गाजीपुर के लाल राजकुमार पाल का बढ़ा सम्मान, प्रभारी मंत्री रवीन्द्र जायसवाल ने 51 हजार रुपये का चेक देकर किया सम्मानित
अर्जुन अवार्ड और ओलंपिक कांस्य पदक से रोशन किया देश का नाम, युवाओं से बोले मंत्री- राजकुमार पाल के संघर्ष और अनुशासन से लें प्रेरणा

गाजीपुर। जिले के होनहार हॉकी खिलाड़ी एवं अर्जुन अवार्डी राजकुमार पाल को बुधवार को राइफल क्लब सभागार में आयोजित भव्य समारोह में सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे प्रदेश सरकार के प्रभारी मंत्री रवीन्द्र जायसवाल ने राजकुमार पाल को माल्यार्पण कर 51 हजार रुपये का डेमो चेक, अंगवस्त्र, स्मृति चिह्न और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर प्रभारी मंत्री ने कहा कि राजकुमार पाल ने हॉकी के मैदान में अपने शानदार प्रदर्शन से गाजीपुर ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश और देश का मान बढ़ाया है। अर्जुन अवार्ड और ओलंपिक में कांस्य पदक हासिल करना पूरे जनपद के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

मंत्री ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे राजकुमार पाल के संघर्ष, अनुशासन और मेहनत से प्रेरणा लें। खेल के साथ शिक्षा और संस्कार भी जीवन में सफलता की महत्वपूर्ण कुंजी हैं। गाजीपुर की मिट्टी में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत सिर्फ उन्हें सही मंच और मार्गदर्शन देने की है।

सम्मान से अभिभूत राजकुमार पाल ने मंत्री, जिला प्रशासन और गाजीपुर की जनता के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगा। साथ ही वे नई पीढ़ी को हॉकी के प्रति जागरूक और प्रेरित करने का प्रयास करते रहेंगे।

राजकुमार पाल ने अपने खेल जीवन के अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने वर्ष 2008 से हॉकी खेलना शुरू किया था। उन्होंने खिलाड़ियों के लिए अनुशासन को बेहद जरूरी बताते हुए युवाओं को मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रशासिका सपना सिंह, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय, सुभासपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र राजभर, जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला, पूर्व सांसद राधेमोहन सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अतुल सोनकर, मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद सहित जिले के जनप्रतिनिधि, अधिकारी, खिलाड़ी और कोच मौजूद रहे।

