आडिट आपत्ति, चकबन्दी, व्यापार कर, विद्युत देय, आबकारी, अंश निर्धारण, मोटर देय, आईजीआरएस के सम्बन्ध मे विस्तारपूर्वक समीक्षा की। बैठक मे समीक्षा के दौरान वाणिज्यकर, आबकारी, परिवहन की मासिक लक्ष्य के सापेक्ष कम प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए वसूली मे प्रगति लाने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी तालाब, खेल मैदान, चारागाह एवं ग्राम सभा की भूमि को प्राथमिकता के तौर पर चिन्हित करते हुए उसपर भू-माफियाओं केे द्वारा किये गये अतिक्रमण को अतिक्रमण मुक्त कराते हुए एफ आई आर दर्ज कराने का निर्देश दिया। कहा कि जनपद में किसी प्रकार की अवैध खनन न होने पाये इस पर निगरानी रखी जाये। उन्होने आई जी आर एस की समीक्षा के दौरान सख्त निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी शिकायत का निस्तारण निश्चित समयान्तराल मे किया जाये अन्यथा निस्तारण न होने के कारण डिफाल्टर होने पर सम्बन्धित अधिकारी जिम्मेदार होगे। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियो को निर्देश दिया कि राजस्व प्राप्ति के संबंध में जो विभाग कार्य कर रहे हैं उनके द्वारा अपने-अपने लक्ष्य को प्रत्येक माह पूर्ण कर अंतिम रूप प्रदान किया जाए ताकि सभी विभागों में राजस्व प्राप्ति के लक्ष्य पूर्ण किए जा सकें।

उन्होने कम राजस्व वसूली वाले विभागो के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए सम्बन्धित अधिकारियों को अपने लक्ष्य के प्रति प्रत्येक माह कार्य योजना बनाकर मूर्त रूप प्रदान किया जाये। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही एवं शिथिलता क्षम्य नहीं होगी। उन्होंने स्पष्ट किया है कि जिन विभागीय अधिकारियों के द्वारा अपने राजस्व लक्ष्यों की प्राप्ति नहीं की जाएगी उनके विरुद्ध कार्यवाही प्रस्तावित की जाएगी। जिसकी जिम्मेदारी स्वयं संबंधित विभागीय अधिकारी की होगी। इसके उपरांत जिलाधिकारी ने मासिक स्टाफ बैठक में राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक ली। बैठक में लंबित प्रकरण एवं विवादित प्रकरण, दाखिल खारिज, विवादित वादो का निस्तारण करने को कहा। जिलाधिकारी ने समस्त उप जिलाधिकारी, तहसीलदार एवं अन्य संबंधित राजस्व अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि राजस्व कार्यों में सभी अधिकारियों द्वारा सरकार की मंशा के अनुरूप चलाए जा रहे प्रत्येक कार्यक्रम में तत्परता दिखाते हुए कार्यों का संपादन किया जाना सुनिश्चित करें ताकि सरकार की राजस्व योजनाओं का लाभ जन सामान्य को आसानी के साथ प्राप्त हो सके। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि समस्त अधिकारी राजस्व वसूली का कार्य सर्वाेच्च प्राथमिकता के आधार पर करते हुए डिमांड के अनुसार वसूली सुनिश्चित करे। उन्होंने राजस्व वादों के निस्तारण में समीक्षा करते हुए राजस्व वादों के निस्तारण के संबंध में सभी पीठासीन अधिकारियों द्वारा शिकायतो का निस्तारण गुण एवं दोष के आधार पर कार्रवाई करते हुए सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में अपर जिलाधिकारी वि0/रा0, अरूण कुमार सिंह, मुख्य राजस्व अधिकारी सुशील लाल श्रीवास्तव, समस्त उपजिलाधिकारी, तहसीलदार एवं सम्बन्धित अधिकारी एंव पटल सहायक उपस्थित थे।

