मेडिकल कॉलेज में आयोजित हुई एक दिवसीय आरएसएस युवा सम्मेलन

गाजीपुर में आरएसएस युवा सम्मेलन “देशभक्ति और निस्वार्थ सेवा से भारत फिर बनेगा विश्वगुरु” — मिथलेश

गाजीपुर। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के क्षेत्रीय बौद्धिक प्रमुख (पूर्वी उत्तर प्रदेश) मिथलेश ने कहा कि भारत के युवाओं में असीम क्षमता है और यदि वे देशभक्ति व निस्वार्थ भाव से राष्ट्र सेवा में स्वयं को समर्पित करें तो देश पुनः विश्वगुरु के रूप में स्थापित हो सकता है। वे शुक्रवार को महर्षि विश्वामित्र मेडिकल कॉलेज में संघ की गाजीपुर नगर इकाई द्वारा आयोजित एक दिवसीय आरएसएस युवा सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में मेडिकल कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।


मिथलेश ने कहा, यदि युवा पीढ़ी राष्ट्र निर्माण की भावना से प्रेरित होकर, स्वार्थ से मुक्त होकर कार्य करे तो भारत 2047 तक विकसित राष्ट्र के रूप में उभरेगा। उन्होंने युवाओं से देशभक्ति की भावना को आत्मसात करने, समाज के प्रति कर्तव्यबोध विकसित करने और वर्तमान अनुकूल राष्ट्रीय वातावरण का सकारात्मक उपयोग करने का आह्वान किया। संघ के सौ वर्षों के सफर का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि स्थापना काल से ही संगठन हिंदू समाज को संगठित व सशक्त बनाने के लिए कार्यरत है।

उन्होंने बताया कि संस्थापक केशव बलिराम हेडगेवार ने भारत की गुलामी के कारणों का अध्ययन कर एकता के अभाव और ‘स्वबोध’ की कमी को प्रमुख कारण माना था। उन्होंने कहा कि आत्मबोध और सामूहिक चेतना के जागरण के बिना राष्ट्र अपनी सच्ची महिमा प्राप्त नहीं कर सकता। मिथलेश ने संघ के शताब्दी वर्ष की पहल ‘पंच परिवर्तन’ यानि स्वबोध, नागरिक कर्तव्य, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता और कुटुंब प्रबोधन पर विस्तार से प्रकाश डाला।

उन्होंने कहा कि इन पांच क्षेत्रों में ईमानदार प्रयास समाज में व्यापक सकारात्मक परिवर्तन ला सकते हैं। नागरिक भावना को बढ़ावा देना, कानूनों का पालन, सामाजिक सद्भाव को प्रोत्साहन और परिवारों को मजबूत करना समृद्ध व नैतिक भारत के निर्माण की आधारशिला है। पर्यावरण जागरूकता से सृष्टि की रक्षा और पारिवारिक मूल्यों के संरक्षण से सांस्कृतिक नींव सुरक्षित रहती है।


कार्यक्रम की अध्यक्षता मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आनंद मिश्रा ने की। उन्होंने कहा कि परिवार में एकता और समाज में समरसता आज की आवश्यकता है, और परिवारों को टूटने से बचाने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। इस अवसर पर जिला प्रचारक प्रभात, नगर कार्यवाह अंजनी, नगर प्रचारक विक्रम, जिला विद्यार्थी प्रमुख ब्रिजकिशन सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना था।

48 वां वार्षिकोत्सव मेधा सम्मान समारोह में छात्राओं को किया गया सम्मानित

गाजीपुर। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय महुआबाग में उत्तर प्रदेश का 48 वां वार्षिकोत्सव मेधा सम्मान एवं पुरस्कार वितरण समारोह सर्जना 2026 का गुरुवार को समारोह पूर्वक आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि प्रोफेसर सविता भारद्वाज ने कहा कि गाजीपुर वीरों की धरती है, यहां की बेटियां किसी से कम नहीं है। आप यूं ही आगे बढ़ते रहें। अर्जुन की तरह अपनी मंजिल पर नजर रखें। छोटे-छोटे झंझावातों से विचलित ना हो। छात्राओं एवं महाविद्यालय की उपलब्धियां सराहनीय है।


