नारद मोह के बाद गूंजी राम जन्म की किलकारी, धनुष-मुकुट पूजन के साथ रामलीला का शुभारंभ


नारद मोह के बाद गूंजी राम जन्म की किलकारी, धनुष-मुकुट पूजन के साथ रामलीला का शुभारंभ

गाजीपुर। अति प्राचीन श्री रामलीला कमेटी हरिशंकरी के तत्वावधान में मंगलवार शाम हरिशंकरी स्थित श्रीराम चबूतरे पर धनुष-मुकुट पूजन के साथ रामलीला का शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि एसडीएम सदर विनोद जोशी ने विधि-विधान से पूजन किया। इसके बाद कमेटी के मंत्री ओमप्रकाश तिवारी समेत अन्य पदाधिकारियों ने आरती कर भगवान श्रीराम का आशीर्वाद लिया। पूजन के उपरांत पं. राजा भैया तिवारी आदर्श रामलीला मंडल के कलाकारों ने मंच पर ‘नारद मोह’ और ‘श्रीराम जन्म’ प्रसंग का भावपूर्ण मंचन किया। कलाकारों की प्रस्तुति ने दर्शकों को देर तक बांधे रखा।

लीला में दिखाया गया कि देवर्षि नारद कामदेव पर विजय प्राप्त करने के बाद अपने मन में उत्पन्न मोह को लेकर गर्वित हो जाते हैं। वह इसकी जानकारी ब्रह्मा और भगवान शिव को देते हैं। दोनों उन्हें भगवान विष्णु को यह बात न बताने की सलाह देते हैं, लेकिन नारद उनकी बात नहीं मानते।

भगवान विष्णु नारद के मन से मोह दूर करने के लिए अपनी माया से श्रीनिवासपुर नगर की रचना करते हैं, जहां राजा शीलनिधि अपनी पुत्री विश्वमोहिनी का स्वयंवर रचाते हैं। विश्वमोहिनी को देखकर नारद भी मोहित हो जाते हैं और भगवान विष्णु से उनके जैसा रूप मांगते हैं। भगवान विष्णु उन्हें अपने स्वरूप के स्थान पर वानर का मुख प्रदान कर देते हैं।

स्वयंवर में विश्वमोहिनी भगवान विष्णु के गले में वरमाला डाल देती हैं। बाद में नारद को अपने वानर रूप का पता चलता है और वह क्रोधित होकर भगवान विष्णु को श्राप दे देते हैं। मोह का पर्दा हटने पर उन्हें अपनी भूल का एहसास होता है और वह भगवान विष्णु से क्षमा मांगते हैं।

इसके बाद श्रीराम जन्म लीला का मंचन हुआ। धरती पर बढ़ते असुर अत्याचार से व्याकुल माता धरती देवताओं के साथ भगवान विष्णु के पास पहुंचकर प्रार्थना करती हैं। इसी बीच अयोध्या के राजा दशरथ पुत्र प्राप्ति की कामना से चिंतित रहते हैं। गुरु वशिष्ठ उन्हें पुत्रकामेष्टि यज्ञ कराने की सलाह देते हैं।

यज्ञ के दौरान अग्निदेव प्रकट होकर राजा दशरथ को खीर प्रदान करते हैं। खीर के प्रसाद से महारानी कौशल्या के यहां श्रीराम, कैकेयी के यहां भरत तथा सुमित्रा के यहां लक्ष्मण और शत्रुघ्न का जन्म होता है। चारों राजकुमारों के जन्म का समाचार मिलते ही अयोध्या में उत्सव छा जाता है। महिलाओं ने सोहर और मांगलिक गीत गाकर खुशी मनाई।

इस दौरान कमेटी के अध्यक्ष विनय कुमार सिंह, उपाध्यक्ष डॉ. गोपाल पाण्डेय, कृष्ण मुरारी केडिया, मंत्री ओमप्रकाश तिवारी “बच्चा”, संयुक्त मंत्री लक्ष्मी नारायण, उप मंत्री लव कुमार त्रिवेदी, मेला प्रबंधक मनोज कुमार तिवारी, उप मेला प्रबंधक मयंक तिवारी, कोषाध्यक्ष रोहित अग्रवाल सहित राजेश प्रसाद, प्रदीप कुमार, ओम नारायण सैनी, अशोक कुमार अग्रवाल, प्रमोद कुमार गुप्ता, ऋषि चतुर्वेदी, राजेंद्र विक्रम सिंह, अजय पाठक, सुधीर कुमार अग्रवाल, अजय कुमार अग्रवाल, राम सिंह यादव, राजकुमार शर्मा, कुश त्रिवेदी आदि मौजूद रहे।

