ट्रामा सेंटर बंद करने की कोशिश हुई तो सड़कों पर उतरेंगे छात्र-युवा
90 प्रतिशत उपकरण हटाए जाने का आरोप, डीएम के नाम एडीएम को सौंपा ज्ञापन
गाजीपुर। मेडिकल कॉलेज के पीछे गोराबाजार स्थित ट्रामा सेंटर को शीघ्र पूर्ण क्षमता से संचालित करने और वहां निःशुल्क चिकित्सा सेवाएं बहाल रखने की मांग को लेकर सोमवार को छात्रसंघ प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी के नाम संबोधित ज्ञापन अपर जिलाधिकारी मनीष चौहान को सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि ट्रामा सेंटर के करीब 90 प्रतिशत उपकरण पहले ही सीएमओ कार्यालय द्वारा हटाए जा चुके हैं। ज्ञापन के माध्यम से सेंटर को बंद करने अथवा उसके उपकरण व अन्य सामान को कहीं और स्थानांतरित करने की प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई। छात्र नेताओं ने कहा कि ट्रामा सेंटर को मेडिकल कॉलेज अथवा किसी अन्य विभाग से संबद्ध करने पर उन्हें कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन इसकी मूल व्यवस्था और स्वरूप में बदलाव नहीं होना चाहिए। यहां मरीजों को इलाज, चिकित्सकीय परामर्श, एक्स-रे, सीटी स्कैन समेत सभी जांच और दवाइयां पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही विशेषज्ञ चिकित्सकों और पर्याप्त स्टाफ की तैनाती कर सेंटर को 24 घंटे सातों दिन पूर्ण क्षमता से संचालित करने की मांग की गई।

अपर जिलाधिकारी मनीष चौहान ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा, “मैं इसे सक्षम अधिकारी को प्रेषित कर दूंगा।” इस दौरान छात्र नेता प्रद्युम्न यादव ने कहा कि गाजीपुर की जनता के हित में ट्रामा सेंटर का निःशुल्क और पूर्ण क्षमता से संचालन बेहद जरूरी है। इसमें किसी भी प्रकार की कटौती बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष दीपक उपाध्याय ने कहा कि भारी जनसंघर्ष के बाद स्थापित इस ट्रामा सेंटर को बंद कराने की किसी भी कोशिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा। पूर्व महामंत्री सुधांशु तिवारी ने प्रशासन से जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मामले में शीघ्र और स्पष्ट निर्णय लेने की मांग की। पूर्व छात्रसंघ महामंत्री पिंटू यादव ने चेतावनी दी कि ट्रामा सेंटर की निःशुल्क व्यवस्था में बदलाव अथवा इसे बंद करने का प्रयास किया गया तो छात्रसंघ और जनपद की जनता सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने को बाध्य होगी। ज्ञापन सौंपने वालों में जिला पंचायत सदस्य रेवतीपुर गोविंद यादव, छात्र नेता अखिलेश यादव, विवेक राजभर, रजनीश मिश्रा, बृजेश यादव, ऋषि यादव, अमन प्रधान, राहुल यादव, विकास यादव, राज पाण्डेय, शिवम गुप्ता, दीपक उपाध्याय, सुधांशु तिवारी, प्रद्युम्न यादव आदि शामिल रहे।
