गाजीपुर।जन समस्याओ के त्वरित निस्तारण हेतु तृतीय शनिवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस तहसील जमानियॉ में अविनाश कुमार की अध्यक्षता तहसील सभागार सम्पन्न हुआ। जिसमे 55 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए मौके पर 06 का निस्तारण किया गया। जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु सातों तहसीलो की सूचना के अनुसार सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 294 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए जिसमें मौके पर 26 शिकायत/प्रार्थना पत्रो का निस्तारण किया गया। इसी क्रम में तहसील सदर में 55 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए जिसमें शून्य निस्तारण रहा। तहसील मुहम्मदाबाद में मुख्य राजस्व अधिकारी की अध्यक्षता में 41 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए जिसमें से 07 का मौके पर निस्तारण किया गया। जखनियां तहसील में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में 70 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए जिसमें मौके पर 04 का निस्तारण किया गया। तहसील कासिमाबाद में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में 26 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए जिसमें मौके पर 03 निस्तारण किया गया। तहसील सैदपुर में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में 24 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए जिसमें से मौके पर 03 का निस्तारण किया गया एवं तहसील सेवराई में तहसीलदार की अध्यक्षता में 23 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए जिसमें 03 का मौके पर निस्तारण किया गया। जिलाधिकारी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर आम जनमानस की शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए कुछ शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कराया। शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को अग्रसारित करते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु निर्देशित किया गया। इस अवसर पर पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों/कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि जमीनी विवाद और आपसी विवाद एक ही विषय से संबंधित होते है इस लिए राजस्व विभाग एवं पुलिस विभाग के अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित करते हुए विवादों का निस्तारण सुनिश्चित करें। तहसील के समस्त लेखपालों को निर्देशित किया गया कि शिकायतकर्ता की छोटी-छोटी समस्याएँ जिनका तत्काल निस्तारण किया जा सकता है। उसके लिए किसी व्यक्ति को परेशान न किया जाए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, जिला विकास अधिकारी सुभाष चन्द्र सरोज, उपजिलाधिकारी जमानियॉ, तहसीलदार जमानियॉ, क्षेत्राधिकारी जमानियां एवं समस्त जनपदस्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
गाजीपुर। 31 अक्टूबर को मौसम खराब होने से छात्र-छात्राओं का अवकाश था। जिसके कारण शाह फ़ैज़ पब्लिक स्कूल में सरदार वल्लभभाई पटेल का जन्म दिवस एकता दिवस के रूप में एक नवंबर को बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने सरदार वल्लभभाई पटेल से संबंधित पोस्टर बनाया, उनके जीवन एवं कार्यों के बारे में लिखा तथा अपने विचारों को व्यक्त किया।
निबंध लेखन में आदर्श राय, शिवम यादव, शशांक शेखर और अतुल गुप्ता तथा पोस्टर बनाने में मनीष गुप्ता, नैंसी श्रीवास्तव और ऋषभ चतुर्वेदी की प्रस्तुति उत्कृष्ट रही। विद्यालय के निदेशक डॉक्टर नदीम अदहमी ने सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन पर प्रकाश डाला और उनके विचारों से जुड़े हुए बातों को पालन करने की प्रतिज्ञा छात्र-छात्राओं तथा सभी शिक्षकों ने लिया। उक्त अवसर पर विद्यालय के निदेशक डॉ नदीम अदहमी , प्रधानाचार्य इकरामुल हक, उप प्रधानाचार्य हनीफ अहमद, छात्र-छात्राएं एवं शिक्षक उपस्थित रहे।
इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि एवं सरदार पटेल जयंती पर कांग्रेसजनों ने किया श्रद्धांजलि कार्यक्रम — कहा, आज देश को फिर उनकी तरह सशक्त नेतृत्व की आवश्यकता
गाज़ीपुर। भारत की प्रथम महिला प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि (शहादत दिवस) एवं लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को रोडवेज बस स्टैंड परिसर में कांग्रेसजनों द्वारा संयुक्त श्रद्धांजलि एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सुनील राम ने की। जबकि संचालन पीसीसी सदस्य एवं प्रवक्ता अजय कुमार श्रीवास्तव ने किया। कार्यक्रम में शहर कांग्रेस अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा, एआईसीसी सदस्य रविकांत राय सहित अनेक वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि आज जब देश में नफरत और झूठ की राजनीति अपने चरम पर है, तब इंदिरा गांधी और सरदार पटेल जैसे नेताओं के विचार पहले से कहीं अधिक प्रासंगिक हैं।जिलाध्यक्ष सुनील राम ने कहा कि इंदिरा गांधी ने देश की एकता और संप्रभुता के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए, जबकि आज की सत्ताधारी सरकार देश को एक करने के बजाय समाज को बांटने का कार्य कर रही है। शहर अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा ने कहा कि “सरदार पटेल ने रियासतों को जोड़कर भारत को अखंड बनाया था, मगर आज की केंद्र सरकार उन्हीं प्रदेशों के बीच दीवारें खड़ी करने में व्यस्त है। कांग्रेस इन्हीं विभाजनकारी नीतियों का विरोध करती रहेगी। आज महंगाई, बेरोज़गारी और भ्रष्टाचार चरम पर है, जबकि सत्ता में बैठे लोग केवल प्रचार में व्यस्त हैं। इंदिरा गांधी का नेतृत्व जनसेवा का था, न कि दिखावे का।
एआईसीसी सदस्य रविकांत राय ने कहा कि “भाजपा सरकार ने लोकतंत्र को कमजोर करने का कार्य किया है। इंदिरा गांधी और सरदार पटेल के विचार हमें बताते हैं कि असली राष्ट्रवाद जनता के हितों की रक्षा में है, न कि धर्म और जाति के नाम पर विभाजन में।” अंत में अजय कुमार श्रीवास्तव (पीसीसी सदस्य एवं प्रवक्ता) ने कहा कि “यह दिन हमें याद दिलाता है कि सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी जब हम अन्याय, असमानता और झूठ की राजनीति का डटकर मुकाबला करें। कांग्रेस पार्टी इंदिरा गांधी और सरदार पटेल के आदर्शों पर अडिग है। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से चंद्रिका सिंह, हामिद अली, सतीश उपाध्याय, राजेश विश्वकर्मा, राशिद, ओम प्रकाश यादव, अखिलेश यादव, आलोक यादव, महेंद्र कुशवाहा आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बारिश से हुई फसलों की क्षति के सर्वे के लिए जिलाधिकारी द्वारा राजस्व, कृषि और फसल बीमा की संयुक्त टीम गठित
खरीफ 2025 में किसानो द्वारा 47015 आवेदन के माध्यम से कुल 16810 हेक्टेयर क्षेत्रफल का बीमा जनपद में कराया गया है
फसल में यदि किसी प्रकार की क्षति हुई हो और उनके द्वारा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अंतर्गत बीमा कराया गया है, तो वे किसान टोल फ्री नंबर 14447 पर क्षति के 72 घंटे के अंदर शिकायत दर्ज कराएं
गाजीपुर। जिला कृषि अधिकारी उमेश कुमार ने बताया है कि किसान भाइयों लगातार 2 दिन से हुई बारिश यदि आपकी फसल की क्षति हुई है तो इसके नुकसान की भरपाई बीमा कंपनी से प्राप्त कर सकते हैं। जनपद में खरीफ सत्र में धान और बाजरा की फसल अधिसूचित हैं धान की खड़ी फसल में क्षति नहीं है। जिन किसान भाइयों की फसल आंधी और बारिश के कारण गिर गई है उसमें क्षति की संभावना है। उन किसान भाइयों के धान और बाजरा की कटाई होने के उपरांत खेत में बारिश के कारण क्षति की संभावना है तो उसके सर्वे के लिए राजस्व, कृषि और फसल बीमा की कमेटी बनाकर सर्वे कराया जाएगा। कमेटी का गठन किया जा चुका है। समिति की रिपोर्ट के उपरांत किसानो को क्षति पूर्ति दी जाएगी, रबी 2025-26 हेतु भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय फसल बीमा पोर्टल पर बीमा कराने हेतु शुरू किया जा चुका है, कृषक भाई 31 दिसंबर तक अपनी फसल का बीमा करा सकते हैं।