इसके पूर्व मुख्य अतिथि प्रोफेसर सविता भारद्वाज का प्रज्ञा रेंजर कलर पार्टी ने स्काउट गाइड रीति से जय जयकार एवं हर्षनाद करते हुए स्वागत किया। तत्पश्चात एनसीसी की छात्राओं ने पायलटिंग करते हुए उन्हें गार्ड आफ आनर प्रस्तुत किया एवं गृह विज्ञान की छात्राओं द्वारा आकर्षक रंगोली का अवलोकन किया। प्राचार्य प्रोफेसर अनीता कुमारी ने मुख्य अतिथि को पुष्प गुच्छ, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया। संगीत विभाग की छात्राओं ने स्वागत गीत, सरस्वती वंदना एवं कुलगीत प्रस्तुत कर माहौल को संगीतमय बना दिया।

मुख्य अतिथि के सम्मान पत्र का वाचन डॉ संगीता मौर्य एवं महाविद्यालय की वर्ष भर की प्रगति आख्या का वाचन डॉ शिवकुमार द्वारा किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने विभिन्न मेधावी विद्यार्थियों को मेधा सम्मान एवं पुरस्कार से अलंकृत किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ निरंजन कुमार यादव एवं आभार ज्ञापन डॉ सारिका सिंह ने किया।

इस अवसर पर सर्वोच्च अंक पाने वाली एवं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को मेडल, प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता के लिए सलोनी गुप्ता, रागिनी एवं संध्या गुप्ता को क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने पर पुरस्कृत किया गया जबकि वाद विवाद प्रतियोगिता में श्रेया मौर्य, विजयलक्ष्मी प्रजापति एवं काजल गुप्ता को प्रथम द्वितीय, तृतीय स्थान प्राप्त करने पर पुरस्कृत किया गया। इसी प्रकार निबंध प्रतियोगिता के लिए प्रज्ञा वर्मा, अंकिता जायसवाल, सैयद बुसरा अली को, सांस्कृतिक प्रतियोगिता के लिए श्वेता रावत, काजल, शीमू राय को क्रमशः प्रथम, द्वितीयं, तृतीय स्थान आने के लिए अलंकृत किया गया।


मुख्य अतिथि एवं दानदाताओं द्वारा भी विशिष्ट छात्राओं को मेडल एवं पुरस्कार प्रदान किया गया । महेंद्र प्रताप सिंह स्वर्ण पदक सैयद बुशरा अली को, शिव मूरत पाठक स्वर्ण पदक संध्या राजभर को, प्रोफेसर अशोक चंद सिंह सांस्कृतिक पदक इंदा चौधरी को, राजकुमारी पाठक सम्मान अमृता पांडे को, शिव मूरत पाठक सम्मान पुरस्कार संध्या राजभर को मानिकचंद गुप्ता पुरस्कार चंद्रकला को, सत्यालाल मेमोरियल स्वर्ण पदक पुरस्कार सैयद बुशरा अली को, प्रोफेसर सरस्वती सिंह बहुमुखी प्रतिभा पदक रिमझिम बिंद को प्रदान किया गया।

इस अवसर पर प्राचार्य प्रोफेसर अनिता कुमारी व मुख्य अतिथि ने दानदाताओं डॉ राजीव गुप्ता, डॉ सारिका सिंह, ओम शिवानी, को हमारे भामाशाह के अंतर्गत सम्मानित किया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से डॉ उमाशंकर प्रसाद, डॉ अमित यादव, राम अवध यादव, डॉ राम नारायण तिवारी, महेंद्र प्रताप सिंह, डॉ प्रतिमा सिंह, डॉ घनश्याम कुशवाहा, राधे श्याम पाण्डेय, राकेश कुमार, संजीव गरुण, तरुण दीप शर्मा आदि लोग उपस्थित रहे। साइन कल को सांस्कृतिक कार्यक्रम जारी रहा जिसका संचालन डॉ शशिकला जायसवाल एवं डॉ शिखा सिंह ने किया। इस अवसर पर समस्त महाविद्यालय परिवार, अभिभावक, महाविद्यालय की वर्तमान एवं पुरा छात्राएं उपस्थित रही।