अफसरों के साथ छात्र-छात्राओं ने किया योग

गाजीपुर। 21 जून को 9वे अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में राजकीय पालीटेक्निक के प्रांगण में 15 से 21 जून तक योग सप्ताह का आयोजन प्रचलन में है। इस कार्यक्रम के अन्तर्गत शुक्रवार को आयोजित योग शिविर में राजकीय पालीटेक्निक गाजीपुर एवं राजकीय पालीटेक्निक कुरू पिण्डरा वाराणसी के अधिकारीयों, कर्मचारीयो और छात्र छात्राओं ने योग प्रशिक्षक रूद्र प्रकाश तिवारी के मार्गदर्शन में योगाभ्यास किया। उक्त कार्यक्रम में तिवारी ने उपस्थित छात्र/छात्राओं को सामान्य योग अभ्यासक्रम के अन्तर्गत आने वाले विभिन्न आसनों एवं प्रणाचामो को कराया तथा उनसे होने वाले लाभों के बारे में बताया। योग-सत्र का समापन दैनिक योग के संकल्प एवं शांति पाठ के साथ हुआ। इस अवसर पर कार्यवाहक प्रधानाचार्य परमान्नद सिंह यादव ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

लापरवाह अधिकारी का डीएम ने रोक दिया वेतन

गाजीपुर। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता में ग्राम चौपाल का आयोजन विकास खण्ड  देवकली के ग्राम तुरना मे शुक्रवार को किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने पशु चिकित्साधिकारी डा0 विवेक के कार्य में लापरवाही की शिकायत एवं पशुओ का टीकाकरण न किये जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए स्पष्टिकरण मांगा। इसके बाद अग्रिम आदेश तक वेतन रोकने का निर्देश दिया। चौपाल में ज़िलाधिकारी ने व्यक्तिगत शौचालय, आवास, हैंड पम्प के संचालन, वृद्धापेंशन, दिव्यांगजन पेंशन, विधवा पेंशन एवं राशन वितरण के सम्बंध में जानकारी ली। साथ ही प्रत्येक पात्रों को योजना का लाभ दिये जाने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने बच्चों के टिकाकारण एवं ई कवच पोर्टल पर फीडिंग एवं दवाओं की उपलब्धता की जानकारी ली। पेंशन के छुटे हुए लाभार्थी को तत्काल लाभ दिलाने का निर्देश दिया। उन्होनें कहा कि कोटेदार फ़ूड सेफ्टी से सम्बंधित सारी नियमो का पालन करते हुए साथ साफ सफाई का ध्यान रखेगे। उन्होने ग्राम में छूटे पात्र व्यक्तियों के राशन कार्ड बनाये जाने एवं छुटे हुए नामों को बढ़ाने का निर्देश दिया। उन्होंने बी सी सखी से गाव में किये गए कार्याे की जानकारी ली तथा  गांव के ऐसे  बूढ़े बुजुर्ग जो बैंक तक  नही जा सकते, उनकी बैंकिंग सेवा में सहयोग हेतु बी सी सखी को निर्देश देते हुए  गॉव में स्वयं सहायता समूहों की संख्या बढ़ाने को कहा। इस ग्राम चौपाल में सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचने का सत्यापन किया गया। ग्राम वासियों को खुली बैठक में सरकार द्वारा संचालित लाभार्थीपरक योजनाओं की भी जानकारी दी गई।

