साबिर अली आई.टी.आई., जखनियां में हुआ कैम्पस सेलेक्शन
गाज़ीपुर। साबिर अली आई.टी.आई., जखनियां के तत्वावधान में (बृहस्पतिवार) को प्रातः 9:00 बजे से संस्थान परिसर में एक भव्य एवं सुनियोजित कैम्पस प्लेसमेंट ड्राइव का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस कैम्पस प्लेसमेंट में देश की प्रतिष्ठित एवं अग्रणी ऑटोमोबाइल कंपनी Mahindra & Mahindra Ltd. (एग्री-डेवलपमेंट सेंटर, महिंद्रा ट्रैक्टर प्लांट, जयपुर) के अधिकृत प्रतिनिधियों द्वारा प्रतिभाग किया गया। प्लेसमेंट ड्राइव में कुल 45 प्रशिक्षुओं ने साक्षात्कार में प्रतिभाग किया, जिनमें से कंपनी के HR प्रियंका फौजदार द्वारा चयन मापदंडों के अनुसार 25 प्रशिक्षुओं का चयन विभिन्न अप्रेंटिस पदों हेतु किया गया।
संस्थान के प्राचार्य ने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए बताया कि इस प्रकार के कैम्पस प्लेसमेंट कार्यक्रम क्षेत्र के तकनीकी रूप से प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि संस्थान भविष्य में भी इसी प्रकार प्रतिष्ठित कंपनियों को आमंत्रित कर विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य हेतु निरंतर प्रयासरत रहेगा। अंत में संस्थान परिवार ने कंपनी के प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा चयनित प्रशिक्षुओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
गाजीपुर। गुरुवार को राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय महुआबाग की वार्षिक क्रीड़ा प्रतियोगिता स्पर्धा 2026 का समारोह पूर्वक उद्घाटन हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में डॉ राकेश कुमार मिश्रा एसपी सिटी उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि को 28वीं एनसीसी गर्ल्स बटालियन की कैडेट द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर्स से सम्मानित कर मंच तक पहुंचाया गया। क्रीड़ा प्रभारी डॉ शंभू शरण प्रसाद ने मुख्य अतिथि डॉ राकेश कुमार मिश्रा एवं प्राचार्य प्रोफेसर अनिता कुमारी को अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
मुख्य अतिथि ने खेल ध्वज को फहराया तथा महाविद्यालय की प्रज्ञा रेंजर्स, एनसीसी, राष्ट्रीय सेवा योजना, क्रीड़ा एवं विभिन्न कुंजो की छात्राओं ने मार्च पास्ट करते हुए खेल ध्वज एवं मुख्य अतिथि को सलामी दिया।
मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए प्राचार्य प्रोफेसर अनिता कुमारी ने कहा की खेल में जीत से अधिक प्रतिभागिता का महत्व है। यह 48 वां वार्षिक क्रीड़ा समारोह स्पर्धा 2026 हम सबको एकता अनुशासन और भाईचारे का संदेश देता है। इस अवसर पर छात्राओं को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डॉ राकेश कुमार मिश्रा ने कहा कि जीवन के लिए सबसे जरूरी स्वास्थ्य है और स्वास्थ्य का रास्ता खेल के माध्यम से बनता है। जीवन में सर्वांगीण विकास आवश्यक है, उसका खेल एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। जीवन एक खेल है और खेल में जीतने से अधिक डटे रहने का महत्व होता है। खेल से भी जीवन में बहुत सारे अवसर उपलब्ध होते हैं।