नवरात्रि-दशहरा को लेकर प्रशासन अलर्ट, भ्रामक खबरों पर होगी कार्रवाई:डीएम

नवरात्रि-दशहरा को लेकर प्रशासन अलर्ट, भ्रामक खबरों पर होगी कार्रवाई

गाजीपुर। आगामी नवरात्रि एवं दशहरा पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए गुरुवार को पुलिस लाइन सभागार में सेंट्रल पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में हुई बैठक में विभिन्न धर्मगुरुओं, संभ्रांत नागरिकों, अधिकारियों एवं पीस कमेटी के सदस्यों ने भाग लिया। बैठक में संभ्रांत नागरिकों ने सड़क, विद्युत समेत विभिन्न समस्याओं को जिलाधिकारी के समक्ष रखा। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि किसी भी प्रकार की भ्रामक खबर, अफवाह या सोशल मीडिया पोस्ट पर ध्यान न दें और न ही उसे आगे प्रसारित करें। ऐसी कोई सूचना प्राप्त होने पर तत्काल जिला प्रशासन को अवगत कराया जाए, ताकि उसकी जांच कर समय से आवश्यक कार्रवाई की जा सके। उन्होंने चेतावनी दी कि सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें अथवा फोटो पोस्ट करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर

डीएम ने दुर्गा पूजा पंडालों की सुरक्षा को लेकर आयोजकों को विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पंडाल की सजावट में अत्यधिक ज्वलनशील सामग्री का प्रयोग न किया जाए। प्रवेश और निकास के लिए पर्याप्त व्यवस्था हो तथा सड़क के किनारे पंडाल न लगाए जाएं। पंडालों में रेत, पानी और सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि पंडालों का पूर्व में निरीक्षण कर सभी सुरक्षा मानकों की व्यवस्था सुनिश्चित कराएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि दुर्गा पूजा पंडाल के नाम पर कोई नई परंपरा शुरू नहीं की जाएगी और पंडालों में अश्लील गाने किसी भी स्थिति में नहीं बजाए जाएंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए महिला और पुरुषों के लिए अलग-अलग कतार की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए।

जर्जर तार और बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश

डीएम ने नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को त्योहारों के दौरान अपने-अपने क्षेत्रों में पानी, बिजली और साफ-सफाई की मुकम्मल व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। विद्युत विभाग को जर्जर तार एवं खंभों को दुरुस्त करने तथा विद्युत आपूर्ति व्यवस्था बेहतर रखने के निर्देश दिए गए। विशेष रूप से मूर्ति विसर्जन के दौरान आने-जाने वाले मार्गों का निरीक्षण कर ढीले और लटके हुए जर्जर विद्युत तारों को प्राथमिकता के आधार पर ठीक कराने को कहा गया।

महिला सुरक्षा के लिए तैनात रहेंगी टीमें

जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में भाईचारा, सांप्रदायिक सौहार्द एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन और पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है। महिला सम्मान एवं सुरक्षा के लिए एंटी रोमियो स्क्वायड की टीमें सक्रिय रहेंगी, जबकि विभिन्न पूजा पंडालों पर महिला पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की जाएगी। उन्होंने सभी क्षेत्राधिकारियों, थाना एवं चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के संभ्रांत नागरिकों और पीस कमेटी के सदस्यों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि त्योहारों के दौरान शांति एवं सौहार्द का माहौल कायम रहे। डीएम ने शासन के निर्देशों का हवाला देते हुए कहा कि सभी त्योहार पारंपरिक तरीके से मनाए जाएं और किसी भी प्रकार की नई परंपरा की शुरुआत न की जाए। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं शहरी, समस्त क्षेत्राधिकारी, संबंधित अधिकारी, नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी, गणमान्य नागरिक और विभिन्न धर्मों के धर्मगुरु मौजूद रहे।

डीएम अनुपम शुक्ला ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को दी जानकारी

विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी तेज, 12 अक्टूबर से ईवीएम-वीवीपैट की FLC