इस अवसर पर ग्रामीणों की समस्याओं को सुनते हुए पेंशन योजना का लाभ दिलाये जाने के संबंध में निर्देशित किया गया। उन्होने अधिकारियों को निराश्रित, विधवा एवं वृद्धावस्था पेंशन के पात्र लाभार्थियों का चयन करते हुए पेंशन का लाभ दिलाए जाने का निर्देश दिया। चौपाल मे प्राथमिक विद्यालय में बच्चों को अध्यापकों द्वारा दी जा रही शिक्षा की गुणवत्ता/स्तर के संबंध में भी खुली चौपाल के दौरान ग्राम वासियों से सत्यापन किया गया। प्रधानाचार्य एवं अध्यापकों को निर्देशित किया गया कि 26 जून से स्कूल खुल रहे है एवं स्कूल चलो अभियान के अन्तर्गत घर-घर जाकर अभिभावकों को प्रेरित कर विद्यालय में नामांकन कराया जायें। उन्होंने ग्रामीणों से भी अपील की कि अपने बच्चों का नामांकन विद्यालय में करायें। बैठक में हैंडपंप रिबोर, छात्रवृत्ति, मनरेगा आदि कार्याे के बारे में भी सत्यापन किया गया। व्यक्तिगत शौचालय के पात्र लाभार्थियों का आनलाईन आवेदन कराने का निर्देश सम्बन्धित अघिकारियों को दिया। बाल विकास की समीक्षा मे दौरान गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य परीक्षण तथा पुष्टाहार वितरण तथा कोटेदार द्वारा समय से राशन बाटने एवं विजली की उपलव्धता के सम्बन्ध में जानकारी ली। कार्यक्रम मे अन्त मे मुख्य विकास अधिकारी ने ग्रामों मे संचालित सभी योजनाओं के बारे मे विस्तार से लोगो को अवगत कराया तथा अन्य विभागो के अधिकारियों ने अपने-अपने विभाग से सम्बन्धित योजनाओं के बारे मे लोगो को जानकारी दी। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, उपजिलाधिकारी सैदपुर, उप निदेशक कृषि, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला दिव्यांग कल्याण अधिकारी, उपायुक्त उद्योग, खण्ड विकास अधिकारी देवकली, समाज कल्याण अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, डी0पी0ओ0, जिला पंचायत राज अधिकारी एवं अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित थे।

डीएम-एसपी ने चौपाल लगाकर किया जागरूक

गाजीपुर। मिशन शक्ति के तहत थाना नंदगंज के ग्राम पंचायत तुरना के पंचायत भवन पर शुक्रवार को जिलाधिकारी आर्यका अखौरी और पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने जन चौपाल का आयोजन किया। इस चौपाल में पुलिस अधीक्षक ने गांव की बच्चियों तथा महिलाओं को मिशन शक्ति, नारी सुरक्षा, नारी सम्मान, नारी स्वावलंबन कार्यक्रम के बारे में जागरूक किया। कहा कि बच्चियों एवं महिलाओं को उनके प्रति होने वाले किसी भी अपराध एवं संबंधित अपराधियों के बारे में तत्काल पुलिस एवं शक्ति मित्र महिला पुलिसकर्मियों को सूचना देने के लिए कहा जिससे अपराध और अपराधियों पर लगाम लगाया जा सके।

जिलाधिकारी ने बच्चियों एवं महिलाओं को महिला संबंधित सभी हेल्पलाइन नंबरों के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही उन्हें यह भी बताया कि इन नंबरों पर आपकी शिकायत सुनने के लिए महिला कर्मी को ही नियुक्त किया गया है। जिससे आपके समस्याओं का निस्तारण किया जा सके।इस अवसर पर एसडीएम, थानाध्यक्ष नंदगंज तथा अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थें।

वनवासी समाज के बच्चों का होगा सर्वांगीण विकास

गाज़ीपुर। अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम से संबद्ध सेवा समर्पण संस्थान बयेपुर देवकली में तीन दिवसीय ग्रीष्म कालीन शिविर का आयोजन शुक्रवार को किया गया। यह वनवासी समुदाय के बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिविर का आयोजन किया गया है। सेवा समर्पण संस्थान में कार्यक्रम की शुरुआत सर्वप्रथम मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण व दीप पज्जवलित करके किया गया। शिविर में जिले के पन्द्रह गांव के 60 बच्चे हिस्सा ले रहे है। मुख्य अतिथि एसपी सिटी ज्ञानेंद्र ने शिविर के उद्देश्यों की काफी सराहना किए। उनका कहना था कि इस प्रकार के कार्यक्रम में वह सदैव उपस्थित रहने के लिए तैयार है। ज्ञात हो कि जिले में बनबासी समुदाय की आबादी लगभग 55 हजार के आस-पास है। विभिन्न गांवों में इनकी लगभग 456 बस्तियां है। वनवासी समुदाय के लोग मेहनतकस होते है।

