घर व आसपास न होने दें जल जमाव व गंदगी
गाजीपुर। त्योहारों का सीजन आ रहा है। यही मौका है कि घर, छत व आसपास के स्थानों की अच्छे से साफ-सफाई कर ली जाए। छत पर पड़े निष्प्रयोज्य बर्तनों, बोतलों, गमलों, टायरों, कूलर आदि में एकत्रित पानी को अलग कर सफाई कर ली जाए। घर के बाहर लगी झाड़ियों की कटाई कर ली जाए। जमा हुई गंदगी, कचरा आदि को भी दूर कर लिया जाए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ सुनील पाण्डेय का ने कही।
उन्होंने कहा कि घर व आसपास कहीं भी जल जमाव या गंदगी एकत्रित न होने दें, क्योंकि जिन स्थानों पर पानी ठहरेगा या जल जमाव की स्थिति पैदा होगी, वहाँ मच्छरों का लार्वा पनपेगा। इसकी वजह से वेक्टर (मच्छर, मक्खी आदि) जनित विभिन्न संक्रामक व संचारी रोग उत्पन्न होंगे। त्योहार के समय में सभी का स्वास्थ्य बेहतर हो, खुशहाल हो, इसके लिए हमें जागरूक और सतर्क रहने की आवश्यकता है। सीएमओ ने कहा कि वर्तमान में स्वास्थ्य समेत 10 विभागों के सहयोग से जनपद में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान भी संचालित किया जा रहा है। संचारी रोगों विशेषकर डेंगू पर प्रभावी रोकथाम व नियंत्रण के लिए निरोधात्मक गतिविधियां नियमित रूप से संचालित की जा रही हैं। जिला मलेरिया अधिकारी (डीएमओ) मनोज कुमार ने बताया कि जनपद में डेंगू, मलेरिया व मच्छर जनित अन्य बीमारियों को रोकने के लिए जन-जागरूकता का कार्य किया जा रहा है जिससे स्वयं के साथ-साथ अपने परिवार को सुरक्षित रखा जा सके। आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से घर-घर जाकर जन-जागरूकता के माध्यम से बदलते मौसम, संचारी रोगों से बचाव और साफ-सफाई के बारे में जानकारी दी जा रही है। शहरी क्षेत्र के लिए गठित की गयी नगर पालिका की टीम वार्ड और मोहल्लों में जाकर जन-जागरूकता के साथ ही फॉगिंग और एंटी लार्वा के छिड़काव का कार्य कर रही हैं, जिससे इन बीमारियों को फैलने से रोका जा सके।
उन्होंने बताया कि वेक्टर जनित अधिकतर बीमारियाँ मच्छरों के काटने से फैलती हैं। इन बीमारियों से बचने के लिए मच्छरों से बचाव करना बहुत जरूरी है। इसके लिए घर व आस-पास साफ-सफाई रखें तथा जल का भराव न होने दें। झाड़ियों और नालियों को साफ सुथरा रखें, आसपास रुके हुए पानी में जला हुआ मोबिल आयल या मिट्टी का तेल डालकर लार्वा को नष्ट करें, घर के दरवाजे और खिड़की पर मच्छर रोधी जाली लगाएं। सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग अवश्य करें। पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनें। कूलर, फ्रिज आदि को साप्ताहिक रूप से साफ करें। छत पर निष्प्रयोज्य बर्तन, पाइप, टायर, नारियल के खोल आदि न डालें। गमलों और फूलदानों को भी साफ रखें। डीएमओ ने बताया कि इस साल अब तक डेंगू के 30 मरीज मिले हैं। डेंगू से अभी तक किसी की मृत्यु नहीं हुई है। वर्ष 2024 में 112, वर्ष 2023 में 283, वर्ष 2022 में 190 और 2021 में 112 डेंगू के एलाइजा पुष्ट मरीज पाये गए थे। वहीं कालाजार का मरीज पिछले 2 वर्षों से सूचित नही हुआ है। गैर प्रान्तों और जनपदों से ग्रसित होकर अब तक 11 मलेरिया धनात्मक आए हैं जो उपचार के उपरांत स्वस्थ हो चुके हैं। आगामी त्योहारों के अवसर पर और ग्रसितों की आशंका के मद्देनजर सभी चिकित्सालयों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। खानपान पर दें ध्यान दृ सीएमओ ने बताया कि बुखार की स्थिति में मरीज को पूरी तरह से आराम करना चाहिए। अधिक से अधिक तरल पदार्थों जैसे ताजे फलों का जूस, दाल का पानी, नारियल पानी, ओआरएस घोल, दूध-छाछ, ताजे फल, प्रतिरक्षा तंत्र मजबूत करने वाले खाद्य पदार्थों आदि का सेवन करना चाहिए। तले भुने, गरिष्ठ भोजन, दर्द निवारक दवाओं आदि से बचना चाहिए।