डीएम अनुपम शुक्ला ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को दी जानकारी, पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के निर्देश

गाजीपुर। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत ईवीएम एवं वीवीपैट की प्रथम स्तर की जाँच (FLC) को लेकर गुरुवार को जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में ईवीएम एवं वीवीपैट की प्रथम स्तर की जाँच का कार्य 12 अक्टूबर 2026 से शुरू किया जाएगा। FLC की पूरी प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और निर्धारित एसओपी के अनुसार पारदर्शी, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराई जाएगी। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को बताया कि FLC के दौरान उनके अधिकृत प्रतिनिधियों को मौके पर उपस्थित रहकर पूरी प्रक्रिया का अवलोकन करने के साथ ही निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मॉक पोल में प्रतिभाग करने का अवसर भी दिया जाएगा।


बैठक में वाराणसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के संबंध में भी आवश्यक जानकारी दी गई। इसके साथ ही एमएलसी निर्वाचन की तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया गया कि रैंडमाइजेशन की कार्यवाही 9, 14 और 21 अक्टूबर 2026 को निर्धारित है। पोलिंग पार्टियां 22 अक्टूबर को रवाना होंगी, जबकि 23 अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा। 27 अक्टूबर 2026 को मतगणना होगी। मतगणना का कार्य वाराणसी मंडल में कराया जाना निर्धारित है। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने FLC की प्रक्रिया को पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। उनसे अपेक्षा की गई कि वे अपने अधिकृत प्रतिनिधियों की FLC के दौरान उपस्थिति सुनिश्चित कराते हुए निर्धारित प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता करें। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि FLC से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं निर्धारित तिथि से पहले पूरी कर ली जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूरी प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध ढंग से संपन्न कराई जाए। बैठक के अंत में उपस्थित अधिकारियों एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बैठक का समापन किया गया।

नगर पालिका का बृहद सफाई अभियान, जलजमाव से मिलेगी राहत

नौरंगाबाद में नगर पालिका का बृहद सफाई अभियान, जलजमाव से मिलेगी राहत

गाजीपुर। नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड संख्या 16 स्थित नौरंगाबाद मोहल्ले में जलजमाव और गंदगी की समस्या को लेकर नगर पालिका प्रशासन ने बृहद सफाई अभियान शुरू कराया है। अधिशासी अधिकारी डॉ. धीरेन्द्र कुमार राय के निर्देश पर सफाई/राजस्व निरीक्षक रविंद्र कुमार सोनकर ने सफाई कर्मचारियों की टीम गठित कर अभियान को गति दी।

मोहल्ले में पिछले कुछ समय से जलजमाव की समस्या बनी हुई थी। इसे गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका प्रशासन ने नालियों और जल निकासी मार्गों की गहन सफाई शुरू कराई है, ताकि जमा पानी की निकासी सुचारू हो सके।

बताया गया कि कुछ दिन पूर्व सीआरओ ने नगर पालिका ईओ के साथ नौरंगाबाद मोहल्ले का निरीक्षण किया था और साफ-सफाई को लेकर आवश्यक निर्देश दिए थे। यह निरीक्षण जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देश पर किया गया था।

बृहद सफाई अभियान के तहत नालियों से गंदगी और अवरोध हटाए जा रहे हैं। नगर पालिका प्रशासन का कहना है कि जल निकासी व्यवस्था बेहतर होने से मोहल्ले में जलजमाव की समस्या कम होगी तथा गंदगी के कारण होने वाली संक्रामक बीमारियों के खतरे से भी लोगों को राहत मिलेगी।

नगर पालिका की त्वरित कार्रवाई से स्थानीय लोगों में राहत है। मोहल्लेवासियों ने सफाई अभियान के लिए नगर पालिका प्रशासन और सफाई कर्मचारियों की टीम के प्रति आभार जताया।