समाज के अंतिम पायदान पर खड़े इस समुदाय के बच्चे प्रायः शिक्षा से वंचित रहते है। अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम के माध्यम से इन बच्चों को शिक्षित करने का कार्य किया जा रहा है। समाज विरोधी शक्तियां वनवासी समुदाय के बच्चों को बरगला न सके, इसलिए इनका शिक्षित होना अति आवश्यक है। संस्कार और संस्कृति के माध्यम से इन बच्चों को राष्ट्र की मुख्य धारा से जोड़ना है। 16 जून से प्रारंभ होकर 19 जून तक चलेगा यह कार्यक्रम। इस कार्यक्रम के प्रथम दिन विशिष्ट अतिथि पारस नाथ राय, पूर्व चेयरमैन विनोद अग्रवाल, समाज सेवी उमेश श्रीवास्तव, जयप्रकाश अग्रहरि, उमाशंकर, मदन लाल भारती, अभिषेक अग्रवाल, संजय राय मंटू, अधिवक्ता नीरज श्रीवास्तव, बद्री श्रीवास्तव, डा राजेश कानकर, विनय सिंह आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता रामतेज पांडेय व संचालन संजीव गुप्ता ने किया। उपस्थित आगुंतकों का आभार सुधीर भारतीय ने किया।

जांच कर करें कार्रवाई:एमएलसी चंचल

गाजीपुर। एमएलसी विशाल सिंह चंचल ने बुधवार को सैदपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई कमियां पाए जाने पर उन्हें दुरुस्त कराने हेतु मौके पर उपस्थित अधीक्षक डॉ दीपक पाण्डेय को निर्देशित किया।
इसके बाद एमएलसी ने हॉस्पिटल का कोना-कोना चेक करना शुरू किया जिसमे हेल्थ एटीएम और सीबीसी जांच, बायोमैट्रिक मशीन बंद मिली। इस दौरान वहाँ उपस्थित लोगों ने एम एल सी से शिकायत किया कि डॉक्टर नहीं आते हैं, फिर भी उनका अटेंडेंस लगा दिया जाता है। ऐसी शिकायत सुनते ही एमएलसी ने तत्काल मौके पर फोन कर मौके पर उपजिलाधिकारी डा. पुष्पेंद्र पटेल व नायब तहसीलदार आशीष कुमार सिंह और प्रभारी निरीक्षक वंदना सिंह को बुलाया। वंदना सिंह के अनुपस्थिति में क़स्बा चौकी इंचार्ज रामकुमार दूबे गए।

एमएलसी ने वहाँ उपस्थित अधिकारियो को निर्देशित किया की बीते 10 दिनों तक के कार्यालय के सीसीटीवी फुटेज की जांच किया जाए। कहा कि सीसीटीवी फुटेज से मिलान कर जो लोग कार्यालय नहीं आए हैं, फिर भी अगर उनका अटेंडेंस रजिस्टर पर पाया जाता है, तो उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाए। जिसका सज्ञान लेकर उपजिलाधिकारी ने नायब तहसीलदार आशीष कुमार सिंह और एडिशनल सीएमओ डा. संजय सिंह स्वास्थ्य केंद्र अधीक्षक दीपक पाण्डेय के उपस्थिति मे स्वास्थ्य केंद्र के सी.सी. टी. वी. फुटेज रिकार्डिंग (हार्ड ड्राइव) को जब्त कर सील किया गया। अचानक हुए इस निरीक्षण से आम जनता मे भ्रस्ट कर्मचारियों अधिकारियों मे भय व्याप्त था। जांच प्रकिया के दौरान एमएलसी प्रतिनिधि डा. प्रदीप पाठक, पूर्व विधायक सुभाष पासी के प्रतिनिधि आशु दूबे, मण्डल अध्यक्ष प्रवीण पांडेय, महामंत्री सुधीर पाटिल ,अनूप जायसवाल उर्फ़ अनुराग, सन्नी सेठ सहित हॉस्पिटल मे कार्यरत कर्मचारी उपस्थित रहे।