इनरव्हील क्लब के मंडलाध्यक्ष प्रिया नारायण का जिले में आधिकारिक दौरा

इनरव्हील क्लब गाजीपुर में मंडलाध्यक्ष प्रिया नारायण का आधिकारिक दौरा।

बोली समाजसेवा के क्षेत्र में आगे बढ़िए और मिसाल पेश कीजिए।

गाजीपुर। इनरव्हील क्लब “मंडल 312” की मंडलाध्यक्ष प्रिया नारायण ने बुधवार को जनपद के इनरव्हील क्लब का आधिकारिक दौरा किया। इस दौरान इनरव्हील क्लब की पदाधिकारियों और सदस्याओं द्वारा माल्यार्पण और पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया गया। इसके बाद उन्होंने क्लब की अध्यक्ष राजश्री सिंह, सचिव रूबी संजर और अन्य सदस्यों के साथ बैठक की और वर्ष भर के सामाजिक कार्यों का अवलोकन कर क्लब के आगामी कार्यों हेतु दिशा निर्देश दिए। अपने दौरे के दौरान मंडलाध्यक्ष प्रिया नारायण ने प्राइमरी स्कूल के बच्चों को पाठ्य सामग्री वितरित की और इनरव्हील क्लब के द्वारा किए गए सामाजिक कार्यों की सराहना की।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इनरव्हील क्लब एक अंतरराष्ट्रीय सामाजिक महिला संगठन है, जो समाज में सेवा और मित्रता के माध्यम से ज़रूरतमंदों की सहायता करता है और इस बार हमारी थीम है स्टेपअप लीड बाई एग्जांपल यानि आगे बढ़िए और उदाहरण पेश कीजिए। उन्होंने बताया कि इनर व्हील कल तीन दशक से ज्यादा पुराना क्लब है और ये लोग अपने संसाधनों से अच्छा कार्य कर रही हैं। क्लब अध्यक्ष राजश्री सिंह ने बताया कि मंडलाध्यक्ष के दौरे से इनरव्हील क्लब के सदस्यों को उत्साह और प्रेरणा मिली है। उन्होंने बताया कि हमलोग जरूरतमंदों की सहायता के लिए हमेशा खड़े हैं। उन्होंने मंडलाध्यक्ष के निर्देशों का पालन करने का आश्वासन भी दिया। इस अवसर पर विनीता सिंह, मंजू सेठ, रूबी संजर, साक्षी जायसवाल, डॉ० निमिषा, प्रीति, सरिता सेठ, अनीता आदि उपस्थित रहीं।

खाद्य विभाग ने लिए कई दुकानों से खाद्य पदार्थों के नमूने, जांच के बाद होगी कार्यवाही

गाजीपुर। अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) दिनेश कुमार के निर्देशन में बुधवार को जनपद में आम जनमानस को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आगामी होली पर्व के अवसर पर मिलावटी खाद्य एवं पेय पदार्थों के विक्रय पर प्रभावी रोकथाम के उद्देश्य सें अभिसूचना आधारित प्रभावी विशेष अभियान चलाकर कुल-07 नमूना संग्रहित किया गया। खाद्य विभाग ने भितरी बाजार, सैदपुर स्थित रामजी राजभर के प्रतिष्ठान मेसर्स-रामजी किराना स्टोर से मस्टर्ड आयल (सलोनी ब्राण्ड) का 01 नमूना। नगर के महुआबाग स्थित संजय गर्ग के प्रतिष्ठान मेसर्स-वेरायटी जनरल स्टोर से Cow Ghee (Gits Brand)  का 01 नमूना। नगर के ही गोलाघाट स्थित पुरूर्षाेत्तम कुमार केषरी के प्रतिष्ठान मेसर्स-राजेन्द्र एण्ड सन्स से रिफाइण्ड सोयाबीन आयल (फार्चून ब्राण्ड) का 01 नमूना। कोटिया चट्टी मुहम्मदाबाद स्थित गोपाल कुमार गुप्ता के प्रतिष्ठान मेसर्स-गोपाल इण्टरप्राइजेज से Dates Bliss (Tauffa Brand)  का 01 नमूना। कोटिया चट्टी मुहम्मदाबाद स्थित गोपाल कुमार गुप्ता के प्रतिष्ठान मेसर्स-गोपाल इण्टरप्राइजेज से Danedar Ghee (Mugdh Brand) का 01 नमूना। नवापुरा मोड युसुफपुर, मुहम्मदाबाद स्थित ज्वाला चौरसिया के प्रतिष्ठान मेसर्स-मोना स्वीट्स से छेना मिठाई का 01 नमूना। बलुआ टप्पा कठउत, हरिहरपुर स्थित उमेश चन्द्र गुप्ता के प्रतिष्ठान से नमकीन (मोटू राम ब्राण्ड) का 01 नमूना लिया। लिए गए नमूनें खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला, उ0प्र0 प्रेषित किये जा रहें है। जॉच रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के अन्तर्गत विधिक कार्यवाही की जायेगी। नमूना संग्रह/प्रवर्तन की कार्यवाही आर0सी0 पाण्डेय सहायक आयुक्त (खाद्य)-द्वितीय एवं गुलाबचन्द गुप्त मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी गाजीपुर के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों बिपिन कुमार गिरि, धनन्जय सिंह, अरविन्द प्रजापति,  पंकज कुमार कन्नौजिया एवं विरेन्द्र यादव की टीम द्वारा की गयी।

