वृद्ध गृह आश्रम में बुजुर्गों के बीच बांटी खुशियां, भजन-लोकगीतों से गूंजा परिसर

गाजीपुर। समाज में मानवीय संवेदनाओं, आत्मीयता और बुजुर्गों के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से स्वयंसेवी संस्था गीता ग्रामोद्योग विकास संस्थान की ओर से ग्राम बबेड़ी, पोस्ट सोहिलपुर स्थित वृद्ध गृह आश्रम में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संस्था के पदाधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने आश्रम में रह रहे बुजुर्गों के साथ समय बिताकर उन्हें अपनापन और सम्मान का एहसास कराया। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था के अध्यक्ष कृष्ण शंकर चौबे ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान आश्रम में निवास कर रहे सभी बुजुर्गों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया तथा उन्हें फल और मिष्ठान भेंट किए गए। सम्मान और आत्मीयता पाकर बुजुर्गों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई। कार्यक्रम के दौरान बुजुर्गों और उपस्थित अतिथियों ने भजन, लोकगीत एवं निर्गुण गीत प्रस्तुत किए। गीत-संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से पूरा आश्रम परिसर भावपूर्ण एवं आनंदमय वातावरण में सराबोर हो गया। कार्यक्रम में बुजुर्गों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि बुजुर्ग समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके जीवन के अनुभव, संघर्ष और ज्ञान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। ऐसे में समाज का दायित्व है कि बुजुर्गों को सम्मान, सुरक्षा, अपनापन और गरिमापूर्ण जीवन का वातावरण उपलब्ध कराया जाए। कार्यक्रम में संस्था के उपाध्यक्ष सोमेश मोहन राय, मंत्री नागेंद्र प्रसाद साहू, सदस्य विनोद कुमार राय, विशारद जी कोल्ड स्टोरेज राजापुर के प्रबंधक प्रहलाद राय, विशेष लोक अभियोजक प्रदीप कुमार चतुर्वेदी, सेवानिवृत्त कर्मचारी प्रकाश श्रीवास्तव एवं प्रवीण श्रीवास्तव, वरिष्ठ अधिवक्ता संतोष प्रधान एवं शिवशंकर सिन्हा तथा संकट मोचन मंदिर के योग गुरु राजेश कुमार सहित संस्था के अन्य सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने बुजुर्गों से आत्मीय संवाद किया और उनके स्वस्थ, सुखी एवं सम्मानपूर्ण जीवन की कामना की।

लंबित मांगों को लेकर एनएचएम संविदा कर्मचारियों का सांकेतिक विरोध, आंदोलन की चेतावनी

लंबित मांगों को लेकर एनएचएम संविदा कर्मचारियों का सांकेतिक विरोध, आंदोलन की चेतावनी

गाजीपुर। उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संगठन के प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर सोमवार को जनपद में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत जिला अध्यक्ष राघवेंद्र शेखर सिंह के नेतृत्व में संविदा पर कार्यरत कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर कार्यस्थल पर काला फीता बांधकर सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने विरोध के माध्यम से शासन और प्रशासन को अपनी मांगों के शीघ्र निस्तारण की चेतावनी दी। कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से उनकी विभिन्न मांगें लंबित हैं, लेकिन बार-बार मांग उठाए जाने के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।

इसी को लेकर प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। कर्मचारियों ने बताया कि 5, 6 और 7 अक्टूबर को सभी संविदा कर्मचारी कार्यस्थल पर काला फीता बांधकर अपना विरोध जारी रखेंगे। इसके बाद 8, 9 और 10 अक्टूबर को पूर्ण कार्य बहिष्कार करते हुए जनपद मुख्यालय स्थित सीएमओ कार्यालय पर विशाल धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। यदि इसके बाद भी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं हुआ तो 12 अक्टूबर को लखनऊ में आयोजित धरने में जनपद के संविदा कर्मचारी बड़ी संख्या में प्रतिभाग करेंगे।कर्मचारियों ने शासन से मांगों पर शीघ्र निर्णय लेते हुए आंदोलन समाप्त कराने की अपील की है।

रामलीला मार्गों का संयुक्त निरीक्षण, दो-तीन दिन में दुरुस्त होंगी सड़कें

रामलीला मार्गों का संयुक्त निरीक्षण, दो-तीन दिन में दुरुस्त होंगी सड़कें

नगर पालिका चेयरमैन व ईओ ने दिए नालियों पर ढक्कन, पोखरा सफाई और नाव की व्यवस्था के निर्देश