डेंगू, मलेरिया व बुखार में अंतर समझना जरूरी दृ सीएमओ ने बताया कि आम लोग यह नहीं समझ पाते हैं कि उन्हें मलेरिया हुआ है या डेंगू या सामान्य बुखार है। मलेरिया का बुखार ठंड देकर आता है तो डेंगू में लगातार बुखार के साथ हड्डियों-जोड़ों में दर्द रहता है। इस तरह के कोई भी लक्षण होने पर तुरंत नजदीकी प्राथमिक या सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर चिकित्सक से परामर्श लेकर मलेरिया और डेंगू की जाँच करानी चाहिए। जनपद के सभी सरकारी स्वास्थ्य केन्द्रों पर मलेरिया व डेंगू के इलाज की सुविधा उपलब्ध है।
मिशन शक्ति अभियान चलाकर लोगों को किया जागरूक



गाजीपुर।मुख्यमंत्री की महत्वपूर्ण योजना मिशन शक्ति-5.0 उ0प्र0 शासन के आदेशानुसार जिलाधिकारी अविनाश कुमार एवं पुलिस अधीक्षक डा. ईरज राजा के निर्देशन में महिला सशक्तिकरण हेतु चलाए जा रहे ‘‘मिशन शक्ति‘‘ अभियान फेज-5.0 के अंतर्गत कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।जिसमें मिशन शक्ति अभियान को सार्थक बनाने के क्रम में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों थाना दिलदारनगर, भुड़कुडा, नोनहरा, ग्राम पंचायत भारौली थाना करीमुद्दीनपुर, शादियाबाद, मरदह, बाबा विश्वनाथ महाविद्यालय खानपुर थाना खानपुर, थाना बहरियाबाद, ग्राम सभा तड़वां टप्पा सौरी थाना शादियाबाद, थाना जमानियां, रेवतीपुर एवं अन्य थाना क्षेत्रों में स्थित मुख्य- मुख्य बाजारों, विद्यालयों, संवेदनशील स्थानों एवं भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाकर पुलिस बल द्वारा पैदल गश्त कर मिशन शक्ति का अभियान चलाकर सभी को जागरूक किया गया। कार्यक्रम में सरकार के द्वारा चलाई गई हेल्पलाइन नंबर 1090, 1098, 1076, 1930, 112, 102, 108, सी0यू0जी0नं0-9454403443 एवं विभिन्न नंबरों के बारे में लोगो को जागरूक किया गया। जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों मे स्थापित मिशन शक्ति केन्द्र द्वारा महिलाओं, बालिकाओं को जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया। जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों मे पुलिस प्रशासन की एंटी रोमियो टीम द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों में भ्रमण/चेकिंग कर शोहदों के विरुद्ध कार्यवाही की गई । जनपद के थाना क्षेत्रों मे वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।जिसमें हूटर, काली फिल्म, लाल नीली बत्ती, नंबर प्लेट पर शासकीय या जाति या धर्म को इंगित करने वाले शब्द/प्रतीक चिन्ह अंकित करने वालों, स्टंट करने वालों के विरुद्ध कार्यवाही की गई ।
बीसी सखी के साथ संवाद एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन





