11 सूत्रीय मांगों पर अड़े सभासद, सीआरओ से वार्ता विफल; सामूहिक इस्तीफे की चेतावनी
जमानिया। नगर पालिका परिषद में कथित भ्रष्टाचार, आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के पीएफ में अनियमितता, गृहकर में बढ़ोतरी और पालिका प्रशासन के मनमाने रवैये के विरोध में सभासदों का अनिश्चितकालीन धरना सोमवार को आठवें दिन भी जारी रहा। आंदोलनरत सभासदों ने काली पट्टी बांधकर पालिका प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया और अपनी 11 सूत्रीय मांगों के निस्तारण की मांग दोहराई। धरनास्थल पर सभासदों और चीफ रेवेन्यू ऑफिसर (सीआरओ) सुनील कुमार के बीच हुई वार्ता बेनतीजा रही। प्रशासन की ओर से मांगों के परीक्षण और जांच के लिए समय दिए जाने की बात कही गई, लेकिन सभासद तत्काल कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। उन्होंने स्पष्ट किया कि ठोस निर्णय होने तक आंदोलन समाप्त नहीं किया जाएगा।

वार्ड संख्या 20 के भाजपा सभासद विकास जायसवाल जुगनू ने कहा कि सीआरओ के आश्वासन से सभासद संतुष्ट नहीं हैं। प्रशासन 11 सूत्रीय मांगों के निस्तारण के लिए एक माह का समय मांग रहा है, जबकि सभासदों का कहना है कि लंबे समय तक प्रतीक्षा करना स्वीकार्य नहीं होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो सभी सभासद जिलाधिकारी को सामूहिक इस्तीफा सौंपने पर मजबूर होंगे। वार्ड संख्या 10 के भाजपा सभासद सुरेंद्र चौधरी उर्फ साधु ने गृहकर में हुई बढ़ोतरी को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि हाउस टैक्स में भारी वृद्धि से आम जनता, विशेषकर मलिन बस्तियों के लोग परेशान हैं। जनता अपने जनप्रतिनिधियों से जवाब मांग रही है, लेकिन अधिकारियों की ओर से केवल आश्वासन दिए जा रहे हैं।

वार्ड संख्या 14 के सभासद एवं भाजपा नगर महामंत्री राकेश कुमार प्रजापति ने कहा कि सभासदों की मांगों की न्यायिक जांच कराई जानी चाहिए। यदि जांच में किसी स्तर पर अनियमितता या भ्रष्टाचार सामने आता है तो संबंधित दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने भी मांग पूरी नहीं होने पर सामूहिक इस्तीफे की चेतावनी दोहराई। सीआरओ सुनील कुमार ने बताया कि सभासदों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं को बिंदुवार सुना गया है। 11 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन प्रशासन को प्राप्त हो चुका है। उन्होंने कहा कि गृहकर सहित अन्य मामलों की निष्पक्ष जांच के लिए जांच टीम गठित की जाएगी। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

सीआरओ ने सभासदों से अनावश्यक रूप से धरना समाप्त करने की अपील की, लेकिन सभासद अपनी मांगों पर तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए आंदोलन समाप्त करने के लिए तैयार नहीं हुए। धरने में सभासद प्रमोद यादव, राहुल वर्मा, सचिन वर्मा, विकास जायसवाल, मोहन गुप्ता, अंजनी गुप्ता सहित दर्जनों सभासद मौजूद रहे। आंदोलन के चलते नगर पालिका प्रशासन और सभासदों के बीच गतिरोध बरकरार है।