गाजीपुर से ग्लोबल रिसर्च तक चमका नाम, डॉ. चौधरी विश्व में 106वें स्थान पर

विश्व के शीर्ष 1000 शोधकर्ताओं में डॉ. आनन्द कुमार चौधरी को 106वाँ स्थान

गाजीपुर। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गाजीपुर के वनस्पति विज्ञान विभाग के सहायक आचार्य डॉ. आनन्द कुमार चौधरी ने अंतरराष्ट्रीय शोध जगत में महाविद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। वर्ष 2026 में विश्व के शीर्ष 1000 शोधकर्ताओं की सूची में डॉ. चौधरी ने 106वाँ स्थान प्राप्त किया है। इस रैंकिंग में उनका स्थान विश्व के शीर्ष 0.49 प्रतिशत शोधकर्ताओं में दर्ज किया गया है। यह उपलब्धि उनके निरंतर शोध-कार्य, अकादमिक सक्रियता और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शोध-प्रभाविता को दर्शाती है। डॉ. आनन्द कुमार चौधरी का शोध कार्य फफूंद एवं माइकोटॉक्सिन संदूषण, कीट नियंत्रण, नैनो-एनकैप्सुलेशन प्रौद्योगिकी तथा इसके कृषि अनुप्रयोगों जैसे महत्वपूर्ण एवं अनुप्रयुक्त विषयों पर केंद्रित रहा है। डॉ. चौधरी ने अब तक 53 अंतरराष्ट्रीय शोध-पत्र तथा 11 पुस्तक अध्याय प्रकाशित किए हैं। उनके शोध कार्यों का H-index 33 तथा i10-index 50 है, जबकि उनके शोध कार्यों को अब तक 3,000 से अधिक उद्धरण (citations) प्राप्त हो चुके हैं। ये उपलब्धियां उनके शोध कार्यों की निरंतरता, वैज्ञानिक प्रभाव और अंतरराष्ट्रीय अकादमिक स्वीकार्यता को रेखांकित करती हैं। डॉ. चौधरी की शैक्षणिक एवं शोध यात्रा में काशी हिंदू विश्वविद्यालय, वाराणसी के वनस्पति विज्ञान विभाग के प्रतिष्ठित प्रोफेसर तथा अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त वैज्ञानिक प्रो. एन. के. दुबे का विशेष मार्गदर्शन रहा है। डॉ. चौधरी ने अपनी पीएच.डी. की शोध उपाधि प्रो. एन. के. दुबे के कुशल निर्देशन एवं पर्यवेक्षण में पूर्ण किया हैं।
शोध क्षेत्र में डॉ. चौधरी की सक्रियता का एक और प्रमाण यह है कि वर्ष 2026 में उन्हें विश्व के शीर्ष 5 प्रतिशत वैज्ञानिकों/शोधकर्ताओं की सूची में भी स्थान प्राप्त हुआ था।
इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. शंभु शरण प्रसाद ने डॉ. आनन्द कुमार चौधरी को बधाई देते हुए कहा कि “अंतरराष्ट्रीय स्तर पर किसी शिक्षक की शोध उपलब्धि केवल व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि पूरे शैक्षणिक संस्थान के लिए गौरव की बात है। ऐसी उपलब्धियाँ विद्यार्थियों और युवा शोधार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शोध के लिए प्रेरित करती हैं।” इसी प्रकार समस्त महाविद्यालय परिवार ने डॉ. चौधरी को भविष्य में भी इसी प्रकार निरंतर प्रगति करने तथा महाविद्यालय का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और ऊँचा करने की शुभकामनाएँ देते हुए हार्दिक बधाई व्यक्त किया।

पुलिस-राजस्व टीम पर हमला करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई:डीएम

पुलिस-राजस्व टीम पर हमला करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई

डीएम अनुपम शुक्ला ने दिए मुकदमा दर्ज कर गुंडा एक्ट व जिला बदर की कार्रवाई के निर्देश