उन्होने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अंतर्गत मौसम खरीफ 2025 में किसानो द्वारा 47015 आवेदन के माध्यम से कुल 16810 हेक्टेयर क्षेत्रफल का बीमा जनपद में कराया गया है। जिला कृषि अधिकारी ने किसान भाइयों से अपील की है कि अभी बेमौसम बारिश से खेतों में काटकर सुखाने/मड़ाई हेतु रखी फसल में यदि किसी प्रकार की क्षति हुई हो और उनके द्वारा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अंतर्गत बीमा कराया गया है, तो वे किसान भारत सरकार के टोल फ्री नंबर 14447 पर क्षति के 72 घंटे के अंदर शिकायत दर्ज कराएं। ऐसे सभी किसान भाइयों के एप्लीकेशन का संयुक्त सर्वे कराते हुए नियम अनुसार उनकी क्षतिपूर्ति दिलाई जाएगी । साथ ही जनपद के समस्त कृषक भाइयों को अवगत कराना है कि मौसम रबी 2025-26 हेतु भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय फसल बीमा पोर्टल पर बीमा कराने हेतु शुरू किया जा चुका है जिसमें सभी कृषक भाई 31 दिसंबर तक अपनी फसल का बीमा करा सकते हैं। जिन किसान भाइयों ने धान और बाजरा की कटाई होने के उपरांत खेत में बारिश के कारण क्षति की संभावना है तो उसके सर्वे के लिए राजस्व, कृषि और फसल बीमा की कमेटी बनाकर सर्वे कराया जाएगा कमेटी का गठन किया जा चुका है। समिति की रिपोर्ट के उपरांत किसानो को क्षति पूर्ति दी जाएगी रबी 2025-26 हेतु भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय फसल बीमा पोर्टल पर बीमा कराने हेतु शुरू किया जा चुका है, कृषक भाई 31 दिसंबर तक अपनी फसल का बीमा करा सकते हैं।
गाजीपुर।मेरा युवा भारत,युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार, युवा कल्याण विभाग, राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वाधान में लौह पुरूष भारत रत्न सरदार बल्लभ भाई पटेल की 150 वीं जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर जनपद में सरदार /150 – एक भारत आत्मनिर्भर भारत अभियान के अन्तर्गत विविध कार्यक्रमों का भव्य आयोजन जनपद स्तर, तहसील, विकास खण्ड एवं विद्यालयों में किया गया। जनपद स्तर पर आयोजित कार्यक्रम धूम-धाम से मनाया गया। निकट विकास भवन आडिटोरियम हाल मे कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सपना सिंह जिला पंचायत अध्यक्ष, सरिता अग्रवाल अध्यक्ष नगर पालिका परिषद, अविनाश कुमार जिलाधिकारी, संतोष कुमार वैश्य मुख्य विकास अधिकारी, सहित मंचासीन अतिथियों ने दीप प्रज्जवलित कर किया। तत्पश्चात सरदार पटेल एवं भारत माता के चित्र पर पुष्पार्जन कर नमन किया गया। समारोह की मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के प्रमुख नेता सरदार वल्लभ भाई पटेल थें। जिन्होने महात्मा गांधी के साथ विभिन्न आन्दोलन में भाग लिया। कई बार उन्हें अपनी सक्रिय भागीदारी के लिए जेल भी जाना पड़ा था। उस समय 1947 में खण्ड-खण्ड भारत हमे मिला था। उसे अखण्ड बनाने का काम लौह पुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल ने किया था। पटेल जी ने ब्रिटिश सरकार के खिलाफ लोगो को संगठित एंव एकजुट करने काम किया। स्वतंत्रता के बाद उनका सबसे महत्वपूर्ण योगदान रियासतों का एकीकरण करना था। उन्होने 500 से अधिक रियासतों को भारतीय खण्ड में एकीकृत किया, जिससे उन्हे भारत का लौह पुरूष कहा जाता है। अखण्ड भारत के निर्माता, राष्ट्रीय एकता के सुत्रधार, स्वतंत्र भारत के प्रथम गृह मंत्री व लौह पुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल जी के जयन्ती