गाजीपुर के एसपी का तबादला, विनय कुमार सिंह होंगे नए एसपी

गाजीपुर के एसपी डॉ. ईरज राजा का बलिया तबादला, विनय कुमार सिंह होंगे नए एसपी

गाजीपुर। योगी सरकार ने 20 आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। तबादला सूची में गाजीपुर के पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा का नाम भी शामिल है। उन्हें अब बलिया का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। वहीं जालौन के पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह को गाजीपुर का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।

जलजमाव का CRO ने किया निरीक्षण, तत्काल राहत के निर्देश

नौरंगाबाद-रजदेपुर में जलजमाव का CRO ने किया निरीक्षण, तत्काल राहत के निर्देश

गाजीपुर। शहर के नौरंगाबाद-रजदेपुर क्षेत्र में जलजमाव की समस्या को गंभीरता से लेते हुए मंगलवार, 06 अक्टूबर 2026 को मुख्य राजस्व अधिकारी (CRO) ने मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने जलभराव की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल जलनिकासी सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान नगर पालिका परिषद गाजीपुर के अधिशासी अधिकारी डॉ. धीरेंद्र कुमार राय सहित संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे। जलजमाव की स्थिति को देखते हुए मौके पर ही राजस्व निरीक्षक रविंद्र कुमार सोनकर, प्रभारी सफाई नायक एवं सफाई कर्मचारियों की विशेष टीम गठित की गई।

टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू करते हुए जलनिकासी का कार्य कराया। इससे क्षेत्र में जमा पानी की निकासी शुरू हुई और स्थानीय नागरिकों को जलजमाव की समस्या से राहत मिली। CRO ने संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया कि जलनिकासी की व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाए, ताकि क्षेत्र में दोबारा जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो।

स्वच्छता अभियान से चमके परिषदीय विद्यालय, पौधरोपण कर दिया संदेश

स्वच्छता अभियान से चमके गाजीपुर के परिषदीय विद्यालय, पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

गाजीपुर। स्वच्छ भारत मिशन एवं स्वच्छता पखवाड़ा के तहत जनपद के परिषदीय विद्यालयों में व्यापक स्वच्छता एवं पर्यावरण जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान में शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विद्यालय परिसर को स्वच्छ एवं हरा-भरा बनाने का संदेश दिया। अभियान के दौरान विद्यालयों के कक्षों, प्रांगण और परिसर की सघन सफाई की गई। ईको क्लब के सदस्यों एवं विद्यार्थियों ने मैदान से सूखा कचरा, पत्तियां और प्लास्टिक अपशिष्ट एकत्र कर उसका उचित निस्तारण किया। वहीं विद्यालय भवनों के बरामदों एवं कमरों की पानी से धुलाई कर स्वच्छ वातावरण तैयार किया गया।

स्वच्छता अभियान के साथ विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधरोपण भी किया। विद्यालयों में गमलों एवं क्यारियों में पौधे लगाए गए और उनकी नियमित देखरेख का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर शिक्षकों ने विद्यार्थियों को व्यक्तिगत स्वच्छता, हाथ धोने के सही तरीके, गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग रखने तथा सिंगल यूज प्लास्टिक के बहिष्कार के प्रति जागरूक किया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि अभियान का उद्देश्य बच्चों में स्वच्छता को दैनिक जीवन की स्थायी आदत के रूप में विकसित करना तथा विद्यालयों में स्वच्छ, स्वस्थ एवं हरित वातावरण तैयार करना है। अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया।

