पेंटिंग में जीवंत किया वीर अब्दुल हमीद का शौर्य, शिक्षिका ने दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि
जखनिया। परमवीर चक्र विजेता अमर शहीद वीर अब्दुल हमीद के 61वें बलिदान दिवस पर डालिम्स सनबीम स्कूल जखनिया, गाजीपुर की ओर से उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। धामूपुर स्थित शहीद वीर अब्दुल हमीद मेमोरियल पार्क में आयोजित कार्यक्रम में देश के वीर सपूत के अदम्य साहस, शौर्य और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की प्रतिभाशाली शिक्षिका गुड़िया गुप्ता ने अपनी कला के माध्यम से वीर अब्दुल हमीद के शौर्य को जीवंत करते हुए उनकी आकर्षक पेंटिंग तैयार की। पेंटिंग के जरिए दी गई यह श्रद्धांजलि कार्यक्रम में विशेष आकर्षण का केंद्र रही। उनकी कलाकृति ने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया और शहीद के प्रति श्रद्धा एवं सम्मान की भावना को और प्रबल किया। विद्यालय परिवार ने कहा कि वीर अब्दुल हमीद का अदम्य साहस, त्याग और देशभक्ति देश की युवा पीढ़ी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेंगे। राष्ट्र की रक्षा के लिए दिया गया उनका सर्वोच्च बलिदान देशवासियों के हृदय में हमेशा अमर रहेगा। वीर अब्दुल हमीद के जीवन और शौर्य से नई पीढ़ी को देशप्रेम, साहस और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा मिलती रहेगी।