गाजीपुर। मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत 16 अक्टूबर 2025 को जनपद में बीसी सखी के साथ संवाद एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मनोज कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय सोनी, वन स्टॉप सेंटर मैनेजर प्रियंका प्रजापति, सीएचएल समन्वयक संतोष सिंह, तथा बाल संरक्षण अधिकारी गीता श्रीवास्तव उपस्थित रहे। कार्यक्रम में राष्ट्रीय आजीविका मिशन के कार्मिकों के साथ-साथ जनपद की विभिन्न स्वयं सहायता समूहों की बैंक सखियों ने सहभागिता की। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों द्वारा महिलाओं को मिशन शक्ति के तहत संचालित विभिन्न योजनाओं, हेल्पलाइन नंबरों (1090, 181, 112, 1076, 102, 108) तथा साइबर सुरक्षा एवं वित्तीय साक्षरता के विषय में जानकारी प्रदान की गई। बैंक सखियों को बैंकिंग सेवाओं में उनकी भूमिका, महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण में योगदान तथा ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के प्रयासों हेतु प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूक करना रहा।
इसी क्रम में जनपद के समस्त विकास खण्डों मरदह, मनिहारी, बराचवर, बिरनों मुहम्मदाबाद, जखनियां, एवं विभिन्न विकास खण्डों के विभिन्न ग्राम पंचायतों में मिशन शक्ति 5.0 अभियान के दौरान महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन हेतु जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करते हुए विशिष्ट उपलब्धियों हेतु महिलाओं को सम्मानित किया गया। विद्यालय में भी बच्चों को विभिन्न हेल्पलाइन नम्बरों की जानकारी प्रदान किया गया।
इसी क्रम में मिशन शक्ति 5.0 अभियान के दौरान यूपी ट्रेड स्वदेशी मेला लंका गाजीपुर में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन हेतु जागरूकता कार्यक्रम उद्योग विभाग आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 05 महिलाओं को सिलाई मशीन, 02 महिलाओं – शीतल यादव, बिंदु कुमारी को लोन दिया गया, तथा 02 महिला उद्यमियों -रेहाना परवीन, फातिमा खातून को उद्यमिता प्रोत्साहन हेतु सम्मानित किया गया।
लापरवाही हुई तो होगी कार्यवाही:डीएम
गाजीपुर। जिला सुरक्षा समिति की बैठक बुधवार को जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में रायफल क्लब सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में अनुपालन आख्या की समीक्षा की गयी। समीक्षा में निर्देश दिये गये कि समस्त अधिकारी बैठक में स्वयं प्रतिभाग करेंगे एवं अनुपालन आख्या के साथ कृत कार्यवाही का विस्तृत विवरण फोटोग्राफ्स सहित क्रमिक माह एवं विगत वर्ष में उसी माह के तुलनात्मक विवरण के साथ संलग्न करेंगे। माह सितम्बर की मासिक बैठक में जिलाधिकारी द्वारा जनपद के समस्त कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों को उनके कार्यक्षेत्र में पड़ने वाले सड़को के दोनो तरफ झाड़ियों की छटाई करवाने हेतु निर्देश दिये गये। हिट एण्ड रन केस के सम्बन्ध में जागरूक किये जाने हेतु मीडिया में प्रचार-प्रसार करने हेतु पुलिस विभाग द्वारा इस सम्बन्ध में कार्यशाला आयोजित करायी जाय एवं प्रभावित व्यक्तियों को परिवहन विभाग में आवेदन हेतु जानकारी दी जाये। हिट एण्ड रन के लम्बित प्रकरणों को तत्काल निस्तारित कराया जाये।