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि एवं प्राचार्य द्वारा महाविद्यालय में नवनिर्मित क्रिकेट नेट प्रैक्टिस स्थल का उद्घाटन किया गया। मुख्य अतिथि महोदय ने क्रीड़ा मशाल को प्रज्वलित कर उसे क्रीड़ा कप्तान राधा एवं साथियों को सौंपा। पूरे खेल मैदान का प्रज्वलित मशाल के साथ परिक्रमा कर क्रीड़ा प्रतियोगिताओं की शपथ लेकर खेल का विधिवत शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर 100 मीटर दौड़ प्रतियोगिता की 7 हिट राउंड राउंड आयोजित किए गए तथा मुख्य अतिथि द्वारा पूर्वांचल विश्वविद्यालय अंतर महाविद्यालय एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में तृतीय स्थान पाने वाली छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। इसी क्रम में विगत दिनों आयोजित बैडमिंटन, शतरंज, कैरम, योग आदि प्रतियोगिताओं की विजेता छात्राओं को मुख्य अतिथि एवं प्राचार्य द्वारा प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
आज दिनांक 12 फरवरी को भाला प्रक्षेपण, चक्र प्रक्षेपण, लंबी कूद, 400 मीटर दौड़, 1500 मीटर दौड़ और 5000 मीटर दौड़ भी आयोजित हुई जिसमें भाला प्रक्षेपण में रोमी परवीन प्रथम, श्रेया यादव द्वितीय तथा आंचल कुमारी तृतीय स्थान पर रही जबकि 400 मीटर दौड़ में रागनी कुशवाहा प्रथम, आंचल कुमारी द्वितीय तथा श्रेया यादव तृतीय स्थान पर रही। इस अवसर पर मीडिया प्रभारी डॉ शिव कुमार, डॉ सारिका सिंह, डॉ शशि कला, डॉ संगीता, डॉ शैलेंद्र कुमार यादव, डॉ ओम शिवानी आदि प्राध्यापक, कार्यालय दीक्षित राधेश्याम कुशवाहा समेत समस्त महाविद्यालय परिवार, खेल प्रेमी छात्राएं उपस्थित रहीं। खेल उद्घाटन कार्यक्रम का संचालन डॉक्टर निरंजन कुमार यादव ने किया।
गाजीपुर।मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजनान्तर्गत समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान आई टी आई मैदान प्रकाशनगर में सम्पन्न हुआ। शादी समारोह का शुभारम्भं मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह सहित मंचाशीन अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप सेे दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। सामूहिक विवाह योजना में कुल 108 जोड़ो का सामूहिक विवाह पूरे विधि विधान के साथ सम्पन्न हुआ। सामूहिक विवाह के अवसर पर उपस्थित समस्त जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नव विवाहित वर-वधुओं को उनके वैवाहिक जीवन की मंगल कामना करते हुए शुभकामना दी। अतिथियों ने सामूहिक विवाह में नव दाम्पत्य को विवाह प्रमाण पत्र दिया गया। विवाह कार्यक्रम मे मंच से ही मुख्य अतिथि ने बटन दबाकर 60 हजार रूपये की धनराशि वधुओ के खाते मे हस्तान्तरित किया। जिला पंचायत अध्यक्षत ने नव विवाहित वर-वधुओ को आर्शिवचन देते हुए कहा कि आज नव विवाहित जोड़ो ने 7 फेरे लेकर एक साथ रहने का जो संकल्प लिया है उसे आजीवन निर्वहन करे। उन्होने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम योजना एक कल्याणकारी योजना है। जिसमे हजारो हजार की संख्या में बेटियों के हाथ पीले किए जा चुके है। उन्होने कहा कि इस योजना के माध्यम से जो विवाह कराया जाता है उससे समाज मे फैली दहेज प्रथा जैसी रूढ़िवादी सोच समाप्त होती जा रही है। दहेज लेना और दहेज देना एक दण्डनीय अपराध है। मुख्यमंत्री ने इस योजना के माध्यम से गरीब, मजदूर एवं असहाय परिवारो को इसका लाभ दिया है और आगे भी इस योजना के माध्यम से बेटियो का विवाह सम्पन्न कराया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बेटियो के हाथ पीले करने का जो संकल्प लिया है उसे आगे और भी बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। अध्यक्ष नगर पालिका परिषद सरिता अग्रवाल ने