डीएम ने परीक्षा केंद्रों का लिया जायजा


गाजीपुर। जनपद मे बीएड पाठ्यक्रम शैक्षिक सत्र 2023-25 मे प्रवेश हेतु संयुक्त प्रवेश परीक्षा-2023, सुचितापूर्ण, शान्तिपूर्ण, नकलविहीन एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न हुआ।
परीक्षा को सकुशल सम्पन्न कराये जाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने परीक्षा केन्द्र पर हो रही परीक्षा का गुरूवार को जायजा लिया। जिलाधिकारी संयुक्त प्रवेश परीक्षा का जायजा लेने स्नातकोत्तर महाविद्यायल गोराबाजार पहुंची। जहां उन्होंने परीक्षा केंद्र के एक एक कमरों और सीसीटीवी कैमरा का हाल जाना साथ ही सम्बन्धित को आवश्यक निर्देश दिया। परीक्षा जनपद के 26 केन्द्रो पर करायी गयी। इस परीक्षा मे 26 स्टेटिक मजिस्ट्रेट, 14 केन्द्र प्रतिनिधि एवं 52 पर्यवेक्षक लगाये गये थे। परीक्षा दो पालियों में संपन्न हुई। प्रथम पाली प्रातः 9 बजे से 12 बजे तक एवं द्वितीय पाली 2 बजे से 5 बजे तक परीक्षा हुइ।

सभी दलों के नेताओं ने किया शहीद कमलेश सिंह को याद, दी श्रद्धांजलि

गाजीपुर। सेना मेडल विजेता कारगिल अमर शहीद कमलेश सिंह का 24 वां शहादत दिवस बिरनो थाने के सामने स्थित प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर, श्रद्धांजलि सभा करके गुरूवार को मनाया गया। इस अवसर पर जिला सहकारी बैंक के पूर्व जिलाध्यक्ष अरुण सिंह व भाजपा पूर्व जिलाध्यक्ष वृजेन्द्र राय ने कहा कि गाजीपुर वीरों की धरती है। इस धरती के शुरवीरो को समय समय पर सेना के सर्वोच्च पुरस्कारों से भी पुरस्कृत किया गया है। कारगील युद्ध मे जब देश को बलिदान कि आवश्यक्ता हुई। इस शहीदी धरती गाजीपुर के वीर नौजवानो ने आगे बढकर अपनी कुर्बानी देश के लिए दिया। उनमें से ही शहीद कमलेश सिंह एक प्रमुख नौजवान रहे।जिन्होंने कारगिल युद्ध मे प्रथम शहादत देकर परिवार सहीत गाजीपुर का नाम रोशन किया। सुनील सिंह ने कहा कि अपने जीवन का बलिदान देकर राष्ट्र के सीमाओं कि रक्षा करने वाले शहीद कमलेश सिंह ने गाजीपुर के लोगों तथा इतिहास को गौरवान्वित किया है। संकठा प्रसाद मिश्र ने कहा कि मातृभूमि कि रक्षा तथा राष्ट्र सम्मान के लिए अपने जान कि बाजी लगाकर आने वाली पिढ़ीयो को प्रेरणा प्रदान करने वाले वीरता और बहादुरी के प्रतीक शहीद कमलेश सिंह कि शहादत क्षेत्र के लिए गर्व है।