बजट को लेकर युवाओं को किया गया जागरूक

गाजीपुर। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में माय भारत जनपद द्वारा “बजट क्वेस्ट क्विज 2026” का सफल आयोजन पीजी कॉलेज गोराबाजार एवं सत्यदेव डिग्री कॉलेज में बुधवार को संपन्न हुआ। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं में बजट, अर्थव्यवस्था एवं वित्तीय जागरूकता के प्रति समझ विकसित करना तथा उन्हें समसामयिक आर्थिक विषयों से जोड़ना रहा। पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राघवेंद्र कुमार पाण्डेय ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि बजट केवल सरकार का वित्तीय दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह देश के विकास की दिशा और प्राथमिकताओं को निर्धारित करने वाला महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे बजट की प्रमुख बातों को समझें और राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित क्विज प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए बजट एवं अर्थव्यवस्था से संबंधित विभिन्न प्रश्नों का उत्तर देकर अपनी ज्ञान क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों को ऑनलाइन प्रमाणपत्र भी प्रदान किए गए, जिससे उनका उत्साहवर्धन हुआ। माय भारत गाजीपुर के पूर्व एपीएस सुभाष चंद्र ने क्विज की ऑनलाइन प्रक्रिया को विधिवत रूप से समझाया और प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया। इस अवसर पर डॉ. अवधेश, डॉ. आई. आर. पाठक, प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार सिंह, डॉ. आलोक कुमार, प्रीति यादव, विशाल यादव, नेहा सिंह सहित अन्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसे प्रोफेसर संजय चतुर्वेदी ने प्रस्तुत किया।

भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर की पुण्यतिथि पर विचार गोष्ठी आयोजित

गाजीपुर।मंगलवार को समाजवादी पार्टी के तत्वावधान में जिलाध्यक्ष गोपाल यादव की अध्यक्षता में पार्टी कार्यालय समता भवन पर भारत रत्न,जननायक कर्पूरी ठाकुर की पुण्यतिथि पर माल्यार्पण कार्यक्रम एवं विचार गोष्ठी आयोजित हुई।
गोष्ठी आरंभ होने के पूर्व सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सामाजिक न्याय की लड़ाई को आगे बढ़ाते रहने का संकल्प लिया।
जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने विचार गोष्ठी में अपने विचार व्यक्त करते हुए कर्पूरी ठाकुर को देश का महान नेता बताया। उन्होंने कहा कि कर्पूरी जी का जीवन हम सबके लिए अनुकरणीय है। उनका संघर्ष, उनकी सरलता, सादगी और ईमानदारी हमें इस बात का संदेश देती है कि यदि आदमी के अंदर मजबूत इच्छाशक्ति हो तो वह कोई भी मुकाम हासिल कर सकता है। उन्होंने कहा कि आज लोकतंत्र खतरे में है। लोकतंत्र को बचाना जरूरी है क्योंकि लोकतंत्र जिंदा रहेगा तभी गरीब जिंदा रहेगा। उन्होंने कर्पूरी ठाकुर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी बताते हुए सामाजिक न्याय की लड़ाई का महान योद्धा बताया। उन्होंने कहा कि वह सरलता और सादगी के पर्याय थे। उनका नाम उन समाजवादी नेताओं की कतार में आता है, जिन्होंने निजी और सार्वजनिक जीवन में आचरण के ऊंचे मानदंड स्थापित किए। उन्होंने आजीवन समाज में व्याप्त आर्थिक एवं सामाजिक विसंगतियों के खिलाफ संघर्ष करते रहे। कर्पूरी ठाकुर का जीवन ताउम्र संघर्षों से भरा था। वह लालू यादव के राजनीतिक गुरु थे और लोकराज की स्थापना के हिमायती थे।
उन्होंने कहा कि देश में व्याप्त असमानता, गैरबराबरी को कर्पूरी ठाकुर जी के रास्ते पर ही चलकर समाप्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि जब तक देश में गैरबराबरी रहेगी तब तक समाजवाद प्रासंगिक रहेगा। उन्होंने कहा कि समाजवाद के रास्ते ही देश में खुशहाली लायी जा सकती हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार देश का सारा धन चंद पूंजीपतियों के तिजोरी में बंद करने का कुचक्र रच रही है।इस सरकार की गलत नीतियों से देश में अमीर और गरीब के बीच की खानी चौड़ी होती जा रही है। उन्होंने कहा कि फांसीवाद की जड़ें लगातार गहरी होती जा रही है, हमें कर्पूरी जी के रास्ते पर चलकर उनकी जड़ों को कमजोर करना होगा।
इस मौके पर अशोक कुमार बिन्द, रविन्द्र प्रताप यादव, मुन्नीलाल राजभर,राजेन्द्र यादव,सदानंद यादव,विभा पाल, अमित ठाकुर,जयराम भारती, तिलक प्रधान, राजेश यादव,जैहिंद यादव, अम्बिका यादव,रामाशीष यादव,आदि मौजूद रहे।