परिवहन विभाग एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियो को यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा सम्बन्धी दिशा निर्देशो का विद्यालयो में प्रतिमाह आयोजित होने वाली पैरेन्ट्स टीचर मीटिंग में हैण्डविल (प्रचार सामाग्री) के माध्यम से जागरूक करने हेतु निर्देशित किया गया। वित्तविहीन मान्यता प्राप्त विद्यालयों में भी उक्त दिशा निर्देशो का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चत कराया जाय एवं अनुपालन आख्या जिलाधिकारी को अवलोकनार्थ प्रस्तुत की जाय। जिलाधिकारी द्वारा विद्यालयोें की प्रार्थना सभा में सड़क सुरक्षा के सम्बन्ध में जागरूक किये जाने हेतु अधिकारियों द्वारा विद्यालयों में नियमित भ्रमण कर अभियान चलाये जाने हेतु निर्देश दिये गये। इस सम्बन्ध में निर्देश दिए गए कि जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी, क्षेत्राधिकारी यातायात, व सहायक सम्भागीय अधिकारी, (प्रवर्तन एवं प्रशासन) विद्यालय प्रबन्धकों के साथ एक सप्ताह के अन्दर बैठक कर विद्यालयों के समस्त वाहनों के परमिट व फिटनेस की समीक्षा कर यह प्रमाण प्राप्त करेंगे कि बिना फिटनेस एवं परमिट के नवीनीकरण के किसी भी वाहन से परिवहन नहीं किया जा रहा है। विद्यालय प्रबन्धन का यह दायित्व होगा कि यदि वाहनों को आउटसोर्सिंग से रखा गया है तो यह ऑपरेटर से परमिट व फिटनेस प्रमाण पत्र अवश्य लेंगे। इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता अक्षम्य होगी।

दुर्घटना होने पर विद्यालय प्रबंधन का उत्तरदायित्व निर्धारित किया जायेगा। इस दौरान यह भी निर्देश दिए गए कि विद्यार्थी जिसके पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं है वह दो पहिया वाहन नहीं चलाएगा एवं दोपहिया वाहनों से आने वाले लाइसेंस धारक विद्यार्थी हेलमेट का प्रयोग अवश्य करेंगे इसमें किसी भी प्रकार का उल्लंघन करने पर संबंधित विद्यार्थी के अभिभावक को सूचित किया जाए एवं प्रतिदिन अनुश्रवण किया जाये। ई रिक्शा वह अन्य छोटे वाहनों से आने वाले विद्यार्थी उस वाहन की निर्धारित क्षमता से अधिक न लाये जाये एवं उल्लंघन की दशा में अभिभावकों को सूचित किया जाए एवं विद्यार्थी के सुरक्षित विद्यालय तक आवागमन हेतु प्रेरित किया जाये। इसके अनुश्रवण के लिए प्रत्येक विद्यालय में एक इंटरनल ट्रैफिक रूल्स कमेटी के गठन किया जाये। कमेटी द्वारा प्रत्येक माहं की पहली तारीख को इसकी सूचना जिला अधिकारी कार्यालय को दी जाएगी एवं विद्यार्थियों को आवागमन हेतु किसी भी प्रकार की लापरवाही किए जाने पर अक्टूबर माह से जिला प्रशासन द्वारा दंडात्मक कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए गए।

इस सम्बन्ध में लापरवाही पाये जाने पर जिला विद्यालय निरीक्षक एवं सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जायेगी। अधिकारियों द्वारा किये गये भ्रमण की आख्या फोटोग्राफ्स के साथ प्रेषित की जायें। सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को तत्काल गोल्डेन ऑवर में चिकित्सा केन्द्र पर पहुचाने हेतु आम लोगो को जागरूक करने हेतु प्रचार-प्रसार किये जाने के निर्देेश दिये गये एवं प्रचार-प्रसार के लिए सार्वजनिक स्थलों एवं थाना व अस्पताल पर होडिग्सं लगाये जाने एवं अनुपालन आख्या के साथ स्थल भी सूची एवं फोटोग्राफ्स प्रेषित किये जायें। एम्बुलंेस नोडल द्वारा अवगत कराया गया कि गोल्डेन ऑवर में घायल व्यक्ति को चिकित्सा केन्द्र पर पहुँचाने हेतु सूचना प्राप्त होते ही तत्काल पहुचाने के लिए 37-एम्बुलेन्स उपलब्ध है। एम्बुलेन्स