गाजीपुर। अतिप्राचीन चलायमान रामलीला के आगामी आयोजन को लेकर नगर पालिका प्रशासन और रामलीला कमेटी ने सोमवार को रामलीला रथ यात्रा के निर्धारित मार्गों का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सड़क, नाली और अन्य नागरिक सुविधाओं की स्थिति का जायजा लेते हुए नगर पालिका प्रशासन ने आवश्यक कार्यों को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए।

हरिशंकरी रामलीला कमेटी द्वारा आगामी 6 अक्टूबर से चलायमान रामलीला का मंचन किया जाएगा। परंपरा के अनुसार भगवान श्रीराम और लक्ष्मण हाथ से खींचे जाने वाले रथ पर सवार होकर श्रद्धालुओं के साथ नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए लंका मैदान पहुंचेंगे। रथ यात्रा हरिशंकरी, झुन्नूलाल चौराहा, आमघाट, कारगिल मार्केट, महुआबाग, सकलेनाबाद, विशेश्वरगंज और कौवा बारी (अर्बन बैंक के समीप) होते हुए लंका मैदान पहुंचेगी।

इस दौरान कमेटी के मंत्री ओमप्रकाश तिवारी सहित अन्य पदाधिकारी व सदस्य, नगर पालिका के सभासद, प्रतिनिधि और इंजीनियर मौजूद रहे। निरीक्षण में कई स्थानों पर खराब सड़क, गड्ढे और खुली नालियां मिलने पर नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी धीरेंद्र कुमार राय और चेयरमैन श्रीमती सरिता अग्रवाल ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

नगर पालिका प्रशासन ने दो से तीन दिनों के भीतर खराब सड़कों की मरम्मत, जरूरत वाले स्थानों पर नालियों को ढक्कनदार कराने तथा पहाड़ खान पोखरा की सफाई कराने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही प्रभु श्रीराम के सुरसरी पार करने की परंपरा को देखते हुए पोखरे में नाव की व्यवस्था कराने के भी निर्देश दिए गए।

20 अक्टूबर को लंका मैदान में विजयादशमी का आयोजन होगा। लंका विजय के बाद भगवान श्रीराम की रथ यात्रा बाजे-गाजे के साथ इन्हीं मार्गों से वापस हरिशंकरी पहुंचेगी। इसे देखते हुए नगर पालिका प्रशासन ने पूरे रथ यात्रा मार्ग को समय रहते दुरुस्त कराने का भरोसा दिया है। नगर पालिका परिषद ने रामलीला मार्गों के साथ-साथ दुर्गा पूजा पंडालों तक पहुंचने वाले मार्गों को भी जनहित में सुगम और दुरुस्त कराने का आश्वासन दिया है। उल्लेखनीय है कि हरिशंकरी की यह चलायमान रामलीला सैकड़ों वर्षों से चली आ रही ऐतिहासिक एवं धार्मिक परंपरा का हिस्सा है। इसके आयोजन में नगर पालिका परिषद के साथ जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, विभिन्न विभागों तथा नगर के नागरिकों का सहयोग मिलता रहा है।

छह स्वर्ण पदकों में अकेले गाजीपुर की बेटियों का आधा योगदान

प्रदेशीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी की बालिकाओं ने जीते तीन स्वर्ण