डीएम की अध्यक्षता में एन-कार्ड की जनपद स्तरीय समिति की हुई बैठक,दिए निर्देश

गाजीपुर।जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में एन-कार्ड की जनपद स्तरीय समिति की बैठक कलेक्ट्रेट कार्यालय कक्ष में संपन्न हुई। जिलाधिकारी ने एन-कार्ड की जनपद स्तरीय समिति की बैठक में निर्देशित किया कि सार्वजनिक स्थानों पर जहां ड्रग्स के साथ किसी प्रकार की मादक पदार्थो की बिक्री की संभावना हो, वहां नियमित पेट्रोलिंग की जाए, जनजागरुकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, समय समय पर निरीक्षण व आकस्मिक चेकिंग तथा मेडिकल स्टोरो का लाईसेंस चेक किया जाए। जिलाधिकारी ने संबंधित को निर्देशित किया कि हीरोईन तस्करो को निरंतर निगरानी करते हए कड़ी कार्यवाही की जाए। उन्होने अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक एंव पुलिस अधिकारी की संयुक्त टीम द्वारा नशे के विरूद्ध जागरूकता संबंधित आयोजन का निर्देश देते हुए छात्राओ एवं युवाओ को नशे के दुष्टपरिणाम के विषय मे निरन्तर जागरूक किया जाए। उन्होने सीजर सैंपल की आख्या समयान्तर्गत प्रेषित करने के साथ नशीली दवाओ/ड्रग्स पर कार्यवाही करते हुए अधिक से अधिक बरामदगी करने का निर्देश दिया। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक शहर राकेश मिश्रा, सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