को तत्काल घटनास्थल पर पहँुचने के लिए एम्बुलेस नोडल को निर्देश दिये गये। हाईवे पर चिन्हित स्थानों पर ही पार्किंग की जायें अन्यत्र स्थलों पर पार्किंग किये जाने पर कार्यवाही की जाय। इस सम्बन्ध में अध्यक्ष द्वारा अत्यन्त रोष व्यक्त किया गया एवं निर्देश दिया कि टोल प्लाजाओं पर हो रही अवैध पार्किंग पर एन0एच0ए0आई0 के अधिकारियों द्वारा रोक न लगा पाने पर एन0एच0ए0आई0 के उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जायेगा।

सम्बन्धित थानाध्यक्ष इस प्रकार की अवैध पार्किंग को चेक करायेगें एवं अनुपालन न होने पर जिला प्रशासन को अवगत करायेगें। हाईवेे पर चलने वाले, दो पहिया वाहनो पर बिना हेडमेट चलने, सीट बेल्ट का प्रयोग न करने, वाहन चलाते समय मोबाईल का प्रयोग करने एवं नशे की हालत में वाहन चलाने वाले चालको पर कडी कार्यवाही किये जाने हेतु निर्देश दिये गये। इस सम्बन्ध मंे जागरूक किये जाने हेतु प्रचार-प्रसार किये जाने के भी निर्देश दिये गये। जनपद में इस वर्ष के चिन्हित 17 ब्लैक स्पॉट पर जनपदीय समिति द्वारा स्थलीय निरीक्षण कर स्थलवार सुधार कियें जाने हेतु तथ्यात्मक रिपोर्ट के आधार पर सम्बन्धित कार्यदायी संस्थाओं द्वारा तत्काल सुधार कार्य करायें जानें हेतु निर्देश दिये गये। एन.एच.ए.आई. वाराणसी के अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि उनके कार्य क्षेत्र के सभी ब्लैक स्पाट पर आवश्यकता अनुसार रोड मार्किग, साईनेज, आर.बी.एम. का कार्य पूर्ण कराया जा चुका है। वाराणसी-गाजीपुर राष्ट्रीय मार्ग संख्या-31 पर मार्ग के कटो पर स्थानीय लोगों द्वारा बार-बार मीडियन को तोडकर अवैध कट बना दिया है। ऐसे अवैध कटो पर तत्काल एफ.आई.आर. दर्ज करायी जाय। स्थानीय लोगों द्वारा क्षति पहुॅचाये जाने पर कडी कार्यवाही किये जाने के निर्देश दिए गए। उन्हे पुनः बन्द कराया जाये। वीर अब्दुल हमीद सेतु पर दो बार केबिल चोरी हो जाने के सम्बन्ध में अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) को निर्देश दिया गया कि अगली बार चोरी होने पर पुलिस चौकी रजागंज एवं थाना सुहवल की जिम्मेदारी तय की जायेगी। राष्ट्रीय मार्गो पर पटरियों को सही कराया जाये एवं पॉट होल्स की तत्काल मरम्म्त करायी जाये। बैठक का संचालन लो0नि0वि0 के सहायक अभियन्ता, अनुराग यादव द्वारा किया गया। बैठक में लो0नि0वि0 के अधिशासी अभियन्ता, बी.एल. गौतम, जे.पी. यादव, यातायात निरीक्षक सहित परिवहन, एन.एच.ए.आई., स्वास्थ विभाग, जल निगम के अधिकारियो व बस/ट्रक यूनियन के पधाधिकारी उपस्थित रहें।
उत्कृष्ट कार्य करने वाली शिक्षिकाओं को प्रमाण-पत्र देकर किया सम्मानित


गाजीपुर।बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला शिक्षिकाओं का प्रेरणादायक सम्मान समारोह आयोजित में उत्तर प्रदेश सरकार के प्रमुख अभियान मिशन शक्ति फेज़-5.0 के तहत, बेसिक शिक्षा विभाग, गाज़ीपुर द्वारा जिला अधिकारी एवं बेसिक शिक्षा अधिकारी के दिशा-निर्देशानुसार बुधवार को विकास भवन में बेसिक शिक्षा विभाग में उत्कृष्ट कार्य करने वाली शिक्षिकाओं का भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम महिलाओं के सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता एवं समाज सेवा को गति प्रदान करने के उद्देश्य से संचालित हुआ। जो न केवल उत्कृष्ट योगदान को सम्मानित करता है, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन की प्रेरणा भी जागृत करता है। समारोह की शुरुआत माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना से हुई, जिसके बाद कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं ने अपने मनमोहक स्वागत गीत से सभी अतिथियों का हार्दिक अभिनंदन किया। कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं को प्रतीकात्मक रूप से महत्वपूर्ण प्रशासनिक भूमिकाएँ सौंपना रहा। इन्हें क्रमशः जिला अधिकारी, सीडीओ, बेसिक शिक्षा अधिकारी, खण्ड शिक्षा अधिकारी सदर एवं नगर तथा खण्ड शिक्षा अधिकारी सैदपुर की भूमिकाओं में सम्मानित किया गया। छात्राओं को विशेष आसनों पर विराजमान कर माल्यार्पण एवं अभिनंदन प्रदान किया गया, जो महिला सशक्तिकरण का एक जीवंत एवं प्रेरणादायक संदेश बन गया। मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अंतर्गत महिलाओं के सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता एवं समाज सेवा से जुड़े संदेशों को जीवंत प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रसारित किया गया। इसी क्रम में जिले के 16 ब्लॉकों एवं नगर क्षेत्र से बेसिक शिक्षा विभाग में उत्कृष्ट कार्य करने वाली शिक्षिकाओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया, जिससे समारोह में उत्साह का संचार हुआ। समापन सत्र में सम्मानित शिक्षिकाओं ने मिशन शक्ति अभियान से जुड़े अपने व्यक्तिगत अनुभव एवं विचार साझा किए, जिसने पूरे आयोजन को एक प्रेरणादायी माहौल प्रदान किया। यह समारोह न केवल शिक्षिकाओं के अमूल्य योगदान को मान्यता देता है, अपितु भावी पीढ़ी को सशक्त नेतृत्व एवं समान अवसरों की दिशा में प्रोत्साहित भी करता है। कार्यक्रम में गरिमामयी उपस्थिति खण्ड शिक्षा अधिकारी सदर एवं नगर अलोक कुमार तथा खण्ड शिक्षा अधिकारी सैदपुर उदय प्रताप राय की रही। सम्मानित शिक्षिकाओं में सपना राय, रीतु श्रीवास्तव, माया सिंह, मंजू राय, रिंकू सिंह, सुमन यादव, कविता तिवारी, सरोज भारती, प्रियंका आदि शामिल रहीं। इसके अलावा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, गाज़ीपुर के स्टाफ सदस्य एवं वहाँ की छात्राएँ तथा व्यायाम शिक्षक, गाज़ीपुर अश्विनी कुमार राय भी उपस्थित रहे।
डीएम ने की जिला स्वास्थ्य समिति शासी निकाय की बैठक,किसी भी मरीज को बाहर की दवा न दी जाए

गाजीपुर। जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति शासी निकाय की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने समस्त एम0ओ0वाई0सी0 को निर्देशित किया कि किसी भी प्रकार का भुगतान पेण्डिंग न रहें, तत्काल भुगतान करें। उन्होने कहा कि टी0बी0 मरीजो को सरकारी दवा ही दी जाए एवं जॉच कराने के लिए जागरूक करें किसी भी मरीज को बाहर की दवा न दी जाए। जिलाधिकारी ने संबंधित को निर्देशित किया कि आशा का भुगतान समय से किया जाए,समस्त एम0ओ0वाई0सी0 तहसीलों पर बी0एच0एन0डी0 की बैठक करते रहें। जिलाधिकारी ने कहा कि हेल्थ वेलनेस सेन्टर पर आवश्यक दवाओ की उपलब्धता रहे, ओ0पी0डी0 का संचालन तथा नियमित रूप से सी0एच0ओ0 एवं एन0एम0 की उपस्थिति का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने संबंधित चिकित्सा अधीक्षको को हेल्थ वेनलेस सेन्टर की क्रियाशीलता बराबर चेक करते रहने का निर्देश दिया। समीक्षा के दौरान उन्होने जननी सुरक्षा योजनार्न्तगत गर्भवती महिलाओं के संस्थागत प्रसव के संबंध मे जानकारी लेते हुए इस कार्यक्रम के अन्तर्गत महिलाओ को निःशुल्क भोजन तथा दवा एवं ड्राप बैक की सुविधा के साथ-साथ 48 घण्टे रोके जाने के निर्देश दिए।