वाराणसी मंडल के छह स्वर्ण पदकों में अकेले गाजीपुर की बेटियों का आधा योगदान

औड़िहार/सैदपुर/गाजीपुर। गोरखपुर के सहजनवां स्थित मुरारी इंटरमीडिएट कॉलेज में माध्यमिक शिक्षा विभाग के तत्वावधान में 2 से 7 अक्टूबर तक आयोजित 70वीं प्रदेशीय विद्यालयी ताइक्वांडो प्रतियोगिता में गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी, गैबिपुर की बालिका खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन स्वर्ण पदक अपने नाम किए। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से गाजीपुर के साथ ही वाराणसी मंडल का गौरव बढ़ा है। प्रतियोगिता में गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी की तीन बालिका खिलाड़ियों ने वाराणसी मंडल की अंडर-17 बालिका टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए अपने-अपने भार वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया। अंडर-17 बालिका के 42 किग्रा भार वर्ग में नब्या यादव ने फाइनल मुकाबले में आगरा मंडल की प्राची को पराजित कर स्वर्ण पदक जीता। वहीं 44 किग्रा भार वर्ग में तेजश्विनी प्रजापति ने फाइनल में लखनऊ की प्राची मौर्या को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। 68 किग्रा भार वर्ग में आयुषी सिंह ने फाइनल मुकाबले में अयोध्या की पलक तिवारी को पराजित कर स्वर्ण पदक हासिल किया। वाराणसी मंडल की अंडर-17 बालिका टीम ने प्रतियोगिता में कुल छह स्वर्ण पदक जीते। इनमें जौनपुर, वाराणसी और चंदौली के खिलाड़ियों ने एक-एक स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी की खिलाड़ियों ने अकेले तीन स्वर्ण पदक जीतकर मंडल के कुल स्वर्ण पदकों में 50 प्रतिशत योगदान दिया। इस शानदार सफलता पर गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी के प्रबंध निदेशक अमित कुमार सिंह ने तीनों स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने सफलता का श्रेय खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अभिभावकों के सहयोग और कोच विशाल कुमार के मार्गदर्शन को दिया। अमित कुमार सिंह ने बताया कि 5 अक्टूबर से प्रतियोगिता में बालक वर्ग के मुकाबले शुरू होंगे। गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी के बालक खिलाड़ी भी पूरी तैयारी के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि बालक खिलाड़ी भी अपने-अपने आयु एवं भार वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक हासिल करेंगे और एकेडमी, गाजीपुर तथा वाराणसी मंडल का नाम प्रदेश स्तर पर रोशन करेंगे। उन्होंने कहा कि विद्यालयी खेल प्रतियोगिताओं में गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी का गौरवपूर्ण एवं स्वर्णिम इतिहास रहा है। एकेडमी में प्रशिक्षित खिलाड़ियों ने जिला, मंडल और प्रदेश स्तर के साथ-साथ एसजीएफआई की राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी स्वर्ण सहित अनेक पदक हासिल कर उत्तर प्रदेश विद्यालयी खेल टीम का गौरव बढ़ाया है। खिलाड़ियों की उपलब्धियों के चलते शिक्षा विभाग के अधिकारियों द्वारा भी विभिन्न अवसरों पर एकेडमी के खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाता रहा है। उन्होंने बताया कि बालक एवं बालिका टीम के प्रतियोगिता से वापस लौटने पर गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी में सभी खिलाड़ियों का भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।

बैठक में महंगाई, कानून व्यवस्था और पेपर लीक को लेकर सरकार पर निशाना

सपा की मासिक बैठक में महंगाई, कानून व्यवस्था और पेपर लीक को लेकर सरकार पर निशाना

गाजीपुर। समाजवादी पार्टी की मासिक बैठक शुक्रवार को पार्टी कार्यालय डॉ. लोहिया-मुलायम सिंह यादव भवन पर जिलाध्यक्ष गोपाल यादव की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में चुनाव आयोग की एसआईआर एवं एसएआर प्रक्रिया, महंगाई, कानून व्यवस्था और पेपर लीक सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक में आगामी कार्यक्रमों को लेकर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र वाराणसी के प्रत्याशी लाल बहादुर यादव तथा स्नातक एमएलसी प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा के नामांकन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं से वाराणसी पहुंचने का आह्वान किया गया। वहीं, 4 अक्टूबर को पार्टी कार्यालय डॉ. लोहिया-मुलायम सिंह यादव भवन से लंका होते हुए सरजू पांडे पार्क तक आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ-देश बचाओ’ पदयात्रा में भी अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई।

इस दौरान नवनियुक्त जिला उपाध्यक्ष कमलेश सोनकर का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।

जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने कहा कि जनता की अदालत में अपनी हार सुनिश्चित देख केंद्र की मोदी सरकार चुनाव आयोग के साथ मिलकर वोट चोरी की साजिश रच रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए हर कुर्बानी देने को तैयार है और इस कथित साजिश का विरोध करेगी। उन्होंने महंगाई और कानून व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। कहा कि देश और प्रदेश में खून सस्ता हो गया है, जबकि अन्य सभी चीजें महंगी होती जा रही हैं। आम आदमी की जान की कोई कीमत नहीं रह गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि दिनदहाड़े आपराधिक घटनाएं हो रही हैं और अपराधियों में कानून का भय नहीं है। तहसील और थानों को लेकर भी उन्होंने वसूली के आरोप लगाए और कहा कि आम आदमी न्याय के लिए भटक रहा है। गोपाल यादव ने डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों पर चिंता जताते हुए कहा कि महंगाई से गरीब और मध्यम वर्ग परेशान है। लगातार हो रहे पेपर लीक से बेरोजगार युवाओं के भविष्य पर संकट खड़ा हो गया है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के सामने उम्र निकलने और भविष्य को लेकर चिंता बनी हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार को किसानों, नौजवानों और आम जनता की समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए। बैठक का संचालन जिला महामंत्री कन्हैया लाल विश्वकर्मा ने किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक खुर्शीद अहमद, पूर्व जिलाध्यक्ष सुदर्शन यादव, रामधारी यादव, डॉ. नन्हकू यादव, निजामुद्दीन खां, गोरख यादव, सुशील जायसवाल, मुन्नीलाल राजभर, रामजन्म चौहान, अशोक कुमार बिन्द, सत्येन्द्र यादव सत्या, अमित ठाकुर, कमलेश सोनकर, पप्पू कुशवाहा, राहुल निषाद, राजेश यादव, बलिराम यादव, रजनीकांत यादव, सुबच्चन यादव, विजय शंकर यादव, दिनेश यादव, अदनान खां, मदन यादव सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

अनुसूचित मोर्चा के काशी क्षेत्रीय अध्यक्ष का भाजपा कार्यालय पर भव्य स्वागत

अनुसूचित मोर्चा के काशी क्षेत्रीय अध्यक्ष का भाजपा कार्यालय पर भव्य स्वागत

गाजीपुर। भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित मोर्चा के काशी क्षेत्रीय अध्यक्ष पद पर शैलेश कुमार को दायित्व सौंपे जाने पर भाजपा जिला कार्यालय, छावनी लाइन में भव्य स्वागत एवं अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला प्रभारी अजीत चौबे एवं जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उन्हें नवदायित्व के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।शैलेश कुमार वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान तत्कालीन भाजपा प्रत्याशी मनोज सिन्हा के विकास कार्यों, जनसेवा और कार्य-व्यवहार से प्रभावित होकर भाजपा संगठन से जुड़े थे। इसके बाद उन्होंने लगातार संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाई। वे अनुसूचित मोर्चा के जिलाध्यक्ष, करंडा द्वितीय से जिला पंचायत सदस्य तथा प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना (पीएम-अजय) की राज्य सलाहकार समिति के सदस्य के रूप में विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन कर चुके हैं। उनके संगठनात्मक अनुभव और सक्रियता को देखते हुए उन्हें अनुसूचित मोर्चा के काशी क्षेत्रीय अध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया है। इस अवसर पर जिला प्रभारी अजीत चौबे ने कहा कि शैलेश कुमार का संगठनात्मक अनुभव, समर्पण और कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर जुड़ाव संगठन को नई ऊर्जा प्रदान करेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि वे अपने नए दायित्व का पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ निर्वहन करेंगे। जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने कहा कि भाजपा में समर्पण, परिश्रम और संगठन के प्रति प्रतिबद्धता को सदैव सम्मान मिलता है। शैलेश कुमार ने निरंतर संगठनात्मक कार्यों के माध्यम से अपनी सक्रियता सिद्ध की है। उन्हें क्षेत्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने से कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ेगा तथा संगठन की नीतियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम पायदान तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।स्वागत कार्यक्रम में जिला महामंत्री विष्णु प्रताप सिंह, शशांक शेखर राय, प्रवीण सिंह, दयाशंकर पाण्डेय, अच्छेलाल गुप्ता, अवधेश राजभर, सुमित तिवारी, सुधाकर कुशवाहा, राजेश सोनकर, हंसराज राजभर, मार्कण्डेय चौहान, राजेश चौहान, अशोक पाण्डेय, प्रमोद राय, गर्वजीत सिंह, सनी चौरसिया सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

308 पहियों पर 200 टन का बॉयलर,रास्ते में थम गईं नजरें

308 पहियों पर 200 टन का बॉयलर, रास्ते में थम गईं नजरें


ओडिशा से बलरामपुर चीनी मिल जा रहा विशालकाय बॉयलर, रास्ते में हटाए जा रहे अवरोध; मनुवापुर ओवरब्रिज के पास बनाया गया वैकल्पिक मार्ग

गाजीपुर। सड़क पर जब 308 पहियों वाला एक विशालकाय ट्रक और उस पर लदा करीब 100 फीट लंबा, 200 टन से अधिक वजनी बॉयलर गुजरने लगा तो लोगों की नजरें थम गईं। ओडिशा के पारादीप बंदरगाह से बलरामपुर चीनी मिल के लिए रवाना हुआ यह भारी-भरकम औद्योगिक उपकरण शनिवार को सिधौना बाजार के रास्ते गाजीपुर में दाखिल हुआ।

