गाजीपुर। जिला मजिस्ट्रेट/ निर्वाचन अधिकारी आर्यका अखौरी ने सूचित किया है कि राज्य निर्वाचन आयोग उत्तर प्रदेश द्वारा नगरीय निकायों (नगर पालिका परिषद व नगर पंचायत) के निर्वाचित सदस्यों में से जिला योजना समिति के सदस्यों का सामान्य निर्वाचन निम्नांकि विर्निदिष्ट समय सारिणी के अनुसार कराया जाना है। जनपद में नगरीय निकायों के निर्वाचित सदस्यों में से 2 सदस्यों (1 पद अनारक्षित महिला, 1 पद अन्य पिछड़ा वर्ग) का जिला योजना समिति हेतु निर्वाचित किया जाना है। नामांकन 17 जून 2023 को पूर्वान्ह 11 बजे से अपरान्ह् 4 बजे तक, नामांकन पत्रों की जॉच 17 जून 2023 को अपरान्ह् 4 बजे से कार्य की समाप्ति तक, उम्मीदवारी वापस 21 जून 2023 को पूर्वान्ह 11 बजे से अपरान्ह् 3 बजे तक, मतदान 25 जून 2023 को पूर्वान्ह् 8 बजे से अपरान्ह् 3 बजे तक और मतगणना उसी दिन 25 जून 2023 को अपरान्ह् 3 बजे से कार्य की समाप्ति तक किया जाएगा। उ0प्र0 जिला योजना समिति अधिनियम 1999 तथा उ0प्र0 जिला योजना समिति नियमावली, 2008 यथासंशोधित में दिये गये प्राविधानों के अन्तर्गत जिला योजना समिति के सदस्यों के निर्वाचन के लिए जिला मजिस्ट्रेट, निर्वाचन अधिकारी होंगे। निर्वाचन अधिकारी उक्त नियमावली के अधीन सहायक निर्वाचन अधिकरी नियुक्त कर सकते है, जो निर्वाचन अधिकारी के सभी अथवा कुछ कृत्यों के निष्पादन के लिए अधिकृत होंगे। उक्त के क्रम में अरूण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकरी(वि0/रा0) को सहायक निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया गया है एवं निर्देशित किया है कि उपरोक्त निर्धारित समय- सारिणी के अनुसार नियत स्थान पर उपस्थित होकर राज्य निर्वाचन आयोग, उ0प्र0 द्वारा निर्गत नियमों एवं प्राविधानों के अन्तर्गत उक्त निर्वाचन को निष्पक्ष एवं सकुशल सम्पादित कराना सुनिश्चित करें। उल्लेखनीय है कि नामांकन पत्रों को दाखिल करने, उनकी जॉच करने, नाम वापसी, मतदान एवं मतगणना सम्बन्धी समस्त कार्य क्षेत्रीय ग्राम्य विकास संस्थान गाजीपुर के सभाकक्ष में होगा। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।
नंदनी यादव के मौत मामले में डीएम ने बैठाई पुलिस कर्मियों पर जांच
फर्जी हाफ एनकाउंटर और नंदनी की मौत के मामले में पुलिस की खुलेगी कुंडली
डीएम ने मजिस्ट्रियल जांच के दिए आदेश
14 से 18 जून तक फर्जी हाफ एनकाउंटर और नंदनी मौत के मामले में परिजन डीएम कार्यालय में रख सकते है अपना पक्ष


