मातृशक्ति के सम्मान में योगी सरकार का ऐतिहासिक कदम : विजय मिश्र
गाजीपुर। लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति योजना के तहत प्रदेश की 60 वर्ष या उससे अधिक आयु की माताओं-बहनों को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) की बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान करने के निर्णय का भाजपा नेता एवं पूर्व मंत्री विजय मिश्र ने स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार जताया है। विजय मिश्र ने कहा कि यह निर्णय उन बुजुर्ग महिलाओं के लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण है, जो आर्थिक अभाव के कारण लंबे समय से श्री मथुरा-वृंदावन धाम, श्री विंध्याचल धाम, श्री बाबा विश्वनाथ धाम और श्री अयोध्या धाम जैसे प्रमुख तीर्थस्थलों की यात्रा की इच्छा पूरी नहीं कर पा रही थीं। ऐसी माताओं-बहनों के लिए यह योजना किसी उपहार से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि यह महज निःशुल्क यात्रा की सुविधा नहीं, बल्कि मातृशक्ति के सम्मान, स्वाभिमान और सशक्तिकरण की दिशा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार का संवेदनशील और दूरदर्शी निर्णय है। अब प्रदेश की बुजुर्ग माताओं-बहनों को आवागमन के लिए दूसरों पर निर्भरता कम होगी और आर्थिक कारणों से यात्रा से वंचित महिलाओं को अपने धार्मिक एवं सामाजिक दायित्वों को पूरा करने का अवसर मिलेगा। पूर्व मंत्री ने कहा कि योगी सरकार की प्राथमिकता सत्ता नहीं, बल्कि सेवा और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति का कल्याण है। महिला, गरीब, किसान, श्रमिक और वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान एवं सुविधा को केंद्र में रखकर प्रदेश में जनकल्याण की योजनाओं को प्रभावी रूप से आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति का सम्मान और वरिष्ठ नागरिकों के जीवन को सुगम बनाना ही सुशासन की वास्तविक पहचान है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार के ऐसे निर्णय ‘सबका साथ, सबका विकास’ की भावना को धरातल पर साकार कर रहे हैं।विजय मिश्र ने कहा कि मातृशक्ति के सम्मान में लिया गया यह निर्णय निश्चित रूप से सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित उत्तर प्रदेश की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।