घोड़ा-गाड़ी पर निकले कांग्रेस कार्यकर्ता, डीएम कार्यालय पहुंचकर सौंपा ज्ञापन

जर्जर सड़कों के विरोध में घोड़ा-गाड़ी पर निकले कांग्रेस कार्यकर्ता, डीएम कार्यालय पहुंचकर सौंपा ज्ञापन

कांग्रेस ने नगर पालिका प्रशासन पर लगाया लापरवाही और भ्रष्टाचार का आरोप, सड़कों की जांच और तत्काल मरम्मत की मांग

गाजीपुर। शहर की बदहाल और जर्जर सड़कों के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को अनोखे अंदाज में घोड़ा-गाड़ी पर सवार होकर प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कार्यालय राजदेपुर से शुरू हुआ प्रदर्शन नवाबगंज, नखास, मिश्रबाजार और लंका होते हुए कचहरी पहुंचा। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर जिलाधिकारी के प्रतिनिधि एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर पालिका प्रशासन पर लापरवाही, उदासीनता और भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए शहर की जर्जर सड़कों की तत्काल मरम्मत और निर्माण की मांग की। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि कई वर्षों से शहर की सड़कों की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। करोड़ों रुपये के विकास और सड़क निर्माण के दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि शहर की कई प्रमुख सड़कें गहरे गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मांग की कि नगर पालिका द्वारा सड़क निर्माण और मरम्मत के नाम पर खर्च की गई धनराशि की निष्पक्ष जांच कराई जाए। उनका आरोप था कि जनता के टैक्स से प्राप्त धन खर्च होने के बावजूद लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा नहीं मिल पा रही है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जर्जर सड़कों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। गड्ढों में ई-रिक्शा फंसने से यात्रियों, महिलाओं और बच्चियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, मोटरसाइकिल सवार भी सड़क की खराब स्थिति के कारण गिरकर चोटिल हो रहे हैं। लगातार खराब सड़कों पर सफर करने से लोगों को कमर दर्द और सर्वाइकल जैसी समस्याओं का सामना करने का भी दावा किया गया।  प्रदर्शन में प्रमुख रूप से जिलाध्यक्ष सुनील राम, पूर्व जिलाध्यक्ष मार्कण्डेय सिंह, पूर्व विधायक पशुपतिनाथ राय, सेवादल जिलाध्यक्ष आशुतोष गुप्ता,  शहर अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा, बटुक नारायण मिश्रा, अजय कुमार श्रीवास्तव, ज्ञान प्रकाश सिंह, राजीव सिंह, राजेश गुप्ता, सदानंद गुप्ता, चंद्रिका सिंह, राम नगीना पांडेय, राशिद, रईस अहमद, कमलेश्वर प्रसाद शर्मा, अखिलेश यादव, आलोक यादव, जेपी पांडेय, संजय साहू, कमला यादव, रमेश चंद्र गुप्ता, ताहिर अब्बासी, राफे, संजय सिंह सहित शहर के लोग मौजूद रहे।

Leave a comment

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.