पूर्व राज्यमंत्री सपा नेता डॉ रमाशंकर राजभर और पूर्व जिलाध्यक्ष बसपा सुभाष राम ने कहा कि शहीद कमलेश सिंह ने जो शहादत दिया वह गाजीपुर को देश के स्वर्णिम इतिहास मे अमर कर गया। कहा कि कमलेश सिंह के शहादत ने इस क्षेत्र ही नही वरन देश के युवावों के लिए प्रेरणा का कार्य किया। इस अवसर पर पूर्व प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुनील सिंह, वरिष्ठ नेता संकठा प्रसाद णं मिश्र ,माध्यमिक शिक्षक संघ अध्यक्ष शिवकुमार सिंह , राम शब्द सिंह ,जिला महामंत्री भाजपा अवधेश राजभर,हिन्दू युवा वाहिनी अध्यक्ष अमित सिंह,पूर्व जिला महामंत्री भाजपा अरविंद सिंह ,क्षत्रिय महासभा जिलाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने भी सभा को सम्बोधित किया। इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य अनुराग सिंह , थानाध्यक्ष बिरनो राजेश बहादुर सिंह , कुँवर रूपेश सिंह ,प्रमोद राय ,ग्राम प्रधान कार्तिक ,विनोद बिन्द, घूरा सिंह ,अभिनय सिंह प्रिंस ,राजेश राम ,लोहा सिंह ,प्रमोद सिंह ,अजय सिंह ,प्रदीप श्रीवास्तव ,राजेश बिंद ,कामता सिंह ,ज्ञानेन्द्र सिंह ,अरविंद सिंह सहित सैकड़ों जन उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा मण्डल अध्यक्ष मन्नू राजभर तथा कार्यक्रम का संचालन व आगंतुकों के प्रति आभार, धन्यवाद भाजपा नेता योगेश सिंह ने किया।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस सप्ताह का सीडीओ और चेयरमैन ने किया शुभारंभ


गाजीपुर। 15 जून से 21 जून तक चलने वाले नवम अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस एवं योग सप्ताह को सफल बनाने के लिए नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल एवं मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य ने आमघाट गाधी पार्क महुआबाग में गुरूवार को भगवान धन्वंतरि के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित एवं माल्यार्पण कर शुभारंभ किया गया। योग सप्ताह के शुभारम्भ के अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि योग हमारी जीवन शैली का अहम हिस्सा है। यह आज से नहीं बल्कि कई सालों से भारतीय संस्कृति का अहम हिस्सा बना हुआ है। योग शरीर से लेकर मस्तिष्क तक के लिए भी फायदेमंद है। यह आपके शरीर को लचीलापन रखने के साथ-साथ मांसपेशियों में ताकत और बॉडी टोन करने के लिए भी फायदेमंद है। योग आपके जीवन में एक नई उर्जा का प्रवाह करता है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए और योग को लेकर ज्यादा से ज्यादा लोगों के बीच जागरूकता फैलाने के लिए हर साल 21 जून को इंटरनेशल योग दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस वर्ष 15 से 21 जून तक योग सप्ताह के रूप में मनाया जायेगा।

जिसके दृष्टिगत आज जिला स्पोर्टस स्टेडियम में योग सप्ताह का शुभारम्भ किया गया है। नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने कहा कि योग करना कोई नई बात नहीं है बल्कि इसकी उत्पत्ति भारत में हजारों साल पहले ही हो गई थी। सिर्फ इतना ही नहीं इसका जिक्र पौराणिक पुस्तकों में भी मिलता है। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की अवधारणा पहली बार प्रधान मंत्री मोदी द्वारा 27 सितंबर, 2014 को संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) में अपने भाषण के दौरान इसे लेकर प्रस्ताव रखा था। संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 11 दिसंबर, 2014 को घोषणा की किया कि 21 जून को योग दिवस के रूप में मनाया जाएगा। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को विश्व योग दिवस के रूप में देखा जाता है। उन्होंने कहा कि यदि आप जीवन की चिंता पर विजय पाना चाहते हैं, तो इस क्षण में जियें, सांसों में जियें, जब आप खुद की सुनते हैं, तो सब कुछ स्वाभाविक रूप से आता है। यह अंदर से आता है, कुछ करने की इच्छा होती है। संवेदनशील होने की कोशिश करें यही योग है। इस अवसर पर, जिला विद्यालय निरीक्षक, अधि0अभि0 नगर पालिका गाजीपुर, अन्य विभागों अधिकारी/कर्मचारी एवं अधिक संख्या में जनसामान्य आदि उपस्थित रहे। संचालन सुभाष प्रसाद नेहरु युवा केन्द्र ने किया।