बैठक में डीएम नाराज,दी चेतावनी

गाजीपुर। जिला सुरक्षा समिति की बैठक जिलाधिकारी  अविनाश कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में निर्देश दिए गए कि समस्त अधिकारीगण बैठक में स्वयं प्रतिभाग करेंगे एवं अनुपालन आख्या के साथ कृत कार्यवाही का विस्तृत विवरण क्रमिक माह एवं विगत वर्ष में उसी माह के तुलनात्मक विवरण के साथ संलग्न किया जाए। हिट एण्ड रन केस के संबंध में जागरूक किए जाने हेतु मीडिया में प्रचार-प्रसार करने हेतु पुलिस विभाग द्वारा इस संबंध में कार्यशाला आयोजित कराई जाए एवं प्रभावित व्यक्तियों को परिवहन विभाग में आवेदन हेतु जानकारी दी जाए। परिवहन विभाग द्वारा अवगत कराया गया कि वर्तमान में हिट एण्ड रन का कोई प्रकरण लम्बित नहीं है। यातायात निरीक्षक मनीष त्रिपाठी ने पीपीटी के माध्यम से जनपद मे घठित हुई दुर्घटना को माह वार एवं वर्ष वार प्रस्तुत किया, जिलाधिकारी द्वारा काफी सराहना की गयी एवं भविष्य में अन्य बिन्दुओ को भी पी.पी.टी. के माध्यम से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए। जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी, क्षेत्राधिकारी यातायात व सहायक सम्भागीय अधिकारी, (प्रवर्तन एवं प्रशासन) को निर्देश दिए गए कि संयुक्त रूप से विद्यालय आने वाले वाहनों की जांच करेगे एवं दो पहिया वाहनों पर हेलमेट न लगाए जाने एवं दो से अधिक सवारी होने पर उनके फोटो ग्राफ्स संबंधित विद्यालयों को भेजें एवं विद्यालय प्रबन्धन इस प्रकार के उल्लंघन पर संबंधित विद्यार्थी के अभिभावक को नोटिस भेजकर कार्यवाही करें एवं प्रतिदिन अनुश्रवण किया जाए। बिना वैध लाईसेन्स के वाहन चलाने वाले छात्रो/चालकों पर कड़ी कार्यवाही किए जाने एवं अर्थदण्ड लगाए जाने के निर्देश दिए गए। इस हेतु विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को तत्काल गोल्डेन ऑवर में चिकित्सा केन्द्र पर पहुचाने हेतु आम लोगो को जागरूक करने हेतु प्रचार-प्रसार किए जाने के निर्देेश दिए गए। इस संबंध में अवगत कराया गया कि राहवीर योजना के तहत घायल व्यक्ति अस्पताल पहुचाने वाले व्यक्ति को रू. 25000 का पुरस्कार भी दिया जाएगा। प्रचार-प्रसार के लिए सार्वजनिक स्थलों, विद्यालयों टोल प्लाजाओं ब्लैक स्पॉट वाले स्थल, थाना व अस्पताल पर होडिग्सं लगाए जाने एवं सोशल मीडिया पर भी प्रचार प्रसार किए जाने के निर्देश दिए गए।
 बैठक में जिलाधिकारी ने नेशनल हाईवे, स्टेट हाईवे एवं समस्त प्रकार की सड़कों पर सड़क सुरक्षा के दृष्टिगत सड़कों के किनारों पर थर्माेप्लास्टिक लाइनिंग, रेट्रो रिफ्लेक्टिंग साइन व अन्य समस्त सड़क दुर्घटना बचाव प्रबन्ध किए जाने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने संबंधित को निर्देशित किया कि अपने विभाग से संबंधित सड़कों का तत्काल निरीक्षण कर लें और जहाँ-जहाँ सड़कों पर गड्ढे खोदे गए हैं, उनकी समुचित रूप से बैरिकेटिंग करा कर रिफ्लेक्टर/साइन बोर्ड लगवायें तथा बैरिकेटिंग स्थल पर शीघ्रता से कार्य को पूर्ण कराते हुए