कहा कि बेटिया अपने समाज मे स्वावलंबी बने, उनकी शिक्षा, स्वास्थ्य सब उत्तम हो, इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने बेटियो के लिए कई योजनाए संचालित की है आप सभी योजनाओ से जुड़कर अपनी बेटियो को सशक्त बनाए। उन्होने सभी नव दाम्पय से निवेदन किया कि शादी के बाद गर्भ का भ्रूण परिक्षण न कराए जो भी बच्चा हो उसे सम्मान के साथ परिवार मे लाए। जिला विकास अधिकारी सुभाष चन्द्र सरोज ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की जानकारी देते हुए कहा कि आज जनपद के समस्त ब्लाको से चयनित 108 जोड़ो का विवाह पूरे विधि विधान के साथ सम्पन्न हुआ है । उन्होने शादी समारोह में आए हुए वर एवं वधु के परिजनो के प्रति भी शुभकामना व्यक्त की। कहा कि इस योजना के अन्तर्गत एक लाख की धनराशि प्रदान किया जा रहा है जिसमें 60 हजार रूपये वधु के खाते में तथा 25 हजार रूपये के उपहार जिसमे साड़ी ब्लाउज सहित 05 , पेटीकोट 05 अदद, चुनरी कढाई एक अदद, पेन्ट कपड़ा एक अदद, शर्ट कपड़ा एक अदद, फेंटा/गमछा एक अदद, चॉदी की पायल एक जोड़ी, चॉदी की बिछियां एक अदद, डिनर सेट , कूकर एक अदद, ट्राली बैग एक अदद, दिवाल घड़ी एक अदद, कढाई एक अदद, कूल केज 10 लीटर एक अदद, आयरन प्रेस एक अदद, सीलिंग फैंन एक अदद, डबल बेड चादर एक अदद, कम्बल दो अदद, गद्दा/मैट्रेस दो अदद, तकिया दो अदद, सिन्होरा एक अदद, चूड़ी दो दर्जन, कंगन 04 अदद, वेनिटी किट एक अदद, एवं 15 हजार शादी समारोह के आयोजन के लिए दिया जा रहा है। गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करने वाले परिवारो की शादी कराया जा रहा है। जिसमे लड़के की उम्र 21 वर्ष एवं लड़की की आयु 18 वर्ष होनी चाहिए। जिला समाज कल्याण अधिकारी राम नगीना यादव ने सामूहिक विवाह के सफल आयोजन पर आभार व्यक्त करते हुए विवाहित नव दाम्पत्य जोड़ो को उनके विवाहित जीवन के लिए शुभकामनाए दी। इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी(विकास), उपायुक्त उद्योग प्रवीण मौर्या, एवं अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी, समस्त खण्ड विकास अधिकारी एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे।
गाजीपुर। जनपद के जमानियां क्षेत्र के जीवपुर गांव में आयोजित फुटबाल टूर्नामेंट मैच का फाइनल मुकाबला सोमवार को शिवा स्पोर्टिंग क्लब जीवपुर के खेल मैदान में उतरौली बनाम मच्छटी के बीच खेला गया। खेल के पहले हाफ में उतरौली की टीम ने मच्छटी की टीम पर एक गोल दागकर 1-0 से बढ़त बना ली उसके कुछ मिनट बाद मच्छटी की टीम ने एक गोल दागकर स्कोर 1-1कर बराबरी कर ली। निर्धारित समय समाप्त होने के बाद मुकाबला पेनाल्टी सूट किया गया। जिसमें 5-5 से दोंनो टीम बराबर रही इसके 3-3 से दोनो टीम बराबर रही इसके 1-0 से मच्छटी की टीम ने उतरौली की टीम में एक गोल दागकर जीत हासिल की। मैन ऑफ द मैच मच्छटी के जीशान एवं मैन ऑफ द सीरीज उतरौली के गौरी ने हासिल किया। निर्णायक की भूमिका विश्वामित्र शर्मा उर्फ पलटू ने निभाई। गोल जज पश्चिम छोर बृजेश यादव एवं गोल जज पूर्वी छोर शैलेन्द्र यादव के देखरेख में था। लाइन मैन दक्षिण ओमप्रकाश यादव एवं लाइन मैन उत्तर आनन्द खरवार रहे। मैच के कमेटी का संचालन कर्ता के रूप में शिवाजी स्पोर्टिंग क्लब अध्यक्ष- युवा समाज सेवी एवं भारतीय किसान यूनियन टिकैत जमानियां तहसील अध्यक्ष बबलू यादव, उपाध्यक्ष विशाल यादव, कोषाध्यक्ष गोलू यादव सचिव जितेंद्र शर्मा , कप्तान