डीबीटी की धनराशि से ही खरीदें ड्रेस, जूता-मोजा, स्वेटर, बैग व स्टेशनरी
गाजीपुर। शैक्षिक सत्र 2026-27 में बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित विद्यालयों में कक्षा-1 से 8 तक अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए स्कूल ड्रेस, जूता-मोजा, स्वेटर, स्कूल बैग एवं स्टेशनरी क्रय हेतु अभिभावकों के बैंक खातों में डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से भेजी गई धनराशि के सदुपयोग को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। महानिदेशक, स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक, समग्र शिक्षा, उत्तर प्रदेश ने निर्देश दिया है कि डीबीटी से प्राप्त धनराशि का उपयोग निर्धारित मदों में ही किया जाए। विकासखंड एवं विद्यालय स्तर पर अभिभावकों को स्पष्ट रूप से बताया जाएगा कि इस धनराशि से केवल स्कूल ड्रेस, जूता-मोजा, स्वेटर, स्कूल बैग एवं स्टेशनरी की खरीद की जाए। निर्देशों के अनुसार खरीदी जाने वाली सामग्री गुणवत्तापूर्ण एवं उपयोग योग्य होनी चाहिए, ताकि विद्यार्थी पूरे शैक्षिक सत्र में उसका उपयोग कर सकें। प्रधानाध्यापक एवं शिक्षक अभिभावकों से संपर्क कर बैठक आयोजित करेंगे और निर्धारित सामग्री की खरीद सुनिश्चित कराने के साथ ही बच्चों को उसका नियमित उपयोग करने के लिए प्रेरित करेंगे। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपासना रानी वर्मा ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को विद्यालय स्तर पर विद्यार्थियों को प्राप्त सामग्री का कक्षावार एवं विद्यार्थीवार सत्यापन कराने के निर्देश दिए हैं। विशेष रूप से यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि विद्यार्थी स्कूल ड्रेस, जूता-मोजा एवं स्वेटर पहनकर विद्यालय आएं तथा स्कूल बैग और आवश्यक स्टेशनरी का नियमित उपयोग करें।