26 से 28 सितंबर तक स्वास्थ्य शिविर,जरूरतमंदों को मिलेगी निःशुल्क चिकित्सा सुविधा
स्वास्थ्य शिविर में जरूरतमंदों को मिलेगी समुचित चिकित्सा सुविधा :अभिनव सिन्हा

गाजीपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आगामी 26, 27 एवं 28 सितंबर को लंका मैदान में आयोजित होने वाले निःशुल्क वृहद स्वास्थ्य सेवा शिविर तथा 27 सितंबर से 1 अक्टूबर तक प्रस्तावित निःशुल्क भव्य सर्जिकल शिविर की तैयारियों की समीक्षा गुरुवार को नगर के गुरु कृपा मैरिज हॉल में भाजपा नेता अभिनव सिन्हा ने की।
इस दौरान उन्होंने शिविर की व्यवस्थाओं से जुड़े कार्यकर्ताओं एवं स्वयंसेवकों से तैयारियों की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अभिनव सिन्हा ने कहा कि इस शिविर का उद्देश्य समाज के प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है। शिविर के माध्यम से लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकों का परामर्श, स्वास्थ्य परीक्षण, आवश्यक दवाएं, उपचार तथा जरूरत के अनुसार सर्जरी की सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि शिविर में आने वाले किसी भी मरीज को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा। इसके लिए बड़ी संख्या में युवा स्वयंसेवक सेवा भाव के साथ पूरी तत्परता से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे और मरीजों को पंजीकरण से लेकर चिकित्सकीय परामर्श, जांच एवं उपचार तक आवश्यक सहयोग प्रदान करेंगे।
कार्यकर्ताओं को उनकी जिम्मेदारियों के प्रति सजग करते हुए अभिनव सिन्हा ने कहा कि मानव सेवा से बढ़कर कोई सेवा नहीं है। जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन में स्वास्थ्य और राहत का माध्यम बनना स्वयं में पुण्य का कार्य है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से पूरे समर्पण, अनुशासन और सेवाभाव के साथ शिविर को सफल बनाने का आह्वान किया।
बैठक में भाजपा जिला महामंत्री अवधेश राजभर, सुमित तिवारी, जिला उपाध्यक्ष प्रवीण सिंह, अच्छेलाल गुप्ता,जिला मीडिया प्रभारी शशिकान्त शर्मा, राकेश राय, अविनाश सिंह, अभिनव सिंह, गर्वजीत सिंह, हर्षित सिंह,रामेश्वर तिवारी, शनि चौरसिया, प्रमोद राय, शशांक राय, हिमांशु यादव,नीरज,अमन, सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।