गाजीपुर में हॉकी व बैडमिंटन के जिला स्तरीय ट्रायल कल से

गाजीपुर में हॉकी व बैडमिंटन के जिला स्तरीय ट्रायल कल से

गाजीपुर। जिला क्रीड़ा अधिकारी ने बताया कि प्रदेश स्तरीय समन्वय सब-जूनियर बालक हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन 12 से 17 अक्टूबर 2026 तक इटावा में किया जाएगा। इसके लिए जिला स्तरीय चयन/ट्रायल 7 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से नेहरू स्टेडियम, गोराबाजार के प्रांगण में होगा। इच्छुक खिलाड़ी सुबह 9:30 बजे तक अपनी प्रविष्टि करा सकते हैं। चयनित खिलाड़ी 8 अक्टूबर को वाराणसी के डॉ. भीमराव आंबेडकर क्रीड़ा संकुल, लालपुर में मंडल स्तरीय चयन में प्रतिभाग करेंगे। खिलाड़ियों को फोटोयुक्त पात्रता प्रमाण पत्र, प्रधानाचार्य से प्रमाणित आयु प्रमाण पत्र तथा आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा। प्रवेश निःशुल्क रहेगा। इसके अलावा वर्ष 2026-27 में पंडित दीनदयाल उपाध्याय जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर सीनियर महिला एवं पुरुष वर्ग की विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के लिए भी चयन/ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। इसमें 25 वर्ष से कम आयु के खिलाड़ी ही प्रतिभाग कर सकेंगे। हॉकी महिला वर्ग के मंडल स्तरीय चयन/ट्रायल 9 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे होंगे, जबकि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता 12 से 17 अक्टूबर तक अलीगढ़ में आयोजित होगी। वहीं बैडमिंटन पुरुष एवं महिला वर्ग के मंडल स्तरीय चयन/ट्रायल 8 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे होंगे और राज्य स्तरीय प्रतियोगिता 10 से 12 अक्टूबर तक सिगरा में आयोजित की जाएगी। सभी खिलाड़ियों के लिए आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य है। इन चयन/ट्रायल में प्रवेश निःशुल्क रहेगा।

वाराणसी खंड शिक्षक-स्नातक निर्वाचन की तैयारियों की डीएम ने की समीक्षा

वाराणसी खंड शिक्षक-स्नातक निर्वाचन की तैयारियों की डीएम ने की समीक्षा

संवेदनशील बूथों का चिन्हांकन, मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित कराने के निर्देश

गाजीपुर। वाराणसी खंड शिक्षक/स्नातक निर्वाचन 2026 की तैयारियों को लेकर मंगलवार को रायफल क्लब में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा की उपस्थिति में समस्त प्रभारी अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचन संबंधी तैयारियों और व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने सभी प्रभारी अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्वाचन से संबंधित सभी कार्य आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप निर्धारित समय सीमा में पूरा किए जाएं। उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों एवं क्षेत्राधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर संवेदनशील बूथों का चिन्हांकन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी निरंतर भ्रमणशील रहकर मतदाताओं को प्रभावित करने वाले कारकों पर नजर रखें और किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें।

बैठक में मतदान केंद्रों पर मतदान कार्मिकों की व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। सभी उपजिलाधिकारियों एवं खंड विकास अधिकारियों को मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने को कहा गया। मतदेय स्थलों पर साफ-सफाई, पेयजल तथा बूथ निर्माण सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था के लिए जिला पंचायत राज अधिकारी, उपजिलाधिकारी एवं संबंधित खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया गया। जिलाधिकारी ने आगामी विधानसभा निर्वाचन 2027 के दृष्टिगत भी सभी उपजिलाधिकारियों को संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर शत-प्रतिशत बूथों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। बैठक में निर्वाचन से जुड़े सभी प्रभारी अधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

संचारी रोगों से बचाव को लेकर के स्कूलों में दिलाई गई सामूहिक शपथ

संचारी रोगों से बचाव को लेकर गाजीपुर के स्कूलों में दिलाई गई सामूहिक शपथ

गाजीपुर। शासन के निर्देश पर जनपद के सभी परिषदीय, सहायता प्राप्त एवं मान्यता प्राप्त प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में मंगलवार को संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपासना रानी वर्मा के निर्देश पर विद्यालयों में प्रार्थना सभा के दौरान शिक्षकों, छात्र-छात्राओं एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने संचारी रोगों से बचाव और स्वच्छता बनाए रखने की सामूहिक शपथ ली।

शपथ के दौरान छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने संकल्प लिया कि वे अपने गांव, ब्लॉक, जनपद और देश को संचारी रोगों से मुक्त कराने के लिए पूरी निष्ठा से प्रयास करेंगे। व्यक्तिगत स्वच्छता के साथ आसपास के वातावरण को साफ रखने तथा लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया गया।