गाजीपुर। भूमि विवाद के निस्तारण के दौरान पुलिस एवं राजस्व टीम पर हुए हमले को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने गंभीरता से लिया है। गुरुवार को डीएम ने अस्पताल पहुंचकर घायल पुलिसकर्मियों का हाल जाना और अधिकारियों को आरोपियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने बताया कि 6 अगस्त 2026 को जनता दर्शन के दौरान प्रर्मिला देवी ने भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत की थी। शिकायत के निस्तारण के लिए राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर भूमि की पैमाइश की और नियमानुसार कब्जा दिलाने के बाद सीमा चिन्ह स्थापित कराया था। आरोप है कि बाद में विपक्षी पक्ष ने सीमा चिन्ह उखाड़ दिया। मामला दोबारा संज्ञान में आने पर डीएम के निर्देश पर राजस्व टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची।

कार्रवाई के दौरान विपक्षी पक्ष ने लाठी-डंडों से पुलिस एवं राजस्व टीम पर हमला कर दिया। हमले में एक उपनिरीक्षक समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। सभी को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने घायल उपनिरीक्षक को खतरे से बाहर बताया। डीएम ने स्पष्ट किया कि सरकारी टीम पर हमला करना गंभीर कानून-विरोधी कृत्य है। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई और जिला बदर की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है। उन्होंने कहा कि परिस्थितियों के अनुसार गैंगस्टर एक्ट और राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत भी कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि भूमि, राजस्व अथवा अन्य किसी समस्या के समाधान के लिए लोग कानूनी एवं लोकतांत्रिक प्रक्रिया का सहारा लें। पुलिस, राजस्व और प्रशासनिक अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ मारपीट, धमकी या सरकारी कार्य में बाधा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मामले में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा कानून-व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता न करने के निर्देश दिए।

महिला पीजी कॉलेज में रंगारंग फ्रेशर्स पार्टी, मुस्कान बनीं मिस फ्रेशर

मनोविज्ञान विभाग में रंगारंग फ्रेशर्स पार्टी, मुस्कान बनीं मिस फ्रेशर

गाजीपुर। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय के मनोविज्ञान विभाग की ओर से नवप्रवेशी छात्राओं के स्वागत में रंगारंग फ्रेशर्स पार्टी का आयोजन किया गया। द्वितीय एवं तृतीय वर्ष की छात्राओं ने नवप्रवेशी छात्राओं का तिलक लगाकर, पुष्प भेंट कर एवं उपहार देकर स्वागत किया।

कार्यक्रम में श्रेया कुमारी, माही प्रजापति, श्रेया वर्मा आदि छात्राओं ने गीत एवं नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया। विभिन्न मनोरंजक खेलों और प्रस्तुतियों के आधार पर मुस्कान को मिस फ्रेशर, संस्कृति उपाध्याय को मिस डांसर, रिया सैनी को मिस स्टाइलिश, गुनगुन जायसवाल को मिस इंटेलिजेंट तथा मुस्कान कुमारी को मिस ब्यूटीफुल चुना गया।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. शंभू शरण प्रसाद ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ इस तरह के सामूहिक कार्यक्रम छात्राओं में रचनात्मकता, आत्मविश्वास और आपसी सहयोग की भावना को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने इस परंपरा को आगे भी जारी रखने का आह्वान किया।

प्राचार्य डॉ. शंभू शरण प्रसाद एवं मनोविज्ञान विभाग प्रभारी डॉ. शिव कुमार ने विजेता छात्राओं को प्रमाणपत्र एवं प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन श्रेया कुमारी एवं जोया ने संयुक्त रूप से किया, जबकि आभार ज्ञापन डॉ. शिव कुमार ने किया।

इस अवसर पर डॉ. सारिका सिंह, डॉ. नेहा कुमारी, डॉ. ओम शिवानी, डॉ. शशि कला, डॉ. हरेंद्र यादव, डॉ. इकलाख खान, डॉ. शैलेंद्र यादव, डॉ. शिल्पी राय, डॉ. आनंद चौधरी, डॉ. पीयूष सिंह, डॉ. राजेश यादव, डॉ. हसीन अहमद सहित प्राध्यापकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में माही प्रजापति, संजना पांडे, इल्मा सिद्दीकी, हुमैरा फातिमा, शमा तरन्नुम, आनंदी गुप्ता, पलक चौरसिया, अलीशा परवीन, गरिमा यादव, अनामिका कसौधन एवं खुशबू चौहान की प्रमुख भूमिका रही।