पर आज सब लोग शत्-शत् नमन करते है और उनके दिखाये पद चिन्हो चलते हुए विकसित भारत के सपनो साकार करेगें। अंत में जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह द्वारा उपस्थित सभी लोगो को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई गई। नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि सम्पूर्ण भारत के महान जननायक महापुरूष की 150वीं जयंती आज मनाई जा रही है। आजादी के बाद भारत कई टुकड़ों में बटा हुआ था उसके बाद सरदार पटेल ने अपने नेतृत्व क्षमता से भारत को जोड़कर अखण्ड भारत का निर्माण किया। उनका जन्म किसान परिवार में हुआ था । जब हौसले बुलन्द थे, वे विषम परिस्थितियों में भी अपने आप को अपने अनुकुल बना लेते थे। अनेक कठिन प्रयासों के बाद सरदार बल्लभ भाई पटेल ने भारत को एकता के सूत्र में बाधा और आज हम उनका जन्म दिन एकता दिवस के रूप में मना रहे है। हमे एक श्रेष्ठ भारत मिला लेकिन भारत को अब विकसित भारत की श्रेणी मे लाना है जिसका लक्ष्य हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हर भारतवासी के सम्मुख 2047 तक रखा है। जिलाधिकारी ने अपने संबोधन मे सरदार बल्लभ भाई पटेल को शत-शत नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। उपस्थित आगंतुकों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर आज हम लोग उनको इसलिए याद कर रहे हैं क्योकि यदि वह नहीं होते तो हमारा देश,एक देश न होता। अंग्रेजों ने जिस प्रकार हमारे देश भारत को छिन्न भिन्न करके हमें दिया था. आज सरदार पटेल की ही देन है कि उन्होंने अपनी कूटनीति, राजनीति के बल पर एक सूत्र में पिरो कर, एक करके मजबूत भारत बनाया। उन्होंने कहा कि आज हम सरदार पटेल को आजादी के समय से जानते हैं, लेकिन आजादी से पहले स्वतंत्रता संग्राम में भी उनका अहम योगदान रहा है।.अखिल भारतीय सेवा का गठन सरदार पटेल ने ही किया है। सरदार पटेल का उद्देश्य देश को एक बनाए रखने के लिए संविधान सर्वाेपरि है । सरकार की जो भी नीतियां होती हैं वो संविधान में दिए गए व्यवस्थाएं के अनुसार ही होती है। उन्होंने उपस्थित युवाओें, छात्र- छात्राओं को सरदार पटेल के जीवन कर्तव्यों को पढ़ते हुए अपने जीवन में आत्मसात करने की अपील किया। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल का निर्णय भारत देश के लिए एक अहम निर्णय हुआ करता था। लौह पुरुष कोई ऐसे ही नहीं हों जाता. उनका निर्णय ही उसे लौह पुरुष बनाता है। उन्होंने भारत देश के लिए कई अहम निर्णय लिए जो भारत को अखंड भारत के रूप में दर्शाता है.। समारोह को पूर्व लोक सभा प्रत्याशी परसनाथ राय ने भी संबोधित किया। मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य के दिशा निर्देशन मे कार्यक्रम सफल रहा। इस अवसर पर लूदर्स कान्वेंट स्कूल की बच्चियों द्वारा सरदार पटेल की जीवन पर आधारित नाटिका एवं देश भक्ति गीत प्रस्तुत किया गया। जनपद की प्रसिद्ध धोबऊ टीम ने सल्टू राम के नेतृत्व में लोक नृत्य प्रस्तुत किया गया। जनपद के उदीयमान खिलाड़ी हाकी में राहुल, फुटबाल में श्रीकान्त तथा खो-खो में अजीत को सम्मानित किया गया। सभी का स्वागत माय भारत के उप निदेशक कपिल देव ने किया। धन्यवाद ज्ञापन जिला युवा कल्याण अधिकारी दिलीप कुमार एवं पद यात्रा के संयोजक प्रवीण सिंह ने किया। संचालन माय भारत के ए0पी0ए0 सुभाष चन्द्र प्रसाद ने किया। इस अवसर पर विशाल पद यात्रा निकाली गयी। पद यात्रा को जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। पद यात्रा आडिटोरियम से प्रारम्भ होकर नेहरू स्टेडियम तक जाकर समाप्त हुई। पदयात्रा में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंण्डल, एन0एस0एस0, एन0सी0सी0, भारत स्काउड गाइड, अति प्राचीन रामलीला समिति, माय भारत के स्वयं सेवक, खेल विभाग, युवा कल्याण विभाग, महिला एवं बाल विकास, शैक्षिक संस्थान के बच्चों एवं सामाजिक संगठनों ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर विजेन्द्र राय, भानु प्रताप सिंह, सुनिल सिंह, कृष्ण बिहारी राय, अखिलेश सिंह, शैलेष राम, विनोद अग्रवाल, एन0एस0एस0 कार्यक्रम अधिकारी रामनाथ केशरवानी, जिला विकास अधिकारी सुभाष चन्द्र सरोज, परियोजना निदेशक दीन दयाल वर्मा, जिला सूचना अधिकारी राकेश कुमार, बेसिक शिक्षा अधिकारी उपासना रानी, एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहें।