विकास यादव एवं उप कप्तान बिट्टू सिंह तथा खेल के मुख्य अतिथि जमानियां विधायक ओमप्रकाश सिंह के प्रतिनिधि मन्नू सिंह , विशिष्ट अतिथि अनिल यादव विधान सभा अध्यक्ष जमानियां एवं जमानियां द्वितीय से मोहम्मद आजाद अली , ग्राम पंचायत मतसा से बृजेश जायसवाल , अक्षय कुमार, चन्द्रहास सिंह , ओमकार सिंह , ग्राम प्रधान सुनील कुमार सिंह , राम अवध यादव , सेना से सेवानिवृत्त रामनिवास यादव ,कमेन्ट्रेटर जे पी यादव ताजपुर एवं मिथिलेश सिंह जीवपुर मौजूद रहें। ओमप्रकाश सिंह के प्रतिनिधित्व कर रहे मन्नू सिंह ने जमानियां विधायक के तरफ से शिवाजी स्पोर्टिंग क्लब जीवपुर के खेल मैदान में एक दस लाख रुपए का बहुत बड़ा हाई मास्क लाईट एवं दस लाख रुपए तक का जिम कीट एक महीने के भीतर लगवाने का घोषणा किए जिससे जीवपुर एवं क्षेत्र के लोगों ने हर्ष व्याप्त किया।
गाजीपुर। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय महुआबाग में बुधवार को ‘सोशल मीडिया का उपयोग समाज के लिए वरदान या अभिशाप’ विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित हुई। इस प्रतियोगिता में छात्राओं ने बढ़ चढ़कर प्रतिभाग किया तथा इसके पक्ष एवं विपक्ष में अपने तर्क दिए। सोशल मीडिया के समर्थन में बोलने वाली छात्राओं ने सोशल मीडिया के बृहद उपयोग, इसकी आवश्यकता, सभी लोगों एवं सभी क्षेत्रों में इसकी स्वीकार्यता एवं जीवन के सरल, सुलभ एवं सहज होने, स्वास्थ्य, रोजगार , प्रशिक्षण आदि क्षेत्र में इसकी व्यापक प्रभाव के रूप में इसकी सराहना की गई।
जबकि विपक्ष में सोशल मीडिया के बढ़ते उपयोग के कारण अपराध, अकेलापन में वृद्धि, सामाजिक संबंधों में कमी, सामाजिक क्रियाकलापों में लोगों की घटती रुचि, संवेदनशीलता में कमी, शारीरिक, मानसिक स्वास्थ्य में गिरावट एवं युवाओं की समय की बर्बादी, कन्फ्यूजन एवं तमाम विकृतियों को सोशल मीडिया से जोड़ा गया। निर्णायक मंडल के सदस्यों डॉ शिवकुमार, डॉ सारिका सिंह, एवं डॉ शिल्पी राय ने सभी छात्राओं के विचारों को सुनते हुए श्रेया मौर्य एम ए प्रथम वर्ष, विजयलक्ष्मी प्रजापति बीए द्वितीय वर्ष तथा काजल गुप्ता एम ए प्रथम वर्ष को क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान के लिए चुना। कार्यक्रम का संयोजन एवं समन्वय डॉ राजेश कुमार यादव तथा आभार ज्ञापन डॉ हरेंद्र यादव द्वारा किया गया। इस अवसर पर डॉ हसीनखान, डॉ निरंजन कुमार यादव, डॉ आनंद कुमार चौधरी आदि प्राध्यापक एवं एवं महाविद्यालय की सुधी छात्राएं उपस्थित रही।
गाजीपुर। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ गाजीपुर के तत्वाधान में बुधवार को पीजी कॉलेज गोराबाजार में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्य तिथि मनाई गई। कार्यक्रम के अध्यक्षता संस्थापक सदस्य एवं पूर्व प्रदेश मंत्री डॉ० लहजू सिंह कुशवाहा ने किया तथा संचालन जिला अध्यक्ष डॉ० राजेश सिंह सूर्यवंशी ने किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पी० जी० कॉलेज गाजीपुर के प्राचार्य एवं राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ गाजीपुर के तीनो संवर्ग के प्रभारी डॉक्टर राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने एकात्म मानवतावाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवनी पर प्रकाश डाला। प्रोफेसर पाण्डेय ने कहा कि पं० दीनदयाल जी के अन्तोदय का विचार अर्थात समाज के अंतिम पैदान पर खड़े व्यक्ति का उत्थान करना एवं हर हाथ को कम एवं हर खेत को पानी का विचार आज भी प्रासंगिक है। कार्यक्रम में रामाशीष शर्मा, हिमांशु, चंद्रकांत तिवारी, चंद्रदीप, अरुण राय, विपिन सिंह, राम नक्षत्र, आयुष, अवधेश सिंह, शैलेन्द्र, इंदु शेखर, सुशील पाण्डेय, प्रफुल्ल, रमा, डा० शैलेन्द्र सिंह, प्रो. रवि शंकर सिंह, डा० अरविन्द उपाध्याय सहित अनेक शिक्षक उपस्थित रहे।