मुनि आगमन, ताड़का वध और सीताराम मिलन का हुआ मंचन

मुनि आगमन, ताड़का वध और सीताराम मिलन का हुआ मंचन

गाजीपुर। अति प्राचीन श्री रामलीला कमेटी हरिशंकरी के तत्वावधान में बुधवार शाम श्री राम चबूतरा पर रामलीला के दूसरे दिन मुनि आगमन, ताड़का वध और सीताराम मिलन की लीला का भावपूर्ण मंचन किया गया। पं. राजा भैया आदर्श श्री रामलीला मंडल के कलाकारों ने प्रसंगों को जीवंत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। लीला का शुभारंभ श्री राम सिंहासन पर विराजमान श्रीराम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न की पूजा-अर्चना और आरती से हुआ। इसके बाद मंच पर महर्षि विश्वामित्र के अयोध्या आगमन का प्रसंग प्रस्तुत किया गया।

ऋषियों के यज्ञ में राक्षसों द्वारा विघ्न डाले जाने पर महर्षि विश्वामित्र राजा दशरथ से श्रीराम और लक्ष्मण को मांगने अयोध्या पहुंचते हैं। दशरथ अपने प्रिय पुत्र राम को भेजने में संकोच करते हैं, लेकिन गुरु वशिष्ठ के समझाने पर श्रीराम-लक्ष्मण को विश्वामित्र के साथ भेजने के लिए तैयार हो जाते हैं। इसके बाद श्रीराम और लक्ष्मण विश्वामित्र के साथ वन की ओर प्रस्थान करते हैं। जंगल में पहुंचने पर उनका सामना राक्षसी ताड़का से होता है। विश्वामित्र की आज्ञा पाकर श्रीराम एक ही बाण से ताड़का का वध कर देते हैं। इसके बाद आगे बढ़ते हुए श्रीराम के चरण स्पर्श से शापित अहिल्या का उद्धार होता है।

इसके बाद लीला जनकपुर पहुंचती है। धनुष यज्ञ का निमंत्रण मिलने पर विश्वामित्र श्रीराम-लक्ष्मण के साथ जनकपुर पहुंचते हैं। अगले दिन गुरु की पूजा के लिए श्रीराम और लक्ष्मण फूल लेने फुलवारी में जाते हैं। वहीं माता गौरी की पूजा के लिए सहेलियों संग पहुंची जनकनंदिनी सीता और श्रीराम का प्रथम मिलन होता है। इस प्रसंग के मंचन के दौरान दर्शकों में विशेष उत्साह दिखाई दिया। इस अवसर पर कमेटी के मंत्री ओमप्रकाश तिवारी, उपमंत्री पं. लव कुमार त्रिवेदी, मेला प्रबंधक मनोज कुमार तिवारी, मेला उप प्रबंधक मयंक तिवारी, कोषाध्यक्ष बाबूरोहित अग्रवाल, राजकुमार शर्मा, प्रमोद कुमार गुप्ता और राम सिंह यादव सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

हॉकी ट्रायल में 57 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा, 10 का चयन

हॉकी ट्रायल में 57 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा, 10 का चयन

गाजीपुर। प्रदेश स्तरीय समन्वय सब-जूनियर बालक हॉकी प्रतियोगिता के लिए जिला स्तरीय चयन/ट्रायल बुधवार को नेहरू स्टेडियम, गोराबाजार में आयोजित हुआ। प्रतियोगिता 12 से 17 अक्टूबर तक इटावा में होगी।

जिला खेल कार्यालय की ओर से आयोजित ट्रायल में 57 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया, जिसमें प्रदर्शन के आधार पर 10 खिलाड़ियों का चयन किया गया। चयनित खिलाड़ी 8 अक्टूबर को डॉ. भीमराव आंबेडकर क्रीड़ा संकुल, लालपुर, वाराणसी में मंडलीय चयन में हिस्सा लेंगे। ट्रायल के दौरान हॉकी प्रशिक्षक बृजेश कुमार और देवी प्रसाद मौजूद रहे। उनके मार्गदर्शन में चयन प्रक्रिया संपन्न हुई।