गड्ढों को यथाशीघ्र बन्द कराए। सड़कों पर बिखरी हुई गिट्टियां व जगह जगह पर बने गड्ढ़ें, जिनमें जल जमाव हो रहा है, की मरम्मत कराकर सड़कों को आवागमन हेतु सुगम बनाना सुनिश्चित करें जिससे आमजन को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े। जिलाधिकारी ने कहा कि यदि निर्देश के बावजूद भी भविष्य में यदि कोई प्रतिकूल तथ्य प्रकाश में आता है तो सम्पूर्ण उत्तरदायित्व संबंधित का होगा जिनके विरूद्ध उचित कार्यवाही की जाएगी।
 उन्होने कहा कि हाईवे पर चिन्हित स्थानों पर ही पार्किंग की जाए अन्यत्र स्थलों पर पार्किंग किए जाने पर कार्यवाही की जाए। हाईवे पर ई रिक्शा का संचालन पूर्णत प्रतिबंधित किया जाए, एवं किसी भी स्थिति में ई रिक्शा का संचालन न होने दिया जाय। हाईवेे पर रांग साइड चलने वाले, दो पहिया वाहनो पर बिना हेलमेट चलने, सीट बेल्ट का प्रयोग न करने, वाहन चलाते समय मोबाईल का प्रयोग करने एवं शराब पीकर नशे की हालत में वाहन चलाने वाले चालको पर बै्रथ एनालाइजर द्वारा जांच कर कड़ी कार्यवाही किए जाने के निर्देश दिए गए। इस संबंध में यह भी निर्देश दिए गए कि हाइवे पर पड़ने वाले सभी थानाध्यक्ष शाम के समय पेट्रोलिंग करेगें एवं आवश्यक होने पर एन.एच.ए.आई. के अधिकारियो के साथ संयुक्त रूप से दंण्डात्मक कार्यवाही करेगें। वाराणसी-गाजीपुर राष्ट्रीय मार्ग संख्या-31 पर मार्ग पर स्थानीय लोगों द्वारा बार-बार मीडियन को तोडकर अवैध कट बना दिए जाते है। इस संबंध में निर्देश दिए गए कि ऐसे स्थलों के नजदीक के भवनों पर सी.सी.टी.वी. कैमरे द्वारा पुनः अवैध कट बनाने वाले व्यक्तियों को चिन्हित कर नामजद एफ.आई.आर. दर्ज कराई जाए। जनपद के विभिन्न स्थानों से संचालित होने वाले टेम्पो के संबंध में निर्देश दिए गए कि सभी जगह पंजीकृत सोसाइटी द्वारा ही इनका संचालन कराया जाए एवं निर्धारित क्षमता से अधिक सवारिया ले जाने पर कठोर कार्यवाही की जाए। बैठक में एन.एच.ए.आई., गाजीपुर के परियोजना निदेशक के उपस्थित न रहने पर जिलाधिकारी द्वारा नाराजगी व्यक्त किया गया एवं एन.एच.ए.आई. अधिकारियो को निर्देश दिए गए कि निमार्णाधीन रेल सह रोड सेतु के पहुॅच मार्ग पर उचित यातायात डायवर्जन के पश्चात ही कार्य कराया जाए, इस स्थल पर सामान्यत जाम की स्थिति के कारण मरीजो, स्कूली वाहनो एवं अन्य आवश्यक सेवा को अत्यंत असुविधा हो रहीं है, इस संबंध में जिलाधिकारी द्वारा नाराजगी व्यक्त करते हुए चेतावनी दी गई, यदि कोई दुर्घटना घटीत होेती है तो एन.एच.ए.आई के अधिकारियो पर एफ.आई.आर. कराई जाएगी। बैठक का संचालन लो0नि0वि0 के सहायक अभियन्ता, अनुराग यादव द्वारा किया गया। बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी आयुष चौधरी, जिला विद्यालय निरीक्षक प्रकाश सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक राकेश मिश्रा, लो0नि0वि0 के अधिशासी अभियन्ता, बी.एल. गौतम, संतोष कुमार, किरन पाल, सहित परिवहन, एन.एच.ए.आई., स्वास्थ विभाग के अधिकारियो व बस/ट्रक यूनियन के पधाधिकारी उपस्थित रहें।