गाजीपुर। कुछ दिन पूर्व हुए विकास यादव उर्फ विक्की के फर्जी हाफ एनकाउंटर में नंदनी यादव की मौत के मामले में मजिस्ट्रियल जांच के आदेश जिलाधिकारी द्वारा बैठा दी गई है। इस मामले में जिलाधिकारी ने बताया कि 6 जून को रमेश यादव पुत्र ढोढ़ा यादव निवासी ग्राम मधुबन थाना खानपुर के द्वारा प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ था। जिसमें लिखा था कि 6 जून 2023 की रात्रि को समय करीब 2.30 बजे ग्राम उचहुवां थाना चन्दवक जनपद जौनपुर आए। जहां मृतका नन्दनी यादव अपने पति विकास यादव उर्फ विक्की के ननिहाल शादी में सम्मिलित होने के लिए सहपरिवार गयी थी। वहां पर थानाध्यक्ष खानपुर संजय कुमार मिश्रा पुलिस दल बल के साथ मृतक नंदनी के यहां जाकर दरवाजा खोलने के लिए कहा तथा पूछा कि तुम्हारा पति विकास यादव उर्फ विक्की कहां है। मृतक ने कहा कि मेरे पति यहीं हैं मैं दरवाजा खोलती हूॅ। तब तक थानाध्यक्ष खानपुर संजय कुमार मिश्रा पुलिस दल बल के साथ दरवाजा तोड़कर थाना चन्दवक जनपद जौनपुर से उठाकर गाजीपुर ले आये। विकास यादव उर्फ विक्की को रास्ते में लाते समय मृतका नन्दनी से पुलिस की नोंक झोक हुई जिसमें नन्दनी की मृत्यु हो गयी। उक्त घटना की मजिस्ट्रीयल जॉच अपर जिलाधिकारी वि.रा द्वारा की जा रही है। उक्त के सम्बन्ध में जिस किसी व्यक्ति को मौखिक, लिखित एवं दस्तावेजी साक्ष्य प्रस्तुत करना हों तो दिनांक 14 से 18 जून तक के कार्य दिवस के दौरान कार्यालय में उपस्थित होकर अपना पक्ष रख सकता है। जिलाधिकारी ने बताया कि इस मामले में न्यायिक जांच के लिए जनपद न्यायाधीश को पत्र प्रेषित कर दिया गया है। यह है पूरा मामला। विकास यादव को पकड़कर उसका एनकाउंटर करने के उद्देश्य से ले जा रही पुलिस की गाड़ी पर पति को छुड़ाने के गई नंदनी यादव वाहन पर सवार हो गयी विकास की पत्नी नन्दिनी यादव की पुलिस ने निर्मम पिटाई कर और तेज चलती गाड़ी से उसको फेंककर पुलिस कर्मियों द्वारा उसकी हत्या करने का बड़ा आरोप लगाया था। इस मामले को लेकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बीते मंगलवार को जिलाध्यक्ष गोपाल यादव के नेतृत्व में पीड़ित परिजनों और पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ मृतक नन्दिनी यादव की लाश को लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर धरना -प्रदर्शन किया था। इस मामले में पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने कहा था कि दोषी पुलिसकर्मियों के ऊपर कार्यवाही की गई है। उच्च स्तरीय जांच हो रही है। जांच में दोषी पाए गए पुलिसकर्मियों के ऊपर कार्यवाही की जाएगी। फिलहाल तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है। जांच के दौरान दोषी पाए जाने पर आगे भी पुलिसकर्मियों के ऊपर कार्रवाई की जाएगी। अब इस मामले को लेकर जिलाधिकारी के आदेश पर जांच बैठा दी गई है। जांच की आंच में कई पुलिस कर्मियों के ऊपर कार्यवाही की जा सकती है।
होनहार छात्राओं को वितरित किया साईकिल
रोटरी ने बांटी होनहार जरूरतमंद छात्राओं को साईकिल


गाजीपुर। रोटरी मण्डल 3120 के मंडलाध्यक्ष रोटेरियन अनिल अग्रवाल जिले के रोटरी क्लब के आधिकारिक यात्रा पर आए थे। इस दौरान गुरूवार की शाम को स्थानीय ग्रैंड होटल में आयोजित सभा में समाज के अंतिम पायदान से चयनित 10 लाभार्थियों को साईकिल दिया और सभी बच्चियों को प्रेरित किया की आप सभी पूरे मनोयोग के साथ अपनी पढ़ाई के साथ माता पिता के सपनों को पूरा करें साथ ही अपने लक्ष्य को पाने के लिए कठिन परिश्रम करें। रोटरी आपके सहयोग के लिए सदा तत्पर है। इस आयोजित सभा में रोटरी क्लब गाजीपुर के सत्र 2022-23 के क्रिया कलापों को बारीकी से देखा और सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे रोटरी के प्रयासों की सराहना किया। जिसमें विशेष रूप से रक्तदान महादान, पौधारोपण, समाज में पीड़ित मानवता की सेवा के लिए सदा तत्पर रहते हुए समाज सेवा के लिए संकल्पित रहने को कहा।