बैठक मे जिलाधिकारी ने ओ पी डी एवं आई पी डी की समीक्षा, एफ आर यू0 , आर बी एस के कार्यक्रम, दृष्टिहीनता निवारण, एम्बुलेंस सेवाए, वेक्टर जनित रोग नियंत्रण, ई-कवच, आभा आई डी प्रगति, जननी सुरक्षा योजना, जे0एस0वाई के भुगतान, मातृत्व मृत्यु दर की समीक्षा,परिवार कल्याण कार्यक्रम, टीकाकरण, क्षय रोग नियंत्रण, कुष्ठ उन्मूलन, प्रधानमंत्री आयुष्मान कार्ड, जन्म-मृत्यु पंजीयन, अन्य बिन्दुओ पर विस्तारपूर्वक समीक्षा की। उन्होने कहा कि जो भी शासन की योजनाए संचालित है, उसका शत-प्रतिशत क्रियान्वयन हो, कोई भी पात्र योजना से वंचित न रहे। बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी सुनिल पाण्डेय, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी (एन एच एम), समस्त एम ओ वाई सी एंव अन्य संबंधित जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
मानशी बनी एक दिन की जीआरपी थाना प्रभारी
गाजीपुर। सिटी स्टेशन के जीआरपी थाना में शिवनाथ राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की 6वीं कक्षा की छात्रा मानशी बनी एक दिन की थानाध्यक्ष। मिशन शक्ति के तहत शिवनाथ राजकीय बालिका इंटर कॉलेज महुआ बाग स्कूल की कक्षा 6 की मेधावी छात्रा मानशी बनीं एक दिन की थानाध्यक्ष बुधवार को बनाई गई। महिला सशक्तिकरण के तहत बुधवार को जीआरपी सिटी में आयोजित विशेष कार्यक्रम में शिवनाथ राजकीय बालिका इंटर कॉलेज महुआबाग की मेधावी छात्रा कु मानशी ने एक दिन की थानाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालकर सभी का ध्यान आकर्षित किया। इस आयोजन का उद्देश्य महिलाओं व युवतियों में आत्मविश्वास बढ़ाना, अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाना और सुरक्षा से जुड़ी जानकारी साझा करना था। थाना में मौजूद लोगों की समस्याओं को सुना। अपने संबोधन में मनशी ने कहा कि आज की बेटियों को डरने की बजाय आत्मरक्षा में निपुण बनना चाहिए। उन्होंने थाने की कार्यप्रणाली, कानून व्यवस्था और महिला सुरक्षा से संबंधित प्रावधानों को बारीकी से समझा एवं स्टेशन परिसर से गुजरने वाली छात्राओं को सुरक्षा के संबंध में आदेशित किया। कार्यक्रम के दौरान महिला पुलिस कर्मियों ने यात्रियों और रेलकर्मियों को महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन नंबर 112 तथा 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन सहित अन्य सेवाओं की जानकारी दी। उपस्थित लोगों को बताया गया कि किसी भी असुरक्षित स्थिति में तत्काल सहायता कैसे प्राप्त की जा सकती है।इस अवसर पर जीआरपी थानाध्यक्ष जितेन्द्र कुमार सिंह, उपनि0 पवन कुमार, म0का0 सुमित्रा पटेल, कांस्टेबल रणबीर प्रसाद सहित थाना स्टाफ, यात्री, रेलकर्मी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। सभी ने महिला सुरक्षा और बेटियों के सशक्तिकरण के लिए मिलकर जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
पटाखे की दुकानों व गोदाम का किया निरीक्षण,किसी भी निर्देशों का न करें उल्लंघन