गाजीपुर। जिला उद्योग बन्धु/व्यापार बन्धु/एम०ओ०यू० कियान्वयन की बैठक राइफल क्लब में मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य की अध्यक्षता में बुधवार को सम्पन्न हई। जिसमें निम्नलिखित कार्यावली पर चर्चा उपरान्त निर्णय लिया गया। बैठक के दौरान जनपद के उद्यमियों/निवेशकों को निवेश मित्र अन्तर्गत अनुमतियां, अनापत्तियां, पंजीयन, लाइसेन्स आदि निर्गत किये जाने के सम्बन्ध में एकल मेज व्यवस्था के अन्तर्गत सर्वनिष्ठ आवेदन (कॉमन अप्लीकेशन) पर ऑनलाइन किये जाने हेतु अनुदेश दिया जाता है। माह फरवरी, 2026 में लम्बित प्रकरणों के निस्तारणोपरान्त निवेष मित्र वेबसाइट पर समय-सीमा के अन्तर्गत विभागवार निम्नलिखित प्रकरण पोर्टल पर लम्बित है। विभाग स्तर पर लम्बित प्रकरण को विस्तार पूर्वक चर्चा किया गया। जिसमें श्रम विभाग, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, एम0एस0एम0ई0 विभाग, कृषि विभाग, रजिस्ट्रार फर्म सोसइटीज, एण्ड चिटस, अग्निशमन विभाग, राजस्व विभाग एवं यूपीपीसीएल की प्रगति खराब पायी गयी जिसपर मुख्य विकास अधिकारी ने प्रगति बढ़ाने का निर्देश दिया।
अध्यक्ष/मुख्य विकास अधिकारी द्वारा समस्त सम्बन्धित अधिकारी को निर्देश दिया कि समय-सीमा के अन्तर्गत सभी प्रकरण निस्तारित करना सुनिश्चत करे। समय-सीमा के पश्चात कृषि विभाग में 01 प्रकरण लम्बित था, जिसपर जिला कृषि अधिकारी को निर्देश दिया गया कि दो दिन के अन्दर प्रकरण निस्तारित करना सुनिश्चित करें। उघमी बशिष्ठ सिंह यादव, मे0 ब्राई प्लास्ट, मुगलानीचक द्वारा अनुरोध किया गया कि न्यायालय द्वारा 29.11.2017 को पारित आदेश हमारे विद्युत कनेक्शन खाता संख्या-9407714684 से सम्बन्धित वर्तमान में रू0 1,93,775.00 की गलत बिल बकाया दर्शाया गया है एवं अधिशासी अभियंता द्वारा मेरे विद्युत बिल में रेगुलरटी सरचार्ज लिया जा रहा है, जिससे अभी तक बिल जमा नही किया गया। अधिशासी अभियंता द्वारा अवगत कराया गया कि सरचार्ज नियम के अन्तर्गत है, जिसमंे छूट नही दिया जा सकता है। अध्यक्ष/मुख्य विकास अधिकारी द्वारा सचिव/उपायुक्त उद्योग को निर्देश दिया गया कि इस प्रकरण को अधीक्षण अभियंता, विद्युत वितरण मण्डल, गाजीपुर को निस्तारण हेतु प्रेर्षित किया जाय। विगत बैठक में व्यापारियों द्वारा अवगत कराया गया था कि सीवर लाइन हेतु खोद गये गड्ढ़ों को तत्काल भरवाकर सड़कों को दुरूस्त कराया जाय, जिसपर अधिषासी अभियंता, जल निगम(षहरी) द्वारा अवगत कराया गया कि नगर पालिका परिषद्, गाजीपुर में सीवरेज योजनान्तर्गत सीवर हाउस कनेक्शन एवं चेम्बर तथा सड़क पुनर्स्थापना का कार्य पूर्ण करा लिया गया है। लालदरवाजा (गोइजीतर) लगभग 30 मीटर सड़क पुनर्स्थापना का कार्य अवशेष है, जिसे एक सप्ताह के अन्दर पूर्ण करा दिया जायेगा। वर्तमान समय में सड़क को मोटरेबल करा दिया गया है। आवागमन सुचारू रूप से हो रहा है।
गाजीपुर की मेधा का ‘अभिमन्यु’ की तरह वध कर रहा है यह बजट: दीपक उपाध्याय
