राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा के लिए 16 सितंबर तक करें आवेदन

राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा के लिए 16 सितंबर तक करें आवेदन

गाजीपुर। जनपद के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति योजना परीक्षा 2027-28 के तहत छात्रवृत्ति पाने का अवसर उपलब्ध है। परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 18 अगस्त 2026 से शुरू हो चुकी है, जबकि आवेदन की अंतिम तिथि 16 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। योजना के तहत शैक्षिक सत्र 2025-26 में कक्षा 7 उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थी, निर्धारित न्यूनतम अंकों की पात्रता पूरी करने पर परीक्षा में शामिल हो सकेंगे। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों को नियमानुसार अंकों में छूट का प्रावधान है। इसके अलावा सत्र 2025-26 में राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त अथवा स्थानीय निकाय के विद्यालय में कक्षा 8 में अध्ययनरत विद्यार्थी भी निर्धारित पात्रता के अनुसार आवेदन कर सकते हैं। अभ्यर्थी के अभिभावक की सभी स्रोतों से वार्षिक आय 3.50 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आर्थिक संबल प्रदान कर उनकी शिक्षा को निरंतर जारी रखने के लिए प्रोत्साहित करना है। खास बात यह है कि परीक्षा में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों से कोई परीक्षा शुल्क नहीं लिया जाएगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी गाजीपुर उपासना रानी वर्मा ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों एवं एसआरपी को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में विद्यालय स्तर पर विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को योजना की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और अंतिम तिथि की जानकारी दें तथा व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिक से अधिक पात्र विद्यार्थियों को परीक्षा में प्रतिभाग कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि वे छात्रवृत्ति योजना का लाभ प्राप्त कर सकें। आवेदन एवं परीक्षा से संबंधित विस्तृत जानकारी विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.