राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में हुआ ‘खेलो इंडिया संवाद’, प्रधानमंत्री ने युवाओं को किया संबोधित
गाजीपुर। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर गुरुवार को राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गाजीपुर में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) एवं मेरा युवा भारत (MY Bharat) के संयुक्त तत्वावधान में ‘खेलो इंडिया संवाद—खेल की बात, पीएम के साथ’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के दिशा-निर्देशन में आयोजित राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से देशभर के युवाओं को संबोधित किया।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 11 बजे प्रधानमंत्री के वर्चुअल संबोधन के साथ हुई। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि खेल केवल पदक हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास का महत्वपूर्ण आधार है। कार्यक्रम के दौरान युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया का स्वागत संबोधन तथा राष्ट्रीय खेल दिवस पर आधारित लघु फिल्मों का प्रदर्शन भी किया गया।

कार्यक्रम के द्वितीय सत्र में खेल आइकन अंजनी वर्मा और भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के प्रतिनिधि एथलीट विजय ने छात्राओं के साथ अपने खेल जीवन के अनुभव और संघर्ष साझा किए। मुख्य अतिथि श्रीमती सरिता अग्रवाल ने कहा कि नियमित खेल एवं शारीरिक गतिविधियां व्यक्ति को स्वस्थ और सक्रिय रखने के साथ तनाव कम करने में भी सहायक होती हैं।

युवा संवाद के दौरान NSS स्वयंसेवी छात्राओं आकांक्षा सिंह, रिया एवं दिव्या ने ‘नए युग के युवा में स्वयंसेवा भावना की परिकल्पना’ विषय पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि युवाओं को समाज सेवा से जोड़ने के लिए नई स्किल्स और डिजिटल माध्यमों को अपनाने की आवश्यकता है। आज का युवा ऑनलाइन माध्यमों के जरिए भी समाज में सकारात्मक और रचनात्मक भूमिका निभा सकता है।

प्राचार्य शंभू शरण प्रसाद ने स्वयंसेवी छात्राओं की सराहना करते हुए कहा कि खेल शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। शिक्षा जहां ज्ञान का विकास करती है, वहीं खेल व्यक्तित्व को मजबूत बनाने का कार्य करते हैं।

इस अवसर पर मेरा भारत (MY Bharat) पोर्टल के सदस्यों ने छात्राओं को पोर्टल पर पंजीकरण की प्रक्रिया की जानकारी दी। कार्यक्रम का समापन नशा मुक्ति की शपथ और राष्ट्रगान के साथ हुआ।

मंच संचालन वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रामनाथ केसरवानी ने किया। आयोजन में NSS के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. नेहा कुमारी, डॉ. मनीष सोनकर एवं डॉ. ओम शिवानी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम में क्षेत्रीय कल्याण अधिकारी आंचल वर्मा, MY Bharat गाजीपुर के सुभाष जी, महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. शिवकुमार सहित अन्य प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।