सभा को संबोधित करते हुए रोटरी मंडलाध्यक्ष ने रोटरी क्लब गाजीपुर के सदस्यों से कहा की आप पर्यावरण संरक्षण के लिए मिनी फारेस्ट और सरोवर को जिला प्रशासन के सहयोग से गोद लीजिए। उन्होंने ब्लड डोनर बैंक बनाने पर जोर दिया जिससे किसी भी जरूरतमंद को आधी रात को भी ब्लड मिल सके। इस सभा को सह मंडलाध्यक्ष रोटेरियन वीरेन्द्र कपूर ने भी संबोधित किया। इस सभा में रोटरी सचिव राजेश सिंह ने क्लब के सत्र 2022~23 के गतिविधियों से अवगत कराया। रोटरी अध्यक्ष सन्तोष केशरी ने क्लब के पदाधिकारियों के परिचय के साथ रोटरी मंडल के निर्देशानुसार कार्य को पूरा करने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम का संचालन सन्तोष कुमार वर्मा ने किया। इस दौरान डा उमेश चंद्र राय, असित सेठ, राजेश प्रसाद, सलीम अंसारी, विशाल चौरसिया, राजेंद्र केडिया, अनुराग गुप्ता, राजेश गुप्ता, डा राजेश सिंह, सी पी चौबे, संजर नसीर, मुकेश श्रीवास्तव, कामदेश्वर सिंह, रतन सिंह, सुप्रोतिम बागची, आनन्द जायसवाल उपस्थित थे।

विश्व हिन्दु परिषद के जिला सेवा प्रमुख का निधन
गाजीपुर। विश्व हिन्दु परिषद के जिला सेवा प्रमुख व समाजसेवी कमलेश राय का ह्दयघात से आकस्मिक निधन हो गया। जिसकी सूचना मिलतें ही विश्व हिन्दु परिषद के कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गयी। उनके सहयोगी ग्रामसभा गरूआमकसुदपुर जमानियां के सामाजिक कार्यकर्ता मन्टू राय ने बताया कि बुधवार की रात्रि में अपने पैतृक आवास पर कमलेश राय 60 वर्ष की अचानक तबीयत खराब हुआ जिसे लोग महर्षि विश्वामित्र मेडिकल कालेज लाये जहा इनका इलाज चल रहा था, इलाज के दौरान अचानक हार्ट अटेैक होने से उनका निधन सुबह मेडिकल कालेज मंे हो गया। विश्व हिन्दु परिषद के जिला कोषाध्यक्ष विनोद उपाध्याय ने बताया कि संगठन के कार्यो में बढ़चढ़ कर हिस्सा लेते हुए अग्रणी भूमिका में रहते थे, संगठन में इनके किये गये योगदान को भुलाया नही जा सकता, भगवाधरी कमलेश राय हिन्दुत्व के लिए संघर्ष करना गर्व की बात समझते थे। अचानक निधन की खबर ने हम सभी को विचलित कर दिया। श्रीरामजन्म भूमि अभियान में बढ़चढ़ कर हिस्सा लिये, इसके साथ ही साथ सामाजिक सरोकार वाले व्यक्ति रहे है। बजरंग दल के जिला सह संयोंजक देवब्रत मोहन तिवारी ने बताया कि कमलेश राय गरीबो के मददगार व संवेदनशील इंसान थे, सामाजिक समरसता व गरीबो के मदद के लिए हमेशा खड़े रहने वाले व्यक्ति थें। संगम राय, पिंकू राय व छोटक राय तीन पुत्रो व बहुओं सहित भरा पूरा परिवार छोड़ गये है। निधन की खबर मिलने पर मेडिकल कालेज पहुंचे जिला शासकीय अधिवक्ता कृपाशंकर राय व प्रचार प्रमुख चन्द्र कुमार ने परिजनो से गहरा दुख व्यक्त करते हुए ढाढ़स बंधाया। पोस्टमाटर्म के उपरान्त इनकी अन्तेष्टि गुरूवार को सांय गरूआमकसुदपुर गंगातट पर वरिष्ठ पुत्र संगम राय ने मुखाग्नि देकर की। अन्तिम संस्कार में क्षेत्र के संभ्रान्त क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
लापरवाही पर दो अधिकारी नपे, डीएम ने किया…….