विशेष मल्टी-एक्सल हाइड्रोलिक ट्रक पर लदे इस विशाल बॉयलर को देखने के लिए देवकली बाजार समेत रास्ते में कई स्थानों पर लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीण और राहगीर इस अनोखे नजारे को अपने मोबाइल कैमरों में कैद करते नजर आए।

रास्ता बना चुनौती, हटाए जा रहे अवरोध

200 टन से अधिक वजन वाले इस विशाल उपकरण को सुरक्षित निकालना प्रशासन और परिवहन टीम के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है। रास्ते में जहां भी सड़क की चौड़ाई, बिजली के तार, पेड़ या अन्य अवरोध सामने आ रहे हैं, उन्हें आवश्यकतानुसार हटाया जा रहा है।

उमरहां और चौबेपुर में फोरलेन पर बने दो फुटओवर ब्रिज को खोलकर काफिले के लिए रास्ता बनाया गया। कैथी टोल प्लाजा पर भी भारी वाहन को बेहद धीमी गति से और सड़क के किनारे से निकालने की व्यवस्था की गई।

मनुवापुर में हाईवे के साथ बनाया गया वैकल्पिक रास्ता

गाजीपुर के मनुवापुर ओवरब्रिज के पास इस विशाल ट्रक को निकालने के लिए हाईवे उपलब्ध होने के बावजूद एक वैकल्पिक मार्ग तैयार किया गया है। बताया जा रहा है कि भारी उपकरण की ऊंचाई, चौड़ाई और वजन को देखते हुए यह व्यवस्था की गई है।

काफिले के रास्ते में आने वाली दुकानों के टीन शेड समेत अन्य अवरोधों को भी हटाया जा रहा है, ताकि करीब 100 फीट लंबे बॉयलर को सुरक्षित तरीके से आगे ले जाया जा सके।

बेहद धीमी रफ्तार से आगे बढ़ रहा काफिला

बेल्जियम में तैयार हुआ यह विशाल बॉयलर समुद्री मार्ग से ओडिशा के पारादीप बंदरगाह पहुंचा था। वहां से इसे विशेष काफिले के जरिए बलरामपुर चीनी मिल ले जाया जा रहा है। अत्यधिक वजन और आकार के कारण काफिले की रफ्तार बेहद धीमी रखी गई है और रोजाना सीमित दूरी ही तय की जा रही है।

सिधौना से गाजीपुर में प्रवेश करने के बाद काफिला अब बिरनो टोल प्लाजा की ओर बढ़ रहा है। मनुवापुर क्षेत्र में भी रास्ता तैयार करने और अवरोध हटाने का काम जारी है। संभावना है कि देर रात तक यह विशाल वाहन टोल प्लाजा तक पहुंच जाएगा।

जहां से गुजरा, बन गया कौतूहल का केंद्र

सड़क पर दौड़ते सामान्य वाहनों के बीच 308 पहियों पर चलता यह विशालकाय ट्रक अपने आप में लोगों के लिए कौतूहल का विषय बना हुआ है। जिस रास्ते से यह काफिला गुजर रहा है, वहां लोग कुछ देर के लिए रुककर इस विशाल मशीन को देखते नजर आ रहे हैं।

कई जगहों पर लोगों ने मोबाइल फोन से इसके वीडियो और तस्वीरें भी बनाए। फिलहाल, यह विशाल बॉयलर गाजीपुर की सड़कों पर लोगों के बीच चर्चा का केंद्र बना हुआ है।

गाजीपुर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत प्रदर्शनी का आयोजन

गाजीपुर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत प्रदर्शनी का आयोजन

गाजीपुर के रायफल परिसर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के निरंतर सेवा काल के उपलक्ष्य में ‘सेवा संकल्प अभियान–जन सेवा से देश सेवा’ कार्यक्रम के अंतर्गत सूचना विभाग द्वारा योजनाओं, परियोजनाओं एवं उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई है।

17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलने वाली इस प्रदर्शनी में प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और विभिन्न क्षेत्रों की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया है। विद्यालयों के छात्र-छात्राओं सहित आमजन ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।