विद्यालयों में बच्चों को बताया गया कि संचारी रोग परिवारों के लिए आर्थिक और शारीरिक नुकसान का कारण बन सकते हैं। इसलिए इनके नियंत्रण के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। साथ ही आसपास किसी व्यक्ति को बुखार होने पर झाड़-फूंक या अंधविश्वास का सहारा लेने के बजाय तत्काल नजदीकी सरकारी अस्पताल में उपचार कराने के लिए प्रेरित करने की शपथ दिलाई गई।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपासना रानी वर्मा ने बताया कि मौसम में बदलाव और जलजमाव के कारण डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया तथा दिमागी बुखार जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। विद्यालयों में स्वच्छता अभियान, जागरूकता रैलियों और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है, ताकि वे समाज में स्वच्छता और स्वास्थ्य जागरूकता के संदेशवाहक बन सकें। उन्होंने बताया कि जनपद के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों एवं प्रधानाध्यापकों को विद्यालय परिसरों में जलभराव न होने देने तथा संचारी रोग नियंत्रण अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं।

जंगीपुर नवीन मंडी में गंदगी और अतिक्रमण पर निदेशक सख्त, मंडी सचिव निलंबित

जंगीपुर नवीन मंडी में गंदगी और अतिक्रमण पर निदेशक सख्त, मंडी सचिव निलंबित

गाजीपुर। राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद के निदेशक जितेंद्र प्रताप सिंह ने सोमवार को नवीन मंडी स्थल, जंगीपुर का स्थलीय निरीक्षण कर मंडी की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मंडी परिसर में सफाई व्यवस्था बेहद खराब और असंतोषजनक मिली। वहीं नालों पर कब्जे और विभिन्न स्थानों पर अतिक्रमण की स्थिति भी सामने आई।

निदेशक ने कहा कि मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देश हैं कि प्रदेश की मंडी व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और किसान-केंद्रित बनाया जाए। किसानों को मंडियों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण में यह भी सामने आया कि मंडी परिसर की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए संबंधित अधिकारियों को पूर्व में बार-बार निर्देश दिए जा रहे थे, लेकिन इसके बावजूद मंडी सचिव द्वारा अपेक्षित स्तर पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने, नालों से कब्जे हटाने और अतिक्रमण की समस्या के समाधान में बरती गई शिथिलता को निदेशक ने गंभीरता से लिया। उच्चाधिकारियों के निर्देशों के अनुपालन में गंभीर लापरवाही एवं अपेक्षित कार्रवाई न किए जाने के दृष्टिगत मंडी सचिव मुकेश जायसवाल के निलंबन की कार्रवाई की जा रही है।

निदेशक जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि मंडी परिसरों में स्वच्छता, सुव्यवस्था, अतिक्रमणमुक्त वातावरण और किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मंडी व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो और शासन की मंशा के अनुरूप किसानों के हित में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि मंडी व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं किसान हितैषी बनाने के लिए नियमित निरीक्षण और अनुश्रवण जारी रहेगा। कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

शासन की प्राथमिकताओं की समीक्षा को विशेष सचिवों ने किया विकासखंडों का निरीक्षण

शासन की प्राथमिकताओं की समीक्षा को विशेष सचिवों ने किया विकासखंडों का निरीक्षण


रेवतीपुर, देवकली और मरदह में विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानी प्रगति

गाजीपुर। शासन की प्राथमिकताओं एवं जनपद में संचालित विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा के लिए लखनऊ से आए विशेष सचिवों ने सोमवार को जनपद के आकांक्षात्मक विकासखंडों का स्थलीय निरीक्षण किया। रेवतीपुर, देवकली और मरदह विकासखंडों में विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया गया।

रेवतीपुर में राज कमल यादव, विशेष सचिव, बागवानी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग, देवकली में रमेश रंजन, आयुक्त, अतिरिक्त भूमि सुधार, राजस्व परिषद तथा मरदह में संजीव रंजन, विशेष सचिव, कृषि विभाग को राज्य स्तरीय नोडल अधिकारी नामित किया गया है।

निरीक्षण के दौरान विकासखंड, ग्राम पंचायत, आंगनबाड़ी केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहित विभिन्न स्थलों पर संचालित योजनाओं और विकास कार्यों की स्थिति देखी गई। अधिकारियों ने 50-बिंदु कार्यक्रम के अंतर्गत निर्धारित योजनाओं एवं कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की।