गाजीपुर। जिलाधिकारी अविनाश कुमार एवं पुलिस अधीक्षक डा. ईरज राजा द्वारा संयुक्त रूप से जिला कारागार (जेल) का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान, जिलाधिकारी एंव पुलिस अधीक्षक द्वारा जिला कारागार मे कारागार चिकित्सालय, महिला एंव पुरूष बैरक, रसोई घर का निरीक्षण किया। कारागार में लगाए सी सी टी वी की संचालन व्यवस्था की जॉच की। जिलाधिकारी एंव पुलिस अधीक्षक ने कारागार चिकित्सालय मे भर्ती कैदियों से बीमारियो के संबंध मे पूछा तथा उनके खान-पान एवं साफ-सफाई की जानकारी ली। जिला कारागार के हवालात कार्यालय के स्टाक रजिस्टर की जांच की गई, इसके पश्चात बारी-बारी से सभी बैरको का निरीक्षण किया गया। बैरको मे बंदियों के कार्ड पर अगली पेशी का दिनांक को चेक किया गया। कारागार मे रसोई घर के निरीक्षण मे प्रत्येक दिनं बनने वाले भोजन के मीनू की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने जेल अधीक्षक को निर्देश दिया कि जेल के अन्दर किसी भी दशा मे मोबाइल व अन्य उपकरण का प्रवेश न होने पाए इस हेतु रोस्टर बनाकर चेंकिग अभियान चलाकर चेक किया जाए, इसके अतिरिक्त महिला बन्दीगृह मे दी जा रही सुविधाओ के बावत जानकारी ली।
राष्ट्रीय एकता दिवस पर सरदार पटेल को भावभीनी श्रद्धांजलि
गाजीपुर। शुक्रवार को शाह फैज़ विद्यालय के प्रांगण में भारत के पहले उप-प्रधानमंत्री और लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ (National Unity Day) अत्यंत हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर, देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा में सरदार पटेल के अमूल्य योगदान को याद किया। ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ के अवसर पर विद्यालय के निदेशक डॉ नदीम अधमी द्वारा प्रधानाचार्य, उप-प्रधनाचार्य एवं सभी शिक्षक-शिक्षिकायों को देश की सुरक्षा, एकता व अखंडता को बनाए रखने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता की प्रतिज्ञा दिलवायी गयी ।
मोहम्मदाबाद विधानसभा के भाजपा नेता मनोज राय (पूर्व पी.सी.एस.) को बिहार चुनाव में मिली बड़ी जिम्मेदारी
गृह मंत्री अमित शाह एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की चुनावी सभाओं का नेतृत्व कर रहे हैं
गाज़ीपुर।भाजपा संगठन ने बिहार विधानसभा चुनाव में अपनी पूरी शक्ति झोंक दी है। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं गृह मंत्री अमित शाह लगातार बिहार के विभिन्न जिलों में जनसभाएँ कर रहे हैं। एनडीए गठबंधन की इन सभाओं के सुचारू संचालन हेतु उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जनपद की मोहम्मदाबाद विधानसभा से आने वाले युवा भाजपा नेता मनोज राय (पूर्व पी.सी.एस.) को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। मनोज राय बिहार में अपने प्रशासनिक अनुभव के लिए लंबे समय से जाने जाते हैं। पूर्व में उन्होंने बिहार राज्य में विभिन्न प्रशासनिक पदों पर कार्य करते हुए उल्लेखनीय सेवाएँ दी हैं। इसी अनुभव के आधार पर भाजपा नेतृत्व ने उन्हें बिहार चुनाव में गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की चुनावी रैलियों के संचालन एवं समन्वय की प्रमुख जिम्मेदारी दी है। भूमिहार समाज से आने वाले मनोज राय को विशेष रूप से भूमिहार बहुल क्षेत्र लखीसराय में उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा के विधानसभा क्षेत्र में आयोजित सभाओं का दायित्व सौंपा गया है, जहाँ वे हाल ही में अमित शाह के साथ मंच साझा करते हुए देखे गए। भाजपा के प्रदेश एवं केंद्रीय नेतृत्व ने मनोज राय पर भरोसा जताते हुए कहा कि उनका प्रशासनिक अनुभव और संगठनात्मक दक्षता बिहार चुनाव में पार्टी के अभियान को और अधिक प्रभावी बनाएगी। यह जिम्मेदारी मिलने के बाद उनके समर्थकों खुशी और उत्साह बना हुआ है।