गाजीपुर। प्रदेश सरकार के बजट को जनपद के शैक्षिक स्वाभिमान पर सीधा प्रहार बताते हुए पीजी कॉलेज के पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष दीपक उपाध्याय ने सरकार की नीयत पर तीखे सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने दो-टूक शब्दों में कहा कि जो गाजीपुर ‘केन्द्रीय प्रगति सूचकांक रिपोर्ट’ में उच्च शिक्षा ग्रहण करने के मामले में पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान पर है और जहाँ 350 से अधिक महाविद्यालयों का विशाल तंत्र खड़ा है, उसे विश्वविद्यालय विहीन रखना सरकार के ‘सौतेले व्यवहार’ का प्रमाण है। दीपक उपाध्याय ने आक्रोश जताते हुए कहा कि यह बजट विकास का नहीं, बल्कि गाजीपुर की प्रतिभा के साथ किया गया विश्वासघात है। कम योग्यता वाले जनपदों को विश्वविद्यालय की सौगात देना और शिक्षा के इस ‘पावरहाउस’ को दरकिनार करना यह सिद्ध करता है कि सरकार को छात्र हितों से कोई सरोकार नहीं है। यहाँ के हजारों छात्र आज भी अपनी डिग्री और बुनियादी हक के लिए दूसरे जिलों की ठोकरें खाने को मजबूर हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि गाजीपुर की धरती ने हमेशा नेतृत्व पैदा किया है; यदि हमारे शैक्षिक अधिकारों का दमन बंद नहीं हुआ और जनपद को ‘राज्य विश्वविद्यालय’ की नहीं मिलता है, तो छात्र शक्ति इस अन्याय के विरुद्ध निर्णायक क्रांति का शंखनाद करेगी। दीपक उपाध्याय पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष, स्नातकोत्तर महाविद्यालय (पीजी कॉलेज), गाजीपुर।
गाजीपुर। पं दीनदयाल उपाध्याय के 58 वीं पुण्यतिथि अवसर को भाजपा ने बूथ स्तर पर श्रद्धांजलि अर्पित कर समर्पण दिवस के रूप में मनाया। जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय की अध्यक्षता में जिला कार्यालय पर गोष्ठी आयोजित कर उनके व्यक्तित्व कृतित्व पर विस्तार से विचार वर्णन किया गया। मुख्य अतिथि जिला प्रभारी डा राकेश त्रिवेदी ने कहा कि पं दीनदयाल उपाध्याय का एकात्म मानववाद भारतीय राजनीति का मूल मंत्र है जिस पर आधारित राजनीति लोक कल्याण, राष्ट्र निर्माण व देश के सम्मान स्वाभिमान का मार्ग प्रशस्त करता है। ओमप्रकाश राय ने कहा कि पं दीनदयाल उपाध्याय जी केवल एक राजनेता नहीं थे, बल्कि वे एक महान चिंतक, संगठनकर्ता और समाजद्रष्टा थे। उन्होंने भारतीय संस्कृति, परंपरा और मूल्यों को आधार बनाकर “एकात्म मानववाद” का सिद्धांत प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि पं दीनदयाल उपाध्याय जी का मानना था कि किसी भी राष्ट्र की उन्नति तभी संभव है जब समाज के सबसे अंतिम और कमजोर व्यक्ति का उत्थान ही सच्ची प्रगति है। पूर्व जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के सपनों को साकार करने का काम देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर रहे हैं उन्होंने कहा कि 2014 में स्थापित सरकार द्वारा देश के ढांचागत सुधार में लगातार वृद्धि हो रही है।
एकात्म मानववाद के सिद्धांतों से भारत की आर्थिक मजबूती के साथ सम्मान बढे यह भाजपा सरकार की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। पूर्व जिलाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय ने कहा कि पं दीनदयाल उपाध्याय जी का जीवन सादगी, ईमानदारी और समर्पण का अद्भुत उदाहरण था। अत्यंत साधारण परिस्थितियों में जीवन व्यतीत करते हुए भी उन्होंने उच्च आदर्शों को कभी नहीं छोड़ा। उन्होंने सत्ता को साध्य नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा का साधन माना। आज का यह दिन केवल श्रद्धांजलि का अवसर नहीं, बल्कि आत्ममंथन का भी समय है। इसके पूर्व मिश्रबाजार स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के आदमकद प्रतिमा पर जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश राय के नेतृत्व में माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, सरिता अग्रवाल, पूर्व विधायक कालीचरण राजभर, रामनरेश कुशवाहा, अवधेस राजभर, दयाशंकर पांडेय, अच्छेलाल गुप्ता, जिला मीडिया प्रभारी शशिकान्त शर्मा,श्याम राज तिवारी, सीता सिंह, लालसा भारद्वाज, साधना राय,सरोज भारती, राजेश राजभर, अनिल राजभर शैलेश राम राम राज बनवासी मनोज सिंह पप्पू चौबे किरण सिंह अभिनव सिंह छोटू सहित आदि अन्य लोग उपस्थित थे।
गाजीपुर। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, उ०प्र० के निर्देशों के अनुपालन में मंगलवार को कार्यालय मुख्य चिकित्सा अधिकारी के सभागार में महिलाओं के यौन उत्पीड़न के संबंध में विधिक जागरूकता शिविर का अर्चना सचिव पूर्णकालिक, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्षता में आयोजित की गयी है। शिविर को सम्बोधित करते हुए प्राधिकरण के सचिव व न्यायाधिकारी अर्चना द्वारा यह बताया गया कि कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न (रोकथाम, निषेध और निवारण) अधिनियम, 2013 का उद्देश्य कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न की घटनाओं को रोकना और उनका समाधान करना तथा ऐसे उत्पीड़न से संबंधित शिकायतों के निवारण के लिए एक तंत्र प्रदान करना है तथा प्रत्येक महिला को कार्यस्थल पर सुरक्षित, सम्मान पूर्वक व गरिमापूर्ण वातावरण में कार्य करने का अधिकार है। प्रियंका प्रजापति, सेंटर मैनेजर वन स्टाप सेंटर ने पॉक्सो एक्ट के बारे में संक्षेप में जानकारी दी गयी।
सच्चिदानंद राय पैनल अधिवक्ता द्वारा बताया गया कि 22.02.2026 को आयोजित होने वाली मेगा/वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर में जनपद गाजीपुर के समस्त सरकारी विभागों द्वारा जनपद न्यायालय परिसर में कैम्प लगाया जायेगा, जिसमें सभी विभागों के जिम्मेदार अधिकारी उपस्थित रहेगें। शासन स्तर पर जितनी भी कल्याणकारी योजनायें वर्तमान में चल रही हैं, उन सभी का लाभ आमजन तक पहुँच सके इसका प्रयास न्यायपालिका द्वारा किया जा रहा है बृहद विधिक सहायता/सेवा शिविर (मेगा शिविर) का लाभ उठाने का अनुरोध करते हुए यह बताया कि इस शिविर के आयोजन का उद्देश्य महिलाओं, निर्बल/निर्धन, अनुसूचित जाति/जनजाति, दिव्यांगजन आदि के कल्याण के लिए चलायी जाने वाली योजनाओं से आम जन मानस को लाभांवित करना है।
विधिक सहायता एवं सेवा शिविर के सम्बंध में किसी भी व्यक्ति को कोई असुविधा होने की स्थिति में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गाजीपुर के कार्यालय में सम्पर्क किया जा सकता है। इस अवसर पर डा0 जे0एन0 सिंह व डा0 संजय कुमार, ए0सी0एम0ओ0, मनोज कुमार, प्रेमचंद, डा0 प्रभात अग्रहरि, डा0 अंकिता त्रिपाठी, पराविधिक स्वयं सेवकगण श्रीमती छाया कुरील, सत्य प्रकाष, सुभाष कुमार भारती, राकेश कुमार पाण्डेय,शशि प्रकाश, सरीन फात्मा, ए0एन0एम0 आभा तिवारी, नीलम यादव, पुष्पा भारती, स्टाफ नर्स निशा यादव, नेहा सिंह, आशा बहु दुर्गा, गुड़िया, सुमन निर्मला, वार्ड आया पूनम कश्यप, सोनी बिन्द, अनिता, सीमा व नीतू देवी व अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।