नन्हे कदमों की बड़ी उड़ान! बाल दिवस खेल पखवाड़े में बच्चों ने दिखाया हुनर, विजेताओं को मिला सम्मान!

नन्हे कदमों की बड़ी उड़ान! बाल दिवस खेल पखवाड़े में बच्चों ने दिखाया हुनर, विजेताओं को मिला सम्मान!

बाल दिवस खेल पखवाड़े का भव्य शुभारंभ, खेल प्रतियोगिताओं में नन्हे प्रतिभागियों ने दिखाया दमखम

गाजीपुर। बाल दिवस के उपलक्ष्य में वेलफेयर क्लब की ओर से आयोजित बाल दिवस खेल पखवाड़े का शुभारंभ गौरी शंकर पब्लिक स्कूल में हर्षोल्लास और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में बच्चों के लिए विभिन्न मनोरंजक एवं खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ, जिसमें नन्हे प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का उद्घाटन विद्यालय के प्रबंधक राजेश्वर सिंह एवं क्लब अध्यक्ष डॉ. शरद कुमार वर्मा ने संयुक्त रूप से पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस अवसर पर प्रबंधक राजेश्वर सिंह ने कहा कि बाल दिवस बच्चों की प्रतिभा को पहचानने और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। खेलकूद से बच्चों का शारीरिक एवं मानसिक विकास होने के साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास और आपसी सहयोग की भावना विकसित होती है।

वहीं क्लब अध्यक्ष डॉ. शरद कुमार वर्मा ने कहा कि बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाना और उनकी छिपी प्रतिभा को निखारना इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है। खेल बच्चों के सर्वांगीण विकास और व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वेलफेयर क्लब आगे भी ऐसे रचनात्मक आयोजनों के माध्यम से बच्चों को प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देता रहेगा।

प्रतियोगिताओं में बच्चों ने शानदार प्रदर्शन किया। साइकिल रेस में अथर्व ने प्रथम, मानस ने द्वितीय और शानवी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। टॉफी रेस में अमृतांश प्रथम, शिवांश द्वितीय तथा काव्या तृतीय रहीं। बिस्किट रेस में आयशा ने प्रथम, अजमत अली ने द्वितीय और आरती गुप्ता ने तृतीय स्थान हासिल किया।

इसी क्रम में स्पून मार्बल रेस में आदित्य सिंह प्रथम, आराध्या कश्यप द्वितीय तथा चांदनी तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं सुई-धागा रेस में रेहान ने प्रथम, अनमोल ने द्वितीय और गुलनाज ने तृतीय स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

प्रतियोगिताओं के समापन पर क्लब के जनपद गवर्नर पवन पांडेय एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य आनंद कुमार ने विजेता बच्चों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। पुरस्कार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

कार्यक्रम का सफल संचालन आराधना सिंह ने किया। इस अवसर पर कोऑर्डिनेटर लल्लन सिंह, गरिमा श्रीवास्तव, रेखा मिश्रा, प्रतीक्षा सिंह, सुनिधि पांडेय, विजय शंकर राय, प्रियांशी श्रीवास्तव, अनुराग गुप्ता, रीति यादव, रविंद्र प्रजापति एवं सतीश श्रीवास्तव सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.