गाजीपुर। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय महुआबाग में भूगोल विभाग – स्नातक पंचम सेमेस्टर की छात्राएं क्षेत्रीय भौगोलिक भ्रमण एवं सर्वेक्षण के लिए डॉ. निरंजन कुमार यादव के निर्देशन में गुरुवार को दार्जिलिंग रवाना हुई। डॉ. निरंजन कुमार यादव ने बताया कि यह कार्यक्रम पाठ्यक्रम का अनिवार्य हिस्सा है इसके साथ ही साथ भौगोलिक भ्रमण और सर्वेक्षण का उद्देश्य प्रत्यक्ष ज्ञान प्राप्त करना, प्राथमिक डेटा एकत्र करना, स्थानिक पैटर्न और मानव-पर्यावरण संबंधों को समझना, और भौगोलिक सिद्धांतों को व्यवहार में लाना है।
जिससे हमारी छात्राएं भावी जीवन में भौतिक पर्यावरण और मानवीय गतिविधियों के बीच जटिल अंतःक्रियाओं को आसानी से समझ सकें। यह यात्रा छात्राओं के लिए व्यावहारिक कौशल, जैसे नेतृत्व और टीमवर्क, विकसित करने में भी सहयोगी सिद्ध होगी । प्राचार्य प्रो अनीता कुमारी ने यात्रा को हरी झंडी दिखाते हुए कहा कि यात्राएं जीवन को एक नयी दिशा देती हैं। स्त्रियों को पिछे रह जाने के पीछे एक बड़ा कारण है कि वह अपने जीवन में यात्राएं कम कर पाती हैं। यात्रा हमें एक नयी दुनिया से परिचित कराता है और कई तरह की संकीर्णता से हमें ऊपर उठाता है। इस यात्रा दल में छात्राओं के साथ भूगोल विभाग के शोधार्थी भी सम्मिलित हैं। इस यात्रा दल में कुल 70 यात्री सम्मिलित हैं। उपर्युक्त सूचना मीडिया प्रभारी सह सहयात्री डॉ शिव कुमार ने दिया।
नगसर। स्थानीय क्षेत्र में बुधवार को आर पी स्कूल ढढ़नी में चल रहे श्रीमद्भागवत कथा के अंतिम प्रसंग में कथावाचक आचार्य राम मनोज त्रिपाठी ने कई दिव्य घटनाओं का वर्णन किया, सबसे पहले स्यमंतक मणि का प्रसंग का जिक्र किए जिसमें भगवान श्रीकृष्ण पर झूठा आरोप लगाया जाता है, परंतु अंत में सत्य प्रकट हो ही जाता है और उनका तेज़ और गौरव और बढ़ जाता है। इसके बाद भगवान के अन्य विवाहों का वर्णन किए जिसमें उन्होंने सोलह हजार एक सौ राजकन्याओं से विवाह , जिन्हें नरकासुर ने बंदी बना रखा था। भगवान ने उन्हें मुक्त कर अपने साथ सम्मानपूर्वक विवाह किया, जो उनके करुणा और धर्म की रक्षा का प्रतीक है के बारे में व्याख्यान दिए।
इसके पश्चात नारद मोह कथा के बारे बताए जिसमें देवर्षि नारद भी माया में फँसकर भगवान की लीला का अनुभव करते हैं। फिर सुदामा और श्रीकृष्ण की मित्रता का प्रसंग को झांकी और भजन द्वारा दिखाने का प्रयास किए , जिसमें निर्धन ब्राह्मण सुदामा के प्रति भगवान का प्रेम, सच्ची मित्रता और भक्ति की सर्वोच्चता को दर्शाता है। उद्धव को संदेश देकर भगवान ज्ञान और वैराग्य की शिक्षा देते हैं, और अवधूतोपाख्यान के माध्यम से जगत के रहस्यों का उपदेश देते हैं। अंत में भगवान का अंतिम उपदेश, कल्कि अवतार का वर्णन और प्रलय के कथा के बारे में विस्तार रूप से चर्चा किए।
कथा के अंत में कथावाचक आचार्य राम मनोज त्रिपाठी ने कहा जिस प्रकार शुकदेव जी के कथा से राजा परीक्षित की मुक्ति हो जाती है उसी प्रकार यह कथा भक्तों को भक्ति, प्रेम और जीवन के सत्य का सन्देश देती है।जिससे सभी भक्तों का कल्याण हो जाता है। आज के कथा में प्रदीप चतुर्वेदी,जयनारायण उपाध्याय,दयाशंकर दुबे,श्रीकांत चौबे,आशुतोष मिश्रा,देवेश तिवारी,जयगोविंद दुबे,पप्पू तिवारी,रणजीत राणा,रमेश व्यास,उपेन्द्र यादव,जयप्रकाश पाण्डेय,रामप्रवेश पाण्डेय सहित सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भगवान के कथा का रसपान किया।