गाजीपुर। तहसील सदर में वयेपुर में झिगुरपट्टी व जंगीपुर स्थित पटाखों की दुकानों व गोदामों का निरीक्षण अपर जिलाधिकारी वि/रा0 दिनेश कुमार, उपजिलाधिकारी सदर क्षेत्राधिकारी नगर गाजीपुर तथा मुख्य अग्निशमन अधिकारी द्वारा किया गया। निरीक्षण के दौरान दुकानो के लाईसेंस व उनके नवीनीकरण, स्टाक रजिस्टर तथा वहा उपलब्ध पटाखों के साथ सुरक्षा की जॉच की गई। जॉच में पाया गया कि सभी दुकानो/गोदामों पर सुरक्षा के दृष्टिगत फायर इस्टींयूसर सिलेंडर बालू, पानी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध थे।समस्त दुकान मालिकों को निर्देशित किया गया कि शासन द्वारा निर्धारित मान के अनुरूप पटाखों की बिक्री करें तथा किसी भी निर्देशों का उल्लघन न करें।
डीएम ने की बैठक,दिए निर्देश

गाजीपुर। जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में ‘‘निपुण भारत मिशन’’ एवं जिला अनुश्रवण समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में सर्वप्रथम निपुण भारत मिशन की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी द्वारा शिक्षक उपस्थिति शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने का निर्देश खण्ड शिक्षा अधिकारियों को दिया गया। विद्यालयों में कायाकल्प कार्यक्रम के अन्तर्गत 19 पैरामीटर्स में से जो भी पैरामीटर्स विद्यालय में असंतृप्त रह गए है, उनको पूर्ण कराने हेतु खण्ड शिक्षा अधिकारियो को खण्ड विकास अधिकारियों से समन्वय स्थापित करते हुए पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। अकादमिक रिर्सोस पर्सन(ए0आर0पी0) के रिक्त पदो पर द्वितीय चरण के चयन की कार्यवाही शीघ्र पूर्ण करने हेतु जिला समन्वयक प्रशिक्षण को निर्देशित किया गया। जनपद के परिषदीय जर्जर विद्यालयों का आंकलन त्रिस्तरीय सदस्यीय समिति से जल्द से जल्द पूर्ण कराते हुए जर्जर भवनों के ध्वस्तीकरण की कार्यवाही को सम्पन्न कराने हेतु निर्देशित किया गया।
बैठक के दौरान जनपद स्तरीय टास्क फोर्स व ब्लॉक स्तरीय टास्क फोर्स के द्वारा लक्ष्य के अनुसार निरीक्षण करने एवं विद्यालयी व्यवस्था को दुरूस्त कराये जाने हेतु निर्देश प्रदान किए गए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, प्रधानाचार्य राजकीय सिटी इण्टर कालेज, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, समस्त खण्ड विकास अधिकारी, समस्त खण्ड शिक्षा अधिकारी, समस्त जिला समन्वयक एवं एस0आर0जी0 उपस्थित रहे।
सीडीओ ने की बैठक,अधिशासी अभियंता को कारण बताओं नोटिस

गाजीपुर।मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य की अध्यक्षता में जिला गंगा समिति एवं जिला पर्यावरण समिति की बैठक विकास भवन सभागार में संपन्न हुई। मुख्य विकास अधिकारी ने बैठक में उपस्थित सहायक अभियंता जल निगम शहरी को निर्देश दिया कि जल्द से जल्द सीवर का गृह संयोजन कार्य पूर्ण कराए गृह संयोजन कार्य की प्रगति धीमी होने पर अधिशासी अभियंता जल निगम नगरीय को कारण बताओं नोटिस जारी करने हेतु निर्देश दिया। जिला पंचायत राज अधिकारी को गंगा ग्राम सेवा समिति एवं ग्राम आर्द्रभूमि समिति का गठन कार्य जल्द से जल्द पूर्ण करने हेतु निर्देश दिया।सभी अधिशासी अधिकारी नगर पालिका एवं नगर पंचायत को सड़कों के किनारे अनाधिकृत रूप से पड़े ठोस अपशिष्ट का तत्काल निस्तारण करने को निर्देश दिया। बैठक में जनपद स्तरीय अधिकारी गण उपस्थित रहे।