प्रदर्शनी में रोजगार एवं सरकारी नौकरी, एयरपोर्ट विस्तार, एमएसएमई, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, पीएम किसान सम्मान निधि, महिला सशक्तिकरण, कृषि, स्वास्थ्य, कौशल विकास, स्वरोजगार और डिजिटल सुविधाओं से जुड़ी जानकारी प्रदर्शित की गई है।

इसके साथ ही ड्रोन आधारित कृषि, पीएम कुसुम योजना, सोलर पंप, कृषि यंत्र, ई-नाम, ओडीओपी, स्वयं सहायता समूह, वन स्टॉप सेंटर, कन्या सुमंगला योजना तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं को भी प्रदर्शनी में स्थान दिया गया है।

काशी, अयोध्या और प्रयागराज सहित प्रदेश के प्रमुख धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन स्थलों तथा महापुरुषों के सम्मान से जुड़ी योजनाओं की जानकारी भी प्रदर्शित की गई है।

इस अवसर पर जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी गिरिजा शंकर सरोज, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सच्चिदानन्द तिवारी, सूचना विभाग से संजोग सिंह सहित स्कूली छात्र-छात्राएं एवं आमजन उपस्थित रहे।

10,073 छात्र-छात्राओं के खातों में पहुंची छात्रवृत्ति,राइफल क्लब में हुआ वितरण कार्यक्रम

10,073 छात्र-छात्राओं के खातों में पहुंची छात्रवृत्ति, राइफल क्लब में हुआ वितरण कार्यक्रम

गाजीपुर। शनिवार को राइफल क्लब में छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। छात्रवृत्ति प्रेषण के प्रथम चरण में पूर्वदशम एवं दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजनाओं के तहत जिले के 10,073 छात्र-छात्राओं के खातों में छात्रवृत्ति की धनराशि सीधे भेजी गई।

निदेशालय स्तर से भेजी गई छात्रवृत्ति में सामान्य वर्ग के 261, अनुसूचित जाति के 198, अन्य पिछड़ा वर्ग के 8,161 तथा अल्पसंख्यक वर्ग के 853 छात्र-छात्राएं शामिल हैं। छात्रवृत्ति की धनराशि सीधे लाभार्थी विद्यार्थियों के बैंक खातों में प्रेषित की गई।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने छात्रवृत्ति योजना के उद्देश्य और विद्यार्थियों को मिलने वाली आर्थिक सहायता के महत्व पर प्रकाश डाला। छात्रवृत्ति मिलने से विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई जारी रखने में आर्थिक सहयोग मिलेगा।

कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय, विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह चंचल के प्रतिनिधि डॉ. पी.के. पाठक, परियोजना निदेशक डीआरडीए महेंद्र प्रताप यादव, सह जिला विद्यालय निरीक्षक अरविंद कुमार, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी गिरिजा शंकर सरोज, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सच्चिदानंद तिवारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय कुमार सोनी सहित अन्य अधिकारी एवं संबंधित लोग उपस्थित रहे।

छात्रवृत्ति का सीधे विद्यार्थियों के बैंक खातों में प्रेषण शासन की पारदर्शी एवं प्रत्यक्ष लाभ अंतरण व्यवस्था के तहत किया गया, जिससे पात्र विद्यार्थियों तक सहायता पहुंच सके।

गहमर स्टेशन पर पाटलिपुत्र एक्सप्रेस के ठहराव को मिली मंजूरी

गहमर स्टेशन पर पाटलिपुत्र एक्सप्रेस के ठहराव को मिली मंजूरी

गाजीपुर।जदयू प्रदेश प्रवक्ता विनीत कुमार तिवारी ने बताया कि उनकी मांग पर सांसद नालंदा कौशलेन्द्र कुमार ने रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर गहमर स्टेशन पर ट्रेन संख्या 12141/42 के ठहराव की मांग प्रमुखता से रखी, जिसे स्वीकृति मिल गई है। आगामी 6 अक्टूबर 2026 से गहमर स्टेशन पर इस ट्रेन का ठहराव सुनिश्चित हुआ है।

इस उपलब्धि के लिए विनीत कुमार तिवारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव एवं सांसद कौशलेन्द्र कुमार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस ठहराव से गहमर सहित आसपास के सैकड़ों गांवों के यात्रियों को लाभ मिलेगा।

साथ ही, विंध्य एक्सप्रेसवे को लेकर किसानों की मांगों का समर्थन करते हुए उन्होंने कहा कि जदयू अन्नदाताओं के साथ मजबूती से खड़ी है और उनके हितों की आवाज हर उचित मंच पर उठाएगी।

Uttar Pradesh Fast News