सीडीओ की अध्यक्षता में हुई बैठक

गाजीपुर।मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य की अध्यक्षता मे उनके कक्ष में नवसृजित मुख्यमंत्री राज्य औद्यानिक विकास योजना के वार्षिक कार्ययोजना की बैठक जनपद स्तर के गठित कार्यसमिति की उपस्थिति में की गई।  
बैठक में समिति के समक्ष वर्तमान वित्तीय वर्ष की कार्ययोजना जिला उद्यान अधिकारी द्वारा प्रस्तुत किया गया। उनके द्वारा बताया गया कि  मुख्यमंत्री राज्य औद्यानिक विकास योजनान्तर्गत जनपद को 12.0 हे0 में बागवानी (फल क्षेत्र विस्तार), 50.0 हे0 शाकभाजी क्षेत्र विस्तार, 3400 रनिंगमी0 घेराबन्दी, 150 बॉक्स मौनपालन तथा 5 यूनिट इको लाईट ट्रैप का लक्ष्य प्राप्त है, जिसका क्रियान्वयन प्रथम आवक-प्रथम पावक के आधार पर पूर्व में संचालित एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजनान्तर्गत शेष लाभार्थियों को उक्त योजना का लाभ दिया जाएगा। इस योजनान्तर्गत किसी अन्य पोर्टल पर आवेदन नही किया जाएगा। योजना का क्रियान्वयन पूर्व में संचालित एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना के तर्ज पर किया जाएगा। अध्यक्ष द्वारा निर्देशित किया गया कि नवसृजित मुख्यमंत्री राज्य औद्यानिक विकास योजना का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार और निदेशालय द्वारा आवंटित लक्ष्यों की पूर्ति दिशा-निर्देश के अनुसार सुनिश्चित करें तथा पूर्व मे  संचालित एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना, औद्यानिक विकास कार्यक्रम के किसी भी लाभार्थी की पुनरावृत्ति इस योजना में न हो। बैठक में वरिष्ठ कोषाधिकारी मंगलेश सिंह, परियोजना निदेशक  दीनदयाल, कृषि विज्ञान केन्द्र आंकुशपुर के वैज्ञानिक डा0 दीपक प्रजापति, मण्डी निरीक्षक श्रीमती ऋषि सिंह, मुख्य विकास अधिकारी द्वारा नामित सदस्य उप कृषि निदेशक के प्रतिनिधि जिला कृषि अधिकारी उमेश कुमार, जिला उद्यान अधिकारी गाजीपुर आशीष कुमार तथा प्रगतिशील कृषक अनूप राय, मनोज कुशवाहा, विनय कुमार राय, अंजू चतुर्वेदी उपस्थिति में सम्पन्न कराया गया।

हॉट एंड कूल ब्रेकरी-रेस्टोरेंट का हुआ भव्य उद्घाटन, लीजिए स्वाद और शुद्धता का आनंद

गाजीपुर। ब्रेकरी और रेस्टोरेंट में खाने के शौकीन युवा अक्सर नए अनुभव, स्वादिष्ट और अनोखे व्यंजन, और दोस्तों के साथ अच्छा समय बिताने के लिए बाहर खाते हैं, वे चाइनीज फूड से लेकर कैजुअल डाइनिंग और क्विक सर्विस तक सब पसंद करते हैं, खासकर साउथ इंडियन और चाइनीज फूड के साथ फ्रेंच के भी दीवाने होते हैं, और सोशल मीडिया पर अपने खाने के अनुभव को साझा करना भी पसंद करते हैं।

इन्ही सब युवाओं के पसंद को देखते हुए बड़े शहरों के तर्ज पर जिले में भी एक भव्य ब्रेकरी और रेस्टोरेंट की ग्रैंड ओपनिंग वेलेंटाइन डे के दिन यानी 14 फरवरी को किया गया। शहर के ददरीघाट चौराहे पर स्थित इस ब्रेकरी और रेस्टोरेंट का भव्य शुभारंभ रेस्टोरेंट के प्रोपराइटर लल्ला/एजाज के माँ शमीमा के हाथों फीता काटकर किया गया।

इस दौरान भारी संख्या में आए ग्राहकों ने खूब जमकर ब्रेकरी में खरीदारी के साथ ही रेस्टोरेंट में खाने का आनंद लिया। हॉट एंड कूल ब्रेकरी और रेस्टोरेंट फ्रेंचाइजी मऊ के आनर मनमोहन ने बताया कि मऊ जनपद की हॉट एंड कूल फैमिली रेस्टोरेंट और बैकरी की पहली फ्रेंचाइजी गाजीपुर में खोला है और इस रेस्टोरेंट में वही स्वाद और उसका जादू जो मऊ में बिखेरे हुए हैं वही स्वाद का जादू अब आपको गाजीपुर में भी मिलेगा।

हमारा कॉन्सेप्ट बैकरी और रेस्टोरेंट का है जहां पर प्रीमियम रेंज में केक एक पेस्ट्री और अन्य आइटम के साथ ही नमकीन के कई वैरायटीऔर गिफ्ट के आइटम के साथ ही साथ रेस्टोरेंट का वह स्वाद जो मऊ में मिला करता था वह अब गाजीपुर में भी मिलेगा।

इस दौरान उन्होंने कहा कि सभी रेस्टोरेंट अच्छे हैं लेकिन हमारी कोशिश है कि हमारे ग्राहक को जो सर्विस चाहिए हम उसे देने का पूरा प्रयास करें साथ ही जो हमारे स्वाद की पहचान है इसको बरकरार रखने के लिए इस रेस्टोरेंट और बैकरी का शुभारंभ किया है।

Uttar Pradesh Fast News