गाजीपुर। राज्य पोषण मिशन कार्यो के नियोजन, क्रियान्वयन, निगरानी एवं अनुश्रवण के लिए जिला पोषण समीति/कन्वर्जेस विभाग की बैठक गुरूवार को जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता में रायफल क्लब सभागार में सम्पन्न हुयी। बैठक में बच्चों, गर्भवती, धात्री, किशोरियों, महिलाओं के पोषण स्तर में सुधार लाने एवं उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने को लेकर जिलाधिकारी ने समीक्षा की। समीक्षा के दौरान उन्होनेे सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जो आंगनवाडी कार्यकत्री कार्य नही करेगी। उनके उपर कड़ी कार्यवाही की जाय तथा अधिकारियों को निर्देश दिया कि ब्लाकवार सुपोषण बच्चो की रिपोर्ट का अवलोकन किया जाय। सुपोषण बच्चो का गलत वजन लेने पर आंगनवाडी के उपर कार्यवाही की जाय, साथ ही आंगवाड़ी द्वारा भरे गये डेटा का नियमित निरीक्षण किया जाय। जिलाधिकारी ने समीक्षा के दौरान प्रभारी सदर सी0डी0पी0ओ के कार्यो में असंतोष व्यक्त करते हुए भॉवरकोल स्थानातरित करने का निर्देश दिया। इसी प्रकार अखिलेश चौहान सी0डी0पी0ओ0 रेवतीपुर को हटाकर किसी अन्य ब्लाक पर स्थानान्तरित करने का निदेश दिया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने कहा कि सरकार बच्चों, गर्भवती, धात्री, किशोरियों, महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।


कहा कि गर्भवती महिलाओं की निरंतर निगरानी की जाए एवं बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति सजगता रखने के लिए जागरूक करें। आंगनबाड़ी केंद्रों पर वजन मशीन आदि जो भी उपकरण दिए गए हैं, उन्हें क्रियाशील रखे। आशा, आंगनबाडी कार्यकत्री आपस में समन्वय बनाकर महिलाओं को जागरुक करके उन्हें स्वास्थ्य लाभ और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं दे। उन्होंने कुपोषित बच्चों को पुष्टाहार देकर कुपोषण मुक्त जिला बनाए जाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने हर गर्भवती महिला के खानपान पर विशेष ध्यान देने एवं बच्चा पैदा होने पर उसका वजन कराने का निर्देश दिया गया। आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकत्रियों के माध्यम से गर्भवती महिलाओं को हरी साग सब्जी अधिक मात्रा में सेवन के लिए प्रेरित किया जाए। जिलाधिकारी ने सैम-मैम चिंहित बच्चों के पोषण श्रेणी में सुधार एवं उनकी स्वास्थ्य जांच एवं प्रबंधन, राष्ट्रीय पोषण माह के क्रियांवयन, आधार सत्यापन एवं आंगनबाड़ी केंद्रों पर अनुपूरक पुष्टाहार ड्राई राशन के वितरण आदि की बिंदुवार समीक्षा की। जिलाधिकारी ने गोद भराई एवं अन्नप्रासन की धनराशि का अपव्यय न हो, इसका नियमित निरीक्षण किया जाय। उन्होने सेन्टर पर वी एच एन डी कार्यक्रम नियमित रूप से करने, मेडिकल कैम्प लगाकर बच्चो का स्वास्थ्य परीक्षण करने के साथ सैम-मैम बच्चो को चिन्हित करते हुए उन्हे ए एन एम के माध्यम से दवाए उपलब्ध करायी जाये, बच्चो के स्वास्थ्य मे निरंतर प्रगति न होने पर उन्हे एन आर सी सेन्टर मे एडमिट कराने का निर्देश दिया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, डी पी ओ, समस्त सी डी पी ओ एंव अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित थे।
किसानों को कराना होगा ई. केवाईसी, नहीं तो खाता में नहीं आएगा पैसा

