


गाजीपुर । जिला गंगा समिति द्वारा सामाजिक वानिकी वन प्रभाग के सहयोग से आज विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वृहद पौधरोपण एवं पर्यावरण संरक्षण गोष्ठी का आयोजन महर्षि विश्वामित्र स्वशासी राज्य मेडिकल कॉलेज के प्रांगण में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि, अभिनव सिन्हा एवं अन्य अतिथियों द्वारा पौधरोपण कर किया गया। इस अवसर पर आम, अमलतास, जामुन, गुलमोहर, नीम आदि के 150 से अधिक पौधे रोपित किए गए।
इस अवसर पर संगोष्ठी को मुख्य अतिथि एवं भाजपा के नेता अभिनव सिन्हा ने संबोधित करते कहा कि प्रधानमंत्री के ‘एक पेड़ माँ के नाम’ और ‘मिशन लाइफ’ अभियान को हमें जन-आंदोलन बनाना होगा। पर्यावरण बचाना कोई विकल्प नहीं, मजबूरी है। युवा पीढ़ी को आगे आकर इसका नेतृत्व करना चाहिए।
प्रधानाचार्य राजकीय मेडिकल कॉलेज डॉ. आनंद मिश्रा ने कहा कि एक स्वस्थ व्यक्ति के लिए स्वस्थ पर्यावरण पहली शर्त है। वायु प्रदूषण से सांस और हृदय रोग बढ़ रहे हैं। पेड़ ही प्राकृतिक वेंटिलेटर हैं। मेडिकल कॉलेज का हर छात्र आज से एक पौधे का अभिभावक बनेगा।
भाजपा नेता कार्तिक गुप्ता ने भी पर्यावरण संरक्षण पर बल देते कहा कि वृक्षारोपण को तभी सफल माना जा सकता है जब हम अपने द्वारा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण सुनिश्चित किया जाए। जब आप किसी पेड़ को लगाते हैं और उसे बढ़ते देखते हैं, तो आपको महसूस होता है कि आपने सच में कुछ अच्छा किया है। वृक्षारोपण में केवल पौधे लगाना पर्याप्त नहीं होता, उन्हें विकसित करना भी उतना ही आवश्यक है। यह केवल सरकार या संगठनों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि हम सभी का कर्त्तव्य है कि हम सभी मिलकर प्रकृति का सम्मान और इसका संरक्षण करते अपने लिए एक स्वस्थ भविष्य सुनिश्चित कर सकें। प्रभागीय निदेशक अजीत प्रताप सिंह ने सभी अतिथियों का स्वागत स्मृति चिन्ह एवं पौध भेंट कर किया। उन्होंने कहा, नमामि गंगे मिशन का लक्ष्य केवल गंगा की निर्मलता नहीं, बल्कि उसके किनारों को हरा-भरा बनाना भी है। एक पेड़ सौ पुत्रों के समान होता है। जिला गंगा समिति का प्रयास है कि हर नागरिक इस मुहिम से जुड़े। गोष्ठी में मेडिकल कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन और गंगा स्वच्छता पर अपने विचार रखे। छात्रों ने पोस्टर एवं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से भी जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, डॉक्टरों एवं छात्रों ने सामूहिक रूप से गंगा एवं पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली। क्षेत्रीय वन अधिकारी आदित्य यादव ने सभी आगंतुकों, मीडिया बंधुओं एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का सफल संचालन जिला परियोजना अधिकारी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर डॉ नीरज पांडेय उप प्रधानाचार्य, वन विभाग के कर्मचारी, मेडिकल कॉलेज के प्राध्यापकगण, छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।