12 लोगों पर हुआ एफआईआर

विद्युत विभाग की मार्निंग रेड में 12 पर एफआईआर
बकाया पर दर्जनों उपभोक्ताओं की काटी गई बिजली


गाजीपुर। विद्युत वितरण खण्ड द्युतीय के अधिशाषी अभियंता सुजीत कुमार सिंह के निर्देशन पर हाई लाइन लांस वाले फीडर पर सहायक अभियंता सुधीर कुमार एवं अवर अभियंता अमित गुप्ता के नेतृत्व में रौजा क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान गुरूवार को चलाया गया। इस दौरान मौके पर 12 लोगो को अलग से कटिया मारकर विद्युत उपभोग करते हुवे रंगे हाथ पकड़ा गया। जिसमे सभी के ऊपर बिजीलेंस थाने में मुकदमा पंजीकृत कराया गया। वही 4 लाख के बकाया पर कुल 13 लोगो की बिजली पोल से डिस्कनेक्ट की गई तथा 4 लोगो का मौके पर मीटर रिप्लेस किया गया। चेकिंग के दौरान मुहल्ले में अफरा तफरी मची रही। सहायक अभियंता सुधीर कुमार ने बताया कि रौजा क्षेत्र के मोहल्ला चंदन नगर, कृष्णापुरी, चंदवाहा में हाई लाइन लांस है जिससे आए दिन ट्रांसफार्मर फुकना, तार टूटना, लो वोल्टेज अत्यधिक होना पाया गया था। इसी कड़ी में आज सुबह मार्निंग रेड किया गया जिसमे 12 लोग मौके पर विद्युत चोरी करते हुवे पाए गए।

जिसमे सभी लोगो के खिलाफ विद्युत चोरी में बिजिलेंस थाने पर मुकदमा करवाया गया है, वही 13 लोगो के बकाया पर पोल से लाइन डिस्कनेक्ट की गई तथा 4 लोगो का मीटर मौके पर जला पाया गया। जिसमे सभी चारो उपभोक्ताओं का मौके पर नया मीटर स्थापित किया गया। वही केबिल डिस्कनेक्ट किए गए उपभोक्ताओं को चेतावनी दी गई है कि बिना अपने बकाया बिलों का भुगतान किए बगैर अगर लाइट जुड़ती पाई गई तो धारा 135 के अंतर्गत विद्युत चोरी में एफआईआर दर्ज कराकर विविध कार्यवाही करने को बाध्य होंगे। उन्होंने बिजली उपभोक्ताओं से अपील किया की कोई भी मीटर बाईपास करके विद्युत उपभोग ना करे एवं मीटर से छेड़छाड़ कत्तई ना करे एवं प्रतिमाह अपने बिजली का भुगतान अवश्य करे एवं अभी तक जो विद्युत संयोजक नही लिए है वे लोग तत्काल झटपट पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करके अपना विद्युत संयोजक ले ले नही तो चेकिंग के दौरान पकड़े जाने पर ऐसे उपभोक्ताओं पर कठोरतम कार्यवाही की जाएगी।
चेकिंग टीम में रौजा उपकेंद्र के समस्त लाइनमैन,मीटर रीडर,डिस्कनेक्शन टीम मौजूद रही।

Uttar Pradesh Fast News