गाजीपुर। गुरूवार को राइफल क्लब में आयोजित कृषि उत्पादक संगठनों की एक दिवसीय कार्यशाला में जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद गाजीपुर की सब्जियों एवं कृषि उत्पादो के निर्यात हेतु कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) में पंजीकरण आवश्यक है। एफ०पी०ओ० का पंजीकरण हो जाने पर दूसरे देशो को गाजीपुर की सब्जिया भेजना आसान होगा जिससे किसानों के आमदनी में वृद्धि स्वाभाविक हैं। कार्यक्रम में भदोही के कृषि उत्पादक संगठन के निदेशक डा० शाश्वत पाण्डेय ने मार्केट लिंकेज की चर्चा की और बताया कि गुणवत्ता युक्त उत्पादन करना हमारी प्राथमिकता होगी तो ग्राहक अपने आप आ जायेगे। उन्होंने कहा कि मिर्च के उत्पादन में गाजीपुर में अपार सम्भावनायें है। उप कृषि निदेशक ने बताया कि कृषि, उद्यान, पशु पालन, मत्स्य पालन आदि विभाग की योजनाओं के अतिरिक्त अन्य कार्यक्रम के माध्यम से एफ०पी०ओ० अपनी आमदनी को बढ़ा सकते हैं। विभागो से योजनायें कैसे प्राप्त की जाये सदस्यों को जानकारी दी गयी। किसान कैसे क्लस्टर बनाए एवं कैसे उत्पादन बढाये उनको प्रशिक्षित किया गया।

उप कृषि निदेशक ने बताया कि पी०एम० किसान की 14वीं किस्त आने वाली है। बिना ई०के०वाई०सी० के नहीं आएगी किसान अनिवार्य रूप से ई०के०वाई०सी० करवा ले। जिनका मो०नं० आधार से लिंक है उनका ई०के०वाई०सी० कृषि कार्मिक कर देंगे। लेकिन जिनका आधार मो० नं० से लिंक नहीं है उनको जन सुविधा केन्द्र से ई०के०वाई०सी० करवाना होगा। उद्यान पशुपालन मत्स्य के अधिकारियों ने अपनी योजनाओं का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि सरकार किसानो की आय बढ़ाने की लिए तत्पर हैं। एफ०पी०ओ० के साथ हजारो किसान जुड़े है। क्लस्टर में काम करने पर क्रय विक्रय की निरन्तरता बढ़ेगी। उसके उपरान्त जिलाधिकारी ने नंमामि गंगे योजनान्तर्गत यूपी डास्प गाजीपुर द्वारा संचालित जैविक खेती से उत्पादित उत्पादो का विक्रय स्टाल परिसर में लगाया जिसका फीता काटकर उद्घाटन करते हुए जिलाधिकारी ने स्वय उत्पाद की खरीदारी की। कार्यक्रम में जनपद के एफ०पी०ओ० के निदेशको के अलावा मण्डी सचिव नन्दगंज, अभिहित अधिकारी अजीत मिश्रा कृषि विज्ञान केन्द्र के डा० ओमकार सिंह, जिला कृषि अधिकारी, ज्येष्ठ कृषि विपणन अधिकारी, जिला अग्रणी बैंक प्रबन्धक के अलावा अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।