विशेष सचिवों ने संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर योजनाओं के क्रियान्वयन, निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति, कार्यों की गुणवत्ता तथा शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप प्रगति की जानकारी प्राप्त की। स्थलीय निरीक्षण के दौरान आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी गाजीपुर ने जनपद एवं विकासखंड स्तर के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने विभाग से संबंधित सूचनाओं, प्रगति रिपोर्ट एवं अभिलेखों के साथ निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उपस्थित रहकर निरीक्षण एवं समीक्षा कार्य में सहयोग सुनिश्चित करें।

गाधिपुरी गाजीपुर में बजरंग दल काशी प्रांत की दो दिवसीय बैठक संपन्न

गाधिपुरी गाजीपुर में बजरंग दल काशी प्रांत की दो दिवसीय बैठक संपन्न

22 जनपदों से पहुंचे सैकड़ों पदाधिकारी और कार्यकर्ता, क्षेत्रीय व प्रांतीय पदाधिकारियों ने दिया मार्गदर्शन

गाजीपुर। गाधिपुरी गाजीपुर स्थित आदर्श पैलेस मैरिज हॉल में 3 एवं 4 अक्टूबर 2026 को विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल काशी प्रांत की दो दिवसीय प्रांतीय बैठक संपन्न हुई। बजरंग दल की स्थापना के बाद पहली बार गाजीपुर में आयोजित इस प्रांतीय बैठक को लेकर कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। बैठक में काशी प्रांत के अंतर्गत आने वाले 22 जनपदों की विभाग एवं जिला टोलियों के सैकड़ों पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। बैठक का शुभारंभ 3 अक्टूबर को विश्व हिंदू परिषद के क्षेत्रीय संगठन मंत्री गजेंद्र जी भाई साहब ने किया। उन्होंने संगठन की विचारधारा, कार्यपद्धति एवं संगठनात्मक दायित्वों को लेकर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। काशी प्रांत के संगठन मंत्री राजेंद्र जी भाई साहब ने संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं के दायित्व एवं अनुशासन के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। बजरंग दल के प्रांत संयोजक सुशील जी ने संगठन की कार्यप्रणाली में आवश्यक सुधार, कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने तथा संगठन के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने के विषय में कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश दिए। प्रांत सह संयोजक संदीप जी ने अनुशासित कार्यकर्ता की भूमिका, राष्ट्रहित एवं सनातन धर्म के प्रति समर्पण तथा संगठनात्मक दायित्वों के निष्ठापूर्वक निर्वहन पर अपने विचार रखे। दो दिवसीय बैठक के दौरान संगठन के विस्तार, कार्यकर्ताओं की सक्रियता, अनुशासन, सामाजिक दायित्वों और आगामी कार्ययोजनाओं सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। क्षेत्रीय एवं प्रांतीय पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से संगठन की विचारधारा के अनुरूप पूर्ण निष्ठा, समर्पण एवं अनुशासन के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। गाजीपुर में पहली बार आयोजित इस प्रांतीय बैठक को सफल बनाने में विश्व हिंदू परिषद की जिला टोली एवं बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समापन अवसर पर काशी प्रांत के संगठन मंत्री राजेंद्र जी भाई साहब ने विभिन्न जनपदों से आए पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को बधाई दी और गाजीपुर के कार्यकर्ताओं के प्रयास एवं समर्पण की सराहना की। इस अवसर पर प्रांत सह सेवा प्रमुख दिनेश चंद्र पांडे, जिला अध्यक्ष विपिन श्रीवास्तव, जिला मंत्री विनीत सिंह, बजरंग दल जिला संयोजक रविराज हिंदू, विभाग संयोजक अमित राय, प्रांत सदस्य ओमकार राय, जिला कोषाध्यक्ष आनंद तिवारी, जिला उपाध्यक्ष नवीन जायसवाल, जिला उपाध्यक्ष प्रकाश पांडे, जिला सह मंत्री अनुराग चौहान, नगर अध्यक्ष उत्तम चौधरी, विनोद बजरंगी, रोहित, अविनाश तिवारी, आदित्य चौबे, पकंज, आदित्य नगर गौ रक्षा प्रमुख रामबाबू सैनी, नगर उपाध्यक्ष राजेश सहित विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के सैकड़ों पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। गाजीपुर में आयोजित यह दो दिवसीय प्रांतीय बैठक संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण रही। बैठक के सफल आयोजन से स्थानीय कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम का समापन संगठन के प्रति निष्ठा, अनुशासन एवं समर्पण के साथ कार्य करने के संकल्प के साथ हुआ।

Uttar Pradesh Fast News