प्राथमिक विद्यालय बहतुरा में हर्षोल्लास से मना रक्षाबंधन, बच्चों ने बनाई आकर्षक राखियां

गाजीपुर। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपासना रानी वर्मा के निर्देश पर जनपद के विभिन्न विद्यालयों में रक्षाबंधन पर्व उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। इसी क्रम में विकासखंड मरदह के प्राथमिक विद्यालय बहतुरा में रक्षाबंधन के अवसर पर राखी निर्माण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कक्षा एक से पांच तक के बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों ने रंग-बिरंगे कागज, धागों और मोतियों का प्रयोग कर आकर्षक एवं रचनात्मक राखियां तैयार कीं। बच्चों की कल्पनाशीलता और हुनर ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।प्रतियोगिता के बाद बच्चों ने एक-दूसरे को राखी बांधकर भाईचारे, प्रेम और स्नेह का संदेश दिया। शिक्षकों ने बच्चों को रक्षाबंधन पर्व के सांस्कृतिक एवं सामाजिक महत्व की जानकारी देते हुए भारतीय परंपराओं से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से परिचित कराने के साथ ही उनकी रचनात्मक क्षमता, सहयोग की भावना और टीम भावना को विकसित करना रहा। कार्यक्रम के समापन पर बच्चों के बीच चॉकलेट का वितरण किया गया, जिससे उनके चेहरे खुशी से खिल उठे।