कजरी महोत्सव में सजेगा राधा-कृष्ण का रंग, छात्र-छात्राएं दिखाएंगे प्रतिभा

कजरी महोत्सव में सजेगा राधा-कृष्ण का रंग, छात्र-छात्राएं दिखाएंगे प्रतिभा

गाजीपुर। वेलफेयर क्लब की आवश्यक बैठक गुरुवार को प्रकाश नगर स्थित क्लब के कैंप कार्यालय में हुई। बैठक में क्लब के महिला प्रकोष्ठ के तत्वावधान में कजरी महोत्सव के तहत विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के आयोजन का निर्णय लिया गया। क्लब के संयुक्त सचिव सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि जनपद स्तरीय राधा-कृष्ण रूप सज्जा प्रतियोगिता 30 अगस्त, रविवार को लंका मैदान स्थित मैरिज हाल में सुबह नौ बजे से आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न विद्यालयों से एलकेजी से कक्षा तीन तक के छात्र-छात्राएं राधा-कृष्ण का रूप धारण कर प्रतिभाग करेंगे। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र और पदक देकर सम्मानित किया जाएगा। क्लब के पर्यावरण प्रभारी प्रतीक यादव ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों को भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ने के साथ ही उनकी रचनात्मकता और प्रतिभा को मंच प्रदान करना है। वहीं, खेल प्रभारी विनोद मिश्रा ने बताया कि मेंहदी प्रतियोगिता 13 सितंबर, रविवार को गौरी शंकर पब्लिक स्कूल में सुबह नौ बजे से आयोजित होगी। इसमें कक्षा चार से 12वीं तक के विद्यार्थी प्रतिभाग कर सकेंगे। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि 8 सितंबर निर्धारित की गई है। क्लब के उपाध्यक्ष सत्यदेव दूबे ने बताया कि दोनों प्रतियोगिताओं के निष्पक्ष एवं पारदर्शी संचालन के लिए तीन सदस्यीय निर्णायक मंडल का गठन किया गया है। निर्णायक मंडल द्वारा प्रतियोगिता स्थल पर ही परिणाम घोषित किए जाएंगे। बैठक में क्लब के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.