वर्षों बाद देश में महापुरुषों का सम्मान भाजपा की सरकार ने किया: मंत्री अनिल

गाजीपुर। 10 जून को महाराजा सुहेल देव के शौर्य और पराक्रम के सम्मान में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के मैदान पर विजय दिवस मनाने का निर्णय लिया गया है। इस समारोह के माध्यम से सरकार के उपलब्धियों को जन जन तक पहुंचाना भी हमारा उद्देश्य है। यह समारोह मुख्य कार्यक्रम होगा। यह बात आज उत्तर प्रदेश सरकार के श्रम एवं सेवायोजन विभाग के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने गुरूवार को लोकनिर्माण विभाग के अतिथि गृह में पत्रकारों से बातचीत में कही। उन्होंने कहा कि आजादी के 70 वर्षो बाद देश में महापुरुषों का सम्मान भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने किया है। इससे पहले किसी भी सरकार में इस तरह का सम्मान कभी देखने को नहीं मिलता था। उन्होंने कहा कि इस धरती पर सनातन धर्म और हिंदूओं को बचाने के लिए बड़ी लड़ाई महाराजा सुहेल देव ने लड़ी, उन्होंने बहराइच के चित्तौरा कि भूमि पर सैय्यद सालार मसूद को मारने का काम किया। हम कह सकते हैं कि उस लड़ाई के 175 वर्ष बाद तक भारत सुरक्षित रहा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में महाराजा सुहेलदेव के नाम पर रेलगाड़ी, आजमगढ़ में विश्वविद्यालय, उत्तर प्रदेश के बहराइच में महाराजा सुहेलदेव के नाम पर स्मारक बनाने का काम किया, जिसका उद्घाटन जल्द प्रधानमंत्री के हाथों होगा। यह भारतीय जनता पार्टी सरकार द्वारा किसी महापुरुष के सम्मान में सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि इससे पहले कि सरकारें सालार मसूद जो देश को लूटने आया था उसके मजारों को बचाती रही लेकिन जिसने आताताई से देश को बचाया उसके नाम पर एक ईंट तक नहीं रख सकी। आज उत्तर प्रदेश कि कानून व्यवस्था पुरे देश में चर्चा का विषय बन चुकी है। इस अवसर पर भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश राजभर, जिला मीडिया प्रभारी शशिकान्त शर्मा, गुड्डू राजभर आदि मौजूद रहे।
मोदी सरकार में हुआ गांव और शहर में विकास: पूर्व मुख्यमंत्री

गाजीपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व मे सेवा सुशासन और गरीब कल्याण हेतु सरकार के 9 साल पूर्ण होने के उपलक्ष में व्यापारी सम्मेलन एवम संवाद कार्यक्रम तहसील मुहम्मदाबाद अन्तर्गत सलेमपुर स्थित उषा मैरिज हॉल में बुधवार को संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि त्रिवेंद्र सिंह रावत पूर्व मुख्यमंत्री उत्तराखंड ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवम अन्य महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। इस अवसर पर परिवहन मंत्री उत्तर प्रदेश सरकार दयाशंकर सिंह ने दो बसों के संचालन की घोषणा की। जो बलिया से मुहम्मदबाद, पखनपुरा होते हुए पूर्वांचल एक्सप्रेस वे के माध्यम से लखनऊ के लिए जाएगी एवं एक बस जो मुहम्मदाबाद से पखनपुरा से पूर्वांचल एक्सप्रेस वे से होते हुए लखनऊ के लिए रवाना होगी। दयाशंकर सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री देश के ही नहीं बल्कि दुनिया के सबसे मजबूत प्रधानमंत्री के रूप में उभरे हैं। आज विदेशों में प्रधानमंत्री का डंका बज रहा है। जिसका रिजल्ट भी आपको देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि 2024 में प्रधानमंत्री के जीत की सुनामी आएगी। राज्यसभा सांसद नीरज शेखर ने अपने संबोधन में कहा कि पार्टी की जीत के लिए व्यापारी वर्ग का बड़ा ही योगदान रहा है। बलिया में 6 सीट पर भारतीय जनता पार्टी की जीत हुई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने 9 साल के अंदर समाज के विकास के लिए कार्य किये है। इसे यही नहीं रोकना और आगे बढ़ाना है। बलिया सांसद वीरेंद्र सिंह ने अपने संबोधन में रोजगार एवं सुरक्षा के मसले पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से किसान, युवा, नौजवान, वृद्ध से संवाद कर उनकी समस्याओं को जानकर उसका निस्तारण किया जा रहा है। कहा कि मोहम्मदाबाद के व्यापारियो को पैसे और पिस्तौल के दम पर भ्रमित कर उन्हें दबाने का कार्य किया गया लेकिन आज योगी के सरकार में गुंडा माफिया अपनी जान की भीख मांग रहे हैं इसका आज आप स्वयं प्रमाण हैं। हम श्यामा प्रसाद मुखर्जी के कथन पर चलने वाले लोग हैं। श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बताए रास्ते पर प्रधानमंत्री सपनों का भारत बनाने के लिए चल पड़े हैं। आज पूरब से पश्चिम तक पिस्तौल के दम पर शासन चलाने वाले और आतंक फैलाने वाले लोग या तो मिट्टी में मिल गए हैं या अपनी जान की भीख मांग रहे है। कानून का शासन आज भी है और भविष्य में भी रहेगा।

मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री उत्तराखंड त्रिवेंद्र सिंह रावत ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि मेरा सौभाग्य है की आज आपके बीच में मुझे आने का मौका मिला। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की केंद्र की सरकार के 9 वर्ष हो रहे हैं और उत्तर प्रदेश सरकार का भी 6 वर्ष का कार्यकाल पूर्ण हुआ। सरकार को जनता चुनकर भेजती है इसलिए सरकार का यह दायित्व बनता है की पूर्ण पारदर्शिता के साथ सबके लिए काम करें। हमारे प्रधानमंत्री ने सबका साथ सबका विकास और सब के प्रयास से देश को आगे बढ़ाने का कार्य किया है। पारदर्शी सरकार का सीधा सीधा मतलब है कि सरकार जो काम कर रही है उसका हिसाब किताब मांगने का अधिकार हर मतदाता को है और सरकार की जिम्मेदारी है कि वह अपना हिसाब किताब जनता के बीच में रखे। आपने हमको चुनकर भेजा है, हमने आपसे जो वायदे किए थे उसे हमने पूरा किया या नहीं किया आप उसकी सीधे समीक्षा कर सकते है। 2014 में प्रधानमंत्री ने कहा था कि हम भ्रष्टाचार मुक्त सरकार देंगे। इससे पहले आपको याद होगा कि उस समय देश के अंदर भ्रष्टाचार के खिलाफ वातावरण बहुत तेजी पर था जिसके कारण देश के अंदर बेरोजगारी एवम महंगाई चरम पर थी। हमारे प्रधानमंत्री ने कहा कि देश की जनता ने भारतीय जनता पार्टी के ऊपर विश्वास किया है। आज मोदी सरकार में गांव और शहरो में विकास का कार्य हुआ है। शहर ठीक रहेंगे तभी गांव भी ठीक रहेंगे। उन्होंने कहा कि शहरों का विकास शहरी ग्रोथ रेट और गांव का विकास गांव की ग्रोथ रेट पर चलना चाहिए इसमें बहुत ज्यादा अंतर नहीं होना चाहिए। कार्यक्रम में पूर्व विधायक कालीचरण राजभर, भाजपा जिला अध्यक्ष बलिया, ब्लाक प्रमुख भांवरकोल प्रतिनिधि आनंद राय एवं अन्य पार्टी के पदाधिकारी उपस्थित रहे। संचालन व्यापार मंडल के संदीप गुप्ता एवं कार्यक्रम की अध्यक्षता श्याम सुंदर अग्रवाल ने किया।