सेवा संकल्प अभियान: 450 से अधिक युवाओं ने निकाली साइकिल-बाइक रैली

गाजीपुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को युवा कल्याण एवं खेल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में युवाओं, खिलाड़ियों एवं पीआरडी जवानों ने साइकिल-बाइक रैली निकाली। विभिन्न ब्लॉकों से निकली रैली खेल स्टेडियम, गोराबाजार से शुरू होकर पैदल मार्च के साथ विकास भवन चौराहे पर संपन्न हुई।

रैली में 450 से अधिक युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए देशहित और जनसेवा का संदेश दिया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी अखिलेश यादव, चंद्रकांत यादव, मो. वकार खान, आंचल सिंह, खेल विभाग के प्रशिक्षक, क्रीड़ाधिकारी देवी प्रसाद, जिला युवा कल्याण अधिकारी दिलीप कुमार तथा नगर पालिका परिषद गाजीपुर के अधिशासी अधिकारी धीरेंद्र कुमार राय सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

पीएम मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने पर भाजपा ने निकाली मशाल पदयात्रा

सेवा ज्योति मशाल यात्रा में उमड़ा भाजपा कार्यकर्ताओं का हुजूम

पीएम मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने पर भाजपा ने निकाली मशाल पदयात्रा

गाजीपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा द्वारा चलाए जा रहे सेवा संकल्प एवं समर्पण अभियान के तहत बुधवार को जिला मुख्यालय पर सेवा ज्योति मशाल यात्रा निकाली गई। भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय की अध्यक्षता में जिले के विभिन्न मंडलों से हजारों कार्यकर्ता मोटरसाइकिल जुलूस के साथ लंका मैदान पहुंचे।

लंका मैदान में आयोजित विकसित भारत संकल्प सभा में कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का राष्ट्र के नाम संबोधन वर्चुअल माध्यम से सुना। इसके बाद मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश मंत्री एवं घोसी के पूर्व विधायक विजय बहादुर राजभर, जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय, प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय, राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत और अभिनव सिन्हा ने दीप प्रज्वलित कर मशाल पदयात्रा का शुभारंभ किया।

यात्रा लंका मैदान से शुरू होकर बड़ी बाग चुंगी, तुलसी सागर, सिंचाई विभाग चौराहा, बंधवा और खजुरिया होते हुए पीरनगर चौराहे पर पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रसेवा, जनसेवा और विकसित भारत के संकल्प के साथ उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

मुख्य अतिथि विजय बहादुर राजभर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष राष्ट्र निर्माण, सुशासन और जनकल्याण के प्रति समर्पण की यात्रा हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री बनने के बाद से प्रधानमंत्री ने निरंतर राष्ट्रसेवा को प्राथमिकता दी है। उनके नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है और 2047 तक विकसित भारत बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

जिला प्रभारी अजीत चौबे ने कहा कि प्रधानमंत्री के 25 वर्षों की जनसेवा के उपलक्ष्य में देशभर में सेवा संकल्प एवं समर्पण अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव में गाजीपुर की सातों विधानसभा सीटों पर भाजपा की जीत का संकल्प लेकर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने सभी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री की जनसेवा से प्रेरणा लेकर भाजपा कार्यकर्ता सेवा, संगठन और राष्ट्रहित के कार्यों में लगातार सक्रिय हैं। मुख्य अतिथि ने उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों को विकसित भारत के निर्माण में अपने नागरिक कर्तव्यों के निर्वहन की शपथ भी दिलाई।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, सरिता अग्रवाल, अभिनव सिन्हा, डॉ. मुराहू राजभर, पूर्व विधायक सुनीता सिंह सहित भाजपा के विभिन्न पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहे। संचालन जिला महामंत्री सुमित तिवारी ने किया।

Uttar Pradesh Fast News