मंत्री ने लोगों से किया कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील


गाजीपुर। उत्तर प्रदेश सरकार के श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर आई टी आई मैदान मे 10 जून को होने वाले महाराजा सुहेल देव शौर्य दिवस समारोह की सफलता के लिए बुधवार को जंगीपुर विधानसभा के नियांव (वाजिदपुर), हृदयपुर सरायबंदी, रूहीपुर, बोगना, बिरनो पड़ाव, चुरावनपुर अबिसहन तथा चौबेपुर तरछा में जन चौपाल लगाकर लोगों से कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महाराजा सुहेलदेव ने भारतीय संस्कृति के सम्मान, स्वाभिमान के लिए पुरी तरह से समर्पित होकर संघर्ष करते हुए मूगलो को परास्त किया। मंत्री ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार समृद्ध हो रहा है। भारत और भारतीयों का सम्मान पुरे विश्व में बढ़ रहा है। इस अवसर पर राजेश भारद्वाज, लालसा राजभर, अनिल राजभर, मयंक जायसवाल, गुड्डू राजभर, प्रदीप राजभर, मनोज कुशवाहा, चंद्रभान राजभर, श्रवण कुमार, राकेश राजभर आदि मौजूद रहे।
आकांक्षात्मक ब्लॉक को लेकर मुख्यमंत्री गंभीर, लापरवाही मिलने पर होगी कार्यवाई

गाजीपुर। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता में आकांक्षात्मक विकास खण्डो की प्रगति समीक्षा बैठक बुधावर को राईफल क्लब सभागार में सम्पन्न हुआ। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने राज्य सरकार द्वारा जनपद के छः आकांक्षात्मक विकास खण्ड रेवतीपुर, सादात, देवकली, बाराचवर, विरनो, मरदह जिसका चयन प्रदेश के 100 आकांक्षात्मक विकास खंड के रूप में किया है में कराये जा रहे कार्यो की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जिस ब्लाक मे कौशल विकास का सेन्टर नही खुला है ब्लाक स्तर खोला जाय ताकि गॉव-देहात के बच्चे शिक्षित हो सके। मनरेगा तथा जल संरक्षण योजना से सम्बन्धित योजनाओं को पूर्ण करने तथा सम्बन्धित अधिकारी को कराये जा रहे कार्यो का फोटो एवं विडियो उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान निर्देशित किया कि प्रत्येक बच्चो का टिकाकरण कराया जाय तथा बाल विकास विभागो को पोषाहार लोगो में वितरित करने का निर्देश दिया। उन्होने कहा कि आकाक्षात्मक विकास खण्डो में स्वास्थ्य, कुपोषण, जल संसाधन, शिक्षा, कौशल विकास, वित्तीय समावेशन, कृषि, आधारभूत अवसंरचना सहित कई ऐसे मानक हैं जिन पर व्यापक स्तर पर काम किये जाने की आवश्यकता है। उन्होने मुद्रा लोन, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जनधन योजना, कौशल विकास सहित विभिन्न पैरामीटर्स पर व्यापक कार्य कराते हुए प्रदेश मे चयनित आकाक्षांत्मक विकास खण्डो मे टॉप छः में स्थान बनाने की बात कही। उन्होंने समस्त अधिकारियों को शासन की नीति के अनुरूप आकाक्षात्कम विकास खण्ड में विकास कार्य को पूरा करने का निर्देश दिया। कहा कि ये कार्य शासन की शीर्ष प्राथमिकता का विषय है। आकांक्षात्मक ब्लॉक को लेकर मुख्यमंत्री बेहद गंभीर हैं और इसमें किसी तरह की लापरवाही नहीं चलेगी। इसमें लापरवाही मिलने पर कार्यवाई तय है। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ,समस्त सम्बन्धित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।